Friday, April 20, 2012

लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग कर्मचारी संघ ने की बैठक


अररिया : शुक्रवार को स्थानीय अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ भवन में बिहार राज्य लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग कर्मचारी संघ के जिला इकाई की बैठक आयोजित की गयी। जिसकी अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष अब्दुर्रज्जाक ने की। बैठक में अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष जटाशंकर सिंह व जिला महामंत्री सुभाष चंद्र झा भी उपस्थित थे। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि विभाग ने अररिया प्रमंडल के 22 कार्यभारित कर्मियों को हटाकर मास्टर रोल पर रखा जाना न्यायोचित नहीं है।
संघ के लोगों ने बैठक के माध्यम से 2002 में किये गये छटनी आदेश को निरस्त कर नियमित करने, स्वीकृत मापदंड के अनुसार पदों का सृजन करने, तकनीकी कर्मियों को तकनीकी वेतनमान देने, शीतकालीन व ग्रीष्मकालीन वर्दी की आपूर्ति करने आदि की मांग सरकार व विभाग से की है। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में संघ के राज्य संयुक्त महामंत्री परमहंस सिंह, जिला सचिव मो. हासिम, कोषाध्यक्ष लाल बाबू, रूपनारायण सिंह, भूपेन्द्र सिंह, रतीकांत ठाकुर, महबूब आलम, इबरार आलम, राजेन्द्र गोस्वामी, मो. अलाउद्दीन आदि मौजूद थे।

बाबाजी कुटिया पर गूंज रही रामधुन


अररिया : परमान नदी तट पर स्थित बाबाजी कुटिया परिसर में रामधुन की गूंज माहौल का भक्तिमय बना रही है। इस धुन से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कुंज स्थल की ओर खिंचे चले आ रहे हैं। आयोजन का नेतृत्व मां काली के प्रख्यात साधक नानू दा कर रहे हैं तथा भारत व नेपाल की कई कीर्तन मंडलियां इस आयोजन में भाग ले रही हैं।
विदित हो कि बाबाजी कुटिया अररिया की ऐतिहासिक धरोहर है। यह माना जाता है कि इसका निर्माण गुरु नानक देव जी के पुत्र बाबा श्रीचंद जी महाराज के नेतृत्व में किया गया था।
नानू दा के नेतृत्व में लगभग ढाई दशक पूर्व हुए इस कार्यक्रम को अररिया के प्रमुख आयोजनों में से एक माना जाता है तथा बड़ी संख्या में लोग इस कार्यक्रम की प्रतीक्षा करते रहते हैं।
इस बार कुंज स्थल पर वीर बजरंगबली के अतिरिक्त भगवान श्री राम व मैया सीता तथा राधा कृष्ण की आकर्षक प्रतिमाएं स्थायी रूप से स्थापित की गयी हैं।
दर्शकों के आकर्षण के कारण यह कार्यक्रम पूरे यौवन पर है तथा हजारों की संख्या में प्रतिदिन जिले के सुदूर स्थानों से लोग कुंज स्थल पर आ रहे हैं।
बाबा ने बताया कि कार्यक्रम में लगातार भंडारे की व्यवस्था की गयी है तथा सभी कीर्तनियों को भोजन व ठहराव की सुविधा दी जा रही है। इस आयोजन की सफलता में पारसचंद भारती, अखिलेश दास, गंगा यादव, शिवन पासवान, अरुण मिश्रा, अवध किशोर बम उर्फ नंदी बाबा, राजू, शोभाकांत झा आदि महत्वपूर्ण योगदान कर रहे हैं।

रक्तदान शिविर में भाग लेने का आह्वान


अररिया : आगामी 23 अप्रैल को जदयु चिकित्सा सेल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन करेगा। यह जानकारी सेल के जिलाध्यक्ष सह वरीय चिकित्सक डा. अरशद हुसैन ने शुक्रवार को दी। इस अवसर पर पार्टी के जिलाध्यक्ष नौशाद आलम भी उपस्थित थे।
डा.अरशद ने युवाओं से शिविर में आकर रक्तदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिविर की सफलता को ले सारी तैयारियां कर ली गयी हैं। मौके पर मरीजों के ब्लड ग्रुप आदि की जांच सहित कई अन्य जांच भी किये जायेंगे। इस अवसर पर पार्टी जिलाध्यक्ष सहित कई अन्य नेता उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि शिविर से रक्त का संग्रह कर उसे संग्रहण केंद्र में भेज दिया जायेगा, ताकि वह नीडी लोगों के काम आ सके।
डा. अरशद ने बताया कि रक्तदान जदयु का घोषित कार्यक्रम है तथा पार्टी इस महती प्रोग्राम के जरिये गरीबों व रक्त के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना चाहती है।

मारपीट में महिला घायल, छह नामजद

नरपतगंज (अररिया) : नरपतगंज थाना क्षेत्र के मधुरा पश्चिम के राजगंज वार्ड 12 में बुधवार की देर रात मारपीट के दौरान एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी। घायल महिला पिंकी देवी पति दिनेश मंडल को गंभीर अवस्था में इलाज हेतु प्राथमिकी स्वास्थ्य केन्द्र नरपतगंज लाया गया जहां उसका इलाज किया गया। इधर, इस मामले में नरपतगंज थाने में विनोद मंडल, संजीव मंडल, सूरज मंडल, संजू देवी, सच्ची कुमारी, आशा देवी पर कांड संख्या 81/12 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। थाना में दिये आवेदन के अनुसार मारपीट के दौरान 10,000 हजार रुपया नगद एवं जेवरात आदि की लूटपाट का भी आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार साह ने बताया कि अभियुक्त की गिरफ्तारी जल्द ही की जायेगी।

सर्पदंश से बच्ची की मौत


कुसियारगांव : सदर अस्पताल में शुक्रवार को सर्पदंश की शिकार एक बच्ची की मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार ताराबाड़ी ओपी क्षेत्र के भोजपुर गांव में जलावन उठाते वक्त मो. रकीब की लगभग 12 वर्षीय पुत्री पुतुल खातुन को सर्प ने दंश कर लिया जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया जिसे छह एभीएस की सूई लगी पर वह नहीं बच पायी।

देश को हानि पहुंचाने वालों से रहें सावधान: राकेश जी

जोकीहाट(अररिया) : हमारे देश की अखंडता पर विदेशी ताकतों की बुरी नजरें गड़ी हैं। देश को हानि पहुंचाने वाले तत्वों से सावधान रहने की जरूरत है। यह बातें सीमा सुरक्षा चेतना यात्रा के राष्ट्रीय संयोजक राकेश जी ने शुक्रवार को प्रखंड के जहानपुर गांव में युवाओं और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही। यात्रा में शामिल अवकाश प्राप्त बीएसएफ कमांडेंट महबूब आलम खां, स्वामी कन्हैया दास जी, प्रदेश महामंत्री घनश्याम प्रसाद, शिक्षाविद डा. उमेश प्रसाद पांडेय एवं आरएसएस के प्रांतीय संपर्क प्रमुख कैलाश जी ने कहा कि हमें नेपाल से कोई खतरा नहीं है, लेकिन नेपाल सीमा क्षेत्र आतंकवाद, तस्करी एवं असामाजिक तत्वों की शरणस्थली बनता जा रहा है। हमें भारतीय सीमा को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिए हिमालय को साक्षी मान कर संकल्प लेना होगा कि पंथ, दल, जाति एवं भाषा आदि भेदभाव से ऊपर उठकर देश को हानि पहुंचाने वाले तत्वों पर नजर रखेंगे तथा ग्रामीणों एवं पड़ोसियों को असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के प्रति जागरूक करना होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यानंद ठाकुर तथा कार्यक्रम का संचालन महि नारायण झा ने किया। इस दौरान सरपंच जवाहर दास, ताराकांत झा, बेचन झा आदि मौजूद थे।

धोखाधड़ी के आरोप में माइक्रोफाइनेंस कंपनी के दो कर्मचारी हिरासत में


फारबिसगंज (अररिया) : धोखाधड़ी के आरोप में एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के दो कर्मचारियों को स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने उक्त कंपनी के पटेल कार्यालय पर छापा मारा तथा उसे सील कर दिया है। हिरासत में लिये गये दोनों हैदराबाद की एसके एस माइक्रो फाइनेंस कंपनी के फारबिसगंज शाखा के सहायक प्रबंधक, खगड़िया निवासी अजय कुमार तथा मुंगेर निवासी संजय गुप्ता शामिल हैं।
इधर, फारबिसगंज एसडीपीओ विकास कुमार ने बताया कि कंपनी के कर्मचारी पर धोखाधड़ी का आरोप है, जिसकी जांच की जा रही है।
मिली जानकारी अनुसार फारबिसगंज स्थित जुम्मन चौक बस स्टैंड के समीप महिलाओं की बैठक आयोजित की गयी थी। जिसमें कंपनी के आधा दर्जन कर्मचारी व एजेंट उपस्थित थे। तभी कुछ लोगों ने महिलाओं की टीम बनाकर अवैध तरीके से रूपये का लेन-देन करने का आरोप लगाते हुए लाखों की हेराफेरी की आशंका जाहिर करते हुए कंपनी के छह लोगों तथा तीन मोटर साइकिल को पकड़ लिया। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर दो कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। कर्मचारी के पास से रूपया लेन-देन के कागजात आदि बरामद हुए हैं। इस संबंध में एसडीपीओ श्री कुमार ने कहा कि किसी ग्रामीण द्वारा अभी तक लिखित शिकायत नहीं की गई है। फिर भी पुलिस जांच कर रही है। हिरासत में लिये गये दोनों हैदराबाद की एसके एस माइक्रो फाइनेंस कंपनी के फारबिसगंज शाखा का कर्मचारी बताये गये हैं।

मारपीट में दो महिला सहित तीन जख्मी


कुसियारगांव (अररिया) : जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो पक्षों के बीच जमकर धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया जिसमें दो महिला सहित तीन लोग जख्मी हो गये। मारपीट के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया है। एक महिला की स्थिति नाजुक रहने के कारण डा. अली हसन ने उसे पूर्णिया रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार रानीगंज थाना क्षेत्र के कालाबलूआ टोला कोहबाड़ा विशनपुर मझुआ गांव में विगत बुधवार की शाम पिता राम अवतार शर्मा द्वारा पुत्र उपेन्द्र शर्मा की पत्‍‌नी गीता देवी के नाम जमीन रजिस्ट्री नही करने के कारण पुत्र ने पिता को पीटना शुरू कर दिया। जब पति को बचाने पहुंची महिला गुलाबी देवी तो उसे धारदार हथियार से वार कर जख्मी कर दिया जिसे इलाज के लिए रानीगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति बिगरने के कारण चिकित्सक ने शुक्रवार को सदर अस्पताल भेज दिया, बताया गया है कि पुत्र उपेन्द्र शर्मा द्वारा पूर्व में ही रानीगंज थाना में पत्‍‌नी के साथ छेड़खानी का मामला दायर किया गया था। इसी संबंध में पुलिस ने राम अवतार को गिरफ्तार कर लिया। दूसरी घटना गुरुवार की शाम सिमराहा थाना क्षेत्र के औराही पूर्वी में किसी कारण वश रामानंद ततमा की पत्‍‌नी निर्मला देवी को कुल्हाड़ी से चेहरा पर वार कर किसी ने बुरी तरह घर पर ही जख्मी कर दिया जिसकी सूचना पर सिमराहा थाना अध्यक्ष नवीन कुमार घटना स्थल पर पहुंच कर महिला को सदर अस्पताल में भर्ती करवाया। मामले को लेकर पुलिस तहकीकात में जुट चुकी है।

आग में पांच घर राख, दो लाख की संपत्ति खाक

जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड के पथराबाड़ी पंचायत अंतर्गत हड़वा गांव में गुरुवार की रात्रि अचानक लगी आग में पांच घर जलकर राख हो गये जिसमें करीब दो लाख की संपत्ति राख हो गयी। अग्निपीड़ितों में आलमगीर, ताहिर, शाहिद, अपसर, मोजीब आदि शामिल हैं। सूचना मिलते ही पथराबाड़ी मुखिया वसीम राजा व हल्का कर्मचारी परमेश्वरी मेहता ने घटनास्थल पर पहुंचकर शुक्रवार को जायजा लिया तथा अग्निपीड़ितों की सूची अंचलाधिकारी अबुल हुसैन को सौंप दिया है। मुखिया श्री राजा ने प्रत्येक अग्निपीड़ितों को इंदिरा आवास देने की मांग जिला प्रशासन से की है।

स्थानीय पुलिस के खिलाफ ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

भरगामा (अररिया) : करवला मैदान वीरनगर में शुक्रवार को एक समुदाय के लोगों ने स्थानीय पुलिस प्रशासन के विरोध में प्रदर्शन किया। लोगों ने भरगामा थानाध्यक्ष के विरोध में नारेबाजी भी की। स्थानीय लोग थानाध्यक्ष पर दमनात्मक कार्रवाई करने का आरोप लगा रहे थे। विरोध जता रहे मो. सत्तार जावेद, चंगेज, अरशद आदि ने बताया कि पिछले एक माह में थानाध्यक्ष ने कई मामलों में दोषी के विरूद्ध कोई कार्रवाई नहीं की। लोग छर्रा पट्टी में बैल चोरी, वीरनगर विद्यालय से मोटर साइकिल बरामदगी जैसे कई मामले में स्थानीय पुलिस की कार्रवाई को पक्षपात पूर्ण कार्रवाई बता रहे थे। लोगों का आरोप था कि छर्रा पट्टी निवासी एक युवक ने दूसरे की पुत्रवधु को करीब तीन माह पूर्व अगवा कर लिया। लेकिन पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। इधर थानाध्यक्ष अनमोल कुमार ने बताया कि गांव में दो प्रेमी निकाह कर एक साथ रह रहे हैं। जिस वजह से लोग नाराजगी जता रहे हैं। हालांकि उन्होंने बताया कि वे विधि सम्मत कार्रवाई कर रहे हैं।

ट्रैक्टर की ठोकर से टूटा रेलवे का बैरियर

फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज के सुभाष चौक पर स्थित रेलवे गुमटी केजे 65 में लगे लोहे का बेरियर शुक्रवार को गेहूं से लदे एक ट्रैक्टर की ठोकर से टूट गया। इस दौरान ट्रैक्टर चालक को चोट भी आयी किंतु वह ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। इधर बैरियर के टूटने के कारण ट्रेन के आगमन पर तत्काल जंजीर लगाकर ट्रेन सेवा बहाल की जा रही है। वहीं टूटे बेरियर की मरम्मत की जा रही है। आरपीएफ प्रभारी सैयद एहसान अली ने इसकी पुष्टि की है। इधर बैरियर के अचानक टूटने पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं जाम भी लगी रही। गौरतलब है कि उक्त गुमटी पर आये दिन बैरियर टूटने की घटना होती रहती है। एक सप्ताह पूर्व भी एक सवारी वाहन पर अचानक बैरियर टूट कर गिर जाने से वाहन पर सवार लोग बाल-बाल बचे थे।

हाई स्कूल से दर्जनों गांव होंगे लाभान्वित: सरफराज


जोकीहाट (अररिया) : समाज की तरक्की के लिए शिक्षा का बड़ी अहमियत होती है। यह बात विधायक सरफराज आलम ने प्रखंड के जहानपुर मध्य विद्यालय के हाई स्कूल में उत्क्रमण के बाद नौवीं कक्षा के नामांकन सत्र के उद्घाटन समारोह में कही।
श्री आलम ने कहा शिक्षा व संस्कृति में जहानपुर गांव प्रखंड में एक मिसाल है। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि मध्य विद्यालय जहानपुर का हाईस्कूल में हुए उत्क्रमण से केसर्रा, हरदार, बारा इस्तबरार पंचायत सहित अन्य दर्जनों गांव के विद्यार्थियों को यहां मैट्रिक पास करने का लाभ मिलेगा। गरीबी के कारण सैकड़ों मासूम छात्र-छात्राएं हाईस्कूल के अभाव में आगे की पढ़ाई नही कर सकते थे। खासकर बालिकाओं के लिए शिक्षित होने का एक सुनहरा अवसर प्राप्त होगा। माध्यमिक शिक्षा के डीपीओ बसंत कुमार ने कहा कि विद्यालय के आधारभूत संरचना के विकास में विभाग सदैव तत्पर रहेगा। समारोह को संबोधित करने वालों में माध्यमिक शिक्षक संघ अररिया के प्रधान सचिव राजेन्द्र प्रसाद सिंह, असरारूल हसन, संघ के अध्यक्ष नवकांत झा, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे रसल हाई स्कूल बहादुरगंज के अवकाश प्राप्त प्रधानाध्यापक मही नारायण झा ने विद्यालय के हाईस्कूल में उत्क्रमण के लिए विधायक श्री आलम के प्रयासों की सराहना की।
साक्षर भारत के मुख्य कार्यक्रम समन्वयक वासुकीनाथ झा ने कहा कि विद्यालय के उत्क्रमण से गांव में शिक्षा की रोशनी फैलेगी। समारोह को संबोधित करने वालों में पूर्व मुखिया बेचन झा, केसर्रा मुखिया मतीउरर्हमान, सरपंच जवाहर लाल दास, प्रधानाध्यापक मरगुब आलम शामिल थे। मंच संचालन शिक्षक कुंवर नाथ ठाकुर ने किया।
इससे पूर्व विधायक सरफराज आलम ने दीप जलाकर नामांकन सत्र का उद्घाटन किया।
मौके पर बीआरपी शमीम अख्तर, शिक्षक एमए माहिर, बालकृष्ण ठाकुर, शेख मंसूर आलम, मुस्फीक आलम, विश्व बंधु ठाकुर, हरिवंश मंडल, नीतू कुमारी, उषा कुमारी, संगीता कुमारी, ग्रामीण सत्यनारायण ठाकुर, अभय ठाकुर, विशिस अध्यक्ष कपिल लाल दास, सोनाकांत झा, पंसस अजय नंदन ठाकुर, बटेश्वर शर्मा, लल्लू ठाकुर, योगेन्द्र दास समेत सैकड़ों ग्रामीण व छात्र उपस्थित थे।

सरपट दौड़ रही बिना नंबर की मोटर साइकिल

फारबिसगंज (अररिया) : शहरी समेत ग्रामीण इलाकों में बिना नंबर की मोटर साइकिल धड़ल्ले से चल रही है। पुलिस दबिश के बावजूद बिना नंबर की गाड़ी पर ब्रेक नहीं लग पाया है। जबकि बिना नंबर की गाड़ी से आपराधिक घटना को अंजाम देने की आशंका बनी रहती है। पद्म गैस एजेंसी के कर्मी से लूट मामले में बिना नंबर वाली अपाचे मोटर साइकिल का उपयोग अपराधियों द्वारा किया गया था। जिसे मटियारी से बरामद किया गया था। एसपी द्वारा बिना नंबर के वाहनों पर नकेल कसने का निर्देश सभी थानों को दिया गया है। इसके अलावा ऐसे वाहनों को पकड़ने का अभियान भी पुलिस द्वारा चलाया गया। लेकिन कुछ समय बीतने के साथ ही एक बार फिर बिना नंबर की मोटर साइकिल सड़कों पर धड़ल्ले से दौड़ रही है।

अवैध बूचड़खाना से परेशानी

फारबिसगंज: शहरी क्षेत्र में अवैध बूचड़खाना चलाये जाने से एक तरफ जहां गंदगी फैल रही है वहीं दूसरी तरफ शहरवासियों को परेशानी हो रही है। खुले आम सड़क किनारे मांस काट कर बेचा जा रहा है। जबकि नप प्रशासन अवैध बूचड़ स्थान के प्रति आंख मूंदे हुए है। शहर के अस्पताल रोड, सुभाष चौक, बगिचा चौक सहित कई प्रमुख चौक-चौहारों पर नप कर्मियों की मिलीभगत से अवैध बूचड़ खाना चलाया जा रहा है।

स्टेशन परिसर में गंदगी से परेशानी

फारबिसगंज: फारबिसगंज रेलवे स्टेशन परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था के अभाव में गंदगी फैला रहता है। जिस कारण रेल यात्रियों को स्टेशन पर परेशानी झेलनी पड़ती है। स्टेशन परिसर में सफाई कर्मी द्वारा नियमित तरीके से साफ-सफाई नही की जाती है। जिसके कारण कई जगहों पर गंदगी का ढ़ेर लगा रहता है। जबकि रेल प्रशासन उदासीन बने हुए है। स्टेशन के मुख्य द्वार पर ही गंदगी देखा जा सकता है।

राहत सामग्री वितरित

नरपतगंज: नाथपुर कुर्मी टोला के अग्निपीड़ित के बीच समाज सेवी मो. हसन राजा उर्फ हुस्नु एवं राजद नेता यादव कुलानंद सिन्हा ने शुक्रवार को बच्चों के कपड़े के साथ साड़ी, गमछा, गंजी, धोती आदि वितरित किया।

लाठीचार्ज के विरोध में फ्रंट ने किया मोरंग बंद


जोगबनी (अररिया) : नेपाल के पूर्वाचल विश्वविद्यालय मुख्यालय को स्थानांतरित कर विराटनगर से गोड़गांव ले जाने के विरोध में मधेशी जन अधिकार फोरम का मातृ संगठन विद्यार्थी फ्रंट के कार्यकर्ताओं पर गुरुवार को लाठी चार्ज के विरोध में शुक्रवार को मोरंग बंद का आह्वान किया गया। जिससे आम जन जीवन प्रभावित रहा। पुलिस ने बंद कर रहे फ्रंट के एक दर्जन कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया है। ज्ञात हो कि कार्यकर्ताओं पर किए गए लाठी चार्ज में नेपाल के पूर्व उप प्रधानमंत्री उपेन्द्र यादव की पत्नी पार्वती देवी व सांसद जयराम यादव के भाई सियाराम यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ता घायल हो गये थे जिसका इलाज विराटनगर के कोशी अंचल अस्तपाल में चल रहा है।
जानकारी अनुसार सरकार द्वारा पूर्वाचल विश्व विद्यालय को विराटनगर से स्थानांतरित कर गोड़गांव ले जाने का नेपाल सरकार ने फैसला किया है। जिसका विरोध मधेशी जन अधिकार फोरम का मातृ संगठन विद्यार्थी फ्रंट कर रहा है। गुरूवार को फ्रंट के कार्यकर्ता विरोध में धरना पर बैठे थे। उसी वक्त कुलपति विश्वविद्यालय परिसर जा रहे थे जिसके विरोध में कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे। तब कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा लाठी चार्ज किया गया जिसमें पूर्व उप प्रधानमंत्री उपेन्द्र यादव की पत्‍‌नी पार्वती देवी, सियाराम यादव, लीलाधर यादव व बबरा मंडल सहित दर्जन कार्यकर्ता घायल हो गये जिसे कोशी अंचल अस्पताल में भर्ती करया गया है। घटना के विरोध में फोरम कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मोरंग बंद का आह्वान किया। जिससे
आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सड़कों पर आवागमन पूरी तरह ठप्प है। इधर विराटनगर के सरूचि चौक से पुलिस ने बंद समर्थकों फोरम के मोरंग सचिव राधे कामत, महासचिव अनिल ठाकुर, नरबहादुर राजवंशी दिलीप यादव, समीर कमर व इजाज अहमद सहित 13 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। जिससे स्थिति तनाव पूर्ण हो गयी है।

कथित अपहृत लड़की व आरोपी बरामद

रानीगंज (अररिया) : शुक्रवार को रानीगंज एवं भरगामा थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर रानीगंज थाना क्षेत्र के बेलसारा गांव वासी उमेश की अपहृत लड़की एवं नामजद आरोपी विंदेश्वरी यादव को भरगामा थाना क्षेत्र के कुसमौल गांव से बरामद कर लिया है। विदित हो कि रानीगंज थाना कांड संख्या 59/12 दर्ज करा कर उमेश यादव ने अपनी पुत्री के अपहरण करने की बात कही थी। जिसमें विदेंशवरी यादव सहित पांच लोगों को नामजद किया था। इधर बरामद लड़की ने विंदेश्वरी यादव से मंदिर में शादी करने की बात कही है। जबकि लड़की के पिता उमेश यादव ने लड़की के नाबालिग होने की बात कहकर अपहृता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

बीयर व अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद


फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज के स्टेशन चौक के समीप कलीम होटल में उत्पाद विभाग के अधिकारी ने सुरक्षा बलों ने संयुक्त रूप से छापामारी कर अवैध बीयर व शराब की बोतलें बरामद किया है। जबकि छापामारी के क्रम में होटल मालिक सहित अन्य लोग भाग निकले। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापामारी में दो कार्टून बीयर तथा एक कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद हुआ है।
उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक बालेश्वर पासवान के नेतृत्व में की गयी छापामारी में यह सफलता मिली। श्री पासवान ने बताया कि स्थानीय कुछ होटलों में अवैध तरीके से शराब रखे जाने तथा बेचे जाने की गुप्त सूचना पूर्व से मिल रही थी। जिसके बाद यह कार्रवाई की गयी है।

नप चुनाव: पांचवें दिन नामांकन ने पकड़ा रफ्तार


अररिया : नगर निकाय चुनाव को लेकर 16 अप्रैल से जारी नामांकन दाखिला करने का सिलसिला पांचवे दिन रफ्तार पकड़ लिया। नामांकन के पांचवे दिन शुक्रवार को तीनों निकाय क्षेत्र में कुल 70 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। अररिया नगर परिषद से छह निर्वतमान पार्षद समेत 29, फारबिसगंज नगर परिषद में 22 तथा जोगबनी नगर पंचायत में 19 पर्चा दाखिल किया गया है।
अररिया नगर परिषद के निर्वाची पदाधिकारी बुद्ध प्रकाश ने बताया कि शुक्रवार को वार्ड नं. 27 से निर्वतमान पार्षद मो. यासीन, जहांगीर, सदरे आलम, तनवीर आलम, मो. चांद, वार्ड नं. 19 से निवर्तमान पार्षद अस्मत आरा, आरसी प्रवीण, फिरोजा, वार्ड नं. 24 से अकबरी खातुन, वार्ड नं. एक से निवर्तमान पार्षद मधु देवी, अनिता देवी, वार्ड नं. 2 से नारायण पासवान, वार्ड नं. 3 से निवर्तमान पार्षद रेखा देवी, वार्ड नं. 17 से दिलीप यादव, वार्ड नं. 18 से सीटी खातुन, वार्ड नं. 20 से निर्वतमान पार्षद फरीदा खातुन, फरजाना परवीन व फरीदा खातुन, वार्ड नं. 21 से साजदा खातुन, वार्ड नं. 22 से कामरान खान, वार्ड नं. 25 से मो. कमालेहक, वार्ड नं. 06 से कमलेश्वरी यादव, संतोष यादव, गुनेश यादव, वार्ड नं. 15 से विकाश कु. झा, वार्ड नं. 12 से सुमन देवी, वार्ड नं. 16 से निर्वतमान पार्षद संजय अकेला, ओम प्रकाश सोनू ने नामजदगी का पर्चा भरा है। शुक्रवार को निर्वाची पदाधिकारी कार्यालय में नामांकन को लेकर अचानक भीड़ जमा हो गई। वही नामांकन के पांच दिन बीत जाने के बावजूद वार्ड न. 4, 7, 9, 10, 11, 13, 14, 26, 28 व 29 से अब तक खाता भी नहीं खुला है।

14 हेडमास्टरों पर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश


नरपतगंज (अररिया) : जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव रंजन प्रसाद ने नरपतगंज प्रखंड के 14 प्रधानाध्यापकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है। यह कदम भवन व विकास मद की राशि से होने वाले कार्य के अनुश्रवण के बाद उठाया गया है।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी आमीचंद राम ने बताया कि अररिया जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर प्रखंड के विद्यालयों के भवन निर्माण मद की राशि विकासात्मक मद की राशि एवं गुणवत्ता पूर्ण शैक्षणिक कार्य का अनुश्रवण कराया गया जिसमें दोषी पाये गये 14 प्रधानाध्यापकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है।
प्रखंड के जिन 14 प्रधानाध्यापकोंपर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है, उनमें उमवि गोड़राहा, प्रावि पासवान टोला भवानीपुर, उमवि कुंडीलपुर, प्रावि थलहा गढिया, उमवि दरगाहीगंज, प्रावि जाट टोला पूर्वी भाग, प्रावि अचिंतनगर, उमवि साहेबगंज, प्रावि ऋषिदेव टोला बबुआन, कन्या प्रावि पथराहा, मवि देवी गंज के विद्यालय के प्रधानाध्यापक शामिल हैं। वहीं प्रखंड के तीन प्रधानाध्यापक को प्रधानाध्यापक पद से मुक्त करने का निर्देश दिया गया है। इनमें कन्या प्रावि बड़हारा, प्रावि नहर से पश्चिम तथा प्रावि पथराहा शामिल हैं। प्रखंड के सभी प्रधानाध्यापको को 12 मई तक भवन निर्माण पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया गया है। ज्ञात हो कि डीईओ ने गत 19 अप्रैल को जिला मुख्यालय में मध्य व प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की बैठक बुलायी थी जिसमें विकास व शैक्षणिक कार्यो की समीक्षा की गयी थी।

स्कूलों की फीस भरने में हो रही जेब ढीली


अररिया  : नेपाल की अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर बसे अररिया में आज भी शिक्षा का घोर अभाव है। इस कमी को पाटने के लिए सरकारी व प्राइवेट स्कूल बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं। पर इसके बदले निजी स्कूल प्रशासन अभिभावकों से ट्यूशन फीस व एडमिशन फीस के नाम पर उनकी जेब खाली करा देता है। कुछ मान्यता प्राप्त प्राप्त प्राइवेट स्कूल एडमीशन फीस के नाम पर 10 से 15 हजार की राशि वसूलते हैं। पर कागज पर आधा से भी कम दर्शाया जाता है। यही नही कुछ स्कूलों में तो राशि लेकर रसीद भी नही दी जा रही है।
कुल मिलाकर सुप्रीम कोर्ट के द्वारा शिक्षा का अधिकार कानून की संवैधानिक दर्जा तो दे दिया गया, पर उस फैसले को अमलीजामा नहीं पहनाया जा रहा है। लिहाजा इसके शिकार गरीब अभिभावक हो रहे हैं।
अररिया जैसे छोटे शहर में भी स्कूलों के द्वारा नामांकन के वक्त 6 से सात हजार रुपया प्रत्येक वर्ष लिया जाता है, जो एक्ट के विपरीत है। इतना ही नही ट्यूशन शुल्क के नाम पर 300 रुपया से लेकर 800 रुपया लेना आर्थिक शोषण नही तो और क्या है? ग‌र्ल्स आइडियल एकेडमी में आठवीं वर्ग तक के लिए नामांकन शुल्क दो हजार रुपया है, जो पहले नामांकन में ही लगता है। एकेडमी के डायरेक्टर एमए मुजीब के अनुसार उनके स्कूल में हर वर्ष नामांकन शुल्क लिया जाता है पर नियमित छात्रों के लिए मात्र 500 रुपया निर्धारित है। जबकि मासिक शुल्क दो सौ से तीन सौ पचास रुपया के बीच है। स्काटिश पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल कुमार अनूप ने बताया कि वर्ग आठ तक के लिए 1200 से 1600 रुपया नामांकन शुल्क व तीन सौ में 450 रुपया मासिक शुल्क है।
कैरियर गाइड एकेडमी के प्रो. रकीब अहमद के अनुसार उनके स्कूल में नामांकन शुल्क के नाम पर मात्र तीन सौ रुपया व मासिक शुल्क 150-300 के बीच है। कैरियर एकेडमी के प्राचार्य ज्योति कुमार मल्लिक की माने तो 800 रुपया पहली बार नामांकन शुल्क लिया जाता है। श्री मल्लिक के अनुसार एकेडमी में नियमित छात्रों से प्रत्येक वर्ष नामांकन शुल्क लेने का प्रावधान नही है। स्कूल में नर्सरी से वर्ग तीन तक 200 से 400 के बी व चार से वर्ग आठ तक 400 से 600 के बीच मासिक शुल्क लिया जाता है। मोहिनी देवी मेमोरियल स्कूल अररिया आरएस में 1500 रुपया नामांकन शुल्क है। यह जानकारी प्राचार्य डा. बीएन झा ने दी है।
इन सब विषयों से इतर शहर के अभिभावक राजेन्द्र साह ने बताया कि उनकी बच्ची शहर के एक नामी स्कूल में पढ़ती है। एक माह का फी देने में विलंब होने पर स्टूडेंट को खड़ा कर दिया जाता है। इससे उस बच्चे का मानसिक हालत खराब हो सकता है।
जबकि ब्रह्मादेव यादव की कहानी कुछ और ही है। इनका कहना है कि वे मजदूरी कर बच्चे को पढ़ा रहे हैं, लेकिन स्कूलों में हर वर्ष नामांकन शुल्क देना उनके बूते की बात नही है। इधर इस संबंध में तो जिला शिक्षा पदाधिकारी को कुछ जानकारी ही नही है। डीईओ राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि उन्हें कैपिटेशन फीस लेने के बारे में आज तक कोई शिकायत प्राप्त नही हुई है।

नये पड़ाव पर नही हो सका बस स्टैंड का स्थानांतरण


फारबिसगंज (अररिया), : नप क्षेत्र में बस पड़ाव स्थानांतरण का मामला वर्षों से अधर में लटका है। सुभाष चौक सीताधार के समीप बना नया बस पड़ाव भी घोटालों के कारण विवाद में है। टेम्पों स्टैंड के लिए भी जगह निर्धारित की जा चुकी है। लेकिन इन स्थानों पर वाहन नहीं लगते। भीड़भाड़ वाला अस्पताल रोड ही अवैध तरीके से टेम्पों स्टैंड बनकर रह गया है। इस बीच बस पड़ाव के संवेदक ने पिछले एक वर्ष के दौरान करीब तीन बार यह कहकर एग्रीमेंट रद्द करने का अल्टीमेटम दिया है कि नये बस पड़ाव पर सुविधाएं नही है तथा वाहन चालकों द्वारा वाहन यहां नहीं लगाये जाते हैं। वहीं, अवैध वाहन स्टैंड से ही वाहनों से शुल्क वसूली होती रही। इसके बावजूद वाहन स्टैंड का स्थानांतरण नही हो पाया। नप के ईओ गिरिजानंद कापड़ी ने बताया कि वाहन स्टैंड को स्थानांतरित कर नये पड़ाव स्थल पर वाहन चालक जाना नही चाहते है। इसके लिए पुलिस-प्रशासन का भी सहयोग नही मिला है। श्री कापड़ी ने बताया कि एक माह पूर्व भी पुलिस बल मुहैया कराने के लिये अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन दिया गया है। सुरक्षा बल मिलने के बाद हीं वाहनों को नये स्थान पर ले जाया जा सकेगा।
इधर वाहन चालक भी नये पड़ाव स्थल पर जाना नही चाहते है। नये पड़ाव स्थल को ठीक से बनाया ही नही गया है और न हीं यहां यात्री सुविधाएं उपलब्ध है। मालूम हो कि सुभाष चौक के समीप बना नया वाहन पड़ाव लाखों रुपये की लागत से नप प्रशासन द्वारा बनवाया गया था। जो विवादों और आरोपों से घिरे होने के कारण जांच की प्रक्रिया में है। पिछले दिनों पूर्णिया प्रमंडलीय आयुक्त के सचिव के द्वारा नप कार्यालय पहुंचकर बस पड़ाव निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत की जांच की थी। जिसमें नप की मुख्य पार्षद वीणा देवी से भी पूछताछ की गई थी। बताया जाता है कि सीताधार से सटे स्थान पर मिट्टी की जगह कूड़ा-कचड़ा से भरकर वाहन स्टैंड बनाया गया था जहां वाहन चालक जाना नही चाहते हैं। अवैध वाहन स्टैंड से शहर में सड़क जाम की भीषण समस्या बनी रहती है। आखिर इस घपले और जाम की समस्या के लिये कौन दोषी है?

डीएम ने दो पीओ पर लगाया आर्थिक दंड


अररिया : समाहरणालय स्थित आत्मन कक्ष में शुक्रवार को मनरेगा योजना की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीएम एम. सरवणन ने की। मौके पर डीडीसी प्रभात कुमार महथा भी उपस्थित थे। शुक्रवार को आयोजित इस बैठक में डीएम श्री सरवणन ने बिना सूचना के अनुपस्थिति पर फारबिसगंज पीओ पर एक हजार रुपया तथा विलंब से पहुंचने पर अररिया पीओ पर एक सौ रुपया का आर्थिक दंड लगाया।
डीएम ने सभी पीओ को वित्तीय वर्ष 2011-12 तक का एमआईएस एंट्री कार्य पूर्ण करने के लिए 22 अप्रैल तक का अल्टीमेटम दिया। डीएम ने साफ कहा कि 22 अप्रैल तक एंट्री नही करने वालों पर कार्रवाई की जायेगी। बैठक के बारे एडीपीआरओ योगेन्द्र कुमार लाल ने जानकारी देते हुए बताया कि डीएम ने पंचायतवार योजनाओं की स्थिति व मानव दिवस सृजन की समीक्षा भी किया। श्री लाल के अनुसार डीएम श्री सरवण ने कहा कि 28 अप्रैल को जिलास्तर से पदाधिकारियों की टोली पंचायतों में पहुंचकर पोखर निर्माण कार्य आरंभ करायेगी। उन्होंने इस कार्य को मई माह के अंत तक पूर्ण करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर सभी पीओ के अलावा एडीपीआरओ श्री लाल, परियोजना अर्थशास्त्री मनोज कुमार, मनरेगा ईई सुरेश प्र. सिंह आदि मौजूद थे।

पर्यवेक्षकों व प्रगणकों को जातीय जनगणना का प्रशिक्षण


अररिया : शुक्रवार को स्थानीय डीआरडीए सभा भवन में रानीगंज प्रखंड के प्रगणक व पर्यवेक्षकों को जातीय-जनगणना का प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण में 188 प्रगणक व 31 पर्यवेक्षक के तौर पर साक्षर भारत के कर्मी शामिल हुए।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर के रूप में वरीय उप समाहत्र्ता बुद्ध प्रकाश व जोकीहाट बीडीओ मो. सिकंदर ने पूछे जाने वाले सवालों के साथ-साथ डाटा एंट्री की भी जानकारी दी।
इस अवसर पर श्री प्रकाश ने बताया कि जातीय जनगणना का कार्य शुक्रवार से आरंभ हो गया है। जानकारी के अनुसार अररिया प्रखंड में गैयारी पंचायत अंतर्गत सिसौना से जनगणना कार्य आरंभ किया गया। प्रशिक्षण के मौके पर रानीगंज के सहायक चार्ज पदाधिकारी गोपाल प्रसाद साह, बीपीआरओ इंद्रदेव राय सहित कई लोग मौजूद थे।

बीईओ ने किया भवन निर्माण का निरीक्षण


नरपतगंज (अररिया) : बीईओ आमीचन्द राम ने शुक्रवार को प्रखंड के कई स्कूलों में भवन निर्माण का औचक निरीक्षण किया।
श्री राम ने बताया बीआरसी व संकुल समन्वयक का टीम लगाकर वैसे विद्यालय का निरीक्षण किया गया जहां भवन बन रहा है। उनकी फोटोग्राफी भी करवायी गयी। इसके बाद सभी प्रधानाध्यापकोंके साथ बीआरसी आदर्श मवि में बैठक की गई। जिसमें अग्रिम राशि उठाकर विद्यालय भवन निर्माण कार्य में शिथिलता बरतने वालों को चिन्हित किया गया।

सड़क दुर्घटना में मोटर साइकिल सवार दो शिक्षक घायल

फारबिसगंज(अररिया) : शुक्रवार को एनएच 57 पर फारबिसगंज थाना क्षेत्र के ढोलबज्जा के समीप सड़क दुर्घटना में मोटर साइकिल सवार दो शिक्षक घायल हो गये। ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां एक की स्थिति चिंताजनक बतायी गयी है। घायल एक शिक्षक ने बताया है मोटर साइकिल में ठोकर मारने वाल वाहन एसएसबी का था। घायलों में अररिया के खरैया बस्ती निवासी अलख निरंजन तथा मो. असलम शामिल हैं। वे दोनों मध्य विद्यालय पुरन्दाहा में सहायक शिक्षक के रूप में तैनात हैं। गंभीर रूप से घायल निरंजन ने अस्पताल में बताया कि वे दोनों फारबिसगंज प्रखंड कार्यालय जा रहे थे। इसी बीच ढोलबज्जा के समीप पीछे से आ रहे एक एसएसबी के वाहन ने उनके मोटर साइकिल में ठोकर मार दी जिससे वे दोनों गिर गये तथा घायल हो गये। उन्होंने कहा कि धक्का मारने वाला वाहन फरार हो गया।

अति पिछड़ा मंच के प्रखंड अध्यक्ष सम्मानित


कुर्साकांटा (अररिया) : सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने शुक्रवार को भाजपा अति पिछड़ा मंच के प्रखंड अध्यक्ष झमेली ठाकुर को माला पहनाकर सम्मानित किया।
मौके पर श्री सिंह ने कहा कि एनडीए सरकार के शासन में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल-पुलिया आदि के रूप में जो विकास हुआ है वह किसी से छुपा नही है। अति पिछड़ा मंच के कुर्साकांटा प्रखंड अध्यक्ष झमेली ठाकुर ने पार्टी में एक सिपाही के तरह कार्य करने का संकल्प लिया। उन्होंने पंचायत स्तर पर कमेटी का गठन कर संगठन को मजबूती प्रदान करने की बाते कही। मौके पर जुबैर आलम, सुभाष प्रसाद साह, मो. मुस्तफा, विकास साह, मनोज कुमार, इंद्रानंद सिंह, रिंकू सिंह आदि अनेक लोग मौजूद थे।

दुकान में लगी आग, एक लाख की क्षति

पलासी : प्रखंड के बरदबट्टा पंचायत अंतर्गत उरलाहा चौक स्थित राजेश कुमार मंडल के किराना व जनरल स्टोर की दुकान में गुरुवार की रात्रि अचानक लगी आग में करीब एक लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जल गयी। पीड़ित ने इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को भी देने की बातें बतायी गई है। इस बाबत स्थानीय जिप सदस्य प्रतिनिधि अवधेश झा व मुखिया सुखदेव मंडल ने प्रशासन से पीड़ित को उचित मुआवजे उपलब्ध कराने की मांग की है।

अब पंजीयन के लिए दो एवं एक्स रे के लिए देने होंगे दस रूपये

रानीगंज(अररिया) : आउटडोर के मरीजों को पंजीयन शुल्क के रूप में एक के बजाय अब दो रूपये अदा करने होंगे। जबकि एक्सरे के लिए दस रूपये जमा कराने होंगे। यह निर्णय रानीगंज रेफरल अस्पताल परिसर में आयोजित रोगी कल्याण समिति की बैठक में लिया गया। समिति के अध्यक्ष सह अररिया अनुमंडलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिये गये निर्णय के अनुसार वार्डो में भर्ती एक मरीजों के साथ सामान्य स्थिति में एक ही अटेंडेंट रहने की व्यवस्था तय की गयी है ताकि वार्डो की स्वच्छता बनी रही एवं अन्य मरीजों को कोई असुविधा भी न हो। अस्पताल में आउट सोर्सिग के द्वारा सेवा में और सुधार की बात उठायी गयी इसके लिए एजेंसी को चेतावनी भी दी गयी। प्रसव गृह एवं आपरेशन थियेटर के जीर्णोद्वार पर सदस्यों ने संतोष व्यक्त करते हुए वहां एसी लगाने का निर्णय लिया गया। आपरेशन थियेटर सहित वार्डो में पर्याप्त रोशनी नहीं रहने पर सदस्य कैप्टेन एसएन सिंह ने खेद प्रकट कर प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था के लिए सीएफएल बल्ब लगाने का सुझाव दिया जिसे मान लिया गया। सदस्य पूनम देवी ने महिला चिकित्सक की कमी के कारण महिला रोगियों को होने वाली असुविधा से अवगत कराया गया। आउटडोर के मरीजों एवं भर्ती मरीजों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाटर फिल्टर लगाने का निर्णय भी लिया गया। वार्डो में अतिरिक्त बेड एवं गद्दे के लिए जिला स्वास्थ्य समिति से मांग करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में डीपीएम रेहान अशरफ के साथ सचिव प्रभारी चिकित्सक पदाधिकारी डा. सीपी मंडल, डा. विजय कुमार, सदस्य कैप्टेन एसएन सिंह, पूनम देवी, स्वास्थ्य प्रबंधक सादाब समद, डा. साकिब आजम आदि उपस्थित थे।

फारबिसगंज: पांचवें दिन 41 ने किया नामांकन

फारबिसगंज(अररिया) : नगर निकाय चुनाव 2012 के नामांकन के पांचवें दिन शुक्रवार को फारबिसगंज अनुमंडल कार्यालय स्थित नामांकन केंद्र पर दो नगर निकायों के कुल 41 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किये। जिसमें फारबिसगंज नगर परिषद से 22 तथा जोगबनी नगर पंचायत से 19 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष पर्चा दाखिल करने वालों में फारबिसगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या एक से निर्मला देवी, रेखा, रिंकू देवी, वार्ड संख्या दो से हरिलाल मेहता, वार्ड संख्या आठ से रीता देवी, कंचन गुप्ता, संजरी तथा रीता राय, वार्ड दस से रीना कुमार यादव, पूनम देवी, वार्ड ग्यारह से सरमद अंसारी, वार्ड 12 से साबिर अंसारी, अब्दुल कलाम, वार्ड तेरह से मुस्तरी बेगम, 14 से ममता देवी, 16 से सुरेश कुमार गुप्ता, 18 से तसमीन, बबिता पूर्वे, वार्ड 22 से टुन्नी खातून, जुबैदा खातून, तब्बसूम आरा तथा वार्ड संख्या 23 से मोतीउर रहमान ने अपना पर्चा भरा। इधर जोगबनी नप से वार्ड संख्या 1 से मो. युनूस, अधिक लाल, वार्ड संख्या 3 से समीना खातून, वार्ड संख्या 4 से इलियास, वार्ड संख्या 5 से उमा देवी, 7 से यासित, उपेंद्र शर्मा, 8 से सलमा खातून, 10 से रामसकल यादव, 11 से मनोज कुमार साह, चंदा देवी, ललित झा, 12 से सकीला खातून, हाजरा खातून, नूरजहां, 16 से सनजीदा खातून, बीणा देवी तथा वार्ड संख्या 19 से डुमर लाल रजक एवं जगदीश रजक ने अपना नामांकन दाखिल किया है।

जातीय आधारित जनगणना शुरू

सिकटी: जातीय आधारित जनगणना 2012 की शुरूआत प्रखंड के आमगाछी गांव से शुक्रवार को की गयी। मौके पर जनगणना के लिए प्रतिनियुक्त प्रगणक धीरेन्द्र मंडल एवं रविकांत सिंह तथा डाटा इंट्री आपरेटर द्वारा खंड संख्या 18 में जातीय जनगणना का कार्य प्रारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी केके सिन्हा आदि मौजूद थे।

नामांकन में हो रही परेशानी

फारबिसगंज: फारबिसगंज नगर परिषद क्षेत्र स्थित उच्च विद्यालय में 9 वीं वर्ग के विद्यार्थियों को नामांकन करवाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जाता है कि विद्यालयों में सीट सीमित होने की बात कहकर नामांकन नहीं लिया जा रहा है। कुछ विद्यालय सीट फुल होने तो कुछ साधन का अभाव दिखाकर अभिभावकों को विद्यालयों का चक्कर लगवा रहे हैं।

140 अस्थि विकलांगों को मिला प्रमाण पत्र



सिकटी(अररिया), : प्रखंड मुख्यालय सिकटी में आयोजित तीन दिवसीय विकलांगता जांच शिविर के पहले दिन गुरुवार को 140 अस्थि विकलांगों की जांच कर उन्हें प्रमाण पत्र निर्गत किये गये। जिसमें 41 प्रतिशत से अधिक विकलांगता वाले 115 लोगों को मौके पर ही बिहार नि:शक्तता पेंशन योजना का आवेदन पत्र भी भराया गया। जांच शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक डा. रामनारायण झा एवं डा. अतहर द्वारा अस्थि विकलांगता की जांच की गयी। शिविर के सफल आयोजन के लिए बीडीओ केके सिन्हा, प्रभारी चिकित्सक डा. जमील अहमद, डा. वैदेही शरण राय एवं स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य कर्मी तथा प्रखंड सहायक मौजूद थे। वहीं शुक्रवार को भी अस्थि विकलांगता की जांच की गयी। शिविर के अनुश्रवण के लिए डीआरडीए के सहायक निदेशक गोपाल प्रसाद भी मौजूद थे। शनिवार को मूक बधिर एवं दृष्टि विकलांगता की जांच की जायेगी।

डीटीओ की सूमो विक्टा गाड़ी चोरों ने उड़ायी


अररिया, : जिस सूमो विक्टा वाहन पर परिवहन पदाधिकारी सदन लाल जमादार चढ़ते थे उसे गुरुवार की रात ओमनगर वार्ड संख्या 8 से अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली। वे इसे भाड़े पर लेकर व्यवहार करते थे। ज्ञात हो कि डीटीओ को विभागीय वाहन उपलब्ध नहीं कराया गया है। गाड़ी के चालक प्रकाश सिंह ने नगर थाना में चोरी की लिखित सूचना दी है। जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा तफ्तीश शुरू कर दी है। गुरुवार की रात उसी मोहल्ले से चोरों ने भागीरथ गंगा की सुमो विक्टा गाड़ी भी चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन लाक में चाबी टूट जाने के कारण वे असफल रहे। गंगा ने भी इसकी जानकारी पुलिस को दी है।
नगर थाना पुलिस को दी गयी जानकारी में डीटीओ श्री जमादार ने बताया है कि वे भाड़े की गाड़ी पर चढ़ते थे जो रहिका टोला के राजेन्द्र प्रसाद सिंह की है।
जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या बीआर 10 पी 1284 के चालक प्रकाश कुमार रात करीब नौ बजे डीटीओ को उनके आवास पर छोड़कर गाड़ी लेकर ओमनगर स्थित अपने घर चले गये। दरवाजे पर गाड़ी लगाकर वह अपने परिवार के साथ सो गया। सुबह जब नींद खुली तो गाड़ी गायब थी। चालक ने बताया कि खोजबीन के क्रम में जब वह टाल टैक्स पहुंचा तो वहां सुबह के 4 से 5 बजे के बीच उक्त नंबर की गाड़ी फारबिसगंज की ओर जाने की जानकारी मिली है। उधर, भागीरथ ने भी पुलिस को बताया है कि चोर ने उसकी गाड़ी उड़ाने का प्रयास किया था। सुबह जब वह अपनी गाड़ी देखने गया तो लाक में चाबी टूटा पाया। अनुमान है कि चोरों ने पहले इसी गाड़ी को चोरी करने का प्रयास किया होगा, लेकिन चाबी फंस जाने के कारण उसे छोड़ डीटीओ की गाड़ी चोरों ने उड़ा ली।

प्राकृतिक संसाधनों के दोहन से खतरे में जिंदगी


अररिया : परती परिकथा की भूमि पर कुदरत के साथ खिलवाड़ के दुष्परिणाम कई बार सामने आ चुके हैं। यहां जीवन की बुनियादी शर्तो पर ही घना खतरा है। हरियाली उजड़ रही है और इसके दुष्परिणाम भी सामने हैं।
जरा रेणु की परिकथा को याद कीजिए। ..कुल्हड़िया आंधी के साथ कोसी के रास्ते नेपाल से आया पहड़िया पीला पानी। इलाके की धरती लाश बन गयी और उस लाश पर कफन की तरह फैल गये सफेद कास के जंगल। बाढ़ के साथ आये सिल्ट के कारण सतुआ बालू के बड़े बड़े बुर्ज बन गये और तब से बाढ़ सुखाड़ व चक्रवात का अंतहीन सिलसिला चालू है। खतरों की चेक लिस्ट लंबी है। लेकिन कुदरत के अंधाधुंध दोहन की हिस्ट्रीशीट उससे भी लंबी।
डेढ़ सौ साल पुराने अभिलेखों पर गौर करें तो इस जिले की पच्चासी प्रतिशत जमीन पेड़ों से आच्छादित थी। लेकिन आज जंगलात का रकबा बमुश्किल दस फीसदी रह गया है। यह सब जंगलों की अंधाधुंध कटाई का दुष्परिणाम है।
यह बात अलग है कि विगत एक दो साल से जंगलों की खोई गरिमा बहाल करने की कोशिशें चल रही हैं। डीएफओ रणवीर सिंह के नेतृत्व में रेंजर जेके सिंह व फॉरेस्टर हेम चंद्र मिश्रा अपनी टीम के साथ प्रकृति के प्रहरी की तरह कार्य कर रहे हैं। अररिया की हरियाली लौटाने का भरसक प्रयास हो रहा है।
हिमालय की शिवालिक रेंज की गोद में बसा अररिया जिला कृत्रिम वनों के मामले में आज भी सूबे में अव्वल है। यहां डेढ़ हजार एकड़ से अधिक भूमि में वृक्ष लगाये गये हैं। हरियाली फल फूल रही है। लेकिन आशा की इस तस्वीर के नीचे वृक्ष विनाश की काली कोशिशों का लंबा इतिहास है। नब्बे के दशक के बाद से ताकतवर वन माफिया ने यहां के सरकारी व निजी जंगलों को तकरीबन वीरान कर दिया।
जानकारों के अनुसार इस जिले में लगभग दो सौ वैध-अवैध आरा मिलें हैं। तीन दर्जन प्लाई व हाट प्रेस मिल भी कार्य कर रहे हैं। प्लाई मिलों में भले ही मलेशिया व इंडोनेशिया से आयी लकड़ियों का इस्तेमाल होता हो, बैंड सॉ तो पूरी तरह लोकल वृक्षों पर ही आश्रित हैं। कई प्लाई मिल भी स्थानीय लकड़ियों का इस्तेमाल करते हैं। इसका सीधा प्रभाव हरियाली पर पड़ रहा है। जानकारों की मानें तो जिले में लकड़ी मिल व हरियाली के इनपुट का सकारात्मक अनुपात बनाना जरूरी है।
बालू, पानी व जमीन जैसे कुदरती संसाधनों का भी अंधाधुंध दोहन हो रहा है। इन दिनों जिले में दो सौ से अधिक ईट भट्ठे कार्यरत हैं। स्पष्ट है कि इनके चलने के लिए करोड़ों टन मिट्टी हर साल उपयोग में लायी जाती है। यह मिट्टी उपजाऊ है और जब भट्ठे किसी खास स्थान से शिफ्ट कर जाते हैं तो वहां बेकार गढ्डों के सिवा कुछ नही बचता।
डीएफओ श्री सिंह की मानें तो वन विभाग ने विगत एक साल में साढ़े सात लाख से अधिक पौधे लगाये हैं। कुसियारगांव, आजमनगर, सैफगंज, परवाहा, रहिकपुर, सिमराहा, माणिकपुर आदि जंगलों का पुनस्र्थापन किया गया है। श्री सिंह ने बताया कि पूर्णिया अररिया सीमा पर हाइवे की बगल में करियात गांव में क्लोन तकनीक पर आधारित नर्सरी का विकास किया गया है। इससे भविष्य में खास कर शीशम में होने वाली सुखंडी बीमारी पर अंकुश लग सकेगा। उन्होंने कहा कि वन्य जीवों के संरक्षण के प्रति भी आम जन के बीच जागरूकता बढ़ रही है। इस जागरूकता को और आगे बढ़ाने में वन विभाग पीछे नहीं हटेगा।

पुल नही बनने से ग्रामीणों की दुर्दशा


रेणुग्राम (अररिया), : फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत अम्हारा पंचायत के कमता बलियाडीह गांव होकर परमान नदी में बहने वाली नदी में आजादी के दशकों बीत जाने के बाद भी एक अदद पुल का निर्माण सरकार या राजनेताओं द्वारा नही कराये जाने के कारण आज भी इस क्षेत्र के लोग अपने को अंग्रेजी हुकुमत का ही नागरिक मानने को विवश हैं।
बाढ़ और बरसात के मौसम में इस क्षेत्र की जनता ग्रामीण के साथ-साथ सीमावर्ती कुर्साकांटा प्रखंड के कई गांव के नागरिकों को जान जोखिम में डालकर धार को छाती भर पानी में पार करना पड़ता है। कुल मिलाकर धार को पार करने में लोगों को अर्ध नग्न होना पड़ता है। किसानों को अपने उत्पादों को बाजार ले जाने में काफी परेशानी होती है। बीमारों की दशा डाक्टर और दवा तक पहुंचते-पहुंचते मरनासन्न हो जाती है। ग्रामीण अजय मंडल, सुबोध मंडल वही बघमारा के ग्रामीण निपेन्द्र विश्वास, पारस मंडल, मो. जियाउल आदि ने दुखी होकर कहते है कि इस भीषण समस्या को कोई देखने-सुनने वाला नही है। वहीं पुल नही बनने से ग्रामीणों में क्षोभ व्याप्त है।

नही मिला शुद्ध पेयजल, पांच वर्ष से पिला रहे गंदा पानी


फारबिसगंज (अररिया) : नगर निकाय चुनाव सिर पर है। पांच वर्षो तक नप के जनप्रतिनिधियों ने भी खूब वायदे किये। भरोसा दिलाया। लेकिन फारबिसगंज शहर वासियों को इन पांच वर्षो में शुद्ध पेयजल मयस्सर नही हो सका है। चुनाव जीतने के बाद भी नये जनप्रतिनिधि शहर वासियों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति करा पायेंगे तो गनीमत होगी। शहर में नये पेय जलापूर्ति प्लांट लगाने और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के नाम पर शहरी वोटरों तथा अन्य लोगों को आश्वासन का घूंट पिलाया जाता है। बस प्यास ही नही बुझायी गई।
फिलहाल शहरवासियों को जलमिनार से गंदे पेयजल की सप्लाई की जाती है जिसका पानी पीना खतरे से खाली नही है। शहर वासियों ने भी इस गंदे पेयजल को नकारते हुए इस जल का प्रयोग वाहनों और गंदगी को साफ करने के लिये किया जाता है। पेयजल हालांकि कई बस्तियों पुरा गंदे पानी का उपयोग पीने के लिये किया जाता है। जलापूर्ति की पाइप लाइन जमीन के नीचे कई जगह टूट चुका है जिससे पाइप का पानी भी दूषित हो जाता है।
शहर में शुद्ध पेय जलापूर्ति के लिए नगर परिषद की अनुशंसा के आधार पर पीएचइडी द्वारा नया और बड़ा जल मीनार स्थापित किये जाने की योजना है। जमीन के नीचे नई पाइप लाइन भी बिछानी है। लौह निष्कासन संयंत्र के सहारे शुद्ध पेयजल का करोड़ो रुपये की लागत वाला प्लांट लगाया जाना है। जिसका आश्वासन नगर परिषद प्रशासन तथा जनप्रतिनिधि के द्वारा पांच वर्षो तक शहर वासियों को दिया जाता रहा। सप्लाई के गंदे पानी के सहारे नप प्रशासन ने शुद्ध पेयजल के नाम पर लाखों रुपया टैक्स की भी वसूली की। टैक्स लेने के बावजूद सुविधा मुहैया नही कराया गया। स्थानीय निवासी दिवाकर, अमित, राजेश, शिव कुमार सहित कई शहरवासियों ने पेयजल सहित कई अन्य प्रकार के टैक्स भी वसूले गये लेकिन न तो शुद्ध पेयजल मिला और न ही अन्य सुविधाएं। मिला तो बस आश्वासन।
बहरहाल चुनाव के मौसम में शुद्ध पेयजल की याद एक फिर प्रत्याशियों की समस्या बढ़ा सकता है।

आखिर कब बनेगा स्टेशन रोड?


अररिया : आखिर कब तक बनेगी अररिया कोर्ट स्टेशन जाने वाली सड़क? ट्रेन से सफर को स्टेशन आने जाने वाले यात्री निराश हो गए हैं। लेकिन पदाधिकारियों व सत्ता सुख भोग रहे जन प्रतिनिधियों का इस सड़क निर्माण को लेकर दिलचस्पी नजर नहीं आती।
अररिया चांदनी चौक से अररिया कोर्ट स्टेशन जाने वाली अति व्यस्ततम सड़क पिछले कई वर्षो से जर्जर अवस्था में है। वाहन तो दूर अब तो पैदल चलने के लायक भी नही रही है यह सड़क।
जबकि अररिया प्रखंड कार्यालय प्रखंड संसाधन केन्द्र आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केन्द्र, कृषि विभाग, विज्ञान केन्द्र, कोर्ट स्टेशन के अलावा दर्जनों पंचायत के लोगों के आवागमन का एक मात्र सड़क है। प्रतिदिन छोटी बड़ी दुर्घटनाएं इस सड़क पर होना मानो आम बात हो गयी है।

अतिक्रमण से हाट का अस्तित्व संकट में


भरगामा (अररिया) : लगातार बढ़ते अतिक्रमण से सरकारी राजस्व वाली हाट-खजुरी का अस्तित्व समाप्ति के कगार पर है। वैसे बुद्धिजीवियों से लेकर स्थानीय प्रतिनिधियों के द्वारा भी हाट से अतिक्रमण मुक्ति हेतु लगातार लंबे समय तक प्रयास भी किया गया, बावजूद इसके स्थिति आज भी यथावत व समस्या जस की तस बनी हुई है।
हाट से गुजरने वाली मुख्य सड़क को छोड़ शेष सभी जमीन बाजार स्थित व्यवसायियों के अवैध कब्जे में है। पंचायत के पूर्व उप मुखिया शितांशु शेखर पिंटू के साथ बाजार वासियों में रामावतार जायसवाल, सुनिल चौधरी आदि बताते हैं कि अतिक्रमण मुक्ति हेतु बुद्धिजीवियों के साथ पंचायत प्रतिनिधियों के द्वारा भी कई बार आवेदन अंचलाधिकारी भरगामा, अनुमंडलाधिकारी, जिलाधिकारी व प्रशासनिक अन्य उच्चाधिकारियों को भी दी गई। यहां आरोप है कि अतिक्रमणकारी उंचे पहुंच वाले व्यवसायियों के कारण लगातार प्रयास का नतीजा भी अंतत: शून्य हीं रहा। हाट के अनुबंध धारक बताते हैं कि कुछ वर्ष पूर्व तक हाट का क्षेत्र में अपना विशिष्ट स्थान था। साग-सब्जी के साथ रोजमर्रा की सभी सामान हाट में खरीदी व बेची जाती थी। लेकिन लगातार बढ़ते अतिक्रमण ने हाट को धीरे-धीरे मुख्य सड़क तक समेट कर रख दिया है। प्रशासन के अगले कदम पर टकटकी लगाए बुद्धिजीवियों का मानना है कि अतिक्रमण मुक्ति को लेकर प्रशासन द्वारा जल्द हीं अगर कदम नही उठाया गया तो निश्चित हाट का अस्तित्व भी समाप्त हो जायेगी।

भागवत कथा कार्यक्रम की तैयारी जोरों पर


फारबिसगंज(अररिया) : स्थानीय द्विजदेनी स्मारक उच्च विद्यालय परिसर में आगामी 27 अप्रेल से आरंभ होने वाले पांच दिवसीय श्रीमद् भागवत महापुराण दिव्य पावन कथा कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से जारी है। उल्लेखनीय है कि गायत्री तीर्थ, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन अखिल विश्व गायत्री परिवार, फारबिसगंज शाखा के द्वारा किया जा रहा है।
आयोजक समिति से मिली जानकारी अनुसार प्रथम दिन 27 अपै्रल को प्रात: कलश शोभा यात्रा निकाली जायेगी तथा संध्या काल संकल्प के उपरांत भागवत पुराण कथा कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। जबकि 28 से 30 अप्रैल प्रात: तक एवं संध्या 5 बजे से 8 बजे तक दो सत्रों में श्रीमद् भागवत कथा का वाचन होगा। जबकि 1 मई को गायत्री महायज्ञ द्वारा पूर्णाहूति समारोह के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। आयोजन कर्ताओं ने बताया कि श्रीमद् भागवत महापुराण कथा कार्यक्रम के दौरा शांतिकूंज हरिद्वार के कई भागवत विद्वान एवं आचार्य गण उपस्थित रहेंगे।

खुली सीमा बनी राष्ट्रविरोधी शक्तियों की शरणस्थली


जोगबनी (अररिया), : भारत-नेपाल खुली सीमा राष्ट्रविरोधी शक्तियों की शरणस्थली बन गयी है। जिससे हथियार, ड्रग्स व मानव व्यापार के मुख्य केन्द्र बना हुआ है। इतना ही नही ऐसे तत्वों द्वारा नोमेंस लैंड को अतिक्रमित कर इन अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे है। सीमा क्षेत्र में बढ़ते इन अवैध कारोबार पर दोनों देश (भारत-नेपाल) के प्रशासन ने भी चिंता जाहिर करते हुए स्वीकारा है कि अपराधी अपराध कर सीमा पार कर जाते है।
भारत-नेपाल खुली सीमा होने के कारण यहां राष्ट्र विरोधी तत्वों के हौसले काफी बुलंद है। गत वर्ष नेपाल भंसार के पास नेपाल पुलिस द्वारा मोटर साइकिल सहित एक युवक को पिस्टल व दो मैगजीन के साथ गिरफ्तारी, एसएसबी ने 50 हजार के भारतीय जाली नोटों के साथ युवक का पकड़ा जाना तथा हाल के महीनों में 6 वर्षीय बच्चों के शरीर से भारी मात्रा में नशीली दवा का बरामद होना इस बात को बल प्रदान करता है कि सीमा क्षेत्र में किस तरह से राष्ट्र विरोधी तत्वों को नेटवर्क कार्य कर रहा है। इन तत्वों द्वारा सीमा क्षेत्र के सीधे व गरीब युवक व युवती को इन कार्यो में लगा बखूबी अंजाम दे रहे है। चूंकि ऐसे तत्वों पर सफेद पोश के कथित संरक्षण प्राप्त होने के कारण पुलिस बेबस हो जाती है।
सनद रहे इन सीमा का प्रयोग करते 5 अफगानी एवं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के हत्या का साजिश करता सिमरनजीत सिंह मान पकड़े गये थे इतना ही नही हाल के वर्षो में नेपाल के रास्ते भारतीय क्षेत्रों में जोगबनी के रास्ते प्रवेश करते मिर्जा खान को पूर्णिया में गिरफ्तार किया गया था। इससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि भारत-नेपाल का यह सीमा जोगबनी कितना संवेदनशील है।

आपदा जोखिम न्यूनीकरण को लेकर परिचर्चा


अररिया : विकास बिहार संस्था के सौजन्य से गुरुवार को रानीगंज मुख्यालय स्थित लालजी उच्च विद्यालय में एक दिवसीय परिचर्चा आयोजित की गई। परिचर्चा के माध्यम से इस परियोजना में बाल सुरक्षा समिति एवं बाल पंचायत द्वारा एक्शन प्लान बनाकर ग्राम सभा की योजनाओं में शामिल करने की सिफारिश की गई। साथ ही बाढ़ शरण स्थली एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों की स्थिति पर चर्चा भी की गई। इस परिचर्चा को इन्द्र देव राय प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर संस्था के विनीत श्रीवास्तव ने बताया कि रानीगंज प्रखंड के सात पंचायत के बीस गांव में सामुदायिक आधारित आपदा न्यूनीकरण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे है। मौके पर सुनिल कुमार, अनिल कुमार के अलावा कई पंचायत के मुखिया भी मौजूद थे।

पोलियो चक्र का बहिष्कार वापस

पलासी : प्रखंड क्षेत्र में पोलियो उन्मूलन अभियान से जुड़े पर्यवेक्षक व टीकाकर्मी अभियान के दूसरे दिन गुरुवार को वापस कार्य में लग गये। यह जानकारी प्रभारी डा. जहांगीर आलम ने दी। गौरतबल हो कि अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रखंड के पर्यवेक्षक व पोलियो टीका कर्मी ने प्रथम बुधवार को पोलियो चक्र का बहिष्कार किया था।

संदेह के आधार पर छह जापानी हिरासत में, मुक्त


अररिया : नेपाल के रास्ते अररिया में घुसे छह जापानी युवकों को सिमराहा पुलिस ने बुधवार की संध्या हिरासत में लिया है। तहकीकात के बाद चारों को मुक्त कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार उक्त चारों युवक काठमांडू टूर पर आये थे। काठमांडू से विराटनगर के रास्ते अररिया पहुंचे। सिमराहा के निकट उन लोगों को टैंपो खराब हो गया। आसपास के लोगों ने अंजान व्यक्ति समझकर पुलिस को सुचना दी। सूचना मिलते ही सिमराहा पुलिस छह युवक को हिरासत में लेते हुए नगर थाना ले आये। जहां गुरुवार को पूरी तहकीकात के बाद मुक्त कर दिया गया।

आशा कार्यकर्ताओं की बैठक

पलासीं: प्रखंड मुख्यालय स्थित पीएचसी प्रांगण में गुरुवार को आशा दिवस पर आशा कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गयी। जिसकी अध्यक्षता प्रभारी डा. जहांगीर आलम ने की। मौके पर डा. कुणाल शंकर, बीएमसी मो. मसरूर आलम, कमलानंद मंडल, बालेश्वर यादव आदि मौजूद थे। बैठक में पोलियो उन्मूलन चक्र की सफलता को लेकर व्यापक विचार विमर्श व नियमित टीकाकरण, जेबीएसवाई सहित आशा किट का भी वितरण किया गया। साथ ही पोलियो से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गयी।

एड्स से बचाव को लेकर संगोष्ठी


अररिया, : अररिया महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में गुरूवार को एड्स से बचाव विषय पर एक संगोष्ठी आयोजित की गयी। रेड रिबन क्लब से जुड़े सभी छात्र छात्राएं इस मौके पर मौजूद थे। एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी डा. अशोक पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि इस संगोष्ठी में एड्स के कारणों एवं बचाव पर चर्चा की गयी।
इस अवसर पर प्राचार्य डा. मुहम्मद कमाल सहित कालेज के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मी व छात्र छात्राएं उपस्थित थे।

भवन निर्माण शीघ्र पूर्ण करे, नहीं तो जेल: डीईओ



अररिया : गुरुवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय कक्ष में तीन प्रखंडो के वैसे स्कूल प्रधानाध्यापकों की बैठक बुलाई गई, जिन्होंने अग्रिम राशि उठाने के बावजूद भवन निर्माण का कार्य पूर्ण नही किया। इसकी अध्यक्षता डीईओ राजीव रंजन प्रसाद ने की। गुरुवार को नरपतगंज, फारबिसगंज व भरगामा के प्रधानाध्यापकों की क्लास डीईओ श्री प्रसाद ने अलग-अलग लगायी।
श्री प्रसाद ने साफ तौर पर कहा कि राशि उठाव के बावजूद स्कूल भवन का कार्य पूरा नहीं करने वाले प्रधानों को जेल जाना तय है। उन्होंने कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने को कहा है। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल को अररिया, जोकीहाट व रानीगंज, 24 अप्रैल को कुर्साकांटा, सिकटी व पलासी के एचएम की बैठक बुलाई गई है। मौके पर डीपीओ द्वय बसंत कुमार, विद्यानंद ठाकुर, जेई श्रीकांत विद्यार्थी आदि मौजूद थे।

मोटर साइकिल की ठोकर से टूटा पर्यवेक्षिका का पैर

जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड के आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिका निशात अफशां पोलियो उन्मूलन अभियान कार्यक्रम का डूबा और तारण से पर्यवेक्षण कर जोकीहाट लौट रही थी। इस दौरान तारण के निकट जोकीहाट की ओर से अररिया की ओर तेज गति से आ रही मोटर साइकिल की ठोकर से उक्त पर्यवेक्षिका बुरी तरह जख्मी हो गई और उनका एक पैर टूट गया। पर्यवेक्षिका के परिजन शलीम अजीज एवं अन्य की मदद से अररिया के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।

मैला आंचल की खासियत पर प्रदूषण ने लगाया ग्रहण


अररिया : नेपाल की अंतर्राष्ट्रीय सीमा से सटे अररिया जिले की उत्तरी सीमा बर्फीली चोटियों से सजी हिमालय की नीली पहाड़ियों के लिए विख्यात रही है। इसे मैला आंचल की इलाकाई खासियत माना जाता था। लेकिन वायु प्रदूषण के कहर ने इस खूबसूरत विशेषता को निगल लिया है। अब पूरे साल में बारिश के मौसम के बाद ही यह सुंदर दृश्यावली नजर आती है। वहीं, बड़ी संख्या में कार्यरत ईट भट्ठों, होटलों व वाहनों की हर रोज बढ़ी तादाद ने भी इस अभिशाप में बढ़ोतरी की है।
हालांकि जिले में कई लोग ऐसे भी हैं, जो बिना किसी तामझाम के प्रदूषण व पर्यावरण को बचाने की मुहिम में साइलेंट वर्कर की तरह काम कर रहे हैं। द्विजदेनी चेतना मंच के संस्थापक विनोद कुमार तिवारी व उनकी टीम में शामिल व्यक्ति ऐसे ही लोगों में हैं, जो विगत डेढ़ दशक से अधिक समय से आम जन के बीच पर्यावरण जागरूकता व वायु प्रदूषण के दंश से मुक्ति दिलाने को काम कर रहे हैं। उन्होंने इस दौरान तीन सौ से अधिक गोष्ठियां, कार्यक्रम व अभियान आदि का संचालन किया है। वहीं द्विजदेनी चेतना समिति के सौजन्य प्रखंड के विभिन्न स्कूलों में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किये गये हैं। पर्यावरण प्रेमी तमाल सेन के अनुसार ऐसे आयोजनों का सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
वृक्षों के लिए विख्यात रहे इस इलाके में लगातार पेड़ों की कटाई से न केवल यहां की हरियाली छिन गयी, बल्कि वायु प्रदूषण व पर्यावरण असंतुलन जैसे कुदरती प्रकोप का भी सामना करना पड़ा है।
बड़े बूढ़ों के अनुसार अतीत में अररिया जिले के गांवों से हिमालय की नीली पहाड़ियां व उनके टाप पर कंचन जंघा व एवरेस्ट आदि चोटियां साफ नजर आती थी। लेकिन सीमा के आरपार हजारों की संख्या खुली फैक्ट्रियों, चिमनी भट्ठों व वाहनों के प्रदूषण ने इस प्राकृतिक वरदान को समाप्त कर दिया है।
जानकारों की मानें तो वायु प्रदूषण केकारण वायुमंडल की स्वच्छता व दृश्यता बहुत कम हो गयी है। इसीलिए दूर की चीजें स्पष्ट नजर नहीं आती। वहीं, वायु प्रदूषण के कारण सांस जनित रोग भी लगातार बढ़ रहे हैं। युवा चिकित्सक डा. कुमार आनंद की मानें तो वायु प्रदूषण से सांस व एलर्जी के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
इधर, द्विजदेनी चेतना समिति के अध्यक्ष संजीव विश्वास व सचिव मनोज तिवारी ने बताया कि वायु प्रदूषण का अभिशाप निवारण उनकी कार्यसूची में सबसे ऊपर रहा है। इस अभिशाप को हरियाली के अस्त्र से ही दूर किया जा सकता है। इसीलिए उनके संगठन ने वृक्षारोपण को अपना प्रमुख कार्यक्रम बना लिया है।
वहीं, समिति के संस्थापक विनोद तिवारी के अनुसार वृक्षारोपण कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने, जल सरंक्षण, मृदा सरंक्षण आदि में भी मदद मिल रही है। खास कर स्कूली बच्चे पर्यावरण सरंक्षण के प्रति खूब जागरूक हुए हैं। उन्होंने बताया कि उनका यह अभियान जिले की खोयी हरियाली वापस लाने तक चलता रहेगा।

सरकार के आदेश पर भारी है प्राइवेट स्कूलों का फैसला


अररिया: माननीय सर्वोच्च न्यायालय के द्वारा शिक्षा का अधिकार कानून को भले ही संवैधानिक दर्जा दे दिया गया हो, पर इस एक्ट में विहित प्रावधानों को पालन किसी स्तर पर नही हो रहा है। चाहे वो सीओं के आरक्षण का मामला हो या फिर नामांकन के वक्त स्कूल का स्थानांतरण प्रमाण पत्र या जन्म प्रमाण की अनिवार्यता का विषय। अररिया जिले के स्कूलों का फैसला सरकार के आदेश पर भारी प्रतीत होता है। इस मामले में प्राइवेट स्कूल अग्रिम पंक्ति में खड़े है।
सरकार के द्वारा पहले नामांकन के समय जन्म प्रमाण पत्र या टीसी तथा अन्य समकक्ष कागजातों की अनिवार्यता संबंधी आदेश जारी किया था। परंतु बाद में एक बार फिर इस आदेश में कुछ संशोधन किया गया। सरकारी स्कूलों में तो बिना टीसी के नामांकन नही करने संबंधी निर्देश प्राप्त है, परंतु इस मामले में मात्र खानापूरी ही की जाती है। इस कारण सरकारी स्कूलों के कक्षा में आम तौर पर एक साथ एक वर्ग में अलग-अलग उम्र के बच्चे दिखाई देते हैं। यह समस्या का मूल कारण है टीसी या बर्थ सर्टिफिकेट की अनिवार्यता को समाप्त करना। अगर शिक्षा विभाग के अधिकारी स्कूलों को पड़ताल करें तो सारी सच्चाई सामने आ जायेगी। परंतु विडंबना यह है कि अधिकारी स्कूलों का निरीक्षण तो करते हैं पर इस मुद्दे पर पहल भी नही कर पाते हैं। प्राइवेट स्कूलों में तो ऐसे नियम ताक पर ही रख दिए जाते हैं। एक भी प्राइवेट स्कूल बच्चों के नामांकन के वक्त न तो बर्थ सर्टिफिकेट की खोज करता है और न ही टीसी का। गैर सरकारी स्कूलों में नामांकन सिर्फ पैसों के बल पर ही होता है। फारबिसगंज स्थित भद्रेश्वर के मिथिला पब्लिक स्कूल जैसे स्कूलों में भी जन्म प्रमाण पत्र या टीसी नही लिया जाता है। स्कूल की प्राचार्या पुतुल मिश्रा बताती है कि जन्म प्रमाण पत्र व टीसी को नामांकन के वक्त अनिवार्य नही माना जाता है। परंतु बिना जन्म प्रुफ के बच्चों का एडमीशन भी नही होता है। उन्होंने बताया कि बच्चे के अभिभावक इस संबंध में एक घोषणा पत्र देते हैं। वहीं ग‌र्ल्स आइडियल एकेडमी की शिक्षिका नगमा अख्तर की माने तो कुछ ऐसा ही नियम उनके स्कूल में भी है। मोहिनी देवी मेमोरियल स्कूल, ईस्टर्न पब्लिक स्कूल आदि भी अभिभावकों से घोषणा पत्र लेकर ही नामांकन करता है। जबकि आदर्श मवि बाजार, आदर्श मवि ककुड़वा आदि के प्रधानाध्यापक का कहना है कि बिना टीसी के नामांकन नही लिया जाता है।
इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी बसंत कुमार ने कहा कि अनिवार्यता खत्म कर दिया गया है। लेकिन यह भी सच है कि इन कागजातों के बिना नामांकन होने पर एक ही वर्ग में अलग-अलग बच्चे पढ़ रहे हैं। श्री कुमार ने कहा कि जांच होने पर ऐसे मामले सामने आ सकते है।

भू-विवाद : मारपीट में एक दर्जन घायल, प्राथमिकी

जोकीहाट (अररिया), : जोकीहाट थानाक्षेत्र के बारा इस्तबरार पंचायत अंतर्गत सिसुवा गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच गुरुवार को जमकर मारपीट हुई। मारपीट की इस घटना में दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोग जख्मी हो गये। जख्मियों को रेफरल अस्पताल जोकीहाट में एक पक्ष के राजेन्द्र पंडित, टोलाई पंडित, नागेन्द्र, विजेन्द्र, सीता देवी एवं भोलाई पंडित तथा दूसरे पक्ष के महेन्द्र पंडित, जागेश्वर पंडित, मायानंद, दयानंद, हीरा, रूक्मिणी देवी शामिल है। दोनों पक्षों की ओर से थाने में प्राथमिकी कराई गई है। थानाध्यक्ष टीपी सिंह ने मामले की पुष्टि की है। घटना को ले गांव में तनाव व्याप्त है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

जनचेतना स्वास्थ्य शिविर का आयोजन


अररिया : गरीब मजदूर एवं असहाय को स्वास्थ्य लाभ उपलब्ध कराने के लिए गुरुवार को रामपुर कोदरकट्टी पंचायत में जनचेतना स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने की। मौके पर सांसद ने नवनिर्मित पंचायत भवन का भी उद्घाटन किया।
इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए सांसद श्री सिंह ने कहा कि शिविर जनचेतना का माध्यम है। स्वास्थ्य के प्रति यदि लोग जागरूक रहेंगे तो उनका जीवन भी सुखमय होगा। क्योंकि स्वस्थ्य मनुष्य से ही स्वस्थ समाज की परिकल्पना साकार हो सकती है। मौके पर श्री सिंह ने सरकार द्वारा चलाये जा रहे ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन का लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर मुखिया राजेश कुमार सिंह ने शिविर को व्यवस्थित ढंग से चलाते हुए लोगों के बीच अपने विचार प्रकट किये। वहीं चिकित्सक डा. उदयभान सिंह, आयुष चिकित्सक डा. विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि शिविर में कालाजार, मलेरिया को चिह्नित करने के साथ साथ गर्भवती महिलाओं के भी स्वास्थ्य परीक्षण किये जा रहे हैं। वहीं शिविर में एएनएम व आशा कार्यकर्ताओं द्वारा परिवार नियोजन के इच्छुक महिलाओं का भी रजिस्ट्रेशन किया गया। मौके पर एएनएम रोशन आरा, मो. शमशाद आलम, लैब टेक्नीशियन मो. साकिब अहमद आदि मौजूद थे।

सीमा सुरक्षा चेतना यात्रा का आगमन आज

जोकीहाट (अररिया) : भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा चेतना यात्रा दल का आगमन शुक्रवार को जोकीहाट के जहानपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जायेगा। उक्त जानकारी यात्रा के सक्रिय सदस्य देवानंद मंडल ने दी। इस सीमा सुरक्षा चेतना यात्रा का उद्देश्य भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र पर आतंकवाद, भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाले असमाजिक तत्वों के विरुद्ध एकजुटता व सक्रियता का संदेश देना है। चेतना यात्रा का बहादुरगंज की ओर से अपने निर्धारित समय करीब 9 बजे सुबह जहानपुर दुर्गा मंदिर पहुंचने की जानकारी श्री मंडल ने दी। इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों लोग चेतना यात्रा के स्वागत को लगे रहेंगे। कार्यक्रम की पूरी तैयारी आयोजकों ने कर ली है। जहानपुर के बाद चेतना यात्रा मदनपुर की ओर प्रस्थान करेगी जहां दिन के करीब 11 बजे कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।

मारपीट: महिला सहित एक दर्जन जख्मी


कुसियारगांव (अररिया) : जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया। जिससे महिला सहित एक दर्जन से ज्यादा लोग बुरी तरह जख्मी हो गया। जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया है। घटना को लेकर सूचना अस्पताल प्रशासन द्वारा थाना को भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार जोकीहाट थाना क्षेत्र सिसवा गांव में मकान निर्माण कर रहे लोगों पर हमला किया गया जिससे दयानंद पंडित, जागेश्वर पंडित, रूकमनी देवी, मायानंद पंडित, हीरा लाल पंडित, महेन्द्र पंडित को हथियार से वार कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। दूसरी घटना महलगांव के पीटी डोमरिया में मो. राजू को पीटकर जख्मी कर दिया। अजमतपुर के अनवरी खातुन आदि लोग शामिल है जिसका इलाज चल रहा है वही चिकित्सक ने बताया कि दो लोगों को पूर्णिया जाने का सलाह दिया गया है।

वार्ता के बाद पोलियो कर्मी वापस लौटे काम पर


कुसियारगांव (अररिया), संसू: डब्लूएचओ के जिला पर्यवेक्षक व टीकाकर्मी गुरुवार को काम पर वापस लौट गये।
इस संबंध में पोलियो कर्मियों ने बताया कि गुरुवार को सिविल सर्जन, डीपीएम, एसएमओ डब्लूएचओ के डीपीओ एवं अन्य पदाधिकारी के समक्ष जिला पर्यवेक्षक एवं टीका कर्मी से वार्तालाप के क्रम में उन्होंने आश्वासन दिया है कि सात सूत्री मांगों में से यथा संभव पूरा किया जायेगा। शेष को उच्च पदाधिकारी के पास भेजा जायेगा, इन सभी बातों से सहमत होकर हम सभी अपने हड़ताल समाप्त करते हुए काला बिल्ला लगाकर गुरुवार को कार्य में लौट आये हैं। पर्यवेक्षक बीरबल कुमार, संजय कुमार, विकास कुमार, प्रताप ठाकुर, सुरेन्द्र कुमार यादव आदि ने बताया कि आश्वासन पर भविष्य में कोई पहल नही किया गया तो प्रदेश स्तर पर धरना प्रदर्शन करेंगे।

पोलियो कर्मियों का बहिष्कार वापस, लौटे काम पर

जोकीहाट (अररिया) : पोलियो उन्मूलन अभियान का बुधवार को प्रखंड के अधिकांश पर्यवेक्षकों आदि ने बहिष्कार किया था लेकिन सिविल सर्जन व पोलियो कर्मियों की वार्ता के बाद गुरुवार को सभी पर्यवेक्षक काम पर लौट आये। जोकीहाट के पर्यवेक्षक सैफुर्रहमान ने बताया कि किसी भी पोलियो कर्मियों को नही हटाने, पारिश्रमिक नही काटने आदि शर्त पर बहिष्कार वापस लिया गया। उन्होंने बताया कि सभी पर्यवेक्षक कार्य पर लौट आये हैं। इधर स्वास्थ्य प्रबंधक औवेश अहमद ने बताया कि गुरुवार को पोलियो उन्मूलन अभियान कार्यक्रम में पर्यवेक्षकों ने हाथ बंटाया।

महिला मरीज की मौत पर परिजनों ने काटा बवाल


कुसियारगांव (अररिया) : सदर अस्पताल अररिया में बुधवार की रात्रि एक महिला मरीज की मौत हो जाने के कारण परिजनों ने जमकर बवाल काटा।
आक्रोशित लोगों ने डा. शरद कुमार सहित स्वास्थ्य कर्मी मो. साबिर व योगेन्द्र पासवान के साथ भी बदसलूकी की। इस घटना के बाद अस्पताल में मरीजों के इलाज पर भी प्रभाव पड़ा, क्योंकि चिकित्सकों ने केवल इमरजेंसी मरीज का ही इलाज किया।
इधर, परिजनों का कहना था कि स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा विलंब से आक्सीजन दिया गया था, जिससे महिला की मौत हो गयी। वहीं प्रभारी डीएस डा. जेएन माथुर से पूछे जाने पर बताया कि महिला अस्पताल में आते ही दम तोड़ चुकी थी फिर भी उसे आक्सीजन लगाया गया। जब चिकित्सक ने मरीज को मृत घोषित कर दिया तो परिजन बिफर गये और डाक्टर का आला व ब्लड प्रेशर मशीन तोड़ डाला। उन्होंने बताया कि मामले में डाक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों की ओर से उन्हें मौखिक शिकायत मिली है, लिखित नही।
वहीं गुरुवार को इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डा.डीएनपी साह ने बताया कि घटना के समय व बाद में भी पुलिस को दूरभाष पर सूचना दिया गया पर कोई भी अस्पताल नही पहुंचा। वहीं अस्पताल प्रबंधक विकास कुमार ने बताया कि रात में चिकित्सक सहित स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बदसलूकी की गयी है पर प्रशासन से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गयी है।

दो युवतियों की मेडिकल जांच


कुसियारगांव: अलग-अलग थाना क्षेत्र से दो युवतियों को मेडिकल जांच के लिए पुलिस द्वारा सदर अस्पताल अररिया लाया गया। ये युवतियां प्रेम प्रसंग से जुड़े मामले से संबद्ध बतायी गयी।
तीन माडल केंद्र चयनित
अररिया: साक्षर भारत के तहत संचालित 218 लोक शिक्षा केन्द्र में से तीन लोक शिक्षा केन्द्र माडल केन्द्र के रूप में बनाया जायेगा। भारत सरकार के निर्देश पर अररिया जिला लोक शिक्षा समिति तीन माडल केन्द्रों का चयन कर रही है। यह जानकारी डीपीओ बसंत कुमार तथा साक्षर भारत के मुख्य कार्यक्रम समन्वयक प्रो. बीएन झा ने दी।

संविदा पर नियुक्त डाक्टर की सेवा समाप्त

कुसियारगांव : कांट्रेक्ट पर कार्यरत महिला चिकित्सक डा. मंतशा बिना सूचना के अस्पताल नही आने के कारण प्रभारी डीएस डा. जेएन माथुर ने कांट्रेक्ट समाप्त करने की बात कही है। बताया गया है कि इसकी सूचना सिविल सर्जन को भेज दिया गया है। साथ ही डीएस ने बताया कि कांट्रेक्ट पर कार्यरत किसी कर्मी के 15 दिन तक नही आने पर नियमानुसार उसकी सेवा स्वत: समाप्त हो जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि लंबी छुट्टी लेकर भागे रहने वालों से भी स्पष्टीकरण पूछा जा रहा है।

जनसहयोग: एक माह का अनाज देंगे अग्निपीड़ितों को


नरपतगंज (अररिया) : प्रखंड के नाथपुर कुर्मी टोला गांव में गेहूं थ्रेसिंग के दौरान लगी आग से जले अरमानों की राख पर अब जन सहयोग की मिसाल स्वरूप ले रही है। पीड़ितों के पक्ष में गांव वाले एकजुट हो गये हैं। कोई अपने हिस्से का बीपीएल अनाज दे रहा है तो किसी ने झोपड़ी खड़ी करने को बांस आदि की व्यवस्था की है।
सामान्य जीवन की शुरूआत हालांकि इन परिवारों के बीच अब भी एक कड़ी चुनौती है। लेकिन गांव के युवाओं ने अपने आंसू पोंछ कर पुनर्निमाण की पहल शुरू कर दी है। वे खुद गड्ढे कर आशियाना तैयार करने में जुट गये हैं।
कुर्मी टोला के सैकड़ों ग्रामीणों को मुखिया जयनारायण राय ने इकट्ठा कर विचार विमर्श किया। मुखिया ने यथासंभव पीड़ितों को वस्त्र व बर्तन दिए। टोला के बीपीएल परिवारों ने एक माह का गेहूं व चावल पीड़ितों को देने का निर्णय किया। वहीं, सुखी संपन्न लोगों ने आशियाना खड़े करने के लिए बांस दिये। इधर, कई मजदूरों ने मुफ्त में मजदूरी कर पीड़ितों का आशियाना बनाना शुरू कर दिया है।
मुखिया जयनारायण राय ने बताया प्रशासन द्वारा अभी तक अनाज व रुपये नही दिए गए हैं। प्रशासन जब आयेगा तब, ग्रामीणों ने मदद की ठान ली है।