Wednesday, April 27, 2011

नाम में समानता पाकर पुलिस ने निर्दोष को भेजा जेल


अररिया : पुलिस की मनमानी के कारण एक निर्दोष व्यक्ति अररिया मंडल कारा में सजा काट रहा है। जेल में बंद सिमराहा थाना क्षेत्र के पुरवारी झिरूवा गांव निवासी मो. नौसाद का कसूर यह है कि उसका नाम नारी प्रताड़ना के एक आरोपी से मिलता है। मो. नौसाद ने आरोप लगाया है कि दुश्मनी के कारण पुलिस ने उसे नारी प्रताड़ना के मामले में दूसरे के बदले गिरफ्तार किया है। पीड़ित नौसाद ने इस संबंध में जेल से ही सिमराहा थानाध्यक्ष सहित एक पुलिस के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में बुधवार को मामला दायर किया है। कोर्ट ने सिमराहा थानाध्यक्ष को कारण बताओं नोटिस जारी किया है तथा सात दिनों के अंदर जवाब मांगा है।
मिली जानकारी के अनुसार सिमराहा थाना क्षेत्र के पुरवारी झिरूवा गांव निवासी शहनाज ने अपने पति मो. नौसाद व ससुर सहित छह लोगों के खिलाफ नारी प्रताड़ना का मामला दर्ज कराई थी। उक्त मामले में कोर्ट ने गैर जमानतीय वारंट जारी करते हुए नौसाद सहित अन्य की गिरफ्तारी का आदेश दिया था। उक्त आदेश के आलोक में सिमराहा थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने गत 26 अप्रैल को नौसाद को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। लेकिन गिरफ्तार नौसाद का कहना है कि वह शहनाज का पति नहीं है। उधर शहनाज ने भी कोर्ट में आवेदन देकर इस बात की पुष्टि की है।

0 comments:

Post a Comment