Wednesday, January 5, 2011

विधायक की हत्या से भाजपा कार्यकर्ता स्तब्ध

अररिया : पूर्णिया के भाजपा विधायक राज किशोर केशरी की हत्या की खबर सुनते ही अररिया भाजपा कार्यकर्ताओं में स्तब्धता छा गयी। हत्या की खबर मिलते ही दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता पूर्णिया रवाना हो गये। वहीं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को होने वाली भारतीय जनता युवा मोर्चा की बैठक भी रद्द कर दी गयी। बैठक के लिये महिला महा विद्यालय के प्रागंण में जुटे कार्यकर्ताओं में खबर सुनते ही मायूसी छा गयी। इधर भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक कुमार भगत ने बताया कि श्री केशरी की हत्या हो जाने से पूर्णिया क्षेत्र में पार्टी को काफी क्षति पहुंची है। उन्होंने बताया कि श्री केशरी ने लंबे अरसे से भाजपा की सेवा करते हुये पार्टी को उपर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभायी। उन्होंने बताया कि स्व. केशरी न केवल पूर्णिया बल्कि अररिया, किशनगंज, कटिहार एवं आस-पास के जिलों में संगठन को आवश्यक निर्देश देकर एक सूत्र में बांधने का काम किया है। अध्यक्ष श्री भगत ने बताया कि श्री केशरी के हत्या जिस प्रकार से हुई वह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। उनके अहम योगदान को पार्टी कभी भी भुला नही सकती है।

0 comments:

Post a Comment