अररिया : जिले के स्वास्थ्य विभाग की कुव्यवस्था के विरोध में अनहद संस्था के बैनर तले बुधवार को समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय धरना दिया। धरना का नेतृत्व अनहद के वरीय कार्यकर्ता अब्दुल दैयान ने किया। धरना के उपरांत संस्था के शिष्टमंडल ने जिला पदाधिकारी को चार सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। मांगों में मुख्य रूप से जिले के सभी स्वास्थ्य व उप स्वास्थ्य केन्द्रों पर चिकित्सक, नर्स आदि की प्रतिनियुक्ति कर दवा वितरण कराने, प्रत्येक अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ चिकित्सक पदस्थापित करने, जनसंख्या के अनुसार डाक्टर का पद सृजित करने एवं अररिया प्रखंड के संदलपुर उपस्वास्थ्य केन्द्र व जोकीहाट के मलहरिया उपस्वास्थ्य केन्द्र को चालू करने की मांग शामिल है। धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरायी हुई है और स्थानीय सांसद विधायक को इसकी चिंता नहीं है। वक्ताओं ने कहा कि जिले के स्वास्थ्य विभाग में हो रहीे गड़बड़ी राज्य सरकार की पोल खोल रही है। मौके पर ओबेस यासीन, इजहार साबरी, डोली कुमारी, शबाना खातुन, अरशद हुसैन, कमर सुल्तान खान, मसूद अंसारी समेत दर्जनों अनहद कार्यकर्ता मौजूद थे।
Thursday, January 26, 2012
स्वास्थ्य विभाग की कुव्यवस्था के विरोध में अनहद ने दिया धरना
अररिया : जिले के स्वास्थ्य विभाग की कुव्यवस्था के विरोध में अनहद संस्था के बैनर तले बुधवार को समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय धरना दिया। धरना का नेतृत्व अनहद के वरीय कार्यकर्ता अब्दुल दैयान ने किया। धरना के उपरांत संस्था के शिष्टमंडल ने जिला पदाधिकारी को चार सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। मांगों में मुख्य रूप से जिले के सभी स्वास्थ्य व उप स्वास्थ्य केन्द्रों पर चिकित्सक, नर्स आदि की प्रतिनियुक्ति कर दवा वितरण कराने, प्रत्येक अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ चिकित्सक पदस्थापित करने, जनसंख्या के अनुसार डाक्टर का पद सृजित करने एवं अररिया प्रखंड के संदलपुर उपस्वास्थ्य केन्द्र व जोकीहाट के मलहरिया उपस्वास्थ्य केन्द्र को चालू करने की मांग शामिल है। धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरायी हुई है और स्थानीय सांसद विधायक को इसकी चिंता नहीं है। वक्ताओं ने कहा कि जिले के स्वास्थ्य विभाग में हो रहीे गड़बड़ी राज्य सरकार की पोल खोल रही है। मौके पर ओबेस यासीन, इजहार साबरी, डोली कुमारी, शबाना खातुन, अरशद हुसैन, कमर सुल्तान खान, मसूद अंसारी समेत दर्जनों अनहद कार्यकर्ता मौजूद थे।
गणतंत्र दिवस की तैयारी पूरी, तिरंगे को आज दी जायेगी सलामी
अररिया : गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारी पूरी कर ली गई है। जिले के मुख्य समारोह स्थल नेताजी सुभाष स्टेडियम अररिया में साफ-सफाई व रंग रोगन कर दिया गया है। स्टेडियम में जिला पदाधिकारी एम. सरवणन झंडोत्तोलन करेंगे। वहीं समाहरणालय, एसडीओ कार्यालय, डीईओ कार्यालय, जिला परिषद, नगर परिषद, एसडीपीओ कार्यालय, डीआरडीए, सदर थाना, अंबेदकर चौक, पुलिस लाइन सहित अन्य सभी सरकारी आफिसों में प्रात: 8 बजे झंडा फहराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही डीएम व एसपी द्वारा जारी संयुक्तादेश में तिरंगे के प्रति सम्मान देने का निर्देश दिया गया है। राष्ट्रीय झंडोत्तोलन स्टेडियम में 9 बजे किया जायेगा। इससे पूर्व 6 बजकर 45 मिनट पर प्रभात फेरी निकाली जायेगी। झंडोत्तोलन के वक्त स्टेडियम में विभिन्न संस्थानों का झांकी भी प्रदर्शित की जायेगी। झांकी प्रदर्शनी में श्रेष्ठ झांकी के चयन के लिए 5 सदस्यीय कमिटी का गठन किया गया है। जिसमें सिविल कोर्ट के एडीजे प्रथम, अनुमंडलीय अस्पताल के डीएस, जिला अवर निबंधक डा. एनके दास, व जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शामिल हैं। जबकि प्रभात फेरी के लिए निर्णायक मंडल में नप के ईओ राकेश कुमार झा, डीईओ राजीव रंजन प्रसाद, अधिवक्ता मो. ताहा तथा पत्रकार सुदन सहाय व एलपी नायक को नामित किया गया है।
26 जनवरी का कार्यक्रम6:45 बजे प्रात: प्रभात फेरी9:00 बजे प्रात: स्टेडियम में झंडोत्तोलन2:30 बजे अपराह्न- फैंसी मैच3:00 बजे अपराह्न- पुरस्कार वितरण
नहीं तलाशे जा रहे पारंपरिक ऊर्जा के विकल्प
अररिया : बिजली की बदहाली से हलकान अररिया जिले में संभावनाओं के बावजूद वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के विकास पर कार्य नहीं हो रहा है। बथनाहा के पास लघु हाइडेल प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन से उम्मीद जरूर बंधी है, पर बायो मास व बायो गैस आधारित ऊर्जा संयंत्रों के विकास को तवज्जो नहीं दी जा रही।
जिले में बिजली की बढ़ती जरूरतों के अनुरुप विद्युत आपूर्ति भी नहीं हो रही है। शायद इसी का नतीजा है कि लोगों को मुश्किल से चार घंटे ही बिजली मिल पाती है। उसमें भी वितरण व्यवस्था की खामी अक्सर सेंध लगा देती है।
इस जिले में बहने वाली परमान, बकरा, रतवा, कनकई, लोहंदरा व नूना जैसी नदियों पर छोटे डैम बना कर जिले की जरूरत से फाजिल बिजली उत्पन्न की जा सकती है। लेकिन बथनाहा के अलावा अन्य किसी स्थान पर पन बिजली यूनिट नही लगायी जा रही है।
जानकारों की मानें तो नदियों पर लघु डैम व बराज बना कर खेतों की सिंचाई व्यवस्था में भी कई आयाम जोड़े जा सकते हैं।
वहीं, पारंपरिक ऊर्जा के विकल्प की ओर तो सरकारी पहल हो ही नहीं रही। हालांकि जोकीहाट के बहरबाड़ी गांव में देसी पावर कोसी नामक संस्था द्वारा बायो मास आधारित ऊर्जा संयंत्र लगा कर एक राह जरूर दिखायी गयी है, लेकिन इस दिशा में सरकारी पहल नगण्य है। बहरबाड़ी संयंत्र के बारे में संस्था के निदेशक बुल्लु शरण ने बताया कि यह संयंत्र पूरी तरह इकोफ्रेंडली है और इसके गैसीफायर को चलाने के लिए गांव में बहुतायत से मिलने वाले ढैंचा प्लांट का इस्तेमाल किया जाता है। इससे न केवल बिजली मिलती है बल्कि इससे मिलने वाले गर्म पानी का इस्तेमाल धान को उबाल कर चावल तथा चूड़ा बनाने में किया जाता है और अंतत: उस पानी से खेतों की सिंचाई
की जाती है। ताज्जुब है कि बिजली की बदहाली के बावजूद बहरबाड़ी जैसे संयंत्र जिले में अन्य स्थानों पर भी लगाने की सरकारी पहल नहीं हो रही।
सोलर लाइटों को लेकर जिले में बड़ी राशि खर्च की गयी है। सूत्रों के मुताबिक इस मद में अब तक तकरीबन पांच करोड़ की राशि खर्च की जा चुकी है। लेकिन भ्रष्टाचार के दीमक ने सोलर लाइटों को रोशन होने से पहले ही गुल कर दिया है। अस्सी के दशक में सरकार द्वारा प्रारंभ की गयी बायो गैस व गोबर गैस परियोजनाओं का भी यही हश्र हुआ है। एक विकल्प पवन चक्की का भी है। विगत एक दशक से अररिया जिले में आंधियां लगातार आ रही हैं। इनसे जान माल की क्षति भी होती है, पर कुदरत के इस क्रोध को वरदान में तब्दील करने के लिए विंड मिल (पवन चक्की) जैसे विकल्पों पर अब तक विचार भी नहीं किया गया है।
नये मतदाताओं को दिलायी गयी स्वच्छ मतदान की शपथ
अररिया : राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर जिला मुख्यालय समेत अनुमंडल एवं प्रखंड मुख्यालयों में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाहरणालय में जहां डीएम ने नये मतदाताओं को वोटर आई कार्ड दिया वहीं अनुमंडल मुख्यालय में एसडीओ तथा प्रखंड कार्यालय में बीडीओ ने नये वोटरों को कार्ड दिया। समाहरणालय स्थित आत्मन कक्ष में आयोजित समारोह में सर्वप्रथम भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त वाई एस कुरैशी के देश के नाम अपील को सुनाया गया। मौके पर जिला निर्वाचन सह जिला पदाधिकारी एम. सरवणन ने कई नये मतदाताओं को पहचान पत्र दिया। साथ ही उपस्थित तमाम लोगों को जाति, धर्म, समुदाय से उपर उठकर बिना लोभ के मतदान करने की शपथ दिलाई। श्री सरवणन ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर अपने संदेश में कहा कि वोटर सिर्फ मतदान करने के लिए नहीं बनें बल्कि समाज को नई दिशा भी दें। वहीं जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार सिंह ने कहा कि हैदराबाद की तरह राज्य में भी शत प्रतिशत मतदाताओं को पहचान पत्र मुहैया कराना है। उन्होंने बताया कि अररिया में 92 प्रतिशत वोटर को कार्ड दिया जा चुका है। उन्होंने संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में बताया कि कुल 9 हजार 52 पुरुष 8031 महिला मतदाताओं को जोड़ा गया है। जिसमें 18-19 वर्ष के वर्ग में 3022 पुरुष व 2110 महिला वोटरों को कार्ड दिया जा रहा है। श्री सिंह ने बताया कि जिले के 1274 बूथों पर कार्ड वितरण किया जा रहा है। वहीं अररिया एसडीओ कार्यालय में अनुमंडल पदाधिकारी डा. विनोद कुमार ने भी नये मतदाताओं को कार्ड दिया तथा शपथ दिलायी। इस मौके पर अवर निर्वाचन पदाधिकारी अनिरुद्ध प्रसाद यादव, वरीय उप समाहत्र्ता इश्तियाक अंसारी, एडीपीआरओ योगेन्द्र कुमार लाल, रविशंकर सिंह, समेत कई अधिकारी व नये वोटर मौजूद थे।
मुजीबी को मिला आल राउंडर छात्र का खिताब
अररिया, : गर्ल्स आईडियल एकेडमी के 18वें स्थापना दिवस समारोह के मौके पर बुधवार को विशेष एवार्ड का भी वितरण किया गया। यह पुरस्कार प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष शगुफ्ता अजीम ने दिया। विशेष पुरस्कार में एलकेजी वर्ग के छात्र क्रिस अग्रवाल, यूकेजी के छात्रा हीरा फातिमा को बेस्ट का, अंकित आनंद व अल्मस रेजा को साफ-सुथरी छवि वाले छात्र का पुरस्कार दिया गया। वहीं स्पोर्टस बालक वर्ग में गुलशेर आलम व बालिका वर्ग में तलत शाहीन, नियमित छात्र का एवार्ड शैक मुख्तार को पुरस्कार मिला। जबकि रौनक प्रवीण को बेस्ट सांस्कृतिक प्रतिभागी का, अमन मंशीस को समाज सेवा, आलिया रिजवान को मिस स्माईल गर्ल, आज्ञाकारी छात्र अर्सलान मोहसीन, आज्ञाकारी छात्रा का मुनीर अंजुम को पुरस्कृत किया गया। जबकि अनुशासित छात्रा का आरजू प्रवीण, बेस्ट परफार्मर दानिया कौसर, आलम राउंडर छात्र का खिताब नशीत मुजीबी व आईडियल बालक इफ्तदा आलम व आइडियल बालिका निगार नाज को पुरस्कार मिला। इस मौके पर एमएम मुजीब भी मौजूद थे।
मेडिकल जांच को लायी गयी युवती
कुसियारगांव (अररिया) : लगभग डेढ़ माह पूर्व जबरन शादी करने के नियत से भगाई युवती को मेडिकल जांच के लिए मंगलवार को पुलिस द्वारा सदर अस्पताल लाया गया। वहीं इस संबंध में पीड़िता के पिता मो. यतीन के द्वारा चार लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के कांड संख्या 624/11 एफ दिनांक 19.12.11 के आधार पर चिकनी पंचायत के पीड़िता खालीदा जीया (काल्पनिक नाम) को गांव के मो. आताबुल सहित जाताबुल, मो. ऐसान व एक महिला को अभियुक्त बनाया गया है। वहीं पुलिस ने बताया कि युवती अपने परिजनों सहित थाना पहुंची और युवक फरार है।
भाजपा नेता ने किया सर्विस सेंटर का उद्घाटन
अररिया : भाजपा किसान सेल के प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण झा ने बुधवार को एनएच 57 पर महादेव चौक के निकट बजाज कंपनी के टीके मोटर्स सब डीलर सह आथराइज्ड सर्विस सेंटर का उद्घाटन करतल ध्वनि के बीच किया।
मौके पर श्री झा ने कहा कि इस तरह के सेल्स व सर्विस सेंटर खुलने से क्षेत्र में विकास की गति को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि
जिले में विभिन्न मोटर साइकिल कंपनियों के कई सेंटर लगातार खुले हैं। इससे यह साबित होता है कि नीतीश मोदी की सरकार के कार्यकाल में लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि राजग सरकार के सुशासन में पूरे प्रदेश में सड़कों की हालत बेहद सुधरी है। इसी का परिणाम है कि जगह जगह दोपहिया शोरूम खुल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पहले सर्विसिंग जैसे कार्य के लिए लोगों को पूर्णिया कटिहार जाना पड़ता था, लेकिन अब इस सेंटर के खुल जाने से लोगों को पैसे व समय दोनों की बचत होगी।
इस मौके पर प्रोपराइटर कुलदीप कुश ने कहा कि अब कंपनी द्वारा ग्राहकों को चार सर्विसिंग की सुविधा मुफ्त दी जायेगी। इसके अलावा नई गाड़ी की खरीद पर एक ट्राली बैग फ्री भी दिया जा रहा है। इस अवसर पर कुणाल रवि, प्रशांत कुमार डे, आलोक झा, पप्पू, अरविंद, राना, नौशाद आलम, फिरोज आलम सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।
फर्जी कागजात पर लाखों की ऋण निकासी
भरगामा (अररिया) : फर्जी जमीन के कागज पर प्रखंड के उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक शाखा वीरनगर से लाखों रुपये के केसीसी ऋण की निकासी करने का मामला प्रकाश में आया है। केसीसी ऋण आवंटन में कई भूमिहीन भी शामिल हैं। भाजपा जिला मंत्री संतोष सुराना ने पूर्व में ही जिला पदाधिकारी को आवेदन देकर मामले की पड़ताल करने की मांग की है। इधर, शाखा प्रबंधक ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। वहीं पुलिस कप्तान शिवदीप लांडे ने कहा कि जल्द ही बैंक द्वारा दिए गए ऋण के दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
श्री सुराना के अनुसार बैजूपट्टी वार्ड सं. चार निवासी मो. नईम से इंदिरा आवास दिलाने के नाम पर फोटो पहचान पत्र लेकर फर्जी तरीके से उसके नाम पर केसीसी ऋण निकाल लिया गया। वहीं, बैजूपट्टी निवासी वार्ड 04 मो. इशो की 15 वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। लेकिन उसके नाम पर मो. जलाल का पहचान पत्र लगाकर केसीसी ऋण निकाल लिया गया। उसी तरह विषहरिया निवासी मो. इलियास की पत्नी जैबुन निशा को जमीन नहीं रहने के बावजूद केसीसी खाता सं. 225 पर ऋण उठाव कर लिया गया। अमरूल हक, पिता मो. इदरीश, जन्नतपुर, विषहरिया को भी जमीन नहीं रहने के बावजूद उक्त बैंक से ऋण दिया गया है। इसी तरह करीब एक दर्जन से अधिक भूमिहीनों केसीसी ऋण देने की बात सामने आई है। भाजपा जिला मंत्री ने कहा कि पहली बार उक्त बैंक के शाखा प्रबंधक से 21.02.11 को केसीसी ऋण के खाताधारियों का खाता संख्या व नाम आरटीआई के तहत मांगा था। इसके बाद बैंक के महाप्रबंधक से भी 6.8.11 को आरटीआई के तहत ऋण खातेधारियों के नाम व खाता संख्या की मांग की। इस पर महाप्रबंधक ने पत्र संख्या एचओ/डीएडी/आरटीआई/04/011.12 नं. 29 दिनांक 20.08.2010 को रिजनल मैनेजर अररिया पत्र निर्गत कर उ. बिहार ग्रा. बैंक वीरनगर के ऋण धारियों का खाता सं. व नाम उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
माओवादी देश की जनता से कर रहे छल: सुजाता कोइराला
जोगबनी (अररिया) : माओवादी देश में अस्थिरता पैदा कर नेपाल की जनता के साथ छल कर रही है। उसे देश के विकास से कुछ लेना देना नहीं है, उसे सिर्फ सत्ता चाहिए। लेकिन नेपाली कांग्रेस शुरू से ही देश व देश के जनता के हक व अधिकार के लिए संघर्ष करती आई है और आगे भी करेंगी।
उक्त बातें बुधवार को विराटनगर के दादर वैरिया में आयोजित समारोह में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नेपाली कांग्रेस नेत्री सह पूर्व उप प्रधानमंत्री सुजाता कोइराला ने कही। उन्होंने कहा कि माओवादी व मधेशी जन अधिकार फोरम की पोल जनता के बीच खुल चुकी है, इसलिए कांग्रेसी एकजुट हो पार्टी के कार्यो को जनता के बीच ले जायें। उन्होंने दादर वैरिया में विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि इस क्षेत्र में जल्द ही जीपी कोइराला हार्ट एंड रिसर्च सेंटर खोला जायेगा। इसके लिए दिलीप अग्रवाल द्वारा उपयुक्त जमीन मुहैया करायी जा चुकी है। उन्होंने इस प्रोजेक्ट पर विस्तार से बतलाते हुए कहा कि इस संबंध में भारतीय अधिकारियों से भी बात की गयी है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के विकास से देश मजबूत होगा। उन्होंने वर्तमान सरकार पर अंगुली उठाते हुए कहा कि जब सरकार का गठन हो रहा था तो बाबू राम भट्टराई जी ने नेपाली कांग्रेस से सहयोग मांगा था और कहा था कि देश में शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जायेगा। लेकिन आज जो स्थिति है वह सबके सामने है। उन्होंने कहा कि लगता नही है कि समय पर संविधान निर्माण का कार्य पूरा होगा, ऐसी परिस्थिति में अब एक मात्र विकल्प है चुनाव। इसलिए आप जनता के बीच जायें। इस मौके पर मोरंग कांग्रेस अध्यक्ष अमृत आर्याल, केशव प्रसाद, राजेश गुप्ता, प्रकास साह व शमसाद आलम उर्फ जल्लु सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे। इस मौके पर कई पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी अपनी पार्टी छोड़ नेपाली कांग्रेस में शामिल हुए।
अपने ही राज में भटक रहे वनराज
अररिया : यहां बाघ इस तरह नजर आते हैं, जैसे यूरोप में खरगोश, आप चाहें तो रोज एक मार सकते हैं', ..यह 19वीं सदी में प्रख्यात शिकारी जेम्स इंगलिस द्वारा लिखित पुस्तक टेंट लाइफ इन टाइगरलैंड के उद्धरण है। कथा भूमि है अररिया व नेपाल की तराई से लगता पूर्णियां व तत्कालीन नार्थ भागलपुर जिले का उत्तरी इलाका। लेकिन इसके बाद जंगलों की लगातार कटाई से बाघ सहित अन्य जंगली जीव विलुप्त होते गए और नयी पीढ़ी के लिए हिरण, तेंदुआ व चीता आदि केवल किताबों में ही सिमट कर रह गए।
इधर, विगत एक दशक के दौरान अररिया व आसपास के इलाके में भटकते बड़े जंगली जीवों को देखकर ऐसा लगता है कि इतिहास अपने को दोहराने वाला है। इस दौरान दो जंगली हाथी, आधा दर्जन तेंदुआ, एक दर्जन से अधिक हिरण व कई दुर्लभ वन्य जीवों को यहां के गांवों के आसपास भटकते देखा गया है।
2001 में जिले के राघोपुर पचीरा में एक विशालकाय नर तेंदुआ देखा गया। इसने तकरीबन एक दर्जन लोगों पर हमला कर घायल कर दिया था। इसी समय रानीगंज के इंस्पेक्टर ने गश्ती के दौरान एक मादा तेंदुआ व उसके दो बड़े बच्चों को प्रखंड से गुजरने वाली श्रीनगर वितरणी नहर पर पानी पीते देखा। नर तेंदुआ स्थानीय लोगों द्वारा मार दिया गया। मादा अपने बच्चों के साथ नेपाल की ओर वापस चली गई। तेंदुआ देखे जाने की और भी कई घटनाएं सामने आयी हैं। विगत साल एक विशाल दंतैल नर हाथी कई दिनों तक यहां के खेतों व जंगलों में भटकता रहा। आखिरकार वह गंगा तट के इलाके की ओर निकल गया।
यहां के जंगलों में तकरीबन आधा दर्जन प्रजातियों के हिरण भी पाये गये हैं। उन्हें वन विभाग ने पकड़ कर राजगीर व पटना के उद्यानों में स्थानांतरित कर दिया। इन हिरणों में काकड़, कस्तूरी मृग, चीतल, सांभर, बारहसिंगा आदि प्रजातियों के हिरण शामिल हैं।
इधर, जिले में जंगलों की हरियाली लौटने के बाद एक नये प्राणी का आगमन खूब हो रहा है। ये हैं नील गाय। विगत एक दशक में तकरीबन दो दर्जन नील गायें यहां के गांवों में देखी गयी हैं। इनमें से कुछ को मार भी दिया गया। लेकिन खुशखबरी यह है कि जिले के नव विकसित परवाहा जंगल में सात नील गायों ने अपना परमानेंट डेरा बना लिया है। डीएफओ रणवीर सिंह की मानें तो वन्य जीवों के संरक्षण के लिए अलग वाइल्ड लाइफ डिवीजन होता है, लेकिन वन विभाग जंगली जीवों की रक्षा के लिए सजग है।
वन्य जीवों के ताजा मूवमेंट ने उत्सुकता और बढ़ायी है। विगत सोमवार को रानीगंज के निकट मिर्जापुर में कमला की पुरानी धारा में एक अजगर पाया गया। यह वन्य जीव अधिनियम के शिड्यूल वन में वर्णित महत्वपूर्ण प्राणी है।
वन्य जीवों के इस मूवमेंट के निष्कर्ष साफ हैं। जंगल के प्राणी अपने राजा के नेतृत्व में नये बसेरे की तलाश में हैं। यह सवाल भी कि इस इलाके में जंगलों के रेस्टोरेशन के बाद बड़े वन्य जीव क्या घर वापसी करना चाहते हैं?
चौकीदार की पिटाई की संघ ने की निंदा
पलासी : प्रखंड के कलियागंज बाजार में ड्यूटी पर तैनात चौकीदार की पिटाई घटना की चौकीदार-दफादार पंचायत संघ के जिलाध्यक्ष रामदेव पासवान तथा संघ के प्रमंडलीय सचिव मायानंद मांझी ने तीखी भर्त्सना करते हुए दोषियों के शीघ्र गिरफ्तारी की मांग जिला प्रशासन से की है। घायल चौकीदार से मिलने पीएचसी पहुंचे नेताओं ने बताया कि दोषियों की यदि शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे लोग आंदोलन को बाध्य होंगे।
जिला बैडमिंटन एसोसिएशन का गठन
अररिया : बुधवार को जिला पदाधिकारी कार्यालय कक्ष में जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के गठन को लेकर बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता डीएम एम. सरवणन ने की। मौके पर ही सर्व सम्मति से एसोसिएशन के उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव व कोषाध्यक्ष का चयन किया गया। एसोसिएशन के पदेन अध्यक्ष के रूप में डीएम एम. सरवणन, सचिव ं फैसल अजीज, उपाध्यक्ष अजय सेन गुप्ता, संयुक्त सचिव मुजफ्फर एकबाल व जयंत चंद तथा कोषाध्यक्ष जकीउल होदा के नाम पर सहमति बनी। बैठक में लोगों ने यह मामला भी उठाया कि नौशाद नामक व्यक्ति सचिव बनने के लिए गठन का विरोध कर रहा है। डीएम श्री सरवणन ने स्पष्ट किया कि खेल के प्रति जिसकी निष्ठा होगी वे ही कमिटी में होंगे। डीएम ने कहा कि एसोसिएशन का बायलाज प्राप्त कर सारी प्रक्रिया के उपरांत 3400 रु. के ड्राफ्ट के साथ 27 जनवरी को पटना रजिस्ट्रेशन के लिए भेजा जायेगा। डीएम ने यह भी बताया कि अररिया में इंडोर स्टेडियम निर्माण की नींव रखी गई है। मौके पर डीडीसी प्रभात कुमार महथा, डीआरडीए निदेशक जफर रकीब, सहायक निदेशक गोपाल प्रसाद, एडीपीआरओ योगेन्द्र लाल समेत कई खिलाड़ी मौजूद थे।
जब्त जाली जस्तावेज मामले में प्राथमिकी दर्ज
अररिया : जिला मुख्यालय में फर्जी दस्तावेज गिरोह का भंडाफोड़ होने के बाद पुलिस ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। यह प्राथमिकी पुलिस ने अररिया प्रखंड के अंचल पदाधिकारी तैयब आलम शाहिदी के बयान पर दर्ज की है। इस मामले में जाली दस्तावेज बनाने वाले साहेब लाल साह, उनके पुत्र शंभू साह, ब्रोकर महतो ट्रेडर्स के मालिक मो. हारुण एवं दलाल हुसैन आजाद उर्फ लड्डू को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। जिसमें साहेब लाल साह एवं हुसैन आजाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना कांड संख्या 35/12 धारा 419, 420, 427, 424, 469, 474, 475, 120 बी आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी के अनुसार गुप्त सूचना पर जाली दस्तावेज बनाने वाले साहेब लाल नामक मुंशी को पुलिस ने दबोचा। उसके पास से कई फर्जी कागजात एवं मुहर बरामद हुए। बाद में उसकी निशानदेही पर जीरोमाईल स्थित शालीमार होटल के नीचे महतो ट्रेडर्स नामक दुकान में छापा मारा गया तो काफी मात्रा में फर्जी केवाला, लगान रसीद, विभिन्न बैंकों के ऋण से संबंधित दस्तावेज व मुहर आदि बरामद किया गया। दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि चारों नामजद अभियुक्तों द्वारा एक बहुत बड़ा रैकेट चलाया जा रहा है। जो अवैध कमायी के लिए लोगों को झांसा देकर ऋण स्वीकृत कराता है और उसे गटक लेता है। इसके लिए अभियुक्तों द्वारा कई बैंक के शाखा प्रबंधकों एवं कर्मियों को कमीशन भी दिया जाता था। बाद में पुलिस ने दोबारा उसी फर्म में छापा मारकर लाखों के कृषि यंत्र भी बरामद किया था।
वीटी क्विज प्रतियोगिता में जोकीहाट बना चैंपियन
अररिया : साक्षर भारत कार्यक्रम के तहत आयोजित जिला स्तरीय वीटी क्विज प्रतियोगिता के फाईनल में जोकीहाट चैंपियन बना। बुधवार को महिला कालेज अररिया में आयोजित फाइनल राउंड में सभी नौ प्रखंडों से तीन-तीन टीम भाग लेने पहुंची थी। जिसमें जोकीहाट प्रखंड की टीम में शामिल वीटी अरशद अली, अबु नसर एवं मोहसीन ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता टीम का खिताब जिता। दूसरे स्थान पर रानीगंज की वीटी सीमा कुमारी, पूरबा कुमारी एवं रूबी कुमारी रही। जबकि तीसरा स्थान भरगामा के वीटी रविन्द्र कुमार चौपाल, आशिष कुमार, माला कुमारी ने प्राप्त किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल साक्षर भारत की अध्यक्ष शगुफ्ता अजीम ने कहा कि बुलंद हौसले के साथ प्रतियोगिता में भाग लें। साथ ही ज्ञान को बढ़ाने एक बेहतर माध्यम है क्विज। उन्होंने कहा वीटी ही वास्तव में इस अभियान की रीढ़ है। इस अवसर में डीपीओ बसंत कुमार, मुख्य समन्वयक प्रो. बीएन झा, समन्वयक इम्तियाज आलम, एसआरजी गुलेन्द्र कुमार के अआरपी के आलम, समन्वयक सुष्मिता ठाकुर के अलावा कई प्रेरक भी मौजूद थे। क्विज का संचालन प्रकाश कुमार झा ने किया। सभी विजयी प्रतिभागी को गणतंत्र दिवस के दिन सुभाष स्टेडियम में सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जायेगा।
एसएसबी ने 15 करोड़ रुपये के अवैध सामानों की जब्ती का बनाया कीर्तिमान
बथनाहा (अररिया) : एसएसबी 24वीं बटालियन बथनाहा के द्वारा पिछले 22 माह में करीब 15 करोड़ रुपये के तस्करी के अवैध सामानों की जब्ती का कीर्तिमान स्थापित किया गया है। अपनी इस उपलब्धि के कारण न केवल इसे कुल 56 बटालियनों में तीसरा स्थान प्राप्त किया है बल्कि इसके लिए सेनानायक एकेसी सिंह को डीजी युद्धवीर सिंह डडवाल के द्वारा सम्मानित भी किया गया है।
ज्ञात हो भारत-नेपाल के अररिया जिला सीमा क्षेत्र के बथनाहा में एसएसबी 24वीं बटालियन की स्थापना वर्ष 2010 के 15 मार्च को हुयी थी। इसके बाद एसएसबी 24वीं बटालिन के द्वारा करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य के तीन बार हेरोइन के साथ 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया। जबकि विभिन्न वस्तुओं की तस्करी कर ले जाते हुए करीब 13 अन्य लोगों 5 करोड़ रुपये की अन्य वस्तुओं के साथ तस्करी के सामान ले जाते हुए पकड़ा गया। इनमें पशु, कीमती लकड़ी, खाद्यान्न व रासायनिक खाद की जब्ती प्रमुख है जबकि आग्नेयास्त्रों की जब्ती बहुत कम है। सेनानायक एकेसी सिंह की माने तो एसएसबी 24वीं बटालियन के द्वारा 15.3.2010 से 23.1.2012 तक कुल 14,95,19,105 की अवैध वस्तुओं की जब्ती की गयी जो एसएसबी के कुल 56 बटालियनों में तीसरे नं. पर की गयी सबसे अधिक की जब्ती है। वहीं सेनानायक एकेसी सिंह बताते है कि 24वीं बटालियन की सीमा पर तैनाती उपरांत से तस्करी पर बहुत हद तक अंकुश प्राप्त कर लिया गया है।
तिरंगों से पटा बाजार, गणतंत्र दिवस आज
अररिया : भारतीय लोकतंत्र की बासठवीं वर्षगांठ के मौके पर संपूर्ण जिले में उत्साह का वातावरण है। गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में जिले भर में कई स्थानों पर रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किये गये हैं। गणतंत्र के इस महापर्व के सफल आयोजन को ले तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। वहीं, मौके पर सुरक्षा के कड़े उपाय भी किये गये हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार गणतंत्र दिवस के मौके पर मुख्य समारोह नेताजी सुभाष स्टेडियम में होगा, जहां जिलाधिकारी एम सरवणन राष्ट्रीय ध्वजारोहण करेंगे। मौके पर नये पुलिस कप्तान शिवदीप लांडे भी उपस्थित रहेंगे। वहीं, इस अवसर पर विभिन्न सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, कालेजों, न्यायालय, थाना, पुलिस आफिस, डीआरडीए, जिला परिषद, नगर परिषद आदि में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा। गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में स्कूली बच्चों व संस्थाओं द्वारा स्टेडियम में झांकी प्रदर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि का आयोजन भी किया गया है।
आयोजन की सुरक्षा के लिए जिला व पुलिस प्रशासन द्वारा कड़े बंदोबस्त किये गये हैं। स्टेडियम, सलामी मंच तथा नगर के प्रमुख स्थानों पर मैजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गयी है।
वहीं, गणतंत्र दिवस को लेकर बुधवार को तिरंगों की बिक्री भी जोरों पर रही। राष्ट्रीय ध्वज से शहर की दुकानें पटी पड़ी हैं।
रेल से कटकर युवक की मौत
बथनाहा (अररिया) : बथनाहा में रेल से कटकर मौत का सिलसिला रूकने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर बुधवार को सवारी गाड़ी से कटकर एक युवक की बथनाहा स्टेशन के पास हो मौत हो गयी। शव की पहचान अभी नहीं हो सकी है। ज्ञात हो कि एक पखवाड़े पूर्व रेल से कटकर तीन लोगों की मौत उसी जगह हो चुकी है। जोगबनी से कटिहार जाने वाली डाउन तेज सवारी गाड़ी 55738 से कटकर एक युवक की मौत बुधवार को हो गयी है। घटना पुन: उसी स्थान के निकट पुल संख्या 56 एवं 57 के बीच में 102/6 किमी पीलर के निकट घटी है। मृतक का चेहरा बुरी तरह कुचल गया है। जिससे उसकी शिनाख्त नही हो पा रही है। हालांकि समाचार प्रेषण तक रेल प्रशासन का एक भी अधिकारी घटनास्थल पर नही पहुंच पाया था।
गणतंत्र दिवस पर भी उपेक्षित रह गया स्वतंत्रता सेनानी का समाधि स्थल
नरपतगंज (अररिया) : प्रखंड मुख्यालय से महज कुछ दूर हाईस्कूल के मैदान से सटे स्वतंत्रता सेनानी शिवराज सिंह का समाधी स्थल गणतंत्र दिवस के अवसर पर भी साफ सफाई को मोहताज रह गया। इस महत्वपूर्ण पर्व के अवसर पर भी किसी ने उनकी सुधि नहीं ली। जबकि कई वर्ष पूर्व इस समाधि स्थल पर स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस के अवसर पर झंडोत्तोलन किया जाता था लेकिन अब तो यह स्मारक उपेक्षा का शिकार हो गया है। स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को भी किसी भी राष्ट्रीय पर्व पर आमंत्रित नहीं किया जा रहा है।
समाधि स्थल के साफ सफाई के बारे में प्रखंड विकास पदाधिकारी जागो दास से पूछे जाने पर बताया कि वे इसकी समीक्षा करेंगे।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर कार्यक्रम
भरगामा (अररिया) : राष्ट्रीय दिवस को लेकर बुधवार को भरगामा प्रखंड के कई विद्यालयों में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी भरगामा अरुण कुमार गुप्ता ने मतदाताओं को कर्तव्य को लेकर शपथ दिलाई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मध्य वि. खजुरी, प्रा. वि. तोनहा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय बगहा लक्ष्मीपुर, उत्क्रमित मध्य विद्यालय ब्रहमोतर चकला एवं अन्य विद्यालयों में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां बीडीओ भरगामा ने घूम-घूमकर मतदाताओं को शपथ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की। मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं में सरिता कुमारी, मो. कोनेन रसीद, सुशील कुमार, बब्लू कुमार, महेश्वरी मंडल, सुबोध कुमार संग स्थानीय लोगों में नवीन चौधरी, बेचन चौधरी, अमित चौधरी, हिमांशु शेखर तथा बड़ी संख्या में मतदाता व अन्य लोग भी मौजूद थे।
माडल इंडोर स्टेडियम की एसडीओ ने रखी आधारशिला
अररिया : जिला पदाधिकारी एम. सरवणन की पहल पर जिला मुख्यालय में सुंदर, वृहद एवं माडल इंडोर स्टेडियम जल्द ही तैयार होगा। अनुमंडल पदाधिकारी अररिया के आवासीय परिसर में खाली जमीन पर स्टेडियम का शिलान्यास एसडीओ डा. विनोद कुमार ने बुधवार को किया। भूमि पूजन के उपरांत एसडीओ डा. कुमार ने इंडोर स्टेडियम की आधार शिला रखी। उन्होंने बताया कि पटना सचिवालय के बाद विशिष्ट रूप का इंडोर स्टेडियम अररिया में बनेगा। डा. कुमार ने बताया कि भवन प्रमंडल के द्वारा कार्य कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि इंडोर स्टेडियम बनने से जिले के बैडमिंटन खिलाड़ियों को काफी अवसर मिलेगा। एसडीओ ने बताया कि 2 करोड़ 35 लाख की लागत से स्टेडियम में तीन कोट, कांप्लेक्स, गैलेरी, शौचालय, आफिस रूम के साथ-साथ बैठने के लिए आराम कुर्सी भी बनाया जायेगा। एसडीओ ने बताया कि भविष्य में लान टेनिस, टेबुल टेनिस, बास्केट बाल, वालीबाल आदि के कोट भी बनाये जायेंगे। इस मौके पर भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता राम एकबाल पंजीयार, सहायक अभियंता शत्रुघ्न पांडे सहित कई लोग मौजूद थे।
Subscribe to:
Posts (Atom)







