Sunday, April 29, 2012

काचमोह घाट पर पुल बनाने की मांग पकड़ रही जोर


पलासी (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र से होकर बहने वाली बकरा नदी के काचमोह घाट पर पुल बनाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। गौरतलब हो कि काचमोह-पलासी अररिया तथा सिकटी प्रखंड का सीमावर्ती क्षेत्र है। इस घाट से होकर प्रति दिन काचमोह, अरड़बाड़ी, आमगाछी, साहसमल, फुलबाड़ी, बेंगा, भोजपुर, कुर्साकांटा के पलासी प्रखंड व पूर्वी क्षेत्र में आने-जाने का मुख्य मार्ग रहा है। वर्षा के दिनों में इस घाट पर लोग नाव से नदी आर-पार करते हैं। किंतु सुखाड़ के मौसम में बांस का चचरी पुल ही आवाजाही का मुख्य साधन रहता है। हालांकि काचमोह घाट से दक्षिण करीब तीन किमी पर बकरा नदी के डेहटी घाट पर एक-डेढ़ वर्ष पूर्व पुल के निर्माण से वर्षात में लोग मजबूरी में उस होकर आवाजाही करते है।
इस बाबत स्थानीय गोपाल कृष्ण मंडल, दुलानंद मंडल, गयानंद ठाकुर, मनोज यादव, सिकटी विधान सभा के युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज कुमार भारती आदि ने बताया कि काचमोह घाट पर वर्षो से पुल बनाने की मांग की जाती रही है। किंतु जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक उदासीनता के कारण उक्त घाट पर आजतक पुल निर्माण की दिशा में ठोस पहल नही किया गया। वहीं इस बाबत सिकटी विधायक आनंदी प्रसाद यादव ने दूरभाष पर बताया कि नीतीश-मोदी के राज में एक भी पुल-पुलिया बांकी नही रहेगा। उस दिशा में पहल किया जायेगा।

0 comments:

Post a Comment