Friday, March 23, 2012

लीड: अगलगी से डेढ़ दर्जन घर राख, दस लाख की क्षति


अररिया : अररिया प्रखंड के जमुआ पंचायत अंतर्गत खमगड़ा गांव में गुरुवार की रात हुए भीषण अग्निकांड में तीन दर्जन पशु झुलस गये, इनमें से तीस की मौत तत्काल हो गयी। वहीं, आग की लपटों में पड़ कर एक दर्जन से अधिक परिवारों के घर स्वाहा हो गये हैं। पीड़ितों के पास रहने व खाने के लिए कुछ नहीं बचा है। इधर, जिलाधिकारी एम सरवणन ने अंचलाधिकारी को अग्निपीड़ितों के बीच तुरंत राहत वितरण करने व क्षति का आकलन करने का आदेश दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खमगड़ा गांव के मंडल टोले में हुए इस अग्निकांड में आग एक अलाव से उठी तथा मिनटों के अंदर ही मुक्तिनाथ मंडल, मनबोध मंडल, गोदाय मंडल, कृष्णदेव मंडल, सीताय मंडल, बसंत मंडल, कैला मंडल, बिपेन मंडल, पृथ्वी लाल मंडल, दिलीप मंडल, मिथिलेश मंडल, गुलठु आदि के घर को अपने आगोश में ले लिया। अंधेरा होने की वजह से कोई भी पीड़ित अपने घर से कुछ भी नहीं निकाल पाया। उनके पास रहने व खाने के लिए कुछ नहीं बचा है। आग की लपटों ने एक दर्जन गाय बैल तथा दो दर्जन से अधिक खस्सी बकरी को क्षण भर में राख के काले ढेर में तब्दील कर दिया। आग के कारण पड़ोस के बुच्चन मंडल, श्याम देव मंडल, मसो.पारवती, अघोरी मंडल आदि के घरों को भी नुकसान पहुंचा है। सभी पीड़ित मजदूर व सीमांत किसान हैं।
पीड़ितों ने बताया कि आग से लगभग पंद्रह हजार नगद, अनाज, मोबाइल, कपड़ा, बरतन बासन, चौकी, कुर्सी आदि भी पूरी तरह जल गये हैं। घर में अनाज का एक दाना भी नहीं बचा है। इधर, आग की खबर पाते ही भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह विगत विस चुनाव में प्रत्याशी रहे नारायण झा ने घटना स्थल का दौरा कर पीड़ितों का हालचाल जाना। उन्होंने प्रशासन से तुरंत सहायता देने की मांग की है। भाजपा नेता विजय नाथ झा, मुखियापति भीमनंदन झा, विनोद कुमार झा, पंसस प्रत्याशी नंद मोहन झा सहित टोले के लोगों व अन्य ग्रामीणों ने पंप सेट की मदद से भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मुखियापति ने बताया कि उन्होंने स्वयं अपनी ओर से पीड़ितों को नगद, साड़ी, अनाज व अन्य चीजें दी हैं।
इधर, डीएम श्री सरवणन ने अररिया के सीओ को घटना स्थल पर जाकर पीड़ितों को अविलंब राहत पहुंचाने व क्षति का आकलन करने का निर्देश दिया है।

0 comments:

Post a Comment