Monday, February 27, 2012

राजा पर आया मौसम का दिल


अररिया : फलों के राजा आम पर इस बार मौसम मेहरबान है। अनुकूल क्लाइमेट की वजह से आम व लीची फसल के अच्छे उत्पादन की उम्मीद कृषि वैज्ञानिक बता रहे हैं। दिसंबर माह से ही उत्तर बिहार का मौसम बदला हुआ है। साल बदलने के साथ ही जारी ठंड आम-लीची के लिए अनुकूल मानी जा रही है। यही वजह है कि सीमांचल में भी इस बार राजा के अच्छे उत्पादन की उम्मीद जतायी जा रही है।
इस संबंध में कृषि वैज्ञानिक डा. मो. जावेद इदरीश बताते हैं कि क्लाइमेट का आप्टीमम टेम्परेचर आम व लीची की फसल के लिए काफी अनुकूल है। हालाकि उन्होंने कृषकों से सिंचाई पर पूरा ध्यान देने की जरूरत पर बल दिया है क्योंकि पछुआ हवा चलने से नमी में कमी आ रही है। बीते दिसंबर 11 माह के प्रथम सप्ताह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बीच-बीच में धूप निकलने के बाद भी लगातार जारी ठंड से उत्तर बिहार में आम व लीची फसल को काफी लाभ पहुंचा है। इस बार मौसम का न्यूनतम तापमान छह डिग्री से नीचे नहीं गया है। इस कारण अनुकूल तापमान के चलते आम-लीची पेड़ों पर पाले का असर नही हुआ है। दिसंबर के बाद जनवरी में भी तापमान कम रहने से अभी तक मौसम आम व लीची उत्पादक किसानों के लिए अनुकूल बना हुआ है। कृषि वैज्ञानिक आम व लीची फसल के बेहतर उत्पादन के लिए मंजर निकलने से पहले पेड़ों को 90 घंटे से अधिक समय तक चार डिग्री सेल्सियस से ज्यादा और आठ डिग्री सेल्सियस से कम तापमान की आवश्यकता बताते हैं। जो इस बार देखने को मिल रहा है। हालांकि बीच-बीच में इस बार तापमान तेजी से बदल रहा है। लेकिन फरवरी में धीरे-धीरे तापमान के बढ़ने से आम-लीची के मंजर में अच्छे दाने आने की उम्मीद है।
कृषि वैज्ञानिक डा. जावेद इदरीश की मानें तो क्लाइमेट अनुकूल रहने के बावजूद पछुआ हवा चलने से नमी में काफी कमी आ रही है। इसलिए सिंचाई पर विशेष ध्यान दिये जाने की जरूरत है। इसके अलावा उन्होंने आम व लीची के पेड़ों पर कीटनाशक दवा का छिड़काव व खाद का प्रयोग करने की सलाह भी किसानों को दी है। उन्होंने तूतिया, खल्ली व चूना के मिश्रण से तैयार बोडोलेस्ट का लेप भी आम व लीची पेड़ पर किये जाने की सलाह किसानों को दी है। आम व लीची के अच्छे उत्पादन के लिए जिन खादों की आवश्यकता उन्होंने जतायी है वे निम्नांकित है-
प्रति पेड़ खाद की निर्धारित मात्रा (कलम वृक्ष के लिए)
1. सिंगल फास्फेट- 150 ग्रा.
2. यूरिया- 150 ग्रा.
3. पोटाश- 150 ग्रा.
4. बोरेक्स- 100 ग्रा.
5. खल्ली- 2 कि.ग्रा.
6. वर्मी कम्पोस्ट-10 कि.ग्रा.
7. पेड़ में मंजर आने से पहले कीटनाशक का स्प्रे

0 comments:

Post a Comment