Tuesday, May 29, 2012

झंडू को पांच माह में भी नहीं छुड़ा पायी साहेबगंज पुलिस


अररिया : बीते 18 जनवरी को अपहृत संजय कुमार सिन्हा उर्फ झंडू को साहेबगंज पुलिस आज तक खोज नही पायी है। झंडु जिंदा है भी या नही साहेबगंज पुलिस आज तक इस रहस्य को नही सुलझा पायी। उसकी इस विफलता से पुलिस महकमा एक बार फिर से बदनाम हो रहा है।
अररिया पुलिस के चंगुल में फंसे अंतर्राज्यीय अपहरण गिरोह का सरगना पप्पू यादव पुलिस के समक्ष झंडु को लेकर लगातार विरोधाभासी बयान दे रहा है। पहले दिन के पूछताछ के क्रम में पप्पू ने खुलासा किया था कि मोनू एवं झंडू का अपहरण साहेबगंज के ह्वाइट हाउस के निकट से किया गया था। अपहरण के दूसरे दिन हीं मोनू की हत्या बाराहाट रोड के किनारे गोली मारकर की गयी थी। लेकिन झंडू की हत्या सिकंदर ने साहेबगंज में गोली मारकर की थी। हत्या के बाद झंडू का शव गंगा नदी में फेंक दिया गया था। पुलिस ने मोनू का शव तो बरामद किया, लेकिन झंडू का शव आज तक नही मिल पाया है। जबकि दूसरे दिन के पूछताछ में पप्पू ने बताया कि शायद झंडू की हत्या नही की गयी है। पप्पू ने झंडू को कोलकता भेजने की बात भी बतायी। पप्पू के इस विरोधाभासी बयान के बाद पुलिस एक बार फिर झंडू की खोज में दिलचस्पी लेने लगी है। अररिया के एसपी शिवदीप लांडे ने पप्पू के बयान की जानकारी साहेबगंज पुलिस को दे दी है। एसपी श्री लांडे ने बताया कि अब तक साहेबगंज पुलिस को पप्पू को रिमांड पर ले लेना चाहिए था लेकिन अररिया आकर वह खाली हाथ लौट गयी।
इधर अररिया पहुंचे झंडू के पिता प्रदीप कुमार सिन्हा ने एसपी के समझ खुलासा किया कि साहेबगंज पुलिस की ढिलाई को देख उन्होंने अपने पुत्र की रिहाई के लिए अपहत्र्ता गिरोह को सात लाख रुपये फिरौती की रकम भी चुकायी, लेकिन उन्हें आज तक उनका पुत्र नही मिल पाया है।
श्री सिन्हा ने बताया कि अपहरण के बाद साहेबगंज पुलिस ने दो दिन बाद गुमशुदा का रिपोर्ट दर्ज की। 23 जनवरी को एक शिष्ट मंडल एसपी से मिलकर पुत्र की रिहाई की मांग की। शिष्टमंडल को साहेबगंज के एसपी ने जल्द ही मामले का पटाक्षेप करने का आश्वासन भी दिया। इसके बाद 27 जनवरी को पुलिसिया लापरवाही से परेशान होकर साहेबगंज की जनता ने थाना का घेराव भी किया। बावजूद साहेबगंज पुलिस उनके पुत्र को नही खोज पायी। श्री सिन्हा ने अररिया एसपी को धन्यवाद देते हुए कहा कि हम अररिया पुलिस का शुक्रगुजार हैं कि उन्होंने इस गिरोह का पर्दाफाश तो किया। इधर, एसपी श्री लांडे ने बताया कि साहेबगंज पुलिस यदि फरार सिकंदर को गिरफ्तार कर लेती है तो झंडू का सही पता भी सामने आ सकता है।

0 comments:

Post a Comment