Monday, July 18, 2011

एपीपी हत्याकांड का अभियुक्त धराया

पलासी(अररिया) : पलासी थाना पुलिस ने पीपी हत्या कांड के अभियुक्त बुधलाल यादव को शनिवार को नाटकीय ढंग से पलासी बाजार से गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया। इस बाबत थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने बताया कि पुलिस को काफी दिनों से उसकी तलाश थी जो जेल में बंद विचाराधीन कैदी दिनेश राठौर ग्रुप का सक्रिय सदस्य है। शनिवार को उन्हें गुप्त सूचना मिली कि बुधलाल यादव पलासी में है जिसे गिरफ्तार कर अररिया थाना कांड संख्या 263/09 के तहत एपीपी देवू मिश्र हत्याकांड में न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया है।

यौन शोषण के आरोप में प्राथमिकी

रेणुग्राम : फारबिसगंज प्रखंड के औराही निवासी सविता देवी (काल्पनिक नाम) ने अपने ही गांव के राजकिशोर मंडल पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है तथा सिमराहा थाना में प्राथमिकी दर्ज करवायी है।
बाबाधाम के लिए रवाना
ेरेणुग्राम: सावन माह के शुरू होते ही कांवरियों का जत्था बाबा नगरी के लिए रवाना होने लगा है। रविवार को सिमराहा बाजार से दर्जनों की संख्या में कांवरिया देवघर के लिए प्रस्थान किये। जिसमें शिव कुमार गुप्ता, भोला गुप्ता, मनोज गुप्ता, संतोष गुप्ता, संतोष गुप्ता, सुरेन्द्र गुप्ता, पिंटू गुप्ता, मंटू आदि शामिल है।

अकीदत के साथ मनाया गया शब-ए-बरात

जोकीहाट(अररिया) : प्रखंड क्षेत्र में रविवार को अकीदत के साथ शब-ए-बरात का पर्व मनाया गया। इस अवसर पर मस्जिदों में मुस्लिम भाइयों ने पाक साफ होकर नमाज व अल्लाह की इबादत में लगे रहे। फातेहाखानी के तहत पूर्वजों के गुनाहों की माफी की मांग नमाजियों ने अल्लाह से की। रात कब्रिस्तान पहुंचकर पूर्वजों के कब्र पर दुआ ए खैर की रस्म अदा की गयी। इस दौरान जोकीहाट बाजार के जामा मस्जिद, चरघरिया, सिसौना, गिरदा, सिमरिया, काकन, बगडहरा, तारण, मटियारी, बारा इस्तम्बरार, प्रसादपुर आदि मस्जिदों में नमाज के दौरान नामाजियों की भारी भीड़ देखी गयी।

पूर्व प्रमुख के मौत पर शोक

जोकीहाट(अररिया) : जोकीहाट प्रखंड के पूर्व प्रमुख सह वयोवृद्ध समाजसेवी मो. नुरूद्दीन खां का शनिवार को मेडिकल कॉलेज कटिहार में इलाज के दौरान के मौत हो गयी। उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री सह जदयू के वरिष्ठ नेता मो. तसलीमुद्दीन ने कहा लगभग 20 वर्षो तक प्रखंड प्रमुख के रूप में कार्यरत रहे। स्व. खां एक कुशल समाजसेवी थे। जदयू विधायक सरफराज आलम ने कहा श्री खां एक स्वच्छ व पारदर्शी छवि के इंसान थे। उनके निधन से समाज को बड़ा नुकसान हुआ है। रविवार को जनाजे के नमाज के बाद उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव चिरह पंचायत के धनगांवा में दफनाया गया। इस दौरान उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए।

बच्चों व शिक्षकों ने निकाली जागरुकता रैली

कुर्साकाटा(अररिया) : रविवार को प्रखंड के लक्ष्मीपुर पंचायत में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर परिवार कल्याण पखवारा एवं जागरुकता रैली निकाली गई। आवासीय सेतु पाठयक्रम विद्यालय जागीर महेशखुूंट में बच्चों एवं शिक्षकों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गयी। इस रैली को लक्ष्मीपुर पंचायत के मुखिया जनसंख्या कम करने के उद्देश्य से इस रैली में बच्चों ने विभिन्न नारा देते हुए बैनर, पोस्टर हाथों में लिये गांवों के कई चक्कर लगाये। मुखिया श्री यादव ने कहा कि देश में बढ़ती आबादी पर आम लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस मनाया जाता है। लेकिन जिस अनुपात में जनसंख्या वृद्धि हो रही है आने वाले समय में उसका परिणाम घातक होगा। इस रैली में स्कूली बच्चों का नेतृत्व शिक्षक बसंत सिंह, मनोज यादव, उमानंद सिंह, नवीन यादव, विनय झा, सुबोध यादव, राजेश यादव आदि ने किया।

सम्मेलन की सफलता को लेकर तैयारी बैठक

अररिया : आगामी 23 जुलाई को पटना के विद्यापति भवन में आयोजित होने वाली बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी संघ गोप गुट के तीन दिवसीय सम्मेलन की सफ लता को लेकर अररिया शाखा के सदस्यों ने रविवार को एक बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता अवधेश प्रसाद कर्ण ने की। बैठक में जिला सचिव भुनेश्वर प्रसाद ने आये हुये सभी आनुसंगिक कर्मियों से सदस्यता अभियान की समीक्षा के उपरान्त सम्मेलन कोष एवं प्रेक्षक प्रतिनिधियों के भाग लेने पर विस्तार से चर्चा की। मौके पर 25 सदस्यों पर एक प्रतिनिधि प्रेक्षक जिला से भेजने पर आम सहमति बनी। बैठक में मुख्य रूप से माधव प्रसाद, अशोक कुमार वर्मा, मोहन कुमार सहनी, सोबानुल होदा, संजीव कुमार, लवकुश सिंह, मणि भुषण झा, रवीस यादव, विरेन्द्र यादव, राजेन्द्र पासवान, श्रीलाल साह, रामनाथ पासवान, संजय कुमार दास, अभिमन्यु पोदर, कृष्ण मुरारी सहाय, सुभाष भगत, अवधेश कुमार कर्ण आदि मौजूद थे।

Sunday, July 17, 2011

सभी के सहयोग से रूकेगा मानव व्यापार: डेरेक ग्लास

फारबिसगंज(अररिया) : पुलिस प्रशासन सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों तथा स्थानीय समुदाय के सहयोग से मानव व्यापार पर अंकुश लगाया जा सकता है। भारत नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर महिलाओं की तस्करी की रोकथाम के लिए आंद्रा इंडिया भविष्य में और भी कई कार्यक्रम चलायेगा जिसमें स्थानीय पुलिस प्रशासन, एसएसबी व अन्य एजेंसियों तथा स्थानीय समुदाय की भागीदारी भी सुनिश्चित की जायेगी। यह बातें अंतरराष्ट्रीय स्तर की संस्था आंद्रा इंडिया के कंट्री हेड सह संस्था के राष्ट्रीय कार्यक्रम कार्यकारी निदेशक डेरेक ग्लास ने होटल ग्रिन प्लाजा में एक प्रेस वार्ता में कही। दक्षिणी अफ्रीकी निवासी श्री ग्लास ने कहा कि भारत नेपाल की खुली लंबी सीमा से नेपाल से भारत में महिलाओं, लड़कियों की ट्रैफिकिंग होती रही है जिसको लेकर संस्था काफी समय से फारबिसगंज जोगबनी सहित अन्य इलाकों में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन, आरपीएफ, एसएसबी से मानव तस्करी रोकने की दिशा में नये कर्यक्रम के तहत वार्ता चल रही है। जबकि सीमावर्ती जोगबनी शहर के विभिन्न वार्डो में जागरूकता अभियान चलाकर मानव तस्करी पर रोक लगाने का शीघ्र कार्यक्रम चलाया जायेगा। इसके तहत शीघ्र ही पुलिस को भी प्रशिक्षण दिया जायेगा। श्री ग्लास क्षेत्र में आंद्रा के चल रहे स्टाप ह्यूमन ट्रैफिकिंग कार्यक्रम तथा गरीबी उन्मूलन की दिशा में हो रहे प्रयासों को देखने यहां पहुंचे हुए थे। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र का भ्रमण भी किया। उन्होंने कहा कि आंद्रा इंडिया अब नेपाल में चल रहे आद्रा नेपाल के साथ समन्वय बिठाकर मानव व्यापार पर रोकथाम के लिए काम करेगा। श्री ग्लास के साथ आन्द्रा के कार्यक्रम पदाधिकारी राजन पाइदीमाला, प्रोजेक्ट निदेशक राकेश कुमार शर्मा, अभय श्रीवास्तव, अमर गुप्ता, अभिषेक आदि मौजूद थे। उन्होंने दुधमूंहे बच्चों को दूध पिलाने के लिए नेपाल से महिलाओं की हो रही तस्करी की सूचना की दिशा में भी काम करने की संभावना की बात श्री डेरेक ने कही।
बाक्स
बिहार में विकास से अब दूर हो रही लोगों की भ्रांतियां: डेरेक ग्लास
-आंद्रा इंडिया के कंट्री हेड स्टाप ट्रैफिकिंग की समीक्षा को पहुंचे फारबिसगंज
फारबिसगंज(अररिया),जासं: दक्षिणी अफ्रीकी निवासी सह आंद्रा इंडिया के कंट्री हेड डेरेक ग्लास को बिहार की विकास रास आयी है। श्री ग्लास ने कहा कि बिहार में अब विकास हो रहा है जो काबिले तारीफ है। श्री ग्लास आद्रा संस्था द्वारा सीमावर्ती क्षेत्र में मानव व्यापार के रोकथाम के लिए चलाये जा रहे कार्यक्रम की समीक्षा करने फारबिसगंज पहुंचे थे। बिहार के बारे में पूर्व में कई भ्रांतिया सुनने के बाद पहली बार बिहार पहुंचे डेरेक ग्लास ने कहा कि यहां अब निवेश हो रहा है। विकास के काम चल रहे हैं। यही कारण है कि पहले की तरह बिहार से अब पलायन नहीं हो रहा है। उन्होंने बिहार और यहां के लोगों की तारीफ की। श्री डेरेक ने कहा कि बिहार में बदली सकारात्मक परिस्थिति के कारण ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की संस्थाएं यहां आकर काम कर रही है और यहां के लोगों का भरपूर सहयोग भी मिल रहा है।

सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण

कुसियारगांव(अररिया) : शनिवार को सदर अस्पताल अररिया का औचक निरीक्षण रोगी कल्याण समिति सदस्य सह पूर्व चेयरमैन हंसराज प्रसाद ने किया। उन्होने अस्पताल में भर्ती रोगियों से मिले तथा अस्पताल में मिलने वाली सुविधा के बारे में जानकारी प्राप्त की। वहीं आउट सोर्सिग में साफ सफाई, भोजन में और सुधार लाने की बात कही। श्री प्रसाद ने अस्पताल प्रबंधक विकास कुमार से अस्पताल के बारे में विस्तृत जानकारी ली। वर्षो से बंद पड़े ईसीजी मशीन, अल्ट्रासाउट, डेंटल चेयर, टेक्नीशियन की कमी के कारण आम लोगों को यह सुविधा नहीं मिल पा रही है। बहुत जल्द रोगी कल्याण समिति की अगली बैठक में इस पर चर्चा की जायेगी। इसके लिए अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह, विधायक जाकिर अनवर, जोकीहाट विधायक सरफराज आलम से अस्पताल में बेहतर सुविधा मुहैया कराने के लिए टेलीफोन पर वार्ता की। अस्पताल परिसर से हो रही साइकिल चोरी, अस्पताल प्रांगण में टैंपू स्टैंड पर अंकुश लगाया जायेगा।

29 को होगा जिला योजना समिति सदस्यों का चुनाव

अररिया : जिला योजना समिति सदस्यों के चुनाव की तैयारी शुरू कर दी गयी है। राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी डीएम को पत्र लिखकर 29 जुलाई को चुनाव कराने का निर्देश दिया है। आयोग के सचिव अहिभूषण पांडेय द्वारा जारी पत्र में चुनाव को नियमों को पूर्ण रूप से दर्शाया गया है। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि 29 जुलाई को होने वाले चुनाव की सूचना सभी निकाय व जिला परिषद सदस्यों को 22 जुलाई तक निर्गत कर दिया जाये। इस संबंध में जिला पंचायती राज पदाधिकारी विधान चंद्र यादव ने बताया कि अररिया में जिला परिषद सदस्यों की संख्या 30 है। उन्होंने बताया कि अररिया में 24 जिला परिषद सदस्य योजना समिति सदस्य के रूप में निर्वाचित होंगे। श्री यादव ने बताया कि चुनाव के लिए तैयारी शुरू कर दी गयी है। इस निर्वाचन के निर्वाची पदाधिकारी डीएम होंगे तथा निर्वाचन स्थल चयन का अधिकार भी डीएम को ही है। 24 सदस्यों में 12 महिला सदस्यों का चयन किया जाना है। जबकि शेष 12 सदस्य सामान्य कोटि से निर्वाचित होंगे। 29 जुलाई को होने वाले चुनाव के दिन हाल में प्राधिकृत कर्मी, 30 जिप सदस्य व अधिकृत अधिकारी ही प्रवेश कर सकेंगे। आयोग ने पत्र में स्पष्ट किया है कि चुनाव के पश्चात मतपत्र को सीलबंद कर पूर्ण प्रतिवेदन 5 अगस्त तक आयोग के सुपुर्द करें। इधर जिला योजना समिति सदस्य पद के लिए जिला परिषद सदस्यों के बीच गहमा गहमी का दौर चालू है। हालांकि गत 13 अगस्त का जिप सदस्यों के अनौपचारिक बैठक में 24 सदस्यों के चयन के लिए जिप अध्यक्ष को अधिकृत कर दिया है। लेकिन देखना यह है कि प्रशासन को चुनाव की नौबत आती है या सर्वसम्मति से 24 सदस्य पद का चयन होना है।

पुल निर्माण नहीं होने पर ग्रामीणों ने अभियंता व संवेदक का पुतला फूका

जोकीहाट(अररिया) : प्रखंड के चौकता पंचायत के कुड़िया धार में आरइओ 2 के अधीन मुख्यमंत्री सेतु अंतर्गत पुल निर्माण में विलंब को लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने कार्यपालक अभियंता एम कुमार एवं संवेदक हरिमोहन विश्वास का पुतला दहन किया। पुतला दहन कर रहे युवा राजद के प्रखंड अध्यक्ष मो. शरीफ, सरपंच अब्दुल रहमान, सैय्याद आदि का कहना था कि विभाग द्वारा पुल निर्माण में देरी के कारण लगभग दस हजार लोगों जिला व प्रखंड मुख्यालय जाने में नाव का सहारा लेना पड़ता है। शुक्रवार को इसी धार में नाव डूब गयी जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को पुतला दहन किया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष भी इस धार में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गयी थी।
इस संबंध में पूछने पर कार्यपालक अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि बरसात के तुरंत बाद पुल निर्माण कार्य पूरा कर लिया जायेगा तथा देरी के कारण संवेदक पर कार्रवाई होगी। संवेदक हरिमोहन विश्वास का कहना था कि 25 मार्च को पुल निर्माण के लिए एग्रीमेंट हुआ है। फिर 15 मई को वर्षा के कारण उक्त स्थल पर पानी भर गया जिससे कार्य बाधित हो गया।

सीडीपीओ के फर्जी हस्ताक्षर से हजारों की पोषाहार राशि की निकासी

फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र के करीब आधा दर्जन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए आवंटित पोषाहार की हजारों की राशि सीडीपीओ का फर्जी हस्ताक्षर कर निकासी कर ली गई है। फारबिसगंज सीडीपीओ ए बरवां ने बताया है कि वे एक सप्ताह पूर्व ही इस संबंध में रजिस्टर्ड डाक से लिखित शिकायत फारबिसगंज थाना एवं आरक्षी अधीक्षक को भेज चुकी हैं। हालांकि थानाध्यक्ष सुबोध ठाकुर ने ऐसा कोई आवेदन मिलने से इंकार किया है। साथ ही इस दिशा में अभी तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई है। करीब दो माह पुराने इस फर्जी निकासी मामले की सीडीपीओ ए बरवां ने पुष्टि तो की है लेकिन विस्तृत ब्यौरा देने से इंकार कर दिया। इधर अररिया जिला प्रोग्राम पदाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने भी सीडीपीओ के फर्जी हस्ताक्षर कर अवैध तरीके से निकासी करने के मामले की सूचना से ही इंकार किया। श्री सिंह ने कहा कि फर्जी निकासी की सूचना उन्हें नहीं दी गयी है। तत्कालीन थानाध्यक्ष अनिल कुमार के अनुसार करीब एक माह पूर्व सीडीपीओ ए बरवां करीब आधा दर्जन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए आवंटित राशि का उनका फर्जी हस्ताक्षर कर निकासी की शिकायत करने फारबिसगंज थाना पहुंची थी लेकिन आवेदन देने से पीछे हट गई थी। जिसके बाद आवेदन डाक के माध्यम से थाना को भेजने की बात सीडीपीओ द्वारा बतायी जा रही। जानकारी अनुसार ए बरवां का स्थानांतरण हो चुका है और सिमराहा में होने वाले सामाजिक अंकेक्षण कार्य के कारण ही वे प्रभार छोड़ नहीं पायी। हालांकि किन आंगनबाड़ी केंद्रों की राशि निकासी की गई है, इस संबध में सीडीपीओ ने चुप्पी साध ली।

प्रशिक्षण शिविर में बढ़ती महंगाई पर चर्चा

पलासी(अररिया) : प्रखंड मुख्यालय स्थित डाक बंगला प्रांगण में शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं की एक बैठक प्रखंड भाजपा अध्यक्ष नंदलाल मंडल की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। बैठक में मुख्य रूप से केंद्र सरकार की नीति के कारण बढ़ती महंगाई, कालेधन की वापसी, भ्रष्टाचार सहित किशनगंज में आगामी 23 जुलाई से 25 जुलाई तक होने वाले सीमांचल सह कोसी प्रमंडल के प्रखंड भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण शिविर को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी।इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सह प्रखंड प्रभारी डा. जागेश्वर ठाकुर, जिला मंत्री सुधीर भगत, अनुरंजन ठाकुर, शोभा, बिहारी ठाकुर, जगन्नाथ झा आदि मौजूद थे।

फारबिसगंज में सुशासन को चुनौती दे रहे अपराधी

फारबिसगंज : फारबिसगंज में बढ़ रहे आपराधिक वारदातों से आमजन दहशत में है। सुशासन एवं भयमुक्त माहौल में लोगों को जीवन यापन करने का आश्वासन देने वाली सरकार की मंशा को यहां के अपराधी चुनौती दे रहे हैं। अपराधियों के बेलगाम कृत्य से लोगो में दहशत का माहौल बना हुआ है। पिछले कुछ माह के दौरान चोरी, डकैती, छिनतई, गोलीकांड व हत्या से पूरे नगर वासी दहशत में हैं। खासकर व्यापारियों में अपनी सुरक्षा को लेकर भय का माहौल अब भी कायम है। वहीं पुलिस के वरीय अधिकारी शीघ्र सफलता प्राप्त करने का आश्वासन दे रहे हैं। जानकार बताते है कि पुलिस आखिर घटनाओं के बाद ही इतनी सक्रियता क्यों दिखाती है। अगर पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ नगर में पेट्रोलिंग आदि करे तो कई घटनाओं को समय रहते रोका जा सकता है।

शिविर का आयोजन

पलासी: प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को बीडीओ उपेंद्र सिंह की देखरेख में विकास शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें पिछले महीने ओलावृष्टि के कारण प्रभावित 188 कृषकों के बीच चेक का वितरण तथा 179 लाभुकों के वृद्धापेंशन का पीपीओ वितरण किया गया।

शब-ए-बारात आज, तैयारी में जुटे अकीदतमंद

अररिया : हालांकि शब-ए-बारात की तारीखों को लेकर इस वर्ष थोड़ी कन्फ्यूजन जरूर हो गयी है। कुछ लोग शनिवार को ही शब-ए-बारात मना रहे हैं। लेकिन ज्यादातर लोग रविवार को शब-ए-बारात मनायेंगे। शब-ए-बारात को लेकर विभिन्न इबादतगाहों, मदरसों, खानकाओं, मजारों और कब्रिस्तानों की सफाई, रंगाई, पोताई का कार्य तेजी से चल रहा है। अररिया स्थित मुख्य कब्रिस्तान खलीलाबाद में सफाई और रोशनी की मुकम्मल व्यवस्था कब्रिस्तान इंतजामिया कमेटी द्वारा कराया जा रहा है, ताकि अकिदतमंदों को रात में कब्रिस्तान जाने से परेशानी न हो। साथ ही कुछ नौजवान तंजीमों द्वारा जगह जगह शरबत और चाय की मुफ्त व्यवस्था की गयी है। कई घरों में खास तौर से तरह तरह के हलुआ व मिठाईयां बनायी जा रही है। खास तौर से महिलाओं एवं बच्चों में इस रात इबादत के लिए विशेष उत्साह दिख रहा है। पूरे जिले में शब-ए-बारात मनाये जाने की जानकारी मिल रही है।

दो झुलसे

पलासी : प्रखंड मुख्यालय स्थित अपने आवास पर शुक्रवार की रात चाय बनाने के दौरान गैस टंकी के लीक होने पर लगी आग से दो व्यक्ति घायल हो गये। घायल कामेश्वर मांझी व सुकदेव राजवंशी का उपचार पीएचसी पलासी में कराया गया। मौके पर मौजूद चिकित्सक डा. जहांगीर आलम ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है।

मेरे गुरुदेव महादेव एलबम का लांचिंग आज

फारबिसगंज(अररिया) : नगर के उभरते गायक कलाकार पंकज मतवाला का नया एलबम 'मेरे गुरू महादेव' का लांचिंग रविवार को नगर परिषद कार्यालय परिसर में आयोजित एक समारोह में किया जायेगा। समारोह में कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। नगर के वार्ड संख्या सात निवासी शिवा मरीक के पुत्र पंकज ने इससे पूर्व कई स्टेज कार्यक्रम में जलवा बिखेर चुका है। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र के जाने माने गीतकार अमन राजा द्वारा लिखित गीतों को एलबम भुतवा के भुतनी से प्यार हो गइल में भी अपनी आवाज दी है। लांच होने वाले उनके भोले बाबा को समर्पित एलबम में कुल 9 गानों को रखा गया है। आगामी दिनों कई अन्य एलबम भी आने की जानकारी पंकज मतवाला ने दी।

मामूल विवाद को ले मारपीट

पलासी(अररिया) : प्रखंड के घाट बेलबाड़ी निवासी मो. सलीम द्वारा चाय दुकान में उधार चाय नहीं पिलाने पर हुए विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। मामले को लेकर पलासी थाना में दोनों ओर से नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।

एक दिवसीय धरना 19 को

सिकटी(अररिया) : महंगाई एवं भ्रष्टाचार व युपीए सरकार के विरूद्ध एक दिवसीय धरना प्रदर्शन 19 जुलाई को प्रखंड भाजपा कार्यकर्ता प्रखंड क्षेत्र बरदाहा बाजार स्थित किसान घर में किया जायेगा। इसकी जानकारी भाजपा प्रखंड अध्यक्ष रामकुमार झा उर्फ मुन्ना ने दी। धरना प्रदर्शन में प्रखंड के सभी पंचायत अध्यक्ष व प्रखंड के वरिष्ठ कार्यकर्ता सहित जिले से भाजपा कार्यकर्ता भाग लेंगे।

राज ठाकरे का बयान दुर्भाग्यपूर्ण: भाजपा

फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज नगर भाजपा अध्यक्ष रघुनंदन प्रसाद साह ने मनसे प्रमुख राज ठाकरे के उस बयान की निंदा की है जिसमें मुंबई की घटनाओं के लिए बिहार और उत्तर प्रदेश वासियों को जिम्मेवार ठहराया गया है। श्री साह ने जारी बयान में कहा है कि मनसे प्रमुख का बयान उनकी विकृत मानसिकता का परिचय देता है। ऐसा लगता है जैसे मुंबई शहर भारत का एक हिस्सा नहीं बल्कि उनकी खासा जागिर हो। श्री ठाकरे इस बात को भूल गये कि मुंबई शहर में समृद्धि के पीछे उत्तर भारतीयों का भी उतना ही योगदान है जितना महाराष्ट्र वासियों का। श्री साह ने उनके बयान को दुर्भाग्यजनक और निंदनीय करार दिया है। उन्होंने कहा कि इससे देश को विखंडित करने के प्रयास में लगी राष्ट्रविरोधी शक्तियों का मनोबल ऊंचा होता है।