Sunday, February 27, 2011

गुटबाजी को ले मारपीट, गांव में तनाव


कुर्साकाटा(अररिया) : पंचायत चुनाव के पूर्व ही गांव में गुटबाजी को लेकर तनाव व्याप्त होने लगा है। हाल के घटनाक्रम में मरातीपुर गांव निवासी अरविंद मंडल की पत्‍‌नी सोनी देवी ने थाने में आवेदन देकर जिंदा जलाने एवं जान मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए भाजपा प्रखंड अध्यक्ष सह मुखिया पति चिंतलाल मंडल उनके समर्थक झमेली ठाकुर, भतीजा चुन्ना मंडल, पुत्र सुनील मंडल एवं अनिल मंडल को नामजद आरोपी बनाया है।
ज्ञात हो कि पिछले दिनों मरातीपुर गांव में भाजपा प्रखंड अध्यक्ष चिंतलाल मंडल व समर्थकों तथा अरविंद कुमार मंडल एवं उनके समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई थी जिसमें चिंतलाल मंडल गंभीर रूप से घायल हो गये थे। जिसके बाद श्री मंडल ने अरविंद मंडल सहित 13 व्यक्तियों के विरूद्ध कुर्साकाटा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। गौरतलब है कि अरविंद कुमार की पत्‍‌नी सोनी देवी कुर्साकाटा पंचायत से मुखिया पद की भावी प्रत्याशी हैं। इधर थानाध्यक्ष राधाकृष्ण रजक ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। मामले को लेकर गांव में तनाव व्याप्त है।

0 comments:

Post a Comment