Wednesday, November 10, 2010

मोटर साइकिल लुटेरा गिरोह का उद्भेदन, तीन गिरफ्तार

अररिया। बरदाहा थाना पुलिस ने विगत फरवरी माह में नेमुआ गांव के निकट हुई मोटर साइकिल लूट घटना का उद्भेदन कर एक बड़ी सफलता हासिल किया है। पुलिस ने मोटर साइकिल लूट गिरोह में शामिल तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जिसे पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में अररिया जेल भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी अनुसार पहले गुप्त सूचना के आधार पर मोटर साइकिल लूट की घटना में संलिप्त कौआकोह नवटोली के संतोष ततमा उर्फ विमल लाल ततमा को बरदाहा थाना पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ के बाद गिरोह में शामिल अन्य अपराधियों का भी पुलिस को पता चल गया। इसके बाद रणनीति के तहत सिकटी थाना व कुआड़ी ओपी पुलिस संयुक्त रूप से छापामारी अभियान चलाया तथा घटना में संलिप्त सिकटी थाना क्षेत्र के कुंआ पोखर गांव निवासी रोशन सरदार और कुआड़ी ओपी क्षेत्र के नवटोली गांव के शंभू पासवान को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के समक्ष गिरफ्तार अपराधियों ने मोटर साइकिल लूट में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है तथा। अपराधियों ने कुआड़ी ओपी क्षेत्र के राजेश पासवान को भी गिरोह में शामिल होने की बातें बतायी। जो फिलहाल पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी अभियान चला रही है।
ज्ञात हो कि नेमुआ पिपरा निवासी संतोष मंडल की हीरोहाण्डा मोटर साइकिल बीआर 37बी 1674 अपराधियों ने छीन ली थी। इस संबंध में पीड़ित ने बरदाहा थाना में कांड संख्या 07/10 दर्ज कराया था। छापामारी अभियान में थानाध्यक्ष एनएम मिश्रा, सिकटी थानाध्यक्ष पुष्कर कुमार, कुआड़ी ओपीअध्यक्ष अजय कुमार सिंह तथा सिकटी थाना के पीएसआई राजन कुमार व सैप तथा पुलिस के जवान शामिल थे।

एसडीओ ने की खाद दुकान में छापामारी,जांच के लिए लिया सेम्पल

अररिया। नकली खाद व कीटनाशक बेचे जाने की शिकायत पर फारबिसगंज के अनुमंडल पदाधिकारी जीडी सिंह ने मंगलवार की संध्या शहर के अस्पताल रोड स्थित हिन्दुस्तान एग्रो खाद की दुकान सहित कई जगहों पर छापामारी की। एसडीओ श्री सिंह ने उक्त खाद दुकान से कीटनाशक दवा का सेम्पल लिया है। जिसकी जांच लैब में कराई जायेगी। एसडीओ गिरिवर दयाल सिंह ने कहा कि रबी की फसल को लेकर किसानों को राहत देने के लिए एतिहाती कदम के रूप में यह कार्रवाई की जा रही है। ताकि किसानों को सही बीज, खाद व कीटनाशक दवा मिल सके। इसके लिए खाद दुकानों की जांच की जा रही है। इधर, एसडीओ की छापामारी से शहर की अधिकांश खाद की दुकानें अचानक बंद हो गयी तथा खाद की कालाबाजारी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस पर कार्यक्रम

अररिया। स्थानीय अदालत परिसर स्थित विधिक सहायता सह सुलह केन्द्र में मंगलवार को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस मनाया गया। जिसकी अध्यक्षता मुंसिफ चंद्रमौली प्रसाद ने की।
यह आयोजन मुख्य रूप से आर्थिक अथवा अन्य अक्षमताओं के कारण किसी भी व्यक्ति को न्याय से वंचित नहीं किये जाने को ले किया गया था। कार्यक्रम में महिला एवं बच्चों को दी जाने वाली सहायता,श्रमिकों, अनुसूचित जाति एवं जन जाति आदि को नि:शुल्क सेवाएं, सामरिक कानूनी सहायता, नि:शुल्क कानूनी सहायता तथा लोक अदालत आदि की चर्चा की गयी। कार्यक्रम में कानूनी सहायता के जरिये समान अवसर और सामान्य न्याय सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।आयोजित इस कार्यक्रम में केन्द्र के सदस्यों समेत प्रथम श्रेणी, न्यायिक दंडाधिकारी देवेश कुमार समेत जिला बार एसोसिएसशन के सचिव चंद्रशेखर ठाकुर व वरीय अधिवक्ता विनोद प्रसाद, राज कुमार राही आदि अधिवक्तागण उपस्थित थे।

शिक्षक संघ की कैबिनेट बैठक में कई प्रस्ताव पारित

अररिया। विभिन्न मुद्दों को ले मंगलवार को जिला प्राथमिक शिक्षक संघ भवन में जिला कैबिनेट की एक बैठक जिलाध्यक्ष अब्दुल कुद्दुस की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में चार प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में सर्वसम्मति से शिक्षक संघ से अलग होकर संगठन विरोधी कार्य करने एवं फर्जी संगठन बनाकर शिक्षकों एवं विभाग को दिगभ्रमित करने के आरोप में शिक्षक अजहर हुसैन, रामानन्द यादव, मेहदी हसन अंसारी तथा शैलेन्द्र कुमार राय को बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है। साथ ही प्रोन्नति एवं प्रवरण वेतनमान के मुद्दे को ले विभागीय लापरवाही के विरोध में आगामी 29 नवम्बर को जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किये जाने का फैसला भी लिया गया। बैठक में शिक्षकों को नियम के विरुद्ध बिना कारणपृच्छा दिये निलंबित किये जाने का आदेश दिये जाने के विरोध में भी प्रस्ताव पारित किया तथा आगामी 21 नवम्बर को जिले के सभी राज्य व जिला प्रतिनिधि, अनुमंडल, अंचल प्रतिनिधि सचिव व अध्यक्ष सहित जिला कैबिनेट की संयुक्त बैठक करने का निर्णय लिया गया। जिसमें बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के वरीय उपाध्यक्ष नूनूमुनि सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल रहेंगे।
बैठक में प्रधान सचिव राजेन्द्र प्रसाद सिंह, आबिद हुसैन, जय प्रकाश विश्वास, अमर यादव, पंकज कुमार सिंह, गफ्फार, अब्दुल रहीम, मुजाहिद आलम व सज्जाद आलम आदि शामिल थे।

30 वें पायदान पर खिसका अररिया, सीएस ने बुलायी बैठक

अररिया। स्वास्थ्य मामले में अररिया जिला फिसड्डी साबित हो रहा है। व्यवस्था के मामले में राज्य में जिले का स्थान 30 वें पायदान पर है। हालांकि बेहतर व्यवस्था के लिए सिविल सर्जन डा. धनुषधारी प्रसाद ने मंगलवार को जिले के तमाम पीएचसी प्रभारी, चिकित्सा पदाधिकारी, हेल्थ मैनेजर आदि की बैठक डीआरडीए सभा भवन में आयोजित की। किंतु इस समीक्षात्मक बैठक में भी जिला स्वास्थ्य समिति, सीएस कार्यालय एवं पीएचसी के बीच आपसी समन्वय की कमी खुलकर सामने आयी। जहां तकरीबन चिकित्सा पदाधिकारियों ने सीएस कार्यालय में व्याप्त बाबुओं की मनमानी की शिकायत खुलेस्तर आम की तो कई प्रभारी ने पोलियो कार्यक्रम में कार्य करने से इंकार तक कर दिया है। कई चिकित्सा पदाधिकारी ने कहा कि पीएचसी के कर्मियों को जिला स्वास्थ्य समिति व सीएस कार्यालय में प्रतिनियुक्त कर दिया गया है। सभी चिकित्सा पदाधिकारियों ने सीएस से तमाम कर्मियों की प्रतिनियुक्ति एक सप्ताह के भीतर तोड़ने तथा डीएचएस कार्यालय के लिए मानदेय पर स्टाफ रखने का सुझाव दिया। इसके अलावा दवा स्टोरेज के लिए भाड़े पर मकान रखने की अनुमति भी मांगी। हालांकि तमाम चिकित्सा पदाधिकारी ने सीएस व डीपीएम को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही अररिया को ऊंचा स्थान प्राप्त कराने में उनका पूर्ण सहयोग होगा। इस मौके पर सिविल सर्जन डा. प्रसाद ने कहा कि समस्याओं से निजात के लिए शीघ्र ही सभी पीएचसी प्रभारी व कार्यालय कर्मियों के साथ बैठक की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कार्य के प्रति तमाम स्वास्थ्य कर्मियों को सजग रखने की जरूरत है। जबकि डीपीएम रेहान अशरफ ने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने में तमाम लोगों से सहयोग की अपील की। मौके पर राजीव कुमार, सनोज कुमार आदि भी मौजूद थे।

उग हो सुरजदेव.. गीत से गुंज रहे हाट बाजार

अररिया। लोक आस्था का महापर्व छठ को लेकर फारबिसगंज तथा आस पड़ोस के हाट बाजारों की रौनक बढ़ी हुई है। शहर में फैंसी मार्केट, फुलवरिया हाट, कोठीहाट, गोरियाढ़े चौक समेत ग्रामीण हाट बाजारों में लोग जमकर खरीददारी में जुटे हुए हैं। कहीं मिट्टी के दीप एवं कलश तो कहीं केले व नारियल की खरीददारी में लोग जुटे हैं। सूप और डाला की बिक्री परवान पर है।
इधर सीडी और कैसेट के दुकानों में बजती छठ गीत उग-उग हो सुरजदेव.. आदि से पूरा शहर भक्तिमय बना हुआ है। छठ गीत के कैसेट की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। यूं कहे कि लोक आस्था के महापर्व छठ के आगे महंगाई भी बौनी पड़ गयी है। जबकि बाजारों के आकलन के पश्चात पता चलता है कि पूजन सामग्री की कीमतें गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष दोगुनी हो गयी है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष जो चम्पा केला के धड़ 120 से 150 रुपये था परन्तु इस वर्ष उसकी कीमत तीन सौ तक पहुंच गयी है। दस से पन्द्रह रुपये का नारियल इस वर्ष 25 से तीन रुपये के भाव बिक रहे हैं। यहां तक कि ईख दो रुपये की जगह पांच रुपये गोटा बिक रहा है। मिट्टी के दीप और बर्तन तथा सूप डाला भी इस वर्ष दोगुनी कीमत पर बेचे जा रहे हैं।

Tuesday, November 9, 2010

कालाबलुआ मेले में युवाओं ने जमकर उठाया आनंद

अररिया। रविवार रात्रि के दस बज रहे थे। प्रखंड के कालाबलुआ गांव में कालीपूजा मेला में हजारों की भीड़, उसमें आदिवासी गानों के धुन पर थिरकते युवक-युवतियां मेले में चार चांद लगा रहे थे। वहीं देशी शराब के नशे में मदमस्त स्त्री-पुरुष, युवक-युवतियों के हंसी ठिठोली की गूंज भी लोगों को आकर्षित कर रहा था। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी-धजी युवतियों व युवक भी आकर्षण का केंद्र बने हुए थे। मेले में फैला मध्यम प्रकाश मानो युवाओं को सुकून प्रदान कर रहा था। मेले में प्राय: सभी अपने अपने जोड़े के साथ नजर आये। मेले में देशी व महुआ शराब की दुकानें भी सजी थी जहां युवकों कही भीड़ लगी थी। मेला के बीचोबीच महिला प्रसाधन की दुकान लगी थी, जहां से युवतियां व महिलाएं अपनी पसंदीदा सामानों की खरीददारी करने में मशगुल दिखी। पच्चीस हजार वर्ग मीटर में फैले इस मेले में लोगों ने भरपूर आनंद उठाया। एक-तरफ आदिवासी नृत्य पेश करती युवक-युवतियां तो दूसरी तरफ शराब का आनन्द उठाते लोग। इसी बीच युवा अपने जीवन साथी के चयन करने में जुटे थे। फारबिसगंज से अपने परिजनों के साथ आयी सोनी वासुकी ने साथ चल रहे युवक की ओर इशारा करते हुए बताया कि संग्रामपुर वासी राम लाल बेसरा को उसने पहली ही नजर में पसंद कर लिया है। उसी प्रकार जमुनिया गांव के संजय सत्तार ने बताया की लीला नामक युवती को उसने पसंद किया है। पीरपैंती के साठ वर्षीय भत्तर किस्कू ने बताया कि इस मेले में पचास जोड़े युवक-युवतियों ने अपना जीवन साथी का चयन किया है। प्रशासन की ओर से मेले में सुरक्षा का भी पुख्ता इंतजाम किया गया था। ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

प्रेम में असफल नेपाली युवक ने किया आत्महत्या का प्रयास, दोनों पैर गंवाया

अररिया। प्यार में असफलता मिलने से अवशादग्रस्त नेपाल युवक ने रविवार की देर रात फारसिबगंज में रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन से कटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। इस घटना में युवक की जान तो बच गयी, लेकिन वह अपने दोनों पैर गवां बैठा। घायल युवक को रेल पुलिस ने गंभीर हालत में फारसिबगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत अब स्थिर बतायी जाती है। घायल तीस वर्षीय युवक अपना नाम घनश्याम नेपाली बताया है जो पड़ोसी देश नेपाल इटहरी पानी टंकी निवासी टीका प्रसाद नेपाली का पुत्र है। वह एक सप्ताह पूर्व ही फारबिसगंज आया था और एक होटल में काम करता था।
मिली सूचना के अनुसार रविवार की देर रात फारबिसगंज रेलवे स्टेशन तथा पटेल चौक रेलवे के बीच सिग्नल के समीप जोगबनी से कटिहार जा रही डाउन सवारी गाड़ी के समाने आत्महत्या करने की नियत से युवक कूद गया। इस घटना में घनश्याम का बायां पैर घुटने के नीचे से तथा दायां पैर नीचे से कट गया। जख्मी युवक ने बताया कि इटहरी के चाकरघट्टी निवासी ममता (काल्पनिक नाम) नामक युवती से प्रेम करता था। परन्तु युवती ने उससे शादी करने से इंकार कर दिया। जिस कारण वह अपनी इहलीला समाप्त करने का प्रयास किया। युवक ने बताया कि दो दिन पूर्व ही वह फाररबिसगंज में भेंट हुई थी। इधर, फारबिसगंज चिकित्सा पदाधिकारी डा. जेएन प्रसाद ने बताया कि रोगी कल्याण समिति की खर्च पर एंबुलेंस द्वारा जख्मी युवक को इटहरी भेजा जा रहा है जहां धोपा मेडिकल कालेज अस्पताल में उसे भर्ती कराया जायेगा।

रेल अधिकारियों की लापरवाही का फायदा उठा सकते हैं नक्सली

जोगबनी रेलखंड पर रेल परिचालन की सुदृढ़ व्यवस्था का दावा खोखला साबित हो रहा है। ऐसे में सीमावर्ती क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा जिस तरह पैर पसारने की खुफिया रिपोर्ट मिल रही है उससे उक्त रेलखंड पर बरती जाने वाली लापरवाही कथित नक्सलियों को फायदा पहुंचा सकता है। नक्सली वारदातों से अछूते इस क्षेत्र में वरीय अधिकारियों की उदासीनता नक्सलियों के लिए आसान बन सकता है। रेलखंड पर रेलवे गुमटियों पर बरती जाने वाली लापरवाही के प्रति कटिहार रेल मंडल के अधिकारियों की उदासीनता खतरनाक संकेत दे रहा है। एस.ई.पी.के. अश्रि्वनी कुमार सहित रेलवे के अन्य अधिकारियों द्वारा रेल गुमटी के मामले में बरती गयी उदासीनता ने व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। जोगबनी सीमावर्ती क्षेत्र से लेकर पूर्णिया तक नक्सलियों के धीरे-धीरे पैर पसारने की बात सामने आने के बाद भी रेल प्रशासन के द्वारा किसी प्रकार एहतियात कदम उठाते नहीं दिखा। उधर, रेल गुमटी पर लापरवाही बरतने के मामले में रेलवे द्वारा जांच टीम तो गठित कर दी गयी लेकिन इस जांच सिर्फ कर्मचारियों या अधिकारी को भी घेरा जायेगा यह देखने वाली बात होगी।

पहले प्रकृति का कहर अब नकली खाद व्यवसायियों की नजर

अररिया। प्रकृति की कोप के कारण किसानों की गरमा फसल पहले ही मार खा चुकी है अब रबी फसल की बोआई शुरू होते ही एक बार फिर रसायनिक खाद के काला बाजारियों व दो नंबरी धंधेबाज सीमांचल में सक्रिय हो गये हैं। फिर नकली खाद-बीज बाजारों में बेचने की साजिश चल रही है। वर्षा के अभाव में किसानों के धान की फसल मार खा गयी। जिन खेतों में धान के पौधे लगे भी उसमें दाना नहीं आया, जिस कारण किसान हताश हैं। धान की क्षतिपूर्ति के लिए किसान गेहूं और मक्का से आश लगाए बैठे हैं। लेकिन सूचना अनुसार खाद के दो नंबरी धंधेबाज एक बार फिर सीमांचल क्षेत्र में सक्रिय हो गए हैं।
नकली खाद बेचकर ये धंधेबाज लखपति बनने की फिराक में हैं तथा उनके निशाने पर यहां के गरीब किसान हैं। भारत-नेपाल की सीमा पर स्थित अररिया, फारबिसगंज व सीमावर्ती कई बाजारों से रसायनिक खादों की कालाबाजारी चर्चा में रही है। सीमा पर एसएसबी व पुलिस द्वारा गत वर्ष भी कालाबाजारी के लिए जाते लाखों के रसायनिक खाद पकड़े गए थे। बावजूद कालाबाजारी पर रोक नहीं लगाया जा सका है। लेकिन हाल में नकली खाद बाजार में आने की सूचना से किसान पशोपेस में है। अररिया-पूर्णिया जिला की सीमा पर पूर्णिया पुलिस ने कुछ दिनों पूर्व ही नकली खाद बनाने की एक बड़ी फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। बायसी के पास इस फैक्ट्री में मिट्टी व रसायन मिलाकर नकली खाद तैयार किए जाते थे तथा उसे पूर्णिया के अलावा अररिया व फारबिसगंज में भेजे जाते थे। पुलिस फिलहाल जांच में जुटी है कि इस नकली खाद फैक्ट्री के संचालक के तार किस-किस से जुड़े हुए हैं।
ज्ञात हो कि गेहूं, मक्का व आलू की बोआई का समय लगभग एक साथ शुरू हो गया है। किसान बोआई की तैयारी में जुटे हुए हैं लेकिन शुरूआत में ही अररिया के खाद दुकानों पर से आवश्यक रसायनिक खाद नदारद हो गए हैं। किसानों को ब्रांडेड कंपनी के डीएपी और पोटाश खाद नहीं मिल पा रहा है, सो खाद के लिए मारमारी शुरू हो गयी है। लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक कोई एहतियाती कदम नहीं उठाया जा सका है। जानकार आशंका व्यक्त कर रहे हैं कि खाद दुकानदारों द्वारा जानबूझकर बाजार से ऐसे खाद को गायब कर दिया गया है ताकि बाद में उसकी कालाबाजारी की जा सके। खाद की किल्लत के कारण बाद में खाद के दो नंबरी व्यापारियों द्वारा नकली खाद की बिक्री किए जाने की योजना जानकारी सूत्रों ने दी है। हालांकि इस संबंध में जिला कृषि पदाधिकारी के जिला मुख्यालय से बाहर होने के कारण उनसे संपर्क नहीं हो पाया है, लेकिन खाद के दो नंबरी धंधेबाजों पर लगाम लगाने की आवश्यकता है।

विषाक्त भोजन खाने से एक दर्जन से अधिक बीमार

अररिया। बीते रविवार की रात्रि फारबिसगंज नगर में आयोजित एक भोज में शामिल एक दर्जन से अधिक लोग फूड प्वाजनिंग के शिकार हो गये। जिसमें तीन लोगों को सोमवार को रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिनका इलाज जारी है। रेफरल अस्पताल टिंकू सिंह, प्रमोद कुमार कस्टम आफिस चौक निवासी तथा सदर रोड निवासी अशोक गुप्ता का इलाज चल रहा है। हालांकि पुलिस ने उक्त मामले की जानकारी होने से इंकार किया है।
इस बाबत पीड़ित अशोक गुप्ता ने बताया कि बीते रात्रि सूरजमल घोसल व सुशील घोसल के घर पोते के विदेश से लौटने तथा उसकी शादी के उपलक्ष्य में भोज का आयोजन रखा गया था। जिसमें करीब दो सौ लोग शामिल हुए थे। लेकिन भोज के बाद एक दर्जन से अधिक लोगों को पेट दर्द, बुखार, सिरदर्द तथा दस्त की शिकायत होने लगी। उन्होंने बताया कहा कि घोसल परिवार के सदस्यों सहित अन्य पीड़ित अन्य जगहों पर इलाज करा रहे हैं। इधर रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. जेएन प्रसाद ने बताया कि जांच के बाद ही विषाक्त भोजन होने या नहीं होने की पुष्ट जानकारी हो पायेगी।

पिकअप वैन की चपेट में आने से किशोर की मौत

अररिया। रानीगंज-सरसी मार्ग पर कालाबलुआ चौक के समीप सोमवार को एक मोबाइल कंपनी की पिकअप वैन की चपेट में आने से तमघट्टी निवासी 12 वर्षीय मनोज कुमार टुड्डूू की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए अररिया भेज दिया है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार किशोर गांव से कालाबलुआ मेला घूमने अपने बहनोई राजेश कुमार मरांडी के यहां आया था। घटना के दिन वह चौक पर सड़क पार कर रहा था। तभी वह एक मोबाइल कंपनी की पिकअप वैन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत घटना स्थल पर ही हो गयी।

मोबाइल दुकान से एक लाख की चोरी

अररिया। शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। बढ़ती चोरी की घटना से आमजन परेशान हैं। रविवार की रात चोरों ने छुआपट्टी स्थित गुप्ता मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर का ताला तोड़कर एक लाख रुपये मूल्य का सामान चुरा लिया। पीड़ित ने इस संबंध में लिखित सूचना स्थानीय थाना को दी है।
सोमवार को दुकान मालिक अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि चोरों ने उनकी दुकान से एक एलसीडी मानीटर, कीमती मोबाइल सेट, ग्राहकों द्वारा मरम्मत के लिए दिए गए दो दर्जन मोबाइल आदि चुरा ले गये। दुकानदार ने बताया कि चोरी गयी सामानों का मूल्य करीब एक लाख दस हजार रुपये से अधिक है। श्री गुप्ता ने इसकी सूचना फारबिसगंज थाना पुलिस को दी है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गयी है। इधर, फारबिसगंज शहर व आसपास के क्षेत्रों में लगातार घट रही लूट व चोरी की बढ़ी घटनाओं से लोग चिंतित है। नगर परिषद के उप मुख्य पार्षद राज कुमार अग्रवाल ने पुलिस प्रशासन से इस पर अंकुश लगाने की मांग की हैI

एक ही रात चार दुकानों का ताला तोड़ डेढ़ लाख की चोरी

अररिया। प्रखंड क्षेत्र के कलियागंज बाजार में अज्ञात चोरों ने जमकर तांडव मचाया तथा एक साथ चार दुकानों का ताला तोड़कर नकदी सहित करीब डेढ़ लाख रूपये की संपत्ति चुरा ली। क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यवसायी व आम लोग दहशत में हैं। वहीं थानाध्यक्ष ने बताया है कि अभी तक किसी ने उन्हें चोरी की लिखित सूचना नहीं दी है। मिली जानकारी अनुसार प्रखंड के कलियागंज बाजार स्थित नाका के समीप शनिवार रात्रि अज्ञात चोरों ने धावा बोल कर एक साथ चार दुकानों को अपना निशाना बनाया। चोरों ने पहले विद्यानंद साह के आर.सी. कम्प्यूटर दुकान का ताला तोड़कर भीतर रखा कम्प्यूटर सेट व विडिओ कैमरा आदि चुरा लिया। इसके बाद चोरों ने महेन्द्र यादव की दवाई दुकान को निशाना बनाया तथा ताला तोड़कर दवाई व नकदी सहित करीब 20-25 हजार रूपये की सपंत्ति उड़ा ली। उसके बाद चोरों ने सिद्धो साह के किराना दुकान से किराना सामग्री व नगदी सहित करीब 20 हजार रूपये का सामान चुराया। उसी दुकान से सटे एक जूता दुकान से चोरों ने करीब दस हजार रूपये के जूते व नकदी आदि चुरा ली। चारों दुकानों से चोरों ने करीब डेढ़ लाख की नकदी व संपत्ति चुरा ली। चोरी की घटना से व्यवसायियों में दहशत व्याप्त है। वहीं स्थानीय मो. शकील, भोला साह सहित अन्य ने स्थानीय प्रशासन से पुलिस गश्त तेज करने की मांग की है। घटना की पुष्टि थानाध्यक्ष ने करते हुए बताया कि उक्त मामले में अब तक उन्हें लिखित सूचना पीड़ितों द्वारा नहीं दी गयी है।

सड़क दुर्घटना में पोलियो कर्मी की मौत

अररिया। सोमवार की सुबह पोलियो कार्य से जा रहे एक पोलियो कर्मी की दर्दनाक मौत रानीगंज-फारबिसगंज मार्ग पर डूमरिया गांव के निकट बस द्वारा कुचल दिए जाने के कारण हो गयी। शव को एम्बुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटना के बाद बस फरार हो गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जानकारी के अनुसार नरपतगंज प्रखंड के पलासी डुमरिया निवासी पोलियो कर्मी अजीत मंडल (22 वर्ष) निर्धारित स्थल फारबिसगंज कालेज अपनी साइकिल से जा रहा था। इसी बीच फारबिसगंज से रानीगंज की ओर जा रही एक तेज गति बस ने उन्हें कुचल दिया। जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। अजीत डुमरिया के सुरेन्द्र मंडल के इकलौता पुत्र बताया गया है। उसके पिता मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं तथा अजीत पढ़ाई के साथ पोलियो ड्राप पिलाने का भी काम करते थे। इकलौते बेटे की आकस्मिक मौत से पूरा परिवार शोक में डूबा हुआ है। मृतक के साथी भवेश ने पुलिस को बताया कि वह सड़क पर बांयी ओर से जा रहा था कि बस पीछे से ठोकर मारकर फरार हो गयी। पुलिस ठोकर मारने वाले यात्री बस को तलाश रही है।

सड़क दुर्घटना में मोटर साइकिल चालक की मौत, तीन जख्मी

अररिया। अररिया-फारबिसगंज उच्च मार्ग पर सोमवार की संध्या हड़ियाबाड़ा के निकट मोटर साइकिल एवं टेम्पो की टक्कर में मोटर साइकिल चालक खोखा फरियानी निवासी अमरजीत कुमार उर्फ मंगला की मौत हो गयी। जबकि चालक के एक अन्य सहयोगी नन्दन कुमार तथा टैम्पो पर सवार दो महिला यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी घायलों को चिकित्सा के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां से एक महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए पूर्णिया रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही आरएस ओपी अध्यक्ष धनंजय शर्मा, हड़िया पंचायत के सरपंच मो. अफरोज एवं अन्य ग्रामीण सभी घायलों एवं मृतक को अस्पताल पहुंचाकर उनके परिजनों को सूचना दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोटर साइकिल सवार भ्रातृ द्वितीया पर्व मनाकर फारबिसगंज की ओर से आ रहा था। हड़ियाबाड़ा बेरियर के निकट अररिया से यात्री लेकर जा रही एक टैम्पो से उसकी सीधी टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि मोटर साइकिल चालक की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। वहीं टैम्पो पर सवार मुड़बल्ला की अंजुमन एवं डोरिया की शबनम गंभीर रूप से जख्मी हो गयीI

Monday, November 8, 2010

अररिया रानीगंज : फिल्म कलंक की शूटिंग देखने उमड़ी भीड़

अररिया। रानीगंज प्रखंड के बसैटी गांव में एक हिन्दी फिल्म की शूटिंग कलाकारों ने की। जिसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। जब तक फिल्म की शूटिंग होती रही तब तक लोग वहां जमा रहे। फिल्म की शूटिंग के दौरान कोई बाधा उत्पन्न न हो इसके लिए बौंसी थाना पुलिस ने पुख्ता इंतजाम कर रखा था। फिल्म की शूटिंग से पूर्व कार्यक्रम का उद्घाटन नारियल फोड़ कर किया गया।
ज्ञात हो कि विवेक फिल्मस एण्ड म्यूजिक कंपनी दिल्ली के द्वारा निर्माणाधीन फिल्म कलंक के लिए बसैटी में सिरवा पोखर में स्नान करने तथा दुर्गा मंदिर प्रांगण में मारपीट का दृश्य फिल्माया गया। विवेक फिल्म एण्ड म्यूजिकल कंपनी दिल्ली तथा काजला दरबार नेपाल की संयुक्त यूनिट के निर्देशन पर फिल्म की शूटिंग किया गया। फिल्म में मुख्य खलनायक का किरदार बसैटी गांव के निवासी कालू आनन्द निभा रहे हैं। जबकि नेपाल की अभिनेत्री दिव्या कुंवर, चंद्रादहाल व हीरो की भूमिका लक्ष्मण देव निभा रहे हैं। वहीं समझाना दहाल ने आइटम डांस प्रस्तुत किया। आइटम डांस की शूटिंग पैक्स अध्यक्ष विमल किशोर सिंह के निवास स्थान पर फिल्माया गया। फिल्म कलंक का एक्सट्रा शाट का निर्देशन एके यादव व संतोष सरकार ने की। फाइट मास्टर राजेश लिप्चे, कैमरा मैन नरेश चौधरी, पावर कट्रोलर पवन शाह, मिथलेश आदिल सहित अन्य कलाकार उपस्थित थे। पिछले दो दिनों से चल रहे शूटिंग में बौंसी पुलिस के साथ-साथ स्थानीय युवक भी भीड़ को नियंत्रित करते देखे गये।
इधर, फिल्म के निर्देशक संतोष सरकार व एके यादव ने बताया कि फिल्म कलंक एक सामाजिक पिक्चर है। जिसमें यह दिखाया गया है कि जब किसी लड़की के माथे पर कलंक का टीका लगता है तो इस जमाने के लोग उसे किस नजरिया से देखते हैं। उन्होंने बताया कि इस फिल्म का मुख्य हीरो एमएस ठाकुर तथा साइड हीरो लक्ष्मण देव है। फिल्म में नायिका को जबरन तवायफ के कोठे पर भेज दिया जाता है। इसके बाद लड़की का क्या हश्र होता है उसे दर्शाया गया। इधर, फिल्म में काम कर रहे स्थानीय कलाकार बसैटी निवासी कालू आनन्द ने बताया कि उनकी हाल में सनम हिन्दी तथा लाजो, बेटा रखिहो अचरवा के लाज आदि भोजपुरी फिल्म रिलीज होने वाली है। इसके साथ ही उन्होंने कई बीडीओ एलबम भी बनाए जाने की बातें कही।

सदर अस्पताल: ऑपरेशन के अभाव में फिर गई एक गर्भवती की जान

अररिया। सरकार व प्रशासन के दावों के बावजूद सदर अस्पताल अररिया में व्यवस्था नहीं सुधर पाई है। एक बार फिर रविवार को अस्पताल में आपरेशन नहीं किये जाने के कारण एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा मचाया। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस व अस्पताल में तैनात पुलिस जवानों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
जानकारी के अनुसार प्रखंड क्षेत्र के बटुरबाड़ी निवासी मो. नसीम अख्तर की पत्‍‌नी बीबी नाहिदा रविवार को सुबह अस्पताल पहुंची। अस्पताल में डयूटी पर तैनात नर्स बार-बार उसे यह कहकर टालती रही कि थोड़ी देर में प्रसव हो जाएगा और न ही उसे भर्ती किया। जब महिला की स्थिति काफी नाजुक हो गयी तब नर्स ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। देखने के बाद डयूटी पर तैनात चिकित्सक डा. सुदर्शन झा ने तुरंत उसके परिजनों को महिला चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दिया। जब परिजन उसे महिला चिकित्सक के पास ले गए तो उन्होंने एक फिर उसे टालने के प्रयास किया। इस बीच काफी समय बीत गया तथा पीड़िता की स्थिति खराब होने लगी। बाद में किसी तरह महिला को सदर अस्पताल लाया गया लेकिन प्रसव कक्ष में जाने से पूर्व ही उसकी मौत हो गयी। महिला की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन आग बबूला हो उठे तथा अस्पताल में हंगामा मचाना शुरू कर दिया। तब पुलिस को सूचना दी गयी तथा उनके हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।

पुलिस ने बरामद की लूटी गयी ट्रैक्टर

अररिया। सिमराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगल विभाग के निकट शनिवार की संध्या तीन सशस्त्र अपराधियों द्वारा शिवपुरी मोहल्ला निवासी रवि कुमार राय की ट्रैक्टर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसी रात बरामद कर ली। प्राप्त जानकारी अनुसार अपराधियों ने गाड़ी संख्या बीआर 38बी 8477 लूट ली। घटना के बाद चालक जय प्रकाश नगर निवासी अनिल ऋषिदेव ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापामारी कर शनिवार की रात ही सिमराहा कालोनी के निकट पोखर के पास से लावारिश हालत में बरामद कर लिया। घटना के संबंध में चालक ने बताया कि तीन व्यक्ति ने उनके ट्रैक्टर को सिमराहा से सामान लाने के लिए भाड़ा पर लिया। सिमराहा जाने पर तीनों देर संध्या तक टाल मटोल करते रहे और गाड़ी वापस ले जाने के लिए कहा। जाने के क्रम में जंगल के निकट उक्त तीनों अपराधियों ने आग्नेयास्त्र दिखाकर गाड़ी को रोकवाया और उसे मारपीट कर उलट दिया तथा गाड़ी लेकर फरार हो गये।

छापामारी में एक दर्जन शराबी धराये

अररिया। अनुमंडल पदाधिकारी जीडी सिंह ने शनिवार की देर शाम कई होटलोंमें छापामारी कर एक दर्जन शराबियों को हिरासत में लिया जिसे पूछताछ के बाद पीआर बांड पर छोड दिया गया। एसडीओ श्री सिंह के छापामारी अभियान से शराबियों तथा अवैध रूप से शराब बेचने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार अनुमंडल पदाधिकारी श्री सिंह शनिवार को देर संध्या बिना थाना को सूचित किए जोगबनी पहुंचे तथा विभिन्न होटल एवं चाय नाश्ता की दुकानों में छापामारी कर शराब की चुस्की ले रहे लगभग एक दर्जन लोगों को दबोचा। हिरासत में लिए गए युवाओं को एसडीओ के डंडे भी खाने पड़े। पूछताछ के बाद पीआर बांड बनाकर सभी को जोगबनी थाने से ही छोड़ दिया गया। छापामारी अभियान में एसडीओ के साथ फारबिसगंज अंचलाधिकारी भी मौजूद थे।