Araria

Saturday, January 14, 2012

अपराधियों ने नेपाल में भी बनाया ससुराल


अररिया : भारत-नेपाल की खुली सीमा न सिर्फ तस्करों व आतंकियों के लिए मुफीद साबित हो रहा है बल्कि अपराधियों के लिए भी रक्षित पनाहगाह बन गया है। भारतीय क्षेत्र में अपराध की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी आराम से नेपाल जाकर शरण ले लेते हैं जहां भारतीय पुलिस उनका बाल भी बांका नहीं कर पाती है। इसकी गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सीमावर्ती जिलों में सिर्फ अररिया के एक दर्जन से अधिक कुख्यात फिलहाल नेपाल में शरण ले रखी है। खास बात यह है कि अपराधियों ने नेपाल को सुरक्षित ठिकाना बनाने के उद्देश्य से वहां शादी तक कर रखी है जिससे वहां उन्हें कोई शक की निगाह से नहीं देखता है। हालांकि इन अपराधियों में अधिकांश की एक शादी भारतीय क्षेत्र मे भी हुई है। इस बात की जानकारी पुलिस को भी है। पूर्व में पकड़े गए कई अपराधियों ने इस बात का खुलासा किया है। गत वर्ष इंडो-नेपाल के अधिकारियों की हुई संयुक्त बैठक में भारतीय अधिकारियों ने तीन दर्जन से अधिक अपराधियों के नेपाल में शरण लिए जाने की सूची सौंपी थी जबकि नेपाली अधिकारियों ने दो दर्जन अपराधियों के भारतीय क्षेत्र में होने की बात बताई थी।
बीते बुधवार को धर्मकांटा लूट कांड में पकड़े गए अपराधी गैयारी निवासी मुमताज ने भी पुलिस को बताया कि जब अररिया पुलिस की दबिश बढ़ती है तो वह नेपाल भाग जाता है। उसे व उसके साथियों को दोनों देशों की नागरिकता प्राप्त है। जिससे वे दोनों देशों में अपराध की घटना को अंजाम देते हैं। केवल नगर थाना क्षेत्र के इसलाम नगर, मिर्जाभाग, गैयारी आदि जगहों के आधा दर्जन अपराधी नेपाल में दुबारा शादी रचाकर वहां की नागरिकता भी प्राप्त कर रखी है।
तीन माह पूर्व पुलिस अभिरक्षा से भागे गैयारी के तबरेज उर्फ दारा आज भी नेपाल में है। इस अपराधी के विरूद्ध विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि गैयारी में ही दारा ने दो शादी कर रखी है। इससे पूर्व वह दिल्ली से भी एक लड़की को झांसा देकर भगा लाया था। भारतीय क्षेत्र में अपराध की घटना को अंजाम देकर यह अपराधी नेपाल जाकर शरण ले लेता है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक दारा नेपाल के इटहरी में एक शादी किया है। इंडिया धर्मकांटा में हुई लूट का सरगना मिर्जा भाग की शादी यहां काफी दिन पूर्व हुई थी। अपराध की दुनियां में आने के बाद इसका आना जाना नेपाल लगा तो वहां भी शादी रचा ली। इसके विरूद्ध केवल नगर थाने में चोरी, लूट के तीन मामले दर्ज हैं। मोटर साइकिल लुटेरा गिरोह के सक्रिय सदस्य इसलाम नगर के जहांगीर आलम, लूट, डकैती, चोरी के दर्जनों मामले में शामिल बबरा भी दोनों देशों में शादी रचा ली है।
गत ढाई वर्ष सिमराहा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार रज्जाक मियां 14 डकैतियों की घटना में शामिल पाया गया था। रज्जाक पूर्णिया एवं विराटनगर में भी शादी कर रखी है। वहीं नेपाल के सात पुरूष एवं दो महिला आज भी अररिया के मंडलकारा में विभिन्न आपराधिक मामलों में बंद है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जेल में बंद बदमाशों में कई ऐसे भी हैं जो नेपाली क्षेत्र में भी कई घटनाओं को अंजाम दिया है।
क्या कहते हैं पुलिस अधीक्षक-
पुलिस कप्तान शिवदीप लांडे बताते हैं कि भारत व नेपाल के बीच विशेष राजनयिक संबंध के कारण अपराधी व भारत विरोधी तत्व इसका नाजायज फायदा उठाते हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में घटना को अंजाम दिए जाने के बाद अपराधी आसानी से नेपाल में जाकर शरण ले लेते हैं। उन्होंने बताया कि समय-समय पर गिरफ्तार अपराधियों ने नेपाल जाकर रहने व वहां शादी रचाने की बात कबूल की है। अलग देश होने के कारण भारतीय पुलिस सीधे तौर पर नेपाल में धर पकड़ अभियान नहीं चला सकती है। लेकिन वे अपने तमाम पुलिस कर्मियों को ऐसे अपराधियों पर नजर रखने के लिए एलर्ट कर दिया है। एसपी ने बताया कि पुलिस सक्रिय है। जब भी ऐसे अपराधी भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करेंगे। वह गिरफ्तार हो जायेगा।

No comments:

Post a Comment