Tuesday, June 19, 2012

नगर परिषद के नवगठित बोर्ड की पहली बैठक


फारबिसगंज (अररिया) : नगर परिषद फारबिसगंज के नवगठित बोर्ड की पहली सधारण बैठक नप कार्यालय में सोमवार को मुख्य पार्षद वीणा देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें कार्यपालक पदाधिकारी जीएन कापरी, उप मुख्य पार्षद मोती खान सहित सभी वार्ड के पार्षद उपस्थित थे।
इससे पूर्व नव निर्वाचित पार्षदों को फुल माला के साथ स्वागत किया गया एवं मुख्य पार्षद वीणा देवी द्वारा राष्ट्र पिता महात्मा गांधी, पं. रामदेनी तिवारी द्विजदेनी एवं स्व. अरविंद यादव के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। सभी पार्षदों द्वारा परिचय के उपरांत बैठक में कर वसूली को धारदार बनाने व अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में संविदा पर नियुक्त कर संग्राहकों के कार्य पर असंतोष व्यक्त किया। जबकि बरसात एवं शब-ए-बारात के मद्देनजर विशेष सफाई अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। वहीं 13वीं वित्त वर्ष की आवंटित 1 करोड़, 82 लाख रुपये के सरकार द्वारा वापस कर लिए जाने के मुद्दे पर भी चर्चा किया गया। जबकि पूर्व उप मुख्य पार्षद राज कुमार अग्रवाल द्वारा ट्रकों से वसूली एवं विगत वर्षो के अपूर्ण योजना का मुद्दा भी जोरदार ढंग से उठाया गया। इस हेतु श्री अग्रवाल ने एक निगरानी समिति गठन किए जाने का सुझाव भी दिया। मुख्य पार्षद वीणा देवी ने सभी अपूर्ण योजनाओं को एक माह में पूरा करने के निर्देश कनीय अभियंता विनोद कुमार को दिया। उन्होंने सभी पार्षदों को वीआरजीएफ एवं राज्य योजनाओं के तहत सूची उपलब्ध करवाने का आग्रह किया।
बैठक में पिंकी देवी, रंजू केसरी, कन्हैया गुप्ता, संजू देवी, अपर्णा देवी सुमन, मनोज ठाकुर, रीता राय, धीरज पासवान, सुनिता जैन, अनूप जायसवाल, राजा अली, मधु देवी, रूकसाना खातुन, रणविजय कुमार, गुंजन देवी, रजत सिंह, अनिल कु. सिंहा, तबस्सुम आरा, सप्तमी पाल, रंजीत राय आदि उपस्थित थे।

0 comments:

Post a Comment