Araria

Wednesday, July 20, 2011

प्रखंडकर्मी के साथ भाजपा नेता ने की मारपीट, कर्मियों ने किया काम काज ठप

अररिया : इंदिरा आवास मामले को लेकर अररिया प्रखंड कार्यालय में कार्यरत एक कर्मचारी के साथ एक भाजपा नेता द्वारा मारपीट किये जाने से आक्रोशित कर्मचारियों ने मंगलवार को करीब दो घंटे तक कामकाज ठप रखा। बाद में बीडीओ के समझाने बुझाने के बाद वे लोग काम करने के लिए राजी हुए। पीडि़त कर्मचारी राजकुमार सिंह ने इसके खिलाफ नगर थाना में प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है। मिली जानकारी अनुसार प्रखंड कर्मी राजकुमार सिंह के साथ उसके आवास पर सोमवार की संध्या भाजपा प्रखंड अध्यक्ष बटेश झा एवं उनके सहयोगियों ने मारपीट की। पीड़ित कर्मचारी ने बताया कि प्रखंड अध्यक्ष रामपुर के कुछ लोगों की सूची इंदिरा आवास के लिये गलत ढंग से पास कराना चाह रहे थे। घटना के बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना कर्मचारी संघ को दी। उसके बाद उन लोगों ने प्रखंड कार्यालय में मंगलवार को कामकाज ठप करने का निर्णय लिया। बाद में प्रखंड विकास पदाधिकारी नागेन्द्र पासवान एवं अन्य के समझाने बुझाने के बाद कर्मचारी अपने अपने अपने काम पर लौटे। पुलिस को दिये गये आवेदन में पीड़ित ने गलत सूची चयन नहीं करने पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं भाजपा प्रखंड अध्यक्ष श्री झा का कहना है कि माह फरवरी में ही कुल लाभुकों की सूची प्रखंड कार्यालय में सौंपी गयी थी। बावजूद सूची चयन को लेकर उक्त कर्मचारी द्वारा लाभुकों से अवैध रकम की मांग की जा रही थी। जिसका विरोध करने पर उस पर झूठा आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment