Monday, November 8, 2010
भू-विवाद में मारपीट,दो महिला सहित आधा दर्जन जख्मीं
अररिया। प्रखंड के पिपरा पंचायत में भू-विवाद को लेकर रविवार को दो पक्षों में हुए मारपीट में दो महिला सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गये। घायलों में एक पक्ष के तीन लोगों को रेफरल अस्पताल मे भर्ती करवाया गया है। दोनों ही पक्षों द्वारा जोगबनी थाने में इसकी सूचना देने की बात बतायी गयी है। घायलों में एक पक्ष की रेबून मुस्मात (55वर्ष), उनका पुत्र मो. फिरोज(30 वर्ष) तथा पुतोहू नाजमा खातून(25वर्ष) का इलाज रेफरल अस्पताल में चल रहा है। इस बाबत पीड़ितों ने बताया कि अपने खेत में धान की फसल कटने के बाद हल चलवा रहे थे कि इसी बीच रियाज मन्नान बेचन मियां अपने परिजनों के साथ आकर उन लोगों के साथ जमकर मारपीट की। कहा कि मारपीट करने वाले करीब एक दर्जन लोगों में महिलाएं भी शामिल हैं। उक्त घटना पिपरा पंयायत के वार्ड नं. 13 की है। इधर दूसरे पक्ष के भी कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है।
Sunday, November 7, 2010
नशेड़ियों के हवाले रेलवे गुमटी,अधिकारियों ने साधी चुप्पी
अररिया। रेलवे गुमटी पर पिछले दिनों जिस तरह की लापरवाही उजागर हुई है उससे रेलवे के अधिकारियों पर भी सवाल उठने लगे हैं। कटिहार-जोगबनी रेल खंड के फारबिसगंज सुभाष चौक स्थित केजे 65 तथा केजे 63 पर नशे की हालत में पकड़े गए दोनों गेटमैन में से एक केजे 65 के गेटमेन सुरेन्द्र पांडेय को निलंबित कर जांच टीम गठित की गयी है। रेलवे अधिकारियों द्वारा अपनायी गयी दोहरी नीति रेलवे कर्मचारियों व लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं काफी समय से केजे 65 गुमटी के गेटमेन द्वारा शराब पीने से लेकर बेटे से रेलवे का कार्य करवाया जा रहा था, जिसकी जानकारी रेलवे के अधिकारियों को भी थी। इसकी पुष्टि रेलवे के एसईपीके अश्रि्वनी कुमार ने की है। गेटमेन ने तो यहां तक कहा कि अश्रि्वनी कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारियों द्वारा उसकी बिगड़ती स्थिति को देखते हुए बेटे से सहयोग लेने और थोड़ी मात्रा में डयूटी के समय शराब पीने की मौखिक अनुमति दी गयी है। अश्रि्वनी कुमार ने फारबिसगंज एसडीओ के समक्ष कहा था कि गेटमेन के बेटे द्वारा रेलवे गुमटी पर काम करने की जानकारी उन्हें थी। तो क्या लापरवाही की जानकारी के बावजूद इस पर रोक नहीं लगाना सोची-समझी साजिश थी। सवाल उठता है कि रेलवे के अधिकारियों द्वारा जानकारी के बावजूद इसे रोकने के प्रयास क्यों नहीं किया गया? काफी समय से एक ऐसे युवक के द्वारा रेलवे फाटक लगाने से लेकर रेलवे के फोन को रिसीव किया जा रहा था, जिसे रेल कार्य का एबीसी तक नहीं आता। ऐसे में कभी कोई बड़ी रेल दुर्घटना हो जाती तो इसके लिए आखिर कौन जिम्मेवार होता? स्वाभाविक तौर पर ऐसे मामलों में छोटे कर्मचारी ही बलि का बकरा बनते हैं। गेटमेन के बेटे राजीव कुमार के द्वारा रेलवे गुमटी पर स्टेशनों से आने वाले फोन का रिसीव किए जाने के बावजूद स्टेशनों पर किसी ने यह सुधि नहीं ली कि आखिर कौन दूसरा व्यक्ति है जो फोन रिसीव कर रहा है। यहां तक कि सहायक स्टेशन मास्टर ने भी लापरवाही बरतते हुए संवेदनशील मामले से किनारा कर लिया। हैरत की बात है कि कटिहार से नियमित रूप से रेलवे के अधिकारी विभिन्न बिंदुओं की जांच इस रेलखंड पर करने के लिए दौरा करते हैं। कटिहार के अधिकारियों ने भी मामले पर विशेष ध्यान नहीं दिया। औपचारिकताओं तक ही रेल अधिकारियों का काम सिमट कर रह गया। यह स्थिति है भारतीय रेल के कटिहार मंडल की। हजारों रेल यात्रियों की जान के साथ लापरवाही पूर्वक खिलवाड़ किया जाता है। वरीय अधिकारी बच निकलते है और छोटे कर्मचारी की बलि चढ़ जाती है।
पटाखा बनाने के दौरान विस्फोट, युवक जख्मी
अररिया। फारबिसगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत परवाहा पंचायत में दीपावली की रात अवैध तरीके से पटाखा बनाने के दौरान विस्फोट होने का मामला प्रकाश में आया है। घटना में पटाखा बनाने वाला करीब पचीस वर्षीय एक युवक के गंभीर रूप से जख्मी होने की सूचना है। बताया जाता है कि उक्त युवक का दोनों हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया है। परवाहा गांव निवासी घायल युवक का इलाज पूर्णिया अस्पताल में किये जाने की सूचना है। इधर फारबिसगंज पुलिस ने मामले से अनभिज्ञता जाहिर की है। हालांकि बताया गया है कि पटाखा से उक्त युवक जख्मी हुआ है। घटना परवाहा हाट स्थित एक शराब दुकान के समीप हुई बतायी जाती है
गबन के आरोप में तीन प्रधानाचार्य समेत चार शिक्षक निलंबित
अररिया। सरकारी राशि गबन करने के आरोप में शिक्षा विभाग ने जिले के तीन प्रधानाध्यापकों तथा एक पूर्व हेडमास्टर सहित कुल चार शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। इन शिक्षकों पर विद्यालय भवन निर्माण की राशि गबन करने का आरोप है। इसके अलावा संबंधित बीईओ को आरोपी शिक्षकों पर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। जिला शिक्षा अधीक्षक अहसन द्वारा जारी आदेश के अनुसार रानीगंज प्रखंड क्षेत्र के प्रावि बैजनाथपुर के हेडमास्टर रमेश पासवान को विद्यालय चारदीवारी निर्माण की राशि गबन के मामले में सस्पेंड किया गया है। जबकि भरगामा प्रखंड क्षेत्रान्तर्गत प्राथमिक विद्यालय विषहरिया के प्रधानाध्यापक मनीष कुमार, पलासी प्रखंड क्षेत्रान्तर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय रुपैली श्यामपुर के शिक्षक सह पूर्व एचएम मो. इब्राहिम तथा नरपतगंज प्रखंड के मध्य विद्यालय देवीगंज के प्रअ मंगल चन्द्र साह को भवन निर्माण की राशि निकासी कर भवन नहीं बनाने के आरोप में निलंबित किया गया है। जारी आदेश के अनुसार सभी निलंबित शिक्षकों का मुख्यालय अलग-अलग प्रखंड के बीआरसी में बनाया गया है। इस संबंध में डीएसई अहसन ने बताया कि इस दायरे में और कई हेडमास्टर व शिक्षक आ सकते हैं।
दहेज के खातिर विवाहिता को जलाने का प्रयास,प्राथमिकी
अररिया। देहज उत्पीड़न का मामला जिले में थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुर्साकांटा थाना में विवाहिता कविता देवी ने एक आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है।
थाने में दिए आवेदन में पीड़िता कविता झा ने उल्लेख किया है कि उनकी शादी हिन्दू रीति-रिवाज के साथ मार्च 2009 में महेशखूंट गांव निवासी मिसरीलाल सिंह के पुत्र दिनेश सिंह से हुई थी। शादी के समय तेगछिया निवासी नरेश सिंह ने सामर्थ्य के अनुसार अपनी पुत्री को उपहार दिया था। लेकिन इधर पीड़िता एक मोटर साइकिल व रंगीन टीवी को लेकर ससुराल वालों द्वारा आये दिन उसे मारपीट व प्रताड़िता किया जा रहा था। पीड़िता ने बताया कि पति दिनेश सिंह अपने परिजनों के साथ मिलकर किरासन तेल छिड़कर जलाने का प्रयास किया। इस संबंध में पीड़िता कविता देवी ने पति दिनेश सिंह, सास बुचिया देवी, गोतनी गीता देवी, भगिनी बबिता देवी समेत आठ लोगों के खिलाफ कुर्साकांटा थाना में कांड संख्या 124/10 दर्ज कर न्याय की गुहार लगायी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पीड़िता ने पति पर अपने भाभी के साथ ही नाजायज संबंध होने का आरोप भी लगाया है। इधर, पीड़िता की सास बुचिया देवी ने भी उसे बदचलन होने का आरोप लगाते हुए कुर्साकांटा थाना में कांड संख्या 123/10 दर्ज करायी है। जिसमें पतोहू कविता देवी, व उसके माता-पिता समेत 13 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है। बुचिया देवी ने दर्ज प्राथमिकी में कहा है कि नामजद अभियुक्तों ने घर में घुस आये तथा मारपीट कर लूटपाट की।
इधर, थानाध्यक्ष राधा कृष्ण रजक ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला दहेज प्रताड़ना का लग रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।
मिलावट खोर हो रहे मालामाल और किसान बन रहे कंगाल
अररिया। यदि आप अपने खेतों में लहलहाते पौधों के साथ बलखाते दाना देखना चाहते हैं तो सावधान! सूत्रों की माने तो इस बार भी रब्बी सीजन में मुनाफाखोरों ने मिलावटी खाद-बीज व कीटनाशकों की एक बड़ी खेप को खपाने के लिए बाजारों में उतार रखी है। इस गोरखधंधे में शामिल मुनाफाखोर अनाप-शनाप दाम वसूल कर अपना तिजोरी भर खुद मालामाल हो रहे हैं तो दूसरी ओर किसान बेहाल व कंगाल बन रहे हैं। तब न कभी मक्का की बाली सूनी तो कभी धान के पौधों में दाना खाली। जो खाद-बीज में मिलावट या नकली होने की पुष्टि करता हैं। बताया जाता है कि इस धंधे में शामिल मुनाफाखोरों द्वारा नए बीज में पुराने बीज मिलाकर पैकिंग कर दिया जाता है। जिससे बीज का अंकूरण क्षमता कम हो जाती है। मिलावटी खाद भी बाजारों में खुलेआम बेची जाती है। डीएपी में पत्थरों के छोटे-छोटे गोल टुकड़े, यूरिया में नमक व पोटाश में लाल बालू मिलाकर उसे खपाया जाता है। इतना ही नहीं बल्कि जिले में सैकड़ों दुकानदार बिना अनुज्ञप्ति के इस गोरखधंधे में चांदी काट रहे हैं।
क्या कहते हैं किसान : रानीगंज प्रखंडाधीन पंचायत खरहट के प्रगतिशील कृषक डा. राजेश मंडल, अररिया प्रखंड अंतर्गत पंचायत कुसियारगांव के प्रगतिशील किसान, अशोक सिंह बताते हैं कि पिछले रब्बी सीजन में भी उन्होंने नियमानुकूल खेती की, लेकिन मक्का के बाली सूनी देख उनके साथ ही सैकड़ों किसानों के चेहरे पीले पड़ गये। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर बिना अनुज्ञप्ति के दुकानदार खाद-बीज अनाप शनाप मूल्यों पर धड़ल्ले से बेच रहे हैं। जो किसानों को कैसमेमो भी नहीं देते। इसके लिए किसान विभागीय अधिकारियों की सांठ-गांठ या उदासीनता को जिम्मेवार ठहराते हैं।
क्या कहते हैं जिला कृषि पदाधिकारी :- उक्त बाबत डीएओ वैद्यनाथ प्रसाद यादव बताते हैं कि शीघ्र ही जिले के सभी नौ प्रखंडों के कृषि पदाधिकारियों को ऐसे खाद-बीजों के नमूने एकत्रित करने व प्रयोगशाला में जांच कराने संबंधित प्रशिक्षण दिया जायेगा। शत-प्रतिशत गुणवत्ता नहंी पाए जाने पर उनके विरुद्ध ठोस व कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही छापा मारकर बिना अनुज्ञप्ति के खाद-बीज बेच रहे दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, डीएओ श्री यादव स्वीकारते हैं कि इस जिले के किसानों की मांग के अनुरूप सरकारी स्तरों पर खाद आपूर्ति कम मिल रही है। फलस्वरूप किसानों को बाजारों या बगल के जिलों पर निर्भर रहना पड़ता है। उन्होंने खाद की कालाबाजारी होने की बातें भी कही। इसे रोकने के लिए उन्होंने आवश्यक कार्रवाई करने की बातें भी कही।
धूमधाम से मनायी गयी चित्रगुप्त पूजा
अररिया। चित्रगुप्त महाराज की पूजा रविवार को शहर के कई स्थानों पर धूमधाम के साथ मनायी गयी। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने कलम-दवात की पूजा अर्चना की। शहर के थाना मोहल्ला, चित्रगुप्त नगर, खरैया बस्ती आदि स्थानों पर कायस्थ परिवारों ने प्रतिमा स्थापित कर विधि विधान के साथ पूजा-अर्चना की। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर पूजा अर्चना की। इस बीच थाना मोहल्ला में भगवान चित्रगुप्त महाराज की प्रतिमा स्थापित कर श्रद्धा भाव से पूजा की गयी। इस अवसर पर मंटु, सागर, राजा, कुंदन, विनीत प्रकाश, विवेक, अमर कु. वर्मा, बौआ, ऋषु, राकेश आदि कायस्थ परिवार आदि अन्य लोग पूजा को सफल बनाने में सक्रिय दिखे।
करंट लगने से निजी मिस्त्री की मौत
अररिया। गत शनिवार को नहर किनारे बिजली की पोल पर काम कर रहे एक निजी मिस्त्री चन्द्रदेई निवासी मो. वाजुद्दीन को करंट लग गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गए। घायल वाजुद्दीन को इलाज के लिए एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत शुक्रवार को हो गयी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। शनिवार की देर संध्या तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी थी। आरएस ओपी पुलिस के अनुसार इस मामले में किसी भी व्यक्ति को नामजद अभियुक्त नहीं दर्शाया गया है। बताया जाता है कि उक्त प्राइवेट मिस्त्री एक ठेकेदार के लिए पोल वायरिंग का काम कर रहा था।
हर्षोल्लास के साथ मनी दीवाली, रात भर रही पटाखों की गूंज
अररिया। प्रकाश पर्व दीपावली, कालीपूजा व लक्ष्मीपूजा को ले शुक्रवार को जिले में धूम मची रही। पारंपरिक उत्साह के साथ मिठाईयों का स्वाद, पटाखे की गूंज और दीपों की कतार, ऐसा प्रतीत हुआ कि यह त्यौहार हर रोज आये। वहीं, जिला मुख्यालय सहित दर्जनों स्थानों पर असुर विनाशिनी मैया काली व धन की अधिष्ठात्री जगन्माता लक्ष्मी की पूजा पूरी निष्ठा व श्रद्धा के साथ संपन्न की गयी। दीपावली की संध्या लोगों ने एक दूसरे को पर्व की बधाई दी तथा जम कर मिठाईयां खायीं। एसएमएस से बधाई देने का सिलसिला भी जोरों पर रहा। इस अवसर पर लोगों ने अपने अपने घरों की साफ सफाई के अलावा उसे रंगोली व दीप मालिका से सजाया। रेडीमेड रंगोलियों का आकर्षण भी खास रहा। शहर में दुकानें भी खूब सजी संवरी नजर आया। पर्व को ले मुस्लिम भाई भी अपने हिंदु भाईयों को बधाई देने पहुंचे। अररिया शहर में नानू दा के नेतृत्व में मां खड्गेश्वरी काली मंदिर में मैया की पूजा आराधना, भजन, हवन व बलि प्रदान खास आकर्षण रहे। भारी संख्या में भक्तों की भीड़ काली मंदिर में सुबह तक जमी रही।
इस आयोजन में लोकगायक रमेश गोस्वामी व विद्यानंद सिंह ने मैया की आराधना के गीतों के गायन से हजारों श्रोताओं को बांधे रखा।
नशेड़ी गेटमेन की जगह काम कर रहा बेटा धराया
अररिया। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार रेल मंडल अंतर्गत कटिहार-जोगबनी रेलखंड के फारबिसगंज सुभाष चौक स्थित रेलवे गुमटी के गेटमेन को नशे की हालत में स्थानीय एसडीओ ने गुरुवार की देर संध्या पकड़ लिया। गेटमेन सुरेन्द्र पांडेय के पुत्र राजीव कुमार पांडेय को भी रेल का काम करते पकड़ा गया। मामले की सूचना फारबिसगंज एसडीओ गिरिवर दयाल सिंह के द्वारा रेलवे के अधिकारियों को तत्काल दी गयी। जिसके बाद स्थानीय रेल पुलिस द्वारा गेटमेन तथा उसके पुत्र को अपने कब्जे में लेकर फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में मेडिकल कराने हेतु ले जाया गया। जहां रेलवे चिकित्सक के द्वारा दूसरे दिन गेटमेट की जांच करायी गयी। चिकित्सक के द्वारा किलन चीट दे दी गयी। जबकि अधिकारियों के समक्ष शराब पीने की बात स्वीकार की गयी। फारबिसगंज स्टेशन अधीक्षक वी. पी यादव ने चिकित्सीय रिपोर्ट की बात बताते हुए कहा कि गेटमेन सुेरन्द्र पांडेय को निलंबित कर दिया गया है। जबकि पूरे मामले की जांच के लिए कटिहार के वरीय रेल अधिकारियों की टीम गठित की गयी है। गेटमेन ने एसडीओ सहित आरपीएफ प्रभारी वीसी राकेश तथा एसईपीके अश्रि्वनी कुमार के समक्ष अपनी स्वीकारोक्ति में कहा है कि तबीयत खराब रहने के कारण रेलवे के अधिकारियों के आदेश पर वे डयूटी के समय शराब पीते हैं तथा अपने बेटे को रेल गुमटी का काम करने के लिए साथ में रखते हैं। कहा कि अश्रि्वनी कुमार सहित सभी रेल अधिकारियों को मेरा सेहत खराब रहने और बेटे से सहयोग लेने की जानकारी है। इधर एसएस श्री यादव ने ऐसे किसी लिखित आदेश की जानकारी उन्हें नहीं है। मालूम हो कि इससे एक दिन पूर्व भी गेटमेट शराब के नशे की हालत में एसडीओ ने पकड़ा था।
अपराधी के घर से देशी कट्टा व चार जिंदा कारतूस बरामद
अररिया। नरपगंज थाना क्षेत्र के फरही कुण्डीलपुर गांव में सात मवेशी सहित डेढ़ लाख की डाकेजनी की घटना को अंजाम देने वाले रानीगंज थाना क्षेत्र के
कुख्यात गंगा यादव के घर से पुलिस ने दीपावली की पूर्व संध्या छापामारी कर देशी कट्टा एवं चार जिंदा कारतूस बरामद कर लिया। इससे पूर्व पुलिस ने गुरुवार को गंगा यादव के घर से लूटी गयी सभी सात मवेशी को बरामद कर लिया था। हालांकि इन दोनों छापामारी में गंगा यादव पुलिस को चकमा देने में सफल रहा परंतु इस सक्रिय मवेशी चोर को जल्द दबोचने की बात थानाध्यक्ष अरूण सिंह ने कही है। विदित हो कि नरपतगंज थाना कांड संख्या 241/10 में दर्ज घटना में गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर सात मवेशी सहित डेढ़ लाख की संपत्ति महादलित परिवार से लूट ली थी। क्षेत्र में मवेशी चोर के रूप में आतंक बने गंगा यादव द्वारा घटना को अंजाम देने की गुप्त सूचना पुलिस को लगी। रानीगंज आरक्षी निरीक्षक ललन पांडे, थानाध्यक्ष अरूण सिंह सहित पुलिस बल ने छापामारी कर घटना के 24 घंटे के अंदर लूटी गयी मवेशी को बरामद किया। विदित हो कि जिले के कई थानों में दो दर्जन से अधिक मवेशी लूट, डकैती व चोरी के मामले इस बदमाश के विरूद्ध दर्ज है। अपराधी प्रवृति को इसका बड़ा बेटा भी ग्रामीणों के द्वारा मारा गया था। जिसके आतंक से लोग तंग थेI
अपराधियों ने मोटर साइकिल छीनी
अररिया। दीपावली के दिन प्रखंड क्षेत्र के 17 नंबर सड़क पर अपराधियों ने एक मोटर साइकिल छीन ली। इस संबंध में पीड़ित ने स्थानीय थाना को लिखित सूचना दी है। पुलिस मोटर साइकिल बरामदगी के लिए छापामारी अभियान चला रही है।
ज्ञात हो कि शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे छातापुर अंचल निवासी राजकुमार सिंह अपने काली रंग की टीवीएस स्टार सिटी मोटर साइकिल (बीआर-5927)से जा रहे थे। नरपतगंज प्रखंड के बेलसण्डी गांव के निकट जैसे ही पहुंचे कि पूर्व से खड़े चार बदमाशों ने आग्नेयास्त्र का भय दिखाकर रोका तथा मोटर साइकिल छीन कर फरार हो गए। ज्ञात हो कि पिछले दिनों फरही गांव में अपराधियों ने भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया था। प्रखंड क्षेत्र में ताबड़तोड़ आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर अपराधियों ने पुलिस की नींद हराम कर दी है।
सर्पदंश से लड़की की मौत
अररिया। प्रखंड क्षेत्र के पोखरिया टोला बेहंगी में शनिवार को सर्पदंश से सुबोध कुमार सिंह की चौदह वर्षीय पुत्री सोनी कुमारी की मौत इलाज के दौरान सदर अस्पताल में हो गयी। परिजनों ने बताया कि सोनी कपड़ा साफ करने बकरा नदी गयी थी। नदी किनारे ही वह गिर पड़ी तो उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। डा. सुदर्शन ने बताया कि रोगी को देर से अस्पताल लाया गया, जिसके कारण सोनी के सारे शरीर में सर्प का जहर फैल गया था।
बनकोड़ा की आधी आबादी ने उठाया श्वेत क्रांति का बीड़ा
अररिया। समाज के बदलते आर्थिक परिदृश्य में शहरी महिलाओं के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं भी शिक्षा, व्यवसाय की दिशा में आगे बढ़ रही है जो ग्रामीण अर्थ व्यवस्था के सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती नजर आ रही है। जोकीहाट प्रखंड क्षेत्र में महिलाएं दुग्ध उत्पादन एवं पशुपालन कर पुरुषों के कदम से कदम मिलाकर अर्थोपार्जन कर रही है। पथराबाड़ी पंचायत के बनकोड़ा में महिलाओं की एक टीम ने ज्योति महिला सेल्फ हेल्प गु्रप बनाकर स्थानीय उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक शाखा जोकीहाट से ऋण लेकर दुग्ध उत्पादन कर परिवार का भरण-पोषण कर रही है। सहेली एवं उजाला स्वयं सहायता समूह के माध्यम से दर्जनों महिलाएं जोकीहाट बाजार में दुग्ध उत्पादन कर परिवार के विकास में योगदान तो कर ही रही है साथ-साथ समाज एवं गांव की कई महिलाओं को इस दिशा में प्रोत्साहित भी कर रही है।
बैंक के शाखा प्रबंधक मो. एहसानुल इस्लाम ने बताया कि महिलाएं-पुरुषों की अपेक्षा बैंक ऋण चुकाने में अधिक संवेदनशील होती है। श्री इस्लाम ने बताया कि ये महिलाएं आज दुग्ध उत्पादन कर काफी मुनाफा कमा रही है तथा बैंक ऋण भी समयानुसार अदा कर रही है।
उक्त सहायता समूह के सचिव कल्पना देवी एवं बानो खातून ने बताया कि दुग्ध उत्पादन ग्रामीण महिलाओं के लिए उपयुक्त पेशा है। आप घर के चारदीवारी के अंदर भी दुग्ध उत्पादन पशुपालन कर सकती हैं। बाहर जाने की हमें कोई जरूरत नहीं पड़ती है। बाजार में दुग्ध की कमी से लोग दूर-दूर से गांवों से दूध एवं दुग्ध पदार्थ खरीदते हैं। दूध की मांग हमेशा उत्पादन से अधिक होती है। इसलिए हमें दूध बेचने की चिंता नहीं रहती है। कल्पना देवी ने बताया कि आर्थिक तंगी से परिवार में तनाव बढ़ता है। पुरुष प्रधान समाज में महिलाएं अर्थोपार्जन की दिशा में अब भी आगे नही बढ़ेगी तो औरत और कमजोर पड़ जायेगी। प्रखंड क्षेत्र के चकई, केसर्रा, बागनगर, महलगांव, सिसौना, काकन, तारण, डूबा आदि पंचायत में सैकड़ों महिलाएं पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन कर पारिवारिक अर्थ व्यवस्था को मजबूती देने में सराहनीय भूमिका निभा रही है। प्रखंड कृषि पदाधिकारी अभिनन्दन सिंह ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने के कारण परती भूमि की कमी यहां नहीं रहती है, जिससे पशुओं को प्रचुर मात्रा में चारा नहीं मिल पाता है। बुद्धिजीवियों का कहना है कि सरकार इस दिशा में और भी सहयोग करे तो ग्रामीण अर्थव्यवस्था में तीव्र गति से विकास हो सकता है।
सड़क दुर्घटना में एक की मौत
अररिया। जोकीहाट-टेढ़ागाछ मार्ग पर मेहरू चौक के निकट शुक्रवार की देर संध्या एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर घर में घुस गया, जिससे चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल चालक कामेश्वर मंडल को इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गयी।
ट्रैक्टर चालक पलासी प्रखंड के धपड़ी गांव का निवासी बताया जाता है। वहीं इस घटना में मो. इसहाक के घर भी क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्यपरीक्षण के लिए भेज दिया हैI
आपसी विवाद को लेकर मारपीट, आधा दर्जन जख्मी
अररिया। प्रखंड के साहेबगंज गांव में दीपावली के दिन आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में आधा दर्जन लोग घायल हो गए, घायलों को इलाज के लिए पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सक ने दो को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया है। इस संबंध में दोनों ओर से नरपतगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। दर्जन प्राथमिकी में कहा गया है कि साफ-सफाई को लेकर दोनों ओर से मारपीट हुई थी। जिसमें दोनों पक्ष के आधा दर्जन लोग घायल हो गये। वहीं गीता देवी पति योगेन्द्र मंडल ने दिए आवेदन में आरोपियों द्वारा दो चक्र गोलियां दागने व साठ हजार की संपत्ति लूट लिए जाने व दो व्यक्ति को गंभीर रूप से जख्मी कर दिए जाने का आरोप लगायी है। गीता देवी ने आधा दर्जन से अधिक लोगों को नामजद किया है। जबकि दूसरे पक्ष ने थाना में दिए आवेदन में कहा है कि नामजद आरोपियों ने घर मे घूस कर लूटपाट किया तथा मारपीट कर परिवार के कई लोगों को जख्मी कर दिया। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।
Thursday, November 4, 2010
एलेवन क्रिकेट क्लब आठ विकेट से विजयी
अररिया। सर सैयद नगर अररिया में आयोजित अस्सबील चैलेंज ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे लीग मैच में गुरुवार को एलेवन क्रिकेट क्लब ने उस्मानिया क्रिकेट क्लब को 8 विकेट से हरा दिया। उस्मानिया क्लब की टीम ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में अपने सभी विकेट खोकर 86 रन बनाये। जवाब में एलेवन क्रिकेट क्लब ने मात्र दो विकेट गंवा कर निर्धारित लक्ष्य हासिल कर लिया। हालांकि शुरूआती दौर में एलेवन क्रिकेट क्लब की हालत खस्ता दिखी। महज 16 रनों के स्कोर पर ही इस टीम के दो बल्लेबाज आउट हो गये थे। लेकिन अहसन रेजा व तारिक मजहर ने तीसरे विकेट की साझेदारी में साठ महत्वपूर्ण रनों का योगदान कर टीम को डूबती नैया को मजधार से उबार दिया। अहसन रेजा एवं तारिक मजहर ने धुंधाधार बल्लेबाजी का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मैच में अम्पयार का दायित्व मो. मोहतसीम एवं हैदर हुसैन ने निभाया। जबकि मैच का आंखों देखा विवरण मुस्ताक अहमद ने प्रस्तुत किया। वहीं, टूर्नामेंट का संचालनतारिक मजहर ने किया।
जुआडि़यों की कट रही चांदी, पुलिस छापामारी बेअसर
अररिया। नरपतगंज पुलिस की लगातार छापामारी के बाद भी जुआड़ियों की चांदी कट रही है। दीपावली के अवसर पर नरपतगंज सहित आसपास के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जुआड़ियों अपना अड्डा जमाने लगे हैं। इन पर अंकुश लगाने के लिये पुलिस की हर कोशिश बेअसर साबित हो रही है। जितनी छापामारी पुलिस करती है उससे ज्यादा संरक्षण देने वाले हैं। जुए के अड्डों से ऐसे लोगों को भरपूर कमाई हो रही है।
सूत्रों की मानें तो इन जुआड़ियों को संरक्षण देने वाले दबंग लोगों को एक अड्डा चलाने पर एक रात में पांच हजार से दस हजार रूपया प्राप्त होता है। संरक्षण देने वालों को जुआड़ियों के लिए रात भर पीना खाना मुहैया कराने के नाम पर भी एक मोटी कमाई हो जाती है। नेपाल सीमा से लगे रहने के कारण नेपाल के भी कई जुआड़ी नरपतगंज में लाखो का खेल खेलते है।
बताते हैं कि कई ऐसे संरक्षण देने वाले दबंग हैं जो अपने निजी घरों में अड्डा चलाने से नहीं हिचकते।
इस संबंध में नरपतगंज थानाध्यक्ष टीपी सिंह ने बताया कि पुलिस की इस पर पूरी नजर है। उनके मुताबिक बिचौलियों और जुआड़ियों के संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा रही है जिससे इन जुआड़ियों और बिचौलियों में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि इस छापामारी का कोई असर होता नजर नहीं आ रहा।
सूत्रों की मानें तो इन जुआड़ियों को संरक्षण देने वाले दबंग लोगों को एक अड्डा चलाने पर एक रात में पांच हजार से दस हजार रूपया प्राप्त होता है। संरक्षण देने वालों को जुआड़ियों के लिए रात भर पीना खाना मुहैया कराने के नाम पर भी एक मोटी कमाई हो जाती है। नेपाल सीमा से लगे रहने के कारण नेपाल के भी कई जुआड़ी नरपतगंज में लाखो का खेल खेलते है।
बताते हैं कि कई ऐसे संरक्षण देने वाले दबंग हैं जो अपने निजी घरों में अड्डा चलाने से नहीं हिचकते।
इस संबंध में नरपतगंज थानाध्यक्ष टीपी सिंह ने बताया कि पुलिस की इस पर पूरी नजर है। उनके मुताबिक बिचौलियों और जुआड़ियों के संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा रही है जिससे इन जुआड़ियों और बिचौलियों में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि इस छापामारी का कोई असर होता नजर नहीं आ रहा।
प्रकाश पर्व दीपावली व कालीपूजा आज, उत्साह चरम पर
अररिया। प्रकाश पर्व दीपावली व असुर विनाशिनी मां काली की पूजा को ले उत्साह चरम पर है। धनतेरस के बाद जिले भर में लोग दीपावली व काली पूजा की तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। दोनों ही पर्व शुक्रवार की संध्या मनाये जायेंगे। काली पूजा को ले जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में दर्जनों स्थानों पर मां काली की प्रतिमा स्थापित की गयी है तथा प्रतिमा व पूजा स्थल को सुरूचि पूर्वक सजाया संवारा जा रहा है। खासकर जिला मुख्यालय में ऐतिहासिक मां खड्गेश्वरी काली मंदिर को बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया है। नानू दा के नेतृत्व में शशिकांत दुबे, शिवन पासवान, हीरा ठाकुर, श्री किशुन, नंद किशोर, अखिलेश कुमार दास आदि भक्तगण पूजा आयोजन को यादगार बनाने के लिये लगातार सक्रिय हैं। वहीं, दीपावली तथा लक्ष्मी पूजा को ले दीप, कलश, डाबा, धूपदानी व अन्य जरूरी सामानों की खरीद के लिये लोगों की भीड़ गुरुवार को भी लगी रही।
कटिहार कारा से कैदियों की वापसी की मांग
अररिया। गत अप्रैल माह में दीवार गिरने से मंडल कारा अररिया से कटिहार कारा में स्थनांतरित किये गये कैदियों की अब तक वापसी नहीं होने का मामला अब तुल पकड़ने लगा है। इंडियन मुस्लिम लीग अररिया ने जिला पदाधिकारी को एक मांग पत्र सौंपकर कैदियों को मंडल कारा में वापसी की मांग की है। जिला पदाधिकारी को सौंपे गये मांग पत्र में संस्था के अध्यक्ष असलम वेग ने कहा है कि कटिहार कारा में कैदियों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता है। साथ ही कैदियों से मुलाकात करने में उनके परिजनों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने जिला पदाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते कहा है कि तूफान में गिरे दीवार की मरम्मत के बाद कैदियों की वापसी होना था। इसके लिए अधिकारी एवं अभिकत्र्ता को जल्द ही निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया था। लेकिन सात माह बाद भी कैदी वापस नहीं हो पाये। ऐसी परिस्थिति में कारा कैदियों को काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है।
Subscribe to:
Posts (Atom)