Araria

Tuesday, December 7, 2010

भरगामा: नहीं सुधर पायी स्वास्थ्य व्यवस्था

भरगामा(अररिया),जासं: विभागीय प्रयास तथा अधिकारियों के लगातार आश्वासन के बाद भी प्रखंड के अतिरिक्त स्वास्थ्य केन्द्रों की हालत सुधर नहीं पायी है। जबकि इस स्वास्थ्य केन्द्र के जीर्णोद्धार के नाम पर बड़ी रकम भी खर्च की गयी है। बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
प्रखंड में अतिरिक्त स्वास्थ्य केन्द्रों की कुल संख्या पांच है। जिसमें महथावा, सिमरबनी, खजूरी, मंगलवार चरैया तथा अतिरिक्त स्वास्थ्य केन्द्र वीरनगर हैं। चर्चा उक्त केन्द्रों में केवल अतिरिक्त स्वास्थ्य केन्द्र खजूरी की करें तो करीब 2003-04 में एक बड़े लागत से भवन का निर्माण कराया गया। जिसके साथ चिकित्सक समेत एएनएम कक्ष भी तैयार किया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक विभागीय प्रयास के बाद कुछ महीनों तक केन्द्र ठीक-ठाक स्थिति में चला। तथा डाक्टर व अन्य चिकित्सा कर्मी अपने डयूटी पर तैनात भी दिखे। किंतु गुजरते समय के साथ स्थिति एक बार फिर पूर्ववत हो गयी। फिलवक्त स्वा. केन्द्र में एक चिकित्सक तथा तीन एएनएम व अन्य कर्मी ही पदस्थापित हैं। किंतु अपरिहार्य कारणों से केन्द्र अधिकांश समय से बंद हीं रहता है। इधर चिकित्सा प्रभारी भरगामा डा. सुखी राउत ने बताया कि केन्द्र में विभाग द्वारा सुविधा उपलब्ध करा दी गयी है तथा केन्द्र चलाने की हिदायत भी दी गयी है। अनियमितता की स्थिति पर कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने केन्द्र का औचक निरीक्षक करने की भी बात भी कही है। विभागीय प्रयास व अधिकारियों की घोषणा में तथा वर्तमान की समस्या के बीच समानता कितनी और क्या है? यह तो अलग सवाल है। फिलवक्त आमजन को स्वास्थ्य व्यवस्था उपलब्ध कराने में सक्षम यह केन्द्र खुद किसी संक्रमण बीमारी से संक्रमित हुआ प्रतीत होता है। जो किसी उद्धारक की आश में है। अतिरिक्त स्वास्थ्य केन्द्र वीरनगर, महथावा, आदि कई केन्द्र ऐसे भी हैं जहां भवन निर्माण के वर्षो बाद भी स्वास्थ्य व्यवस्था बहाल नहीं हो पायी है।

No comments:

Post a Comment