Sunday, May 1, 2011

चुनाव: दिखा आधी आबादी का जज्बा

अररिया : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के चौथे चरण में भी पुरूष के मुकाबले आधी आबादी का जज्बा अधिक दिखा। शनिवार को पलासी प्रखंड के मतदान केद्रों पर पुरूष मतदाताओं से अधिक महिलाओं की भीड़ दिख रही थी। पंचायत चुनाव में मत डालने का जोश इस कदर था कि दो तीन किमी की दूरी पर पैदल ही तय कर महिलाएं बूथ तक पहुंच गयी। पलासी प्रखंड क्षेत्र के हरेक इलाकों में शनिवार को कुछ ऐसा ही माहौल दिख रहा था। खासकर पकड़ी, मियांपुर, मजलिसपुर, डेहटी उत्तर आदि पंचायतों में महिलाओं ने जमकर वोट डाले। दोपहर 12 बजे तक पूरे प्रखंड क्षेत्र से जो सूचनाएं प्राप्त हो रही थी उसके अनुसार महिलाओं का वोटिंग प्रतिशत अधिक था। प्रखंड के मालद्वार गांव की सुनसान सड़क पर एक 60 वर्षीय महिला सरिता देवी अपने अधिकार का प्रयोग करने जा रही थी। उनसे पूछा गया कि कहां जा रही है और क्यों। जवाब था मत डालने और अपने अधिकार का बखूबी प्रयोग करने। प्रखंड के नकटा खुर्द पंचायत अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय बूथ पर दोपहर तीन बजे पुरूष वोटरों की भीड़ खत्म हो गयी थी। लेकिन महिलाओं की संख्या 150 सौ से उपर थी। 20 अप्रेल को कुर्साकाटा, 24 अप्रैल सिकटी एवं 27 अप्रैल भरगामा प्रखंड में चुनाव संपन्न होने के बाद 30 अप्रैल को पलासी में भी महिला मतदाताओं में काफी जोश देखा गया। पिछले तीन चार दिनों से लगातार कड़ाके की धूप से आमजन परेशान थे लेकिन शनिवार को मौसम ने वोटरों के साथ साथ मतदान कर्मियों को भी खूब साथ दिया। भीखा पंचायत के बूथ पर तो मतदान कर्मियों ने बताया कि पिछले डेढ़ दो घंटे से सिर्फ महिला वोटरों को ही मतपत्र दिया जा रहा है। उस बूथ पर पुरूष मतदाता सबेरे ही वोट डालकर चलते बने थे। कुल मिलाकर महिलाएं इस महापर्व में अपनी भूमिका को लेकर बहुत ही सतर्क व सजग दिखी। वह हर बाधा को पार कर मतदान केंद्र तक पहुंचना चाहती थी।

0 comments:

Post a Comment