Wednesday, February 16, 2011

विवाहिता को जलाकर मार देने का आरोप, प्राथमिकी दर्ज


कुर्साकाटा, (अररिया) : बराटपुर निवासी ललित मंडल ने प्रखंड के सोनामनी गोदाम थाना में अपनी पुत्री को ससुराल वालों द्वारा आग से जलाकर मार देने का आरोप लगाते हुए दामाद, समधी सहित छह व्यक्तियों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
जानकारी अनुसार बथनाहा थाना क्षेत्र के बराटपुर निवासी ललित मंडल अपनी पुत्री मीरा देवी का विवाह दो वर्ष पूर्व सोनामनी थाना क्षेत्र के नया टोला बीरबन निवासी सेमल मंडल के पुत्र फुलचंद्र मंडल से किया था। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार दामाद फुलचंद्र द्वारा 11 फरवरी 2011 को ससुर ललित मंडल से 40 हजार रूपये की मांग की थी। उन्होंने रूपये देने से असमर्थता प्रकट किया। उसी रात ससुराल वालों ने मीरा देवी को रात्रि में जलाकर मार डाला और शव को बिना सूचना दिये आनन फानन में दाह संस्कार कर दिया। मीरा देवी के पिता ने इस घटना को लेकर सोनामनी गोदाम थाना में कांड संख्या 20/11 दर्ज कर दामाद फुलचंद्र मंडल, श्वसुर सेमल मंडल, देवर लीलचंद मंडल, सास सरो देवी, जंगलू मंडल एवं सूर्यानंद मंडल के विरूद्ध हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज की है।

0 comments:

Post a Comment