Araria

Wednesday, April 11, 2012

केन्द्र सरकार की नीतियों के खिलाफ महासंघ का धरना


अररिया : अखिल भारतीय जनता मजदूर महासंघ के बैनर तले मजदूर किसानों ने केन्द्र सरकार की नीतियों के खिलाफ बुधवार को समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय धरना दिया। धरना में वक्ताओं ने कांग्रेस सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की। धरना के उपरांत संघ का एक शिष्टमंडल ने गरीब मजदूर व किसानों की समस्या से संबंधित ज्ञापन जिला पदाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल बिहार को सौंपा तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग की। धरना का नेतृत्व अखिल भारतीय मजदूर किसान संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष चन्द्र शेखर सिंह बबन कर रहे थे। धरना में सिकटी के भाजपा विधायक आनंदी यादव एवं भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण झा मुख्य रूप से उपस्थित थे।
वक्ताओं ने कहा कि केन्द्र सरकार की गलत नीतियों से पूरा देश त्रस्त है। महंगाई की मार झेल रहे गरीब मजदूरों को सही हक नहीं मिल रहा है। मनरेगा हो या खाद्यान्न योजना सभी बिचौलियों के भेंट चढ़ रहे हैं। वक्ताओं ने इंदिरा आवास का भौतिक सत्यापन कराने की मांग भी की। श्री बबन ने कहा कि सरकार असंगठित मजदूरों के कल्याण के लिए कई घोषणाएं कर रखी हैं, लेकिन जटिल प्रक्रिया और भ्रष्ट अफसरशाही के कारणों के लाभ से वंचित हो रहे हैं। मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष श्री बबन ने मजदूर व किसानों के 14 सूत्री मांगों को दुहराते हुए केन्द्र सरकार से नीतियों में बदलाव करने की मांग उठायी।
धरना को सिकटी के विधायक आनंदी प्रसाद यादव, जिला अध्यक्ष रघुवीर विश्वास, किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण झा, संयोजक जय रानी देवी, नगर अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष रामदेव ऋषि, शिशिर राय, अशोक सिंह, कैलाश मंडल, शिव शंकर दास, कैलास मंडल, संतोष ऋषि, विजय नाथ झा, मुन्ना सिंह, चन्द्रानंद झा, मुकेश सिंह आदि ने भी संबोधित किया।

No comments:

Post a Comment