Thursday, March 22, 2012

लीड: बिहार शताब्दी दिवस पर कार्यक्रमों की बौछार


अररिया : 22 मार्च को बिहार शताब्दी दिवस के मौके पर पूरे जिले में कार्यक्रमों की धूम रही। स्कूल स्तर से लेकर बीआरसी स्तर तक कुछ न कुछ कार्यक्रम जरूर हुआ। बिहार स्थापना दिवस के मौके पर शिक्षा विभाग की ओर से राजकीयकृत उच्च विद्यालय अररिया में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन अध्यक्ष जिला परिषद सह जिला लोक शिक्षा समिति शगुफ्ता अजीम ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात महिला कालेज की छात्रा अर्पिता, ऋचा मिश्रा, शालिनी प्रिया, सुप्रिया, निवेदिता, कंचन व प्रीति ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। अपने संबोधन में श्रीमती अजीम ने कहा कि बिहारी कहलाना अब सम्मान व शान की बात है। उन्होंने कहा कि बिहार की मिट्टी की खुशबू पूरे दुनियां में फैल रही है। यहां अब न कोई बेचारगी है और न ही कोई डर। नारी शिक्षा पर श्रीमती अजीम ने शिक्षा के प्रति सरकार के सकारात्मक सोच की तारीफ की। जिला पदाधिकारी राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि बिहार गाथा आज भारत में ही नहीं पूरे दुनियां में गायी जा रही है। माध्यमिक शिक्षा डीपीओ बसंत कुमार ने कहा कि बिहार के गौरवशाली अतीत को एक बार फिर दुहराने की जरूरत है। वहीं जदयू के जिलाध्यक्ष नौशाद आलम ने राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई देते हुए कहा कि आज बिहार पूरे दुनियां में वर्चस्व स्थापित कर रहा है। बिहार में बदलाव की आंधी चल पड़ी है।
एमडीएम प्रभारी पदाधिकारी रविन्द्र राम ने कहा कि आने वाले समय में बिहार राज्य का नाम पूरे दुनियां में सुनहरे अक्षरों से लिखा जायेगा। आज पूरा विश्व बिहार का अनुसरण कर रहा है। प्राथमिक शिक्षा डीपीओ विद्यानंद ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि नागार्जुन, महावीर, बौद्ध, अशोक सम्राट, जैसे महान लोगों की जन्म भूमि बिहार पूरी दुनियां में पैठ जमा चुका है। साक्षर भारत के मुख्य कार्यक्रम समन्वयक प्रो. बासुकीनाथ झा ने कहा कि यह गर्व की बात है कि ठहरा हुआ बिहार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बिहार को सशक्त बनाने के लिए एकजुट होने की अपील की। मौके पर श्रीमती शगुफ्ता ने परिसर में लगे प्रदर्शन स्टालों का फीता काटकर उद्घाटन भी किया। मंच संचालन डा. एके झा ने किया। इस अवसर पर डीपीओ प्रदीप कुमार, माध्यमिक शिक्षक संघ सचिव असरारूल हसन, बीईओ डा. बैजू झा, डा. सुरेश प्र. साह, एसएसए के समर विजय सिंह, अखिलेश कुमार, अमित कु. झा, प्रखंड समन्वयक सुष्मिता ठाकुर आदि मंचासीन थे।
वहीं, बिहार दिवस के उपलक्ष्य में अररिया कालेज में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कालेज के शिक्षक व कर्मियों ने दिन में तेज हवा के बावजूद प्राचार्य डा. मुहम्मद कमाल के नेतृत्व में सफाई अभियान चलाया। वहीं शाम के वक्त परिसर में बिजली व मोमबत्तियों की शानदार सजावट की गयी।

0 comments:

Post a Comment