Friday, April 20, 2012

डीटीओ की सूमो विक्टा गाड़ी चोरों ने उड़ायी


अररिया, : जिस सूमो विक्टा वाहन पर परिवहन पदाधिकारी सदन लाल जमादार चढ़ते थे उसे गुरुवार की रात ओमनगर वार्ड संख्या 8 से अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली। वे इसे भाड़े पर लेकर व्यवहार करते थे। ज्ञात हो कि डीटीओ को विभागीय वाहन उपलब्ध नहीं कराया गया है। गाड़ी के चालक प्रकाश सिंह ने नगर थाना में चोरी की लिखित सूचना दी है। जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा तफ्तीश शुरू कर दी है। गुरुवार की रात उसी मोहल्ले से चोरों ने भागीरथ गंगा की सुमो विक्टा गाड़ी भी चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन लाक में चाबी टूट जाने के कारण वे असफल रहे। गंगा ने भी इसकी जानकारी पुलिस को दी है।
नगर थाना पुलिस को दी गयी जानकारी में डीटीओ श्री जमादार ने बताया है कि वे भाड़े की गाड़ी पर चढ़ते थे जो रहिका टोला के राजेन्द्र प्रसाद सिंह की है।
जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या बीआर 10 पी 1284 के चालक प्रकाश कुमार रात करीब नौ बजे डीटीओ को उनके आवास पर छोड़कर गाड़ी लेकर ओमनगर स्थित अपने घर चले गये। दरवाजे पर गाड़ी लगाकर वह अपने परिवार के साथ सो गया। सुबह जब नींद खुली तो गाड़ी गायब थी। चालक ने बताया कि खोजबीन के क्रम में जब वह टाल टैक्स पहुंचा तो वहां सुबह के 4 से 5 बजे के बीच उक्त नंबर की गाड़ी फारबिसगंज की ओर जाने की जानकारी मिली है। उधर, भागीरथ ने भी पुलिस को बताया है कि चोर ने उसकी गाड़ी उड़ाने का प्रयास किया था। सुबह जब वह अपनी गाड़ी देखने गया तो लाक में चाबी टूटा पाया। अनुमान है कि चोरों ने पहले इसी गाड़ी को चोरी करने का प्रयास किया होगा, लेकिन चाबी फंस जाने के कारण उसे छोड़ डीटीओ की गाड़ी चोरों ने उड़ा ली।

0 comments:

Post a Comment