Araria

Saturday, May 12, 2012

वज्रपात से चार लड़कों की मौत, दो झुलसे


अररिया : धूल भरी आंधी व तेज बारिश के बीच जिले में वज्रपात का कहर एक बार फिर शुरू हो गया है।
गुरुवार को सिमराहा में वज्रपात से एक युवक की मौत के ठीक चौबीस घंटे बाद शुाक्रवार को अररिया प्रखंड के महिषाकोल गांव में आधा दर्जन बच्चे वज्रपात का शिकार हो गये। इनमें से चार की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी, जबकि दो को गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
सभी बच्चे गांव से बहने वाली परमान नदी के किनारे मवेशी चराने गये थे। इसी बीच मौसम खराब होता देख वे निकट की एक बंसबिट्टी में चले गये। तभी जोर की आवाज से गिरी बिजली ने उनमें से चार जिंदगियों को खामोश कर दिया।
मरने वालों में नीरज मंडल (15) वर्ष, सुशील कुमार यादव (18) भगत यादव (12) एवं राजा यादव (10) शामिल हैं। जबकि इस घटना में विनोद यादव एवं गोपी यादव बुरी तरह झुलस गये हैं। इनमें से विनोद यादव की स्थिति नाजुक बनी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
उधर, अररिया प्रखंड के ही चातर पंचायत के छोटी लहटोरा गांव में मो. मोहसिन के गोहाल घर पर वज्रपात होने से दो मवेशियों की मौत हो गयी। सरपंच मो.इलियास ने इस जानकारी की पुष्टि की है।
इधर, वज्रपात की घटनाओं से लोगों में दहशत है। विदित हो कि विगत साल इस जिले में वज्रपात से डेढ़ दर्जन से अधिक मौतें हुई थी।

No comments:

Post a Comment