Saturday, April 16, 2011

बाबा साहब की जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रम


फारबिसगंज (अररिया) : डा. भीमराव अम्बेडकर जयंती के उपलक्ष्य में गुरुवार की संध्या नगर परिषद कार्यालय परिसर में कर्मचारी संघ के द्वारा संगोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संगोष्ठी की अध्यक्षता पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष जय प्रकाश अग्रवाल ने की। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नप मुख्य पार्षद वीणा देवी, विशिष्ट अतिथि डा. मंटू ठाकुर, वार्ड पार्षद शाद अहमद, भाजपा नेत्री रेणु वर्मा, विशेष आमंत्रित अतिथि प्रो. एनएल दास, राजेन्द्र प्रसाद साह, प्रो. मोती लाल शर्मा, जगदीश नारायण प्रसाद, सुरेन्द्र नाथ मिश्र आदि उपस्थित थे। संगोष्ठी के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन एवं संविधान निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके बताये मार्गो पर चलने की लोगों से अपील की। संगोष्ठी उपरांत भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीत संगीत की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। गायक राजेश कुमार, पंकज कुमार, सूरज कुमार सोनू के द्वारा प्रस्तुत नये-पुराने फिल्मी गीतों ने खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम के संयोजक सूरज कुमार सोनू रहे वहीं उद्घोषक की भूमिका चंद्रनाथ चंदन ने निभाई।

पोलियो अभियान में शिथिलता बरतने वाले पर होगी कार्रवाई


अररिया : आगामी पल्स पोलियो अभियान की सफलता को लेकर शुक्रवार को आत्मन कक्ष में जिला टास्क फोर्स की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता जिला पदाधिकारी एम. सरवणन ने की। बैठक में एसएमओ द्वारा पिछले राउंड का दिये गये विवरण में यह बात प्रकाश में आया कि अररिया प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में ट्रांजिट टीम के कार्य में काफी गिरावट आयी है तथा पिछले छह माह के दौरान अररिया, भरगामा, जोकीहाट, नरपतगंज, प्रखंड में फाल्स पी के मामले भी सामने आये हैं। एसएमओ ने यह भी बताया कि राउंड शुरू होने से पूर्व के प्रशिक्षण में भागीदारी काफी कम रहती है। गत मार्च माह में चलाये गये राउंड से पहले बुलाई गयी बीटीएफ की बैठक में अररिया, भरगामा, फारबिसगंज, जोकीहाट, रानीगंज, सिकटी की सीपीओ मौजूद नहीं थी।
बैठक को संबोधित करते हुए डीएम ने सभी सीडीपीओ को अपनी आदत में सुधार लाने की हिदायत दी। डीएम श्री सरवणन ने कहा कि पल्स पोलियों जैसे महत्वपूर्ण काम में भागीदारी नहीं निभाने वाले सीडीपीओ को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा। उन्होंने बैठक में दौरान ही कहा कि इसी मामले में जोकीहाट सीडीपीओ के विरुद्ध बर्खास्तगी की अनुशंसा आईसीडीएस निदेशक व राज्य स्वास्थ्य समिति के समक्ष कर दिया गया है। उन्होंने शिथिल सीडीपीओ के विरुद्ध डीपीओ तथा पोलियो ड्यूटी से लापरवाह रहने वाले प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश सीएस को दिया। माइक्रो प्लान की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि राउंड चलने से पूर्व ही इसे तैयार करना है। बैठक में डीएम ने जोकीहाट के चिकित्सा पदाधिकारी तथा रानीगंज सीडीपीओ को कड़ी फटकार लगायी। मौके पर स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई पदाधिकारी मौजूद थे।

सीएस साहब! बंद है अस्पताल का गहन चिकित्सा कक्ष


अररिया : जिलाधिकारी एम. सरवणन द्वारा जब एक माह पूर्व आपरेशन अस्पताल नाम अस्पतालों को सुधारने का दौरा शुरू किया था तो आम लोगों के मन में आस जगी थी, अब हास्पीटल सुधरेगा लेकिन अस्पताल की व्यवस्था ने मानो नहीं सुधरने की कसम खा ली है। प्रयासों के बावजूद गत आठ मार्च को प्रमंडलीय आयुक्त ब्रजेश मेहरोत्रा के समक्ष सदर अस्पताल की पोल खुल गयी थी। सदर अस्पताल में नवजात बच्चों की जान बचाने व उन्हें रोगों से मुक्ति दिलाने के लिए गहन चिकित्सा कक्ष (एसएनसीयू) कक्ष तो है, लेकिन यह प्राय: बंद रहता है। शुक्रवार को भी यह सुबह से बंद था और फाटक में ताला लटका था। इस संबंध में जब सिविल सर्जन से उनके मोबाइल से संपर्क किया गया तो उन्होंने रिसीव ही नही किया। तब जाकर अस्पताल के स्वास्थ्य प्रबंधक से दूरभाष पर वार्ता हुई। उन्होंने कहा कि बच्चे आते ही नही है। इसलिए बंद रहता है। उन्होंने कहा कि वहां बाकायदा स्वास्थ्यकर्मी की ड्यूटी लगी रहती है। लेकिन ठीक सदर अस्पताल गेट के सामने एक चिकित्सक के प्राईवेट क्लिनिक के गहन चिकित्सा केन्द्र में दर्जनों बच्चों की भीड़ देखी गयी। शुक्रवार को भी परिजनों की भीड़ थी। कुछ परिजनों ने बताया कि अस्पताल में तो बच्चा का इलाज करने या शीशा के बर्तन (इनक्यूबेटर) में रखने से इनकार करता है। लेकिन यहां सारी सुविधा वह भी कम शुल्क पर मिल जाती है। इस संबंध में आइसीयू प्रभारी डा. सत्यव‌र्द्धन ने बताया कि अस्पताल के आइसीयू में प्रशिक्षित कर्मी की कमी है तथा मशीन के पाट-पुर्जे भी कारगर नही हैं। इन सब बातों से स्पष्ट है कि हम नहीं सुधरेंगे की तर्ज पर अस्पताल में व्याप्त गड़बड़ी लगातार बढ़ती ही चली जा रही है। अस्पताल कर्मियों ने बिना नाम बताये हुए कहा कि यहां एक डाक्टर व एक नर्स का ही राज चलता है। उनके 'हुकुम' के बिना पत्ता भी नहीं..।

बस स्टैंड की दूसरी बंदोबस्ती में नप को उठाना पड़ा घाटा


अररिया : बहुत पुरानी कहावत है चौबे गये छब्बे बनने, दुबे बनकर लौटे। यही कहावत नगर परिषद में चरितार्थ हुई है। शुक्रवार को बस स्टैंड की बंदोबस्ती में विभाग को महज पंद्रह दिनों के भीतर एक लाख का घाटा हुआ। पिछले दिनों हुई डाक में प्रथम पक्ष ने 9 लाख तो दूसरे पक्ष ने 3.51 लाख की बोली लगायी थी। लेकिन नप कार्यपालक पदाधिकारी अनिल कुमार ने दोनों बोली में काफी असमानता को देखते हुये बंदोबस्ती की प्रक्रिया रद कर दी थी। कार्यपालक श्री कुमार ने इसकी जानकारी जिला पदाधिकारी को भी देकर उचित दिशा निर्देश की अपेक्षा की थी। आज जब दूसरी बंदोबस्ती की प्रक्रिया संपन्न करायी गयी तो प्रथम पक्ष ने अधिकतम 2.51 लाख की बोली लगायी। अन्तत: विभाग को प्रथम पक्ष को यह बंदोबस्ती करनी पड़ी। खास बात तो यह है कि बंदोबस्ती जिनके नाम की गयी, यही पक्ष प्रथम डाक में दूसरे पक्ष थे। उन्होंने प्रथम पक्ष के भाग जाने के बाद कार्यपालक श्री कुमार से दूसरे पक्ष के हक में बंदोबस्ती करने का अनुरोध भी किया था। लेकिन विभाग की मंशा ज्यादा कमाने की थी लेकिन हुआ उल्टा।

अवैध उगाही को लेकर छात्रों व अभिभावकों ने मचाया हंगामा


जोकीहाट(अररिया) : प्रखंड के मध्य विद्यालय उखवां में मुख्यमंत्री पोशाक राशि वितरण के एवज में प्रति छात्र पचास रूपये वसूले जाने के खिलाफ शुक्रवार को लेकर छात्रों एवं अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में बवाल काटा। आंदोलन कर रहे छात्र छात्राओं में प्रीती, निकहत, काजल, पायल, सुनील, संजीव एवं अभिभावक राजेश कुमार, नीतीश कुमार, शंकर चौधरी आदि ने बताया कि अवैध राशि दिये जाने से मना करने पर प्रधानाध्यापक मो. मोजाहिद आलम झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकी देते हैं। प्रधानाध्यापक की मनमानी से विद्यालय में पठन पाठन एवं एमडीएम की व्यवस्था चरमराई हुई है। वहीं इस संबंध में पूछने पर प्रधानाध्यापक मोजाहिद आलम ने आरोप को निराधार बताया।

महिला ने किया विषपान


कुसियारगांव (अररिया) : पलासी थाना क्षेत्र के चहट पुर गांव निवासी नियाक्त हुसैन की पत्‍‌नी बीबी जेबुनिया घरेलू विवाद के कारण शुक्रवार को विषपान कर ली। परिजनों के द्वारा इलाज के लिए तत्काल रेफरल अस्पताल जोकीहाट में भर्ती करवाया गया। स्थिति नाजुक देख चिकित्सक ने इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया कर दिया जहां महिला की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।

आरटीओ के तहत मांगी जानकारी


अररिया : वार्ड न. 18 व 19 में स्टेशन रोड स्थित नाको के घर से मसूद मास्टर के घर तक हो रहे नाला निर्माण की जानकारी सूचना अधिकार अधिनियम के तहत मांगी गयी है। जिला कांग्रेस पार्टी के महासचिव सह वार्ड न. 18 के पूर्व वार्ड आयुक्त अब्दुल मन्नान अंसारी ने नगर परिषद अररिया के कार्यपालक पदाधिकारी से यह सूचना मांगी है।

स्कूली बच्चों ने समाहरणालय पर किया प्रदर्शन


अररिया : डीएम अंकल! तीन माह से हमलोगों के स्कूल में मध्याह्न भोजन बंद है,प्लीज आप ही कुछ करिये..। ये गुहार है दर्जनों बच्चों की, जो एमडीएम की शिकायत लेकर शुक्रवार को समाहरणालय पहुंचे थे। शुक्रवार को जोकीहाट प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय रानी, पथराबाड़ी के सैकड़ों स्कूली बच्चे अपने अभिभावकों के साथ हेडमास्टर का पुतला लेकर समाहरणालय पहुंच कर प्रदर्शन किया। वे लोग स्कूल के हेडमास्टर मंजूर आलम के खिलाफ नारेबाजी भी कर रहे थे। स्कूली बच्चों का आरोप था कि स्कूल में पिछले तीन माह से एमडीएम योजना बंद है तथा पोशाक राशि का भी वितरण अभी तक नहीं किया गया है। बच्चों के साथ आये अभिभावकों ने बताया कि जब भी इस विषय में हेडमास्टर से पूछा जाता है तो वे बच्चों को कमरा में बंद कर पिटाई करने के साथ-साथ स्कूल से नाम काटने की धमकी भी देते हैं। बाद में डीएम के निर्देश पर डीएसई अहसन स्वयं समाहरणालय पहुंचे प्रदर्शन कर रहे बच्चों को समझा-बुझाकर शांत कराया। डीएसई अहसन ने फौरन दूरभाष पर जोकीहाट बीईओ को इस संबंध मेंजांच का निर्देश दिया। डीएसई अहसन ने कहा कि आरोप साबित होने पर उक्त प्रधानाध्यापक को निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई की जायेगी।

वाहन दुर्घटना में महिला की मौत, आधा दर्जन जख्मी


कुसियारगांव (अररिया) : आरएस ओपी क्षेत्र के डोरिया चौक के समीप शुक्रवार को तेज रफ्तार से आ रही एक टेंपो के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के कारण उस पर सवार एक महिला की मौत हो गयी। जबकि आधा दर्जन यात्री जख्मी हो गये। स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया है। जिसमें एक महिला की मौत इलाज के दौरान सदर अस्पताल में हो गया। जानकारी के अनुसार एक टेंपो फारबिसगंज की ओर से आ रही थी कि डोरिया चौक के समीप अचानक पलट गई। जिससे उस पर सवार आधा दर्जन यात्री घायल हो गये। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां बीबी बतिसन 55 वर्षीय की मौत हो गयी। घायलों में अब्दुल वारिक, अब्दुल वसिक, अब्दुल रहमत आदि शामिल हैं जो सभी अररिया आ रहे थे। सभी घायल समदा ब डोरिया सोनापुर निवासी बताये गये हैं।

शादी का प्रलोभन दे किया दुष्कर्म, युवक गिरफ्तार


कुसियारगांव (अररिया) : अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दुष्कर्म के दो मामले प्रकाश में आये है। जिसे मेडिकल जांच के लिए शुक्रवार को सदर अस्पताल अररिया लाया गया। जिसमें एक पीड़िता मां बनने वाली है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार भी कर लिया है। जानकारी अनुसार जोकीहाट थाना क्षेत्र के गैरकी टोला फरसा डांगी में शादी का प्रलोभन दे गांव के ही मो. तबारक के पुत्र मो. आफताब ने तबस्सुम (काल्पनिक नाम) का लगातार यौन शोषण किया। गर्भवती होने पर उसने शादी से इंकार कर दिया। इसको लेकर गांव में कई बार पंचायत भी हुई पर युवक ने शादी से इंकार कर दिया। वहीं पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दूसरी घटना रानीगंज थाना क्षेत्र के कौशकी पुर गांव में हुई जहां रंजू कुमारी (काल्पनिक नाम) के साथ गांव के ही युवक ने दुष्कर्म किया है। दोनों का मेडिकल जांच कराया गया है।

हरे रामा हरे कृष्णा की चहुंओर गूंज


बसैटी (अररिया) : बौसी थाना परिसर में स्थित बजरंग वली मंदिर में हरे रामा- हरे कृष्णा की धुन चहुं ओर गूंज रही है। विगत तीन दिनों से चले आ रहे अष्टयाम को देखने दूर-दूर से काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित है। वही समोल, लकुनवा, धोबिनिया सहित दो दर्जन से अधिक कीर्तन मंडली अपने-अपने टीम के साथ पहुंचकर अपनी अदाओं से तथा मधुर अवाजों से हरे रामा, हरे कृष्णा की धुन गाकर उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्र मुग्ध कर रहे है। इस संकीर्तन को देखने व सुनने के लिये मुस्लिम समुदाय के लोग भी काफी संख्या में उपस्थित थे। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सह बौसी थाना प्रभारी टुन-टुन पासवान व पुजारी टिका झा ने बताया कि बुधवार से अष्टयाम शुरू हुआ है जो शनिवार तक चलेगा इससे पूर्व मंगलवार को रामायण पाठ किया गया था। इस अवसर पर मेला का भी आयोजन किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में थाना क्षेत्र के ग्रामीणों का सराहनीय योगदान है।

अग्निकांड में एक लाख की संपत्ति राख


कुर्साकाटा(अररिया) : कुर्साकाटा थाना क्षेत्र के महेशखूंट गांव में गुरूवार की रात आग लगने से एक परिवार का चार घर जल गये जिसमें एक लाख से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गयी। अग्नि पीड़ित माथुर सिंह ने बताया कि आग मवेशी के गुहाल से उठी और देखते ही देखते सभी घरों को चपेट में ले लिया।

हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बंगला नववर्ष


फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज में बंगला समुदाय के लोगों ने शुक्रवार को बंगला नववर्ष हर्षोल्लास पूर्वक मनाया। इस अवसर पर बांग्ला भाषी लोगों ने विभिन्न मंदिरों में पूजा अर्चना की तथा एक-दूसरे को साधुवाद दिया।
वहीं स्थानीय बंगाली संकीर्तन समाज के लोगों ने इस अवसर पर प्रात: काल कीर्तन यात्रा भी निकाली। जिसमें शामिल महिलाओं व पुरूषों ने श्रद्धालु हरे राम हरे कृष्ण के जयघोष के साथ विभिन्न इलाकों का भ्रमण किया। नगर भ्रमण के बाद यह यात्रा वापस पटेल चौक, काली मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुआ। नववर्ष की मंगल बेला में बंगला समुदाय के लोगों ने मंगलकामना को ले प्रार्थनाएं भी की। परंपरानुसार साल के प्रथम दिन बाग्ला समुदाय के लोगों के घरों में तरह तरह के व्यंजन बनाये जाते हैं जिसका खासकर बच्चों ने काफी लुत्फ उठाया।

क्रिकेट खेलने के दौरान दो पक्षों में मारपीट, आधा दर्जन जख्मी


फारबिसगंज (अररिया) : शहर के पोखर बस्ती के समीप गुरुवार को क्रिकेट खेलने के दौरान दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में करीब आधा दर्जन लोग जख्मी हो गये। घायलों का इलाज फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में कराया गया। घायलों में नेपाल के रंगेली निवासी मो. जावेद (22), जोगबनी निवासी मो. कैसर (21), गुदरी मोहल्ला निवासी पिंटू (25) सहित अन्य शामिल हैं। जानकारी के अनुसार बस्ती में एक मैदान पर बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी क्रम में कुछ युवक भी वहां पहुंचे तथा वे लोग भी क्रिकेट खेलना चाह रहे थे। इसी दौरान युवकों के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया जिसके बाद मारपीट की नौबत आ गई। घायलों में शामिल कुछ युवक स्थानीय बस्ती में मेहमान बनकर आये हुए थे। पुलिस मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

संरक्षित जीव शाही का किया गैर कानूनी शिकार


फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड के ढ़ोलबज्जा पंचायत में बुधवार को संरक्षित जीव दो शाही का गैर कानूनी शिकार किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। जानकारी के अनुसार जंगल से भाग कर आये शाही के एक जोड़े को कुछ ग्रामीणों ने शिकार कर लिया और चंपत हो गये। मारे गये शाही को शिकार को देखने के लिये ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। जानकारी के अनुसार क्षेत्र में काफी कम संख्या में कांटेदार शाही जीव मौजूद रह गये हैं। जिसका शिकार गैर कानूनी घोषित कर दिया गया है। बावजूद लोगों ने दो शाही को मार गिराया और वन विभाग को भनक तक नहीं लगी। शिकार करने के बाद मृत जीव को कहां ले जाया गया इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। जबकि ग्रामीण क्षेत्र में संरक्षित जीव शाही के शिकार को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

महावीर जयंती आज, तैयारी पूरी


फारबिसगंज (अररिया) : भगवान महावीर स्वामी की जयंती पर 16 अप्रैल को आयोजित होने वाली जयंती समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। जैन धर्मावलंबियों द्वारा श्रमण भगवान महावीर जयंती समारोह का आयोजन स्थानीय तेरापंथ भवन (महावीर भवन) में किया गया है। जिसके तहत समारोह स्थल से शनिवार की सुबह शहर में प्रभात फेरी निकाली जायेगी। जबकि दिन में संगोष्ठी व भजन संध्या का आयोजन किया गया है।

पारिश्रमिक भुगतान के लिए बीएलओ ने किया प्रदर्शन


बसैटी (अररिया) : रानीगंज प्रखंड परिसर में शुक्रवार को बीएलओ के कार्य में लगे प्रतिनियोजित शिक्षकों ने पारिश्रमिक भुगतान की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। बीएलओ मो. रिजवान आलम, विन्देश्वर झा, पवन कुमार आदि ने बताया कि पिछले विधान सभा के चुनाव से अबतक पारश्रमिक का भुगतान नहीं किया गया है। प्रखंड कर्मियों द्वारा बार-बार बुलाकर परेशान किया जाता है। आज भी भुगतान करने की बात कही गई थी। जबकि प्रखंड में राशि उपलब्ध है। आक्रोशित बीएलओ ने कहा कि इस संबंध जिला पदाधिकारी को आवेदन भेजा जा रहा है। इधर बीडीओ चंद्रमा राम पंचायत चुनाव कार्य के कारण प्रखंड से अनुपस्थित रहने के कारण उन्होंने दूरभाष पर शीघ्र वितरण करने का आश्वासन दिया।

क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय ने मनायी बाबा साहब की जयंती


फारबिसगंज (अररिया) : भारत सरकार सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय की फारबिसगंज इकाई द्वारा डा. भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह का आयोजन गुरुवार को फारबिसगंज के बधुआ गांव में किया गया। इस अवसर पर विभाग के निदेशक एवं भारतीय सूचना सेवा के वरिष्ठ अधिकारी एसके मालवीय, एसएसबी सेनानायक एकेसी सिंह, स्वतंत्रता सेनानी भृगुनाथ शर्मा, फिरोज अहमद, पुलिस निरीक्षक, क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी नवल किशोर झा, जागरण कल्याण भारती के अध्यक्ष संजय कुमार सहित कई गणमान्य लोगों ने बाबा साहब के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित किया।
इस अवसर पर बोलते हुए निदेशक एसके मालवीय ने लोगों को कहा कि बाबा साहब ने अपना सारा जीवन दबे कुचले लोगों की समाज में उचित स्थान दिलाने में लगा दी। वहीं, संविधान के निर्माण में उनके योगदान को देश कभी भुला नही सकता। एसएसबी सेनानायक श्री सिंह ने कहा कि बाबा साहेब इस युग के भगवान थे। इस मौके पर क्षेत्र प्रचार अधिकारी नवल किशोर झा, संजय कुमार आदि ने बाबा साहेब के विचारों को रखते हुए उनके जीवन पर संक्षिप्त प्रकाश डाला।

Friday, April 15, 2011

ठनका गिरने से मजदूर की मौत


अररिया/कुसियारगांव : अररिया बैरगाछी ओपी क्षेत्र के मानिकपुर में गुरुवार को ठनका गिरने से 50 वर्षीय मजदूर मो. शकूर की मौत हो गयी एवं एक बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी बच्चे को चिकित्सा के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी अनुसार शकुर आंधी शुरू होने के बाद अपने घर में बैठे थे। इसी बीच घर के बगल स्थित एक वृक्ष की टहनी को तोड़ते हुये ठनका उनके घर पर ही गिर गया। जिससे उनकी तत्क्षण मौत हो गयी। मुखिया प्रतिनिधि मो. वसीकुर रहमान ने घटना की पुष्टि की है।

भाजपा की ओलापीड़ित किसानों को क्षतिपूर्ति देने की मांग


अररिया : फारबिसगंज एवं आसपास के क्षेत्रों में ओलावृष्टि से व्यापक क्षति से पीड़ित किसानों को मुआवजा देने की मांग भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार से की है। भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक कुमार भगत ने बताया कि लगतार तीन बार कुदरती प्रकोप से किसानों की स्थिति चरमरा गयी है। विपदा की इस घड़ी में यदि किसानों को क्षतिपूर्ति नहीं मिलती है तो वे दाने-दाने को मोहताज हो जायेंगे। अध्यक्ष श्री भगत ने बताया कि ओला वृष्टि से जिले के कई प्रखंडो में किसानों के गेहूं की काफी क्षति हुई है। गत माह ओला वृष्टि ने खेत में गेहूं के पौधे को बर्बाद किया तो इस बार पके गेहूं की बालियों को तोड़ डाला।

कार्यशाला में मिली अध्यापन तकनीक की जानकारी


सिकटी (अररिया) : बीईपी (इग्नू) द्वारा संचालित माड्यूल सत्र 2009-11 का 12 दिवसीय गैर आवासीय कार्यशाला का समापन मवि बरदाहा में बुधवार को किया गया।
कार्यशाला प्रभारी सह काउंसलर राकेश कु. सुब्बा ने बताया कि वर्कशाप में शिक्षकों को पाठ योजना निर्माण, सूक्ष्म अध्यापन तकनीक, बाल केन्द्रित शिक्षण, नवाचारी शिक्षा और शिक्षण में उनका उपयोग पाठ, चर्चा निर्माण और सिद्धांत आदि विषयों पर बताया गया।
समापन समारोह में बीईओ धनंजय सिंह, काउंसलर परमानंद चौधरी, शिक्षक गिरानंद रजक, राजेश मिश्र, सत्य नारायण मंडल, कन्हैया मंडल सहित अन्य उपस्थित थे। कार्यशाला में इस सत्र के कुल 137 प्रशिक्षु शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया।

एस ड्राइव में 45 वारंटी गिरफ्तार


अररिया : चुनाव के मौके पर लगातार चलाये जा रहे समकालीन अभियान के तहत जिले के विभिन्न थानों की पुलिस ने बुधवार की रात 45 वारंटियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार वारंटियों एक दर्जन आरोपियों को रिकाल पर रिहा कर दिया गया। जबकि शेष को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वारंटियों में कई अभियुक्त डकैती कांड के भी बताये जा रहे है। गिरफ्तारी में नगर थाना पुलिस ने 6 ताराबाड़ी-1, बैरगाछी-1, आरएस 2, जोकीहाट-1, पलासी-2, सिकटी- 6, सिमराहा-7, जोगबनी- 1, कुर्साकांटा- 5, सोनामनी गोदाम- 2, कुआड़ी-1, रानीगंज- 4, बौसी-2, भरगामा-1, नरपतगंज-1, फुलकाहा एवं बसमतिया पुलिस ने एक वारंटी को गिरफ्तार किया है।

वार्षिकोत्सव पर सांस्कृतिक कार्यक्रम


अररिया : अलशम्स एकेडमी अररिया में गुरुवार को एक समारोह आयोजित कर वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, क्विज, भाषण एवं अन्य प्रतियोगिता आयोजित किया गया। समारोह का विधिवत उद्घाटन बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मो. हासिम ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में आजाद एकेडमी के पूर्व प्रधानाध्यापक मो. हलीम, मुफ्ती अलीमउद्दीन, मतलुब आलम उपस्थित थे। इस मौके पर वक्ताओं ने बच्चे के भविष्य की कामना की और कहा कि बच्चे देश के धरोहर है। समारोह में स्कूल के टापर सालिक आजम को मुख्य अतिथि के हाथों पुरस्कार दिया गया। इसके बाद स्कूल परिसर में ही हिंदी, उर्दू, अरबी, इंगलिश एवं अन्य भाषाओं में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। क्विज प्रतियोगिता के बाद बच्चों ने गीत, गजल, नाटक आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल के शिक्षक मो. यूनुस, अफजल अहमद, नवाजिश आलम, मुजफ्फर हासमी, गजाला प्रवीण, आबदा तब्बुस, परवेज आलम आदि महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। मंच का संचालन शहनवाज गाजी कर रहे थे।

महिला समेत तीन ने किया विषपान


कुसियारगांव (अररिया) : 24 घंटे के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के कारण एक महिला समेत तीन लोगों ने विषपान कर लिया। इसमें एक अपने ही घर में गले में फंदा डालकर झूल गया। सभी पीड़ितों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं एक को चिकित्सक ने पूर्णिया रेफर कर दिया। घटना को लेकर सूचना थाना को भेज दिया गया है। पीडि़तों में पलासी थाना क्षेत्र के कुजड़ी निवासी मंगल मुर्मू की विवाहिता पुत्री लीली हेम्रम, नगर थाना क्षेत्र के ककोरवा निवासी सरबर आलम ने विषपान कर लिया। वहीं सिमराहा थाना क्षेत्र के बोकड़ा टोला डोरिया सोनापुर गांव निवासी मो. आसिक ने गले में फंदा डाल घर में ही लटक गया।

अष्टयाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


जोकीहाट(अररिया) : प्रखंड के जहानपुर चौक स्थित बजरंग बली मंदिर परिसर में चल रहे 96 घंटे का अष्टयाम के तीसरे दिन गुरूवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। अष्टयाम में कुल बारह कीर्तन मंडली शामिल हुए हैं। कार्यालय प्रवक्ता मुन्ना ठाकुर ने बताया कि अष्टयाम के समापन पर भव्य जुलूस व शोभा यात्रा निकाली जायेगी।

विधवा ने देवर व ससुर के खिलाफ करायी प्राथमिकी


जोकीहाट(अररिया) : देवर से नाजायज संबंध बनाने के लिए एक विधवा को प्रताड़ित किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस क्रम में विधवा को चाकू से प्रहार कर घायल भी कर दिया गया है। विधवा ने अपने देवर और ससुर के खिलाफ महलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है। उसका ससुर किशनलाल ततमा उसी थाना में चौकीदार है। किशनलाल ततमा की विधवा बहू राधा देवी ने महलगांव थाना में अपने ससुर किशनलाल ततमा एवं देवर राजू ततमा पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराया है। प्राथमिकी के अनुसार देवर द्वारा विधवा भाभी पर लगातार यौन शोषण के लिए दबाव डाल रहा था। भाभी राधा देवी के इंकार करने पर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था। 10 अप्रैल को ससुर और देवर ने मामूली विवाद में उसे चाकू से प्रहार कर घायल कर दिया। महलगांव पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ओला वृष्टि व तूफान से हुई क्षति का आकलन शुरू


नरपतगंज (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र में ओलावृष्टि व तूफान से रबी फसल के अलावा निजी मकान व स्कूल भवनों को भी भारी क्षति पहुंची है। हालांकि पंचायतों में हुई क्षति का सर्वेक्षण प्रखंड प्रशासन की ओर से शुरू कर दिया गया है। बीडीओ अरुण कुमार यादव से मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल क्षतिग्रस्त पंचायतों में कुल 6750 मकान क्षति होने की सूचना मिली है। जिसमें सबसे अधिक क्षति पोसदाहा पंचायत में हुआ है। उधर, प्रखंड उप प्रमुख मनोज यादव, पोसदाहा पंचायत के नेता आशीष कुमार व जदयू के पूर्व जिला अध्यक्ष अनन्त कुमार राय ने पोसदाहा पंचायत के पीड़ित ग्रामीणों को शीघ्र मुआवजा दिये जाने की मांग उठायी है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी आमी चन्द राम से मिली जानकारी के अनुसार प्रखंड क्षेत्र के कई विद्यालयों के मकान गिर गए हैं। वहीं कई विद्यालय के किचन शेड के टीन उड़ गये हैं। साथ ही तूफान के कारण बिजली के खंभे एवं तार के गिर जाने से विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। जिससे काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

शोभा यात्रा के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन


फारबिसगंज(अररिया) : स्थानीय कोठी हाट रोड केसरी टोला में विगत 4 अप्रैल से चल रहे विष्णु विराट रूप दर्शन सह मानव कल्याणार्थ आयोजित ग्यारह दिवसीय यज्ञ का समापन गुरूवार को विधि विधान पूर्वक एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
विसर्जन पूजनोपरांत भगवान विष्णु सहित अन्य देवी देवताओं के आकर्षक प्रतिमाओं के साथ आयोजक समिति के तत्वावधान में एक भव्य विसर्जन शोभा यात्रा निकाली गयी। बैंड बाजा की धुन के बीच गगनभेदी जयघोष के साथ यह शोभा यात्रा नगर के प्रमुख मार्गो से होती हुई विसर्जन स्थल पहुंची।
इस अवसर पर रामकुमार केसरी, श्यामसुंदर अग्रवाल, मनचन केसरी, हरि धनावत, मनोज चौधरी, संजय केसरी, हरिराम अग्रवाल,ओम प्रकाश केसरी, विनोद धनावत, सूर्य नारायण केसरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु गण उपस्थित थे।

जयंती पर याद किये गये बाबा साहब


अररिया/फारबिसगंज/रानीगंज/नरपतगंज : संविधान निर्माता भारत रत्‍‌न डा. भीम राव अम्बेडकर की जयंती जिले में श्रद्धा पूर्वक मनायी गयी। जिला मुख्यालय स्थित अम्बेडकर चौक पर स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर अनुसूचित जाति जनजाति कर्मचारी संघ के कार्यकर्ताओं ने समारोह आयोजित कर माल्यार्पण किया। जयंती समारोह में वक्ताओं ने उनके जीवनी व व्यक्तित्व पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में संघ के जिलाध्यक्ष देवेंद्र राम, सचिव अखिलेश्वर कुमार, कोषाध्यक्ष रणवीर पासवान, संयुक्त सचिव सूर्यानंद दास, मनीष चौधरी, नागेन्द्र पासवान, जयप्रकाश पासवान, विद्यानंद पासवान सहित आदि मौजूद थे।
वहीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की जिला इकाई द्वारा इसे समरसता दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर स्थानीय महिला महाविद्यालय में पुरस्कार वितरण का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन अभाविप के बिहार प्रदेश मंत्री प्रवीण कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन नगर मंत्री कुणाल प्रियदर्शी ने किया। जबकि अध्यक्षता जिला प्रमुख एमपी सिंह ने किया। समारोह में जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर नगर उपाध्यक्ष वीरेन्द्र मिश्रा, शिशिर राय,, अनिल कुमार, दीपा कुमारी, सोनी कुमारी, अश्वनी, सीमा, नेहा, गोलू, सोनू, लाल जी, कृष्णा आदि सैकड़ों की संख्या में छात्र व छात्रा उपस्थित थे। वहीं
जिला मुख्यालय स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय जयप्रकाश नगर में गुरूवार को बाबा साहब की जयंती पर बच्चियों के बीच भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
भाषण प्रतियोगिता में पूजा कुमारी प्रथम, डोली द्वितीय एवं रूचि व आयशा ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक महमुदुन नवी, गीता कुमारी, आराधना यादव, सोनी कुमारी, निम्मी, रूही, रूबी के अलावा कैलाश ऋषिदेव एवं अशोक ऋषिदेव मौजूद थे।
फारबिसगंज से हप्र के अनुसार अभाविप फारबिसगंज नगर इकाई द्वारा गुरूवार को महिला महाविद्यालय में बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर की जयंती मनायी गयी। परिषद के प्रांतीय सदस्य आशीष देवराज ने कार्यक्रम का शुभारंभ अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला संयोजक मनोरंजन मेहता, नगर उपाध्यक्ष ज्योतिष चंद्र साहा, नगर मंत्री अरविंद राज, अभिषेक यादव, विवेकानंद सिंह, आशीष छोटू, सतीश मेहता, महेश यादव, पंकज व कालेज कर्मी अवधेश कुमार, रामदास, रामानंद व अरविंद राज आदि उपस्थित थे। फारबिसगंज निप्र के अनुसार फारबिसगंज में नगर परिषद कर्मचारी संघ द्वारा गोढियारे चौक पर स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया। इससे पूर्व नगर परिषद कर्मियों द्वारा नप कार्यालय से एक जुलूस निकाला गया जो नगर का भ्रमण करते हुए प्रतिमा स्थल पर जाकर संपन्न हुआ। जुलूस में मुख्य पार्षद वीणा देवी, वार्ड पार्षद अरविंद यादव, बबिता पूर्वे गणेश राम, संघ के सचिव सूरज कुमार सोनू, महासंघ के उप महामंत्री सुरेन्द्र नाथ मिश्र, अमरनाथ झा, महेश राम, सुशील राम, रामचंद्र राम सहित दर्जनों की संख्या में नप के कर्मचारी गण उपस्थित थे।
रानीगंज जाप्र के अनुसार अभाविप के तत्वावधान में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती सर्चलाइट कोचिंग सेंटर के प्रांगण में मनायी गयी। नगर कोष प्रमुख कार्तिक कुमार झा ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर चित्र के सम्मुख दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नगर सह मंत्री पंकज कुमार, राकेश कुमार राजू, कृष्ण कुमार भारती, मनीष कुमार, सुरेश शर्मा, प्रेम कुमार, जयप्रकाश सादा, साहिद, सोनू आदि उपस्थित थे। नरपतगंज जाटी के अनुसार अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के कर्मचारी संघ द्वारा उच्च विद्यालय नरपतगंज के प्रांगण में बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर की जयंती मनायी गयी। लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किये। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष धर्मदेव पासवान तथा संचालन बृजेश कुमार ने की। इस अवसर पर युवराज पासवान, रामानंद पासवान, गुणानंद राम, दयानंद पासवान, उमेश कुमार, शिवशंकर, सुरेन्द्र, रमेश, बद्री बिहारी, अशोक कुमार आदि मौजूद थे।

मारपीट में महिला सहित दो घायल


कुसियारगांव (अररिया), : भूमि विवाद के कारण रानीगंज थाना क्षेत्र के खरहट पंडित टोला में गुरुवार को दो पक्षों के बीच जमकर धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया। जिसमें एक महिला समेत दो लोग बुरी तरह जख्मी हो गये। वहीं, एक की भरपूर पिटाई भी की गयी, जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया है। घटना को ले अस्पताल प्रशासन द्वारा थाना को सूचना भेज दी गयी है जानकारी के अनुसार पड़ोसी द्वारा जबरन बांस काटने से रोकने पर वीणा देवी के पुत्र मिथिलेश कुमार पंडित को दबिया से मार कर बुरी तरह जख्मी कर दिया तथा उसे बचाने गये शिव नारायण पंडित की भरपूर पिटाई कर दी गयी।

तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश ने बढ़ाई तूफान पीडि़तों की समस्या


फारबिसगंज (अररिया) : चक्रवाती तूफान व ओलावृष्टि के कहर से सहमें लोगों के लिए गुरुवार का दिन और भी भारी पड़ा। सुबह तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश ने तूफान पीड़ितों की रही-सही कसर को भी पूरी कर दी। तूफान की चपेट में आये सैकड़ों बेघर परिवार मूसलाधार बारिश के समय टकटकी आंखों से अपने धराशायी हो चुके घरों में रखे सामानों की भींगता हुआ देखते रहे। किसी तरह प्लास्टिक आदि का छप्पर लगाकर घरों में रह रहे पीड़ित परिवार प्रकृति के बेरूखी के आगे विवश नजर आये। जानकारी के अनुसार गुरूवार को हुई मूसलाधार बारिश के कारण खेतों में रही सही फसलों को भी अपनी चपेट में ले लिया है। प्रखंड के प्रभावित पंचायतों सहित नगर में भी गुरुवार को तेज हवाओं के साथ हुई मूसलधार बारिश से भी आंशिक क्षति होने की संभावना है। गौरतलब हो कि गत मंगलवार को फारबिसगंज अनुमंडल के नगरीय एवं ग्रामीण इलाकों में आये चक्रवाती तूफान और ओलावृष्टि से फारबिसगंज नगर के अलावा ग्रामीण इलाकों के सेकड़ों लोगों को बेघर कर दिया था। वही फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचाया था। इधर तूफान पीड़ित एक के बाद एक प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे हैं। इधर पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से तूफान क्षति का शीघ्र आकलन कर राहत एवं मुआवजा देने का मांग की है।

शिक्षिका ने बनाया सरकारी भूमि पर मुर्गी फार्म, कार्रवाई का आदेश


अररिया : सरकारी स्कूल की एक शिक्षिका द्वारा नगर परिषद व गैर मजरूआ जमीन पर जबरन मुर्गी फार्म बनाने का एक मामला प्रकाश में आया है। सूचना मिलने पर जिला पदाधिकारी एम. सरवणन ने फौरन एक्शन लेते हुए उक्त शिक्षिका के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश डीएसई को दिया है। साथ हीं नगर परिषद अररिया के कार्यपालक पदाधिकारी को उक्त अतिक्रमित जमीन खाली कराने का आदेश दिया है।
जानकारी के अनुसार अररिया आरएस स्थित कन्या मध्य विद्यालय आरएस की सहायक शिक्षिका रामपरी देवी द्वारा बैजनाथपुर मोजा अंतर्गत आरएस खाता 339, 340 खेसरा 235, 236 की भूमि पर मुर्गी फार्म बना लिया है। नप के कर संग्रहकर्ता द्वारा दिये गये प्रतिवेदन पर कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा काम रोकने का आदेश उक्त शिक्षिका को दिया गया था। लेकिन उन्होंने कार्य बंद नही किया। इस पूरे मामले की रिपोर्ट नप के कार्यपालक पदाधिकारी ने डीएम को सौंपी थी। जिसके आधार पर डीएम ने उक्त शिक्षिका के विरुद्ध कार्रवाई करने का फरमान जारी किया है।

विषाक्त बिस्कुट खाने से मरने वालों की संख्या हुई दो


फारबिसगंज(अररिया) : सिमराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिस्कुट खाने के मामले में एक और बच्ची की मौत हो गई। विषाक्त बिस्कुट खाने से मरने वाली लड़कियों की संख्या दो हो गई है। मृतकों में मिर्जापुर निवासी गुलाब ऋषिदेव की पुत्री लक्ष्मीनियां कुमारी (10) तथा शांबिका कुमारी (5) शामिल हैं। जबकि तीन अन्य बीमार लड़कियों की हालत स्थिर बतायी जा रही है।
मिर्जापुर कोठी के खोपड़िया बस्ती के वार्ड संख्या नौ में स्थानीय एक दुकान से बिस्कुट लेकर खाने से दो महादिलत परिवारों की तीन से दस वर्ष तक की पांच लड़कियां गंभीर रूप से बीमार पड़ गयी थी। सभी को बुधवार की संध्या फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां लक्ष्मीनियां की मौत हो गई। जबकि प्राथमिक उपचार के बाद चार को पूर्णिया रेफर कर दिया गया था। इसमें से शांबिका ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बीमारों में गुलाब ऋषिदेव की ही पुत्री अंबिका कुमारी (7), रानी कुमारी (3) तथा शंकर ऋषिदेव की पुत्री भारती कुमारी (11) शामिल है जो अब खतरे से बाहर बतायी जा रही है। एक साथ एक ही परिवार की दो लड़कियों की मौत से मृतक के घर में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है जबकि पूरा गाव स्तब्ध है। इधर सिमराहा पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। सिमराहा थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। जबकि प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।



अस्पताल की अव्यवस्था पर विफरे सांसद


कुसियारगांव (अररिया) : गुरुवार की देर शाम दुर्घटना में घायल मरीजों को देखने सदर अस्पताल पहुंचे सांसद वहां की अव्यवस्था देख भौंचक रह गये। इलाज कराने पहुंचे मरीजों ने उन्हें वहां की समस्याओं से अवगत कराया। व्याप्त कुव्यवस्था देख सांसद ने दूरभाष पर सिविल सर्जन से जवाब तलब किया। उन्होंने सीएस को कड़ी हिदायत देते हुये शीघ्र व्यवस्था में सुधार का निर्देश दिया है। सांसद यह जानकर हैरान हो गये कि अस्पताल में कारगर दवा उपलब्ध नही हैं जिस कारण मरीजों को बाहर से दवा लाने को कहा जाता है। ये जानकारी उन्हें वहां ड्यूटी पर उपस्थित चिकित्सक सत्यव‌र्द्धन ने दी। गुरुवार की देर शाम सांसद प्रदीप सिंह जीरो माइल के पास हुई दुर्घटना में घायल डेढ़ दर्जन मरीजों को देखने सदर अस्पताल पहुंचे। जैसे ही वे वहां पहुंचे कि मरीजों ने उन्हें घेर लिया। घायलों के परिजनों की शिकायत थी कि न तो उनलोगों की ठीक ढंग से देखभाल की जा रही है और न ही उन्हें अस्पताल से दवा ही दी जा रही है। वे लोग बाहर से किसी तरह पैसे की जुगाड़ कर दवा ला रहे हैं। इस संबंध में जब सांसद ने ड्यूटी पर तैनात डा. सत्यव‌र्द्धन से पूछा तो उन्होंने बताया कि अस्पताल में मौजूद दवा का असर कम होता है इसीलिए बाहर से मरीजों को दवा लाने कहा जाता है। सांसद ने उक्त मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए सरकार से इसकी जांच कराने की बात कही है। वहीं अस्पताल में मौजूद अन्य मरीजों ने भी सांसद को वहां व्याप्त कई समस्याओं की ओर ध्यान दिलाया। मरीजों का कहना था कि यहां पर पानी की व्यवस्था नहीं रहने के कारण उनलोगों को बाहर से पानी लाना पड़ता है। मरीजों ने दवा, व्यवस्था आदि से संबंधित कई शिकायतें उनसे की। सांसद ने दूरभाष पर सीएस डा. सीके सिंह को कई हिदायतें दी है तथा अस्पताल से संबंधित समस्याओं की देख-रेख के लिए निजी तौर पर एक प्रभारी को भी नियुक्त किया है।

ठनका गिरने से दो झुलसे, दो मवेशी की मौत


भरगामा (अररिया) : भरगामा थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव में तेज आंधी व बारिश के बीच बुधवार को ठनका गिरने से दो लोग झुलस गये जबकि दो दुधारू भैंस की मौत हो गई। ठनका के चपेट में आने से योगेन्द्र ठाकुर एवं एक बच्ची झुलस गयी है जिसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह बारिश के दौरान ही ठनका गिरा जिससे दरवाजे पर बंधा योगेन्द्र ठाकुर के दो दुधारू भैंस की मौत हो गई। वहीं मवेश्ी पालक योगेन्द्र ठाकुर एवं परिवार की एक बच्ची पल्लवी कुमारी भी आशिक रूप से झुलस गयी जिसका इलाज निजी चिकित्सक से कराया गया है। उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।

सड़क दुर्घटना में महिला की मौत, डेढ़ दर्जन घायल


अररिया/कुसियारगांव : एनएच 57,अररिया-पूर्णिया उच्च मार्ग पर नगर थाना क्षेत्र के गैयारी ओवर ब्रिज के निकट गुरुवार को एक टै्रक्टर को पीछे से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने ठोकर मार दिया जिससे टै्रक्टर पर सवार एक महिला यात्री की मौत हो गयी तथा डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गये। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। ट्रक ठोकर मार कर भागने में सफल हो गया।
मिली जानकारी अनुसार सिमराहा थाना क्षेत्र के औराही हिंगना से एक टै्रक्टर जलालगढ़ जा रहा था। ट्रैक्टर पर करीब डेढ़ दर्जन लोग सवार थे जो मुंडन संस्कार में भाग लेने जलालगढ़ जा रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर ओवर ब्रिज के पास पहुंचा तेज गति से आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर उसमें पीछे से ठोकर मार दिया जिससे ट्रैक्टर सड़क पर पलट गया। ट्रैक्टर पर सभी सवार उसके नीचे आकर दब गये और बुरी तरह जख्मी हो गये। बाद में स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला कुमती देवी की मौत हो गयी। अन्य का इलाज फिलहाल चल रहा है। घायलों में दो की स्थिति नाजुक देखते हुये चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिये उन्हें पूर्णिया रेफर कर दिया है। घायलों में कंचन देवी, परमानन्द मंडल, धीरेन्द्र मंडल, बसिया देवी, माणिक चंद मंडल, लटकी देवी, पुनम देवी, निर्मला देवी, मयानन्द मंडल, रमेन्द्र मंडल, विद्यानंद मंडल, अमरजीत मंडल, बोढ़न मंडल, भोला मंडल, रुकमणी देवी, कंचन, पिंकी, मीना देवी,गूंजी, उमानन्द मंडल सभी चौरी टोला हिंगना निवासी शामिल हैं। घायलों के अस्पताल पहुंचते ही डीएस हुस्न आरा बहाज, डा. राजेश कुमार, डा. कुमार आनंद, डा. सुदर्शन झा, डा. जितेन्द्र कुमार, डा. डीएमपी साह एवं कर्मी ने काफी सूझबूझ के साथ घायलों का इलाज में जूट गये।

Wednesday, April 13, 2011

कार्यशाला में शिक्षकों को मिली जानकारी

फारबिसगंज (अररिया) : इग्नू द्वारा जारी 12 दिवसीय डीपीई के तहत गैर आवासीय कार्यशाला आधारित कार्यक्रम का समापन समारोह बुधवार को महिला प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय परिसर में मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता कर रहे मांगन मार्तड ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। सत्र 2009-11 के दो वर्षीय डीपीए पाठ्यक्रम के तीसरे माड्यूल के अंतर्गत उक्त कार्यशाला का प्रारंभ 4 अप्रैल को किया गया था।
इस मौके पर अतिथि के रूप में फारबिसगंज बीईओ चंदन प्रसाद, क्षेत्रीय शिक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र विश्वास, कार्यशाला प्रभारी अरुण कुमार मिश्रा, दामोदर प्र. यादव, महाविद्यालय की प्राचार्या सह इग्नू के जिला समन्वयक निर्मला पंडित, विद्यानंद पासवान, भगवान लाल दास, शिराजउद्दीन अंसारी, राम प्रसाद यादव, गंगा प्रसाद, चंद्रकांत मिश्र, चंद्रकांत मिश्र, भारती मिश्रा आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम में शिक्षक संजीव कुमार, जितेन्द्र कुमार, कुन्दन, लीना कुमारी, निखत प्रवीण, संगीता मेहता, रीना भारती, मो. सादिक आलम, साजदा खातून, रेणु कुमारी, राधा मेहता, निरंजन कुमार, कुमार दिवाकर, रूपा कुमारी, राजेश रमण, जयंति कुमारी, भारती कुमारी सहित भारी संख्या में प्रखंड के शिक्षक-शिक्षिका उपस्थित थे।

एमएसडीपी की यूसी देने में अररिया पीछे: संयुक्त निदेशक


अररिया : केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही मल्टी सेक्टरल डेवलपमेंट प्रोग्राम (एमएसडीपी) के तहत जिले में संचालित योजनाओं की जांच करने भारत सरकार के संयुक्त सचिव अजय नारायण झा अररिया पहुंचे। उन्होंने बुधवार की दोपहर आत्मन कक्ष में अधिकारियों के साथ एमएसडीपी योजना की समीक्षा भी की। समीक्षा के क्रम में श्री झा ने पाया कि वित्तीय वर्ष 2008-09 में एमएसडीपी योजना के तहत अररिया को पांच करोड़ 54 लाख का आवंटन मिला था लेकिन उसका उपयोगिता प्रमाण पत्र अब तक सरकार को नहीं भेजा गया है। उन्होंने यह भी कहा 08-09 व 09-10 के खर्च का ब्यौरा हर हाल में एक माह के भीतर भेज दे अन्यथा योजना के तहत आगे का आवंटन रोक दिया जायेगा।
संयुक्त सचिव ने यह भी कहा कि नये योजनाओं का डीपीआर तैयार कर एक सप्ताह के अंदर भारत सरकार को भेजे ताकि और नये योजनाओं को स्वीकृति दी जा सके।
श्री झा ने कहा कि अररिया जिला के लिए भारत सरकार ने 5 योजनाओं को स्वीकृति दी है तथा प्राय: योजना के एवज में आधी राशि विमुक्त भी कर दी गई है। इस विषय पर डीएम श्री सरवणन ने कहा कि अब तक राशि प्राप्त नहीं हुई है। श्री झा ने कहा कि अतिरिक्त आंगनबाड़ी केंद्र, ग‌र्ल्स हाई स्कूलों में ग‌र्ल्स हास्टल, छात्र के हाईस्कूल में बालक छात्रावास, आईटीआई फारबिसगंज में ग‌र्ल्स व ब्वायज हास्टल को स्वीकृति मिली है।
बैठक में एमएसडीपी योजना प्रभारी विजय कुमार, डीपीओ चंद्रप्रकाश, डीएसई अहसन, कार्यपालक अभियंता लाल बाबू महतो, यूके मिश्रा, मनोज कुमार, बीडीओ नागेन्द्र पासवान आदि मौजूद थे।

लाखों की लागत से बनी टंकी से पानी नहीं


भरगामा (अररिया) : शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लाखों की लागत से प्रखंड कार्यालय परिसर में बनाया गया पानी टंकी मात्र शोभा की वस्तु बनकर रह गया है। टंकी बनाये जाने के बावजूद अब तक क्षेत्र में वाटर सप्लाई के लिए नल नहीं बिछाया जा सका जिस कारण लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। मालूम हो कि एक बड़े बजट से पानी का यह टैंक प्रखंड कार्यालय के परिसर में पिछले दो वर्ष पूर्व बनाया गया है। जिसमें रंग रोगन किये भी कम से कम सात आठ महीने गुजर गए। वहीं वाटर सप्लाई हेतु निर्धारित क्षेत्रों में पाइप लगाने का कार्य भी प्रारंभ किया गया। किंतु अपरिहार्य कारणों से कार्य अधूरा ही छोड़ दिया गया। बहरहाल इस योजना के प्रति न तो प्रखंड प्रशासन सजग दिख रहा है और न ही विभाग। लिहाजा एक बड़ी राशि खर्च किये जाने के बावजूद इस योजना का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पाया।

जोकीहाट सीडीपीओ के विरुद्ध मामला दर्ज


अररिया : मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, अररिया के न्यायालय में बुधवार को एक मामला दर्ज हुआ है, जिसमें सेविका पद पर नियुक्ति के बदले ली गयी लाखों राशि हड़प लेने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में जोकीहाट के बाल विकास परियोजना पदाधिकारी शबाना प्रवीण, प्रधान लिपिक विशुन देव प्रसाद, ग्राम पंचायत सिमरिया के मुखिया इसरती खातुन व मुखिया पति मो. मुख्तार समेत पूर्व पंचायत सचिव जय प्रकाश नारायण को आरोपित किया गया है।
जोकीहाट के बागमारा निवासी मो. एकरामुल ने अदालत में आरोप लगाया है क उसकी पत्‍‌नी सैय्यदा गुफराना ने पोषक क्षेत्र बागमारा ग्रा.पं. सिमरिया के आंगनबाड़ी केन्द्र में सेविका पद का आवेदन दिया। जहां उच्च अंक के बाद भी कम अंक वाले को कागजी हेराफेरी कर नियुक्ति कर दी गयी।

कार्यशाला में शिक्षकों को मिली जानकारी


पलासी (अररिया) : प्रखंड के म.वि. कलियागंज में डीपीई कार्यक्रम के तहत शिक्षकों के लिए आयोजित मोड्यूल तृतीय का बारह दिवसीय कार्यशाला का समापन बुधवार को किया गया। कार्यशाला में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के 150 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला दो चरणों में किया गया। जिसमें प्रशिक्षक के रूप में मौजूद मो. सउद आलम, मो. एैनुल हक एवं नजीर हयात ने प्रथम चरण में पाठयोजना, शिक्षण विधियां, पाठ योजनाओं की विशेषताएं, सूक्ष्म अध्यापन, शिक्षक कौशल सृजनात्मकता सावधानी आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गयी। जबकि दूसरे चरण में मनोवैज्ञानिक शोध, क्रियात्मक शोध व संचालन, बाल विकास से संबंधित समस्या व समाधान से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार पूर्वक जानकारी दी गयी।
कार्य शाला के समापन समारोह की अध्यक्षता सेवा निवृत शिक्षक देवेन्द्र झा ने की। जबकि मंच संचालन समन्वयक सियाराम यादव व सुभाष कुमार ने की। इस क्रम में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित की गयी। मौके पर मनोज चौधरी, संगीता जायसवाल, संजय मांझी, दुर्गानंद सिंह आदि मौजूद थे।

बेटो पर करायी प्राथमिकी


कुर्साकांटा (अररिया) : कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के सिझुवा गांव के श्यामानंद झा ने अपने दो पुत्रों अनिल झा एवं ललन झा पर जबरन जमीन लिखाने एवं कार का शीशा तोड़ने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं दूसरी ओर एक मामले में आरोपी महेशखूंट निवासी दिनेश सिंह को सोमवार की रात्रि उसके घर से कुर्साकांटा थाना पुलिस द्वारा सोमवार की रात्रि गिरफ्तार कर लिया गया। उसे मंगलवार को न्यायिक हिरासत में अररिया जेल भेज दिया गया।

कुर्की जब्ती के चार वारंटी गिरफ्तार


अररिया : नगर थाना पुलिस ने मंगलवार को कुर्की जब्ती के चार वारंटियों को छापामार कर गिरफ्तार कर लिया है। जिसे बुधवार को आवश्यक पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार वारंटियों में अररिया थाना कांड संख्या 353/10 के आरोपी दुर्गापुर कसबा निवासी नागेश्वर विश्वास, जीआर कांड संख्या 1150/01 के फागु ऋषिदेव साकिन लहयेटा एवं जीआर कांड संख्या 1559 के आरोपी ओपिया ऋषिदेव एवं इनकी पत्‍ि‌न मुसनी देवी दोनों जय प्रकाश नगर अररिया शामिल है।

नाबालिग का अपहरण


जोकीहाट (अररिया) : जोकीहाट थाना क्षेत्र के हरदार पंचायत के नवकार गांव से मंगलवार की रात्रि 14 वर्षीय नाबालिग लड़की छुन्नी (काल्पनिक नाम) का अपहरण कर लिया गया। मामले में मुन्नी के भाई अब्दुल ने लिखित आवेदन जोकीहाट थाना क्षेत्र को देकर बरामदगी की गुहार लगायी है। आवेदन में गांव के ही टेंपू चालक मोसम शमशाद का अपहरण आरोपी बताया गया है। थानाध्यक्ष मो. जुल्फिकार मामले की पुष्टि की है।

गड़बड़ी फैलाने वालों पर रहेगी प्रशासन की पैनी नजर


अररिया : आगामी पंचायत चुनाव स्वच्छ व शंतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिये प्रशासन की नजर तेज हो गयी है। इसी क्रम में अररिया अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थानों की पुलिस ने अब तक 1700 लोगों के विरुद्ध धारा 107 के तहत कार्रवाई की है जबकि धारा 116 के तहत 311 लोगों के चिन्हित किया गया है। चुनाव में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलने पर ऐसे लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई तय है।
आंकड़ों के मुताबिक धारा 107 के तहत नगर थाना पुलिस ने 39, आरएस- 42, मदनपुर- 26, बैरगाछी- 21, ताराबाड़ी 111, सोनामनी गोदाम 58, रानीगंज 225, बौसी 155, सिकटी- 101, बरदाहा- 185, पलासी- 178, कुर्साकांटा- 229, कुआड़ी- 35, जोकीहाट 279 एवं महलगांव पुलिस ने 15 लोगों को चिन्हित किया है। वहीं धारा 116 के तहत ताराबाड़ी पुलिस ने 8, सोनामनी गोदाम- 12, रानीगंज 39, बौसी- 37, सिकटी-33, बरदाहा- 52, पलासी- 25, कुर्साकांटा- 91 एवं कुआड़ी पुलिस ने 14 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की है। चिन्हित किये लोगों को चुनाव संपन्न होने तक अनुमंडल कार्यालय में ससमय हाजिरी देनी होगी।

विषाक्त बिस्कुट खाने से बच्ची की मौत, चार बीमार


अररिया/फारबिसगंज  : मिर्जापुर पंचायत अन्तर्गत खोपोड़िया गांव के वार्ड न.9 में बुधवार की सायं विषाक्त बिस्कुट खाने से एक बच्ची की मौत हो गयी। जबकि चार अन्य बच्चियां गंभीर रूप से बीमार हो गयी। उसे तत्काल फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार गुलाब ऋषिदेव की पुत्री लक्ष्मीनिया (10 वर्ष) की मौत बिस्कुट खाने से हुई है। जब कि बिस्कुट खाने से गुलाब ऋषिदेव के दी दूसरी पुत्री शांबिका कुमारी (पांच वर्ष) अंबिका कुमारी (सात वर्ष) व रानी कुमारी (3 वर्ष) तथा ऋषिदेव की पुत्री भारती कुमारी (उम्र 11 वर्ष) गंभीर रूप से बीमार है। जिससे शांबिका की हालत नाजुक बतायी जा रही है। परिजनों ने बताया कि बालिकाओं ने स्थानीय दुकानदार के यहां से बिस्कुट लेकर खाया था।

जदयू का हस्ताक्षर अभियान


पलासी (अररिया) : प्रदेश जदयू के आह्वान पर बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर प्रखंड जदयू का हस्ताक्षर अभियान प्रभारी अरूण कुमार झा के नेतृत्व में जारी है। मौके पर जदयू के कन्हैया भगत, गोपाल कृष्ण मंडल, मो. एजाज आलम, रेखा झा आदि मौजूद थे।

अंबेडकर जयंती को लेकर क्विज प्रतियोगिता


अररिया, : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नगर इकाई अररिया द्वारा डा. भीमराव अम्बेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर बुधवार को कालेज व स्कूली छात्र-छात्राओं के बीच क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में 250 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। महिला कालेज के प्रागंण में आयोजित प्रतियोगिता के विषय में नगर मंत्री कुणाल प्रियदर्शी ने बताया कि पुरस्कार वितरण 14 अप्रैल को जयंती समारोह के मौके पर किया जायेगा। श्री प्रियदर्शी ने बताया कि प्रथम स्थान से छठा स्थान तक सफलता प्राप्त करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया जायेगा। इस कार्यक्रम के मौके पर परिषद के जिला प्रमुख प्रो. एमपी सिंह, नगर उपाध्यक्ष प्रो. विरेन्द्र मिश्र, वार्ड पार्षद शिवशंकर दास, शिशिर कुमार राय, कार्यकर्ता रवि कुमार, सुनील कु. यादव आदि मौजूद थे।

पति पर प्रताड़ना की प्राथमिकी


फारबिसगंज(अररिया) : सिमराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत कविलासी गांव में महिला प्रताड़ना से संबंधित मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गयी है। कविलासी निवासी आरती देवी ने पति पवन भगत पर पिछले कुछ समय से लगातार प्रताड़ित कराने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। दोनों ने चार वर्ष पूर्व अंतरजातीय विवाह किया था।

आपसी विवाद को लेकर मारपीट, आधा दर्जन जख्मी


फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज थाना क्षेत्र के मटियारी पंचायत में सोमवार की देर रात आपसी विवाद व छेड़खानी को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गयी। जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग जख्मी हो गये। घायलों का इलाज फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में कराया गया। मामले को लेकर दोनों पक्षों द्वारा थाने में दो प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। एक प्राथमिकी में आवेदक अरविंद कुमार ने संतलाल गोस्वामी, दीना गोस्वामी, सोहन गोस्वामी तथा मुकेश गोस्वामी महिला के स्नान करने के दौरान ताक झांक करने एवं मना करने पर मारपीट कर जख्मी कर देने का आरोप लगाया है। जबकि दूसरी प्राथमिकी में सोहन गोस्वामी ने मुन्ना गोस्वामी, बुद्रा गोस्वामी, अरविंद गोस्वामी तथा रवींद्र गोस्वामी पर गाली गलौज कर मारपीट कर जख्मी करने का आरोप लगाया है।

भ्रष्टाचार के विरोध में जारी रहेगा आंदोलन


अररिया : पतंजलि योग समिति सह भारत स्वाभिमान न्यास के तत्वावधान में बुधवार को एक बैठक आयोजित कर विदेश से काला धन वापसी तथा भ्रष्टाचार मुक्ति को ले आंदोलन जारी रखने का फैसला किया गया। बैठक की अध्यक्षता समिति के जिलाध्यक्ष प्रो. कमल नारायण यादव ने की। बैठक प्रो. यादव ने कहा कि भारत स्वाभिमान के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगऋषि स्वामी रामदेव के नेतृत्व में भ्रष्टाचार के खिलाफ जन युद्ध का एलान हो चुका है। लोकपाल बिल पर आंदोलन को मिली सफलता युद्ध में विजय का प्रथम चरण है। जब तक विदेशों से काला धन वापस नहीं आ जाता, तब तक यह लड़ाई नहीं रुकेगी। उन्होंने बताया कि जब तक केंद्र सरकार द्वारा अवैध खनन, बड़े नोटों पर प्रतिबंध लगाने, मारीशस रूट को बंद करने तथा फारेन एकाउंट पालिसी को ले समुचित कार्रवाई नहीं की जाती। बैठक में समिति के महासचिव शंकरानंद, रानीगंज प्रखंड अध्यक्ष नवल किशेर सिंह, भरगामा प्रखंड अध्यक्ष सुरेश प्र.यादव, जोकीहाट प्रखंड अध्यक्ष अरुण मंडल, नरपतगंज प्रखंड अध्यक्ष सरयुग प्र.सिंह, उपाध्यक्ष रामलखन राम, अररिया कालेज के प्रो. इमाम हुसैन आदि उपस्थित थे।

या देवी सर्वभूतेषु विष्णु रुपेण..


अररिया : बुराई पर अच्छाई की जीत को ले मनाया जाने वाला वासंती नवरात्र का महान पर्व बुधवार को जयंती व अपराजिता की पूजा के साथ ही संपन्न हो गया। इस अवसर पर विभिन्न दुर्गा मंदिरों में मां दुर्गे की पूजा की गयी तथा आम लोगों ने मैया के दर्शन किये।
वासंती नवरात्र या चैती दुर्गा पूजा के मौके पर अररिया के बंगाली समिति दुर्गा स्थान में मैया की षोड़षोपचार पूजा अर्चना की गयी। संपूर्ण नवरात्र के दौरान मंदिर में मांग दुर्गा की वंदना के स्वर गूंजते रहे।
उधर, ऐतिहासिक पुरैनिया राज के खंडहरों में भी मां दुर्गा की पूजा के सुर गूंजे। बताया जाता है कि जिले के रानीगंज प्रखंड स्थित पहुंसरा गांव में महाराजा रामचंद्र नारायण द्वारा दुर्गा मंदिर बनाया गया था। इस स्थान पर ग्रामीणों ने मंदिर के खंडहरों पर नये मंदिर को खड़ा कर चैती दुर्गा की पूजा की। इस स्थान पर दुर्गा के वैष्णवी स्वरूप की पूजा की जाती है। इसीलिए मंदिर में झागर की बलि की जगह कद्दू व झींगे की बलि दी जाती है। इस स्थान पर भी हजारों ग्रामीणों ने माता की आराधना की। वहीं, जिले में कई अन्य जगहों पर भी चैती दुर्गा की पूजा अर्चना की गयी।

ओलावृष्टि व आंधी से विद्युत आपूर्ति ध्वस्त


अररिया : चक्रवाती तूफान के बीच आसमान से उतरी सफेद तबाही ने जिले में विद्युत आपूर्ति को एक बार फिर तबाह कर दिया है। अररिया से फारबिसगंज के बीच बिजली सप्लाई को ले लगाये गये दो दर्जन से ज्यादा रेल पोल क्षतिग्रस्त हो गये हैं तथा बिजली की आपूर्ति बंद है। इस कारण अररिया, जोकीहाट, कुर्साकाटा, सिकटी, पलासी, कलियागंज आदि बाजारों में अंधेरा छाया हुआ है। ऐसा कई दिनों तक रहने की आशंका है।
सहायक विद्युत अभियंता किरण कुमार व कनीय अभियंता पंकज देशमुख के नेतृत्व में क्षति आकलन को ले पेट्रोलिंग शुरू कर दी गयी है।
दोनों अभियंताओं ने बताया कि मंगलवार की शाम आयी तेज चक्रवाती हवा के कारण अररिया व फारबिसगंज के बीच लगे दो दर्जन पोल क्षतिग्रस्त हो गये हैं। इससे लगभग पचीस लाख की क्षति की आशंका है।
उन्होंने बताया कि आंधी के बाद क्षति आकलन की कवायद शुरू कर दी गयी है। दोनों अभियंताओं के अनुसार आंधी के कारण कई दिनों तक विद्युत आपूर्ति बाधित रह सकती है।

फसल बर्बादी को ले पीड़ितों ने की सड़क जाम


बथनाहा/नरपतगंज(अररिया) : मंगलवार की संध्या आये तूफान से बर्बाद हुए फसल को लेकर बुधवार को आक्रोशित पीड़ितों ने बथनाहा बीरपुर सड़क मार्ग व फारबिसगंज बथनाहा मार्ग व नरपतगंज के पलासी के निकट एनएच 57 को जाम कर दिया।
बथनाहा से संसू के अनुसार गृह क्षति एवं फसल क्षति को ले मुआवजे की मांग को लेकर नरपतगंज बीडीओ अरूण कुमार यादव का श्यामनगर चौक पर तथा फारबिसगंज बीडीओ अलीमुद्दीन अंसारी का भद्रेश्वर चौक के निकट आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा घेरा गया। तूफान से घुरना, बसमतिया, मानिकपुर, नवाबगंज, अचरा पोसदाहा, बथनाहा, सोनापुर, अमौना, सहबाजपुर, भंगही आदि गांव प्रभावित हुए है।
नरपतगंज से जाटी के अनुसार प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को आये भयंकर ओलावृष्टि एवं भयंकर तूफान से भीषण तबाही मची है। तूफान से ग्रामीणों के कच्चे व टीन के घर बड़े पैमाने पर क्षतिग्रस्त हुए है। और फुलकाहा स्थित बाढ़ राहत बने 17 शेडो में 10 शेडों के टीन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए है। वही हजारों एकड़ में लगे गेहूं एवं मक्के की काफी मात्रा में क्षति हुई है। बीडीओ अरुण कुमार यादव ने क्षति की पुष्टि की है। पलासी, बढे़पारा, पोसदाहा, सोनापुर नबाबगंज, मानिकपुर, भंगही आदि पंचायतों में सर्वाधिक क्षति हुई है। पोसदाहा पंचायत के वार्ड न. 12 के मो. इसमाइल की 14 वर्षीय पुत्री बीबी सबूलन का पैर घर के टीना गिरने से कट गया। उसे मशक्कत के बाद घर से बाहर निकाला गया। प्रखंड के अन्य पंचायत, मधुरा उत्तर, मधुरा, पश्चिम, मधुरा दक्षिण, नाथपुर बड़हरा, गोखलापुर, मिरदौल, पिठौरा, बड़दाहा आदि पंचायतों को तेज हवा एवं मोटे वृक्ष अधिक मात्रा में सड़क के किनारे गिर गए जिससे एनएच 57 और कई सड़के बाधित हो गए।
पलासी पंचायत के ग्रामीणों ने एनएच 57 को घंटों जाम रखा। बाद में बीडीओ श्री यादव व निवर्तमान उप प्रमुख मनोज यादव द्वारा ग्रामीणों को समझा बुझा कर जाम हटाया गया। इसके अलावा भोड़हर, फुलकाहा, गढि़या, भंगही, श्यामनगर आदि पंचायतों के ग्रामीणों ने भी सड़क जाम कर पदाधिकारियों से मुआवजे की मांग की है।

ओला वृष्टि: 13 पंचायतों में हुआ ज्यादा नुकसान


फारबिसगंज(अररिया) : आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से अनुमंडल क्षेत्र के 13 पंचायतों में ज्यादा नुकसान पहुंचा है। वहीं प्रभावित पंचायतों में घरों एवं फसलों के नुकसान का आकलन प्रशासन द्वारा आरंभ कर दिया गया है। बीडीओ अमानुल्लाह अंसारी ने बताया कि प्रखंड के 13 पंचायतों में कहीं पूर्ण तो कहीं आंशिक रूप से घरों को नुकसान पहुंचा है जिसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी गयी है। उन्होंने बताया कि फसल नुकसान के आकलन से संबधित सही जानकारी अब तक नहीं मिल सकी है।

आंधी व ओलापीड़ितों को मिले मुआवजा: वेणु


रेणुग्राम (अररिया) : भाजपा विधायक पदम पराग राय वेणु ने मंगलवार को क्षेत्र में आई आंधी एवं ओलावृष्टि से क्षतिग्रस्त हुए किसानों एवं लोगों को उचित मुआवजा दिये जाने की मांग जिला पदाधिकारी से की है। उन्होंने पटना से दूरभाष पर बताया कि लगातार दूसरी बार किसान ओलावृष्टि का शिकार हुए है। जिससे फसल को व्यापक नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बतया कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलकर ओलावृष्टि एवं आंधी से नुकसान की जानकारी देगे तथा अविलंब सहायता दिये जाने का आग्रह करेंगे। विधायक ने बताया कि पूर्व में आए ओलावृष्टि ने गेहूं, मकई आदि फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया था और फिर दुबारा फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया था और फिर दुबारा आए ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी है। उसे अविलंब सहायता दिये जाने की आवश्यकता है।

बच्ची ने खाया जहर


कुसियारगांव (अररिया) : जोकीहाट थाना क्षेत्र के चकय कुर्मी टोला में महेन्द्र विश्वास की 11 माह की पुत्री भारती कुमारी ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती करवाया गया। चिकित्सक डा. जितेन्द्र प्रसाद के मुताबिक इलाज से सुधार जारी है।

प्रसव को आई महिला की मौत पर परिजनों का हंगामा


कुसियारगांव(अररिया) : सदर अस्पताल अररिया के बदहाल स्थिति के कारण मंगलवार की देर संध्या प्रसव करवाने आई महिला की मौत हो गयी। इस घटना को ले परिजन हो हंगामा शुरू कर दिया। हालांकि समझाने-बुझाने पर मामला शांत हो गया। बताया गया है कि ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बटूरवाड़ी गांव निवासी अजहर हुसैन की पत्‍‌नी नुजहत पांचवा बच्चे को सुरक्षित जन्म देने अस्पताल पहुंची थी। परिजन मो. शाजिद, असलम, शहनवाज मुन्ना आदि ने बताया कि महिला बच्चे को जन्म देने मंगलवार को अपराह्न ही अस्पताल पहुंची थी पर संबंधित नर्स ने उसे वेट एंड वाच में रखा था। इस संबंध में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डा. ओम प्रकाश से पूछे जाने पर बताया कि महिला को आखिरी वक्त अस्पताल लाया गया जिसे भर्ती कर इलाज भी किया गया, लेकिन महिला ने दम तोड़ दिया।

बीएसएस को सात माह से नहीं मिला वेतन


अररिया : नरपतगंज प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक मनोज कुमार पांडेय को सात माह से वेतन नहीं मिला है जिससे उनके समक्ष आर्थिक कठिनाई उत्पन्न हो गयी है। श्री पांडेय ने डीएम को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है। डीएम को दिये गये आवेदन में श्री पांडेय ने दर्शाया है कि 6 जनवरी 11 से उन्हें अररिया प्रखंड कार्यालय द्वारा नरपतगंज विरमित कर दिया गया तब से वे वहीं पद स्थापित हैं। लेकिन माह मई 10 से नवंबर 10 तक का वेतन अररिया बीडीओ के द्वारा नहीं दिया गया और न ही उनके एलपीसी में इस संबंध में कुछ अंकित किया गया है। बीएसएस ने सात माह के वेतन का गबन की आशंका जताते हुए अररिया बीडीओ पर व्यक्तिगत द्वेष से वेतन नहीं देने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी कहा है कि डीएम, एसडीओ के स्तर से उन्हें परीक्षा, बिजली अभियान, छापेमारी, जमीन मापी आदि में डयूटी दिया जाता था। जिस कारण वे कार्यालय नहीं जाते थे। इधर इस संबंध में अररिया बीडीओ नागेन्द्र पासवान ने दूरभाष पर बताया कि वे डीएम को जवाब देंगे।

कातिबों ने दी आंदोलन की चेतावनी


जोकीहाट(अररिया) : अवर निबंधन कार्यालय जोकीहाट परिसर में कातिबों की बैठक मो. हबीबुर्रहमान की अध्यक्षता में हुई। जिसमें भूमि निबंधन में कातिबों की भूमिका समाप्त किये जाने के बिहार सरकार के निर्णय के प्रति आक्रोश व्यक्त किया गया तथा इसे वापस नहीं लेने पर आंदोलन एवं कलमबंद हड़ताल की चेतावनी दी गई। अध्यक्ष हबीबुर्रहमान ने कहा सरकार एक तरफ बेरोजगारों को रोजगार देने की बात कर रही है वहीं दूसरी ओर राज्य भर में हजारों कातिबों के हाथों से काम छीनना चाहती है। संघ के सचिव शिवनाथ दास, मो. इसलाम सरवर, विनय नंदन ठाकुर, मुश्ताक आलम, शकील अहमद आदि ने कहा कि अगर बिहार सरकार भूमि निबंधन में कातिबों से काम नहीं लेगी तो प्रदेश भर के कातिब सड़कों पर उतरने को बाध्य होंगे।

छापेमारी में 50 लीटर शराब जब्त


अररिया : नगर थाना क्षेत्र के महिषाकोल में पुलिस दो किराना की दुकानों में छापेमारी कर 50 लीटर देसी व विदेशी शराब जब्त की है। इस दौरान पुलिस ने एक दुकानदार सुरेश यादव को दबोच लिया जबकि दूसरा दुकानदार वीरेन्द्र मंडल फरार हो गया। जब्ती के बाद दोनों दुकानदारों के विरूद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। जब्ती में सुरेश यादव के दुकान से 12 बोतल विदेशी व 50 पाउच देसी शराब व वीरेन्द्र मंडल के दुकान से 51 पाउच देसी तथा 8 बोतल विदेशी शराब पुलिस के हाथ लगी। वहीं, पुलिस के समक्ष दबोचे गये दुकानदार ने स्वीकार किया कि वह काफी दिनों से न्यायालय परिसर के आगे की दुकान से शराब लाकर उसे बेचने का धंधा कर रहा है।

ज्ञान का प्रवेश द्वार है सत्संग: गिरजानंद साहब


परवाहा (अररिया) : सत्संग से ज्ञान की प्राप्त होती है तथा वह ज्ञान का प्रवेश द्वार है। उपरोक्त बातें हरिपुर पंचायत के धर्मगीर बाड़ी परिसर में आयोजित आठ दिवसीय सत्संग के दौरान बाबा गिरजानंद साहब ने कही। उन्होंने कहा कि जो माया को त्याग कर सत्संग में लीन हो प्रभु की शरण में आता है उसे ही सच्चे सुख की प्राप्ति होती है। मोक्ष प्राप्ति के लिए सत्संग आवश्यक है। सत्संग का समापन 11 अप्रैल को हो गया। इस सत्संग में श्रद्धालुओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। सत्संग को सफल बनाने में गांव के शेख उमर अली, विन्देश्वरी मेहता, विभाष मेहता, जर्नादन यादव, प्रवीण कु. दास, मो. नूर अहमद आदि सक्रिय दिखे।

जोगबनी: रामनवमी पर निकाली शोभा यात्रा


जोगबनी (अररिया) : मंगलवार को रामनवमी के अवसर पर जोगबनी स्थित राम जानकी मंदिर से विशाल शोभा यात्रा निकाली गयी जो नगर के विभिन्न मार्गो ठाकुरबाड़ी रोड, स्टेशन रोड होते हुए रामजानकी मंदिर पर जाकर संपन्न हुआ। शोभा यात्रा के दौरान काफी संख्या में लोगों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। लोगों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल इस पर्व की बधाई दी। जय श्री राम के नारों से माहौल भक्तिमय बन गया। शोभा यात्रा के पीछे पीछे महिलाएं अपने अपने माथे पर कलश लिये चल रही थी। वहीं श्री राम सीता की निकली झांकी को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गयी। इस शोभा यात्रा को देखने के लिए नेपाल के श्रद्धालु गण सड़क के दोनों किनारे खड़े होकर आनंद उठा रहे थे। इस मौके पर भीखमचंद्र तापड़िया, नारायण तापड़िया, परशुराम गुप्ता, सुधीर राय, मंटू भगत, मनोहर राठी, दीपक अग्रवाल, राजेश केडिया, पवन जैन, अरूण अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, अमन गर्ग तथा सैकड़ों मारवाड़ी युवा मंच तथा जोगबनी युवा मंच के सदस्य शामिल थे।

मुआवजा नहीं मिलने से किसान निराश


जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड में पिछले महीने हुए ओलावृष्टि से बर्बाद हुए फसल से किसान हताश हैं। जोकीहाट के लगभग एक दर्जन पंचायतों में रबी व गेहूं की फसल पूर्ण रूप से बर्बाद हो गयी है। अब तक फसल मुआवजा नहीं मिलने से किसानों में निराशा व्याप्त है। किसानों एक तरफ महाजनों के कर्ज से दबे हैं तो दूसरी ओर बेटी की शादी, बच्चे की पढ़ाई की चिंता है। किसान महबूब आलम,, प्रकाश ठाकुर, देवानंद मंडल आदि ने जिला प्रशासन से शीघ्र फसल मुआवजा की मांग की है।