Araria

Thursday, October 20, 2011

दीपावली की दस्तक के साथ सजने लगे बाजार


फारबिसगंज (अररिया), निप्र: दीपावली की दस्तक के साथ फारबिसगंज अनुमंडल के बाजार उपभोक्ता सामानों से सजने लगे हैं। दीप पर्व के मद्देनजर व्यवसायियों ने सस्ते सजावटी चाइनिज सामान, बल्ब व अन्य आकर्षक वस्तुएं से अपनी दुकानें पाट दी हैं।
बाजार में इलेक्ट्रानिक बल्बों की बिक्री जोर पकड़ने लगी है। वहीं, तरह तरह के आकर्षक बल्बों से भी दुकानें सजधज कर ग्राहकों को लुभाने लगी हैं। इस दीवाली की खास बात यह है कि सस्ते चाइनिज बल्बों ने बड़ी मजबूती से बाजार पर अपना आधिपत्य जमा लिया है। एक से बढ़कर एक सस्ते एवं आकर्षक चाइनिज विद्युत बल्ब से बाजार पटे पड़े हैं। बताया जाता है कि पिछले वर्षो के दौरान पारंपरिक दीप आदि से हद तक परहेज करने वाले लोगों का आकर्षण चाइनिज बिजली के बल्बों के प्रति काफी बढ़ा है। लोग अपने घरों को दीपों की खर्चीले प्रकाश से रोशन करने के बजाय विद्युत के जगमगाते लड़ियों के प्रति आकर्षित हो रहे है।
जानकारों के अनुसार बाजारों में 20 रुपये से लेकर 500 रुपये तक मूल्य के विद्युत बल्ब की लड़ियां सहज ही उपलब्ध हो रही हैं। इस कारोबार में चाइनिज बल्बों का बड़ा हिस्सा है। बताया जाता है कि चाइनिज बल्बों के कारोबार में अत्यधिक लाभ होता है। जानकारों की मानें तो दीपावली में प्रयोग होने वाले तेल के दियों का प्रचलन काफी हद तक घट चुका है। लोग अपने घरों को सस्ते व आकर्षक बल्बों से सजाने के प्रति ज्यादा दिलचस्पी ले रहे हैं।

No comments:

Post a Comment