Tuesday, April 26, 2011

1937 उम्मीदवारों का भाग्य आज बक्से में होगा बंद


अररिया/भरगामा : पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में भरगामा प्रखंड के 20 पंचायतों में बुधवार को मतदान होगा। मतदान सुबह सात बजे से संध्या 5 बजे तक चलेगा। प्रखंड के 20 पंचायतों से मुखिया, समिति सदस्य, वार्ड सदस्य, सरपंच व पंच के 1937 प्रत्याशी मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे हैं जिनके भाग्य मतपेटियों में बंद होंगे। प्रखंड में कुल 271 बूथ बनाये गये हैं। इन बूथों पर एक लाख 9 हजार 772 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव को लेकर प्रशासन के द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं। चुनाव के मद्देनजर पूरे प्रखंड को 6 जोन व 14 सेक्टर में बांटा गया है। 271 बूथों की निगरानी करने के लिए प्रशासन ने 66 पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट को लगाया है। चुनाव में कुल बारह सौ जवानों को लगाया गया है। जिसमें बिहार मिलेटरी फोर्स, जिला बल व गृह रक्षक शामिल हैं। इस संबंध में जिला पंचायत राज पदाधिकारी विजय कुमार ने बताया कि मतदान को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने बताया कि चुनाव में दिन अनुमति प्राप्त वाहन ही सड़क पर चलेंगे। बिना अनुमति वाले वाहन को जब्त करने का आदेश भी दिया गया है। श्री कुमार ने बताया कि मतदान केन्द्र के 100 मीटर की दूरी पर किसी प्रत्याशी का कैंप नही होगा। पोलिंग एजेंट बनाने के संबंध में उन्होंने बताया कि जिस पद के लिए एजेंट बनेगा उसका नाम उस प्रादेशिक निर्वाचन के मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए। भरगामा से सटे पूर्णिया, सुपौल, मधेपुरा जिला के सीमा पर भी चेक पोस्ट लगाया गया है। ताकि हर आने जाने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी जा सके।

0 comments:

Post a Comment