Tuesday, April 24, 2012

बीपीएल छात्रों को मिलेगी छात्रवृत्ति


अररिया : स्नातक तीनों खंड सत्र 2011-12 के छात्रों को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के सौजन्य से छात्रवृत्ति मिलेगी। मगर इसके लिए उनके परिवार का बीपीएल धारी होना अनिवार्य होगा। यह जानकारी मंगलवार को फारबिसगंज कालेज के प्रधानाचार्य डा. सतींद्र कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि इसके लिए इच्छुक छात्र कालेज काउंटर पर के 24 अप्रैल से सात मई के बीच किसी भी कार्यदिवस में प्रपत्र प्राप्त कर उसे भरने के बाद कार्यालय में जमा कर सकते हैं।

बेसिक फोन से दूर हो रहे उपभोक्ता

नरपतगंज (अररिया) : विगत तीन-चार वर्ष पूर्व कभी हर घर में बेसिक फोन की घंटिया बजा करती थी टि्रंग-रिंग की आवाज के साथ ही लोग रिसीवर की और दौड़ते थे। पर अब शायद ही किसी घर या गांव में बेसिक फोन की घंटी बजती है। इसके लिए भले ही मोबाइल की सुविधा का कारणबताया गया है।
नरतपगंज एक्सेंज में कभी 800 बेसिक फोन उपभोक्ता थे अब मात्र 30 रह गये हैं। मिरदौल एक्सचेंज में दहाई अंक के उपभोक्ता भी नही बचे हैं। वहीं फूलकाहा में 50 के आसपास उपभोक्ता मात्र शेष रह गये हैं।
नरपतगंज थाना, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पोस्ट आफिस, रेलवे स्टेशन में भी बेसिक फोन नजर नही आते हैं।
बेसिक फोन की घटती संख्या के लिए विभाग भी कम जिम्मेदार नही है। कर्मियों की उदासीनता के चलते उपभोक्ताओं को अधिक बिल भेजा जाना, शिकायत के बावजूद खराब पड़े फोन को ठीक नही करना आदि कारणों से भी लोग बेसिक फोन से दूर होते गये हैं।
उपभोक्ता जय कुमार, अशोक कुमार, बिरेन्द्र कुमार सहित कई अन्य लोगों ने बताया फोन खराब रहने के बावजूद भी विभाग द्वारा बिल चालू रहता था। ठीक रहता या कभी डायल टोन गायब, तो कभी इस रूट की लाइन व्यस्त बताया जाता था।

गर्मी से सड़कें सुनसान

नरपतगंज: अचानक मौसम में तल्ख एवं तेज पछुआ हवा के कारण सड़कों पर चहल कदम घट गयी है। गर्मी के तपिश से स्कूल से घर जाने वाले बच्चे भी बेहाल देखे। गर्मी से बचने के लिए तरह-तरह के जुगाड़ करते लोग दिख रहे है। काई शीतल पेय दुकान पर कोई पौधे के नीचे छांव में।

तस्करी के 19 मवेशी जब्त

बथनाहा: सोमवार को तस्करी कर नेपाल से भारत लाए जा रहे 19 रास मवेशी को एसएसबी 24वीं बटालियन घुरना बीओपी के जवानों ने जब्त कर लिया। जब्त मवेशी की कीमत 76 हजार रुपया आंकी गयी है। जिसे कस्टम के हवाले किये जाने की बात सहायक सेनानायक के सूरजा कुमार सिंह ने बताया है।

नप चुनाव: नामांकन का अंतिम दिन आज

फारबिसगंज (अररिया) : नगर निकाय चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन नामांकन स्थल पर उमड़ेगा जन सैलाब। फारबिसगंज नप तथा जोगबनी नप क्षेत्र के लिए विगत 16 अप्रैल से जारी नामांकन प्रक्रिया अब पूरे सवाब पर है। मंगलवार को शेष बचे प्रत्याशी अपना पर्चा दाखिल करेंगे। अब तक फारबिसगंज नगर परिषद के 25 वार्डो के लिए निवर्तमान मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद सहित 09 प्रत्याशियों ने अपना पर्चा विभिन्न वार्डो से भरा है। वही जोगबनी नगर पंचायत के 19 वार्डो के निवर्तमान मुख्य पार्षद सहित कुल 68 उम्मीदवारों ने चुनाव का पर्चा दाखिल किया है। पर्चा भरने वाले में दोनों ही निकायों के निर्वतमान वार्ड पार्षद भी शामिल है। इधर नगर निकाय के दोनों ही क्षेत्र से अबतक 75 महिला उम्मीदवारों ने अपना पर्चा दाखिल किया है। वही मात्र 62 पुरुष उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पर्चा भरा है। देखा जाये तो अभी तक के नामांकन प्रक्रिया में महिलायें आगे रही है।

मारपीट में महिला सहित दो घायल

कुसियारगांव : रास्ता को लेकर जोकीहाट घोघड़ा गांव में सोमवार को दो पक्षों में हुई मारपीट की घटना में महिला शहमती खातुन को पड़ोसी ने पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। दामाद मो. हासिम गया बचाने तो उसे भी धुन दिया गया। दोनों को रेफरल अस्पताल जोकीहाट में भर्ती कराया गया जहां स्थिति बिगड़ते देख चिकित्सक डा. ने सदर अस्पताल अररिया भेज दिया है।

आग में संपत्ति के साथ, सपने भी हुए राख


भरगामा (अररिया) : तिले-तिले समान सजेलिए बेटी ब्याह के खातिर, लेकिन ई आगिन कछू नै छौड़कै हो माय.. यह वेदना राख के ढेड़ पर छाती पीट रही बाबूनन्द सरदार की पत्‍ि‌न मुसकुन देवी का है। आगामी पच्चीस अप्रैल को बेटी की ब्याह के खातिर एक-एक समान को जुटाया लेकिन सोमवार को आग की भयावह लपटों ने देखते-हीं-देखते न सिर्फ पूरे बस्ती को राख में बदल दिया बल्कि झिलमिताते कई सपनों को भी जलाकर राख कर दिया। पैसे से मजदूर मुसकुन देवी बताती है कि बेटी काजल की शादी ग्रामीणों की देखा-देखी वह भी धूम-धाम से करेगी ऐसा कुछ सपना आंखों में था। लेकिन आग ने न तो सामानों को रहने दिया और न सपनों को हीं। वैसे आग में राख होने की यह भ्रगामा की कोई पहली घटना नही है। यहां प्रति वर्ष कई बस्ती आग के हवाले हो जाते है साथ हीं खाक में मिल जाते हैं सपने भी।
पिछले एक वर्ष में केवल आग में सैकड़ों घर राख हो गए जिसमें खुटहा बैजनाथ, धनेश्वरी, वीरनगर पूरब, थरूवापट्टी आदि पंचायत की घटना है जब मौके पर अग्नि शामक दस्ता पहुंच पाई। वैसे अलग बात है कि अग्नि शामक के पहुंचने से पहले गांव राख में तब्दील हो चुकी थी। दिलचस्प तो यह है कि प्रति वर्ष लाखों के नुकसान के बाद भी प्रशासन हरकत में आती नही दिख रही। मानों और भी नुकसान उठाने का इंतजार हो। इधर आगजनी की घटना के बाद प्रशासन ने राहत का वितरण कर एक तरह से अपना पल्ला झाड़ लिया लेकिन अग्निपीड़ित राख के ढेड़ पर बैठकर आंसू बहाने व छाती पीटने पर विवश है। वैसे अबतक में हो चुके क्षति का भरपाई करना संभव तो नही लेकिन प्रशासन अगर सजग व मुस्तैद हो तो मुसकुन देवी के साथ अन्य के सपने को भी राख होने से बचाया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि सोमवार को सरदार टोला सिरसिया हनुमानगंज में आग ने कुल 46 घर समेत लाखों की संपत्ति को जलाकर राख कर दिया।

अवैध उगाही को लेकर प्रमुखपति सहित चार पर केस


अररिया : इंदिरा आवास राशि आवंटन को लेकर की गयी अवैध राशि उगाही के मामले में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सत्येन्द्र रजक के कोर्ट में एक मामला दायर हुआ है। इस मामले में अररिया प्रखंड के प्रमुख तथा प्रमुख पति समेत चार लोगों को आरोपित किया गया है। वादी ने इस मामले में संज्ञान लेने की गुहार लगायी है। अररिया के फरासूत निवासी मो. कारी ने कोर्ट में मामला दायर किया है। जिसमें प्रमुख बीबी परवीन तथा प्रमुख पति अब्दूल हन्नान, अररिया बस्ती पंचायत के मुखिया बीबी इफतआरा तथा मुखिया पति शाद अहमद को आरोपी बनाया गया है।
वादी ने भादवि की धारा 420, 406, 327, 504/34 एवं 120 बी के तहत इस मामले को दायर किया है तथा बीपीएल सूची में नाम होने तथा आरोपियों द्वारा इंदिरा आवास की स्वीकृति दिलाने के नाम पर अवैध राशि का उगाही करने का आरोप लगाया है तथा कहा है कि आश्वासन के बाद प्रखंड शिविर में कहे मुताबिक गया। परंतु वहां इस मद का कोई चेक नही प्राप्त हुआ साथ ही दिये गये अवैध राशि वापस नही कर धोखाधड़ी के तहत उक्त राशि हजम कर लिया गया।

संतमत सत्संग के विशेष अधिवेशन की तैयारी पूरी


भरगामा (अररिया) : भरगामा थाना क्षेत्र के रघुनाथ नगर खजुरी में आयोजित सत्संग के विशेष अधिवेशन के आयोजन की तैयारी लगभग पूरी कर ली गयी है। कार्यक्रम के आयोजक एवं संतमत के प्रचारक बाबा नेमचन्द ने बताया कि 24 अप्रैल से प्रारंभ
दो दिवसीय संतमत सत्संग के मुख्य अतिथि संतमत के वर्तमान आचार्य स्वामी हरिनंदन जी महाराज होंगे। जबकि दूर-दराज के कई अन्य संत महात्माओं के आने की बात भी कही जा रही है। सत्संग कार्यक्रम को लेकर रघुनाथनगर में भव्य पंडाल का निर्माण तथा जगह-जगह तोरण द्वार भी लगाये जा चुके हैं।

सरिया चोरी करते शिक्षक रगेंहाथ पकड़ाया

सिकटी (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय करहाबाड़ी में ग्रामीणों ने सोमवार को छड़ चोरी के आरोप में पंचायत शिक्षक को रंगे हाथ पकड़ा गया तथा उन्हें बरदाहा पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पंचायत शिक्षक प्रमोद कुमार मंडल स्कूल के छड़ को साइकिल पर बांध कर ले जा रहा था उसी क्रम में ग्रामीण दिलीप कुमार पंजीयार, कपिल कुमार झा, विकास कुमार यादव, सतीश पंजियार, विभास कुमार आदि दर्जनों ग्रामीणों ने उक्त पंचायत शिक्षक को रोकने की कोशिश की लेकिन पंचायत शिक्षक भागने लगा तथा ग्रामीणों के सहयोग से पंचायत शिक्षक को पकड़कर बरदाहा पुलिस के हवाले कर दिया। बरदाहा थानाध्यक्ष मुरारी प्रसाद ने बताया कि लगभग 35 केजी छड़ व एक साइकिल को जमा कर उक्त पंचायत शिक्षक से पूछताछ कर रहे है।

सदर अस्पताल: चिकित्सक के अभाव में कार्य बाधित


कुसियारगांव (अररिया) : सदर अस्पताल अररिया में चिकित्सक के अभाव में चिकित्सक कार्य बाधित चल रहा है जहां बड़ी संख्या में जिले के बच्चे के बीमारी, महिला संबंधित रोग आदि संबंधित बीमारियों से लोगों में मायूसी छाई है।
इस संबंध में प्रभारी डीएस डा. जेएन माथुर से पूछे जाने पर बताया कि 33 चिकित्सा पदाधिकारी के बदले सात चिकित्सक कार्यरत है। जिसे दो कांटेक्ट पर कार्य कर रहा है। वहीं महिला चिकित्सक डा. मन्टासा दो माह से बिना सूचना के अनुपस्थित रहने के कारण उन्हें संविदा से मुक्त कर दिया गया। नर्स का 55 सीट में कार्यरत एनेम 12 एग्रेट, उन्होंने बताया कि मात्र एक कंपाउंडर, एक फार्मासिस्ट जबकि चार-चार सीट है। महिला चिकित्सक तीन सीट में एक वही आपरेशन के समय डा. अली हसन से कार्य लिया जा रहा है। अति गंभीर स्थिति में प्रसव पीड़ित महिला को रेफर किया जाता है। जिस कारण ओपीडी में चार चिकित्सक के जगह तीन चिकित्सक रहा करता, एक दंत रोग, आंख रोग, शेष रोग एक ही चिकित्सक देखा करता है। वही ग्रामीण क्षेत्र से आये लोग बताते है कि दो रु. का शुल्क देने के बाद भी चिकित्सक से नही दिखा पाते है। कभी-कभी तो सारा दिन बैंक कर जाना पड़ता है।

पूर्व नेशनल चैम्पियन को हरा सौरभ ने लाया 22वां स्थान


अररिया : अररिया के नौ वर्षीय सौरभ आनंद ने जयपुर में शनिवार को संपन्न हुए नेशनल रैपिड चेस टूर्नामेंट में पूर्व नेशनल चैंपिशियन 53 वर्षीय प्रवीण थिप्से समेत कई दिग्गज खिलाड़ियों को मात देकर 22वां स्थान हासिल किया है।
जयपुर के इंजीनियर कालेज में संपन्न इस खेल में सौरभ बिहार प्रदेश की ओर से खेल रहा था। जहां पूरे भारत देश के कुल 56 चेस के धुरंधर खिलाड़ियों ने भाग लिया। भारत में 28 राज्य एवं केन्द्र शासित प्रदेशों से चेस खिलाड़ियों के साथ इसे खेलने का अवसर प्राप्त हुआ।
इस संपन्न खेल में सौरभ को पूर्व नेशनल चैम्पियन ग्रैंड मास्टर प्रवीण थिप्से के साथ भी खेलने का मौका मिला। सौरभ आनंद ने पहले राउंड में ही भारत के पूर्व ग्रैन्ड मास्टर थिप्से को पराजित कर अररिया समेत बिहार प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
महाराष्ट्र राज्य की ओर से खेल रहे ग्रैण्ड मास्टर श्री थिप्से को पराजित करने के बाद जयपुर में जहां इसकी चहुंओर चर्चा छायी रही। वहीं आयोजित स्थल इंजीनियरिंग कालेज जयपुर के प्राचार्य डा. एसके चौधरी ने जहां इसे नन्हें चेस मास्टर को सम्मानित किया वहीं इसके जीत के उपलक्ष्य में रात्रि भोज आयोजित कर नन्हे उस्ताद के मनोबल को बढ़ाया है।
सनद रहे कि ग्रैण्डमास्टर विश्वनाथ आनंद के पूर्व भारत का नेशनल चैंपियन प्रवीण महाजन थिप्से थे। 53 वर्षीय श्री थिप्से महाराष्ट्र की ओर से इस खेल में सम्मिलित हुए थे। जिसे इस नन्हें उस्ताद ने पहले राउंड में ही पराजित कर दिया।

नगरपालिका चुनाव: नामांकन का अंतिम दिन आज


अररिया : नगर पालिका आम चुनाव को लेकर 16 अप्रैल से जारी नामांकन प्रक्रिया का अंतिम दिन मंगलवार को है। रविवार व सोमवार को अवकाश रहने के कारण मंगलवार को नामांकन देने वालों की भीड़ होने की संभावना है। नामांकन के पहले तीन दिन जहां एक प्रत्याशियों ने भी पर्चा नही भरा, वहीं चौथे दिन पांच, पांचवे दिन 29 तथा छठे दिन 42 प्रत्याशियों ने अपने-अपने नामजदगी के पर्चे भरे। जानकारी के अनुसार अब तक वार्ड नं. 1 से तीन, वार्ड नं. 2 से एक, वार्ड नं. 3 से तीन, वार्ड नं. पांच से एक, वार्ड नं. छह से पांच, वार्ड नं. सात से एक, वार्ड नं. 9 से तीन, वार्ड 11 से एक, वार्ड नं. 12 से तीन, वार्ड 14 से तीन, वार्ड नं. 15 से दो, वार्ड 16 से दो, वार्ड नं. 17 से चार, वार्ड नं. 18 से चार, वार्ड नं. 19 से तीन, वार्ड नं. 20 से चार, वार्ड नं. 22 से तीन, वार्ड नं. 23 से तीन, वार्ड नं. 24 से तीन, वार्ड नं. 25 से चार, वार्ड नं. 26 से तीन, वार्ड नं. 27 से पांच, वार्ड नं. 28 से चार, वार्ड नं. 29 से तीन लोगों ने पर्चा भरा है।
हैरत की बात तो यह है कि अब तक अररिया नप के पांच वार्ड से खाता भी नहीं खुला है। वार्ड नं. 4, 8, 10, 13 एवं 21 से अब तक एक भी नामांकन पत्र दाखिल नही किया गया है। यही नही नामांकन के सात दिन बीत जाने के बावजूद तेरह निवर्तमान पार्षद नामांकन दाखिल नही कर पाये है। अब तक जिन निवर्तमान वार्ड पार्षदों ने नामांकन दाखिल किया है उनमें निर्वतमान मुख्य पार्षद अफसाना प्रवीण, निवर्तमान उप मुख्य पार्षद पारस भगत, निवर्तमान पार्षद क्रमश: मधु देवी, रेखा देवी, अनुराधा देवी, हसीना खातुन, अजीम अख्तर, तेतर पासवान, शिवशंकर दास, संजय अकेला, रेशमलाल पासवान, संजय यादव, मो. यासीन, अस्मत आरा, अंजुम आरा व फरीदा खातुन के नाम शामिल है।
वहीं मंगलवार को सौ से अधिक नामांकन होने की संभावना है। इसमें तेरह निर्वतमान पार्षद समेत नरेन्द्र कुमार शीतल, अविनाश आनंद, ललित मोहन ठाकुर, बबलू मंडल, राजेश गुप्ता, जितेन्द्र कुमार, राकेश वर्मा, शशिभूषण झा, गयाधर चौधरी, शंशाक कुमार, संजय झा आदि के नामांकन प्रपत्र दाखिल हो सकते है।
बाक्स के लिए
नप चुनाव को ले प्रेक्षक नियुक्त
अररिया, संसू: जिले के तीनों निकायों में होने वाले नगरपालिका चुनाव को ले राज्य निर्वाचन आयोग ने जिले में प्रेक्षक नियुक्त कर दिया है। आयोग द्वारा प्रेषित पत्र के संबंध में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि तीनों निकायों के चुनाव पर नजर रखने के लिए भवन निर्माण विभाग के संयुक्त सचिव अभय राज को प्रेक्षक बनाया गया है।

छात्रसंघ चुनाव को लेकर अभाविप करेगा आंदोलन

फारबिसगंज(अररिया) : राज्य में छात्र संघ चुनाव कराने को लेकर अभाविप आंदोलन चलायेगा। इसके लिए तैयारी की जा रही है। ये बातें अभाविप के प्रदेश मंत्री प्रवीण कुमार ने सोमवार को यहां कार्यकर्ताओं की बैठक में कही। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की जननी कहलाने वाले बिहार में ही छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार का गला घोटा जा रहा है। विगत तीस वर्षो से बिहार में छात्रसंघ चुनाव नहीं होने के कारण विश्विद्यालय एवं महाविद्यालय शैक्षणिक अराजकता एवं भ्रष्टाचार का केंद्र बन गया है। श्री कुमार ने कहा कि हाल ही में हुए छात्र आंदोलन के दबाव के कारण सरकार के द्वारा विवि को पत्र लिखकर चुनाव कराने की पहल की है जो एक छलावा तथा छात्रों की आवाज को दबाना ही है। उन्होंने कहा कि माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार जेएम लिंगदोह समिति की सिफारिशों के आधार पर प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्र संघ चुनाव कराने की मांग करते हुए कहा कि सरकार एवं विवि इस मामले में शीघ्र एवं गंभीरतापूर्वक पहल नहीं करती है तो आगामी 27 से 29 अप्रेल 2012 को सासाराम में आयोजित होने वाले प्रदेश कार्य समिति की बैठक में प्रस्ताव लाकर चुनाव के लिए व्यापक आंदोलन चलायेगी। बैठक में संगठनात्मक कार्यक्रम पर विमर्श किया गया। बैठक में रविशंकर यादव, सुबोध मोहन ठाकुर, आशुतोष मिश्रा, संदीप शर्मा, दीनानाथ शर्मा, रूपेश यादव, पिंटू यादव, अभिषेक यादव, दिलीप कर्ण, चंदन पासवान, ओमप्रकाश कन्नौजिया, मनोज पोद्दार, पंकज झा आदि शामिल थे।

आग से चार घर जले


बथनाहा(अररिया) : नरपतगंज प्रखंड के सोनापुर पंचायत के वार्ड नंबर 12 करबला मैदान के निकट सोमवार की दोपहर आग लगने से 4 झोपड़ी बुरी तरह जलकर राख हो गयी। जिसमें करीब 50 हजार का नुकसान बताया जाता है। पीड़ित आलम मियां, मसोमात महंगी, मो. हारूण एवं जाहिद सभी मजदूरी का कार्य करते हैं। हारूण एवं जाकिर 5 -7 दिन पूर्व ही कमाकर पंजाब से घर लौटे थे। दोनों का नकद करीब 15 हजार रूपया भी आग के भेंट चढ़ गया। आग लगने के कारण बताया जाता है कि दोपहर भीषण गर्मी के साथ तेज पछुआ हवा से खाना बना रहे चुल्हे से आग रसोई घर में पकड़ा फिर देखते ही देखते अगल-बगल के 4 झोपड़ी समाप्त हो गयी।

प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ाते भाड़े के शिक्षक


जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के नवसृजित विद्यालय बनकट्टा, चौकता एवं प्राथमिक विद्यालय भेभड़ा, दुर्गापुर के प्रधानाध्यापक सहित सभी शिक्षक विद्यालय से अधिकांश अनुपस्थित रहते हैं। उनकी जगह दोनों विद्यालयों में भाड़े के शिक्षक विद्यार्थियों को पढ़ाते हैं। जाहिर है कि पढ़ाई के नाम पर खानापूर्ति ही हो रही है।
एनपीएस बनकट्टा में रविवार को सभी शिक्षक अनुपस्थित थे लेकिन नजामुद्दीन नामक एक प्राइवेट शिक्षक पढ़ा रहे थे। पूछने पर उन्होंने हिचकिचाते हुए बताया कि हम तो इसी समाज के हैं पंद्रह सौ रुपये पढ़ाने के एवज में शिक्षकों से मिल जाता है, क्या करें बेरोजगारी में इतना भी मिल जाता है तो शुक्रिया। ग्रामीणों ने बताया कि सर नजामुद्दीन ही विद्याथियों को पढ़ाते हैं, बांकी शिक्षक तो अनुपस्थित ही रहते हैं। प्राथमिक विद्यालय भेभड़ा, दुर्गापुर में भी रविवार को प्रधानाध्यापिका शाइस्ता, गुलशन, शबा नाज सभी अनुपस्थित थे। बदले में मो. एकराम निजी शिक्षक स्कूली बच्चों को पढ़ा रहे थे। स्कूली बच्चों में फिरोज, मंजर, खुशदिल, एहसान, आशिक आदि ने बताया कि सर तीनों मैडम विद्यालय से अधिकतर गायब रहती है, एकाराम सर ही हमलोगों को पढ़ाते हैं। निजी शिक्षक एकराम ने बताया कि पढ़ाने के बदले तीन हजार रुपये मिल जाता है। कुछ ऐसा ही कारनामा अन्य कई विद्यालयों में हो रहा है जहां शिक्षक के बदले उनके पति या अन्य परिजन पढ़ाते हैं।

सालो भर डराती हैं आग की लपटें


अररिया : फूस की झोपड़ियों से भरे अररिया जिले में आग की लपटें सालों भर डराती हैं। अप्रैल मई का चिलचिलाती धूप हो या फिर जुलाई अगस्त की बरसात। आग की तांडव लीला से हजारों लोग प्रति वर्ष घर से बेघर हो जाते है। अग्निशमन केन्द्र के आंकड़ों के मुताबिक पिछले वर्ष 102 गांवों में अगलगी की घटनाएं हुई। इनमें कई बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठान भी शामिल हैं। पिछले वर्ष अररिया के पुराना बाजार स्थित मंडी में भीषण अग्निकांड हुई। इस घटना में एक करोड़ की संपत्ति जलकर नष्ट हो गयी।
आश्चर्यजनक बात तो यह है इतनी बड़ी मंडी रहने के बावजूद कहीं भी पोर्टेबल अगिनशामक नही है। यहां तक कि आज भी सदर अस्पताल अररिया समेत कई प्रखंड के आज भी सदर अस्पताल अररिया समेत कई प्रखंड के रेफरल अस्पतालों में भी यह व्यवस्था नही हो पायी है। फारबिसगंज स्थित रेफरल अस्पताल में मात्र दो दिन पहले पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था की गयी है। वहीं जिले के अररिया एवं फारबिसगंज स्थित अग्निशामक केन्द्र में दो-दो पोर्टेबल अग्निशमन की व्यवस्था उपलब्ध करायी गयी है।
आंकड़ों के मुताबिक इस वर्ष भी अप्रैल माह के दूसरे सप्ताह तक जिले में 85 जगहों पर अग्निकांड हुए तथा अग्निशामक दस्ते ने इन स्थानों पर पहुंच कर आग की लपटों को काबू में किया। जबकि दर्जनों ऐसे भी गांव हैं जहां न तो दमकल की गाड़ी पहुंच पाती है और न ही लोग सूचना देने की जरूरत भी समझते है। क्योंकि जब तक दमकल घटना स्थल पर पहुंचती है तब तक आसपास के लोग आग पर काबू पा लेते है। जोकीहाट प्रखंड के विभिन्न गांवों में पिछले वर्ष अग्निकांड की चार दर्जन से अधिक घटनाएं घटी। जिसमें सैकड़ों लोग घर से बेघर हो गये। इस वर्ष भी घटना की रफ्तार पिछले वर्ष की तुलना में काफी अधिक है। इसी वर्ष जिला मुख्यालय स्थित नेशनल प्लाई उड फैक्ट्री में आग लगने से ड्रायर मशीन समेत लाखों का तैयार माल जलकर नष्ट हो गये। वही रानीगंज के रामपुर में एक ही दिन 50 लोग घर से बेघर हो गये। इस घटना में कई लोगों के वैवाहिक कार्यक्रम पर भी ग्रहण लग गया।
महत्वपूर्ण अग्निकांड की सूची
वर्ष- 2011 में
स्थान क्षति
1. अररिया व्यापारिक मंडी- 1 करोड़
2. कोशकीपुर- 25 लाख से अधिक
3. अररिया चांदनी चौक
के निकट -25 लाख से अधिक
4. कोशकीपुर घाट टोला- 50 क्विंटल गेहूं व अन्य सामान
5. अररिया आरएस के
गिदरिया में - 1 दर्जन घर समेत लाखों की क्षति
6. कुर्साकांटा के गरैया- तीन दर्जन से अधिक घर
7. जोकीहाट के तारण- डेढ़ दर्जन घर समेत
लाखों की क्षति
8. महलगांव के बागनगर- आधा दर्जन घर समेत लाखों की क्षति
9. रामपुर कोदर कट्टी- एक दर्जन घर समेत
लाखों की क्षति
10. जिले के सभी प्रखंडों में 100 से अधिक घटनाएं घटी जिसमें चार हजार की आबादी को बेघर होना पड़ा।

ताल तलैयों की सुधि नहीं, कुआं बना अतीत


अररिया : रेणु की तीसरी कसम फिल्म की लोकेशन शूटिंग के दौरान पलटनिया सड़क पर स्थित बौंसी गांव के एक कुएं की भी शूटिंग की गयी थी। शूटिंग को याद करने वाले कई लोग आज भी मौजूद हैं तथा चाव के साथ इस घटना को सुनाते हैं। सतह से पंद्रह फीट की ऊंचाई वाला यह अष्टफलक कुआं आज भी मौजूद है। अतीत की शानोशौकत से भरपूर लेकिन वर्तमान से मोहभंग जैसी स्थिति। जर्जर, उपेक्षित व उदास सा।
जिले में जल संचयन व संरक्षण की हकीकत इस कुएं की मौजूदा दुर्दशा से बयां हो जाती है।
किसी वक्त इलाके में तालाब व कुआं बनवाना स्टेटस सिंबल होता था। जिले में तकरीबन तीन हजार कुएं थे। हर गांव में चार पांच की संख्या में। वहीं तालाबों की संख्या लगभग तीन हजार थी। लेकिन देखरेख के अभाव में कुएं व तालाब दोनों जर्जर होते चले गये। सरकारी आंकड़ों को देखें तो इस वक्त 424 सरकारी तालाब व लगभग एक हजार निजी तालाब हैं। वहीं, नदियों के धारा परिवर्तन से बने जलकरों की संख्या भी लगभग सौ के आसपास है।
जिले की संस्कृति में तालाब निर्माण प्रतिष्ठा का बिंदु माना जाता था और गांवों में पोखर यज्ञ करवाने की हसरत रखने वाले हजारों लोग आज भी मिल जायेंगे। कुएं लगभग समाप्त हो गये हैं। यहां तक कि शादी विवाह के अवसर पर कूप पूजन के लिए भी गंदे व बंद कुओं का ही आसरा रहता है।
पानी के आधुनिक संसाधनों ने कुओं व तालाबों को निगल लिया है। पहले सिंचाई के लिए हर गांव में करीन की व्यवस्था होती थी और बरसात के मौसम में इकट्ठा जल को करीन व ढौंस के माध्यम से खेतों में ले जाया जाता था। लेकिन पंप सेट व बांस बोरिंग के आगमन के बाद तालाब व कुओं पर निर्भरता कम होती गयी और भूगर्भीय जल का दोहन अधिक होने लगा।
उपेक्षा के कारण तालाबों का क्षेत्रफल भी सिकुड़ा है। गांवों में घूमते वक्त आपको बीच में जर्जर जाठ वाले कई सूखे तालाब आराम से दिख जायेंगे। इनमें पानी नहीं होता तथा ये मवेशियों का चारागाह बन कर रह गये हैं। इधर, जानकारों की मानें तो तालाबों जीर्णोद्धार कर अंडरग्राउंड वाटर की रिचार्जिग आराम से की जा सकती है।
रजवैली गांव के शिवानंद विश्वास ने बताया कि तालाबों की जर्जर स्थिति से ग्रामीण अर्थव्यवस्था व संस्कृति पर खराब असर पड़ा है। अब तो मवेशी को भी पानी पिलाने के लिए चापाकल से पानी भर कर ले जाना पड़ता है। पुराने जमाने में तालाब के महाड़ छठ व अन्य मौकों पर लोगों के जुटान का सुंदर स्थल होते थे, लेकिन अब यह बात नहीं रही। अब तो वैसे तालाब ही नहीं हैं। बसैटी शिव मंदिर के पास दस एकड़ क्षेत्रफल वाला ऐतिहासिक तालाब पूरी तरह समाप्त हो चुका है। ऐसी ही स्थिति लगभग पांच सौ पुराने तालाबों की है।
जल संचयन के लिए चैक डैम व बांध निर्माण की योजनाएं तो बनी पर उन्हें क्रियान्वित नहीं किया गया। अस्सी के दशक में लोहंदरा व भलुआ के संगम पर चैक डैम व डेहटी गांव में बराज बनाने की योजना स्वीकृत हुई, लेकिन उस पर अमल आज तक नहीं हुआ। सरकार की उदासीनता व राजनैतिक नेतृत्व की कमजोरी के कारण
चार साल पहले स्वीकृत 650 करोड़ की महानंदा बेसिन परियोजना पर भी ग्रहण लग चुका है।
साइड स्टोरी
मनरेगा के तहत बनेंगे 436 तालाब: सरवणन
अररिया, जाप्र: जल संरक्षण की खस्ताहालत को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी एम सरवणन ने बताया कि मनरेगा के तहत इस जिले में कुल 436 तालाबों का निर्माण किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि तालाबों के निर्माण के लिए नरेगा पीओ की बैठक में स्पष्ट निर्देश दे दिए गये हैं तथा हर पंचायत में 25 अप्रैल से काम शुरू करने का आदेश दिया गया है। तालाब निर्माण का कार्य अगले एक माह में पूरा कर लिया जायेगा।
उन्होंने बताया कि इन तालाबों के बन जाने से जिले में जल संरक्षण के प्रयासों को बल मिलेगा तथा आम जन के बीच पानी को ले जागरूकता का भी संचार होगा।
श्री सरवणन ने बताया कि जिले की सभी पंचायतों में प्रस्तावित इन तालाबों को कई प्रकार के एलाइड एक्टिवीटी से भी जोड़ा जायेगा। मछली पालन, बत्तख पालन व सिंचाई के अलावा दैनिक कार्यो के लिए जरूरी पानी भी इन तालाबों से मिलेगा।

पावर के बिना फैंकिंग मशीन रही घंटों बंद


अररिया : स्थानीय कोर्ट कार्य के लिए संचालित हाई वोल्ट जेनरेटर सेट खराब रहने के कारण सोमवार को नही चल पाया, जिस कारण जुडिसियल स्टांप बिक्री के लिए कोर्ट परिसर में लगे फैंकिंग मशीन घंटों बंद रही। इस परिस्थिति में न्यायार्थियों को न्यायिक कार्य निपटाने में भारी परेशानी उठानी पड़ी।
अनियमित विद्युत आपूर्ति के कारण कोर्ट परिसर में लगे फैंकिंग मशीन उक्त जेनरेटर सेट पर निर्भर है। परंतु सिविल कोर्ट में लगे उक्त सेट अचानक खराब हो गया। उधर विद्युत आपूर्ति नही होने के कारण उक्त फैंकिंग मशीन कार्य करना बंद कर दिया। इस दौरान कई घंटे न्यायार्थियों में भारी अफरातफरी रही।
न्यायार्थीं यह सवाल उठाते रहे कि फैंकिंग मशीन के लिए अलग से जेनरेटर सेट क्यों नही उपलब्ध कराया गया है।

तीन मजदूरों की गाजियाबाद में मौत, दो घायल

जोकीहाट (अररिया) : जोकीहाट थानाक्षेत्र के दभड़ा पंचायत अंतर्गत दोमोहना गांव के तीन मजदूरों की गाजियाबाद के एक स्टील कारखानें में पानी टैंक के नीचे दबने से रविवार की रात मौत हो गई जबकि दो मजदूर जख्मी हो गये। मरने वालों में दो सगे भाई अबुजर (30 वर्ष) एवं एकराम (22वर्ष) दोनों पिता एनुलहक तथा इम्तियाज आलम (23 वर्ष) पिता हारुण शामिल हैं। घायलों में नियाज व वसीम शामिल हैं जिनका इलाज गाजियाबाद में चल रहा है। उक्त जानकारी देते हुए दभड़ा पंचायत की उपमुखिया रूही परवीन एवं जफर आलम ने बताया कि तीनों मृतकों के शव का अंत्यपरीक्षण कराया गया है तथा मृतकों का शव गाजियाबाद से मंगलवार तक दोमोहना पहुंचने की उम्मीद है। दभड़ा के पूर्व मुखिया रवीन्द्र मंडल व अबुनसर रेजा ने बताया कि उक्त मृतक कई वर्षो से गाजियाबाद के स्टील प्लांट में मजदूरी करते थे। रविवार की शाम फैक्ट्री में काम के दौरान पानी के टंकी के गिरने से तीनों की मौत हो गई। जबकि दो घायल हो गये। मौत की खबर सुनते ही ग्रामीणों एवं रिश्तेदारों में मातम छा गया है। उधर विधायक सरफराज आलम ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए सभी मृतक के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा देने, सभी मृत मजदूरों के एक-एक आश्रितों को सरकारी नौकरी देने तथा फैक्ट्री मालिक पर भी कार्रवाई की मांग की है।

आग के कहर से कराह रहे गरीब

नरपतगंज (अररिया) : किसानों व गरीबों पर आग का कहर बढ़ता ही जा रहा है। विगत एक पखवाड़े में पूरे प्रखंड में सैकड़ों गरीबों की झोपड़ी जल गई। हजारों क्विंटल अनाज जलकर स्वाहा हो गई। विगत एक पखवाड़े में भीषण आग नाथपुर कुर्मी टोला के साथ दरगाहीगंज, फरही व गोखलापुर पंचायत में घटी। गर्मी शुरू होते ही तेज पछुआ हवाओं में घर के सामने ही गेहूं थ्रेसिंग करने के दौरान यह घटना घट रही है। बताया जाता कोशी इस बार इलाके में किसान गेहूं की फसल खेत से कटनी कर घर लाते है वहीं थ्रेसर कर तैयार करने एक चिंगारी घर में लगते ही हवा के तेज झोंके से अन्य घरों में लगकर स्वाहा कर देते हैं। आगजनी की इस घटना में कोई बेघर हो जा रहा है तो किसी के बिटिया के सुहागन बनने की राह में मुश्किलें खड़ी हो रही हैं। इन घटनाओं में दर्जनों मवेशी जिंदा जल गए। वहीं प्रशासन के तरफ सिर्फ पालीथीन देकर खानापूर्ति की गई। आज भी दर्जनों परिवार ऐसे है जिन्हें रहने का न ठिकाना न ही खाने का कोई इंतजाम रह गया है उनके समक्ष विवशता है खुले आसमान में रहने।

शिक्षक के साथ मारपीट की घटना को लेकर सड़क जाम


कुर्साकांटा (अररिया) : कुआड़ी मवि के प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रकाश चन्द्र गुप्ता के साथ रविवार की शाम कुआड़ी गुदड़ी हाट के पास एक अभिभावक ने अभद्र व्यवहार एवं मारपीट की घटना के विरोध में सोमवार की सुबह कुआड़ी मेन चौक के निकट सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थियों ने सड़क जाम कर दिया। कुआड़ी बाजार भी बंद रहा। जामकर्ता दोषी व्यक्ति को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। बाद में अधिकारियों व स्थानीय जन प्रतिनिधियों के आश्वासन पर जाम वापस ले लिया गया।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मध्य विद्यालय कुआड़ी के प्र. प्रधानाध्यापक प्रकाश चन्द्र गुप्ता जब मध्याह्न भोजन के लिए सब्जी खरीदने हाट पहुंचे तो कुआड़ी दक्षिण टोला निवासी कृपानंद यादव यह कहते मारपीट करने लगे कि तुमने मेरे बेटे का नाम नामांकन पंजी से क्यों काटा। शिक्षक के समझाने के बाद भी उनकी बुरी तरह पिटाई कर दी गयी।
इधर, शिक्षक श्री गुप्त ने मामले को लेकर कुआड़ी ओपी थाना कुर्साकांटा में कृपानंद यादव के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करवायी है।
इधर, छात्रों एवं शिक्षक समुदाय में इस घटना से काफी आक्रोश व्याप्त है। सोमवार को संकुल के सभी विद्यालयों के शिक्षकों ने कुआड़ी पहुंचकर दोषी की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की। इधर जाम स्थल पर ओपी के पुअनी कृष्णा प्र. ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। दोषी फरार है गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। जाम स्थल पर पहुंचे अंचलाधिकारी विजय शंकर सिंह, पुअनी शाहबुद्दीन अंसारी, पुलिस इंस्पेक्टर फिरोज आलम, सरपंच सियाराम यादव, मुखिया जावेद आलम, भानू प्र. गुप्ता आदि ने जाम कर्ताओं को कार्यवाही करने का आश्वासन देकर जाम तुड़वाया।

हजारों मूल्य की साड़ी व सलवार जब्त



जोगबनी(अररिया) : जोगबनी एसएसबी प्रभारी संजीव कुमार के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर जोगबनी वार्ड नंबर दस के इंदिरा नगर के पास सोमवार को लगभग 26 हजार मूल्य के साड़ी व सलवार सूट को तस्करी के माध्यम से नेपाल जाने के क्रम में जब्तकर कस्टम को सौंप दिया। इस संबंध में एसएसबी के जोगबनी प्रभारी श्री कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद जब इंदिरा नगर गया तो सूचना सही पाया। जब त्वरित कार्रवाई करते हुए जवानों द्वारा रोकने का प्रयास किया गया तो तस्कर कपड़ा फेक नेपाल भागने में सफल रहे। जब कपड़ों की सूची बनाकर कस्टम को सौंप दिया गया। इस अभियान में हेड कांस्टेबिल टीएम हेंब्रम, विनोद कुमार, नागेन्द्र पासवान, सुनील कुमार आदि मौजूद थे।

एसएसबी व ग्रामीणों के बीच समन्वयक बैठक

जोगबनी(अररिया) : जोगबनी प्राथमिक विद्यालय खजुरबाड़ी में एसएसबी व ग्रामीणों की समन्वयक बैठक रविवार को सहायक सेनानायक एमसी पंडित के देखरेख में आयोजित की गयी। जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा सहित कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में ग्रामीणों की ओर से स्कूल के सामने अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की बात कही जिसे एसएसबी ने अविलंब कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में मुख्य रूप से मनोज राय, वीरेन्द्र राम, रूपा देवी, मंजू देवी, प्रदीप यादव सहित दर्जनों ग्रामीण व एसएसबी जवान मौजूद थे।

क्षेत्रीय निदेशक ने किया लोक शिक्षा केंद्र का निरीक्षण

फारबिसगंज(अररिया) : प्रखंड के हरिपुर पंचायत स्थित लोक शिक्षा केंद्र का रविवार को सूचना और प्रसारण मंत्रालय के क्षेत्रीय प्रचार निदेशक एसके मालवीय ने निरीक्षण किया। मौके पर साक्षरता के वरीय प्रेरक उमर अली ने श्री मालवीय को प्रत्येक छह माह के साक्षरता प्रगति से अवगत कराते हुए विभिन्न जानकारियां दी। मौके पर श्री मालवीय ने उक्त शिक्षा केंद्र को प्रोत्साहन स्वरूप एक सिलाई मशीन, पुस्तकालय के लिए पुस्तकें आदि की घोषणा की। वहीं क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी एनके झा ने कहा कि हरिपुर काफी प्रगतिशील पंचायत है। यहां पर पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधि की एकजुटता का परिचायक है। इस अवसर पर पूर्व उपप्रमुख मोहन लाल दास, पूर्व मुखिया विंदेश्वरी मेहता, सदानंद मेहता, जितेन्द्र कुमार, शिक्षिका एवं प्रशिक्षु उपस्थित थे।

मुक्त बंधुआ मजदूरों को मिली बकाया मजदूरी


अररिया : अररिया आरएस ओपी क्षेत्र के रूपैली स्थित हाजी मंजूर के ईंट भट्टा से मुक्त कराये गये असम के मजदूरों को एसपी शिवदीप लांडे के निर्देश पर बकाया मजदूरी 60 हजार रूपये का भुगतान कराया गया है। आरएस पुलिस की देखरेख में प्रत्येक मजदूर को साढ़े सात हजार रूपये की दर से सोमवार को राशि वितरित की गयी। जिसके बाद सभी मजदूरों को आसाम भेज दिया गया।
मौके पर एसपी श्री लांडे ने बताया कि तीन दिन पूर्व ही ईट भट्ठा से सभी बंधुआ मजदूरों को मुक्त कराया गया था। मजदूरों का आरोप था कि छह माह से उन लोगों को केवल खाना के लिए राशि दी जाती थी। लेकिन शेष मजदूरी मांगने पर भट्टा मालिक उन लोगों को घर में बंद कर प्रताड़ित करते थे। शिकायत मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए मजदूरों को मुक्त कराया गया। इसके बाद छतिऔना पंचायत के मुखिया के माध्यम से मजदूरों की राशि भट्ठा मालिक से वसूल की गयी। इस दौरान सभी महिला मजदूरों को अल्पावास में ठहराने की व्यवस्था की गयी थी।

दो माह पहले परीक्षा देने गयी लड़की अब तक नहीं लौटी

भरगामा(अररिया) : भरगामा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर पंचायत के नाबालिग पिंकी कुमारी को दो माह पूर्व अपहरण कर लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। मामले को लेकर लड़की के पिता विंदेश्वरी मेहता ने भरगामा थाना कांड संख्या 37/12 के तहत जामुआन निवासी ज्ञानचंद्र मंडल समेत चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करवाई है। दर्ज प्राथमिकी में रघुनाथपुर निवासी विंदेश्वरी मेहता का कहना है कि दो माह पूर्व मेरी बच्ची उम्र 15 वर्ष सवारी गाड़ी संख्या बीआर 11 जी 9653 से जामुआन निवासी ज्ञानचंद्र मंडल, अनिरूद्ध मंडल, भुपेन्द्र मंडल, फुलो मंडल के साथ ममेरी बहन को साथ परीक्षा दिलाने घर से मधेपुरा गयी थी। जो अभी तक लौटकर नहीं आयी है। उपरोक्त लोगों से पूछे जाने पर बोला एक दो दिन में चली आयेगी। जो अभी तक वापस नहीं लौटी है। संदेह है कि उपरोक्त लोग मिलकर साजिश के तहत बच्ची को अपहरण कर छुपा कर रखे हैं। उसके साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना हो सकती है।

Sunday, April 22, 2012

विवाद को लेकर महिला को जलाने का प्रयास

फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज थाना क्षेत्र के रामपुर दक्षिण पंचायत में आपसी विवाद को ले एक महिला को आग में जलाकर मारने के प्रयास किया गया है। झुलसी महिला हाजरा खातून सहित दो अन्य जख्मी लोगों को फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता ने थाना में आवेदन देकर आधा दर्जन से अधिक महिला-पुरुषों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। दिये गये आवेदन के अनुसार आम तथा लीची के फल में छिड़काव को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हुआ जो मारपीट में बदल गयी। जिसके बाद एक पक्ष की महिला हाजरा खातुन के शरीर पर किरासन तेल छिड़कर आग लगा दिया गया जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। जबकि मारपीट में कमरूद्दीन अंसारी एवं महरूद्दीन अंसारी जख्मी हो गया। महिला ने ग्यास अंसारी, उमर अंसारी, शाहिना, मोमिना, इबरार सहित अन्य कई ग्रामीणों पर मारपीट एवं जलाने का आरोप लगाया है।

दो मोटर साइकिल छोड़ छह अपराधी फरार

फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत फारबिसगंज जोगबनी एनएच 57 ए मुख्य मार्ग मटियारी गांव के समीप शनिवार की संध्या वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध दो मोटर साइकिल पकड़ लिया। जबकि दोनों मोटर साइकिल पर सवार आपराधिक प्रवृति के छह युवक बाइक छोड़ पुलिस को चकमा देकर फरार हो गये। बरामद मोटर साइकिल में एक बिना नंबर की टीवीएस मोटर साइकिल सहित एक अन्य टीवीएस स्टार बीआर 38 सी 8646 मोटर साइकिल शामिल है। फारबिसगंज थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। जानकारी अनुसार वाहन चेकिंग के दौरान दो मोटर साइकिल पर सवार छह युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। इसी क्रम में सभी अपराधी दोनों मोटर साइकिल छोड़ पैदल ही भाग खड़े हुए।

अररिया का मंगल सिंह लाहौर जेल में?


अररिया : अररिया का रहने वाला एक व्यक्ति पाकिस्तान की जेल में बंद है। गोपालपुर गांव का मंगल सिंह नामक युवक पाकिस्तान के लाहौर शहर की लखपत जेल में बंद है। सरकारी एजेंसियां अररिया में उसके ठिकाने का पता लगाने में खाक छान रही हैं। लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पाकिस्तान की प्रसिद्ध लखपत जेल में मंगल सिंह नामक व्यक्ति तकरीबन साल भर से बंद है। उसकी हाइट पांच फीट चार इंच, चेहरे का रंग सांवला व कदकाठी दुबला पतला है। यह अनुमान लगाया जाता है कि वह प्रवासी मजदूर है तथा भूलवश पाकिस्तान सीमा में प्रवेश कर गया होगा।
गौरतलब है कि भारत-पाकिस्तान के बीच संबंधों में हालिया बदलाव के बीच मंगल के पाकिस्तानी जेल से छूटने की संभावना बढ़ गई है।
सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान की जेल में मंगल की मानसिकस्थिति ठीक नहीं है। उसने वहां के जेल अधिकारियों को अपना पता गोपालपुर जिला अररिया बताया है। वह अपने पिता का नाम सोदन बताता है तथा शत्रुघ्न व जगनमल आदि के नाम बार बार लेता है। जिले में एक गोपालनगर रानीगंज प्रखंड के परिहारी व दूसरा फारबिसगंज प्रखंड के मझुआ पंचायत में है। इसके अलावा पलासी प्रखंड के डेहटी उत्तर पंचायत में भी एक गोपालनगर नामक गांव है। सरकारी एजेंसियां इन्हीं गांवों में उसे ढूंढने में लगी हैं।

बिहार में अराजक स्थिति: राष्ट्रीय अध्यक्ष



अररिया : बिहार में अराजकता जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। नीतीश सरकार अपराध तंत्र के समझौता कर सरकार चला रही है। राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य आदि क्षेत्र में भ्रष्टाचार चरम पर है। यह बात समता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एनके सिंह ने रविवार को अररिया में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहीं। पार्टी के जिला कार्यकर्ता सम्मेलन संबोधित करने के पश्चात समता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि राज्य की बदहाली के लिए नीतीश सरकार जिम्मेवार है। राज्य के इलाकों की स्थिति को आम लोगों तक पहुंचाने वाला मीडिया यहां स्वतंत्र नहीं है। श्री सिंह ने जस्टिस मार्कण्डेय काटजू के बयान का भी समर्थन किया। उन्होंने पत्रकार वार्ता में कहा कि 1994 में समता पार्टी स्थापना के बाद से ही संघर्ष कर रही है। 2004 में कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं ने पार्टी के साथ विश्वासघात कर पार्टी को खत्म करने की साजिश भी रची, पर नाकाम रहे। उन्होंने कहा कि समता पार्टी पूरे देश में खासकर बिहार में पूरी मजबूती के साथ उभरेगा। श्री सिंह ने कहा कि काफी उतार-चढ़ाव के बाद समता पार्टी के लोग एकजुट हो गये हैं और युवाओं की भागीदारी बढ़ चढ़ कर हो रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पूरे बिहार में नीतीश के विकास का दावा खोखला साबित हो रहा है। सड़के बन रही है, पर तुरंत टूट भी जाता है। श्री सिंह ने कहा कि जनता के बीच समता पार्टी जाकर जनता का विश्वास जीतने का प्रयास करेगी। इस अवसर पर समता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रेश कुमार मंडल, प्रदेश उपाध्यक्ष वाहिद खान, प्रमंडलीय प्रभारी कमरूल इस्लाम, युवा समता के प्रदेश महासचिव प्रीतम यादव, पार्टी जिलाध्यक्ष अबु तालिब, युवा जिलाध्यक्ष प्रदीप राउत, समाजवादी नेता शकलदेव मंडल, पार्टी नेत्री रोशन आरा, मो. इस्माईल आजाद आदि मौजूद थे।

लड़कियों के लिए डिग्री कालेज खोलने की सलाह

अररिया : अररिया मुख्यालय स्थित ग‌र्ल्स आईडियल एकेडमी के विद्यालय सलाहकार समिति की बैठक शनिवार को एक होटल में आयोजित की गई। स्कूल्स आफ आइडियल ग्रुप अररिया के निदेशक एएमए मोजीब ने बताया कि सदस्यों ने सलाह दिया है कि लड़कियों के लिए डिग्री स्तर का कालेज इस जिले के लिए जरूरी है। साथ ही विद्यार्थियों के लिए जल्द से जल्द तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण की भी व्यवस्था होनी चाहिए। मो. मोजीब ने बताया कि सदस्यों द्वारा दिए गए सलाह पर निश्चित रूप से सकारात्मक पहल किया जायेगा। बैठक में मो. ताहा अधिवक्ता, मो. जहुरूल हक, रजी अहमद, डा. एनके दास के अलावा विद्यालय के शिक्षक मौजूद थे।

अभाविप मनायेगा वीर कुंवर जयंती

अररिया : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पूरे बिहार में 23 अप्रैल को वीर कुंवर सिंह जी की जयंती धूमधाम से मनायेगा। परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष प्रो. महेन्द्र प्रताप सिंह ने रविवार को आयोजित नगर इकाई की बैठक में यह जानकारी दी। बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष प्रो. अनिल कुमार मिश्रा ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि अररिया में भी वीर कुंवर सिंह की जयंती धूमधाम से मनायी जायेगी। बैठक में परिषद कार्यकर्ता चंदन कु. शर्मा, अर्जुन कुमार, विवेकानंद, विजय कुमार सिंह, नितेन्द्र राजा आदि मौजूद थे। 

अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन अब 26 मई से

अररिया : 12 व 13 मई को फारबिसगंज में आयोजित होने वाला अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन अब 26 व 27 मई को होगा। रविवार को महानंद मिश्र मार्तण्ड की अध्यक्षता में उनके आवास पर आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया। नगर पालिका चुनाव के कारण कार्यक्रम में यह फेर बदल किया गया है। इस सम्मेलन में देश विदेश से मैथिली के विद्वान भाग लेने आयेंगे। जिसमें अलग मिथिला राज्य के आंदोलन पर चर्चा होगी। बैठक में अनंत झा, रामप्रकाश यादव, मोहन मिश्र, अरविंद ठाकुर, ओमप्रकाश लाल दास, प्रकाश कुमार, रेणु झा, अजय कुमार झा आदि मौजूद थे।

सीएम को बधाई

अररिया: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दोबारा निर्विरोध विधान परिषद सदस्य चुने जाने पर जिले के जदयू कार्यकर्ताओं ने बधाई दी है। जिलाध्यक्ष नौशाद आलम, प्रखंड अध्यक्ष मो. जियाउल्लाह, सविता सिंह, रेशम लाल पासवान, रूपेश सिंह, उमेश राय, शमसुल हक, आशिष कुमार पटेल, सिंधेश्वर प्रसाद मंडल आदि ने मुख्य मंत्री नीतीश को बधाई देते हुए कहा कि पुन: उनके नेतृत्व में बिहार देश का न. 1 राज्य बनेगा।

जिले में बढ़ा डायरिया का प्रकोप

कुसियारगांव (अररिया) : गर्मी शुरू होते ही जिले में डायरिया पीड़ितों की संख्या बढ़ने लगी है। इन दिनों प्रतिदिन सदर अस्पताल अररिया में दर्जनों के संख्या में डायरिया से पीड़ित रोगी पहुंच रहे हैं। जिसमें अधिकांश बच्चे शामिल होते हैं। जबकि परिजनों के मुताबिक अस्पताल में इसके असरदायक दवा नहीं मिल रहे हैं। अस्पताल में भर्ती बैरगाछी निवासी बी अंसारी, बसंतपुर के अंश कुमार , अब्दूल ययुब, आजाद नगर, पलक कुमारी, खहरिया बस्ती, आदिल शरीफ, नगर, प्यारी खातुन, गैयारी, मो. चांद, इस्लाम नगर, फयजान मिल्लत, नगर, तब्बसुम ककरोबा बस्ती, रफत खातुन, रानीगंज, कैलाश कुमार, खरहिया बस्ती, रूकशार, भगत टोला, आकुब रहिका टोला आदि ने बताया कि अचानक कैय व दस्त शुरू हो जाता है। इस संबंध में शिशु रोग विशेषज्ञ डा. विमल कुमार ने बताया कि गर्मी में सड़ी गली मछली व बाजार के अशुद्ध खाद्य पदार्थ खाने से यह बीमारी फैल रही है। वहीं बच्चे को मां का ही दूध पिलाना चाहिए व साफ-सफाई का भी ध्यान रखा जाना आवश्यक है।

महादलित टोले विद्युत से वंचित

नरपतगंज (अररिया) : ग्रामीण विद्युतीकरण योजना लाभ से गरीब एवं महादलित लोग आज भी वंचित हैं। क्षेत्र के महादलितों के लिए बिजली आज भी सपना बना हुआ है। प्रखंड के नाथपुर पंचायत में दलित एवं महादलितों तथा कुर्मी टोला में पोल एवं तार लगाये साल भर बीत चुके हैं। पर बिजली नहीं आ सकी है। बता दें कि इस गांवों में छह महीना पूर्व ही बिजली आयी थी किंतु कुछ दिनों के बाद ही ट्रांसफार्मर जल गया फिर दोबारा आज तक विद्युत नहीं अया। पंचायत के मुखिया जय नारायण राय समेत लक्ष्मण राय, जय प्रकाश राय, मिश्री लाल राय, रमण राय, सुनील सिंह, मनोज सिंह, दीपक सिंह, मनोज राय आदि ने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर की मांग की है।

आरोपी ने किया आत्म समर्पण

अररिया: अररिया थाना कांड संख्या 634/11 के आरोपी मैनापुर निवासी मो आसिफ रविवार को आर एस पुलिस के समक्ष आत्म समर्पण कर दिया है। आसिफ के विरूद्ध न्यायालय ने कुर्की जब्ती का आदेश भी जारी किया था। बैरगाछी पुलिस के अनुसार आरोपी की तलाश काफी दिनों से थी।

केसीसी ऋण नहीं मिलने से किसान परेशान

भरगामा (अररिया) : उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक शाखा खजूरी से केसीसी ऋण नहीं मिलने से किसान पशोपेस में हैं। किसानों का आरोप है कि तमाम कागजी प्रक्रिया पूरी करने के महीनों बाद भी क्षेत्र के किसान ऋण नहीं मिलने से परेशान हैं। खजूरी पंचायत के कृषक राजेश गुप्ता, रमन कुमार, शिवधारी यादव आदि बताते हैं कि केसीसी ऋण हेतु बैंक कर्मी द्वारा मांगे जा रहे लगभग सभी कागजात संबंधित शाखा को 3-4 माह पूर्व सौंप दिया गया है। लेकिन बैंक अधिकारी टाल मटोल कर रहे हैं। वहीं पंचायत के कृषि सलाहकार राज किशोर गुप्ता भी कहते हैं कि दर्जनों लाभुक ऐसे हैं जिन्होंने महीनों पूर्व कागजी प्रक्रिया को पूरा कर दिया है किंतु ऋण देने में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है। जबकि इस संबंध में शाखा प्रबंधक मो. परवेज आलम ने उक्त लोगों के आरोप को निराधार बताया है। साथ ही कहा है कि विभागीय आदेश के कारण ऋण वितरण का कार्य तत्काल स्थगित रखा गया है।

नामांकन के लिए अवैध वसूली का आरोप


भरगामा (अररिया) : उच्च विद्यालय में नामांकन कराने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए छात्रों ने विद्यालय प्रधान के खिलाफ जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला पदाधिकारी को आवेदन प्रेषित किया है।
प्रेषित आवेदन में मधु कुमारी, सूरज कुमार, रूबी कुमारी, पिंटू कुमार, मनीष कुमार, सुबोध कुमार आदि ने आरोप लगाया है कि विद्यालय में नवम वर्ग में धड़ल्ले से प्रति विद्यार्थी 100 रुपया अवैध उगाही किया जा रहा है। जबकि विद्यालय प्रधान महेश्वर साह ने आरोप को बेबुनियाद व गलत बताया है।

अररिया में शिक्षा का अधिकार कागजी


अररिया : शिक्षा के मामले में पिछड़ा जिला अररिया आज भी अपनी दुर्गति पर आंसू बहा रहा है। यहां के स्कूलों में छात्र संख्या की तुलना में शिक्षकों की संख्या बेहद कम है। इस कारण बच्चों कोअच्छी शिक्षा से वंचित हैं। उन्हें न तो अच्छी शिक्षा प्राप्त हो रही है और न ही शिक्षा का अधिकार का औचित्य साबित हो रहा है। सर्वोच्च न्यायालय के द्वारा शिक्षा का अधिकार कानून को संवैधानिक दर्जा देने के साथ ही यह तय कर दिया कि एक्ट के प्रभावी होते ही प्रत्येक 30 छात्र पर एक शिक्षक अनिवार्य होगा। लेकिन अररिया में तो इसका दूर-दूर तक पालन नही हो रहा है। एक्ट में निहित प्रावधानों के आधार पर न तो प्राइवेट स्कूल अपना ढर्रा बदलने के लिए तैयार है और न ही सरकारी स्कूल तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी कोई खासा ध्यान दे रहे हैं। जिसका खामियाजा स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को भुगतना पड़ रहा है।
जिले के प्राईवेट स्कूल में ही नही वरन सरकारी प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में भी शिक्षकों का घोर अभाव है। एक सरकारी आंकड़े पर गौर करें तो जिले के 1768 प्राथमिक व मध्य विद्यालय में कुल 5 लाख 35 हजार 86 बच्चे नामांकित है। इन स्कूलों में नियमित व नियोजित शिक्षकों की कुल संख्या 8770 है जो 62 बच्चे पर एक शिक्षक का अनुपात है। ऐसे भी सरकारी स्कूलों की पढ़ाई राम भरोसे ही है। इसके बावजूद छात्रों का नामांकन तो हो रहा है पर शिक्षकों की संख्या कम होने के कारण काफी परेशानी हो रही है।
शहर के अस्सबील एकेडमी में अब तक 500 से अधिक छात्रों का नामांकन शुरू हो चुका है। अभी शुरूआती दौर में है। लिहाजा छात्रों की संख्या और बढ़ेगी परंतु स्कूल में अबतक 17 शिक्षक हीं कार्य कर रहे हैं। एकेडमी के प्रिंसिपल एमई हसन का कहना है कि छात्रों पर इसका असर नही पड़ने दिया जाता है।
वहीं शहर के बड़े चर्चित व नामी प्राईवेट स्कूल में 900 से अधिक छात्र नामांकित है। लेकिन वहां शिक्षकों की संख्या मात्र 20 है जो आरटीई एक्ट का खुला उल्लंघन है। ऐसे और भी कई स्कूल है जहां शिक्षक छात्र अनुपात बहुत अधिक है।
इधर इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव रंजन प्रसाद का कहना है कि धीरे-धीरे एक्ट का पालन शुरू हो जायेगा।

युवक का शव बरामद

फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज थाना अंर्तगत इस्लामपुर धत्ता टोला स्थित कजरा नहर के मुहाने पर रविवार की सुबह करीब 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु अररिया भेज दिया है। मृतक की पहचान जंसवत कुमार पिता गिरानंद सिंह नरपत गंज प्रखंड के डुमरियावार्ड के रुप पहचान हुई। फारबिसगंज थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ठाकुर ने बताया कि युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। इधर युवक का शव मिलने की सूचना पर नहर पर सुबह से हीं ग्रामीणों की भीड़ लगनी शुरू हो गई।

राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेंगे दो जन प्रतिनिधि

कुसियारगांव : रामपुर कोदरकट्टी के मुखिया राजेश कुमार सिंह एवं कुर्साकांटा प्रमुख धनजीत कुमार सिंह 24 अप्रैल को दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस सम्मेलन में भाग लेंगे। यह जानकारी मुखिया श्री सिंह ने दी।

भंडारा के साथ महाअष्टयाम संपन्न

अररिया : स्थानीय परमान नदी के किनारे बाबा जी कुटिया हनुमान मंदिर में मंगलवार से जारी महाअष्टयाम का समापन रविवार को भंडारा आयोजन के साथ हो गया। मंगलवार को सुबह दस बजे हरे राम संकीर्तन का विसर्जन समदाउन के साथ हुआ। इसके बाद नानू बाबा के नेतृत्व में हवन का आयोजन किया गया। हवन के पश्चात मंदिर परिसर में भंडारा का आयोजन किया गया। प्रसाद के रूप में खिचड़ी ग्रहण करने के लिए महिला, पुरुष व बच्चों की भीड़ लग गई। भक्त के रूप में अजय कुमार, सुमित सुमन, संतोष झा, रौशन, राजकुमार गुप्ता, दिलीप स्वर्णकार आदि ने भंडारा का प्रसाद वितरण करने में भूमिका निभाई। इधर संकीर्तन को सफल बनाने में नानू बाबा, शिवन पासवान, शोभाकांत झा, अखिलेश दास ,नरेश, अरुण ठाकुर, गंगा यादव, अवध बिहारी बम उर्फ नंदी बाबा आदि ने सक्रिय योगदान दिया ।

खैरखां में नहीं बंट रहा पोषाहार

अररिया: फारबिसगंज प्रखंड अंतर्गत खैरखां पंचायत के वार्ड 14 व 6 स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र सं. 14 पर पिछले कई माह से पोषाहार नही बंट रहा है। इसकी शिकायत खैरखां पंचायत के ग्रामीणों ने डीएम, फारबिसगंज एसडीओ, सीडीपीओ से लिखित शिकायत की है। इधर आंगनबाड़ी केन्द्र की सेविका ने लगाये गये आरोप को मनगढ़ंत बताया है।

आक्सफोर्ड क्लब ने जीता जीपीएल टी 20 सेमीफाइनल


कुसियारगांव (अररिया) : जीपीएल टी-20 का पहला सेमीफाइनल मैच इलेवन स्टार अररिया बनाम आक्सफोर्ड क्लब अररिया के बीच आजाद स्पोर्ट कल्ब के प्रागंण में खेला गया, जिसमें आक्सफोर्ड क्लब की टीम सात विकेट से विजयी रही।
इलेवन स्टार के कप्तान महताब अजीम ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। निर्धारित 20 ओवर में इलेवन स्टार 165 रन बनाए। वहीं इलेवन स्टार की टीम के जवाब में उतरे आक्सफोर्ड ने 18 ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आक्सफोर्ड की टीम ने इलेवन स्टार को 3 विकेट से हराया। अंपायर की भूमिका अजमल व गुलजार थे। जब कि कमेंट्री मुन्ना ने की। मैच को सफल बनाने में गुलाब, इम्तियाज, जुगनू, इमरान, आफताब, तौसिफ आदि का सराहनीय योगदान रहा।

अग्निकांड में दो घर जले, पूर्व पीड़ितों को नहीं मिली राहत


पलासी (अररिया) : प्रखंड के डेहटी उत्तर पंचायत अंतर्गत कोढ़ेली गांव में शनिवार की देर रात्रि लगी आग में दो घर जल गये हैं। इस अग्निकांड में कपड़ा, अनाज व अन्य घरेलू सामान सहित करीब 50 हजार रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर इसी पंचायत के बरहट गांव में शनिवार पूर्वाह्न हुई अग्निकांड की घटना में पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को विवश हैं। 24 घंटे बीत जाने के पश्चात भी प्रशासन द्वारा अब तक किसी प्रकार की राहत सामग्री नहीं मुहैया करवायी गयी है।
इस बाबत बरहट गांव के अग्निपीड़ित मो. सोहेल, तौहिद, सज्जाद आदि ने बताया कि अग्निकांड में उन सबों का अनाज, पहनने के कपड़े, घरेलू सामान सभी जल गये। ग्रामीणों द्वारा दिए कुछ सहयोग से ही किसी तरह पेट की आग बुझाते हैं।
इस संबंध में सीओ अरुण कुमार शर्मा ने बताया कि उनके पास अभी आवंटन नहीं है। जैसे ही जिला से आवंटन प्राप्त होगा, शीघ्र वे राहत सामग्री वितरण करवा देंगे।

शिक्षकों की अनुपस्थिति के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन



जोकीहाट (अररिया), : विद्यालय से शिक्षकों का अनुपस्थित रहना व एमडीएम बंद रखना शायद जोकीहाट क्षेत्र के अधिकांश विद्यालयों की नियति बन गई है। वाकया चौकता पंचायत के नवसृजित विद्यालय बनकट्टा का है जहां प्रधानाध्यापक मनोज कुमार, सहायक शिक्षक मो. अशद एवं प्रवीण कमर सहित तीनों शिक्षक विद्यालय से अनुपस्थित थे तथा एमडीएम बंद था। एमडीएम बंद रहने एवं सभी शिक्षकों के गायब रहने को ले आक्रोशित अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर में प्रदर्शन किये एवं नारेबाजी की। चौकाने वाली बात यह है कि उक्त शिक्षकों के बदले मो. नजामुद्दीन नामक प्राइवेट शिक्षक पढ़ाई के नाम पर खानापूर्ति कर रहे रहे थे। नजामुद्दीन ने बताया कि मुझे पढ़ाने के बदले 1500 रुपये मिलते हैं। आक्रोशित ग्रामीणों में अली मुर्तजा, मुजाहिद, नसीम, जाकिर एवं छात्र मजहर, आफाक, एजाज, नुसरत, मोहीद आदि ने बताया कि तीनों शिक्षक एवं शिक्षिका प्राय: स्कूलों से गायब रहते हैं। कई बार वरीय पदाधिकारियों को सूचना देने के बाद भी कार्रवाई नही होती है। इस सिलसिले में पूछने पर बीईओ गयासुद्दीन अंसारी ने बताया कि शिक्षकों का अनुपस्थित रहना एवं एमडीएम बंद रखना एक गंभीर मामला है। दोषी शिक्षकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी।

मारपीट में तीन महिला सहित एक दर्जन जख्मी


कुसियारगांव (अररिया) : जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में लगभग एक दर्जन लोग बुरी तरह जख्मी हो गये जिन्हे इलाज के लिए रविवार को सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। वहीं चिकित्सक ने चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार जोकीहाट थाना क्षेत्र के बाडागांव में पेड़ काटने के कारण हुई मारपीट में शामीम उद्दीन, अमीर उद्दीन व मो. असवर बुरी तरह जख्मी हो गये। इन्हें पूर्णिया रेफर किया गया है। वहीं बैरगाछी ओपी क्षेत्र के रामपुर-मोहनपुर में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट में अब्दुल वहाब, रिजवान, मो. हारुण आदि जख्मी हो गये। इसके अलावा जिन अन्य जख्मियों को अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया उनमें हड़ियाबाड़ा के नरसू, बेरगाछी से जावेद अंसारी, शविला खातुन, इमामुल, हमहारा के आफताब, सुबोध कुमार साह महलगांव, यहीं से सोनम, बैरगाछी से जूमनी आदि शामिल हैं।

होमगार्ड के सहारे फायर बिग्रेड दस्ता


अररिया : सरकार ने प्रत्येक अनुमंडलों में फायर स्टेशन की स्वीकृति तो दे दी है किंतु इसे अभी तक व्यवस्थित नहीं किया जा सका है। अररिया में तो अग्निशमन विभाग होमगार्ड के सहारे ही चल रहा है। यहां कर्मियों की काफी कमी है। उस पर भी जान की बाजी लगा कर दूसरों को सुरक्षा देने वाले अग्निशमन दस्ता के जवानों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। कृषि बाजार प्रागंण स्थित मीडिया सेंटर वाले भवन में रह रहे अग्निशमन दस्ता के सदस्यों को न तो सोने की समुचित व्यवस्था है और न पीने के लिये पानी का पर्याप्त साधन। यहां तक कि शौचालय के लिये उन्हें मैदान में भटकना पड़ता है। शटर युक्त दुकान जैसे भवन में रह रहे अग्निशमन दस्ता के सदस्यों के शयन की व्यवस्था भी अजीब है। भवन में रखे बैलेट बाक्स ही उनका बिछावन है। चिल चिलाती धूप हो या बरसात का मौसम सभी कुछ खुले जैसा झेलते हैं फायर ब्रिगेड के जवान। वहीं अररिया के अग्नि शमन केन्द्र आज भी होम गार्डो के भरोसे ही चलता है।
जिले के अररिया एवं फारबिसगंज अनुमंडल में अग्निशमन केन्द्र स्थापित है। अररिया में तीन फायर ब्रिगेड गाड़ी एवं फारबिसगंज में दो गाड़ी कार्यरत है। लेकिन दोनों ही केन्द्रों पर कर्मियों का घोर अभाव। फारबिसगंज अनुमंडल में आग पर काबू पाने के लिये 3 चालक की जरूरत है। लेकिन एक चालक के भरोसे वहां कार्य किया जा रहा है। 10 होम गार्ड जवान यहां कार्यरत हैं। जिसमें कभी कोई चालक का कार्य देखते हैं तो कभी आग बुझाने का काम। इसी प्रकार अररिया में 3 गाड़ी में दो चालक ही मौजूद है। एक चालक का काम होम गार्ड के जवान देख रहे हैं। अररिया केन्द्र में पदास्थापित प्रधान चालक सह हवलदार गणेश प्रसाद यादव का कहना है कि दोनों ही केन्द्रों पर कम से कम 10 कर्मचारी की जरूरत है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1990 से ही 912 जवानों की बहाली प्रक्रिया शुरू हुई थी। लेकिन अब तक संपन्न नही हो पाया। यदि बहाली प्रक्रिया संपन्न हो जाती तो किसी भी केन्द्रों पर कर्मी की कमी नहीं होती। उन्होंने केन्द्र की व्यवस्था पर क्षोभ जताते हुये बताया कि किसी भी मौसम में उनलोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि घटना के दौरान पानी की व्यवस्था पीएचडी कार्यालय एवं नदी, पोखर व जगह-जगह बने गड्ढे से तो हो जाती है लेकिन हाई डेंट की अति आवश्यकता है। क्योंकि भीषण अग्निकांड के दौरान कई बार गाड़ी में जल भरना पड़ता है। हाईडेंट के सुचारु नहीं होने से जल लेने में काफी देर हो जाती है। ऐसी परिस्थिति में आग काफी फैल जाती है और दर्जनों घरों को अपने चपेट में ले लेती है।
उन्होंने यह भी बताया कि पड़ोस के लगभग सभी जिलों में हाईडेंट काम कर रहा है। अररिया में भी यह व्यवस्था उपलब्ध तो है लेकिन सुचारु नहीं हो पाया है।

चौकीदारों-दफदारों व थानाध्यक्ष में बढ़ा तनाव


जोकीहाट (अररिया) : महलगांव थाना में थानाध्यक्ष एवं चौकीदारों व दफादारों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। थानाध्यक्ष ने चौकीदारों और दफादारों पर अनुशासनहीनता व मनमानी का आरोप लगाकर एसपी शिवदीप लांडे को कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन भेजा है। जबकि चौकीदारों व दफादारों ने भी थानाध्यक्ष मनु प्रसाद पर दु‌र्व्यवहार का आरोप लगाते हुए एसडीपी मो कासिम का पत्र लिखा है। थानाध्यक्ष मनु प्रसाद ने एसपी शिवदीप लांडे को भेजे प्रतिवेदन में लिखा है कि अधिकांश चौकीदार व दफादार हाजिरी के दिन भी थाना पर नही आते हैं जिसके कारण अभियुक्तों के विरुद्ध छापेमारी तथा न्यायिक हिरासत में भेजने में कठिनाई होती है। थानाध्यक्ष ने प्रतिवेदन में अनुशासनहीनता एवं कर्तव्य हीनता का आरोप जिन चौकीदारों पर लगाया है उनमें नित्यानंद ततमा, सुरेश ततमा, जबादुल हक, सुधीर हरिजन, बलराम ऋषिदेव, शिवानंद ऋषिदेव एवं ललित कुमार महलदार के नाम शामिल हैं। थानाध्यक्ष श्री प्रसाद ने बताया कि सुरेश ततमा छह माह तथा बलराम चार माह से जेनरल परेड में नहीं आये हैं। टेकनी हाट एवं अन्य संवेदनशील चौक-चौराहों पर भी उक्त चौकीदार ड्यूटी पर नही रहते हैं। इधर नित्यानंद ततमा सहित कई चौकीदारों ने भी थानाध्यक्ष पर दु‌र्व्यवहार का आरोप लगाते हुए एसडीपीओ मो. कासिम को आवेदन दिया है। इस दौरान विवाद को गहराता देख चौकीदार व दफादार संघ के जिलाध्यक्ष रामदेव पासवान, सतनी देवी एवं सुभाष पासवान आदि महलगांव थाना पहुंचकर रविवार को आक्रोशित चौकीदारों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।

भूगर्भीय जल भंडार में कमी, सूखी एक दर्जन नदियां


अररिया : नदियों की गोद में बसा अररिया जिला एक ऐसे संकट से रूबरू है, जो आने वाले दिनों में खतरनाक स्वरूप ग्रहण कर सकता है। अंडरग्राउंड जल स्तर में कमी के कारण यहां कीएक दर्जन से अधिक नदियां सूख चुकी हैं। यह खतरा कोसी फ्लड प्लान की नदियों में सर्वाधिक है, हालांकि परमान समूह की नूना नदी भी विगत साल सूख कर बालू भरे मैदान में बदल गयी थी।
जानकारों के मुताबिक कोसी की मुख्य धारा तकरीबन तीन सौ साल अररिया जिले के बीचोबीच होकर बहती थी।
धीरे धीरे यह पश्चिम की ओर खिसक गयी। इस खिसकाव से बड़ी संख्या में नदियों का निर्माण हुआ। इन नदियों की विशेषता यह थी कि इनका स्रोत कहीं न कहीं इसी जिले में था। विगत चार से साल से इनके एक एक कर सूखने का सिलसिला चालू है। जानकार यह मानते हैं कि ऐसा बाढ़ व भूकंप के दौरान भूमि की लेयर संरचना में हुए बदलाव के कारण हुआ है।
जिन नदियों पर कुदरत का कहर बरपा है उसमें सीता, कारी कोसी, कमताहा, कमला, लछहा, बुढकोसी, गेरुवा, कजरा, नितिया, बगजान, पेमा, सरसुनी धार, फरियानी आदि शामिल हैं। पौराणिक नदी सौरा के जल भंडार पर भी असर पड़ा है।
जानकारों के अनुसार कोसी के पश्चिम शिफ्ट करने के बाद अररिया शहर से पश्चिम जमीन की सतह पर बालू की मोटी चादर छा गयी है। इसी सतह के अंदर पानी के कई भंडार छुपे थे और बाद के दिनों में पानी की अधिकता के कारण इन्होंने नदियों का रूप ले लिया।

बंद कीजिए पर्यावरण से छेड़खानी, पाताल जा रहा पानी


अररिया : प्रदूषण, खेतों में रसायनिक खाद व कीटनाशकों का प्रयोग तथा भूगर्भीय जल के बेहिसाब इस्तेमाल के कारण अररिया जिले में जल संकट गहरा रहा है। नरपतगंज प्रखंड में स्थिति चिंताजनक बतायी जाती है। यहां चापाकलों का पानी बेहद नीचे चला गया है।
इधर, जल संचयन व संरक्षण के प्रति आम जन के बीच जागरूकता की कमी स्थिति को और बिगाड़ रही है। नहरें विगत दो दशक से फ्लाप चल रही हैं। लिहाजा किसान अपने खेतों की सिंचाई के लिए बांस बोरिंग व प्राकृतिक जलाशयों का सहारा लेने को विवश हैं। कुल मिला कर तस्वीर यही है कि ग्राउंड वाटर की रिसाइकलिंग नहीं हो रही है। शायद जल स्तर नीचे जाने का कारण भी यही है।
इस संबंध में लोक स्वास्थ्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि हाल के वर्षो में खेतों की उप बढ़ाने के लिए रसायनिक खादों व कीटनाशी दवाओं का प्रयोग बेहद बढ़ गया है। आबादी बढ़ने के कारण सतह का प्रदूषण भी बढ़ा है। प्लास्टिक कचरों का क्वांटम लगातार बढ़ता जा रहा है। इन कारणों से अंडर ग्राउंड वाटर का लेवल नीचे जा रहा है।
कार्यपालक अभियंता ने बताया कि जल के संबंध में आम जन के बीच जागरूकता कस प्रसार बेहद जरूरी है। क्योंकि जन सहयोग के बिना प्रदूषण के कहर पर नियंत्रण नहीं पाया जा सकता। उन्होंने बताया कि कंक्रीट सड़कों का बढ़ता क्षेत्र फल भी पानी की रिसाइकलिंग में बाधक बन रहा है। क्यों कि इन सड़कों से जमीन का पोरस नेचर समाप्त हो जाता है। उन्होंने कहा कि केवल इसी जिले में हजारों वर्ग मीटर कंक्रीट सड़कें हैं और जल स्तर बिगाड़ने में ये अहम भूमिका निभा रही हैं।
इधर, जानकारों का मानना है कि इस जिले में 2008 की कोसी फ्लड के बाद से भूमि गत जल की स्थिति व पानी की गुणवत्ता बिगड़ी है। सन 2008 के बाद से जल स्तर तो नीचे गया ही है, कई गांवों में चापाकल के पानी में दुर्गध भी मिलने लगा है। यह परेशानी नरपतगंज प्रखंड के गांवों में अधिक है।
कोसी की बाढ़ से पहले इस प्रखंड में आम तौर पर पचीस तीस फुट पर पानी मिल जाता था, लेकिन अब पचास या उससे भी नीचे जाना पड़ता है।

ट्रैक्टर की चपेट में आने से बालिका की मौत


फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड के दक्षिणी रामपुर पंचायत स्थित अंसारी चौक पर रविवार को ट्रैक्टर की चपेट में आने से मो. वकील की पंद्रह वर्षीय पुत्री की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। जिसके बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया तथा विरोध करने लगे। सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची फारबिसगंज थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया किंतु ग्रामीणों के विरोध के कारण शव को पुलिस द्वारा नहीं उठाया जा सका। ग्रामीण शव को अपने साथ लेकर गांव चले गये तथा पुलिस बैरंग वापस लौट आयी। फारबिसगंज थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ठाकुर ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने तथा शव को गायब करने के आरोप में ग्रामीणों पर प्राथमिकी दर्ज की जायेगी। समाचार प्रेषण तक प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी।

कालेज व स्कूल शिक्षक भी कर रहे प्राइवेट कोचिंग


अररिया : सुप्रीम कोर्ट ने 12 अप्रैल को शिक्षा का अधिकार एक्ट (आरटीई) को संवैधानिक दर्जा दे तो दिया है पर क्या एक्ट में निहित प्रावधानों का पालन हो पाएगा? इस सवाल का जवाब अब तक सामने नहीं आ पा रहा है। केन्द्र सरकार द्वारा लागू आरटीई एक्ट में स्पष्ट रूप से शिक्षकों के निजी ट्यूशन व कोचिंग चलाने पर पाबंदी लगाने का सख्त निर्देश है।
इस संबंध में पड़ताल के क्रम में सामने आ रहा है कि सिर्फ शहर में ही एक दर्जन से अधिक सरकारी कालेजों व स्कूलों के शिक्षक निजी ट्यूशन पढ़ा रहे है। साथ ही अनुदान प्राप्त करने वाले शिक्षण संस्थानों के शिक्षक भी विभिन्न कोचिंग में शिक्षा सेवा दे रहे हैं।
अररिया के लिए यह भी सच है कि यहां छात्रों के बीच ट्यूशन व कोचिंग का क्रेज है। सरकारी अनुदान प्राप्त करने वाले विभिन्न कालेजों यथा महिला कालेज, सीकेएम ला कालेज बरदाहा, मिल्लीया डिग्री कालेज, मिल्लिया इंटर कालेज, यादव इंटर कालेज के कई प्राध्यापक बेखौफ होकर ट्यूशन क्लास चलाते हैं। सिर्फ यही नही अनुदान प्राप्त करने वाले हाजी दोस्त मोहम्मद प्रस्तावित उच्च विद्यालय जोकीहाट के एक शिक्षक शहर के स्टेशन रोड में सुबह से शाम तक गणित विषय की कोचिंग चलाते हैं। वही हाईस्कूल के एक शिक्षक वार्ड नं. 10 आश्रम रोड में, गणित व विज्ञान तथा वार्ड नं. 16 में, एक हाईस्कूल शिक्षक हिन्दी व संस्कृत विषय का ट्यूशन पढ़ाते हैं। अररिया आरएस में भी अनुदान पाने वाले कालेज के एक शिक्षक ट्यूशन करते हैं।
हाईस्कूल के एक शिक्षक को 35 से 50 हजार रुपया वेतन निर्धारित है। इसके बावजूद 20 से 25 हजार रुपया मासिक आमदनी कोचिंग व ट्यूशन पर हो रहा है।
इस संबंध में शिक्षा विभाग आज तक कुछ भी नही कर पाया है। इधर, डीईओ राजीव रंजन प्रसाद का कहना है कि ऐसे शिक्षकों की सूची तैयार की जा रही है।

आग से नौ घर जलकर राख


पलासी (अररिया) : प्रखंड के बरहट गांव में शनिवार को अचानक आग लगने से नौ घर जलकर राख हो गये। इस अग्निकांड की घटना में घरेलू अनाज सहित करीब दो लाख की संपत्ति के नष्ट होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
जबकि इस अग्निकांड की घटना में चार बकरी भी झुलस कर मर गये। अग्निपीडि़तों के तोहीब सोहेल, जाहिद जकीर शौरत, अस्फाक सज्जाद, मो. नूरसदी, मो. कुरैशा शामिल है। इधर घटना की सूचना पर सीओ अरुण कुमार शर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना का जायजा लेते हुए कर्मचारी को जांच प्रतिवेदन कार्यालय को समर्पित करने का भी निर्देश दिये। इधर घटना की सूचना पर स्थानीय मुखिया पुत्र पंकज कुमार भारती ने अग्निपीड़ितों से मिलकर प्रशासन से पीड़ितों के बीच राहत वितरित करने की मांग की।

अग्निपीड़ितों को विधायक ने दिया आश्वासन

नरपतगंज (अररिया) : नरपतगंज विधायक देवयंती देवी ने शनिवार को पटना से लौटने के क्रम में नाथपुर स्थित कुर्मी टोला के अग्निपीड़ित क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने अग्निपीड़ितों से मिलकर उन्हें ढाढस बंधाया। घटना स्थल पर उनके पहुंचते ही महिलाएं भाव विह्वल हो रो पड़ी। कोई अपनी जिंदगी भर की कमाई स्वाहा होने की बात कह रही थी तो कोई सर्टीफिकेट जल जाने की बात तो कोई अपनी जमीन के कागजात जल जाने का दुखड़ा रो रही थी। विधायक ने सभी पीड़ितों के घर जाकर मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दिया। विधायक देवयंती देवी ने ट्युबवेल दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सोमवार को सूची के साथ जिला पदाधिकारी से मिलकर मुआवजे एवं इंदिरा आवास की मांग करेंगी। क्षेत्र भ्रमण के दौरान विधायक देवयंती के साथ मुखिया जय नारायण राय, शंकर सिंह, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष, सुधीर सिंह, बंधु सिंह, रणजीत राय आदि मौजूद थे।

डीपीओ ने किया रिटायर्ड शिक्षकों से पढ़ाने का आग्रह

जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड के जहानपुर मध्य विद्यालय के उच्च विद्यालय में उत्क्रमण के बाद शुक्रवार को नामांकन सत्र के उद्घाटन समारोह में बोलते हुए माध्यमिक शिक्षा के डीपीओ बसंत कुमार ने कहा कि गांव के अवकाश प्राप्त हाईस्कूल शिक्षक अगर बच्चों को शिक्षादान करें तो छात्रों में गुणात्मक सुधार होगा। डीपीओ श्री कुमार ने कहा कि ऐसे अवकाश प्राप्त शिक्षक जो पढ़ाने के इच्छुक होंगे वे अपना डाटा डीईओ कार्यालय में उपलब्ध कराये, उनके पारिश्रमिक की व्यवस्था कार्यालय स्वर से कराई जायेगी। माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष नवकांत झा ने भी गांव के अवकाश प्राप्त शिक्षकों से शिक्षादान का आग्रह करते हुए कहा कि अवकाश ग्रहण के बाद मैं भी आकर इस विद्यालय में बच्चों को पढ़ाउंगा।

मुख्यमंत्री विकास योजना से होगा सौंदर्यीकरण: सरफराज

जोकीहाट (अररिया) : बिहार सरकार बड़े शहरों के साथ-साथ अब प्रखंड स्तरीय बाजार व कस्बों में भी आधार भूत आवश्यकताओं के विकास के प्रति गंभीर है। उक्त जानकारी विधायक सरफराज आलम ने देते हुए शुक्रवार को बताया कि मुख्यमंत्री क्षेत्रीय विकास योजना के तहत लाखों रुपये की लागत से जोकीहाट बाजार के आधारभूत आवश्यकताओं के निर्माण के साथ-साथ सौंदर्यीकरण योजना के तहत संपूर्ण बाजार में जल निकासी के लिए नाला निर्माण, गलियों का निर्माण कार्य, डाकबंगला के निकट एलआरपी की जमीन पर सामुदायिक भवन व विवाह भवन बनाये जायेंगे। विधायक श्री आलम ने कहा कि बाजार में एक भी विवाह भवन अबतक नही होने से बाजारवासियों को विवाह के आयोजन में बड़ी कठिनाई होती थी। हाईस्कूल खेल मैदान के सौंदर्यीकरण के तहत चहारदीवारी, गैलरी व समतलीकरण की योजना है। दो पुस्तकालय भवन के तहत एक मदरसा इस्लाहुल मुस्लमीन जोकीहाट, दूसरा अमजदुल बनात मदरसा सिसौना में निर्माण कराया जायेगा। पीडब्लूडी सड़क से कामेश्वर यादव के घर होते हुए महादलित टोला तक पीसीसी गली निर्माण तथा जहानपुर दुर्गा मंदिर के निकट कलामंच सहित अन्य कई निर्माण कार्य किये जाने की बात विधायक श्री आलम ने कही।

नामांकन के छठे दिन लगी अभ्यर्थियों की कतार


अररिया : नगर पालिका चुनाव को लेकर 16 अप्रैल से जारी नामांकन के छठे दिन शनिवार को तीनों निकायों में नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशियों की कतार लगी रही। शनिवार को तीनों निकाय के लिए कुल 108 नामजदगी का पर्चा भरा गया। निर्वाची पदाधिकारी से मिल जानकारी के अनुसार अररिया नप से पांच निवर्तमान पार्षद समेत 42, फारबिसगंज नप से 23 तथा जोगबनी नप से 33 नामांकन दाखिल किया गया है।
अररिया नगर परिषद के निर्वाची पदाधिकारी सह वरीय उप समाहर्ता बुद्ध प्रकाश ने बताया कि शनिवार को कुल 42 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है। इसमें वार्ड नं. 1 से लसबरी खातुन, वार्ड नं. 3 से पूनम देवी, रीता देवी, वार्ड नं. 6 से पूर्व नगर पार्षद रामविनोद राय, रंजीत पासवान, वार्ड नं. 7 से लीला देवी, वार्ड नं. 9 से निवर्तमान पार्षद शिवशंकर दास, नीरा देवी, राजेश कुमार बहरदार, वार्ड नं. 11 से सादिया असरफ, वार्ड नं. 12 से वीणा देवी, सीमा देवी, वार्ड नं. 14 से निर्वतमान पार्षद संजय यादव, ज्ञानेन्द्र ज्योति उर्फ राणा मल्लिक, संदीप कुमार, वार्ड नं. 15 से निर्वतमान पार्षद रेशमलाल पासवान, वार्ड नं. 17 में उस्मान अंसारी, संजय कुमार गुप्ता, राजेन्द्र यादव, वार्ड नं. 18 से अनवरी खातुन, नूरसबा खातुन, वार्ड नं. 22 से टुबलु दास गुप्ता, स्वीटी दास गुप्ता, वार्ड नं. 23 से ममता जायसवाल, वीणा देवी, वार्ड नं. 24 से आयशा खातुन, वार्ड नं. 25 से आबिद हुसैन अंसारी, मीर शहजादुर्रहमान, वार्ड नं. 26 से निवर्तमान पार्षद अंजुम आरा, बीबी जहांआरा, तबब्सुम खातुन, संजीदा खातुन, वार्ड नं. 28 से अफसरा खातुन, आसीफ हुसैन, निवर्तमान उप मुख्य पार्षद पारस भगत, वार्ड नं. 29 से हमीदा खातुन, रूमाना, सबाना शाहीब ने पर्चा भरा है। नामांकन स्थल पर आरओ श्री प्रकाश के अलावा एआरओ तैय्यब आलम शाहिदी, बीपीआरओ अनिल कुमार, सीडीपीओ हेमलता कुमारी, महिला पर्यवेक्षिका सत्यम कंचन, सदारत खानम शम्मी आदि मौजूद थे।

चार एएनएम से स्पष्टीकरण

जोकीहाट : पोलियो उन्मूलन अभियान कार्यक्रम में लापरवाही बरतने तथा आदेशों का उल्लंघन को लेकर रेफरल प्रभारी डा. सिफतैन आलम ने चार एएनएम से स्पष्टीकरण पूछा है। जिन एएनएम से स्पष्टीकरण पूछा गया उनके नाम माया देवी, सरिता कुमारी, नीलमणि मुर्मु एवं कृष्णा कुमारी शामिल है। इस सिलसिले में रेफरल प्रभारी डा. सिफतैन आलम ने बताया कि पोलियो चक्र के दौरान सभी अवकाश रद्द कर दी जाती है फिर भी बगैर अवकाश के उक्त एएनएम अनुपस्थित थी।

ईट भट्ठा में बंधक बनाये गए 10 मजदूर मुक्त

अररिया : अररिया आरएस ओपी क्षेत्र के रूपैली स्थित हाजी मंजूर के ईट भट्ठा से शनिवार को पुलिस ने बंधक बनकर मजदूरी कर रहे 10 मजदूरों को मुक्त कराया है। मजदूरों में आधा दर्जन नाबालिग लड़कियों सहित महिला व पुरुष शामिल हैं। मुक्त कराने के बाद पुलिस अधीक्षक शिवदीप लांडे ने पुलिस को दोषी के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया है। सभी मजदूर आसाम के कोकरा झाड़ जिला अंतर्गत ताबोहाट के रहने वाले है। पुलिस के समक्ष पीड़ित मजदूरों ने अपनी आपबीती सुनाते हुये कहा कि छह माह पूर्व उनलोगों को किसी ठेकेदार ने भट्ठा में काम करने के लिये रखवाया था। मजदूरी के रूप में 400 रुपये प्रति हजार थापने पर तय हुआ था। वे लोग एक दिन में एक हजार तक ईट की पथाई भी करते रहे। लेकिन मजदूरी के रूप में केवल खाना के लिये पैसे दिये जाते थे। जब-जब वे लोग भट्ठा मालिक से अपनी मजदूरी की मांग करते थे तब-तब उन्हें गाली गलौज किया जाता था। रात में सभी महिलाओं को एक घर में बंद कर दिया जाता था। पीड़ितों ने बताया कि 5 मजदूर कुछ दिन पूर्व हीं भागने में सफल रहे जबकि वे लोग मालिक के चंगुल में फंस कर रह गये। किसी तरह शुक्रवार को वे लोग पुलिस के पास पहुंचे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें मुक्त कराया। मुक्त कराये गये मजदूरों में फुलमनी मुर्मू, सूमी मुर्मू, सोनी मुर्मू, सलीना मरांडी, सूरज मूर्मो, रामू मुर्मू, मालोती मुर्मू, पिंकी मुर्मू आदि शामिल है।

22 एचएम व 31 शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई तय


नपतगंज (अररिया) : ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले प्रखंड के 22 हेडमास्टरों के साथ-साथ 31 सहायक शिक्षक पर भी गाज गिरना तय हो गया है। जहां भवन निर्माण कार्य में गड़बड़ी सहित अन्य अनियमितता को लेकर 14 हेडमास्टरों पर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश हुआ है वहीं, जिला मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में अनुपस्थित पांच हेडमास्टरों का वेतन रोका गया है एवं तीन प्रधानाध्यापकों को प्रभार मुक्त कर दिया गया है।
इधर, डीईओ के निर्देश पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी आमीचंद राम के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा 54 विद्यालयों के निरीक्षण में 31 सहायक शिक्षक विद्यालय से अनुपस्थित पाये गये। बीइओ के अनुसार अनुपस्थित सहायक शिक्षकों का वेतन रोक दिया गया है। साथ कुछ ऐसे ठेकेदारों को भी चिन्हित किया गया है जो एक ही समय कई विद्यालयों का कार्य कर रहे थे। जिस कारण विद्यालय के निर्माण में देर हुई।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी आमीचंद राम ने बताया कि जिस विद्यालय का भवन निर्माण कार्य पूर्ण नही हुआ है उसके कैशबुक तथा पासबुक की छायाप्रति मंगवाकर जांच की जा रही है।

सीडीपीओ व सेविका के साथ दु‌र्व्यवहार


नरपतगंज (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के पिठौरा पंचायत में बनाए जा रहे आंगनबाड़ी केन्द्र पर गबन की जांच के दौरान सीडीपीओ एवं उनके सहयोगी के साथ गाली-गलौज एवं सेविका के साथ मारपीट का मामला प्रकाश में आया है।
बताया जाता है कि शनिवार को प्रखंड बाल विकास पदाधिकारी प्रखंड के पिठोरा पंचायत के केन्द्र संख्या 24273 पर बनाएं जा रहे भवन के जांच हेतु पहुंचे जहां बाल विकास पदाधिकारी को पंचायत के मुखिया नरेश कामेत सचिव रामदेव मंडल, महेन्द्र मंडल, मन्नू कामेत आदि ने जांच में विघ्न डाला तथा जांच करने नही दिया और गाली-गलौज किया गया। मौका पाकर बाल विकास पदाधिकारी भाग गए। मौके पर उसी केन्द्र के सेविका पोलियो ड्यूटी पर से वापस पर लौट रही थी कि रास्ते में ही फिर मुखिया नरेश कामेत सचिव रामेदव मंडल, महेन्द्र मंडल, मन्नू कामेत आदि ने सेविका फुलकुमारी देवी के साथ मारपीट एवं गाली गलौज किया।
जिस संबंध में न्याय हेतु सेविका फुल कुमारी देवी ने नरपतगंज थाना में मुखिया नरेश कामेत सचिव रामदेव मंडल, महेन्द्र मंडल, मन्नू कामेत आदि के विरुद्ध आवेदन दिया है।

भारत-नेपाल की मैत्री अटूट: उपेंद्र


जोगबनी (अररिया) : भारत-नेपाल की मैत्री दो देशों की नही बल्कि दो परिवारों जैसा है। जिसे मिटाने में दुनियां थक गयी लेकिन उसे मिटा नही सकी और यह मिटेगा भी नही। ये बातें नेपाल के पूर्व विदेश मंत्री सह मधेशी जन अधिकार फोरम के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र यादव ने सीमा सुरक्षा चेतना यात्रा के जोगबनी आगमन पर दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कही। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल के बीच खुली सीमा होने के कारण अपराधी बेखौफ है अगर दोनों देश की जनता जागृत होकर उनका मुकाबला करें तो ऐसे तत्वों को जड़ से मिटाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नेपाल में लंबे समय से जो राजनीतिक अस्थिरता है उसका लाभ गलत तत्व उठा रहे हैं जिसका कुपरिणाम नेपाल के साथ-साथ भारत को भी झेलना पड़ रहा है। लेकिन अगर नेपाल में शांति व्यवस्था बहाल होती है तो ऐसे तत्वों को नेपाल में भी शरण नही मिलेगी।
इस मौके पर सीजामं के प्रदेश महासचिव घनश्याम प्रसाद व अन्य लोग उपस्थित थे। वक्ताओं में आरएसएस के प्रांतीय संपर्क प्रमुख कैलाश जी, शिक्षाविद् उमेश प्रसाद, स्वामी कन्हैया जी, नेपाल के कमल जी, यात्रा कार्यक्रम प्रमुख भानू प्रकाश राय ने आदि शामिल थे।

कार्यशाला में दी गयी आपदा न्यूनीकरण की जानकारी


अररिया : आपदा जोखिम न्यूनीकरण को लेकर जिला पार्षदों के लिए शनिवार को एसजीएसवाई भवन में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथि जिप अध्यक्ष शगुफ्ता अजीम ने दीप प्रज्वलित कर किया। स्वयंसेवी संस्था विकास बिहार के सौजन्य से आयोजित इस कार्यशाला में जिले के मौजूद सभी पार्षदों को विस्तार से आपदा, जोखिम न्यूनीकरण के संबंध में जानकारी दी गयी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शगुफ्ता अजीम ने कहा कि आपदा को रोका नहीं जा सकता है। लेकिन आपदा से होने वाले क्षति को निश्चित रूप से कम किया जा सकता है। जो जानकारी के बाद ही संभव है। श्रीमती अजीम ने कहा कि आपदा से पूर्व, आपदा के समय एवं आपदा के बाद इन तीनों परिस्थितियों में किन-किन बातों पर ध्यान दिया जाये इसकी जानकारी दी। साथ ही इस कार्यशाला के माध्यम से जिला पार्षदों से आग्रह किया गया कि अपनी कार्य योजना में आपदा को प्राथमिकता के आधार पर डाले। अपने क्षेत्र में बाल सुरक्षा समिति एवं बाल पंचायत को प्राथमिकता के आधार पर एक्शन प्लान में शामिल करें।
कार्यशाला की अध्यक्षता राजनारायण अकेला ने की। संस्था के प्रभारी विनीत श्रीवास्तव ने आपदा जोखिम की विस्तार पूर्वक जानकारी दी। मौके पर जिप उपाध्यक्ष भाई उसमान सहित सभी जिला पार्षद एवं अन्य लोग उपस्थित थे।

जातीय जनगणना प्रारंभ

कुर्साकांटा : प्रशिक्षित प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जाति, धर्म, व कई अन्य बिंदुओं की जानकारी इकट्ठा करने के साथ एक बार फिर जनगणना कार्य प्रारंभ हो गया है। लैलोखर पंचायत के वार्ड नं. एक से यह कार्य शुक्रवार से प्रारंभ हुआ जो 45 दिनों तक चलेगा। बीडीओ इश्तियाक अंसारी ने लोगों से प्रणगकों को सहयोग करने की अपील की।

आग लगने से घर जले

अररिया: नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 मे शनिवार को आग लगने से दुखन यादव का एक घर जलकर नष्ट हो गया। इस दौरान पड़ोस के कई घरों को भी आग से क्षति पहुंची है। सूचना मिलने के बाद दमकल अग्निशामक दस्ता भी वहां पहुंचा तब तक आसपास के लोगों ने आग पर काबू पा लिया।

सीमा चेतना यात्रा से बढ़ेगी जागरूकता: सांसद



कुर्साकांटा (अररिया) : अपनी मातृभूमि की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य होता है। भारत की सीमा प्रत्येक भारतीय के लिए मां के आंचल के समान होता है। उसकी सुरक्षा की दायित्व सबों को समझना होगा। इस सीमा जन चेतना यात्रा का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को जागरूक करना है। इससे इलाके में जागरूकता का संचार होगा। उक्त बातें अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कुआड़ी एवं कुर्साकांटा में सीमा सुरक्षा चेतना यात्रा के तहत आयोजित सभा में कही। वहीं विधायक आनंदी यादव ने कहा कि इंटीलिजेंस रिपोर्ट के मुताबिक भारत-नेपाल सीमा जैसे कुआड़ी आदि सीमावर्ती क्षेत्र आतंकवादियों का गढ़ बनता जा रहा है। उन्होंने लोगों को आने वाले खतरों के प्रति अगाह करते हुए कहा कि क्षेत्र में कोई संदिग्ध एवं अपरिचित लोगों को देखने के बाद इसकी सूचना तुरंत अधिकारियों को दें। श्री यादव ने कहा कि सीमा क्षेत्र में तस्करों को बढ़ावा देने में सफेद पोश एवं खद्दरधारियों का भी कहीं न कहीं हाथ है। सीमा जागरण मंच के राष्ट्रीय संयोजक राकेश जी ने कहा कि यह जन चेतना यात्रा सीमावर्ती क्षेत्रों में लोगों जागरूक करने के साथ ही उनमें कर्तव्य का एहसास कराना है। सीमा सुरक्षा बलों की सीमा क्षेत्र में तैनाती से ही सीमा सुरक्षा की गारंटी नही है। इसके लिए आम लोगों को गहराई से अपने कर्तव्यों का दायित्व समझना पड़ेगा। सभा को संबोधित करने वाले में शिक्षा विद डा. उमेश प्रसाद पांडे, कन्हैया दास जी, सीमा जागरण के प्रदेश महामंत्री घनश्याम प्रसाद, आरएसएस के प्रांत संपर्क प्रमुख कैलाश जी, जिला कार्यवाह जीवछ लाल ठाकुर आदि शामिल थे।

संयुक्त निदेशक ने किया अस्पताल का निरीक्षण

जोकीहाट(अररिया) : स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक डा. प्रभु प्रसाद ने शनिवार को रेफरल अस्पताल जोकीहाट एवं पोलियो अभियान का भी औचक निरीक्षण किया। रेफरल अस्पताल में जांच के दौरान डा. प्रसाद ने कोल्ड चेन, लेबर रूम, एनबीसीसी, दवा के रखरखाव आदि की जांच किये। जांच के क्रम में उन्होंने स्वास्थ्य प्रबंधक ओवेश अहमद एवं अस्पताल कर्मियों को कई निर्देश दिये। तत्पश्चात डा. प्रसाद ने काशीबाड़ी गांव जाकर पोलियो उन्मूलन अभियान में लगे टीका कर्मियों के कार्यशैली एवं तौर तरीकों का निरीक्षण किया। इसके बाद डोर टू डोर जाकर कई गृहस्वामियों से पूछताछ की। संयुक्त निदेशक डा. प्रसाद के साथ स्वास्थ्य प्रबंधक ओवेश अहमद आदि उपस्थित थे।

नप चुनाव: छठे दिन 56 ने किया नामांकन

फारबिसगंज(अररिया) : नप चुनाव को लेकर फारबिसगंज अनुमंडल कार्यालय में बनाये गये नामांकन केंद्र पर छठे दिन शनिवार को फारबिसगंज नप से 23 तथा जोगबनी नपं से 33 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। फारबिसगंज के निर्वाची पदाधिकारी जफर रकीब, सहायक निर्वाची पदाधिकारी किशोर दास तथा चंदन प्रसाद, जोगबनी के निर्वाची पदाधिकारी मो. कयूम अंसारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी सुनील गुप्ता तथा शोभा रानी के समक्ष पर्चा दाखिल किया गया। फारबिसगंज नप से पर्चा भरने वालों में वार्ड संख्या एक से मनोरमा देवी, चार से कमल किशोर नारायण यादव, कन्हैया लाल गुप्ता, पांच से दोना देवी, संजू देवी, सात से शिप्रा राज, ऋतु जैन, आठ से रेखा देवी, वार्ड नौ से सूरज कुमार सोनू, धीरज पासवान, राजेश दास, सत्यनारायण पासवान, ग्यारह से रामकुमार भगत, बारह से नासीर, सलाउद्दीन, 13 से असीमा खातून, 14 से नाजरा बेगम, 16 से रणविजय कुमार, 17 से मनोज सिंह, 23 से नरियम खातून 24 से सप्तमी देवी पाल, मनोरमा दास तथा वार्ड संख्या 25 से कृत्यानंद सिंह कौसिक ने अपना पर्चा भरा। जोगबनी नप से से वार्ड संख्या एक मनोज कुमार साह, दो से तरन्नुम नाज, चार से प्रकाश साह, हसन अंसारी, लीला देवी, किशोर कुमार, पांच से सुनीता देवी, रीता देवी, रेखा देवी, छह से मजलूम आलम, मो. इशहाक मियां, मो. दिलशाद, सात से शमशुद्दीन, धन्ना ततमा, प्रमोद ठाकुर, आठ से जैनब खातून, दस से भोला पासवान, राम विलक्षण यादव, आशा देवी, 11 से भोला प्रसाद राउत, मुन्नी लाल यादव, 12 से ज्योति देवी, 13 से मंजू देवी, चंद्रकला देवी, रजनी देवी, 15 से रेणु देवी, उर्मिला देवी, 16 से रेहान, रेणुका देवी, 17 से मो. हातिम, शमशाद मियां, जीवन प्रकाश साह तथा वार्ड संख्या 18 से रेखा देवी ने अपना पर्चा भरा।

समता पार्टी की बैठक आज

अररिया: रविवार को नगर के चांदनी चौक स्थित एक होटल में जिला समता पार्टी की बैठक 11 बजे आयोजित की गयी है। जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एनके सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष चंद्रेश कुमार मंडल भाग ले रहे हैं। बैठक के उपरांत प्रेस वार्ता भी करेंगे। इस आशय की जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से पार्टी के जिलाध्यक्ष अबु तालिब ने दी।

11वीं की परीक्षा पांच से


अररिया : अररिया कालेज में 11वीं कक्षा की आंतरिक परीक्षा पांच मई से प्रारंभ होगी। यह जानकारी कालेज के परीक्षा नियंत्रक डा.शिवनाथ महतो ने शनिवार को दी।
उन्होंने बताया कि तीनों सकायों की परीक्षा पांच मई से ली जायेगी तथा इसमें शामिल होना अनिवार्य होगा। अनुपस्थित छात्रों को अगली कक्ष में उत्प्रेषित नहीं किया जायेगा। डा. महतो ने बताया कि परीक्षा का प्रोग्राम परीक्षा विभाग में उपलब्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा में शामिल होने के लिए परिचय पत्र या एडमीशन रसीद लाना अनिवार्य है।