Araria

Tuesday, August 16, 2011

महादलित बस्तियों में हुआ झंडोत्तोलन


फारबिसगंज(अररिया) : स्वतंत्रता दिवस पर बिहार लोक सेवा का अधिकार अधिनियम के शुभारंभ के अवसर पर सरकार के निर्देश पर महादलित बस्तियों में महादलित के द्वारा तिरंगा फहराया गया। अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बस्ती के महिला, पुरूष, बच्चे साथ में खड़े थे। रतन ऋषिदेव ने तिरंगा फहराया। यह नजारा शहर के वार्ड संख्या एक का था। इसकी तरह शहर के वार्ड संख्या सात में वासुदेव मरीक, वार्ड नौ में सुकदेव मरीक तथा वार्ड 18 में रामप्रसाद राम ने तिरंगा फहराया। इन लोगों द्वारा पूर्व से तैयार किये गये भाषण को पढ़कर लोगों को संबोधित किया। वार्ड संख्या एक में महादलित बुजुर्ग रतन ऋषिदेव द्वारा तिरंगा फहराते समय फारबिसगंज एसडीओ जीडी सिंह, नगर परिषद की मुख्य पार्षद वीणा देवी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। पूर्व से तैयार रतन के भाषण में इंदिरा आवास, मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना सेवा का अधिकार अधिनियम, बिहार महादलित विकास मिशन, शिक्षा पेयजल, सड़क सहित कई कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए इसकी प्रशंसा की।
कार्यक्रम में रेखा देवी, नारायण ऋषिदेव, सूरज ऋषिदेव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। जबकि अन्य वार्डो में डीसीएलआर मुकेश कुमार सिन्हा ने कार्यक्रम का निरीक्षण किया। ग्रामीण क्षेत्र की महादलित बस्तियों में भी झंडोत्तोलन किया गया।

No comments:

Post a Comment