Friday, June 17, 2011

ग्रामीण निर्दोष, घटना के पीछे शरारती तत्व: मोनाजिर


फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज गोली कांड प्रशासन और ग्रामीणों के बीच समन्वय की कमी के कारण घटित एक हादसा है। घटना के लिए जो भी दोषी पाये जायेंगे उन पर कार्रवाई अवश्य होगी। यह बातें बेगुसराय के जदयू सांसद मोनाजिर हसन ने घटना स्थल तथा भजनपुर गांव के पीड़ितों से मिलने के बाद शुक्रवार को यहां एक प्रेस वार्ता में कही। सांसद हसन पार्टी के निर्देश पर मामले की पड़ताल करने यहां पहुंचे थे। जदयु सांसद मोनाजिर हसन ने मृतकों के परिजनों तथा घायलों को उचित मुआवजा देने की मांग सरकार से की। उन्होंने कहा कि घटना बेहद दुखद है लेकिन विपक्ष लाशों पर राजनीति करना बंद करें। सांसद ने कहा कि सरकार मामले में संवेदनशील है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम में उप मुख्य मंत्री सुशील कुमार मोदी का नाम बेवजह घसीटे जाने की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि कैबिनेट की पहली बैठक में ही न्यायिक जांच करने का निर्णय सरकार ने ले लिया। यह सरकार की संवेदनशीलता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण निर्दोष है। जबकि शरारती तत्व हंगामा में शामिल थे। कहा कि जांच में उन लोगों पर भी कार्रवाई होगी जो घटना के पीछे थे। उन्होंने कहा कि विपक्ष बेरोजगार है उसे कोई मुद्दा नहीं है। विपक्षी सिर्फ राजनीति कर रही है। मौके पर पूर्व मंत्री मंजर आलम, जदयु प्रदेश महासचिव राजकुमार सिंह, जिलाध्यक्ष जदयु नौशाद आलम, संगठन जिला प्रभारी आलोक व‌र्द्धन, रमेश सिंह, पवन मिश्रा, मुन्ना खान, बबलू कुशवाहा, कैसर अली, अब्दुल हफीज खान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

चार बार निकला टेंडर, किसी ने नहीं भरी निविदा


-अररिया: पुल नहीं बनने से ग्रामीण संपर्किता बाधित
-पुल नहीं बनने से प्रग्रासयो पथ हुए बेकार
अररिया : पूरे मामले में दोषी कौन है, इसका पता तो सरकार लगावे,
लेकिन एक बात साफ है कि प्रग्रासयो पथों पर पुल बनाने के नाम पर नागरिकों के साथ भद्दा मजाक हो रहा है। जिले की कई प्रमुख सड़कों पर स्थित 22 महत्वपूर्ण जगहों पर पुल नहीं बनने के कारण ग्रामीण संपर्किता का सपना टूट रहा है। पुल निर्माण के लिए टेंडर निकलता है लेकिन कोई संवेदक निविदा नहीं डालता। इन पुलों में सामरिक महत्व वाला तिरसुलिया घट पुल भी शामिल है।
जानकारी के मुताबिक प्रस्तावित तिरसुलिया घाट पुल के दानों तरफ रोड बन कर तैयार है। पुल बनाने के लिए कम से कम चार बार टेंडर निकल चुका है, लेकिन किसी ठेकेदार ने काम नहीं लिया। घोर आश्चर्य! जो ठेकेदार काम के लिए नेताओं से पैरवी तक करवाते हैं, वहीं पुल बनाने के लिए टेंडर क्यों नहीं डाल रहे?
जिले में प्रधानमंत्री ग्राम्य सड़क योजना के कार्यो को अंजाम दे रही कार्यकारी एजेंसी एनबीसीसी के डीजीएम एसके त्रिपाठी के अनुसार टेंडर में वर्णित दर छह सात साल पुरानी है।
उस दर पर निर्माण सामग्री अब नहीं मिलती। लिहाजा पुराने दर पर टेंडर भरने कोई नहीं आता। अगर हम रेट रिवाइज करेंगे तो पैसा कौन देगा? ऐसे में सवाल यह कि जब दर ठीक थी तो एनबीसीसी ने टेंडर क्यों नहीं निकाला था?
जिन महत्वपूर्ण स्थानों पर पुल बनाये जाने हैं उनमें तिरसुलिया घाट पर दो, मोगरा घाट, खाता घाट, डोमरा रोड पर परमान नदी पुल, कपरफोड़ा में भलुआ नदी पर पुल के अलावा एबीएम सिकटी पथ के सात आठ पुल भी शामिल हैं।
डीजीएम त्रिपाठी के मुताबिक मामले को लेकर बिहार सरकार के विभागीय सचिव को कई बार पत्र लिखा गया है।
इसके अलावा बाढ़ में टूटी सड़कों की मरम्मत भी नहीं की जा रही है। पैकेज नं. 7 बाढ़ में टूट गया, लेकिन अब तक नहीं बना। इस संबंध में चीफ इंजीनियर जनक राम ने प्राक्कलन मांगा था, लेकिन..। श्री त्रिपाठी के मुताबिक यह कार्य जिला के आपदा प्रबंधन विभाग को देखना है। फिर एक सवाल यह कि जब प्रधानमंत्री ग्राम्य सड़क योजना की सड़के उच्चतम बाढ़ स्तर को ध्यान में रखते हुए उससे ऊपर के लेवल में बनायी जानी हैं तो फिर बाढ़ का पानी सड़क को ओवरटाप कैसे कर जाता है?

शहादत दिवस समारोह आज, तैयारी पूरी


जोगबनी (अररिया), निप्र: अमर स्वतंत्रता सेनानी पं. रामदेनी तिवारी 'द्विजदेनी' का 68वीं शहादत दिवस 18 जून को धूमधाम से मनाये जाने की सारी तैयारियां पूर्ण कर ली गयी है। शहादत दिवस का आयोजन अररिया जिला स्वतंत्रता सेनानी कार्यालय में किया गया है। उपरोक्त आशय की जानकारी देते हुए अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के जिला उपाध्यक्ष उमेश कुमार गुप्ता एवं जोगबनी नगर अध्यक्ष दिलीप सिंह ने कहा कि शहादत दिवस समारोह का उद्घाटन स्वतंत्रता सेनानी जिला सचिव जगदीश चौधरी करेंगे जबकि मुख्य अतिथि सांसद (अररिया) प्रदीप सिंह के अलावा कई विधायक विशिष्ट अतिथि होंगे।

सत्संग से बड़ा कोई सुख नही : सुधीर जी


-कुआड़ी में नौ दिवसीय रामकथा प्रवचन प्रारंभ
कुर्साकांटा (अररिया) : संसार में दरिद्रता से बढ़कर कोई दुख नहीं होता। परंतु जब मनुष्य का संतो से मिलन होता है तब उसे अनुभव होता है कि सत्संग से बड़ा कोई सुख नहीं है। रामचरित मानस एक ऐसा सदग्रंथ है जो मानव को जीवन गृहस्थ आश्रम में रहते हुए मर्यादा का सीख देता है। उक्त बातें गुरुवार को कुआड़ी में नौ दिवसीय रामकथा प्रवचन के दौरान भक्तजनों को संबोधित करते हुए परमपूज्य संत श्री सुधीर जी महाराज ने कही। ग्यारह जून से प्रारंभ इस रामकथा अमृत वर्षा में हजारों भक्तजन भक्ति रस में गोते लगा रहे हैं। बाबा सुधीर ने कहा कि रामचरित मानस गागर में सागर है। इसमें मातृ प्रेम, पितृ आज्ञा, मातृ आज्ञा पति, एक पत्‍‌नीव्रत व अपने अराध्य के प्रति भक्ति भाव का जो उदाहरण प्रस्तुत किया गया है, वह वास्तव में अद्वितीय एवं अनुकरणीय है। मौके पर भक्तजन भानू प्रसाद गुप्त, रघु सिंह, संजय सिंह, कृष्ण चंद्र गुप्त, सीताराम गुप्त आदि ने कहा कि हम बाबा सुधीर के कृतज्ञ हैं जिन्होंने हमें क‌र्त्तव्य एवं मर्यादा का बोध कराया है।

महिला की गला दबा कर हत्या


रेणुग्राम (अररिया) : सिमराहा थाना क्षेत्र के पोठिया (बेलई) में एक महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गयी है। इस संबंध में मृतक की पुत्री राजकुमारी देवी ने सिमराहा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि पड़ोस के राजेश मंडल से उसकी मां का झगड़ा हुआ था जिसके बाद उसने उसका गला दबा दिया जिससे उसकी मृत्यु हो गयी। इधर सिमराहा थाना पुलिस लाश को पोस्टमार्टम हेतु अररिया भेज दिया।

विद्युत तार की चपेट में आने से बच्ची जख्मी


अररिया : विभागीय लापरवाही के कारण अररिया में बिजली तार का गिरना जारी है। आश्चर्य तो यह है कि सूचना के बावजूद विभाग गिरे तार को जोड़ने अथवा उसका विद्युत विच्छेद तक नहीं करता है। इसी वजह से शुक्रवार को अररिया आरएस में विद्युत प्रवाही गिरे तार की चपेट में आने से एक बच्ची बुरी तरह झुलस गयी जिसका इलाज चल रहा है। महात्मा गांधी स्मारक उच्च विद्यालय के निकट पिछले दो दिनों से 440 वोल्ट का विद्युत तार गिरा हुआ है और उसमें विद्युत धारा प्रवाहित हो रही है। शुक्रवार को उसकी चपेट में आकर 16 वर्षीय प्रतिमा कुमारी बुरी तरह झुलस गई। जिसका इलाज कराया जा रहा है। विदित हो कि सूचना के बावजूद गिरे बिजली तार को देखने अथवा ठीक करने के लिए कोई भी बिजली विभाग का कर्मी नहीं गया। उसमें विद्युत प्रवाह भी नहीं काटा गया था। जबकि इसी सड़क के बगल में केन्द्रीय विद्यालय व मध्य विद्यालय भी स्थित है जिससे बड़ी दुर्घटना भी हो सकती थी।

लोक सेवा अधिकार अधिनियम प्रशिक्षण संपन्न

अररिया : लोक सेवा अधिकार अधिनियम 2011 को लेकर आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुक्रवार को संपन्न हुआ। समाहरणालय स्थित आत्मन कक्ष में चले इस प्रशिक्षण में जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अलग अलग प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षक के रूप में अररिया के डीसीएलआर तौकीर अकरम ने उपस्थित प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया। इस प्रशिक्षण में कार्यालय प्रमुख को विशेष रूप से इस नये अधिनियम की जानकारी दी गयी ताकि वे अपने अधीनस्थ कर्मियों को प्रशिक्षित कर सके। प्रशिक्षण के अंतिम दिन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, नगर परिषद के सहायक निबंधन कार्यालय के कर्मी, वाणिज्य कर विभाग के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस नये अधिनियम से आर्थिक एवं विभागीय कार्रवाई का प्रावधान है।

बिराटनगर: दूसरे दिन भी निषेधाज्ञा जारी


- यूथ फोर्स ने कराया बाजार बंद
जोगबनी (अररिया) : पत्रकारों व यूथ फोर्स के कार्यकर्ताओं के बीच उत्पन्न विवाद के बाद पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के विराटनगर में दूसरे दिन शुक्रवार को भी निषेधाज्ञा लागू रही। वहीं एमाले के मातृ संगठन युथ फोर्स के आह्वान पर शुक्रवार को बाजार बंद व यातायात ठप्प रहा।
ज्ञात हो कि पत्रकारों पर जानलेवा हमला किये जाने के बाद नेपाल के आक्रोशित पत्रकारों ने हमले में शामिल युथफोर्स के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की मांग की है तथा जुलूस निकाला था। जिसके विरोध में युथफोर्स ने भी जुलूस व प्रदर्शन की घोषणा कर दी। उसके बाद मोरंग जिला प्रशासन द्वारा शुक्रवार को भी निषेधाज्ञा जारी रखी। इधर युथ फोर्स के आह्वान पर बाजार, शैक्षिक संस्थान व यातायात बंद रहा जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।

पंचायत जनप्रतिनिधियों ने ली शपथ


पलासी (अररिया) : प्रखंड मुख्यालय स्थित बीआरसी भवन में चल रहे शपथ ग्रहण के दूसरे दिन शुक्रवार के बलुवा कलियागंज, दिघली व कनखुदिया पंचायतों के जन प्रतिनिधियों को बीडीओ उपेन्द्र सिंह ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। इस क्रम में इन पंचायतों के उपमुखिया व उप सरपंच पदों का चुनाव भी संपन्न कराया गया।

पंचायत प्रतिनिधियों ने ली पद व गोपनीयता की शपथ


अररिया/जोकीहाट : अररिया प्रखंड के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को अररिया बस्ती, पोखरिया, मदनपुर पूर्वी एवं मदनपुर पश्चिमी के नव निर्वाचित मुखिया, वार्ड सदस्य, सरपंच, पंच, उपमुखिया एवं उपसरपंच ने शपथ लिया। अररिया बस्ती की मुखिया इफ्फत आरा, पोखरिया पंचायत की मुखिया बीबी असगरी, मदनपुर पूर्वी के इमरान एवं मदनपुर पश्चिमी के मुखिया जुबैर आलम ने अपनी पूरी टीम के साथ शपथ ग्रहण में भाग लिया। अररिया बस्ती से उपमुखिया कयामुद्दीन, मदन पूर्वी से उपमुखिया सबुला, उपसरपंच सीता देवी, मदनपुर पश्चिमी से उपमुखिया शमशाद आलम, उपसरपंच रमेश पंडित, पोखरिया पंचायत से उपसरपंच सकीना, उपमुखिया बीबी सुबहाना बनी है। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी नागेश्वर पासवान अपने कर्मी के साथ मौजूद थे।
जोकीहाट से निप्र के अनुसार
शपथ ग्रहण के तीसरे दिन शुक्रवार को प्रखंड के हरदार, गिरदा, दभड़ा एवं बाराइस्तम्बरार के सभी जनप्रतिनिधियों को बीडीओ मो. सिकंदर ने शपथ दिलायी। शपथ ग्रहण करने वालों में हरदार के मुखिया मोहीउद्दीन, दभड़ा मायानंद यादव, गिरदा के आमना खातून, बाराइस्तम्बरार से शौकत आरा शामिल हैं। जबकि उपमुखिया के लिए हरदार से अबु तालीब, गिरदा से रामप्रकाश चौधरी, दभड़ा से रूही परवीन, बाराइस्तम्बरार से मोइद आलम का निर्वाचन वार्ड सदस्यों ने किया। जबकि बीमार होने के कारण दभड़ा पंचायत के सरपंच सुनील यादव शपथ ग्रहण समारोह भाग नहीं ले सके।

पांच मवेशी सहित दो घर जले,एक लाख का नुकसान


पलासी (अररिया) : प्रखंड के चहटपुर पंचायत अंतर्गत डुमरिया गांव में शुक्रवार तड़के मच्छर भगाने हेतु लगाये गये घूरा से अचानक लगी आग में दो घर जल गये। इस अग्निकांड में तीन बैल, दो खस्सी व आधा दर्जन मुर्गा-मुर्गी झुलस गये साथ ही कपड़ा, अनाज सहित करीब एक लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पीड़ित मो. नौशाद, मो. सहीर ने इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को भी दी है। इस बाबत स्थानीय नवनिर्वाचित मुखिया शमसा खातुन ने प्रशासन से अविलंब राहत सामग्री मुहैय्या करवाने की मांग की है।

नौ सौ लोगों को मिला केरोसीन कूपन


पलासी (अररिया) : प्रखंड के बरदबट्टा पंचायत भवन में शिविर लगाकर 900 लाभुकों के बीच केरोसीन कूपन का वितरण किया गया। यह जानकारी कचहरी सचिव राज कुमार यादव ने दी।

दुष्कर्म का प्रयास, प्राथमिकी

पलासी (अररिया) : प्रखंड मुख्यालय के पलासी बस्ती गांव में एक विवाहिता के साथ गांव के ही एक मनचले युवक द्वारा दुष्कर्म के प्रयास का एक मामला प्रकाश में आया है। इस बाबत पीड़िता हुस्ने आरा द्वारा पलासी थाना में गांव के ही युवक फारुक कैशर के विरुद्ध एक नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। दर्ज मामले में वादिनी ने कहा है कि बीते 13 जून की रात्र को उसके पति की अनुपस्थिति में उक्त युवक ने उसके घर में घुसकर जबरन उनके साथ दुष्कर्म का असफल प्रयास किया। हल्ला करने पर ग्रामीणों की भीड़ जुटते देख वह भागने लगा। जिसे ग्रामीणों ने पकड़कर पंचायती भी की।

यूआईडीएआई कार्ड बनाने का कार्य फारबिसगंज में शुरू


- निशुल्क बनेगा प्रत्येक नागरिक का यूआईडी कार्ड, निजी संगठन को सौंपा जा रहा है कार्य
फारबिसगंज (अररिया) : भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई), भारत सरकार द्वारा आधार नाम से चलाये जा रहे कार्यक्रम के तहत विशिष्ट पहचान पत्र बनाने का कार्य फारबिसगंज में गुरुवार से आरंभ हो गया। शहर स्थित ज्योति होटल कैंपस स्थित भवन में एक निजी संस्था एनएसडी एल तथा उसकी सहयोग कर संस्था अलंकृत असाइनमेंट लि. के द्वारा शुरू किया गया है। यहां यूआईडी बनाने के लिए आवेदक से एक सामान्य आवेदन भराया जाता है जिसमें भारतीय नागरिकता से संबंधित आवश्यक जानकारियां ली जाती है। इसके साथ ही बायोमैट्रिक जानकारी में आवेदक के हाथ की दसों अंगुलियों के निशान तथा आंख की रेटीना की फोटो पासपोर्ट साइज की हो। छोटी सी इलेक्ट्रानिक मशीन द्वारा लेकर कंप्यूटर में रखा जा रहा है। जिसके कुछ दिनों के बाद यूआईडी कार्ड आवेदकों को उपलब्ध कराया जायेगा। अलंकृत संस्था के फारबिसगंज शाखा प्रबंधक विजय कुमार सिंह ने अपने सहयोगी सह एलआईसी के डीओ मनीष कुमार के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि उनकी संस्था को यूआईडी कार्ड बनाने की जिम्मेदारी रजिस्ट्रार संस्था एनएसडीएल द्वारा सौंपा गया है। जबकि यह कार्य भारत सरकार द्वारा उक्त रजिस्ट्रार संस्था को सौंपा गया है। उन्होंने कह कि कार्यक्रम की जानकारी जिला प्रशासन को दी गई है जहां से उन्हें सहयोग मिल रहा। मनीष ने कहा कि प्रत्येक भारतीय नागरिक का युआईडी कार्ड निशुल्क बनाया जाना है। बताया कि आवेदकों को नागरिकता और पता से संबंधित एक-दो कागजात लाकर दिखाना होगा। इस कार्य के लिये कार्यालय में दो विशेष प्रशिक्षित कर्मचारी को लगाया है। फारबिसगंज केन्द्र पर सबसे पहला यूआईडी के लिये मो. कैसर अंसारी का फार्म भरा गया।

सड़क दुर्घटना में मोटर साइकल सवार घायल


बथनाहा(अररिया) : गुरुवार की देर संध्या बथनाहा वीरपुर सड़क मार्ग पर भंगही संथाली टोला के निकट हुई सड़क दुर्घटना में मोटर साइकल सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के बाबत बताया जाता है कि पथराहा पंचायत के पूर्व सरपंच मो. एखलाक अपने एक साथी दिनेश पासवान के साथ अपनी स्पलेंडर मोटर साइकल से फारबिसगंज से अपने घर घुरूना जा रहे थे। इस क्रम में विपरीत दिशा से आ रही एसएसबी 18वीं वाहिनी वीरपुर की ट्रक संख्या बीआरएल 3526 वीरपुर से फारबिसगंज की ओर आ रही थी कि ट्रक के चपेट में आने से मोटरसाइकिल पर दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गये। ग्रामीणों के सहयोग से फारबिसगंज स्थित रेफरल अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया। दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। ट्रक को ग्रामीणों ने घेर रखा है। घटना की सूचना मिलते ही फुलकाहा एवं बथनाहा थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची।

बिराटनगर में निषाधाज्ञा लागू


जोगबनी (अररिया) : नेपाल में पत्रकार पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में पत्रकारों द्वारा चलाये जा रहे आंदोलन के जवाब में एमाले के मातृ संगठन युथ फोर्स का गुरुवार को संभावित जुलुस प्रदर्शन को देखते हुए मोरंग जिला प्रशासन ने विराटनगर में निषेधाज्ञा लागू कर दिया है। जिस कारण विराटनगर के प्रतिष्ठान एवं कुछ सरकारी तथा गैर सरकारी संस्था बंद रहे।
प्राप्त जानकारी अनुसार नागरिक दैनिक के पत्रकार खिलनाथ ढ़काल द्वारा युथ फोर्स की गलत गतिविधियों के खिलाफ खबर छापी थी जिसके बाद फोर्स के कार्यकर्ताओं ने रविवार को उनपर जानलेवा हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया था। उसके बाद पत्रकारों ने आरोपी की गिरफ्तारी को ले आंदोलन चला रखा है। पत्रकार महासंघ की ओर से पशुराम वस्नेत, रोहित कोइराला एवं मनोज राय के विरुद्ध मुकदमा कर रखा है। इसी से आक्रोशित युथ फोर्स ने गुरुवार को जुलूस और प्रदर्शन का आयोजन किया था। बढ़ती टकराहट को देख जिला प्रशासन ने विराटनगर में रात्रि 9 बजे तक निषेधाज्ञ लागू कर जुलूस प्रदर्शन पर रोक लगा दिया है तथा चौक चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दिया है।

नयी ऊर्जा नीति शीघ्र : विजेंद्र


अररिया : सूबे के ऊर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा है कि प्रदेश में नयी ऊर्जा नीति जल्द ही लागू की जायेगी तथा इसके प्रारूप को राज्य कैबिनेट की स्वीकृति के लिए जल्द सौंपा जायेगा।
ऊर्जा मंत्री श्री यादव ने ऊर्जा नीति के संबंध में विस्तृत जानकारी देने से इंकार करते हुए कहा कि इसकी स्वीकृति के बाद राज्य में ऊर्जा संकट का हल आसानी से निकलेगा । उन्होंने बताया कि सरकार ऊर्जा संकट के हल के लिए गैर पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों के विकास पर खास ध्यान देगी।

ताला तोड़कर चोरी का आरोप


फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज थाना क्षेत्र के जनहरीपुर गांव में स्थानीय निवासी मोती लाल दास ने गांव के ही तीन लोगों पर घर का ताला तोड़कर हजारों रुपये मूल्य के जेवरात व अन्य सामान चोरी कर लेने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार वार्ड संख्या 11 निवासी मोती लाल दास 14 जून को अपनी पत्‍‌नी का प्रसव कराने अस्पताल गये हुए थे। इसी दौरान हीरा लाल दास, जवाहर लाल दास व अन्य घर का ताला तोड़कर सामान की चोरी कर ली। बाद में पूछने पर इन लोगों पर मारपीट कर जख्मी कर देने का भी आरोप लगाया गया है।

आपदा से निपटने के लिए सरकार के पास ठोस रणनीति नहीं: नसीमुरर्हमान


अररिया : जिले में आपदा से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा कोई ठोस रणनीति नही है। जबकि अभी बाढ़ का समय आना बाकी है। अगर समय रहते आपदा से निपटने की मुकम्मल तैयारी नही की गई तो जिले की स्थिति भयावह हो सकती है। ये बातें गरीब नवाज सोसायटी के अध्यक्ष हाजी नसीमुरर्हमान ने गुरुवार को पत्रकारों से कही। रामपुर, मोहनपुर नाव दुर्घटना पर दुख प्रकट किया। प्रशासन को इस घटना के लिए पूरी तरह जिम्मेदार ठहराया। श्री रहमान ने पीड़ित परिवार को पांच-पांच लाख रुपया मुआवजा, पीड़ित परिवार को नौकरी एवं पेंशन, सभी घाटों पर दो-दो सरकारी नाव एवं महत्वपूर्ण घाटों पर पुल बनाने की मांग की।

नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलायी गयी


जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड मुख्यालय के सभा भवन में गुरुवार को दूसरे दिन बीडीओ मो. सिकंदर ने सिसौना के सिमरिया, पथराबाड़ी एवं केसर्रा के जनप्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। शपथ ग्रहण करने वालों में सिसौना की मुखिया बेबी परवीन पथराबाड़ी के मुखिया वसीम राजा एवं उपमुखिया मो. अरशद आलम केसर्रा के मुखिया मोतीउर्रहमान तथा सिमरिया की मुखिया रवीना खातुन शामिल है। इस दौरान सिसौन पंचायत से उपमुखिया पद के लिए रूकसाना, पथराबाड़ी से अरशद आलम, केसर्रा से उमेश पासवान, सिमरिया से जकीर का निर्वाचन वार्ड सदस्यों ने किया।
बसैटी संसू के अनुसार: रानीगंज प्रखंड के सामुदायिक भवन में नवनिर्वाचित पंचायत के मुखिया, सरपंच, ग्राम पंचायत सदस्य एवं ग्राम कचहरी पंच का शपथ ग्रहण कराया जा रहा है। प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रमा राम ने बुधवार को बताया कि शपथ ग्रहण कार्य 14 जून से प्रारंभ होकर 21 जून तक चलेगा। प्रत्येक दिन चार-चार पंचायत के मुखिया, सरपंच, ग्राम पंचायत सदस्य एवं ग्राम कचहरी पंच को शपथ ग्रहण कराया जा रहा है। जबकि 26 जून को पंचायत समिति सदस्यों को शपथ ग्रहण व प्रमुख उप प्रमुख का चुनाव एवं शपथ ग्रहण कराया जायेगा।
पलासी से निसं के अनुसार प्रखंड के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण गुरुवार से मुख्यालय स्थित बीआरसी भवन में आरंभ किया गया। प्रथम दिन (गुरुवार) प्रखंड के धर्मगंज, पीपरा बिजवार, डेहटी उत्तर तथा दक्षिण डेहटी पंचायत के जनप्रतिनिधियों को बीडीओ उपेन्द्र सिंह ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। साथ ही इन पंचायतों के उपमुखिया व उपसरपंच का चुनाव भी संपन्न हुआ। मौके पर सीओ अरुण कुमार, थानाध्यक्ष आरबी सिंह, जीपीएस गणपति राम प्रधान सहायक मो. शहाबुद्दीन अशोक कुमार, अशोक झा आदि मौजूद थे।

मंत्री ने देशी पावर प्लांट का किया निरीक्षण


- रिन्यूएबल इनर्जी समय की मांग: मंत्री
जोकीहाट (अररिया) : बिहार सरकार के उर्जा मंत्री विजेन्द्र यादव ने गुरुवार को भेभड़ा चौक के निकट पुनर्नवीकरणीय उर्जा स्त्रोत के इकाई देशी पावर प्लांट का निरीक्षण किया। श्री यादव ने कहा कि सरकार देशी पावर प्लांट के विद्युत उपभोक्ताओं को अनुदान के तहत बिजली मुहैया करायेगी। उन्होंने प्लांट के प्रबंध निदेशक अशोक दास को अधिक से अधिक मेगावाट बिजली उत्पादन कराने का आग्रह किया। जिससे क्षेत्र के किसानों एवं व्यवसायियों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके। मंत्री ने कहा मैदानी इलाकों में इस प्लांट के संचालन के लिए इंधन की प्रचुर मात्रा उपलब्ध है जो सस्ती व पर्यावरण के अनुकूल भी है। उर्जा मंत्री श्री यादव ने कहा कि हरियाली युक्त क्षेत्र होने से बायोमास के रूप में धान, गेहूं की भूसी, ढेंचा, मकई का डंठल से उर्जा के अधिक से अधिक संयंत्रों का संचालन संभव है। मंत्री ने संयंत्र के टेक्नीकल इंचार्ज विपीन ठाकुर से तकनीकी जानकारी भी हासिल किये। श्री ठाकुर ने उर्जा मंत्री को विद्युत उत्पादन आपूर्ति, प्रति यूनिट दर की भी जानकारी दी। ठाकुर ने कहा कि जोकीहाट के तीन सिनेमाघरों, बैंक, मोबाइल टावरों एवं छोटे-छोटे मिलों एवं सिंचाई के लिए किसानों को विद्युत आपूर्ति किये जाने की जानकारी मंत्री को दी। मंत्री ने देशी प्लांट के उपभोक्ताओं को सब्सिडी के तहत बिजली मुहैया कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान मंत्री के साथ विधान पार्षद हारूण रसीद, स्थानीय विधायक सरफराज आलम, विधायक आनंदी यादव, जदयू अध्यक्ष नौशाद आलम, निदेशक विजय कुमार, एसडीओ डा. विनोद कुमार, एसडीपीओ मो. कासिम आदि उपस्थित थे।

वाणिज्य कर विभाग का औचक निरीक्षण, लाखों मूल्य का बर्तन जब्त


कुर्साकाटा(अररिया) : वाणिज्य कर विभाग से निबंधन कराये बिना वर्षो से दुकान चलाने एवं सेल टैक्स की चोरी करने का मामला प्रकाश में आया है। गुरुवार को वाणिज्य कर विभाग फारबिसगंज के अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण में कुआंड़ी बाजार स्थित विनोद साह के बर्तन की दुकान के सभी सामान को जब्त कर लिया। वाणिज्य कर उपायुक्त अनिल कुमार दास एवं वाणिज्य कर सहायक उपायुक्त मनोज कुमार वर्मा ने निबंधन नहीं कराये जाने के कारण लाखों रूपये मूल्य का बर्तन जब्ती सूची तैयार कर जब्त कर लिया। वाणिज्य कर विभाग द्वारा किये गये इस औचक निरीक्षक से कुंआड़ी एवं कुर्साकाटा के व्यवसायियों में हड़कंप व्याप्त हो चुका है।

जदयू की समीक्षा बैठक संपन्न


अररिया : आगामी 21.6.11 को अल्पसंख्यक अकलीयत सेल मुस्लिम बेदारी के लिए कृष्णा मेमोरियल हाल गांधी मैदान पटना में माननीय, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा उद्घाटन किया जायेगा। जिसकी तैयारी की समीक्षा हेतु बुधवार को एक बैठक आयोजित की गयी। जिसकी अध्यक्षता अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष मो. इम्तियाज आलम ने की। मौके पर सचिव अब्दुल अंसारी भी मौजूद थे। रैली में ज्यादा से ज्यादा लोगों को पटना पहुंचने का निर्देश दिया गया। बैठक में उपस्थित लोगों में जिला अध्यक्ष नौशाद आलम, बोर्ड अध्यक्ष अंसारी, कैशर अली, जियाउल्लाह, अशफाक, मुख्तार, वसीम, अफजल आदि थे।

सांसद मोनाजिर हसन आज अररिया में


अररिया : जनता दल यूनाईटेड के सांसद मोनाजिर हसन एवं पूर्व मंत्री मंजर आलम शुक्रवार को अररिया के फारबिसगंज गोली कांड का घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेंगे। उसके बाद डाक बंगला अररिया में पत्रकारों से रूबरू होंगे। ये जानकरी जदयू जिलाध्यक्ष मो. नौशाद आलम एवं मिडिया प्रभारी मो. जियाउल्लाह ने दी।

नौका दुर्घटना से स्तंब्ध आस-पास के ग्रामीण

अररिया : बैरगाछी ओपी क्षेत्र के रामपुर घाट में हुई नौका दुर्घटना से आस पास के एक दर्जन से अधिक गांवों के लोग सतब्ध है। घटना के दूसरे दिन तक परमान नदी किनारे जहां पीड़ित परिजनों का चीख-चित्कार माहौल गमगीन है वहीं आस-पास के गांवों में मायुसी छायी हुई है। सबों के जुबान पर रूक ही चर्चा, आखिर कब तक वे लोग परमान की कातिल धाराओं में पीसते रहेंगे? कब तक वे लोग अपनी कुर्बानी देते रहेंगे? घटना स्थल पर कई ग्रामीणों ने बताया कि वर्षो से वे लोग परमान नदी पर पुल बनाने की मांग कर रहे है, लेकिन उनलोगों का कोई नही सुनता। चुनाव आते है तो सभी जनप्रतिनिधि पुल निर्माण करवाने की घोषणा करते है लेकिन चुनाव खत्म होते हीं सब के सब घोषनाएं बेकार। ग्रामीण बताते है कि इस घाट से दो दर्जन से अधिक गांवों के लोग नदी पार करते हैं। लेकिन यहां एक अदद सरकारी नाव तक उपलब्ध नही हो पाती है। बाढ़ का मौसम समाप्त होते ही किसी तरह चचरी पुल का निर्माण किया जाता है। वो भी तीन-चार माह तक ही रहते है। इसके बाद फिर वही निजी नाव का सहारा लेना पड़ता है। आज यदि इस जगह पुल होता तो इतनी बड़ी हादसा कभी भी नही घटती और न हीं कई लोगों को बेसहारा होना पड़ता।

विवाहिता को जहर देकर मार डाला


जोकीहाट(अररिया) : जोकीहाट बाजार में एक विवाहिता की ससुराल वालों ने बुधवार की रात जहर खिलाकर मार डाला। सूचना मिलते ही जोकीहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया। इस सिलसिले में मृतका रेखा कुमारी उर्फ मुन्नी के भाई संतोष भगत (वीरपुर, सुपौल), ने थाने में आवेदन देकर बहन की सास कृष्णा देवी, देवर रंजन कुमार भगत एवं पंकज भगत तथा ननद रेखा देवी को नामजद अभियुक्त बनाया है जबकि मृतका के पति कंचन भगत को हत्या में निर्दोष बताया है।
आवेदन के अनुसार छह वर्ष पूर्व जोकीहाट बाजार निवासी स्व. हजारी भगत के पुत्र कंचन भगत के साथ वीरपुर, सुपौल निवासी रामचन्द्र भगत की पुत्री मुन्नी की शादी हुई थी। शादी के दो तीन वर्षो बाद ससुराल वाले मुन्नी को यातना दिया करते थे। बुधवार की रात्रि अचानक मृतका मुन्नी देवी के पति कंचन भगत ने अपने साला संतोष को सूचना देकर जोकीहाट बुलाया। जोकीहाट पहुंचकर संतोष भगत ने अपनी बहन को मृत पाया। आवेदन में उन्होंने लिखा है कि जहर खिलाकर मेरी बहन की हत्या कर दी गई। संतोष ने अपनी बहन के सास, देवर एवं ननद को हत्या के लिए जिम्मेवार ठहराया है। जबकि मृतका के पति कंचन भगत को निर्दोष बताया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

आईए की परीक्षा में लाल मोहन ने किया नाम रोशन


अररिया : बुद्धि सोहिन्दर गांव जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्र के छात्र लाल मोहन चौपाल ने आई. ए. की परीक्षा में 85 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल कालेज बल्कि अपने गांव का नाम रोशन किया है। लाल मोहन चौपाल ने अररिया कालेज से आई.ए. की परीक्षा दी थी। मैट्रिक की परीक्षा सोहिन्दर हाट से पास किया था। इनकी सफलता पर परिवार वालों एवं मित्रों में खुशी व्याप्त है।

Thursday, June 16, 2011

भजनपुर कांड: अधिकारियों के विरुद्ध हत्या का एक और मामला दायर


अररिया : अररिया के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सत्येन्द्र रजक की अदालत में बुधवार को फारबिसगंज गोली कांड से संबंधित फिर हत्या का एक मामला दर्ज हुआ है। इस मामले में वहां के अनुमंडल अधिकारी, ओटो सुन्दरम फैक्ट्री के मालिक व उनके अन्य रिश्तेदारों समेत कई पुलिस अधिकारियों को आरोपित किया गया है। अदालत ने मामले को अपने निजी संचिका में रख लिया है।
फारबिसगंज के भजनपुर गांव निवासी फटकन अंसारी ने सीजेएम कोर्ट में केश नंबर 1372सी/11 दायर किया है तथा पुलिस फायरिंग से अपने पचीस वर्षीय पुत्र मुस्तफा अंसारी को सिर पर लगी गोली के बाद आरोपियों द्वारा जख्मी मुस्तफा अंसारी को उठाकर निर्माणाधीन फैक्ट्री में ले जाने तथा उसे लात से कुचलवा कर हत्या कर देने आदि का आरोप लगाया है।
अभियोगी ने इस मामले में रामपुर ओरो सुन्दरम फैक्ट्री के अशोक कुमार चौधरी, कटिहार के अशोक अग्रवाल, प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक सुनिल कुमार गुप्ता, फारबिसगंज के एसडीओ गिरवर दयाल सिंह, थानाध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता व गृह रक्षा वाहिनी 401975 सुनिल कुमार यादव सहित भी अदालत में दाखिल किया है।
अररिया के अधिवक्ता सत्यजीत राम के माध्यम दायर इस मामले में स्थानीय पुलिस अधिकारी एवं अन्य अधिकारी होने का जिक्र करते गोली मारकर लोगों की हत्या करना व जख्मी कर देने की बात को सरकारी दायरे में नही होने का उल्लेख करते संज्ञान लेने की गुहार लगायी है। इससे पूर्व भी भजनपुर के रफीक अंसारी ने अदालत में केश नंबर 1341सी/11 दायर किया था, जिसमें फारबिसगंज के एसडीओ समेत नौ लोगों को नामजद करते अज्ञात सौ लोगों को नौसाद उर्फ साहिल की हुये मौत में आरोपित किया था।

गोलीकांड की घटना सरकार को बदनाम करने की साजिश


- डुमराव विधायक डा. दाउद अली अंसारी ने भजनपुर गांव का दौरा किया
फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज गोली कांड मामले में राजनेताओं का दौरा लगातार जारी है। मंगलवार की संध्या डुमरांव के जदयू विधायक सह जदयू सचेतक डा. दाउद अली अंसारी ने प्रभावित भजनपुर गांव तथा घटना स्थल का भ्रमण किया और पीड़ितों से मिले। बाद में जुम्मन चौक स्थित समाजसेवी ताहीर अंसारी के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में जदयू विधायक डा. दाउद ने कहा कि सड़क मांग से जुड़ा यह मामला इतना बड़ा नही था कि गोलीकांड जैसी बड़ी घटना की नौबत आय। कहा कि घटना के पीछे का दोषी कितना भी बड़ा हो वे बचेंगे नही। विधायक ने कहा कि इस घटना के पीछे सरकार को बदनाम करने की कोशिश की गई है। इसके पीछे सरकार में शामिल कथित तौर पर सहयोगी दल के नेता हीं क्यों न हो, वे बेनकाब होंगे। विधायक के साथ पांच सदस्यीय एक जांच टीम भी पहुंची थी, जिसमें राज्य 15 सूत्री कार्यक्रम के पूर्व अध्यक्ष शरीफ कुरैशी, आल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के प्रदेश अध्यक्ष एहसान मुद्दीन अंसारी, प्रदेश महासचिव डा. नूर हसन आजाद तथा संगठन प्रभारी हसनैन अंसारी शामिल थे। जदयू विधायक डा. दाउद ने बताया कि घटना से संबंधित एक जांच रिपोर्ट जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता शिवानंद तिवारी को सौंपी जायेगी। साथ हीं मुख्यमंत्री को भी सभी जानकारियां दी जायेगी।
विधायक ने कहा कि ग्रामीण फैक्ट्री का विरोध नहीं कर रहे हैं। सड़क का मामला तो थाना अथवा अनुमंडल प्रशासन के स्तर पर हीं समाधान हो सकता था। उन्होंने घटना की निंदा की। इस मौके पर समाजसेवी मो. ताहीर अंसारी, मो. परवेज, साबिर अंसारी, मुजाहिद, इरशाद, चंदन इजहार आदि मौजूद थे।

नाव दुर्घटना: परिजनों को मुआवजा देने की मांग


-बाढ़ से बचाव को ले प्रशासन के पास ठोस नीति नही: जाकिर
अररिया : अररिया प्रखंड के रामपुर मोहनपुर गांव के बीचों बीच बहने वाली परमान नदी में मरे सभी व्यक्तियों के परिजन को पांच-पांच लाख रुपया मुआवजा देने की मांग अररिया के विधायक जाकिर अनवर एवं जोकीहाट के विधायक सरफराज आलम ने की है। घटना स्थल पर पहुंचकर दोनों विधायक ने ग्रामीणों एवं पीड़ित परिवार से मिलकर पूरी स्थिति की जानकारी ली तथा मृतक के प्रति शोक प्रकट करते हुए कहा कि ये घटना बहुत मार्मिक है। साथ ही दोनों विधायकों ने सभी घाटों पर नाव उपलब्ध कराने, व्यस्त घाटों पर पुल बनाने की मांग भी सरकार से की। घटना स्थल पर मौजूद अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल आरक्षी पदाधिकारी, अंचलाधिकरी एवं थाना प्रभारी से स्थिति की जानकारी प्राप्त करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक जाकीर अनवर ने कहा कि बाढ़ आपदा से बचने के लिए सरकार के पास कोई ठोस रणनीति नही है। समय रहते उपाय नही किए गये तो इससे भी बड़ी घटना की आशंका है। विधायक सरफराज आलम ने इस संबंध में सरकार को पूरी घटना से अवगत कराने की बात कही। साथ ही मृत शवों को नदी से निकालने वाले ग्रामीण गोताखोरों को विधायक ने नगद राशि देकर प्रोत्साहित किया।

बिजली: बदहाली के विरोध में अनशन समाप्त


जोगबनी (अररिया) : अनियमित विद्युत आपूर्ति के विरोध में तीन दिनों से जारी आंदोलन मंगलवार की देर रात्रि कार्यपालक विद्युत अभियंता सीताराम सिंह के लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हो गया।
इस अवसर पर संघर्ष समिति की ओर से नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अनवर राज, समिति अध्यक्ष संजय दुबे, अजय झा, भानू प्रकाश राय, मनोज साह, राजा शर्मा, प्रभात सिंह, रमेश चौधरी, मनोज राय सहित दर्जनों उपभोक्ता मौजूद थे।

भजनपुर कांड के विरोध में भाकपा का धरना


अररिया : फारबिसगंज के भजनपुर में उग्र भीड़ पर हुई गोलीकांड के विरोध में बुधवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी शाखा अररिया के सदस्यों ने समहरणालय परिसर में एक दिवसीय धरना का आयोजन किया। इससे पूर्व सदस्यों ने सुभाष स्टेडियम से रैली निकालकर शहर के विभिन्न मार्गो पर भ्रमण किया। धरना का नेतृत्व जिला प्रभारी कामरेड सत्यनारायण सिंह कर रहे थे।
धरना पर बैठे वक्ताओं में कामरेड नवल किशोर, गेना लाल महतो, अशोक श्रीवास्तव, सुरेश ऋषिदेव, भजन ऋषिदेव आदि ने अपने संबोधन में कहा कि भजनपुर के ग्रामीणों पर गोली कांड करवाकर नीतीश कुमार ने लोकतंत्र को खंडित किया है। उन्होंने विधान पार्षद अशोक अग्रवाल को गिरफ्तार करने, मृतक के परिजनों को 10 लाख तथा घायलों को 5-5 लाख मुआवजा एवं दोषी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा चलाने की मांग की है। धरना में बड़ी संख्या में महिलाएं भी उपस्थित थी।

बीडीओ ने दिलायी पंचायत प्रतिनिधियों को शपथ

जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड मुख्यालय जोकीहाट में बुधवार को बीडीओ मो. सिकंदर ने पहले दिन तारण, काकन, डूबा एवं बगडहरा पंचायत के मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य एवं पंचों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी तथा इस दौरान उपमुखिया एवं उप सरपंच का चयन भी किया गया। नव चयनित उपमुखियों में बगडहरा से मो. वाजुद्दीन, तारण से शहनाज, डूबा से महमूदा खातून, काकन से तबरेज शामिल है। जबकि तारण से जकरूल, डूबा से मोकीमुद्दीन, काकन से मुजफ्फर एवं बगडहरा से मो. इसहाक शामिल हैं।

विकास शिविर का आयोजन


कुर्साकाटा(अररिया) : प्रखंड मुख्यालय स्थित सभा भवन में बुधवार को विकास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से लाभुकों के बीच विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। इस अवसर पर सिकटी विधायक आनंदी प्रसाद यादव ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार योजना का लाभ ग्रामीण स्तर तक पहुंचाने के लिए संशोधन किया है। अब ग्राम सभा योजना की जगह वार्ड आधार पर सभा का आयोजन कर सामूहिक निर्णय द्वारा विकास कार्य योजना का प्रारूप तैयार किया जायेगा। पारदर्शिता के साथ सभी लाभुकों का चयन किया जायेगा। उन्होंने प्रखंड कर्मियों से सहयोग की अपील की। शिविर में इंदिरा आवास योजना के तहत 80, कन्या सुरक्षा योजना का 13 लाभुकों के बीच पासबुक वितरित किये गये। इसके अलावा नि:शक्तता पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना का लाभ लोगों को दिया गया। मौके पर सांसद प्रतिनिधि प्रदीप यादव, वासुदेव सिंह, सीडीपीओ कुमारी प्रगति, बीडीओ रोजी कुमारी आदि थे।
सिकटी संसू के अनुसार प्रखंड मुख्यालय सिकटी में विकास शिविर का आयोजन बुधवार को किया गया। शिविर में स्थानीय विधायक आनंदी प्रसाद यादव के हाथों विभिन्न योजनाओं के चेक पासबुक का वितरण किया गया। शिविर में उपस्थित बीडीओ त्रिपुरारी शर्मा ने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन के 33, विधवा पेंशन के 25, लक्ष्मीबाई पेंशन के 17 नि:शक्तता पेंशन के 6 लाभुकों को स्वीकृति पत्र दिया गया। इसके अलावा कन्या विवाह योजना के 9 चेक, मुख्यमंत्री कन्या सुरक्षा योजना के 100 बांड पेपर, इंदिरा आवास योजना के 81 पासबुक का वितरण किया गया। सीओ श्रीराम सिंह ने बताया कि शिविर में सात वासगीत पर्चा एवं चार जमीन बंदोबस्ती परवाना का वितरण किया गया। मौके पर सीडीपीओ नमिता घोष, प्रखंड भाजपा अध्यक्ष रामकुमार झा मुन्ना, विजय विश्वास, सतीश पंजियार, हरिश्चंद्र राय सहित अन्य उपस्थित थे।

बस पलटने से दो दर्जन यात्री जख्मी


फारबिसगंज/नरपतगंज : बीरपुर से पूर्णिया जा रही श्वेता सोनी बस नरपतगंज प्रखंड के फुलकाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर गांव के पास पलट गयी। बस में सवार करीब दो दर्जन यात्री जख्मी हो गये। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को खिड़की का शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया। जख्मी हुए यात्री आसपास के निजी क्लिनिकों में अपना इलाज कराये। सूचना मिलने पर फुलकाहा एवं नरपतगंज थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। बस का चालक फरार बताया जाता है। घायलों में सुपौल जिला के नरोहा गांव निवासी मो. नूर सलीम 35 वर्ष, मो. वसीर 32 वर्ष, जन्नत 40 वर्ष सहित कई महिलाएं तथा कुछ बच्चे भी शामिल है। बताया जाता है कि बस में 30 से 40 यात्री सवार थे। वीरपुर से पूर्णिया जाने के क्रम में लक्ष्मीपुर गांव के समीप एक वाहन को साइड देने के दौरान बस सड़क से नीचे उतरकर पानी से भरे गडढे में जा गिरी।

बोलेरो मोटरसाइकिल टक्कर में एक की मौत


जोकीहाट(अररिया) : जोकीहाट अररिया मुख्य सड़क पर मंगलवार की रात बौरिया चौक के निकट बोलेरो नंबर डब्लू बी 74 डी 7474 एवं मोटरसाइकिल की सीधी टक्कर में मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गयी। मृतक खुर्शीद काशीबाड़ी गांव का निवासी है। सूचना मिलते ही जोकीहाट पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर बोलेरो को कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। वहीं खुर्शीद की मौत से काशीबाड़ी गांव में मातम का माहौल है।

ग्रामीणों ने पकड़ा अंत्योदय का आठ क्विंटल चावल


सिकटी (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के ठेंगापुर पंचायत अंतर्गत पड़रिया घाट के समीप मंगलवार की शाम ग्रामीणों ने अंत्योदय अन्नपूर्णा का आठ क्विंटल चावल पकड़ा तथा इसे उस हल्का के चौकीदार को सुपुर्द कर दिया है।
जानकारी अनुसार मंगलवार की देर संध्या डीलर बटेश्वर मंडल द्वारा अंत्योदय अन्नपूर्णा का आठ क्विंटल चावल कुर्साकाटा बेचने के लिए भेजा जा रहा था। जबकि ग्रामीणों के द्वारा पड़रिया घाट पर ही उक्त चावल को पकड़ लिया गया। ग्रामीणों ने उक्त चावल को उसी हल्का के चौकीदार को सुपुर्द कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि प्रतिमाह अंत्योदय व अन्नपूर्णा का चावल व किरासन तेल उक्त डीलर द्वारा बेच लिया जाता है।

पोलियो पर्यवेक्षक संघ का गठन


पलासी (अररिया) : प्रखंड में पोलियो उन्मूलन अभियान से जुड़े पर्यवेक्षकों के संगठनात्मक चुनाव को लेकर मुख्यालय स्थित पीएचसी प्रागंण में बुधवार को एक बैठक आहूत की गई। जिसकी अध्यक्षता पूर्व जिप सदस्य मो. शबीर अहमद ने की। बैठक में मौजूद पर्यवेक्षकों द्वारा सर्व सम्मति से अध्यक्ष पद के लिए राजानंद सुथिहार, उपाध्यक्ष पद के लिए मो. गौहर अली हसन, सचिव पद के लिए मो. रकीब आलम, उपसचिव पद के लिए दिनेश मंडल तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए युगेश्वर चौधरी का चयन किया गया। तत्पश्चात पल्स पोलियो अभियान से जुड़े पर्यवेक्षकों के विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई।

नौका दुर्घटना:बेटी ने बचा ली जान


अररिया : रामपुर नौका दुर्घटना में परमान नदी की तेज धारा में बह गये वहाब की जान उसकी बेटी ने बचायी।
वहाब एक राजमिस्त्री है तथा प्रतिदिन काम करने के लिए अररिया शहर आता जाता रहता है। वहाब ने बताया कि नाव जब डूबी तो वह परमान नदी के तेज बहाव में बहने लगा। मजदूरी में मिले पैसे तथा मिस्त्रीगिरी के सारे हथियार भी पानी में बह गये। धारा में डूबते उतराते उसे घास के एक बोझे का सहारा मिला, लेकिन उससे बात नहीं बनी। इस बीच उसकी बेटी नदी किनारे पर पहुंच चुकी थी। उसने एक बांस अपने पिता की ओर फेंक दिया। बांस का सहारा मिलते ही वहाब तैर कर सुरक्षित किनारे पहुंच गया।

नौका दुर्घटना:नियमानुसार मिलेगी सरकारी सहायता: एसडीओ


अररिया : रामपुर नौका दुर्घटना में मृत व पीड़ित लोगों को सरकारी नियमानुसार सहायता दी जायेगी। यह बात एसडीओ डा. विनोद कुमार ने बुधवार को रामपुर में बतायी।
उन्होंने कहा कि प्रशासन अभी बचाव व तलाशी अभियान में लगा है तथा इसके संपन्न होने के बाद राहत देने की कार्रवाई की जायेगी। डा. कुमार ने बताया कि दुर्घटना में पीड़ित लोगों को रिलीफ कोड व अन्य सरकारी प्रावधानों के मुताबिक सहायता दी जायेगी।
विदित हो कि रामपुर नौका दुर्घटना में अब तक पांच लोगों के शव बरामद किये जा चुके हैं,जबकि अन्य की तलाश जारी है। इस घटना में कितने लोग बह गये हैं इसकी सही संख्या का अब तक पता नही चल पाया है।

नौका दुर्घटना:कौन बनेगा मसोमात वीणा के बुढ़ापे का सहारा?


-बेटे को बचाने में गयी चांदनी व पति की जान
अररिया : अब मसोमात वीणा के बुढ़ापे की लाठी कौन बनेगा? बड़े अरमान से अपने इकलौते बेटे गणेश को पाला था। परमान की कातिल धारा ने गणेश के साथ पुतोहू चांदन व पोते राजा को भी निगल लिया।
रामपुर मोहनपुर गाव की मसोमात वीणा की आंखे रोते रोते सूख चुकी हैं। पति जीवछ लाल की मौत के बाद वीणा की सारी उम्मीद गणेश पर टिकी थी। लेकिन वह भी छोड़ कर चला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार को रामपुर घाट पर जब नाव डूबने लगी तो चांदनी के हाथ से दस महीने का बेटा राजा नीचे गिर गया। उसे बचाने के लिए 25 साल की चांदनी परमान की लहरों में कूद पड़ी, लेकिन खतरनाक लहरों ने उसे निगल लिया। उसे डूबता देख गणेश रजक भी नीचे कूदा, लेकिन नदी की तेज धारा ने उसे भी नहीं छोड़ा। मंगलवार की शाम पहले नौनिहाल राजा का शव मिला। जबकि बुधवार को देर तक चली तलाश में चांदनी का मृत शरीर बरामद कर लिया गया। लेकिन गणेश का अब तक कोई पता नहीं है। मसोमात वीणा को उम्मीद है कि गणेश जरूर लौट कर आयेगा।

अररिया: सौ से अधिक घाटों पर चलती हैं निजी नाव


-हो रहा यात्रियों का आर्थिक शोषण
-निजी नावों में यात्री सुरक्षा से खिलवाड़
अररिया : अररिया जिले के सौ से अधिक नदी घाटों पर निजी नावें चलती हैं। ये पंजीकृत भी नहीं हैं तथा इनके परिचालन में सुरक्षा मानकों का दूर दूर तक पालन नहीं होता। इन नावों पर यात्रियों से मनमाना भाड़ा वसूला जाता है। इतना ही नहीं सरकारी नावों के अभाव में बाढ़ बरसात के दिनों में लोग निजी नाव या केला के थंभ पर धार पार करते हैं।
रामपुर घाट पर मंगलवार को दुर्घटना ग्रस्त हुई नाव भी निजी थी और प्रशासन के पास पंजीकृत नहीं थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नाव बुरी तरह जर्जर थी तथा गहनी के अभाव में उसमें पानी रिस रहा था। नाव जब घाट से खुली तो उसमें पानी भरने लगा। यह देख लोग धड़फड़ाने लगे। इससे नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह डूब गयी।
जानकारों की मानें तो जिले में बाढ़ आपदा से लड़ने की प्रशासनिक तैयारी अक्सर कागजी ही रहती है। कोसी की राष्ट्रीय आपदा के वक्त भी ऐसा ही था और जब अचानक जल प्रलय आ गया था तो प्रशासन के पास दो चार भी अच्छी नावें भी नहीं थी। बाहर के जिलों से नाव मंगा कर काम चलाया गया था।
नावों की किल्लत इस बार भी है। जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी के अनुसार जिले में कुल 155 नयी नाव क्रय करने की जरूरत है। लेकिन इसके लिए प्रशासन के पास पर्याप्त फंड नहीं है।
जिले में सौ से अधिक घाट ऐसे हैं जहां निजी नावें चलती हैं। ये जर्जर व अपंजीकृत हैं। वहीं, अधिक पैसे की लालच में इन पर यात्रियों को कोंच दिया जाता है। इनके अलावा दर्जनों ऐसे घाट हैं जहां सरकारी नावें हैं ही नहीं। इनमें रानीगंज प्रखंड अंतर्गत फरियानी नदी पर धुजा घाट, बरहरा घाट, नसीर घाट, बालू घाट, उत्तर कोड़िया घाट व दक्षिण कोड़िया घाट, कमला नदी पर काला बलुआ से पूरब ठोंगहा घाट आदि प्रमुख हैं। वहीं, अररिया व जोकीहाट प्रखंडों में तो स्थिति भयावह है। बकरा नदी के बेंहगी घाट में बड़ी संख्या में लोग पार करते हैं, लेकिन नाव जर्जर व बेकार है। रमराय व भंगिया के बीच बकरा धार में तथा फरासूत रमराय के बीच मरना धार में कोई नाव ही नही है। इसके अलावा दर्जनों की संख्या में अन्य प्रखंडों में भी ऐसे घाट हैं जहां नाव की जरूरत है पर वहां या तो नावें हैं ही नहीं या हैं तो जर्जर व बेकार।

Wednesday, June 15, 2011

एसडीओ, बीएसओ सहित कई पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मामला दायर


अररिया : फारबिसगंज गोली कांड को लेकर मंगलवार को अररिया के मुख्य न्यायिक दंडाडिकारी की अदालत में अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक,फैक्ट्री मालिक व एमएलसी पुत्र सहित कई पुलिस कर्मियों के खिलाफ एक मामला दायर हुआ है। मामला गोलीकांड में मारे गये नाबालिग बालक के नाना भजनपुर निवासी रफीक अंसारी की ओर से दायर किया गया है।
फारबिसगंज के भजनपुर निवासी रफीक अंसारी ने सीजेएम की अदालत में केश नंबर 1341 सी/11 दायर किया है। इस मामले में घटना तिथि 03 जून, 11 का उल्लेख करते हुए भादवि की धारा 147, 148, 149, 341, 342, 307, 302, 109 एवं 120 बी सहित आ‌र्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत आरोप लगाया गया है। वादी की ओर से दायर मामले में फारबिसगंज के अनुमंडल पदाधिकारी गिरवर दयाल सिंह, प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक सुनील कुमार गुप्ता, थानाध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, अररिया के अवर निरीक्षक प्रशांत कुमार तथा महाश्वेता कुमारी, औरो सुन्दरम फैक्ट्री के मालिक अशोक कुमार चौधरी, भाजपा के विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल के पुत्र सौरभ अग्रवाल, फारबिसगंज के कमल अग्रवाल तथा गृहरक्षा वाहिनी सं. 401975 सुनील कुमार यादव समेत अररिया जिले के करीब एक सौ पुलिस कर्मी व प्राइवेट लठैत को अभियुक्त बनाया गया है। दायर मामले में वादी ने उल्लेख किया है कि वह अपनी बेटी बीबी रेहाना एवं अपने नाती नौसाद अंसारी उर्फ साहिल के साथ फारबिसगंज के फुलबरिया हाट से सौदा वगैरह खरीदकर अपने गांव भजनपुर लौट रहे थे कि एफसीआई गोदाम के पास उपरोक्त आरोपियों सहित कई पुलिस कर्मी व अन्य सैकड़ों लोग पिस्तौल, राइफल, बंदूक व लाठी वगैरह से लैश होकर सड़क को अवरुद्ध किये थे।
इसी बीच फायरिंग प्रारंभ कर दी गयी। जिससे राइफल की गोली उसके नाति उर्फ शाहिद तथा बेटी को लग गयी। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से रेफरल अस्पताल फारबिसगंज इलाज के लिये लाया, जहां से दोनों को बेहतर इलाज के लिये रेफर कर दिया गया। इलाज के क्रम में नाती नौशाद की मौत हो गयी वहीं उसकी पुत्री का इलाज पीएमसीएच,पटना में चल रहा है।
बाद में आरोपियों ने भजनपुर गांव में भी कई निर्दोष लोगों पर गोली बरसाकर घायल कर दिया। मुस्तफा अंसारी को भी गोली मारी गयी तथा साजिश के तहत उसे पैरों से कुचलवा कर मार दिया गया।
अभियोगी ने उल्लेख किया है कि फारबिसगंज-भजनपुर जाने वाली ईट सोलिंग रोड को अवैध ढंग से दखल कर प्राईवेट फैक्ट्री का निर्माण प्रभावशाली लोगों द्वारा किया जा रहा है, उन्हीं लोगों के इशारे पर इस घटना को अंजाम दिया गया है।

ट्रेन से दस लाख की विदेशी सुपारी बरामद


फारबिसगंज (अररिया) : कस्टम ने एसएसबी के सहयोग से सोमवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर फारबिसगंज तथा बथनाहा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से करीब दस लाख रूपये मूल्य ेके तस्करी का विदेशी सुपारी बरामद करने में सफलता पायी है। जबकि तीन दर्जन की संख्या में रहे तस्कर भागने में सफल रहे। दोनों स्टेशनों पर जोगबनी से कटिहार जा रही डाउन पैंसेंजर ट्रेन 55754 से रात के करीब दो बजे छापामारी कर 100 से अधिक बोरा जब्त किया गया। नव पद स्थापित फारबिसगंज कस्टम के सहायक आयुक्त शिवशंकर के नेतृत्व में की गयी कार्रवाई से तस्करों को बड़ा झटका लगा है। एसी शिवशंकर ने कहा कि तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। छापामारी अभियान में कस्टम इंस्पेक्टर केके मिश्रा, इंस्पेक्टर राजेश कुमार, एसएसबी 24 वीं बटालियन बथनाहा के एसआई संजीव कुमार, फारबिसगंज आरपीएफ प्रभारी एहसान अली शामिल थे।
जानकारी अनुसार अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि जोगबनी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से बड़ी मात्रा में विदेशी सुपारी का बोरा रखा गया है जिसे पूर्णिया के गुलाबबाग तक पहुंचाने की योजना थी। लेकिन जोगबनी से देर रात ट्रेन खुलने के बाद अगले स्टेशन बथनाहा में ही कस्टम व एसएसबी के द्वारा ट्रेन में छापामारी की गयी। इसके बाद ट्रेन खुलने के बाद फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर भी ट्रेन में छापामारी कर विदेशी सुपारी बरामद किया गया। छापामारी की कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा रहा है। तस्करों के खिलाफ इसे बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

जोगबनी: बंद के दूसरे दिन किया यातायात अवरुद्ध


-सरकारी व गैरसरकारी संस्थान रहे बंद
जोगबनी (अररिया) : अनियमित विद्युत आपूर्ति से आक्रोशित जोगबनी विद्युत उपभोक्ताओं ने अनिश्चितकाल बंदी के दूसरे दिन मंगलवार को अपने तेवर कड़े करते हुए सभी सरकारी व गैर सरकारी संस्थान, स्कूल आदि को बंद करा जगह-जगह सड़क को अवरुद्ध कर दिया है। जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। प्राप्त जानकारी अनुसार भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर अवस्थित जोगबनी भारतीय सुरक्षा को लेकर भी अति संवेदनशील है। जनप्रतिनिधि व विद्युत विभाग के उदासीनता एवं उपेक्षा से लगभग 48 घंटों से सीमा क्षेत्र अंधेरे में डूबा पड़ा है। जिस कारण विद्युत उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ रहा है। आक्रोशित लोगों ने एक पीकप वैन का शीशा तोड़ डाला।
इधर जोगबनी विद्युत उपभोक्ता संघर्ष समिति द्वारा आंदोलन को मजबूती प्रदान करने हेतु बैंक, स्कूल एवं कस्टम के कार्यो को भी बाधित किया गया है जिससे कस्टम को जहां प्रतिदिन लाखों रुपये राजस्व की क्षति हो रही है वही बैंक, स्कूल व बाजार एवं यातायात के ठप्प रहने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गयी है।
इस संबंध में संघर्ष समिति सदस्यों अजय झा, मंटू भगत, कमल तापडिया ने कहा कि जब तक विभाग द्वारा हमारी मांगों को नही मानी जाती तब तक जोगबनी में बिजली को ले आंदोलन जारी रहेगा तथा उग्र होगा जिसकी जवावदेही विद्युत विभाग की होगी। इधर विद्युत कार्यपालक अभियंता सीताराम सिंह ने बताया कि तार के टूटने के कारण जोगबनी का विद्युत प्रभावित हुआ है जो आज ठीक हो जायेगा।

बख्शे नहीं जायेंगे नाव दुर्घटना के जिम्मेवार


अररिया : अररिया के अनुमंडल पदाधिकारी डा. विनोद कुमार ने कहा है कि रामपुर में हुई नौका दुर्घटना मामले की पूरी जांच की जायेगी। इस घटना के लिए जिम्मेवार व्यक्ति को बख्शा नही जायेगा। उन्होंने कहा कि यह नाव सरकारी नही थी। नाव निजी थी तथा पंजीकृत नही थी। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रशासन का ध्यान बचाव पर लगा हुआ है, जल्द ही इस मामले की जांच की जायेगी। इसके बाद उचित कार्रवाई की जायेगी।

फूड फॉर वर्क व मनरेगा में आवंटित खाद्यान्न आपूर्ति की जांच प्रारंभ


अररिया : बिहार सरकार के ग्रामीण विकास के प्रधान सचिव के निर्देशानुसार वर्ष 2001 से 2006-07 के बीच चली फूड फॉर वर्क एवं संपूर्ण रोजगार गारंटी स्कीम के तहत आवंटित खाद्य सामग्री की जांच जिले में शुरू कर दी गई। जिसको लेकर जिन डीलरों द्वारा योजना की खाद्य सामग्री उठाव व वितरण की गई थी उनमें हड़कंप मच गई है। अररिया प्रखंड कार्यालय में प्रखंड विकास पदािधकारी नागेश्वर पासवान के निर्देश पर बुधवार से डीलरों द्वारा किये गये उठाव एवं वितरण की जांच कराई जा रही है। इस जांच से प्रथम दिन ही ऐसा प्रतीत होता है कि एक बहुत बड़ा घोटाला सामने आ सकता है। फाइले उठाव पंजी एवं वितरण पंजी को खंगाला जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार जिले के लगभग 40 डीलरों के द्वारा उठाव एवं वितरण किया गया। लेकिन दिलचस्प बात तो यह है कि उठाव का हिसाब तो स्पष्ट रूप से मिल रहा है लेकिन वितरण एवं अभिश्रव को लेकर डीलर की गला फसी नजर आ रही है। बहरहाल अभी जांच चल रहा है लेकिन प्रथम दृष्टा से ऐसा लगता है कि जिले का सबसे बड़ा घोटाला साबित हो सकता है। अररिया प्रखंड के बीडीओ श्री पासवान ने कहा कि दोषी डीलरों के खिलाफ सरकार को रिपोर्ट की जायेगी। तदउपरांत विभागीय निर्देशानुसार दोषी के विरुद्ध कार्यवाही की जायेगी। इधर डीलर संघ ने कहा कि पांच से दस साल पुराना मामला है। उस समय योजना के लिए अनाज का उठाव तो डीलर द्वारा होता था लेकिन वितरण डीडीसी के निर्देशानुसार उनके कनीय अभियंता द्वारा किया जता था तथा मास्टर राल भी वही भरते थे। डीलरों को कोई स्पष्ट मार्गदर्शन भी नहीं दिया गया था।

जोकीहाट: आज से शुरू होगा शपथ ग्रहण समारोह


जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड के कुल 27 पंचायतों के मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य एवं पंच सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह प्रखंड मुख्यालय में 15 से 21 जून के बीच होगा। जानकारी देते हुए बीडीओ मो. सिकंदर ने बताया कि इस दौरान उपमुखिया एवं उपसरपंच का भी चुनाव कराया जायेगा। साथ ही प्रतिदिन चार पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को शपथ दिलायी जायेगी।

एक पखवारे में 80 लाख की हुई विदेशी सुपारी बरामद


फारबिसगंज(अररिया) : भारत नेपाल सीमा पर हो रही तस्करी के खिलाफ कस्टम तथा एसएसबी को संयुक्त रूप से बीते 2 जून से 14 जून के दौरान करीब 80 लाख रूपये मूल्य की विदेशी सुपारी बरामद करने में सफलता मिली है। बीते दो जून को कस्टम ने किशनगंज जिला के कोचाधामन किशनपुर में 27 लाख रूपये का विदेशी सुपारी जब्त किय था। बीते नौ जून को अररिया जिला के पलासी प्रखंड में 27 लाख तथा पूर्णिया के गुलाबबाग में दो लाख रूपये का विदेशी सुपारी जब्त किया। दस जून को भी सुपारी बरामद हुआ फिर 14 जून जून को फारबिसगंज में दस लाख के विदेशी सुपारी ट्रेन से बरामद करने में सफलता पायी है।

अररिया में पीआरआई प्रतिनिधियों का शपथग्रहण प्रारंभ


-पहले दिन चार पंचायतों का हुआ शपथ ग्रहण
- उपमुखिया व उपसरपंच निर्विरोध चुने गये
अररिया, संवाद सहयोगी: अररिया प्रखंड के चार पंचायत शरणपुर, जमुआ, भोजपुर तरौना एवं साहसमल के नव निर्वाचित पीआरआई जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम मंगलवार को प्रखंड कार्यालय में संपन्न हुआ। चारों पंचायत के मुखिया एवं सरपंच ने अपनी पूरी टीम के साथ शपथ ग्रहण में भाग लिया। तत्पश्चात चारों पंचायत के उपमुखिया एवं उप सरपंच का चुनाव भी निर्विरोध हो गया। शरणपुर पंचायत में उपमुखिया गौरी देवी, उप सरपंच राम लखन सिंह, जमुआ पंचायत से सुशीला देवी, उपमुखिया एवं बुगन मंडल उप सरपंच बने, भोजपुर पंचायत से गणेश प्र. सिंह उपमुखिया व सुरेश विश्वास उप सरपंच बने जबकि साहसमल पंचायत में उपमुखिया सीता देवी एवं उपसरपंच परमानंद बने। प्रखंड विकास पदाधिकारी नागेंद्र पासवान ने बताया कि उपमुखिया व उपसरपंच पद पर चारो निर्वाचन निर्विरोध संपन्न हुए। मौके पर सभी वार्ड सदस्य, पंच, मुखिया, उपमुखिया, सरपंच व उपसरपंच को भी शपथ दिलाई गई।

रंगे हाथ पाकेटमार धराया


फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर सोमवार की संध्या मोबाइल चोरी करते एक पाकेटमार को आरपीएफ द्वारा रंगे हाथ पकड़ लिया गया। गिरफ्तार चोर सूरज कुमार सिंह अररिया आरएस के रहिका टोला निवासी बताया जाता है। आरपीएफ प्रभारी एहसान अली ने जानकारी देते हुए बताया कि पाकेटमार के पास से चोरी का चार मोबाइल बरामद किया गया। बरामद मोबाइल तथा पाकेटमार को जोगबनी जीआरपी थाना को सुपुर्द कर दिया गया।

जिप सदस्य ने सचिव से कूपन छीना,प्राथमिकी


कुर्साकांटा (अररिया) : प्रखंड के कमलदाहा गांव में कूपन वितरण के लिए गये ग्राम सचिव के साथ कुछ पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा दु‌र्व्यवहार किया गया है तथा कूपन भी नष्ट कर दिया गया है। कमलदाहा के ग्राम सचिव मो. रिजवान ने कुर्साकांटा थाना में इस आशय की प्राथमिकी सोमवार को दर्ज करायी है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार मो. रिजवान पंचायत में 300 कूपन लेकर वितरण के लिए जा रहे थे। वे ग्राम कचहरी के सचिव की प्रतीक्षा कर रहे थे कि कमलदाहा प्राथमिकी विद्यालय पोखर भिण्डा के निकट जिला पार्षद भाई उस्मान, पूर्व मुखिया पति फौजी अनवार, मो. अन्नू, मो. मजहर आदि करीब 20-25 लोग जबरन उनके हाथ से कूपन छीन लिये एवं फौजी अनवार लाइसेंसी हथियार लेकर गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। मो. रिजवान ने लिखित आवेदन देकर कांड संख्या 75/2011 दर्ज कर सरकारी संपत्ति को नष्ट करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज की है।

दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज


कुर्साकांटा (अररिया) : चार चक्का गाड़ी दहेज में नहीं देने पर एक विवाहिता को प्रताड़ित किये जाने का मामला कुआड़ी ओपी में सोमवार को दर्ज कराया गया है। गरैया गांव के मो. अफरोज की पत्‍‌नी असीदा खातुन ने अपने पति मो. अफरोज, सास कोरेसा, श्वसुर मो. श्रफुल, ननद आसमां खातुन, ननदोई कमरूज्जमा, भैंसूर मो. तबरेज आदि पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कांड संख्या 74/2011 दर्ज किया है। पीड़िता ने आवेदन के माध्यम से कहा है कि ससुराल वाले पिछले दो वर्षो से पिता से चार चक्का गाड़ी लाने या कीमत लाने के लिए उनके साथ मारपीट किया जा रहा है। ज्ञात हो पीड़िता का विवाह दस वर्ष पूर्व हुआ था।

भू विवाद में मारपीट,एक गिरफ्तार


कुर्साकांटा (अररिया) : सोनामनी गोदाम थाना क्षेत्र के ककुड़वा बस्ती में सोमवार को दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में दो व्यक्ति जख्मी हो गये। घायलों को कुर्साकांटा अस्पताल में भर्ती किया गया जहां से चिकित्सकों ने एक को पूर्णिया रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार सोनामनी ककुड़वा में जमीन विवाद को अनिल साह एवं सुलतान साह के साथ जमकर मारपीट हुई जिसमें अनिल साह घायल हो गया। अनिल साह के लिखित आवेदन पर उसी गांव के तीन व्यक्तियों को नामजद किया गया। वहीं दूसरी ओर सुलतान साह के लिखित आवेदन पर सात व्यक्तियों के विरुद्ध कांड संख्या 72/2011 दर्ज किया गया। पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज करने पहुंचे मो. सुलतान को गिरफ्तार कर लिया गया है।

विद्युत आपूर्ति की मांग को ले जोगबनी अनिश्चित काल के लिए बंद



जोगबनी (अररिया) : अनियमित विद्युत आपूर्ति से आक्रोशित उपभोक्ता आखिरकार आंदोलन पर उतर ही आये। उपभोक्ताओं ने संघर्ष समिति के बैनर तले भारत-नेपाल सीमा पर स्थित जोगबनी बाजार को सोमवार से अनिश्चितकाल के लिए बंद कर आवागमन को पूर्णत ठप्प कर दिया है। जिससे सीमा पर सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी है। उपभोक्ताओं का कहना है कि जब तक विभाग उनकी मांगों को नहीं मान लेता है तब तक आंदोलन वापस नहीं लिया जायेगा।
इधर, शाम को प्रशासन की ओर से फारबिसगंज के अंचलाधिकारी शिवशंकर प्रसाद ने आंदोलन कारियों से वार्ता की किंतु वे लाग आंदोलन वापस लेने पर तैयार नहीं हुए। आंदोलनकारियों ने सीओ को पांच सूत्री मांगों का एक ज्ञापन सौंपा है जिसमें नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल करने व जोगबनी का फिडर अलग करने आदि की मांग शामिल है।
अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर स्थित जोगबनी को सुरक्षा की दृष्टि से भाया नेपाल विद्युत आपूर्ति होती आ रही थी। लेकिन बाद में बिजली का विस्तारीकरण किया गया तब से नेपाल से आपूर्ति विद्युत को विच्छेदित कर फारबिसगंज से चालू किया गया। तब से जोगबनी विद्युत उपभोक्ताओं को अंधेरे में रहना नियति बन गयी है। इसी से आक्रोशित उपभोक्ताओं ने सोमवार से अनिश्चितकाल के लिए बाजार बंद कर आवागमन को ठप्प कर दिया है।
विद्युत उपभोक्ता संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय दुबे सदस्य दिनेश साह, प्रभात सिंह ने कहा कि अतिमहत्वपूर्ण सीमा होने के बावजूद विभाग द्वारा जोगबनी की उपेक्षा आश्चर्यजनक है। उन्होंने बताया कि जब तक विद्युत व्यवस्था सुचारु नहीं किया जाता है आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने मंगलवार से सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों के भी बंद किये जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो रेल चक्का को भी जाम किया जायेगा। इस मौके पर संघर्ष समिति के कमल तापडिया, मंटू भगत, रमेश चौधरी, फिरोज खान, जीतू साह, जुग्गू अग्रवाल, जुगनू, मोहन अग्रवाल, भरत यादव, विजय श्रीवास्तव, जावेद खान, मनोज साह सहित सैकड़ों उपभोक्ता आंदोलन को सफल बनाने में सक्रिय रहे।

मनोरंजन के नाम पर परोसी जा रही अपसंस्कृति, खेल का हाल खस्ता


अररिया : मैला आंचल में मनोरंजन के नाम पर अब अपसंस्कृति परोसी जा रही है। पारंपरिक लोक गाथाओं व गीत नाट्यों के धुन नहीं सुनायी देते। नैका बंजारा व विदापत विलुप्त हो चुके हैं। वहीं, खेलकूद के मामले में
भी हाल बदहाल है। प्रोत्साहन के अभाव में जिले की खेल प्रतिभा जंगल के फूल की तरह खिल कर जंगल में ही बिखर जाती हैं।
मनोरंजन: अश्लील व फूहड़ फिल्मों का प्रदर्शन धड़ल्ले से-
जिले में मनोरंजन के नाम पर अश्लील फिल्मों का धड़ल्ले से हो रहा है। सी ग्रेड की फिल्में हों तो एक बात है, यहां तो नाइट शो में ब्लू फिल्में भी दिखायी जा रही हैं।
मेलों के लिए विख्यात रहे अररिया जिले में नौटंकी जहां शहरी मध्यम वर्ग के मनोरंजन कर वैध साधन थी, वहीं, ग्रामीण इलाके में नैका बंजारा, बिहुला बिसहरी, दीना भदरी, सावित्री सत्यवान, घुघली घाटम, विदापत जैसे गीति नाट्यों का जोर था। इनसे न केवल स्वस्थ मनोरंजन होता था, जीवन के लिए जरूरी शिक्षा भी मिलती थी। लेकिन आधुनिकता के प्रवेश ने इस आंचलिक विरासत को छीन लिया है। अब ग्रामीण मेलों में अश्लील चित्रहार और बीएफ का तथा नेपाल सीमावर्ती गांवों में हौजी (जुअेबाजी)व कैसिनो का जोर है। वहीं, शहरी व ग्रामीण मध्यम वर्ग टीवी व डीवीडी के पास चिपक कर रह गया है।
सिनेमा घरों की हालत खस्ता - जिले के फारबिसगंज व अररिया सहित कुछ जगहों को छोड़ कर अन्य सभी स्थानों पर मनोरंजन के नाम पर भद्दा व खतरनाक मजाक हो रहा है। जमाना अब मल्टीप्लेक्स का आ गया है, लेकिन अररिया में आज भी टीन की छपरी, बांस की बल्ली व तिरपाल से बने सिनेमा घर अपना शो करते हैं।

दूसरे की पत्‍‌नी को इलू का मैसेज भेजना पड़ा महंगा


बसैटी (अररिया) : आई लव यू का प्रयोग करना कोई खराब बात नहीं, पर किसके लिए? निश्चित रूप से दूसरे की पत्‍‌नी के लिए तो नहीं ही। बस रमजान अली से यहीं गलती हो गयी। उसने अकमल की बीबी अकलीमा खातून को इलू (आइ लव यू) का एसएमएस भेज दिया। यह मामला बौंसी थाना क्षेत्र के एकड़ा गांव में सोमवार को घटित हुआ, जिसमें जम कर मारपीट हो गयी। इस घटना में दो लोग घायल हुए। थाना अध्यक्ष टुनटुन पासवान ने प्राथमिकी दर्ज कर इलाज के लिये दोनों घायलों को रानीगंज रेफरल अस्पताल भेज दिया है।
आवेदन में मो. अकमल का आरोप है कि गाव के ही रमजान अली ने उनकी बीबी अकलीमा खातुन के मोबाइल पर आई लव यू का मैसेज भेजा। इस संबंध में पूछने पर रमजानी व युसूफ आदि ने उसके साथ उल्टे मारपीट की तथा मवेशी खरीदने जा रहे उनके भाई सेराजुल हक की जेब से 51000 रु. छीन लिये।
भूमि विवाद को ले मारपीट, दो घायल
बसैटी: वही दूसरी घटना मे बौसी पंचायत के अररिया टोला गांव में जमीन संबंधी विवाद को लेकर जम कर मारपीट हुई।
इस संबंध में मसो. सावित्री देवी (जख्मी) के आवेदन पर रमेसर पासवान तथा कामेश्वर पासवान की पत्‍‌नी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई । थाना अध्यक्ष टुनटुन पासवान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

ट्रेन से गिरकर मौत


जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड के पथराबाड़ी पंचायत के हड़वा गांव निवासी मो. नौशाद, पिता मुश्ताक उर्फ मुसाई की दिल्ली जाने के क्रम में शुक्रवार की रात यूपी के टूंडला के निकट ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। सोमवार को नौशाद की लाश उनके पैतृक गांव हड़वा में लाकर कफन-दफन किया गया। उनकी मौत से परिजनों एवं रिश्तेदारों के बीच शोक का माहौल व्याप्त है। नौशाद की मौत पर दु:ख व्यक्त करने वालों में मो. ईशा अबुबकर, मोहीद्दीन, अश्फाक, जाबुल आदि शामिल हैं।