Araria

Saturday, June 4, 2011

अनाजों को सुखाने व भंडारण के लिए फोरलेन का हो रहा उपयोग


फारबिसगंज (अररिया) : अगर आप एनएच 57 फोरलेन सड़क पर फूलस्पीड में वाहन दौड़ाना चाहते हैं तो सावधान हो जाइए। क्योंकि फोरलेन सड़क अररिया-फारबिसगंज के बीच फिलहाल कई जगहों पर अतिक्रमित हो चुकी है। अनाजों को सुखाने से लेकर इसके भंडारण तक के लिए इस अतिमहत्वपूर्ण फोरलेन सड़क का उपयोग स्थानीय किसानों द्वारा किया जा रहा है। व्यस्त रहने वाली यह सड़क अवैध तरीके से अनाजों के लिए कब्जा किया जा रहा है। इसका परिणाम यह हो रहा है कि फोरलेन सड़क कई जगहों पर सिकुड़ जाता है, जिससे वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बढ़ जाती है। सड़क पर अनाज सुखाए जाने और यहीं पर भंडारण किए जाने के कारण कई बार वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुकी है। बावजूद इसके सड़क पर अनाज सुखाने वाले किसानों की मनमानी जारी है। जबकि स्थानीय पुलिस-प्रशासन द्वारा भी इस दिशा में किसी प्रकार की पहल नहीं की जा रही है।
एनएच 57 फोरलेन के फारबिसगंज-अररिया सड़क मार्ग पर ऐसे दर्जनों जगहों पर सड़क किनारे अनाज बिछा हुआ मिल जाएगा। सड़क पर अनाज सुखाते समय कई बार किसानों एवं मजदूरों से लेकर उनके घर के बच्चे तक बीच सड़क पर चले जाते हैं। जिस कारण कई बार सड़क दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है। हैरत की बात है कि सड़क को अमिक्रमण से मुक्त करने के लिए किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की जा रही है। हालांकि पिछले वर्ष तत्कालीन एसडीओ सहित एसडीपीओ शिव कुमार झा के द्वारा सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए किसानों को खास हिदायत दी थी, लेकिन इस बार ऐसी कोई कार्रवाई नहीं हुई।

No comments:

Post a Comment