Araria

Monday, June 27, 2011

नीलम बनी प्रमुख, उमेश बने उपप्रमुख


रानीगंज (अररिया) : प्रखंड के परमानंदपुर पंचायत क्षेत्र संख्या 23 की समिति सदस्य नीलम देवी ने रानीगंज के प्रखंड प्रमुख का चुनाव जीत लिया है। वहीं, हसनपुर क्षेत्र संख्या 06 के पंसस उमेश मिश्र उपप्रमुख पद के लिए चुने गए हैं।
अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित प्रखंड प्रमुख पद पर नवनिर्वाचित नीलम देवी ने 13 के मुकाबले 30 मत प्राप्त किये।
कड़ी सुरक्षा के बीच रविवार को प्रखंड सामुदायिक भवन में पंचायत समिति की विशेष बैठक आरंभ हुई। 46 सदस्यों वाली पंचायत समिति की बैठक में निर्वाचित 45 सदस्य उपस्थित थे। बैठक में अररिया अनुमंडलाधिकारी डा. विनोद कुमार ने उपस्थित सभी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। प्रखंड प्रमुख पद के लिए नीलम देवी, पूनम देवी एवं मटरी देवी ने नामांकन दाखिल किये। परंतु मटरी देवी को किसी सदस्य का समर्थन नही रहने के कारण उनका नामांकन रद्द कर दिया गया।
नीलम देवी एवं पूनम देवी के हुये सीधे मतदान में नीलम देवी को 30 मत तथा पूनम देवी को 13 मत प्राप्त हुये। जबकि दो मत अवैध हो गये। इस प्रकार नीलम देवी को प्रखंड प्रमुख निर्वाचित घोषित किया गया। उप प्रमुख के चुनाव में निर्वतमान उप प्रमुख आशुतोष कुमार एवं उमेश मिश्र के नामांकन दाखिल हुए। मतदान प्रक्रिया में उमेश मिश्र को 27 एवं आशुतोष कुमार को 17 मत प्राप्त हुये, जबकि एक मत अवैध हो गया।
नवनिर्वाचित प्रखंड प्रमुख नीलम देवी तथा उप प्रमुख उमेश मिश्रा को एसडीओ डा. विनोद कुमार ने प्रमाण पत्र प्रदान कर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर कार्यपालक दंडाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, डीएसपी बदरे आलम, पुलिस निरीक्षक ललन पांडे, बीडीओ चंद्रमा राम, सीओ रामविलास झा, थानाध्यक्ष अरुण सिंह आदि उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment