Araria

Tuesday, June 19, 2012

केंद्र सरकार नहीं चाहती गरीबी हटाना: राजेश


अररिया : बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग एवं भ्रष्टाचार, बढ़ती महंगाई व कालाधन के खिलाफ सोमवार को समाहरणालय परिसर में भारतीय जनता युवा मोर्चा अररिया ने महाधरना का आयोजन किया। महाधरना में बड़ी संख्या में संगठन से जुड़े युवाओं ने हिस्सा लिया।
मौके पर पहुंचे भाजयुमो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस नीत सरकार आमजन विरोधी है। इनके कार्यकाल में किसान, छात्र, व्यवसायी एवं नौकरी पेशा लोग तबाह हैं। कांग्रेस के मंत्री भारत की जनता की चिंता छोड़ सरकारी राशि को हड़प कर विदेशों में काला धन के रूप में संग्रह करने में लगे हैं। श्री यादव ने बताया कि विदेशों में जितने भी काला धन जमा है यदि उन्हें अपने देश में खर्च की जाये तो यहां आम आदमी की औसत आय के साथ-साथ गरीबी भी दूर हो जायेगी। लेकिन कांग्रेस सरकार भारत से गरीबी हटाना नहीं चाहती है। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षो में आधा दर्जन से अधिक कांग्रेसी मंत्री भ्रष्टाचार के दलदल में फंसकर जेल पहुंच चुके हैं। इस देश के लिए इससे बड़ा शर्म क्या हो सकता है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार ने भी कांग्रेस की बखिया उधेड़ी।
महाधरना को संबोधित करते हुए अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने के कारण ही बिहार को विशेष राज्य का दर्जा की सूची में रखने के लिए अयोग्य मान रहा है। जबकि पूरी दुनियां जानती है कि बंटवारे के बाद बिहार में संसाधनों की कमी आ गयी है। यह अलग बात है कि वर्तमान में नीतीश एवं मोदी की सरकार ने बिहार की रूपरेखा बदल दी है। शांति और समृद्धि का माहौल पैदा किया है, इसके बावजूद बिहार में अभी भी बहुत कुछ करना बाकी है। महाधरना को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राणा प्रताप सिंह, राकेश विश्वास, भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक कुमार भगत, विधायक परमानंद ऋषिदेव, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण झा, पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण मेहता, नवीन यादव, संतोष सुराना आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संयोजक जगदीश झा गुड्डु ने किया। इस अवसर पर सुरेन्द्र झा, संजय मिश्रा, संतोष ऋषि, अनुरंजन ठाकुर, अजय झा गुड्डु, विक्की दत्ता, विक्रम कुमार आदि उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment