Thursday, April 26, 2012

कोर्ट स्टेशन रोड जाने वाली सड़क जर्जर

अररिया : चांदनी चौक से अररिया कोर्ट स्टेशन जाने वाली सड़क वर्षो से जर्जर है। जिससे जान जोखिम में डालकर यात्री स्टेशन जाने को विवश हैं। लेकिन इसकी मरम्मत के प्रति प्रशासन उदासीन बना हुआ है। प्रतिदिन छोटी बड़ी वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होना यहां आम बात हो गयी है। फोर लेन से लेकर नहर एवं ब्लाक तक तो इसका बहुत ही बुरा हाल है। जब से बड़ी रेलवे लाइन बनी है तब से लंबी दूरी की गाड़ियों पर सफर करने वालों की बड़ी संख्या इस होकर स्टेशन जाती है। इस सड़क पर चलने वाले तीन पहिया वाहन टैंपू की संख्या में भी अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। लेकिन सड़क का निर्माण नहीं हो रहा है। कोलकाता एवं पटना, दिल्ली जाने वाले मुसाफिर कहते हैं कि स्टेशन सही सलामत पहुंच गये तो समझिए कि अगली यात्रा सुरक्षित है। जबकि इसी सड़क के बगल में कृषि विभाग, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, प्रखंड एवं अंचल कार्यालय, आंगनबाड़ी कार्यालय, प्रखंड स्तरीय शिक्षा कार्यालय, कृषि फार्म एवं कृषि विज्ञान केंद्र जैसे महत्वपूर्ण कार्यालय हैं। इतना ही नहीं इस सड़क पर अररिया प्रखंड एवं रानीगंज प्रखंड के दर्जनों पंचायत के लोग रोजाना आवागमन करते हैं। बावजूद इसके इस सड़क को देखने वाला कोई नहीं है।

विद्यालयों में 80 फीसदी उपस्थिति नहीं हो रही छात्रों की


नरपतगंज (अररिया) : विभागीय निर्देशों के बावजूद विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति 80 प्रतिशत नहीं हो पा रही है। जबकि इस संबंध में विभागीय स्तर पर किसी भी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति 80 प्रतिशत से कम होने पर वहां के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का मानदेय व वेतनादि सामुहिक स्तर पर रोके जाने का प्रावधान लागू किये जाने की घोषणा की गयी थी। लेकिन कहीं भी इसका अनुपालन होता नहीं दिख रहा है।
बताया जाता है कि प्रखंड के 207 विद्यालयों में कुछ विद्यालयों को यदि अपवाद के रूप में छोड़ दिया जाए तो विद्यार्थियों की उपस्थिति कहीं भी 40 प्रतिशत से अधिक नहीं है। जबकि मध्यांतर में भोजन खिलाने के बाद वह प्रतिशत कुछ विद्यालय में 10 प्रतिशत मात्र रह जाता है। सूत्रों के मुताबिक प्रधानाध्यापकों की मासिक गुरु-गोष्ठी बैठक में इस नियम के अनुपालन की हिदायत जरूर दी जाती है किंतु इसका पालन विद्यालयों में नहीं हो रहा है। सूत्रों के मुताबिक प्रखंड में आज एक भी विद्यालय ऐसा नहीं है जिसके शिक्षकों का वेतन सामूहिक रूप से बंद किया गया हो।
सूत्रों का यह भी कहना है कहीं भी अभिभावक शिक्षकों की वार्षिक बैठक तक नही होती जबकि विभिन्न संकूलों के दीवार पर विभाग द्वारा यह लिखवाया गया है कि साप्ताहिक वर्गवार अभिभावक शिक्षकों की बैठक अति महत्वपूर्ण है। विद्यालय के प्रधान के पास टीएलएम, बच्चों का भ्रमण की राशि, विज्ञान कीट, गणित किट, बच्चों के लिए विशेष ज्ञान के लिए आई पुस्तक, रेडियो आदि शोभा बढ़ा रही। सहायक शिक्षक शायद ही इसका उपयोग बच्चों पर कर रहे हैं। इससे निजी विद्यालयों की और बच्चों का झुकाव बढ़ रहा है। वहीं अभिभावक अपने बच्चों के भविष्य को लेकर काफी चिंतित हैं।
इस संबंध में बीईओ आमीचन्द राम ने कहा जांच में यदि पकड़े जायेंगे तो उस विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिका पर होगी कार्रवाई। उन्होंने कहा नियमों के अनुरूप काम नहीं करने वाले के खिलाफ समुचित कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जायेगी।

परती परिकथा की जमीन उगलने लगी सोना


अररिया : अमर कथाशिल्पी रेणु की परती परिकथा में वर्णित सफेद बालूचर अब शायद ही कहीं दिखते। ये अब उपजाऊ खेतों में तब्दील हो चुके हैं। इन बालूचरों पर अब मूंगफली के रूप में लाल सोना उपजता है।
यह सब उन बर्मी विस्थापितों के परिश्रम का परिणाम है जिन्हें सरकार ने सत्तर के दशक में बर्मा से लाकर शुभंकरपुर के बालू बुर्जो पर बसाया था।
मैला आंचल की भूमि का इतिहास विद्रोही लहरों की स्वामिनी कोसी के साथ बावस्ता रहा है। पूरब में सीता धार से लेकर पश्चिम में सौरा, दुलारदेई, कमला, कमतहा, फेरियानी, हिरण आदि नदियों की अंतहीन श्रृंखला और इनके बीच फैले बालू के विशाल टीले। लोग इन्हें बालूचर कहते थे। अररिया शहर के एडीबी चौराहे से इन बालूचरों की शुरूआत होती थी। लोगों ने इन बालूचरों को नाम भी दे रखा था। एक नंबर बालूचर, दो नंबर, तीन नंबर .., आगे बढ़ने पर आप इनके जाल में उलझ कर रह जाते।
इन टीलों पर कुछ नहीं उगता था। बारिश के बाद सफेद फूलों वाले कास के जंगल उगते और ऐसा प्रतीत होता कि एक मुर्दा जमीन सफेद कफन ओढे़ पड़ी है। रेणु ने शायद इन्हीं को देख कर परती परिकथा की रचना की रचना की थी।
लेकिन वक्त की करवट के साथ कोसी के कहर से मुर्दा हो गयी जमीन अब सोना उगलने लगी है। फारबिसगंज से दक्षिण गढ़बनैली व आगे तक के गांवों में फैले बालूचरों पर अब टिटही की टिटकारी नहीं सुनहले पीलक की पीहू व कोयल की कुहू गूंजती है। .. धरती के बांझपन छूट जाने के संकेत और एक समृद्ध होती भूमि की हर्षध्वनि।
इस बदलाव की शुरूआत सत्तर के दशक में हुई, जब गिरमिटिया मजदूर के रूप में भारत से बर्मा गये लगभग सौ परिवारों को सन 1972 में बर्मा से वापस लाकर इन्हीं बालूचरों पर बसा दिया गया।
इन विस्थापितों ने अपनी मेहनत से बालूचरों को उपजाऊ खेतों में तब्दील कर दिया। जिस जमीन पर कास के सफेद फूलों के अलावा कुछ नहीं उगता था, वहां सरसों के सुनहले फूल व मूंगफली की हरियाली लहराती है। शुभंकरपुर गांव जिले में मूंगफली उत्पादन का हब बन गया है।
ग्रामीण राम प्रताप वर्मा ने बताया कि उन्होंने गांव वासियों के कठोर परिश्रम को उन्होंने अपनी आंखों से देखा है। पूर्वजों ने मूंगफली की खेती बर्मा में सीखी थी और इस हुनर का इस्तेमाल यहां किया गया। अब इन्हीं बालूचरों से हर साल लाखों क्विंटल मूंगफली उपजती है।
हालांकि विस्थापितों के श्रम परिदृश्य में सरकारी तंत्र साफ गायब ही नजर आता है। मूंगफली के कारोबार में बिचौलिए सक्रिय हैं, प्रशासन उदासीन है। गांव में मूंगफली आधारित एग्रो इंडस्ट्री की संभावना के बावजूद इस दिशा में अब तक कुछ नहीं किया गया है।
ग्रामीण रमेश प्रसाद वर्मा की मानें तो उद्योग के अभाव में वे अपना माल भागलपुर, कानपुर, हाथरस, सिलीगुड़ी, पटना आदि के पैकारों के हाथ बेच देते हैं। उपज की वाजिब कीमत भी नहीं मिलती।
वहीं, शुभंकरपुर का प्रभाव आसपास के गांवों पर भी पड़ा है और मूंगफली अब इलाके की मेन कैश क्राप बन गयी है।
पड़ोस के रहिकपुर ठीलामोहन गांव के अशोक यादव, दिलीप यादव, परमानंद यादव, राजीव भगत आदि ने बताया कि शुभंकरपुर की नकल पर अन्य गांवों में भी मूंगफली की खेती जोर पकड़ चकी है और जूट की खेती में होने वाले घाटे के कारण मूंगफली की ओर रुख कर चुके हैं।

Wednesday, April 25, 2012

संवीक्षा के पहले दिन सभी नामांकन पाए गए वैध


फारबिसगंज (अररिया) : नगर निकाय चुनाव 2012 के नामांकन के उपरांत बुधवार को अनुमंडल कार्यालय में फारबिसगंज नगर परिषद क्षेत्र के 13 वार्डो तथा जोगबनी नगर पंचायत के 09 वार्डो से नामांकित प्रत्याशियों के नाम निर्देशन पत्र की संवीक्षा की गई।
इस मौके पर फारबिसगंज के निर्वाची पदाधिकारी जफर रकीब, सहायक निर्वाची पदाधिकारी किशोर कुमार दास, चंदन प्रसाद, जोगबनी नप के निर्वाची पदाधिकारी कैयूम अंसारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी शोभा रानी व सुनिल कुमार गुप्ता उपस्थित थे।
संवीक्षा के पहले दिन दोनों ही नगर निकाय के सभी प्रत्याशियों की नाम निर्देशन पत्र को वैध पाया गया। इधर नामांकन पत्र की संवीक्षा को दिनभर अनुमंडल कार्यालय परिसर में अभ्यर्थियों की आवाजाही लगी रही। गुरुवार को शेष पत्र की संवीक्षा की जायेगी।

निर्विरोध चयन पर लोगों ने दी बधाई

जोगबनी : जोगबनी नगर पंचायत के वार्ड संख्या दो से निवर्तमान नगर अध्यक्ष तरन्नुम नाज के निर्विरोध होने पर जोगबनी वासियों ने उन्हें बधाई दी है। निर्विरोध चयन पर श्रीमती नाज ने इसे क्षेत्र की जनता एवं सम्मानित अभिभावकों के स्नेह व आशीर्वाद का प्रतिफल बताया है। उन्होंने कहा कि वे जोगबनी बहु बन कर आयी थी लेकिन यहां के बुजुर्गो ने उन्हें बेटी की तरह समझा जिसे मैं कभी नही भूल पाउंगी। उन्होंने कहा कि वे उनके द्वारा दिये दायित्व का निर्वहन बखूबी कर उनके आकांक्षाओं पर खरी उतरने का प्रयास करुंगी। उन्होंने क्षेत्र की जनता को भी धन्यवाद देते हुए कहा पिछले 5 वर्षो के कार्यकाल को तरजीह देते हुए पुन: अपना सेवा का मौका दिया है।

लीड: 12 वार्डो का सवींक्षा कार्य संपन्न, सभी नामांकन पत्र वैध



अररिया : नगरपालिका चुनाव को ले नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद बुधवार को अररिया नगर परिषद के 12 वार्डो के नामांकन पत्रों की संवीक्षा की गई। वार्ड नं. एक से वार्ड नं 14 तक के नामांकन पत्रों की जांच की गई। वार्ड नं. 6 तथा वार्ड 11 का संवीक्षा कतिपय कारणों से नहीं किया गया। बुधवार को संवीक्षा के बाद वार्ड नं. एक से 14 तक 6 व 11 को छोड़ सभी नामांकन पत्र वैध पाये गये। निर्वाची पदाधिकारी बुद्ध प्रकाश ने बताया कि संवीक्षा के बाद वार्ड नं. 1 में आठ, वार्ड नं. 2 में पांच, वार्ड नं. 3 में तीन, वार्ड नं. 4 में पांच, वार्ड 5 से छह, वार्ड 7 से 10, वार्ड 8 से चार, वार्ड 9 से पांच, वार्ड नं. 10 से छह, वार्ड नं. 12 से आठ तथा वार्ड नं. 13 से दो नामांकन पत्र स्वीकृत किए ए हैं। श्री प्रकाश ने बताया कि गुरुवार को वार्ड नं. 15 से 29 तक का तथा वार्ड नं. 6, 11 के नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जायेगी। संवीक्षा के मौके पर एआरओ नागेन्द्र पासवान, बीपीआरओ अनिल कुमार, सीडीपीओ हेमलता कुमारी, महिला पर्यवेक्षिका सदारत खानम शम्मी, सत्यम कंचन, पंचायत सेवक तजीलुर्रहमान, कर्मी मक्की रेजा आदि मौजूद थे।

शस्त्रों की अनुज्ञप्ति का सत्यापन दो से

अररिया : नगर निकाय चुनाव को लेकर जिला दंडाधिकारी सह जिलाधिकारी एम. सरवणन ने शहरी क्षेत्र के शस्त्र अनुज्ञप्ति के सत्यापन की तिथि निर्धारित कर दी है। जिला सामान्य प्रशाखा से डीएम श्री सरवणन द्वारा जारी पत्र के अनुसार अररिया नगर परिषद क्षेत्र के शस्त्रों का सत्यापन सदर थाना परिसर में दो से पांच मई तक होगा। जबकि फारबिसगंज थाना में फारबिसगंज नप क्षेत्र के अनुज्ञप्तिधारियों का सत्यापन भी दो से पांच मई तक होगा। छह से सात मई तक जोगबनी थाना में जोगबनी नगर पंचायत क्षेत्र के शस्त्रों का सत्यापन किया जायेगा। डीएम श्री सरवणन ने अररिया के लिए बीडीओ नागेन्द्र पासवान तथा फारबिसगंज नप, व जोगबनी नप का सत्यापन बीडीओ फारबिसगंज के देखरेख में कराने को कहा है। डीएम ने जारी आदेश में कहा है कि शस्त्रों का सत्यापन नहीं कराने वालों का अनुज्ञप्ति रद्द कर दिया जायेगा।

ढि़बरी की आग में मां बेटा झुलसे

कुसियारगांव : पलासी थाना क्षेत्र के पकडी पिपड़ा गांव में ढि़बरी में आग पकड़ लेने से मां व पुत्र बुरी तरह झूलस गये। दोनों को बुधवार को इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार लगभग पांच दिन पूर्व ढीवरी में तेल डालते वक्त तेल से भरा ड्रम हाथ से छूट जाने से पहले जवाहर लाल मंडल के 12 वर्षीय पुत्र जितेन्द्र कुमार बुरी तरह आग के चपेट में आ गया। जब महिला निर्मिला देवी उसे बचाने गयी तो वह भी आग की चपेट में आ गयी। दोनों का इलाज पहले झोला छाप डाक्टर से कराया गया। हालत बिगड़ने पर दोनों को सदर अस्पताल लाया गया। डा. अखलेश शर्मा ने बताया कि दोनों की स्थिति बेहद नाजुक बनी है जिसे पूर्णिया रेफर कर दिया गया है।

विवाहिता ने की आत्महत्या

कुर्साकांटा : कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के सुंदरी शर्मा टोला गांव में एक विवाहिता ने विषपान कर बुधवार को अपनी इहलीला समाप्त कर ली। गोविंद शर्मा की पत्‍‌नी ननकी देवी ने पारिवारिक कलह के कारण बुधवार को जहर खा ली। गंभीर स्थिति में उसके परिजनों ने उसे कुर्साकांटा पीएचसी लाया परंतु रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतिका अपने पीछे एक वर्षीय पुत्री का छोड़ गयी है।

नियोजित शिक्षकों के वेतन पर प्राधिकार ने लगाया रोक


भरगामा(अररिया) : अपीलीय प्राधिकार द्वारा जारी आदेश के बाद खजुरी पंचायत के वर्ष 2006 में नियोजित शिक्षकों की नौकरी पर ग्रहण लग गया है। अपीलीय प्राधिकार ने पंचायत के सभी नियोजित शिक्षकों के वेतन भुगतान पर अगले आदेश तक के लिए रोक लगा दी है। प्राधिकार ने नियोजित शिक्षकों को दिनांक 08.05.2012 तक सभी शैक्षणिक/ प्रशैक्षणिक प्रमाण पत्र सहित आरोपों से जुड़े कारणपृच्छा भी समर्पित करने का आदेश जारी किया है।
प्राधिकार के आदेश में कहा गया है कि अभ्यर्थी के आरोपों के मद्देनजर ग्राम पंचायत खजुरी के नियोजित शिक्षक ललन कुमार एवं अन्य शिक्षकों से शैक्षणिक प्रमाण पत्र एवं कारणपृच्छा की मांग की गयी थी जो अप्राप्त है। प्राधिकार के मुताबिक ललन कुमार के विरूद्ध फर्जी शैक्षणिक प्रमाण पत्र का उपयोग करने का आरोप था। जबकि पंचायत में आरक्षण एवं रोस्टर का खुला उल्लंघन करने का भी आरोप है। यहां 50 प्रतिशत महिला की जगह पुरूष की नियुक्ति की गयी है। इतना ही नहीं सामान्य पद पर उर्दू वालों की बहाली की गयी है तथा सामान्य पर आरक्षित अभ्यर्थियों की नियुक्ति की गयी है। जिला शिक्षक नियोजन अपीलीय प्राधिकार अररिया ने इसकी सूचना मुखिया/पंचायत सचिव को भी दी है जिसमें निर्धारित तिथि तक संबंधित कागजात उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

सत्संग को जीवन में उतारकर जीवन को बनायें शांतिमय: हरिनंदन जी

भरगामा(अररिया) : भरगामा प्रखंड के रघुनाथपुर खजुरी में आयोजित संतमत सत्संग का दो दिवसीय विशेष अधिवेशन का समापन बुधवार को हो गया। कार्यक्रम के दूसरे दिन धर्मानुरागियों की अपार भीड़ कार्यक्रम स्थल पर उमड़ी। संतमत सत्संग कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रवचन का विषय ध्यान, अध्यात्म व मोक्ष था। उपस्थित संतों में प्रमोद बाबा, अनमोल बाबा, इंद्रानंद बाबा, कामेश्वर बाबा, जयकुमार बाबा संग स्वयं आचार्य हरिनंदन जी महाराज ने संतमत के गुरू महर्षि मेंहीॅं परमहंस जी महाराज के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए मानव जीवन व अध्यात्म आदि के महत्ता पर प्रवचन किया। सत्संग कार्यक्रम को लेकर प्रथम दिन मंगलवार से ही कार्यक्रम स्थल पर मेला सदृश्य नजारा रहा जो बुधवार कार्यक्रम के समापन तक बना रहा। हजारों की संख्या में मौजूद धर्मावलंबी संत महात्माओं के अमृत मय वचनों से सभी ओतप्रोत होते रहे। समापन के अवसर पर संतमत के आचार्य ने सत्संग को जीवन में उतारकर शांतिमय जीवन बनाने का आह्वान मौजूद श्रद्धालुओं से की। कार्यक्रम के आयोजक स्थानीय बाबा नेमचंद ने कार्यक्रम की सफलता में समस्त ग्रामीणों के सहयोग को सराहनीय बताया तथा उनके प्रति आभार प्रकट की।

तस्करी का सुपाड़ी व 28 बंडल बोरी जब्त


जोगबनी (अररिया) : जोगबनी एसएसबी प्रभारी संजीव कुमार के नेतृत्व मे भारत-नेपाल पीलर संख्या 180/2 से बुधवार को तस्करी द्वारा लाई जा रही सुपाड़ी व 28 बंडल बोरी जब्त कर उसे जोगबनी कस्टम को सौंप दिया गया। जब्त सुपाड़ी सहित अन्य सामानों की अनुमानित मूल्य 25 हजार आंकी गयी है।
भारत-नेपाल सीमा पर प्रशासनिक दबिश के बाद तस्करों ने अपना कार्यशैली बदल ली है। अब वे तस्करी के सामान को छोटी-छोटी खेप के रूप में लाते हैं। उसे जोगबनी स्थित गोदामों में जमा किया जाता है तथा बोरे में भर उसे चोरी छिपे गंतव्य स्थानों पर भेजा जाता है।
इसी क्रम में सुपाड़ी आने की सूचना पर एसएसबी जवान जब पीलर संख्या 180/2 पर पहुंचे तो सूचना सही पायी। एसएसबी को आते देख तस्कर बोरा फेंक भाग निकले। उसे जब्त कर कैंप ले आया गया जहां उसे सूचीबद्ध कर कस्टम को सौंप दिया गया।

नामांकन पत्र स्वीकार करने को दिया आवेदन

फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज नप क्षेत्र के लिए नामांकन के अंतिम दिन मंगलवार को वार्ड संख्या 15 के अभ्यर्थी शाहजहां शाद ने निर्वाची पदाधिकारी को आवेदन देकर वार्ड संख्या 15 से निर्देशन पत्र को प्राप्त कर लेने के उपरांत प्राप्ति रसीद नही देने तथा निर्देशन पत्र को वापस कर देने के मामले में विचार करने व नामांकन पत्र स्वीकार करने की अपील की है।

बैठक में की गयी योजनाओं की समीक्षा

पलासी : प्रखंड मुख्यालय स्थित बीडीओ कार्यालय में बुधवार को पंचायत सचिवों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ अमिताभ ने की। बैठक में बीआरजीएफ योजना, 13वीं वित्त योजना तथा इंदिरा आवास योजना की समीक्षा की गयी। साथ ही साथ साथ उक्त योजना के कार्यो का प्रतिवेदन कार्यालय में जमा करने का निर्देश भी दिया गया। इस मौके पर पंचायत पर्यवेक्षक गणपति राम, पंचायत सचिव जय राम शर्मा, पंचानंद विश्वास, ई मेन सोरेन सहित प्रखंड कर्मी मौजूद थे।

तीन ने किया विषपान

कुसियारगांव : अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घरेलू विवाद के कारण मंगलवार की संध्या एक महिला सहित तीन ने विषपान कर लिया जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। इलाज कर रहे डा. जितेन्द्र प्रसाद ने बताया कि एक की स्थिति बेहद नाजुक बनी है। घटना को लेकर ओडी थाना को भेज दिया गया है। पीड़ितों में मो. तारिक, नगर थाना क्षेत्र के बीबी शाइदा प्रवीण व मो. शालिक शामिल है। सभी पीड़ितों का इलाज चल रहा है।

अग्निपीड़ितों की सहायता के लिए मुश्तैद रहे सीओ: डीएम

अररिया : जिले में लगातार हो रहे अगलगी की घटना को लेकर बुधवार को डीएम एम. सरवणन ने आत्मन कक्ष में अंचलाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में अगलगी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की गयी। अधिकारियों को संबोधित करते हुए डीएम श्री सरवणन ने कहा कि जैसे ही आग की सूचना प्राप्त हो,अंचल पदाधिकारी स्वयं स्थल पर पहुंचें। उन्होंने सभी सीओ को इसके लिए मुस्तैद रहने का निर्देश दिया। श्री सरवणन ने बताया कि अग्निपीड़ितों को मिलने वाली सहायता राशि 2250 से बढ़ाकर 2750 रुपया कर दी गयी है। उन्होंने सभी सीओ को साफ तौर पर निर्देश दिया कि अग्निपीड़ितों को फौरी राहत के नाम पर प्राथमिक राहत सामग्री तुरंत उपलब्ध करायें। बैठक में अनुपस्थित रहने के कारण डीएम ने सिविल सर्जन के प्रति नाराजगी जतायी तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव को पत्र लिखने की बात कही। बैठक में डीएम ने कहा कि टाल फ्री नं. 102 पर डायल कर आम लोग अगलगी घटना में घायल लोगों के इलाज के लिए एम्बुलेंस की सेवा ले सकते हैं। वहीं मौजूद जिला अग्निशमन पदाधिकारी विद्या शंकर पासवान ने कहा कि उनकी सभी दमकल गाड़ियां पूरी व्यवस्था के साथ दुरूस्त व तैयार हैं। बैठक के दौरान ही डीएम ने अगलगी घटनाओं में झुलसने वाले व्यक्तियों की इलाज के लिए डा. जितेन्द्र को प्रतिनियुक्त करने का भी निर्देश दिया है। इस अवसर पर एसी कपिलेश्वर विश्वास, एसडीओ द्वय डा. विनोद कुमार, फारबिसगंज डीसीएलआर मुकेश कुमार सिन्हा, डीपीएम रेहान अशरफ, एडीपीआरओ योगेन्द्र कुमार लाल समेत सभी सीओ मौजूद थे।

अगलगी में 50 घर राख, 20 लाख की क्षति


अररिया/बसैटी : अररिया प्रखंड के चार अलग-अलग पंचायतों एवं रानीगंज प्रखंड के दो स्थानों पर गुरुवार को अग्निदेव ने फिर कहर बरपाया। अग्नि कांड में 50 घर समेत करीब 15 लाख से अधिक की संपत्ति खाक हो गयी।
ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बलवात गांव में आग लगने से 40 घर देखते ही देखते खाक हो गये। वहीं भागने के दौरान बदुद का 12 वर्षीय बेटा सुमान का दोनों पैर बुरी तरह झुलस गया। इस घटना में दो बकरी, 10 हजार नकदी समेत 50 क्विंटल गेहूं व अनाज भी जलकर नष्ट हो गये। वहीं मो. जसीम का आटा चक्की मिल, थ्रेसर, पंप सेट भी आग में जलकर क्षतिग्रस्त हो गये। ग्रामीणों ने बताया कि आग की लपटें इतनी भयावह थी कि लोग अपने-अपने घरों से कोई समान भी नहीं निकाल पाये। ग्रामीणों के अनुसार इस घटना में पीड़ितों के घर में रखे फर्नीचर, कपड़ा, बर्तन एवं अन्य समान भी जलकर नष्ट हो गये। इस घटना के पीड़ितों में जसीम, जलाल, जमाल, हनीफ, गोनर, इकराम, अहद, ईरशाह, जलालुद्दीन, कलाम, हसेबुल, अबुजर, गफ्फार, मेहरून, अनवारूल, हसीबनी आदि शामिल हैं।
दूसरी घटना अररिया आरएसओपी क्षेत्र के मजकुरी में घटी। अचानक लगी आग में जुबैर, मोहित, चुन्ना आदि के घर में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गये।
तीसरी घटना फरकिया में घटी।
गांव के पुलकिल ऋषिदेव के चार घर जलकर नष्ट हो गये। चौथी घटना पोखरिया पंचायत के माधोपाड़ा में घटी। मंगलवार की देर आग लगने से मो. सुफयान एवं सुबहान के दो घर जलकर नष्ट हो गये। इस घटना में पीड़ितों को मुर्गी, बर्तन, अनाज एवं चार हजार नगद भी जल गये। सभी घटनाओं में अग्निशामक दस्ता के सदस्य ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया।
वहीं बलवात गांव में पीड़ितों के क्षति का आकलन करने अंचल पदाधिकारी एवं कर्मी भी पहुंच चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही अररिया के विधायक जाकिर अनवर बैराग भी पीड़ितों की सूधी लेने गांव पहुंच चुके थे। विधायक ने प्रशासन से पीड़ितों को अविलंब राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।
बसैटी से संसू के अनुसार रजोखर हाट के समीप हयातपुर पंचायत के वार्ड नं. 1 में बुधवार की दोपहर को आग लगने से तीन परिवारों के चार घर जलकर राख हो गये। जिसमें नकदी समेत हजारों की संपत्ति जल गयी। स्थानीय लोगों तथा दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया। अग्निपीडि़तों में मोईब आलम, जुबेर आलम आदि शामिल हैं। वही जदयु जिला महासचिव अफजल हुसैन ने अग्निपीड़ितों को इंदिरा आवास मुहैया की मांग प्रशासन से की है। उधर रानीगंज प्रखंड के गितवास चौक पर स्थित संजय इलेक्ट्रोनिक्स में बुधवार की सुबह अचानक आग लगने से दुकान में रखे कलर टीवी स्टेपलाइजर, मोबाइल आदि करीब दो लाख का समान जलकर राख हो गया।

सरकार पीड़ित मानवता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध: सरफराज


अररिया : राज्य सरकार पीड़ित मानवता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। जदयू नेताओं ने रक्तदान शिविर का आयोजन कर नयी परंपरा की शुरूआत की है।
सदर अस्पताल अररिया में जदयू के चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डा. अरशद हुसैन की देखरेख में आयोजित रक्तदान शिविर में जोकीहाट के विधायक सरफराज आलम समेत कई नेताओं व कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। शिविर की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डा.अरशद हुसैन ने की।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जोकीहाट के विधायक सरफराज आलम एवं जिलाध्यक्ष नौशाद आलम मौजूद थे। शिविर में एक दर्जन से अधिक जदयू कार्यकर्ताओं ने रक्त दान किया।
इस अवसर पर विधायक श्री सरफराज ने कहा कि जदयू प्रदेश की गरीब व लाचार मानवता की सेवा और विकास के लिए कृतसंकल्पित है। यह रक्तदान कार्यक्रम पार्टी की जन सेवा आधारित सोच का ही नतीजा है। उन्होंने कहा कि उनके प्रयास से राज्य सरकार ने जोकीहाट में दर्जनों ग्रामीण सड़कों के पक्कीकरण की स्वीकृति दी है। उन्होंने जदयू के चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित चिकित्सा शिविर को पार्टी द्वारा मानवीय दृष्टिकोण से उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया। विधायक ने रक्तदान को महान पुण्य का कार्य बताया। रक्तदान करने वालों में उमेश पासवान, अशफाक आलम आदि भी शामिल थे। मौके पर महिला प्रकोष्ठ की सविता सिंह, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के शैलेश कुमार सुमन, अफजल हुसैन, आरफीन, वदूद आदि मौजूद थे।

न्याय की गुहार

फारबिसगंज : प्रखंड के भट्टाबाड़ी धनपुरा गांव में बीते सोमवार को जमीन विवाद को लेकर हुए मारपीट के पीड़ित ग्रामीण अशोक मंडल ने फारबिसगंज थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है।

अररिया कालेज में 11वीं की परीक्षा पांच से


अररिया : अररिया कालेज में 11वीं कक्षा की आंतरिक वार्षिक परीक्षा आगामी पांच मई से प्रारंभ होगी। यह जानकारी कालेज के प्राचार्य डा. मुहम्मद कमाल ने बुधवार को दी।
प्राचार्य ने बताया कि परीक्षा की सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। परीक्षा कार्यक्रम कालेज में प्रसारित कर दिया गया है तथा परीक्षा विभाग में भी यह उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में भाग लेने के लिए छात्रों को प्रवेश पत्र या नामांकन रसीद साथ में लाना अनिवार्य होगा। वहीं, जो छात्र परीक्षा में शामिल नहीं होंगे, उन्हें अगली 12वीं कक्षा में उत्प्रेषित नहीं किया जायेगा।

लीड: जल संचयन की योजनाओं केप्रति आगे रहा है अररिया


अररिया: अररिया की जमीन, आबोहवा व आम आदमी में बहुत दम है। इस क्षमता का इस्तेमाल कभी कभी होता भी है। यहां के गावों में जल संचयन की योजनाओं में आम जन की इस सकारात्मक क्षमता का जौहर कई मौकों पर दिखा है।
गांवों में आज भी सरकारी लालफीताशाही व अफसरी तामझाम से दूर ग्रामीण सहयोग के अनुपम उदाहरण के रूप में कई बांध, छिल्का व चिरान आदि दिख जाते हैं, जो इस बात को साबित करते हैं कि यहां की आम आबादी जल के प्रति संवेदनशील रही है।
यह बात अलग है कि बीतते वक्त के साथ एवं सिंचाई के बोरिंग व आधुनिक मशीनरी के प्रवेश के बाद लोगों के बीच नदियों व कुदरती जल स्रोतों के विकास के प्रति आकर्षण घटा है। लेकिन जल प्रबंधन को ले गांवों में आज भी श्रमदान होता है।
अररिया कालेज में समाज शास्त्र के एसोसिएट प्रोफेसर डा. सुबोध कुमार ठाकुर की मानें तो इस सोच को विकसित कर न केवल पर्यावरण को बचाया जा सकता है, बल्कि हर बात के लिए सरकारी तंत्र का मुंह जोहने की बाध्यता भी समाप्त हो सकती है।
भरगामा प्रखंड के सिरसिया गांव में तकरीबन सौ साल पहले स्थानीय ग्रामीणों ने एक अंग्रेज अधिकारी के नेतृत्व में कोसी की धार को जल संग्रह केंद्र के रूप में विकसित कर लिया था। यह संरचना आज भी मौजूद है। गांव के जानकारों के अनुसार आसपास के हजारों ग्रामीणों ने इस संरचना को बनाने में निशुल्क कार्य किया था क्यों कि इससे उनकी हजारों एकड़ जमीन खेती के लायक हो जाती थी तथा लीन सीजन में पानी की उपलब्धता भी पूरी होती थी।
इसी प्रखंड से सटे मोगला घाट में स्थानीय लोगों ने कोसी की प्रखर सहायक कमला की धार को ही बांध बना कर मोड़ दिया था।
लेकिन मौजूदा दूर में सब कुछ 'लिप सर्विस' तक सिमट गया है। नेतृत्व की कमजोरी से जल संचयन की योजनाएं आकर नहीं ले रही है। गांव वही, ग्रामीण वही और जरूरतें भी वैसी ही, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि समाजिक व राजनीतिक नेतृत्व दुर्बल हो गया है।
जानकारों की मानें तो ग्रामीण जरूरतों के अनुसार जल प्रबंधन होने से न केवल बाढ़ की विभीषिका से बचा जा सकता है, बल्कि बाढ़ के फालतू पानी का सुखाड़ के वक्त उपयोग कर खेतों की हरियाली बरकरार रखी जा सकती है। सीमा पार नेपाल में ऐसा हो भी रहा है।
वहीं, इस इलाके में पहले पानी के प्रति बेहद जागरूकता थी और कुआं, तालाब आदि का निर्माण सीधे सामाजिक प्रतिष्ठा से जुड़े थे। लेकिन इन दिनों ऐसा नहीं हो रहा है। अब जबकि पानी की किल्लत व कई मौकों पर पानी की अधिकता लोगों को पानी पानी कर रही है तो पानी के प्रति कुछ सुगबुगाहट भी होने गली है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री तस्लीम उद्दीन जल संचयन के बड़े हिमायती रहे हैं। उन्होंने बताया कि पानी के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। क्योंकि कृषि पर आधारित इस इलाके में सब कुछ पानी पर ही निर्भर है। उन्होंने कहा कि साढ़े छह सौ करोड़ की महानंदा बेसिन परियोजना पर अगर ठीकठाक काम होता है तो जल प्रबंधन इस इलाके के लिए वरदान साबित हो जायेगा। लेकिन मौजूदा नेतृत्व साफ तौर पर इस दिशा में उदासीन नजर आता है।

लीड: दो पीओ का अनुबंध रद्द, एक पर एफआईआर का निर्देश


अररिया : लापरवाही बरतने वाले मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारियों पर बुधवार को गाज गिरा है। मनरेगा के कार्यो में ढिलाई बरतने के कारण जहां दो पीओ का अनुबंध रद्द करते हुए बर्खास्तगी की अनुशंसा की गई वहीं एक पीओ के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया गया है। जबकि एक पीओ से स्पष्टीकरण पूछा गया है।
दरअसल बुधवार को समाहरणालय स्थित आत्मन कक्ष में मनरेगा योजना की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी एम. सरवणन ने की। मौके पर एमआईएस इंट्री की प्रखंड वार समीक्षा के दौरान नरपतगंज तथा रानीगंज प्रखंड में इंट्री की खस्ताहालत पर डीएम बिफर पड़े। उन्होंने फौरन ही सरकारी आदेश के बावजूद 22 अप्रैल तक एमआईएस इंट्री नहीं करवाने के आरोप में दोनों प्रखंडों के कार्यक्रम पदाधिकारी का अनुबंध रद्द करते हुए बर्खास्तगी की अनुशंसा करने का आदेश डीडीसी को दिया। जबकि कुर्साकांटा प्रखंड के पीओ से इसी मामले में स्पष्टीकरण पूछा गया। डीएम ने लगातार दो बैठकों से बिना सूचना दिये गायब रहने के कारण फारबिसगंज पीओ के विरुद्ध 24 घंटे के भीतर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश भी डीडीसी को दिया है। यही नहीं डीएम श्री सरवणन ने बैठक हाल से फारबिसगंज व नरपतगंज पीओ को फौरन बाहर भी कर दिया।
उन्होंने 28 अप्रैल को प्रस्तावित तालाब निर्माण कार्य शुरू होने के संबंध में कहा कि जिस पंचायत में दो तालाब निर्माण का कार्य 28 अप्रैल को आरंभ नहीं होगा, वैसे पीआरएस व संबंधित पीओ को बख्शा नहीं जायेगा। इस अवसर पर डीडीसी प्रभात कुमार महथा, दोनों एसडीओ, एडीपीारओ समेत सभी पीओ मौजूद थे।

शिक्षक संघ ने की आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग

कुर्साकांटा (अररिया) : सोमवार को कुआड़ी मध्य विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रकाश चंद्र गुप्ता के साथ एक अभिभावक द्वारा पिटाई को लेकर राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा कुआड़ी ओपी थाना कुर्साकांटा को लिखित प्रतिवेदन देकर आरोपी को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की गई है। बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के राज्य कार्यकारिणी के सदस्य जटाधर झा ने बताया कि प्र.अ. के साथ बाजार में बुरी तरह पिटाई किया जाना सभ्य समाज के लिए एक कलंक है। उन्होंने कहा कि शिक्षक संघ इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने शिक्षकों के हस्ताक्षरित आवेदन के माध्यम से पुलिस प्रशासन से आरोपी कृपानंद यादव की गिरफ्तारी तथा श्री गुप्ता को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की गई है।

धार में डूबने से बच्ची की मौत

पलासी: प्रखंड के दिघली पंचायत अंतर्गत चरेमणा गांव के मो. शाकिब की पांच वर्षीय पुत्री सुन्नीती की मंगलवार को खेलने के क्रम में मरिया धार में डूबने से मौत हो गई। यह जानकारी स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मो. समद अली ने दी।

आग से बच्ची झुलसी

कुसियारगांव: महलगांव थाना क्षेत्र के मलहरिया गांव में भीषण अग्निकांड में मो. शमशेर की लगभग एक वर्षीय पुत्री शादमा प्रवीण बुरी तरह झुलस गयी जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया।

मेडिकल जांच

कुसियारगांव: महलगांव थाना क्षेत्र के बलुआ निवासी एक युवती को पुलिस द्वारा मंगलवार को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल अररिया लाया गया।

धरती मां को दो सम्मान, नहीं करो इसका अपमान


फारबिसगंज(अररिया) : पृथ्वी दिवस के अवसर पर बाल मंच फारबिसगंज के सदस्यों ने द्विजदेनी विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण के साथ पूर्व में लगाये गये वृक्षों की सिंचित साफ सफाई, अभिनव एवं मनीष के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों से आये बच्चों ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और संकल्प लिया पृथ्वी एवं पर्यावरण की रक्षा हेतु जीवन भर वृक्षों की रक्षा सेवा करते रहेंगे। साथ ही बच्चों ने यह प्रतिज्ञा भी किया कि ध्वनि प्रदूषण को बढ़ावा देने वाले डीजे साउंड का वे विरोध करते रहेंगे।
मौके पर पर्यावरण रक्षा के सजग प्रहरी विनोद कुमार तिवारी ने बच्चों को बताया कि पृथ्वी कूड़ादान नहीं है, बल्कि वन से जल और जल से जीवन है। इसलिए धरती मां को दो सम्मान, नहीं करो इसका अपमान।

एसपी के समक्ष अपराधी ने उजागर किए कई तथ्य


फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज स्थित इंडेन गैस कर्मी से 95 हजार लूट मामले व कपड़ा व्यवसायी सुशील भंसाली हत्याकांड में गिरफ्तार इनामी अपराधी मंतोष मांझी ने एसपी शिवदीप लांडे के सामने कई चौंकाने वाले तथ्य उजागर किये हैं। दर्ज प्राथमिकी संख्या 127/12 और 345/11 के इनामी अपराधी स्थानीय अस्पताल रोड निवासी मंतोष मांझी को फारबिसगंज पुलिस ने रिमांड पर लिया था।
एसपी श्री लांडे ने बताया कि मंतोष ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में यह भी बताया है कि लूटकांड की घटना में उसके साथ मटियारी का राकेश राय, रामपुर का अरशद, कस्टम आफिस चौक निवासी जहीर के अलावा सुभाष चौक और वर्तमान में रामपुर पंचायत निवासी मुकेश पांडेय भी शामिल था। इसके अलावा भी उसने कई और जानकारियां दी हैं, जिसके आधार पर पुलिस अनुसंधान में लग गयी है।

चिकित्सक ने किया हीरो सर्विस सेंटर का उद्घाटन


अररिया, : जिले के वरिष्ठ चिकित्सक डा. वीपी वर्मा ने मोटर साइकिल कंपनी हीरो मोटो कार्प के नये सर्विस सेंटर का करतल ध्वनि के बीच फीता काटकर उद्घाटन किया।
शहर के वर्मा सेल स्थित एसएम जब्बार पेट्रोल पंप परिसर में खुले इस सेंटर के उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासी, पंप मालिक एसएम अरशद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
मौके पर डा. वर्मा ने सेंटर द्वारा जरूरतमंद लोगों को लाभ मिलने की कामना जताई। वहीं, श्री अरशद ने कहा कि अढ़तालीस साल पहले डा. वर्मा ने ही पंप का भी उद्घाटन किया था, जो मेरी व्यवसाय के लिए अत्यंत शुभ रहा।

भागवत कथा कार्यक्रम स्थगित

फारबिसगंज: नगर निकाय चुनाव व आचार संहिता लागू रहने के कारण आगामी 27 अप्रैल से आरंभ होने वाला पांच दिवसीय श्री भागवत कथा कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। यह जानकारी कार्यक्रम संयोजक लीलानंद प्रसाद ने दी।

प्रेमी संग विवाहिता फरार

फारबिसगंज(अररिया) : ढोलबज्जा गढही टोला निवासी मो. इमामुल पिता अहमद खां की बीबी नूरजहां प्रवीण गांव के ही एक युवक सलमान के साथ फरार हो गयी। वह अपने साथ 5 हजार रूपये नकद, 10 भरी चांदी और चार आना सोना भी लेती गयी। इस संदर्भ में महिला के पति इमामुल ने फारबिसगंज थाना में एक आवेदन देते बीबी की बरामदगी की गुहार लगायी है। आवेदन में उसने बताया है कि उनकी शादी एक वर्ष पूर्व हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं है। जबकि वह खुद रोटी-रोटी के चक्कर में पंजाब में रहता था।

विधायक ने किया अग्नि पीड़ित गांव का दौरा

जोकीहाट(अररिया) : महलगांव थाना क्षेत्र के मल्हरिया गांव में मंगलवार को लगी भीषण आग में लगभग डेढ़ दर्जन लोगों के आशियाने उजड़ गये। दर्जनों बेघर हो गये। घटना की सूचना मिलते ही बुधवार को विधायक सरफराज आलम ने मल्हरिया गांव पहुंचकर अग्नि पीड़ितों की सुधि ली तथा सीओ अबुल हुसैन को राहत सामग्री वितरण का निर्देश दिया। विधायक सरफराज आलम ने अपने स्तर से भी अग्नि पीड़ितों को सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। विधायक के साथ उनके प्रतिनिधि रफीक आलम, मो. सलीमुद्दीन आदि मौजूद थे।

तीन युवाओं की मौत से गांव में पसरा सन्नाटा


जोकीहाट(अररिया) : प्रखंड के दोमहना गांव के गुलशन की दुनियां सजने से पहले उजड़ गयी। गुलशन की शादी करीब पांच वर्ष पहले अबुजर से हुई थी। शादी के बाद फूल सी नन्हीं बेटी फिरदौस का जन्म हुआ। फिरदौस अपने पिता को जान पाती इससे पहले उनके पिता अबुजर दुनिया को अलविदा कह गये। एनुल हक के दो होनहार पुत्र अबुजर और एकराम थे। दोनों बेटे गरीबी सेथक हार चुके अपने पिता एनुल को खुशहाल देखना चाहते थे। इसी कारण दोनों ने कमाने के लिए दिल्ली पंजाब की राह पकड़ ली थी। लेकिन दो दिन पहले गाजियाबाद में पानी की टंकी के नीचे दब कर दोनों की मौत हो गयी थी।
मां बीबी आरा दोनों पुत्र के लिए अल्लाह से काफी दुआएं भी की, लेकिन उपर वाले ने उनकी एक भी न सुनी। अबुजर व एकराम के पिता ऐनुल ने रोते हुए बताया कि रविवार की शाम पांच बजे मेरे दोनों बेटे से बात हुई, लेकिन दो घंटे बाद ही मुझे मेरे बेटे की मौत की खबर मिली। इम्तियाज के पिता हारूण व मां हुस्नआरा व परिजनों ने बताया कि बड़े बेटे की शादी में दो माह पूर्व घर आया था। लेकिन क्या पता कि सदा के लिए मेरा बेटा जुदा हो जायेगा। एक ही टोले में तीन युवाओं की मौत से ग्रामीणों के घर तीन दिनों से चूल्हा चौका बंद है। गांव में मातम छाया है।

एसएसबी-ग्रामीण समन्वय बैठक में समस्याओं पर चर्चा

जोगबनी (अररिया) : जोगबनी स्थित तेसियारी एसएसबी द्वारा एसएसबी व ग्रामीण समन्वयक बैठक मंगलवार को सोनापुर पंचायत के ग्वारपुछरी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में कार्यवाहक सेनानायक आरडी शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिसमें ग्रामीणों की समस्या सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा पर चर्चा की गयी। बैठक में ग्रामीणों ने पुल के अभाव में प्रखंड मुख्यालय से कटे होने की बात रखी जिसे एसएसबी ने इसे गृह मंत्रालय को अवगत कराने की बात कही। बैठक में जोगबनी प्रभारी संजीव कुमार, तेसियारी प्रभारी हीरा राम वारूपाल ग्रामीण सुरेन्द्र मंडल, सदानंद महतो, नंद किशोर पोद्दार व मो. आरीफ सहित सौ से अधिक पुरुष महिला मौजूद थे।

मानव एकता दिवस का आयोजन


फारबिसगंज (अररिया) : स्थानीय जेपी सभा भवन में मानव एकता दिवस को लेकर संत निरंकारी सत्संग का आयोजन मंगलवार को धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए अपने अध्यक्षीय प्रवचन में प्रमुख महात्मा कमल किशोर जी ने कहा कि आज के ही दिन 1980 में समय के सद्गुरु बाबा गुरुवचन सिंह महाराज का बलिदान हुआ था, जहां भ्रमित मानसिकता के घृणित आक्रोश के कारण सत्य प्रचारकों में मानवीय राह देने वाले संत की हत्या कर दी गई। संत के इसी बलिदान की स्मृति में को मानव एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सेवादल संचालक समदर्शी जी, रघुवीर जी, आशिष जी, शंभू जी, शिवनारायण जी, पवन जी, बहनों में आनजी, श्वेता जी, रश्मि जी, कंचन जी आदि ने भरपूर सहयोग प्रदान किया।

डा. कलाम को राष्ट्रपति बनाने की मांग

बथनाहा : छात्र एवं युवा सहित देश के आमजन के आदर्श मिसाइल मैन सह पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को लोग एक बार फिर अगले राष्ट्रपति के रूप में देखना चाहते है। इस बाबत युवा मुखिया संजय सिंह, किसान चंदन प्रशैला, चिकित्सक डा. राजेश, डा. आबिद, युवा संजीव कुमार, शिक्षक राकेश कुमार सहित भारी संख्या में क्षेत्र के बुद्धिजीवियों ने भी सभी राजनीतिक दलों से डा. कलाम को देश का अगला राष्ट्रपति चुनने की अपील की है।

एसएसबी ने जब्त किया चाइनीज सेब व पाट बीज


बथनाहा (अररिया) : दो अलग-अलग अभियान में एसएसबी 24वीं वाहिनी के जवानों ने कुल 41,000 रु. के तस्करी के सामानों को जब्त किया है। जब्त सामानों में 240 किलो पाट का बीज है। जिसे संध्या गश्ती के दौरान कुसमाहा कंपनी के जवानों ने सहायक सेनानायक राशि शेखर सिंह के नेतृत्व में नेपाल ले जाते हुए जब्त किया।
वहीं, सहायक सेनानायक एमसी पंडित के नेतृत्व में कमांडो दस्ता द्वारा बुधवार की सुबह जोगबनी-कटिहार पैसेंजर ट्रेन संख्या 55734 से छापा मारकर हजारों मूल्य के चाइनिज सामान जब्त किये गये। इसमें 90 किलो चाइनिज सेब एवं 60 किलो विदेशी सुपाड़ी शामिल है। सभी सामानों को कस्टम के हवाले कर दिया गया है।

Tuesday, April 24, 2012

सत्संग अरु ध्यान नित रहिये करत संलग्न हो..


भरगामा (अररिया) : सत्संग व दृढ़ ध्यान के बिना मोक्ष की प्राप्ति नहीं। मोक्ष प्राप्ति का द्वार है सत्संग। जबकि ध्यान के लिए आवश्यक है सदाचार का पालन अर्थात झूठ, चोरी, नशा, हिंसा एवं व्यभिचार का त्याग। उक्त बातें रघुनाथ नगर खजुरी में आयोजित दो दिवसीय संतमत सत्संग के विशेष अधिवेशन के प्रथम दिन मंगलवार को संतमत के आचार्य स्वामी हरिनंदन जी महाराज ने धर्मानुरागियों को संबोधित करते हुए कही।
सत्संग कार्यक्रम प्रात: निर्धारित समय से प्रारंभ हुआ जिसमें वेद, रामायण आदि धर्म ग्रंथ का पाठ सहयोग जयकुमार बाबा ने किया। तत्पश्चात स्तुति, विनती एवं प्रवचन आदि किया गया। वहीं, प्रमोद बाबा, अनमोल बाबा, कामेश्वर बाबा, इंद्रानंद बाबा एवं स्वयं आचार्य स्वामी हरिनंदन जी महाराज ने महर्षि मेंहीं परमहंस जी, कबीर साहब, रैदास सरीखे संतों के वचन को उद्धृत करते हुए प्रवचन किया। संतों के समागम एवं अमृतमय वचनों से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद हजारों की भीड़ ओत-प्रोत होती रही।
धर्म प्रचारक नेमचन्द बाबा ने जानकारी देते हुए बताया कि दूर-दूर से आए धर्मानुरागियों हेतु भंडारे व ठहराव की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कार्यक्रम में स्थानीय लोगों के सहयोग को सराहनीय बताया।

रक्तदान महान पूण्य का कार्य: सरफराज

अररिया : जदयू नेताओं ने रक्त दान कर नयी परंपरा की शुरूआत की है। सोमवार को सदर अस्पताल अररिया में जदयू के चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में जोकीहाट के विधायक समेत कई नेताओं व कार्यकर्ताओं ने मानव कल्याणार्थ अपने रक्त का दान किया। शिविर की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डा. अरशद ने की। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जोकीहाट के विधायक सरफराज आलम एवं जिलाध्यक्ष नौशाद आलम मौजूद थे। शिविर में एक दर्जन कार्यकर्ताओं ने रक्त दान कर पुण्य के भागी बने। इस अवसर पर विधायक श्री सरफराज ने कहा कि जद यु प्रदेश के विकास के लिए कृतसंकल्पित है। उन्होंने कहा कि उनके प्रयास से जोकीहाट में दर्जनों ग्रामीण सड़कों के पक्कीकरण की स्वीकृति मिली है। उन्होंने जदयु के चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित चिकित्सा शिविर को पार्टी द्वारा मानवीय दृष्टिकोण से उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया। विधायक ने रक्तदान को महान पूण्य का कार्य बताया। रक्तदान करने वालों में उमेश पासवान, अशफाक आलम आदि शामिल थे। मौके पर महिला प्रकोष्ठ की सविता सिंह, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के शैलेश कुमार सुमन, अफजल हुसैन, आरफीन, वदुद आदि मौजूद थे।

सभी प्रखंडों में उपलब्ध होगी एंबुलेंस सेवा

कुसियारगांव (अररिया) : अब जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से मरीजों को लाने के लिए 102 एंबुलेंस सेवा सभी प्रखंडों के लिए अररिया पहुंच चुकी है। इस संबंध में प्रभारी सिविल सर्जन डा. अखलेश शर्मा ने बताया कि सभी 9 प्रखंडों के ग्रामीण क्षेत्रों से बेसिक जीवन रक्षक एंबुलेंस सेवा अब बहुत जल्द ग्रामीण क्षेत्रों से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तक गर्भवती महिला, नवजात बच्चे, वरिष्ठ नागरिक, दुर्घटना एवं गरीबी रेखा से नीचे मरीजों को निसंदेह शुल्क सेवा देगी एंबुलेंस में भी इलाज का विशेष सेवा रहेगा जो ग्रामीण क्षेत्र से अपने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तक ही लायेगा।

नामाकंन के अंतिम दिन उमड़ी अभ्यर्थियों की भीड़


फारबिसगंज (अररिया) : नगर निकाय चुनाव 2012 के नामांकन को लेकर अनुमंडल कार्यालय परिसर में मंगलवार को नामांकन के अंतिम दिन फारबिसगंज नप क्षेत्र के लिए 44 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पर्चा भरा। वही जोगबनी नपं के लिए 23 प्रत्याशियों ने अपना पर्चा दाखिल किया।
फारबिसगंज नप के निर्वाची पदाधिकारी जफर रकीब सहायक निर्वाची पदाधिकारी किशोर कुमार राय, चंदन प्रसाद तथा जोगबनी नप के निर्वाची पदाधिकारी कैयूम अंसारी, सहायक निर्वाची सुनील कुमार गुप्ता व शोभा रानी ने उम्मीदवारों से पर्चा दाखिल करवाया।
नामांकन के अंतिम दिन फारबिसगंज नप से पर्चा भरने वालों में वार्ड संख्या 1 से सुनिता देवी, निवर्तमान वार्ड पार्षद पिंकी देवी, वार्ड दो से अशोक फूलसरिया, सुभद्रा देवी, वार्ड 3 से उषा देवी, रंजू देवी, किरण देवी अग्रवाल, वार्ड नं. 4 से पूनम पांडया, मनोज कुमार साह, अमर कुमार सिन्हा, वार्ड नं. छह से मंजू देवी, कमला देवी, वार्ड नं. 7 से संतोष कुमार गुप्ता, संगीता देवी, दीपक कुमार शर्मा, नीलिमा देवी, वार्ड नं. 9 से किशोरी ऋषिदेव, वार्ड नं. दस से सुनिता जैन, गीता देवी, ग्यारह से निर्वतमान मुख्य पार्षद वीणा देवी, वार्ड नं. 12 से अबुल हसन, वार्ड नं. 13 से मधु देवी, वार्ड नं. 14 से रजनी सिंह, छिन्नी, वार्ड संख्या 15 से शाद अहमद, 16 से गणेश प्रसाद राय, राहिल खान, 17 से मन्नु कुमार साह, शांता अग्रवाल, मनोहर गौतम, मनोज कुमार चौधरी, 18 से नीलम देवी, 19 से ऋषिकेश नारायण सिंह, प्रशांत प्रवीण, 20 से अनिल कुमार सिन्हा, गजेन्द्र नारायण सिंह, साबीर अंसारी, 21 से रौशन आरा, चांदनी सिंह, 22 से शबाना प्रवीण, 23 से रूप नारायण साह, 24 से रानी देवी, 25 अशोक सिंह, रंजीत कुमार राय जोगबनी नपं से पर्चा भरने वालों में वार्ड एक से अजय कुमार साह, तीन से आयशा खातुन, चार से शंकर पासवान, पांच से गौरी देवी, अंजली देवी, सात से रामनाथ ठाकुर, मीना देवी, मनोज राय, मो. नौशाद, नौ से नरेश प्रसाद, राज कुमार राय, पप्पू कुमार पटेल, कौशफ अली अंसारी, दस से कौशल्या देवी, ग्यारह से उषा देवी, रामोतार शर्मा, 12 से मंजू देवी, 13 से देवयंती देवी, 17 से दिलीप कुमार साह, 18 से रेखा देवी, सुरैया देवी, सुरैया खातुन तथा वार्ड संख्या 19 से अशोक रजक शामिल हैं।

कार्य में शिथिलता बर्दाश्त नहीं: डीएम


भरगामा(अररिया) : कार्य में शिथिलता या लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जायेगी। यह बात अररिया के जिलाधिकारी एम सरवणन ने मंगलवार को भरगामा में प्रखंड व अंचल कार्यालय के निरीक्षण के अवसर पर कही।
भरगामा में बीडीओ सह अंचल पदाधिकारी अरूण गुप्ता कार्यालय से अनुपस्थित पाये गये जिस पर जिलाधिकारी बिफर पड़े। प्रखंड विकास पदाधिकारी के अनुपस्थिति के कारण प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण नहीं हो पाया। जिलाधिकारी सरवणन ने बताया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी बगैर स्वीकृति के ही अवकाश पर चले गये जो सरकारी आदेश की अवमानना है। उन्होंने इस संबंध में बीडीओ के विरूद्ध कार्रवाई कर रिपोर्ट सरकार को प्रेषित करने की बात कही।
जिलाधिकारी ने बाल विकास परियोजना कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न दस्तावेजों का अवलोकन किया तथा सीडीपीओ राजकुमारी को कई निर्देश दिये। कार्यालय में अनुक्रमण पंजी, पत्राचार अनुक्रमण पंजी जैसी कई फाइलें खाली पायी गयी जिस पर डीएम ने सीडीपीओ के साथ मौजूद कर्मी को भी फटकार लगायी। उन्होंने कहा कि कार्यो को प्राथमिकता के हिसाब से निष्पादित करें। कार्यो के प्रति उदासीनता बर्दास्त नहीं की जायेगी। इस बीच प्राथमिक विद्यालय खजुरी से विद्यालय प्रअ अशफाक आलम द्वारा विद्यालय भवन निर्माण में गड़बड़ी किये जाने की शिकायत पर डीएम ने कहा कि सरकारी राशि के साथ छेड़छाड़ कतई बर्दास्त नहीं की जायेगी। उन्होंने इस संबंध में छानबीन कर आवश्यक कार्रवाई किये जाने की बातें कही। मौके पर प्रखंड के कई अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।

लीड:अररिया नप: अंतिम दिन 80 से अधिक नामांकन

अररिया : नगर निकाय निर्वाचन को लेकर नामांकन के अंतिम दिन अररिया नगर परिषद से 85 अभ्यर्थियों ने अपना अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। मंगलवार को उम्मीदवारों की भारी भीड़ जमा हो गई। अंतिम दिन 12 निवर्तमान व कई पूर्व वार्ड पार्षदों ने भी पर्चा दाखिल किया है। नामांकन स्थल पर प्रत्याशी व प्रस्तावक तथा समर्थकों की इतनी भीड़ जमा हो गई कि निर्वाची पदाधिकारी बुद्ध प्रकाश को पुलिस बल बुलाना पड़ा। साथ ही एसडीओ डा. विनोद कुमार, थानाध्यक्ष रामशंकर सिंह, नामांकन स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। मंगलवार को वार्ड नं. एक से बुकनी देवी, नीलम देवी, तेतरी देवी, निर्वतमान पार्षद मधु देवी, देवकला देवी, जुबैदा, वार्ड नं. 2 से अशोक रजक, फूलो देवी, निर्वतमान पार्षद बिदो पासवान, वार्ड नं. 4 से निर्वतमान पार्षद गौतम साह, धनराज सिंह, रणजीत सिंह, सुरेश कुमार मेहता, वार्ड नं. 5 से सत्यनारायण पासवान, टुनटुन पासवान, पूर्व वार्ड पार्षद सदानंद पासवान, रामानंद पासवान, सूर्यानंद दास, वार्ड नं. 6 से अब्दुल वहाब अंसारी, चन्द्रानंद पासवान, धर्मेन्द्र यादव, हदीश अंसारी, सुशील कुमार विश्वास, उमेश पासवान, चिंतलाल यादव, विजय राय, वार्ड नं. 7 से उमा देवी, गीता देवी, लक्ष्मी देवी, गीता देवी, आमला देवी, सीता देवी, बेबी देवी, निवर्तमान पार्षद सुदामा देवी, सनिधा देवी, वार्ड नं. 8 से निवर्तमान पार्षद सुकदेव ठाकुर, पूर्व पार्षद अरुण कुमार साह, रंजीत कुमार दास, जितेन्द्र महतो, वार्ड नं. 9 से नरेन्द्र कुमार उर्फ शीतल मंडल, अविनाश आनंद, वार्ड नं. 10 से निवर्तमान पार्षद उमेश राय, परमानंद मंडल, राजेश कुमार गुप्ता, जितेन्द्र कुमार, जटाधर शर्मा, गोपाल साह, वार्ड नं. 11 से निर्वतमान पार्षद शहनाज, वार्ड नं. 12 से निवर्तमान पार्षद शांति देवी, किरण देवी, रीना देवी, मुस्तरी खातुन, जरीना, वार्ड नं. 13 से निवर्तमान पार्षद अरुण मिश्रा, राकेश रंजन वर्मा, वार्ड नं. 15 से बिंदु कांत मिश्र, शशि भूषण झा, लक्ष्मी प्र. यादव, गुड़िया मिश्रा, वार्ड नं. 16 से गया प्रसाद, शशांक कुमार, संजय कुमार झा, वार्ड 17 से निवर्तमान पार्षद रीतेश राय, अनिता कुमारी सिन्हा, मो. गालिब, अब्दुल मन्नान अंसारी, सैय्यद अतिकुल हक, वार्ड नं. 18 से शबाना प्रवीण, वार्ड 19 से कमला अख्तरी ने नामांकन पत्र भरा है। इसके अलावा जिन मुख्य उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरा है उसमें वार्ड 21 से निवर्तमान पार्षद अंजनी जायसवाल, सुमन देवी, वार्ड 22 से निवर्तमान पार्षद, श्याम जायसवाल, पूर्व पार्षद ललित मोहन ठाकुर, वार्ड 24 से आयशा खातुन, वार्ड 27 से सदरे आलम आदि सहित 85 के पर्चा भरा है। इस मौके पर आरओ बुद्ध प्रकाश, एआरओ नागेन्द्रर पासवान, तैयब आलम शाहिदी, बीपीआरओ अनिल कुमार, सीडीपीओ हेमलता कुमारी, महिला पर्यवेक्षिका सत्यम कंचन व सदारत खानम आदि मौजूद थे।

चुनाव की तैयारी कर रहे युवक ने किया विषपान


अररिया : नगर परिषद चुनाव की तैयारी जोर-शोर से कर रहे नौरतन चौक निवासी संतोष कुमार जायसवाल ने सोमवार की रात विषपान कर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। विषपान के कारणों का खुलासा नही हो पाया है। इस घटना से उनके परिवार समेत आसपास के लोग शक्ते में है। मृतक के परिजनों ने बताया कि रात के करीब दस बजे परिवार के अन्य साथ सदस्यों के खाना खाया था। इसके बाद सभी लोग बगल में हो रही शादी की तैयारी में व्यस्त हो गये। देर रात परिवार के किसी सदस्यों ने उसे गंभीर अवस्था में देखा तो अन्य लोगों को भी बुलाया गया। गंभीर अवस्था में उसे चिकित्सा के लिये भर्ती कराया गया लेकिन कुछ बाद हीं उनकी मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि युवक मरने से पूर्व सुसाइड नोट भी लिखकर छोड़ा है।
जानकारी के अनुसार संतोष चुनाव लड़ना चाहता था, लेकिन एक दिन पूर्व उसे कुछ लोगों ने चुनाव लड़ने से मना किया था। लेकिन वह इंकार कर गया। बताया जा रहा है कि उसने एक दिन पूर्व नामांकन के लिए शुल्क भी जमा कर दिया था।

विधायक ने दोमहना पहुंचकर पोछे परिजनों के आंसू

जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड के दभड़ा पंचायत अंतर्गत दोमहना गांव के दो सगे भाई समेत तीन मजदूरों की गाजियाबाद में रविवार को मौत की खबर से गांव में मातम का माहौल है। इस दौरान मंगलवार को विधायक सरफराज आलम, बीडीओ मो. सिकंदर, अंचलाधिकारी अबुल हुसैन, दभड़ा के मुखिया मायानंद यादव आदि ने दोमोहना गांव पहुंचकर मृतक अबुजर एवं एमराम के पिता एनुल हक एवं इम्तियाज के पिता हारुण से मिलकर संवेदना व्यक्त किया। विधायक व बीडीओ के निर्देश पर मुखिया मायानंद यादव ने कबीर अंत्येष्टि योजनातर्गत 15-15 सौ रुपये दिये। विधायक सरफराज आलम ने पारिवारिक हित लाभ योजना के तहत मृतक के परिजनों को दस-दस हजार रुपयें देने का निर्देश बीडीओ मो. सिकंदर को दिया। विधायक श्री आलम ने अन्य सुविधाएं भी सरकार से दिलाने का आश्वासन दिया। विधायक के साि विश्वनाथ चौधरी, अबुनसर रेजा, जफर, अबुबकर, पंसस बीबी जन्नती आदि मौजूद थे।

दुर्घटनाओं में पांच जख्मी


कुसियारगांव (अररिया), संसू: जिले के अलग-अलग मार्गो पर हुई सड़क दुर्घटना में पांच लोग बुरी तरह जख्मी हो गया जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने दो को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया।
जख्मियों में मो. राशिद, मोटर साइकिल सवार कुरसेल निवासी मो. हारिस व हसीबुर रहमान तथा पूर्णिया जिले के दालकौला निवासी बीरबल मंडल व मुन्ना कुमार, शामिल हैं। वही बुरी तरह जख्मी एक अज्ञात वृद्ध को भी किसी रिक्शा चालक द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसे चिकित्सक ने पूर्णिया रेफर कर दिया है।

दो प्रतिनिधियों को सांसद ने दिल्ली रवाना किया

कुर्साकांटा (अररिया), : त्रिस्तरीय पंचायत राज अधिवेशन के तहत प्रखंड प्रमुख रंजीत सिंह एवं अररिया प्रखंड के रामपुर कोदरकट्टी के मुखिया राजेश कुमार सिंह दिल्ली अधिवेशन में भाग लेने के लिए सोमवार को रवाना हो गये। सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने उन्हें विदाई दी। 

आग से बच्ची झुलसी

कुसियारगांव: महलगांव थाना क्षेत्र के मलहरिया गांव में भीषण अग्निकांड में मो. शमशेर की लगभग एक वर्षीय पुत्री शादमा प्रवीण बुरी तरह झुलस गयी जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया।

तपती जमीन पर खड़ा फूस के घर का पेट्रोल


अररिया : यहा हर साल हजारों घरों के साथ दिल के अरमान भी जल जाते हैं। तपती जमीन पर खड़ा फूस के घर का 'पेट्रोल' और आग के प्रबंधन में हल्की सी चूक। नतीजा: आग की नीली पीली लपलपाती लपटें और तबाह होते लोग।
फरवरी की शुरूआत के साथ ही जिले में आग का तांडव प्रारंभ हो जाता है और इसमें जिदंगी भर की कमाई के साथ जीवन का उल्लास भी जल कर राख में तब्दील हो जाता है। यह कहानी सदियों पुरानी है और इंदिरा आवास जैसी तमाम योजनाओं के बावजूद आग से क्षति को कमतर करने का तरीका नहीं खोजा जा सका है।
तीन दशक की कागजी लड़ाई के बाद इस जिले को फायर बिग्रेड दस्ता तो मिला, लेकिन पांच साल में उसे दफ्तर तक नसीब नहीं हुआ है। जिले में सड़कों की स्थिति जरूर सुधरी है। पर आज भी कई गांव ऐसे हें जहां दमकल वाहन जा नहीं पाता।
दमकल दस्ते के हवलदार गणेश प्रसाद यादव ने बताया कि रानीगंज प्रखंड के बौंसी पासवान टोला में आग लगी। पीड़ितों की ओर से दमकल कार्यालय में सूचना दी गयी, लेकिन जब हम पानी लेकर चले तो घटना स्थल तक वाहन हीं नहीं जा पाया। ऐसा ही पलासी के पेचैली गांव भी हुआ। जोकीहाट व नरपतगंज प्रखंड के कई गांवों की भी यही कहानी है। नतीजा: आग लगंते झोपड़ा, जो निकसे सो लाभ। ग्रामीण किसी तरह थोड़ा बहुत ले देकर घर से निकल भागते हैं। जान बचेगी तो फिर कमा लेंगे।
आग से क्षति के पूरे परिदृश्य में प्रशासन गायब ही नजर आता है। अनाज नकद रुपयों की राहत तो मिल जाती है, लेकिन क्षतिपूर्ति शायद ही मिलती है। मिलता तो इंदिरा आवास भी नहीं है। जबकि सरकार का स्पष्ट प्रावधान है कि अग्निपीड़ितों को तुरंत पक्के आवास दिये जायें।
जरा ग्रामीण मानसिकता पर भी गौर कर लीजिए। कोसकी पुर के ग्रामीण अलीमुद्दीन ने बताया कि ऊपरवाला कभी घरजरी का दंड नहीं दे। क्योंकि जब आपका घर जलता है तो केवल घर ही नहीं सब कुछ जल जाता है। जिदंगी का उल्लास भी जल जाता है।
मुआवजा के तौर पर प्रशासन से 2250 रुपये ही मिल सकता है। आवंटन रहने पर प्लास्टिक या अनाज भी मिलने के संभावना रहती है। लेकिन समय पर और सबों को नही। खास तो यह है कि यदि अग्निकांड से व्यापारिक प्रतिष्ठान जलते हैं तो यह मुआवजा भी नहीं मिलता। पिछले वर्ष ही बसंतपुर हाट में अररिया के दो दर्जन व्यापारियों की एक करोड़ से अधिक संपत्ति जलकर खाक हो गयी। लेकिन उन्हें आज तक मुआवजा नही मिल पाया है। अग्निपीड़ित व्यवसायी चंदन गुप्ता, महावीर साह, महेश गुप्ता, राजू आदि ने बताया कि घटना में उनलोगों की भारी क्षति हुई लेकिन मुआवजा आज तक नही मिल पाया है। जबकि अंचल पदाधिकारी तैयब आलम शाहिदी ने सूची बनाकर राहत उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था।
वहीं जिले के विभिन्न पंचायतों में इस वर्ष भी आग लगने से करोड़ों की क्षति पहुंची है। लेकिन मार्च से अबतक किसी भी पीड़ितों को मुआवजा नही मिल पाया है। इस संबंध में सीओ श्री शाहिदी ने बताया कि फरवरी माह तक हुये अग्निकांड के पीड़ितों को मुआवजा उपलब्ध करा दी गयी है। इसके बाद आवंटन के अभाव में हाल के पीड़ितों को राहत उपलब्ध नही हो पायी है। अंचल पदाधिकारी का यह भी कहना है कि व्यापारियों को मुआवजा देने का कोई प्रावधान नही है।

पुलिस पिटाई से आक्रोशित ट्रक चालकों ने किया सड़क जाम



फारबिसगंज(अररिया) : एनएच 57 ए पर फारबिसगंज जोगबनी सड़क मार्ग पर शहर के सुभाष चौक के समीप मंगलवार को पुलिस द्वारा एक ट्रक चालक की पिटाई किये जाने से आक्रोशित ट्रक चालकों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। पिटाई से चालक बुरी तरह घायल था, बावजूद वह सड़क किनारे लेट कर आक्रोश जताता रहा। यामाहा शोरूम के सामने ट्रक चालकों ने ट्रकों को सड़क के बीचो बीच खड़ा कर यातायात ठप कर दिया। चालकों, ट्रक एसोसिएशन सहित स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान करीब चार घंटे तक जोगबनी जाने वाला मुख्य सड़क मार्ग जाम रहा। बाद में सूचना मिलने पर फारबिसगंज थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ठाकुर सदल बल घटना स्थल पर पहुंचकर लोगों को समझाने तथा घायल ट्रक चालक मो. सज्जाद को अस्पताल भेजने का प्रयास किया किंतु चालक व स्थानीय लोग पुलिस के विरोध में नारेबाजी करने लगे। बाद में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिये जाने पर ट्रक चालक शांत हुए। जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। इस दौरान सड़कों पर वाहनों की कतार लगी रही। यात्री परेशान रहे। ट्रक चालक ने बताया कि वे अपना ट्रक साईड से चला रहे थे। लेकिन पुलिस जीप ओवर टेक करने लगे और इसी दौरान पुलिस जीप के चालक डंडे से उसके सिर पर प्रहार कर दिया जिससे सर तथा कान बुरी तरह जख्मी कर दी। बाद में जख्मी चालक को इलाज हेतु अस्पताल भेजा गया।

आग में आधा दर्जन घर जले

पलासी : प्रखंड के दिगली पंचायत से नेहरू चौक में मंगलवार को अचानक लगी आग में आधा दर्जन घर जल गये इस अग्निकांड की घटना में कपड़ा, अनाज, टीना, साइकिल व अन्य घरेलू सामान सहित करीब एक लाख संपत्ति का नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। अग्निपीड़ित में मो. मंसुर आलम, दिलवर, साहा साह, मंजूद साह, व अन्य शामिल है। इस बाबत स्थानीय मो. समद अली ने प्रशासन से अविलंब राहत सामग्री मुहैया मांग की है।

दो महिलाओं ने किया विषपान, एक की मौत


कुसियारगांव (अररिया) : घरेलू विवाद के कारण अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो महिला ने विषपान कर लिया। परिजनों द्वारा उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार की रात्रि इलाज के दौरान एक की मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार महलगांव थाना क्षेत्र के कुरसेल गांव में सास, बहु के विवाद में बहु मो. रागिब की पत्‍‌नी बीबी हेना ने विषपान कर लिया। इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गयी। दूसरी घटना नगर थाना क्षेत्र के महिषाकोल गांव में घटी। मो. हारिस की पत्‍‌नी ने विषपान कर लिया। वह फिलहाल इलाज रत है। मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन द्वारा सूचना थाना को दे दी गयी है।

पति की मौत ने उजाड़ दी गुलशन की दुनियां

जोकीहाट(अररिया) : गुलशन की दुनियां सजने से पहले उजड़ गयी। गुलशन की शादी करीब पांच वर्ष पहले अबुजर से हुई थी। शादी के बाद फूल सी नन्हीं बेटी फिरदौस का जन्म हुआ। फिरदौस अपने पिता को जान पाती इससे पहले उनके पिता अबुजर दुनिया को अलविदा कह गये। अबुजर और एकराम एनुल हक के दो होनहार पुत्र थे। दोनों बेटे गरीबी सेथक हार चुके अपने पिता एनुल को खुशहाल देखना चाहते थे। इसी कारण दोनों ने कमाने के लिए दिल्ली पंजाब की राह पकड़ ली थी। लेकिन दो दिन पहले गाजियाबाद में पानी की टंकी के नीचे दबकर दोनों की मौत हो गयी थी। मां बीबी आरा दोनों पुत्र के लिए अल्लाह से काफी दुआएं भी की, लेकिन उपर वाले ने उनकी एक भी न सुनी। अबुजर व एकराम के पिता एनुल ने रोते हुए बताया कि रविवार की शाम पांच बजे मेरे दोनों बेटे से बात हुई, लेकिन दो घंटे बाद ही मुझे मेरे बेटे की मौत की खबर मिली। इम्तियाज के पिता हारूण व मां हुस्नआरा व परिजनों ने बताया कि बड़े बेटे की शादी में दो माह पूर्व घर आया था। लेकिन क्या पता कि सदा के लिए मेरा बेटा जुदा हो जायेगा। एक ही टोले में तीन युवाओं की मौत से ग्रामीणों के घर तीन दिनों से चूल्हा चौका बंद है। गांव में मातम छाया है।

भवन निर्माण कार्य पूर्ण नहीं करने वाले एचएम पर होगी कार्रवाई: डीईओ

अररिया : जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव रंजन प्रसाद ने मंगलवार को तीन प्रखंड के हेडमास्टरों को साफ तौर पर कहा है कि 15 जून तक भवन निर्माण कार्य पूर्ण करें वरना सभीं को लाल कोठी भेजा जायेगा। पलासी, कुर्साकांटा व सिकटी प्रखंड के वैसे शिक्षकों के साथ बैठक किया गया, जिन्होंने राशि अग्रिम लेकर अब तक भवन निर्माण कार्य पूर्ण नहीं किया है। डीईओ श्री प्रसाद ने कहा कि सरकारी राशि गबन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नही जायेगा। उन्होंने यह भी कहा कि 15 जून तक भवन निर्माण कार्य पूर्ण नही करने वालों पर गबन के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी। इस अवसर पर एसएसए के एई, जेई आदि मौजूद थे।

लीड: डपोरशंखी साबित हुई हैं जल संचयन की घोषणाएं


अररिया : कोसी की पूर्वी कैनाल सिस्टम विगत दो दशक से फेल है। जिले के तकरीबन पांच सौ पुराने तालाब व सौ से अधिक जलकर सूखे पड़े हैं। कोसी फ्लड प्लान की एक दर्जन से अधिक नदियां सूख चुकी हैं। यानी पानी के सैलाब के बीच रह कर भी जल का संकट। यह तस्वीर अररिया जिले की है। यानी, यहां पानी बचाने की सारी घोषणाएं डपोरशंखी ही साबित हुई हैं।
इस संकट का क्लाइमेक्स भी अपनी ही तरह का है। किसानों की पीड़ा है कि खेतों को वक्त पर पानी नहीं मिलता। वहीं, कोसी नहरों में छठ जैसे महापर्व के मौके पर श्रद्धालु पंपिंग मशीन व जेसीबी के सहारे पानी लाते हैं।
जानकारों की मानें तो यह संकट प्रशासन की ढिलाई, विभाग की उदासीनता व एक नजरिये से कहें तो मेन मेड है। इस जिले में जल संग्रहण व संचयन को ले विभिन्न सरकारें अस्सी के दशक से ही घोषणाएं करती आ रही हैं। लेकिन आज तक दावे भले ही खूब हुए हों, किसी घोषणा ने हकीकत का रूप नहीं लिया है।
आजादी के बाद से इलाके को बाढ़ के कहर से निजात दिलाने के लिए कृत्रिम जलाशयों के विकास, छोटे छोटे डैम, बराज, वीयर्स, छिलका, फाटक व मिट्टी के बांध बनाने के नाम पर वादों व दावों का दौर चला, लेकिन हुआ कुछ नहीं। नेताओं व अधिकारियों के दौरे के नाम पर लाखों खर्च जरूर हुए।
महानंदा बेसिन परियोजना, जिसके अधीन परमान व कनकई समूह की नदियां भी आती हैं, के लिए विगत एक दशक से प्रयास चला। योजना आयोग की उच्च स्तरीय टीम ने क्षेत्र भ्रमण किया। कार्य की स्वीकृति मिली तथा पहली किस्त के रूप में साढ़े छह सौ करोड़ रुपयों का आवंटन भी प्राप्त हुआ, लेकिन धरातल पर कही काम नजर नहीं आता।
इस योजना के तहत इलाके की सारी नदियों के किनारों पर बांध व जल संचयन को ले जलाशयों का निर्माण किया जाना था। इन जलाशयों के पीछे यह उद्देश्य था कि इनसे लीन सीजन में जहां सिंचाई व अन्य कार्यो के लिए पानी मिलेगा, वहीं इनका उपयोग जल से जुड़े अन्य कार्यो के लिए भी किया जा सकेगा।
कोसी की बाढ़ भले ही 2008 में आयी हो, इस जिले से गुजरने वाली पूर्वी कोसी नहरें विगत दो दशक से खस्ताहाल बनी हैं। आंकड़े बताते हैं कि इस दौरान कोसी की नहरों से सिंचन लक्ष्य के विरुद्ध पांच प्रतिशत सिंचाई भी नहीं हुई।
बाढ़ को गये साढ़े तीन साल बीत गये, लेकिन अब तक नहरों को कार्ययोग्य नहीं बनाया जा सका है। जबकि इनके जीर्णोद्धार के लिए अरबों रुपये व्यय किये जा चुके हैं।

आरोपी विशिस अध्यक्ष के पति गिरफ्तार


अररिया : मध्याह्न भोजन योजना का चावल बेचने के आरोपी विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष पति मो. सिकंदर को बैरगाछी पुलिस ने मंगलवार को छापा मारकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उनसे जरूरी पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
बैरगाछी पुलिस के अनुसार तीन माह पूर्व उत्क्रमित मध्य विद्यालय कोशकीपुर के एमडीएम योजना का करीब आठ क्विंटल चावल विशिश अध्यक्ष पति एवं प्रधानाध्यापक द्वारा मिलीभगत कर गांव के ही दो व्यक्ति के पास बेच दिया गया था। लेकिन सूचना मिलने के बाद पुलिस ने चावल खरीदने वाले दोनों लोगों को मौके से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि प्रधानाध्यापक एवं विशिश अध्यक्ष पति फरार हो गये। पुलिस इस मामले में थाना कांड संख्या 57/12 दर्ज कर चार लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है। इस मामले में विभागीय कार्रवाई के तहत प्रधानाध्यापक निलंबित भी हो चुके हैं।

भारी वाहनों से अवैध वसूली करते पांच पकड़ाए, मुक्त


अररिया : पुलिस अधीक्षक शिवदीप लांडे ने सोमवार की संध्या उच्च मार्ग पर नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न जगहों पर भारी वाहनों से अवैध वसूली करते पांच लोगों को पकड़ा। लेकिन आवश्यक पूछताछ व हिदायत के बाद सबों को पीआर बाउंड पर मुक्त कर दिया। गिरफ्तार युवकों ने एसपी के समक्ष स्वीकार किया कि सैरात धारी अनिल कुमार श्रीवास्तव के आदेश पर वे उच्च मार्ग पर भारी वाहनों से वसूली कर रहे थे। युवकों से पूछताछ के बाद एसपी ने सैरात धारी को भी बुलाने का प्रयास किया लेकिन वे उपस्थित नहीं हो पाये। एसपी ने इसकी विस्तृत सूचना जिला पदाधिकारी को भी दूरभाष पर दी। जिला पदाधिकारी से वार्ता के बाद नगर थाना पुलिस को नप कार्यपालक पदाधिकारी के बयान पर सैरातधारी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करवाने का निर्देश दिया है। इस संबंध में एसपी ने बताया कि उच्च मार्ग पर बाहर की गाड़ियों से शुल्क वसूली अवैध है। वसूली से पूर्व सैरातधारी को शुल्क सूची एवं अन्य जानकारी स्थानीय थाना को देना चाहिए था लेकिन ऐसा नहीं किया गया। शुल्क वसूलने वाले एजेंट को स्पेशल ड्रेस एवं निर्धारित स्थलों पर बोर्ड भी लगाना था। लेकिन नियम के विपरीत शुल्क की वसूली की जा रही थी। खासकर नौ बजे रात के बाद एजेंटों द्वारा वाहनों से मनमाना वसूल करने की शिकायतें भी लगातार आ रही थी।
इस दौरान एसपी ने एनएचएआई टाल टैक्स के कर्मियों द्वारा स्थान परिवर्तन कर शुल्क वसूलने को लेकर एक कर्मी को भी हिरासत में लिया। बाद में उसे भी मुक्त कर दिया गया। एसपी ने बताया कि बिना किसी सूचना के स्थान परिवर्तन करना नियम विरुद्ध है। इस संबंध में एसपी ने एनएचएआई के प्रोजेक्ट डारेक्टर को भी दूरभाष पर इसकी जानकारी दी है। हिरासत में लिये गये युवकों में सतजु पासवान, सुंदर कुमार, पप्पू कुमार एवं एक अन्य शामिल है।

आरोपी से पूछताछ

फारबिसगंज : पदम गैस एजेंसी के कर्मचारी से पिछले दिनों हुई लूट कांड मामले में आरोपी मंतोष मांझी को फारबिसगंज थाना पुलिस ने मंगलवार को पूछताछ की। अररिया एसपी शिवदीप लांडे, फारबिसगंज एसडीपीओ विकास कुमार तथा थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ठाकुर ने आरोपी से गहन पूछताछ की है।

होटल में पकड़ाया महिला के साथ दो युवक

फारबिसगंज(अररिया) :भारत नेपाल सीमा पर मानव व्यापार का धंधा रूकने का नाम नहीं ले रहा है। फिर फारबिसगंज बस पड़ाव स्थित एक आवासीय होटल में पुलिस ने मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक महिला सहित दो युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने देह व्यापार के अंदेशा पर तीनों को पकड़ा है। गिरफ्तार लोगों में डोरिया सोनापुर निवासी महिला शाहिना खातून(काल्पनिक नाम), रामपुर निवासी उमर तथा शांति हाउस रेस्ट हाउस मालिक के पुत्र मो. मंजर शामिल है। अररिया एसपी शिवदीप लांडे फारबिसगंज पहुंचकर दोनों युवकों से पूछताछ की। फारबिसगंज एसडीपीओ विकास कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि मो. उमर के नाम से कमरा बुक कराया गया था।

औचक निरीक्षण के दौरान कई शिक्षक मिले गायब

जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के विद्यालय से शिक्षकों की अनुपस्थिति, एमडीएम बंद तथा भाड़े के शिक्षक पढ़ाते हैं सरकारी विद्यालयों में आदि खबरों को दैनिक जागरण ने प्रमुखता से छापा। मंगलवार को खबर पढ़कर डीईओ राजीव रंजन प्रसाद ने महलगांव, चौकता आदि पंचायतों के कई मध्य विद्यालय व प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उमवि किशनपुर के प्रधानाध्यापक आरिफ हुसैन, प्रावि उखवा मुसहरी, प्रावि भेभड़ा दुर्गापुर, प्रावि भेभड़ा पश्चिम, प्रावि मछेला केलाबाड़ी आदि स्कूलों के कुल ग्यारह शिक्षकों के अनुपस्थित रहने एवं अनियमितता बरतने के कारण कार्रवाई की गयी। मवि किशनपुर के प्रधानाध्यापक को जहां निलंबित करने की बात डीईओ श्री प्रसाद ने कही वही दस अन्य शिक्षकों को स्पष्टीकरण पूछा गया है। डीईओ की कार्रवाई से भगोड़े शिक्षकों के बीच हड़कंप मचा है।

दलालों के हाथ बिकने से बची नाबालिग


फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर सोमवार की रात्रि सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन 12487 से एक महिला दलाल एवं कुछ युवक द्वारा बहला-फुसलाकर दिल्ली ले जायी जा रही एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की आरपीएफ की सक्रियता के कारण बिकने से बच गयी। वहीं, दलाल महिला सहित दोनों युवक भागने में सफल रहे।
मामले की पुष्टि करते हुए आरपीएफ प्रभारी सैयद एहसान अली ने बताया कि दलाल के चंगुल से मुक्त करायी गई युवती ने अपना नाम रूकसार खातुन पिता स्व. मो. सगीर व मां ताजो खातुन निवासी रानीगंज बताया है। कहा कि मुक्त करायी गयी लड़की विगत दिनों फारबिसगंज आयी थी तथा बंगाली टोला में किसी व्यक्ति के यहां काम करती थी जहां उसे प्रताड़ित किया जाने लगा इस कारण वे वहां से भागकर अपने मामी के घर ललितग्राम जाने के लिए रेलवे स्टेशन आयी थी। इसी क्रम में दो युवक तथा एक महिला ने उसे 500 रुपये खाने-पीने के लिए देते हुए रानीगंज पहुंचाने का झांसा देकर दिल्ली ले जाने की फिराक में थे, इसी क्रम में आरपीएफ को इस मामले की भनक लगी तथा उसने कार्रवाई स्वरूप लड़की को दलालों के चंगुल से मुक्त करवाया। हालांकि तीनों व्यक्ति भागने में सफल रहे। इधर श्री अली ने बताया कि बरामद युवती को सीडब्लूसी अररिया के हवाले किया गया है।

सूमो चोर गिरोह का उद्भेदन, दो गिरफ्तार


अररिया : नगर थाना क्षेत्र के ओमनगर से सुमो विक्टा गाड़ी की चोरी का उद्भेदन नगर थाना पुलिस ने तीन दिन बाद हीं कर लिया है। गाड़ी की चोरी चार चोरों ने मिलकर की थी। जिसमें सुमित कुमार ओमनगर एवं पुष्कर कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने गाड़ी चोरी करने की बात स्वीकारी है।
पकड़े जाने के बाद एसपी शिवदीप लांडे ने दोनों से जरूरी पूछताछ की और गाड़ी बरामद करने का निर्देश पुलिस को दिया है। वही नगर पुलिस थाना कांड संख्या 146/12 दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
इस संबंध में एसपी श्री लांडे ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर जब सुमित कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया तो उसने गाड़ी चोरी की बात स्वीकार कर ली। सुमित के निशानदेही पर ही पुष्कर कुमार की गिरफ्तारी की गयी। वहीं दोनों चोरों ने एसपी के समक्ष खुलासा किया कि इस घटना में चार लोग शामिल हुये थे। रात के तीन बजे वे लोग डीटीओ की भाड़े की गाड़ी की चोरी की। चोरी करने के बाद एक घंटा तक गाड़ी को किसी निर्जन स्थान पर ले जाकर रखा। इसके बाद चार बजे वे लोग फारबिसगंज के लि रवाना हो गये। सुमित ने बताया कि टाल टैक्स तक गाड़ी पर चारों लोग गये। इसके बाद दो लोग उतर गये और दो लोग गाड़ी लेकर नेपाल चले गये। सुमित ने पुलिस के समक्ष अपने दो अन्य साथियों के नाम का भी खुलासा किया है। वही पुष्कर ने एसपी के समक्ष खुलासा किया कि उनके दो अन्य साथी गाड़ी लेकर नेपाल चले गये। चारों चोरों ने पहले ही यह तय कर लिया था कि जब तक गाड़ी की बिक्री नही हो जाती है तब तक दो सदस्य नेपाल में रहेंगे। लेकिन दो लोग पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इधर एसपी ने बताया कि गिरफ्तार चोर के निशानदेही पर अररिया पुलिस नेपाल पुलिस से संपर्क कर रही है। नेपाल पुलिस के सहयोग से जल्द हीं गाड़ी की बरामदगी कर ली जायेगी।

विधायक ने किया क्षेत्र भ्रमण, समस्या से रूबरू

पलासी (अररिया) : जोकीहाट विधान सभा के विधायक मो. सरफराज आलम ने मंगलवार को प्रखंड के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर लोगों से रूबरू होते हुए जन समस्याओं को सुनकर उचित कार्रवाई की बात कही। इस क्रम में विधायक श्री आलम ने बेनी, रंगधा, डेंगा, डाला, मजलिसपुर आदि गांवों का भ्रमण किया। साथ ही उन्होंने लोगों से भ्रष्टाचार मिटाने हेतु जागरूकता लाने, गलत कार्य न कराने सहित अन्य बिंदुओं पर लोगों को आगाह किया। मौके पर विधायक प्रतिनिधि विश्वनाथ चौधरी, रामेश्वर विश्वास, पूर्व जिप सदस्य शब्बीर अहमद, नागेश्वर मंडल आदि मौजूद थे।

स्वास्थ्य कर्मियों की बैठक


पलासी : प्रखंड मुख्यालय स्थित पीएचसी में मंगलवार को स्वास्थ्य कर्मियों की बैठक आहूत की गयी। जिसकी अध्यक्षता प्रभारी डा. जहांगीर आलम ने की। मौके पर डा. एपी सिंह, डा. कुणाल शंकर, डा. श्री कांत, रजानंद चौधरी, एएनएम टेरेसा किस्को आदि मौजूद थे।
बैठक में पोलियो राउंड की समीक्षा, महामारी से बचाव के उपाय, नियमित टीकाकरण व कार्य की गुणवत्ता में सुधार सहित अन्य मुद्दों पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गयी।

आग से डेढ़ दर्जन घर जले, छह लाख का नुकसान


जोकीहाट(अररिया) : महलगांव थाना क्षेत्र के मल्हरिया गांव में मंगलवार को अचानक लगी आग से करीब डेढ़ दर्जन लोगों के घर जलकर राख हो गये। अग्निकांड में करीब छह लाख से अधिक की संपत्ति जलकर नष्ट हो गयी। आग में चावल, गेहूं, कपड़ा व अन्य बहुमूल्य सामग्री जलकर नष्ट हो गये। आग की लपटें इतनी तेज थी कि चंद मिनटों में ही कई ग्रामीण बेघर हो गये। अग्निपीड़ितों में वसीम, मस्सी, रकीब, परहेज, मंसूर, इरशाद, इशहाक, अफजल मतीन आदि शामिल हैं।
विधायक सरफराज आलम ने अग्नि पीड़ितों के बीच अविलंब राहत सामग्री वितरण को कहा है। इधर, सीओ अबुल हुसैन द्वारा अग्नि पीड़ितों की सूची तैयार करने हेतु हल्का कर्मचारी को घटना स्थल पर भेज दिया गया है।

हल्दिया बिहार जाने वाली सड़क जर्जर

रेणुग्राम(अररिया) : राष्ट्रीय राजमार्ग 57 स्थित बरदाहा लाइन चौक से निकलकर हल्दिया बिहार हाल्ट जाने वाली सड़क जर्जर हालत में है। जिससे हल्दिया, बोकड़ा, अहमदपुर आदि गांवों के ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीण अजहर आलम, मजहर आलम, डा. सरफराज आदि का कहना है कि यह पथ आधा दर्जन गांव के लोगों को आने जाने का मुख्य पहुंच पथ है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दिनों इस सड़क में लगभग एक किमी तक मरम्मत कार्य किया गया बाकी चार पांच किमी तक सड़क की स्थिति बदहाल है जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीण तवरेज, पप्पू आदि का कहना है कि इस सड़क में नहर के पास कल्वर्ट के पाइप फटे रहने के कारण आवाजाही में काफी कठिनाई हो रही है।

छात्राओं के बीच पोशाक राशि वितरित



नरपतगंज(अररिया) : प्रखंड स्थित सरला सत्य नारायण यादव महाविद्यालय के छात्राओं के बीच पोशाक राशि का वितरण विधायक देवयंती देवी द्वारा किया गया। पोशाक राशि के रूप में प्रति छात्रा एक हजार रूपये की दर से दिया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य भुवनेश्वर प्रसाद यादव ने बताया कि कुल 459 छात्राओं के बीच पोशाक राशि का वितरण करना है। विधायक देवयंती देवी ने सभी छात्राओं से कहा कि सरकार द्वारा दी जा रही पोशाक राशि का उपयोग पोशाक खरीदने में करें। इस अवसर पर पूर्व विधायक दयानंद यादव, किशुनदेव यादव, कमलेश्वरी राय, संतोष यादव व शिक्षक तथा छात्र छात्राएं उपस्थित थे।

आपदा जोखिम न्यूनीकरण को लेकर कार्यक्रम

अररिया : आपदा जोखिम न्यूनीकरण को लेकर पेंशनर भवन में मंगलवार को एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एनजीओ विकास बिहार के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के उप निदेशक गोपाल प्रसाद एवं आइसीडीएस के डीपीओ चंद्रप्रकाश, सीडब्लूसी की रीता घोष व एनजीओ के सचिव हरेन्द्र सिंह आदि उपस्थित थे। मौके पर बोलते हुए सेव द चिल्ड्रेन के पीओ अभिजीत कुमार ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता जरूरी है। डीपीओ श्री प्रकाश ने कहा कि बचपन अगर बेहतर होगा तो जीवन का हर पहलू बेहतर होगा। गोपाल प्रसाद ने जिले में बाल संरक्षण इकाई व रिमांड होम जल्द बन जाने की बातें कही।

संघ ने की पिटाई के आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग

कुर्साकांटा (अररिया) : सोमवार को कुआड़ी मध्य विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रकाश चंद्र गुप्ता के साथ एक अभिभावक द्वारा पिटाई को लेकर राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा कुआड़ी ओपी थाना कुर्साकांटा को लिखित प्रतिवेदन देकर आरोपी को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की गई है। बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के राज्य कार्यकारिणी के सदस्य जटाधर झा ने बताया कि प्र.अ. के साथ बाजार में बुरी तरह पिटाई किया जाना सभ्य समाज के लिए एक कलंक है। उन्होंने कहा कि शिक्षक संघ इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने शिक्षकों के हस्ताक्षरित आवेदन के माध्यम से पुलिस प्रशासन से आरोपी कृपानंद यादव की गिरफ्तारी तथा श्री गुप्ता को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की गई है।

महिला समेत पांच को पांच साल की कैद


अररिया : कोशकापुर के एक लड़के को हत्या या विकलांग बनाकर भीख मंगवाने के उद्देश्य से करीब सात वर्ष पूर्व अपहरण कर लिया गया। इस घटना के प्रमाणित होने पर फास्ट ट्रैक कोर्ट चतुर्थ के न्यायाधीश जितेन्द्र नाथ सिंह की अदालत ने एक महिला समेत पांच लोगों को पांच-पांच वर्षो का सश्रम कैद समेत जुर्माना भरने का फैसला सुनाया तथा सभी को जेल भेज दिया।
उक्त मामले की ट्रायल सत्रवाद संख्या 330/08 के तहत हुई। सरकार की ओर से एपीपी श्याम लाल यादव ने करीब आधा दर्जन गवाहों का साक्ष्य प्रस्तुत करवाया।
रानीगंज के कोशकापुर निवासी योगानंद यादव के छोटे पुत्र को कई लोगों ने कोशकापुर नहर पुल के समीप से अपहरण कर लिया। खोजबीन के बाद वादी ने अपने पुत्र को हत्या करने व विकलांग बनाकर भख मंगवाने के उद्देश्य से किय गये घटना की आशंका व्यक्त किया तथा रानीगंज थाने में 30 अक्टूर 04 को कांड संख्या 250/04 दर्ज कराया।
फास्ट ट्रैक कोर्ट चतुर्थ के न्यायाधीश श्री सिंह की अदालत में सुनवाई हुई।
न्यायाधीश श्री सिंह ने मामले के आरोपी कोशकापुर निवासी घनश्याम यादव, राजकुमार यादव, नुनुलाल यादव तथा उसकी पत्‍‌नी मीना देवी व सुशील यादव को दोषी पाकर सजा सुनायी।

सरपंच संघ की बैठक में लिए गए कई निर्णय


कुर्साकाटा(अररिया) : सोमवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक भवन मरातीपुर में सरपंच संघ की एक बैठक आयोजित की गयी जिसकी अध्यक्षता सरपंच टोटाई दास ने की। संघ के सदस्यों ने ग्राम कचहरी के सरपंचों को विभिन्न धाराओं के तहत सुनवाई करने का निर्देश एवं आठ धाराओं के तहत कार्यवाही का दायित्व सौंपने पर खुशी व्यक्त किया। जल स्रोत को प्रदूषित करने, लोकमार्ग को बाधित करने, जीव जन्तु के प्रति क्रुरता एवं उपेक्षा को लेकर हुए विवाद, कानून के विरूद्ध मजदूरी करने, बंधुआ मजदूर बनाकर काम करवाने, संपत्ति का गलत तरीके से उपयोग करने एवं उधार लेनदेन से संबंधित विवाद से जुड़े मामले धारा 369, 277, 283, 289, 374, 403, 426 एवं 430 के तहत ग्राम कचहरी को अधिकृत करने को लेकर सरपंच संघ ने ग्राम कचहरी में मामले को निपटारा करने का निर्णय लिया। मौके पर जिला सचिव शमशुल आलम ने थानाध्यक्ष उमेश पासवान एवं फ्रांसीस हांसदा को निर्देश देने के लिए धन्यवाद दिया । मौके पर सरपंच सरस्वती देवी, सुनील कुमार, ललिता देवी, जयप्रकाश सिंह, रामानंद साह, प्रमोद मंडल आदि अनेकों सरपंच मौजूद थे।

सब्जियों के दाम में बेतहाशा वृद्धि, आमजन परेशान

अररिया : एक ओर कमरतोड़ महंगाई से आम लोग परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर सब्जी के बढ़े मूल्य ने आम लोगों की कमरतोड़ कर रख दी है। इस महंगाई से एक आम आदमी के बजट को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। महंगाई के चलते बाजारों से सब्जी खरीदना मानों एक सपना बनकर रह गया है। किचेन और आम लोगों के थालियों से सब्जियां लगभग गायब हो चुकी है। सब्जी खरीदना तो दूर सब्जी की दुकान की ओर देखने से ही डर लगता है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष लगभग दुगने दामों पर सब्जियां बेची जा रही है। पिछले वर्ष इसी समय परवल 15 रूपये किग्रा था जबकि इस वर्ष 30-40 रूपये किलो बिक रहा है। भिंडी पिछले वर्ष 20 रूपये था इस वर्ष अभी 40-45 रूपये किलो बिक रहा है। इसी प्रकार टमाटर 20 रूपये, खीरा दस रूपये, शिमला मिर्च 80 रूपये, करैला 30 रूपये, कद्दु 15 से 20 रूपये पीस बिक रहा है। आजाद नगर निवासी साजिद अनवर एवं शमशेर आलम ने बताया कि महंगाई के कारण हम लोग सब्जी नहीं खरीद पाते हैं। एक किलो की जगह दो से ढाई सौ ग्राम सब्जी से ही काम चलाना पड़ता है। सब्जी विक्रेता मनोज जायसवाल ने बताया कि महंगे दामों पर सब्जी खरीदने के कारण बढ़े हुए दामों पर बेचना मजबूरी है। महंगे दामों के कारण अब दुकान में ग्राहकों की भी कमी हो गयी है। पूरा व्यवसाय मंदी के दौर से गुजर रहा है।

महिलाओं के प्रति बदल रही समाज की सोच: सांसद


कुर्साकांटा (अररिया) : सरकार द्वारा महिलाओं को पचास प्रतिशत आरक्षण दिये जाने से समाज में महिलाओं के प्रति रूढि़वादी सोच में बदलाव आया है। उक्त बातें सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने रविवार को मुधबनी गांव में महात्मा गांधी इंग्लिश स्कूल के उद्घाटन के मौके पर कही। सांसद श्री सिंह कहा कि गांव एवं देहात की लड़कियां साइकिल से स्कूल जा रही है आज लोग जब अपनी पतोहू एवं बेटी को शिक्षक, मुखिया एवं सरपंच के रूप में देखने लगे तो उनके सोच में भी बदलाव आया है। अब वे भी अपनी बेटियों को भी स्कूल भेजने लगे हैं।
इस अवसर पर प्रमुख धनजीत सिंह, जिला पार्षद सुशीला देवी, जुबैर आलम, प्रदीप यादव, मुखिया राजेश सिंह, बिरेन्द्र दास, दयानंद यादव, शमशुल हक, मतलू, कमाल आदि उपस्थित थे।

स्नातक कक्षा के विकलांग छात्रों को मिलेगी छात्रवृत्ति


अररिया : स्नातक तीनों खंड सत्र 2011-12 के विकलांग छात्रों को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के सौजन्य से छात्रवृत्ति मिलेगी। मगर इसके लिए उनके परिवार का बीपीएल धारी होना अनिवार्य होगा। यह जानकारी मंगलवार को फारबिसगंज कालेज के प्रधानाचार्य डा. सतींद्र कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि इसके लिए इच्छुक छात्र कालेज काउंटर पर के 24 अप्रैल से सात मई के बीच किसी भी कार्यदिवस में प्रपत्र प्राप्त कर उसे भरने के बाद कार्यालय में जमा कर सकते हैं।

रक्तदान शिविर का आयोजन

अररिया, : प्रदेश कार्यालय पटना के निर्देश पर सोमवार को सदर अस्पताल अररिया में जदयू के चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डा. अरशद हुसैन ने की। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जोकीहाट के विधायक सरफराज आलम एवं जिलाध्यक्ष नौशाद आलम मौजूद थे। शिविर में एक दर्जन कार्यकर्ताओं ने 

बदलते मौसम में बढ़ी मच्छरों की संख्या

नरपतगंज : मौसम बदलने के साथ-साथ क्षेत्र में मच्छरों की भी संख्या तेजी से बढ़ रही है। मच्छरों का झुंड रात तो रात दिन में भी खून चूस रहे हैं। गांवों में झोलाछाप डाक्टरों चिकित्सकों के यहां मच्छरों से फैलने वाले बीमारी मलेरिया से ग्रस्त मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।

कमता घाट पर पुल नही बनने से ग्रामीणों की दुर्दशा


रेणुग्राम (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत अम्हारा पंचायत के कमता बलियाडीह गांव होकर परमान नदी में बहने वाली नदी में आजादी के दशकों बीत जाने के बाद भी एक अदद पुल का निर्माण सरकार या राजनेताओं द्वारा नही कराये जाने के कारण आज भी इस क्षेत्र के लोग अपने को अंग्रेजी हुकुमत का ही नागरिक मानने को विवश हैं।
बाढ़ और बरसात के मौसम में इस क्षेत्र की जनता ग्रामीण के साथ-साथ सीमावर्ती कुर्साकांटा प्रखंड के कई गांव के नागरिकों को जान जोखिम में डालकर धार को छाती भर पानी में पार करना पड़ता है। कुल मिलाकर धार को पार करने में लोगों को अर्ध नग्न होना पड़ता है। किसानों को अपने उत्पादों को बाजार ले जाने में काफी परेशानी होती है। बीमारों की दशा डाक्टर और दवा तक पहुंचते-पहुंचते मरनासन्न हो जाती है। ग्रामीण अजय मंडल, सुबोध मंडल वही बघमारा के ग्रामीण निपेन्द्र विश्वास, पारस मंडल, मो. जियाउल आदि ने दुखी होकर कहते है कि इस भीषण समस्या को कोई देखने-सुनने वाला नही है। वहीं पुल नही बनने से ग्रामीणों में क्षोभ व्याप्त है।

किसानों की शिकायत: गेहूं की बालियों में दाना नहीं


फारबिसगंज(अररिया) : प्रखंड के मिर्जापुर पंचायत में अपनायी गयी श्रीविधि से गेहूं की बालियों में दाना नहीं आने की लिखित शिकायत किसानों ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी फारबिसगंज से की है तथा क्षतिपूर्ति दिये जाने की मांग की है।
पीड़ित किसान मिर्जापुर निवासी परिमल मेहता एवं अशोक मेहता ने अपने आवेदन मे कहा है कि उन्होंने फारबिसगंज के एक प्रतिष्ठित बीज विक्रेता से गेहूं का बीज खरीदा था। उन्होंने दो एकड़ 3 डिसमिल जमीन पर खेती किया लेकिन गेहूं के बालियों से दाना गायब रहा। जिससे वे अपनी गेहूं की फसल को देखकर चिंतित हो गये। उन्होंने कर्ज भी लिया था। इस संबंध में पूछे जाने पर पीड़ित किसान परिमल मेहता ने बताया कि उनके गांव में कई अन्य किसान भी इस समस्या से प्रभावित हुए हैं।

आश्वासन के सिवाय नही मिला समाधान

नरपतगंज (अररिया) : नरपतगंज बाजार स्थित महावीर चौक से हास्पीटल चौक के सैकड़ों दुकानदार ने खुद कमर कस ली है स्वयं वे लोग नाला की सफाई करेंगे। इसके लिए सिर्फ वे प्रशासन से सफाई के दिन सुरक्षा बल देने की बात कहते हैं। दुकानदार राकेश कुमार भगत, श्याम सुंदर, राजेश गुप्ता, नन्द कुमार सिंह, नरेश भगत, अमर यादव आदि ने बताया कि विगत तीन वर्षो से इस सड़क के नाले की सफाई नही हुई है जिस कारण हल्की बारिश होने पर भी महावीर चौक से हास्पीटल चौक तक की सड़क में पानी व कीचड़ जमा हो जाती है। जिस कारण नरपतगंज बाजार की मुख्य सड़क होने के बावजूद भी यह सड़क आवागमन के लिए चलने लायक नही रहते है। विगत दो वर्ष पूर्व स्थानीय विधायक देवयंती देवी ने दौरा कर मुख्यमंत्री के यहां त्राहीमाम संदेश भी भेजा। दूसरी तरफ सांसद प्रदीप सिंह विगत एक वर्ष से कह रहे बस 15-20 दिन में यह सड़क की पीसीसी ढलाई शुरू होगी। आखिर सांसद महोदय का 15-20 दिन कब आयेगा? विधायक तो अपना फंड समाप्त होने की बात कर पल्ला झार रही है। विगत दिनों सैकड़ों दुकानदार हस्ताक्षर कर प्रखंड विकास पदाधिकारी जोगो दास को महावीर चौक से हास्पीटल चौक तक नाला की सफाई के लिए आवेदन भी दिया। जहां उन्हें आश्वासन भी इस दिशा में वे पहल करेंगे। लेकिन विगत दिनों हुई बारिश होने से उक्त सड़क की नरकीय स्थिति देख बाजार वासी दुकानदार चिंतित हो उठे। राकेश भगत व नंद कुमार सिंह ने कहा इस काम के लिए विधायक, सांसद, बीडीओ को कई बार कहा गया लेकिन आश्वासन के सिवाय कुछ नही मिला।