Tuesday, April 26, 2011

19 मध्य विद्यालय बने हाई स्कूल


अररिया : जिले के छात्र-छात्राओं को माध्यमिक शिक्षा पाने के लिए लंबी दूरी तय करने से मुक्ति मिल गयी है। अब गांव की सभी लड़कियां प्राथमिक शिक्षा से आगे की पढ़ाई जारी रख सकती हैं तथा मैट्रिक परीक्षा में शामिल हो सकती है। क्योंकि मानव संसाधन विकास विभाग ने जिले के 19 मध्य विद्यालयों को उच्च विद्यालय में उत्क्रमित कर उसमें इसी एक मई से पढ़ाई शुरू करने की अनुमति प्रदान की है। इससे पहले जिले में 44 उच्च व प्रोजेक्ट विद्यालय हैं। विभाग के निर्देश के अनुसार क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को उत्क्रमित उवि के हेडमास्टरों के साथ बैठक करने को कहा है।
जानकारी के अनुसार नौ प्रखंडों से जिन मध्य विद्यालय को उच्च विद्यालय में उत्क्रमित करने की मंजूरी मिली है उसमें अररिया प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय पैकटोला, मवि बांसबाड़ी, मवि अररिया बस्ती, फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र के मवि मधुबनी, मवि टेढ़ी मुसहरी, आदर्श मवि मिर्जापुर, मवि हिंगना औराही, जोकीहाट प्रखंड क्षेत्र के मवि भूना मजगामा, मवि रूपैल मधेल, मवि जहानपुर, भरगामा प्रखंड क्षेत्र उत्क्रमित मवि रहरिया, नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के मवि नोनिया टोला चकला, मवि खाब्दह डुमरिया, मवि अचरा, रानीगंज के मवि कोशकापुर, मवि गुणवंती, मवि परमानंदपुर, कुर्साकांटा के मवि कपड़फोड़ा तथा सिकटी प्रखंड क्षेत्र के मवि सोहागमारो शामिल हैं।
इन सभी उत्क्रमित विद्यालयों में नामांकन कराने के लिए डीईओ दिलीप कुमार ने मंगलवार को हाई स्कुल सभागार में संबंधित हेडमास्टरों के साथ बैठक किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
अररिया जिला में हाइस्कूलों की स्थिति
प्रखंड पूर्व से उवि की सं. उत्क्रमित की सं.
अररिया 7 3
भरगामा 4 1
जोकीहाट 4 3
सिकटी 3 1
पलासी 6 0
रानीगंज 5 3
फारबिसगंज 8 4
नरपतगंज 4 3
कुर्साकांटा 3 1
कुल 44 19

0 comments:

Post a Comment