Friday, April 20, 2012

खुली सीमा बनी राष्ट्रविरोधी शक्तियों की शरणस्थली


जोगबनी (अररिया), : भारत-नेपाल खुली सीमा राष्ट्रविरोधी शक्तियों की शरणस्थली बन गयी है। जिससे हथियार, ड्रग्स व मानव व्यापार के मुख्य केन्द्र बना हुआ है। इतना ही नही ऐसे तत्वों द्वारा नोमेंस लैंड को अतिक्रमित कर इन अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे है। सीमा क्षेत्र में बढ़ते इन अवैध कारोबार पर दोनों देश (भारत-नेपाल) के प्रशासन ने भी चिंता जाहिर करते हुए स्वीकारा है कि अपराधी अपराध कर सीमा पार कर जाते है।
भारत-नेपाल खुली सीमा होने के कारण यहां राष्ट्र विरोधी तत्वों के हौसले काफी बुलंद है। गत वर्ष नेपाल भंसार के पास नेपाल पुलिस द्वारा मोटर साइकिल सहित एक युवक को पिस्टल व दो मैगजीन के साथ गिरफ्तारी, एसएसबी ने 50 हजार के भारतीय जाली नोटों के साथ युवक का पकड़ा जाना तथा हाल के महीनों में 6 वर्षीय बच्चों के शरीर से भारी मात्रा में नशीली दवा का बरामद होना इस बात को बल प्रदान करता है कि सीमा क्षेत्र में किस तरह से राष्ट्र विरोधी तत्वों को नेटवर्क कार्य कर रहा है। इन तत्वों द्वारा सीमा क्षेत्र के सीधे व गरीब युवक व युवती को इन कार्यो में लगा बखूबी अंजाम दे रहे है। चूंकि ऐसे तत्वों पर सफेद पोश के कथित संरक्षण प्राप्त होने के कारण पुलिस बेबस हो जाती है।
सनद रहे इन सीमा का प्रयोग करते 5 अफगानी एवं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के हत्या का साजिश करता सिमरनजीत सिंह मान पकड़े गये थे इतना ही नही हाल के वर्षो में नेपाल के रास्ते भारतीय क्षेत्रों में जोगबनी के रास्ते प्रवेश करते मिर्जा खान को पूर्णिया में गिरफ्तार किया गया था। इससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि भारत-नेपाल का यह सीमा जोगबनी कितना संवेदनशील है।

आपदा जोखिम न्यूनीकरण को लेकर परिचर्चा


अररिया : विकास बिहार संस्था के सौजन्य से गुरुवार को रानीगंज मुख्यालय स्थित लालजी उच्च विद्यालय में एक दिवसीय परिचर्चा आयोजित की गई। परिचर्चा के माध्यम से इस परियोजना में बाल सुरक्षा समिति एवं बाल पंचायत द्वारा एक्शन प्लान बनाकर ग्राम सभा की योजनाओं में शामिल करने की सिफारिश की गई। साथ ही बाढ़ शरण स्थली एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों की स्थिति पर चर्चा भी की गई। इस परिचर्चा को इन्द्र देव राय प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर संस्था के विनीत श्रीवास्तव ने बताया कि रानीगंज प्रखंड के सात पंचायत के बीस गांव में सामुदायिक आधारित आपदा न्यूनीकरण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे है। मौके पर सुनिल कुमार, अनिल कुमार के अलावा कई पंचायत के मुखिया भी मौजूद थे।

पोलियो चक्र का बहिष्कार वापस

पलासी : प्रखंड क्षेत्र में पोलियो उन्मूलन अभियान से जुड़े पर्यवेक्षक व टीकाकर्मी अभियान के दूसरे दिन गुरुवार को वापस कार्य में लग गये। यह जानकारी प्रभारी डा. जहांगीर आलम ने दी। गौरतबल हो कि अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रखंड के पर्यवेक्षक व पोलियो टीका कर्मी ने प्रथम बुधवार को पोलियो चक्र का बहिष्कार किया था।

संदेह के आधार पर छह जापानी हिरासत में, मुक्त


अररिया : नेपाल के रास्ते अररिया में घुसे छह जापानी युवकों को सिमराहा पुलिस ने बुधवार की संध्या हिरासत में लिया है। तहकीकात के बाद चारों को मुक्त कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार उक्त चारों युवक काठमांडू टूर पर आये थे। काठमांडू से विराटनगर के रास्ते अररिया पहुंचे। सिमराहा के निकट उन लोगों को टैंपो खराब हो गया। आसपास के लोगों ने अंजान व्यक्ति समझकर पुलिस को सुचना दी। सूचना मिलते ही सिमराहा पुलिस छह युवक को हिरासत में लेते हुए नगर थाना ले आये। जहां गुरुवार को पूरी तहकीकात के बाद मुक्त कर दिया गया।

आशा कार्यकर्ताओं की बैठक

पलासीं: प्रखंड मुख्यालय स्थित पीएचसी प्रांगण में गुरुवार को आशा दिवस पर आशा कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गयी। जिसकी अध्यक्षता प्रभारी डा. जहांगीर आलम ने की। मौके पर डा. कुणाल शंकर, बीएमसी मो. मसरूर आलम, कमलानंद मंडल, बालेश्वर यादव आदि मौजूद थे। बैठक में पोलियो उन्मूलन चक्र की सफलता को लेकर व्यापक विचार विमर्श व नियमित टीकाकरण, जेबीएसवाई सहित आशा किट का भी वितरण किया गया। साथ ही पोलियो से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गयी।

एड्स से बचाव को लेकर संगोष्ठी


अररिया, : अररिया महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में गुरूवार को एड्स से बचाव विषय पर एक संगोष्ठी आयोजित की गयी। रेड रिबन क्लब से जुड़े सभी छात्र छात्राएं इस मौके पर मौजूद थे। एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी डा. अशोक पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि इस संगोष्ठी में एड्स के कारणों एवं बचाव पर चर्चा की गयी।
इस अवसर पर प्राचार्य डा. मुहम्मद कमाल सहित कालेज के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मी व छात्र छात्राएं उपस्थित थे।

भवन निर्माण शीघ्र पूर्ण करे, नहीं तो जेल: डीईओ



अररिया : गुरुवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय कक्ष में तीन प्रखंडो के वैसे स्कूल प्रधानाध्यापकों की बैठक बुलाई गई, जिन्होंने अग्रिम राशि उठाने के बावजूद भवन निर्माण का कार्य पूर्ण नही किया। इसकी अध्यक्षता डीईओ राजीव रंजन प्रसाद ने की। गुरुवार को नरपतगंज, फारबिसगंज व भरगामा के प्रधानाध्यापकों की क्लास डीईओ श्री प्रसाद ने अलग-अलग लगायी।
श्री प्रसाद ने साफ तौर पर कहा कि राशि उठाव के बावजूद स्कूल भवन का कार्य पूरा नहीं करने वाले प्रधानों को जेल जाना तय है। उन्होंने कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने को कहा है। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल को अररिया, जोकीहाट व रानीगंज, 24 अप्रैल को कुर्साकांटा, सिकटी व पलासी के एचएम की बैठक बुलाई गई है। मौके पर डीपीओ द्वय बसंत कुमार, विद्यानंद ठाकुर, जेई श्रीकांत विद्यार्थी आदि मौजूद थे।

मोटर साइकिल की ठोकर से टूटा पर्यवेक्षिका का पैर

जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड के आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिका निशात अफशां पोलियो उन्मूलन अभियान कार्यक्रम का डूबा और तारण से पर्यवेक्षण कर जोकीहाट लौट रही थी। इस दौरान तारण के निकट जोकीहाट की ओर से अररिया की ओर तेज गति से आ रही मोटर साइकिल की ठोकर से उक्त पर्यवेक्षिका बुरी तरह जख्मी हो गई और उनका एक पैर टूट गया। पर्यवेक्षिका के परिजन शलीम अजीज एवं अन्य की मदद से अररिया के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।

मैला आंचल की खासियत पर प्रदूषण ने लगाया ग्रहण


अररिया : नेपाल की अंतर्राष्ट्रीय सीमा से सटे अररिया जिले की उत्तरी सीमा बर्फीली चोटियों से सजी हिमालय की नीली पहाड़ियों के लिए विख्यात रही है। इसे मैला आंचल की इलाकाई खासियत माना जाता था। लेकिन वायु प्रदूषण के कहर ने इस खूबसूरत विशेषता को निगल लिया है। अब पूरे साल में बारिश के मौसम के बाद ही यह सुंदर दृश्यावली नजर आती है। वहीं, बड़ी संख्या में कार्यरत ईट भट्ठों, होटलों व वाहनों की हर रोज बढ़ी तादाद ने भी इस अभिशाप में बढ़ोतरी की है।
हालांकि जिले में कई लोग ऐसे भी हैं, जो बिना किसी तामझाम के प्रदूषण व पर्यावरण को बचाने की मुहिम में साइलेंट वर्कर की तरह काम कर रहे हैं। द्विजदेनी चेतना मंच के संस्थापक विनोद कुमार तिवारी व उनकी टीम में शामिल व्यक्ति ऐसे ही लोगों में हैं, जो विगत डेढ़ दशक से अधिक समय से आम जन के बीच पर्यावरण जागरूकता व वायु प्रदूषण के दंश से मुक्ति दिलाने को काम कर रहे हैं। उन्होंने इस दौरान तीन सौ से अधिक गोष्ठियां, कार्यक्रम व अभियान आदि का संचालन किया है। वहीं द्विजदेनी चेतना समिति के सौजन्य प्रखंड के विभिन्न स्कूलों में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किये गये हैं। पर्यावरण प्रेमी तमाल सेन के अनुसार ऐसे आयोजनों का सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
वृक्षों के लिए विख्यात रहे इस इलाके में लगातार पेड़ों की कटाई से न केवल यहां की हरियाली छिन गयी, बल्कि वायु प्रदूषण व पर्यावरण असंतुलन जैसे कुदरती प्रकोप का भी सामना करना पड़ा है।
बड़े बूढ़ों के अनुसार अतीत में अररिया जिले के गांवों से हिमालय की नीली पहाड़ियां व उनके टाप पर कंचन जंघा व एवरेस्ट आदि चोटियां साफ नजर आती थी। लेकिन सीमा के आरपार हजारों की संख्या खुली फैक्ट्रियों, चिमनी भट्ठों व वाहनों के प्रदूषण ने इस प्राकृतिक वरदान को समाप्त कर दिया है।
जानकारों की मानें तो वायु प्रदूषण केकारण वायुमंडल की स्वच्छता व दृश्यता बहुत कम हो गयी है। इसीलिए दूर की चीजें स्पष्ट नजर नहीं आती। वहीं, वायु प्रदूषण के कारण सांस जनित रोग भी लगातार बढ़ रहे हैं। युवा चिकित्सक डा. कुमार आनंद की मानें तो वायु प्रदूषण से सांस व एलर्जी के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
इधर, द्विजदेनी चेतना समिति के अध्यक्ष संजीव विश्वास व सचिव मनोज तिवारी ने बताया कि वायु प्रदूषण का अभिशाप निवारण उनकी कार्यसूची में सबसे ऊपर रहा है। इस अभिशाप को हरियाली के अस्त्र से ही दूर किया जा सकता है। इसीलिए उनके संगठन ने वृक्षारोपण को अपना प्रमुख कार्यक्रम बना लिया है।
वहीं, समिति के संस्थापक विनोद तिवारी के अनुसार वृक्षारोपण कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने, जल सरंक्षण, मृदा सरंक्षण आदि में भी मदद मिल रही है। खास कर स्कूली बच्चे पर्यावरण सरंक्षण के प्रति खूब जागरूक हुए हैं। उन्होंने बताया कि उनका यह अभियान जिले की खोयी हरियाली वापस लाने तक चलता रहेगा।

सरकार के आदेश पर भारी है प्राइवेट स्कूलों का फैसला


अररिया: माननीय सर्वोच्च न्यायालय के द्वारा शिक्षा का अधिकार कानून को भले ही संवैधानिक दर्जा दे दिया गया हो, पर इस एक्ट में विहित प्रावधानों को पालन किसी स्तर पर नही हो रहा है। चाहे वो सीओं के आरक्षण का मामला हो या फिर नामांकन के वक्त स्कूल का स्थानांतरण प्रमाण पत्र या जन्म प्रमाण की अनिवार्यता का विषय। अररिया जिले के स्कूलों का फैसला सरकार के आदेश पर भारी प्रतीत होता है। इस मामले में प्राइवेट स्कूल अग्रिम पंक्ति में खड़े है।
सरकार के द्वारा पहले नामांकन के समय जन्म प्रमाण पत्र या टीसी तथा अन्य समकक्ष कागजातों की अनिवार्यता संबंधी आदेश जारी किया था। परंतु बाद में एक बार फिर इस आदेश में कुछ संशोधन किया गया। सरकारी स्कूलों में तो बिना टीसी के नामांकन नही करने संबंधी निर्देश प्राप्त है, परंतु इस मामले में मात्र खानापूरी ही की जाती है। इस कारण सरकारी स्कूलों के कक्षा में आम तौर पर एक साथ एक वर्ग में अलग-अलग उम्र के बच्चे दिखाई देते हैं। यह समस्या का मूल कारण है टीसी या बर्थ सर्टिफिकेट की अनिवार्यता को समाप्त करना। अगर शिक्षा विभाग के अधिकारी स्कूलों को पड़ताल करें तो सारी सच्चाई सामने आ जायेगी। परंतु विडंबना यह है कि अधिकारी स्कूलों का निरीक्षण तो करते हैं पर इस मुद्दे पर पहल भी नही कर पाते हैं। प्राइवेट स्कूलों में तो ऐसे नियम ताक पर ही रख दिए जाते हैं। एक भी प्राइवेट स्कूल बच्चों के नामांकन के वक्त न तो बर्थ सर्टिफिकेट की खोज करता है और न ही टीसी का। गैर सरकारी स्कूलों में नामांकन सिर्फ पैसों के बल पर ही होता है। फारबिसगंज स्थित भद्रेश्वर के मिथिला पब्लिक स्कूल जैसे स्कूलों में भी जन्म प्रमाण पत्र या टीसी नही लिया जाता है। स्कूल की प्राचार्या पुतुल मिश्रा बताती है कि जन्म प्रमाण पत्र व टीसी को नामांकन के वक्त अनिवार्य नही माना जाता है। परंतु बिना जन्म प्रुफ के बच्चों का एडमीशन भी नही होता है। उन्होंने बताया कि बच्चे के अभिभावक इस संबंध में एक घोषणा पत्र देते हैं। वहीं ग‌र्ल्स आइडियल एकेडमी की शिक्षिका नगमा अख्तर की माने तो कुछ ऐसा ही नियम उनके स्कूल में भी है। मोहिनी देवी मेमोरियल स्कूल, ईस्टर्न पब्लिक स्कूल आदि भी अभिभावकों से घोषणा पत्र लेकर ही नामांकन करता है। जबकि आदर्श मवि बाजार, आदर्श मवि ककुड़वा आदि के प्रधानाध्यापक का कहना है कि बिना टीसी के नामांकन नही लिया जाता है।
इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी बसंत कुमार ने कहा कि अनिवार्यता खत्म कर दिया गया है। लेकिन यह भी सच है कि इन कागजातों के बिना नामांकन होने पर एक ही वर्ग में अलग-अलग बच्चे पढ़ रहे हैं। श्री कुमार ने कहा कि जांच होने पर ऐसे मामले सामने आ सकते है।

भू-विवाद : मारपीट में एक दर्जन घायल, प्राथमिकी

जोकीहाट (अररिया), : जोकीहाट थानाक्षेत्र के बारा इस्तबरार पंचायत अंतर्गत सिसुवा गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच गुरुवार को जमकर मारपीट हुई। मारपीट की इस घटना में दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोग जख्मी हो गये। जख्मियों को रेफरल अस्पताल जोकीहाट में एक पक्ष के राजेन्द्र पंडित, टोलाई पंडित, नागेन्द्र, विजेन्द्र, सीता देवी एवं भोलाई पंडित तथा दूसरे पक्ष के महेन्द्र पंडित, जागेश्वर पंडित, मायानंद, दयानंद, हीरा, रूक्मिणी देवी शामिल है। दोनों पक्षों की ओर से थाने में प्राथमिकी कराई गई है। थानाध्यक्ष टीपी सिंह ने मामले की पुष्टि की है। घटना को ले गांव में तनाव व्याप्त है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

जनचेतना स्वास्थ्य शिविर का आयोजन


अररिया : गरीब मजदूर एवं असहाय को स्वास्थ्य लाभ उपलब्ध कराने के लिए गुरुवार को रामपुर कोदरकट्टी पंचायत में जनचेतना स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने की। मौके पर सांसद ने नवनिर्मित पंचायत भवन का भी उद्घाटन किया।
इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए सांसद श्री सिंह ने कहा कि शिविर जनचेतना का माध्यम है। स्वास्थ्य के प्रति यदि लोग जागरूक रहेंगे तो उनका जीवन भी सुखमय होगा। क्योंकि स्वस्थ्य मनुष्य से ही स्वस्थ समाज की परिकल्पना साकार हो सकती है। मौके पर श्री सिंह ने सरकार द्वारा चलाये जा रहे ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन का लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर मुखिया राजेश कुमार सिंह ने शिविर को व्यवस्थित ढंग से चलाते हुए लोगों के बीच अपने विचार प्रकट किये। वहीं चिकित्सक डा. उदयभान सिंह, आयुष चिकित्सक डा. विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि शिविर में कालाजार, मलेरिया को चिह्नित करने के साथ साथ गर्भवती महिलाओं के भी स्वास्थ्य परीक्षण किये जा रहे हैं। वहीं शिविर में एएनएम व आशा कार्यकर्ताओं द्वारा परिवार नियोजन के इच्छुक महिलाओं का भी रजिस्ट्रेशन किया गया। मौके पर एएनएम रोशन आरा, मो. शमशाद आलम, लैब टेक्नीशियन मो. साकिब अहमद आदि मौजूद थे।

सीमा सुरक्षा चेतना यात्रा का आगमन आज

जोकीहाट (अररिया) : भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा चेतना यात्रा दल का आगमन शुक्रवार को जोकीहाट के जहानपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जायेगा। उक्त जानकारी यात्रा के सक्रिय सदस्य देवानंद मंडल ने दी। इस सीमा सुरक्षा चेतना यात्रा का उद्देश्य भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र पर आतंकवाद, भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाले असमाजिक तत्वों के विरुद्ध एकजुटता व सक्रियता का संदेश देना है। चेतना यात्रा का बहादुरगंज की ओर से अपने निर्धारित समय करीब 9 बजे सुबह जहानपुर दुर्गा मंदिर पहुंचने की जानकारी श्री मंडल ने दी। इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों लोग चेतना यात्रा के स्वागत को लगे रहेंगे। कार्यक्रम की पूरी तैयारी आयोजकों ने कर ली है। जहानपुर के बाद चेतना यात्रा मदनपुर की ओर प्रस्थान करेगी जहां दिन के करीब 11 बजे कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।

मारपीट: महिला सहित एक दर्जन जख्मी


कुसियारगांव (अररिया) : जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया। जिससे महिला सहित एक दर्जन से ज्यादा लोग बुरी तरह जख्मी हो गया। जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया है। घटना को लेकर सूचना अस्पताल प्रशासन द्वारा थाना को भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार जोकीहाट थाना क्षेत्र सिसवा गांव में मकान निर्माण कर रहे लोगों पर हमला किया गया जिससे दयानंद पंडित, जागेश्वर पंडित, रूकमनी देवी, मायानंद पंडित, हीरा लाल पंडित, महेन्द्र पंडित को हथियार से वार कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। दूसरी घटना महलगांव के पीटी डोमरिया में मो. राजू को पीटकर जख्मी कर दिया। अजमतपुर के अनवरी खातुन आदि लोग शामिल है जिसका इलाज चल रहा है वही चिकित्सक ने बताया कि दो लोगों को पूर्णिया जाने का सलाह दिया गया है।

वार्ता के बाद पोलियो कर्मी वापस लौटे काम पर


कुसियारगांव (अररिया), संसू: डब्लूएचओ के जिला पर्यवेक्षक व टीकाकर्मी गुरुवार को काम पर वापस लौट गये।
इस संबंध में पोलियो कर्मियों ने बताया कि गुरुवार को सिविल सर्जन, डीपीएम, एसएमओ डब्लूएचओ के डीपीओ एवं अन्य पदाधिकारी के समक्ष जिला पर्यवेक्षक एवं टीका कर्मी से वार्तालाप के क्रम में उन्होंने आश्वासन दिया है कि सात सूत्री मांगों में से यथा संभव पूरा किया जायेगा। शेष को उच्च पदाधिकारी के पास भेजा जायेगा, इन सभी बातों से सहमत होकर हम सभी अपने हड़ताल समाप्त करते हुए काला बिल्ला लगाकर गुरुवार को कार्य में लौट आये हैं। पर्यवेक्षक बीरबल कुमार, संजय कुमार, विकास कुमार, प्रताप ठाकुर, सुरेन्द्र कुमार यादव आदि ने बताया कि आश्वासन पर भविष्य में कोई पहल नही किया गया तो प्रदेश स्तर पर धरना प्रदर्शन करेंगे।

पोलियो कर्मियों का बहिष्कार वापस, लौटे काम पर

जोकीहाट (अररिया) : पोलियो उन्मूलन अभियान का बुधवार को प्रखंड के अधिकांश पर्यवेक्षकों आदि ने बहिष्कार किया था लेकिन सिविल सर्जन व पोलियो कर्मियों की वार्ता के बाद गुरुवार को सभी पर्यवेक्षक काम पर लौट आये। जोकीहाट के पर्यवेक्षक सैफुर्रहमान ने बताया कि किसी भी पोलियो कर्मियों को नही हटाने, पारिश्रमिक नही काटने आदि शर्त पर बहिष्कार वापस लिया गया। उन्होंने बताया कि सभी पर्यवेक्षक कार्य पर लौट आये हैं। इधर स्वास्थ्य प्रबंधक औवेश अहमद ने बताया कि गुरुवार को पोलियो उन्मूलन अभियान कार्यक्रम में पर्यवेक्षकों ने हाथ बंटाया।

महिला मरीज की मौत पर परिजनों ने काटा बवाल


कुसियारगांव (अररिया) : सदर अस्पताल अररिया में बुधवार की रात्रि एक महिला मरीज की मौत हो जाने के कारण परिजनों ने जमकर बवाल काटा।
आक्रोशित लोगों ने डा. शरद कुमार सहित स्वास्थ्य कर्मी मो. साबिर व योगेन्द्र पासवान के साथ भी बदसलूकी की। इस घटना के बाद अस्पताल में मरीजों के इलाज पर भी प्रभाव पड़ा, क्योंकि चिकित्सकों ने केवल इमरजेंसी मरीज का ही इलाज किया।
इधर, परिजनों का कहना था कि स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा विलंब से आक्सीजन दिया गया था, जिससे महिला की मौत हो गयी। वहीं प्रभारी डीएस डा. जेएन माथुर से पूछे जाने पर बताया कि महिला अस्पताल में आते ही दम तोड़ चुकी थी फिर भी उसे आक्सीजन लगाया गया। जब चिकित्सक ने मरीज को मृत घोषित कर दिया तो परिजन बिफर गये और डाक्टर का आला व ब्लड प्रेशर मशीन तोड़ डाला। उन्होंने बताया कि मामले में डाक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों की ओर से उन्हें मौखिक शिकायत मिली है, लिखित नही।
वहीं गुरुवार को इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डा.डीएनपी साह ने बताया कि घटना के समय व बाद में भी पुलिस को दूरभाष पर सूचना दिया गया पर कोई भी अस्पताल नही पहुंचा। वहीं अस्पताल प्रबंधक विकास कुमार ने बताया कि रात में चिकित्सक सहित स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बदसलूकी की गयी है पर प्रशासन से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गयी है।

दो युवतियों की मेडिकल जांच


कुसियारगांव: अलग-अलग थाना क्षेत्र से दो युवतियों को मेडिकल जांच के लिए पुलिस द्वारा सदर अस्पताल अररिया लाया गया। ये युवतियां प्रेम प्रसंग से जुड़े मामले से संबद्ध बतायी गयी।
तीन माडल केंद्र चयनित
अररिया: साक्षर भारत के तहत संचालित 218 लोक शिक्षा केन्द्र में से तीन लोक शिक्षा केन्द्र माडल केन्द्र के रूप में बनाया जायेगा। भारत सरकार के निर्देश पर अररिया जिला लोक शिक्षा समिति तीन माडल केन्द्रों का चयन कर रही है। यह जानकारी डीपीओ बसंत कुमार तथा साक्षर भारत के मुख्य कार्यक्रम समन्वयक प्रो. बीएन झा ने दी।

संविदा पर नियुक्त डाक्टर की सेवा समाप्त

कुसियारगांव : कांट्रेक्ट पर कार्यरत महिला चिकित्सक डा. मंतशा बिना सूचना के अस्पताल नही आने के कारण प्रभारी डीएस डा. जेएन माथुर ने कांट्रेक्ट समाप्त करने की बात कही है। बताया गया है कि इसकी सूचना सिविल सर्जन को भेज दिया गया है। साथ ही डीएस ने बताया कि कांट्रेक्ट पर कार्यरत किसी कर्मी के 15 दिन तक नही आने पर नियमानुसार उसकी सेवा स्वत: समाप्त हो जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि लंबी छुट्टी लेकर भागे रहने वालों से भी स्पष्टीकरण पूछा जा रहा है।

जनसहयोग: एक माह का अनाज देंगे अग्निपीड़ितों को


नरपतगंज (अररिया) : प्रखंड के नाथपुर कुर्मी टोला गांव में गेहूं थ्रेसिंग के दौरान लगी आग से जले अरमानों की राख पर अब जन सहयोग की मिसाल स्वरूप ले रही है। पीड़ितों के पक्ष में गांव वाले एकजुट हो गये हैं। कोई अपने हिस्से का बीपीएल अनाज दे रहा है तो किसी ने झोपड़ी खड़ी करने को बांस आदि की व्यवस्था की है।
सामान्य जीवन की शुरूआत हालांकि इन परिवारों के बीच अब भी एक कड़ी चुनौती है। लेकिन गांव के युवाओं ने अपने आंसू पोंछ कर पुनर्निमाण की पहल शुरू कर दी है। वे खुद गड्ढे कर आशियाना तैयार करने में जुट गये हैं।
कुर्मी टोला के सैकड़ों ग्रामीणों को मुखिया जयनारायण राय ने इकट्ठा कर विचार विमर्श किया। मुखिया ने यथासंभव पीड़ितों को वस्त्र व बर्तन दिए। टोला के बीपीएल परिवारों ने एक माह का गेहूं व चावल पीड़ितों को देने का निर्णय किया। वहीं, सुखी संपन्न लोगों ने आशियाना खड़े करने के लिए बांस दिये। इधर, कई मजदूरों ने मुफ्त में मजदूरी कर पीड़ितों का आशियाना बनाना शुरू कर दिया है।
मुखिया जयनारायण राय ने बताया प्रशासन द्वारा अभी तक अनाज व रुपये नही दिए गए हैं। प्रशासन जब आयेगा तब, ग्रामीणों ने मदद की ठान ली है।