Thursday, January 6, 2011

गिरफ्तार अपराधियों ने खोले कई राज

रानीगंज(अररिया) : ग्रामीणों के सहयोग से रानीगंज पुलिस द्वारा लूटी गयी मवेशी के साथ हांसा गांव से मंगलवार के अहले सुबह पकड़े गये दो अपराधकर्मियों ने कई राज खोले हैं। पुलिस द्वारा सघन पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अपराधियों ने रानीगंज थाने में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के समक्ष गत रात भरगामा थानान्तर्गत रघुनाथपुर पूरब गांव में एक महिला सहित अन्य को घायल कर मवेशी लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आग्नेयास्त्र के बल पर डाकेजनी व मवेशी लूट की घटना के छह घंटे के भीतर लूटी गयी मवेशी के साथ संलिप्त दो अपराध कर्मियों की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी कामयाबी मान रही है।
जानकारी के अनुसार सोमवार की रात्रि आधा दर्जन से भी अधिक अपराधकर्मी आग्नेयास्त्र के साथ भरगामा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के शिवनंदन ठाकुर के घर धावा बोल दो मवेशी लूट लिया। विरोध करने पर अपराधियों ने गृह स्वामी की पत्‍‌नी सालो देवी को गोली मार कर जख्मी कर दिया। मंगलवार के अहले सुबह लूटी गयी दोनों मवेशी को ले जा रहे दो अपराध कर्मियों को हांसा गांव में ग्रामीण दिनेश सिंह एवं धर्मेन्द्र सिंह ने संदेहास्पद अवस्था में रोका तथा इसकी तत्काल सूचना रानीगंज थाना को दिया। रानीगंज थानाध्यक्ष अरूण सिंह, सुभष चंद्र सिंह, चौकीदार चंद्रानंद पासवान, मो. जहांगीर, सुभाष कु. पासवान आदि ने मौके पर पहुंचकर दोनों अपराध कर्मियों को मवेशी के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराध कर्मी में एक नरपतगंज थाना क्षेत्र के बीबीगंज का दिनेश यादव है जबकि दूसरा अररिया थाना क्षेत्र के पैकटोला गांव का नूर आलम रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के समक्ष पूछताछ के दौरान बीती रात्रि की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार किया। पूछताछ के बाद अररिया एसपी ने बताया कि इस मवेशी लूट कांड में कुख्यात मवेशी लूट कांड में गंगा यादव गिरोह के सदस्यों का हाथ है। दोनों अपराधकर्मियों को जेल भेज दिया गया।

भाजपा कार्यालय में हनुमंत शक्ति जागरण यज्ञ आयोजित


सिकटी(अररिया) : श्री राम जन्म भूमि अयोध्या में भव्य राममंदिर के निर्माण में आ रही विघ्न बाधा को दूर करने के उद्देश्य से हनुमत शक्ति जागरण यज्ञ प्रखंड भाजपा कार्यालय बरदाहा में जागरण समिति के संतों की उपस्थिति में गत मंगलवार को संपन्न हुआ। जिसमें हनुमान चालीसा का तीन आवृत्ति पाठ एवं श्री हनु-हनुमंते नम: स्वाहा मंत्र से ग्यारह सौ की आहुति प्रज्जवलित अग्निकुंड में दी गयी। हनुमंत जागरण समिति के उत्तर बिहार प्रभारी मथुरा दास, पंडित दुर्गानंद झा द्वारा सभी लोगों को संकल्प दिलाया गया। इस यज्ञ के माध्यम से लोगों को बताया कि भगवान श्री राम के अनन्य भक्त हनुमान जी की वीरगाथा एवं उनके बल प्रभाव को जागृत किये बिना अयोध्या में श्री रामजन्म भूमि पर मंदिर निर्माण संभव नहीं है। इसके लिए प्रवचन के द्वारा सभी लोगों से अपने-अपने घरों में हनुमान चालीसा का पाठ कर हुनमंत की शक्ति जागरण करने का आह्वान किया गया। यज्ञ समारोह में प्रखंड भाजपाध्यक्ष राम कुमार झा मुन्ना, अजय मंडल, देवी प्र. सिंह, दिलीप सरोज, हरिलाल सिंह, दयानंद मंडल, जय लाल सिंह सहित अन्य शामिल थे। जबकि संयोजक के रूप में विन्देश्वरी प्र. मंडल, कोषाध्यक्ष विजय विश्वास समेत सभी पंचायतों के भाजपा अध्यक्ष एवं कार्यकत्र्ता उपस्थित थे।

बकरा से विस्थापितों को नहीं मिली सरकारी सहायता


सिकटी (अररिया) : बकरा नदी से विस्थापित तीरा गांव के लोग अभी भी सरकारी सहायता से वंचित हैं। नदी किनारे बसे गांव के लोग बरसात आने के नाम से ही सिहर उठते हैं। उनकी जिंदगी विस्थापितों जैसी है। गत अगस्त माह में बकरा नदी से विस्थापित हुए लोगों को अभी तक कोई भी सरकारी सहायता नहीं मिला है। तीरा गांव में बकरा नदी से विस्थापित हुए लोग तीरा हाट पर अपना आशियाना बनाये हुये हैं। बकरा नदी किनारे बसा गांव तीरा, पडरिया नेमुआ आदि गांव कटाव प्रभावित अंबिका बहरदार, अच्छेलाल बहरदार, रामकृष्ण यादव, लेघू यादव, उद्यानंद बहरदार, रामेश्वर यादव, राजेन्द्र यादव ने बताया कि बचाव के लिए सबके पास गुहार लगाया लेकिन सार्थक नतीजा नहीं निकला वहीं मुखिया प्रतिनिधि बबन झा ने बताया कि बकरा नदी के कटाव को रोकने के लिए कई बार जिला प्रशासन, सांसद, विधायक से गुहार लगाई पर आज तक इस दिशा से कोई ठोस पहल नहीं हुआ है। और न ही कटाव पीड़ितों को कोई भी सरकारी स्तर पर सहायता नहीं मिलाप। उन्होंने बताया कि नव-निर्वाचित विधायक आनंदी प्रसाद यादव से बकरा नदी में हो रहे कटाव को रोकने की मांग तथा बरदाहा से तीरा प्रधानमंत्री सड़क योजना अंतर्गत जोड़ने का मांग किया है। इसके लिए विधायक आनंदी प्रसाद यादव ने बताया कि बकरा नदी में हो रहे कटाव को रोकने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जायेगा तथा यहां पर सात हजार से ज्यादा लोग निवास करते है।

दो दिवसीय प्रखंड बाल मेला संपन्न

जोकीहाट(अररिया) : जोकीहाट प्रखंड स्तरीय दो दिवसीय बाल मेला बुधवार को मध्य विद्यालय जोकीहाट परिसर में संपन्न हो गया। बाल मेला में मंगलवार को आउटडोर गेम के तहत ऊंची एवं लंबी कूद, कबड्डी, दौड़ आदि आयोजित की गयी। वहीं बुधवार को समूह गीत एवं नृत्य, रंगोली, कविता पाठ, चित्रांकन, भाषण, शतरंज प्रतियोगिता में प्रखंड के छात्र-छात्राओं ने अद्भूत प्रमिभा का प्रदर्शन कर शिक्षकों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों को आकर्षित किया। इस मौके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बीईओ ग्यासुद्दीन अंसारी ने कहा ग्रामीण इलाकों में छात्र-छात्राओं में टेलेन्ट की कमी नहीं है। शिक्षकों को चाहिए कि इनके टेलेन्ट को निखार कर प्रखंड व जिला का नाम रौशन कर सके। मंच संचालन शमीम आलम ने किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों में बीआरपी मो. जमाल संकुल समन्वयक हबीबुर्रहमान, संजय स्नै, एम. एम माहिर, इश्तियाक आलम, प्रधानाध्यापक शमीम अहमद समेत दर्जनों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

खाद्यान्न माफिया पर प्रशासन ने कसा शिकंजा

भरगामा (अररिया) : खाद्यान्न माफियाओं पर नकेल कसने को लेकर प्रखंड प्रशासन ने कड़ा रूख अपना लिया है। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अजय कुमार ने बीते शनिवार सिरसिया कला पंचायत मे कालाबाजारी में जा रहे खाद्यान्न में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से पंचायत के डीलर की संलिप्तता की संभावना जताई है।
मालूम हो कि ग्रामीणों द्वारा कालाबाजारी में जा रहे एफसीआई के 35 बोरा अनाज रोक लिये जाने की सूचना पर जांच को पहुंचे एमओ कुमार ने जांच की कार्रवाई में संबंधित डीलर- जगनाथ यादव पर व्यवधान डालने का आरोप भी लगाया। साथ ही सीधे तौर पर संगीन मामला बताते हुये जांच-प्रतिवेदन अनुमंडलाधिकारी को सौंप देने की बात कही है। हालांकि खाद्यान्न कालाबाजारी मे क्षेत्र में दबंग जनप्रतिनिधियों तथा विभागीय कर्मियों की संलिप्ता को भी एक हद तक एमओ ने स्वीकार किया। साथ ही उक्त तमाम बिंदुओं पर छानबीन के बाद आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। उल्लेखनीय है कि संबंधित डीलर का भाई एमडीएम कोआर्डिनेटर के पद पर है। आरोपों के मुताबिक कोआर्डिनेटर उमेश कुमार की कथित संलिप्तता के कारण प्रशासनिक अधिकारी उक्त डीलर पर हाथ रखने से हिचकते हैं। इधर विभिन्न राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं ने खाद्यान्न कालाबाजारी को एक गंभीर समस्या बताते हुए इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग जिला प्रशासन से की है।

मदरसा से सोलर प्लेट की चोरी, दो नामजद

पलासी(अररिया) : प्रखंड के मदरसा उरूल इसलाम फरसाडांगी के प्रधान मौलवी, मो. इमामउद्दीन ने मदरसा से सोलर प्लेट चोरी करने का आरोप लगाते हुए दो व्यक्तियों के खिलाफ पलासी थाना में एक प्राथमिकी दर्ज करायी है। जिसका कांड संख्या 04/11 दर्ज है। दर्ज प्राथमिकी के तहत कुजरी गांव के मो. अमजद व एक अज्ञात व्यक्ति को अभियुक्त बनाया गया है। घटना 30 दिसंबर की रात का बताया गया है। दर्ज मामले में सूचक ने कहा है कि बीते 30 दिसंबर की रात वह मदरसा में सोया हुआ था कि 11 बजे रात में अचानक सोलर की रोशनी बंद हो गयी। जब बाहर निकलकर देखा तो पल्सर मोटरसाइकिल पर अमजद व एक अन्य व्यक्ति सोलर लेकर जा रहा था। हल्ला होने पर कई ग्रामीणों ने भी उसे जाते देखा है। तत्पश्चात दूसरे दिन इस बाबत मुखिया मुर्शीद आलम द्वारा पंचायती भी की गयी जिसमें उक्त अभियुक्त ने सोलर प्लेट चोरी की बात स्वीकारते हुए दो दिनों में सोलर दे देने की बात कही। लेकिन समय बीत जाने के पश्चात भी सोलर नहीं दिया गया। बाध्य होकर मौलवी ने पलासी थाना में न्याय की गुहार लगायी है।

उदासीनता से पीडब्लूडी की सड़क बदहाल

जोकीहाट(अररिया) : महलगांव पीडब्लूडी मुख्य सड़क विभागीय उदासीनता के कारण जर्जर हो गयी है। उक्त सड़क पर स्थित सिंगार मोहिनी पुल जहां जर्जर है वहीं सड़क पर दर्जनों छोटे बड़े गढ्डे बन गये हैं। जिससे आये दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। महलगांव क्षेत्र के लगभग एक दर्जन से अधिक पंचायत के लोगों का आवागमन इसी मार्ग से प्रतिदिन होता है। अगर सड़क पर बने गढ्डों की भराई नहीं की गयी तो बाढ़ एवं बरसात के दिनों में प्रखंड एवं जिला मुख्यालय से महलगांव, कुर्सेल, चौकता, चैनपुर मसुरिया, भूना मजगांवा, चकई चिरह आदि पंचायतों का सड़क संपर्क भंग हो सकता है। ग्रामीणों ने जल्द सड़क मरम्मत कराने की मांग जिलाधिकारी से की है।

एक बच्ची समेत दो आग में झुलसे

फारबिसगंज(अररिया) :अलग-अलग घटनाओं में आग से झुलसे हुए दो मरीजों को मंगलवार को गंभीर हालत में फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों मरीजों की नाजुक हालत को देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया। फारबिसगंज थाना की पुलिस ने बताया कि बाहर के बंगाली टोला निवासी लक्ष्मण प्रसाद मंडल की करीब पांच वर्षीय पुत्री सरीता कुमारी(काल्पनिक नाम) गंभीर रूप से आग में झुलस गयी। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। दूसरी तरफ नरपतगंज प्रखंड के पजरकट्टा गांव निवासी तेज नारायण यादव के पुत्र धमेन्द्र के आग में झुलस जाने से गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही थी।

गुणवत्ता को लेकर लोगों ने रूकवाया नाला निर्माण

फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या दो में नाला निर्माण गुणवत्ता पूर्ण नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों ने बुधवार को काम रूकवा दिया है। नाला के निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किये जाने सहित कामचलाऊ नाला बनाने का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य पर आपत्ति जतायी तथा संवेदक से गुणवत्ता युक्त कार्य की मांग की। नाला निर्माण नगर परिषद के योजना मद से किया जा रहा है। स्थानीय निवासी राजू मंडल, हरि लाल मेहता, कन्हैया गुप्ता, विजय भगत मुन्ना सहित दर्जनों लोगों ने कहा कि नाला निर्माण में लूट खसोट की जा रही है। नप प्रशासन की अनदेखी के कारण ही क्षेत्र में घटिया निर्माण कार्य किया जा रहा है। मालूम हो कि विक्रांत चौक से संजू देवी के घर होते हुए शिवनारायण मंडल के घर तक सड़क किनारे पक्का नाला का निर्माण किया जाना है। लेकिन निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही इसकी गुणवत्ता सवालों के घेरे में आ गया है।

जन कल्याण की कामना को ले महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा

सिकटी(अररिया) : अपने परिजनों के दीर्घायु होने की कामना एवं जन कल्याणार्थ परंपरागत रूप से होने वाले धार्मिक कलश यात्रा का आयोजन ढंगरी गांव में बुधवार को किया गया। जिसमें 131 महिलाएं शामिल हुूई। महिलाओं ने बकरा नदी के नुनिया घाट पर अपने कलश में जलभर कर गांव का भ्रमण करते हुए ढंगरी दुर्गा मंदिर पर पूजा अर्चना की तथा कलश के जल को घाघी नदी में विसर्जित कर दिया। कलश यात्रा के साथ बैंड बाजे पर बज रहे धार्मिक संगीत से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कलश यात्रा की व्यवस्था में ग्रामीण सुनील कुमार मंडल, भागवत मंडल, कृष्ण देव मंडल, हीरा लाल मंडल, फागु शर्मा, झबरू दास, दीपचंद शर्मा, लालो सदा, वार्ड सदस्य बुधु सदा, राजेन्द्र मंडल, रामदेव मंडल एवं अन्य की सराहनीय भूमिका रही।

केसरी की हत्या से शोक की लहर

जोगबनी (अररिया) : पूर्णिया विधायक राजकिशोर केशरी की हत्या की खबर से भाजपा में शोक की लहर दौड़ गयी है। इस अप्रत्याशित घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है। पार्टी कार्यकर्ता द्वारा विधायक के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त किया है।
इस मौके पर नरपतगंज विधायक देवयंती यादव ने अपने निवास पर एक बैठक आयोजित कर विधायक राजकिशोर केशरी के प्रति दो मिनट का मौन रख शोक व्यक्त किया। शोक व्यक्त करते हुए श्रीमती यादव ने कहा कि वे मिलनसार व गरीबों के रहनुमा थे। इन के निधन से हमलोगों ने एक जुझारू अभिभावक खोया है जिसकी भरपाई नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि महिला द्वारा इन पर लगाया गया आरोप गलत और बेबुनियाद है। केशरी की हत्या साजिश का हिस्सा है जो जांचोपरांत सामने आ जायेगी। क्योंकि इनकी हत्या जिस प्रकार की गयी है उससे साजिश की बू आती है जो अभी रहस्यमय है। ईश्वर इन आत्मा को शांति प्रदान करें तथा इनके परिजनों को इस घड़ी में सहन शक्ति प्रदान करें।
शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में भाजपा के ताराचंद साह, संजीव दास, रूपेश राय, राजनंदन यादव, जदयू के रामावतार शर्मा, रीतेश वर्मा, रामजी सिंह, वासुकीनाथ राय, गणेश गुप्ता, श्याम केडिया सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हैं।

कब बनेगा कमता घाट पर पुल?

रेणुग्राम (अररिया) : सरकार की उपेक्षापूर्ण नीति तथा राजनेता की दृढ़ इच्छा में कमी के कारण कमता घाट पर पुल बनने का कार्य फिलहाल दूर-दूर तक दिखाई नही पड़ रहा है। लोगों की आंखे पुल बनने के इंतजार मे ताकते-ताकते मानों पथरा चुकी है। जिससे फारबिसगंज एवं कुर्साकांटा प्रखंड अंतर्गत कई गांव के लोग प्रभावित हो रहे है। लोगों का कहना है कि पुल निर्माण से गांव तथा नजदीकी बाजार के बीच किसी प्रकार का अंतर नहीं होगा। रोजगार के नये-नये साधन विकसित होंगे। क्षेत्रों से शिक्षित बेरोजगार तथा मजदूरों का पलायन पर रोक लगेगी। यातायात व्यवस्था और सुगम हो जाएगा। लोगों को परिवहन भाड़ा का भार अधिक नहीं उठाना होगा। किसानों द्वारा नियत समय पर अपना उत्पादित फसल को नजदीकी बाजार में ले जाने में सहायता मिलेगी तथा फसल का उचित मूल्य भी प्राप्त हो सकेगा। तथा कृषक बड़े पैमाने पर भिन्न-भिन्न तरह के फसल का उत्पादन पर बल देंगे। इन क्षेत्र के वाहामारा, सिनवारी, मलुआ, बीरबन, चिकनी, पगडेरा, फकीरना आदि गांव परमान में पुल के विकास से कोसों दूर है। लोगों ने बिहार सरकार से पुल निर्माण की अविलंब मांग की है। ताकि इन गांवों में रोजगार क्षेत्र में क्रांति लायी जा सकें।

इंडिका की ठोकर से साइकिल सवार जख्मी

कुसियारगांव (अररिया) : उच्च पथ 57 पर अररिया-फारबिसगंज मार्ग स्थित महादेव चौक के समीप बुधवार को एक इंडिका वाहन द्वारा ठोकर मार दिये जाने से इसलाम नगर अररिया निवासी साइकिल सवार मो. जहूर बुरी तरह जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों ने जख्मी को इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया जहां चिकित्सक डा.डीएनपी साह ने प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए उसे पूर्णिया रेफर कर दिया।

छेड़खानी का आरोप, प्राथमिकी

रेणुग्राम: सिमराहा क्षेत्र के बेलई गांव निवासी अजमैरून खातून ने अपने ही गांव के एकराम पर जोर-जबरदस्ती करने का आरोप लगाते हुए थाने में एक लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज करायी है। इस संबंध में पीड़िता के लिखित शिकायत पर थाने में प्राथमिक दर्ज कर ली गई है तथा पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है।
प्राथमिकी
रेणुग्राम: सिमराहा थाना पुलिस ने थाना कांड सं. 196/04 के नामजद प्राथमिकी अभियुक्त कैलाश भगत साकिन खवासपुर को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया है।
योग-शिविर
रेणुग्राम: भारत स्वाभिमान (न्यास) की स्थापना दिवस पर बुधवार को मधुलत्ता में एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें फारबिसगंज प्रखंड के भारत स्वाभिमान एवं पतंजलि योग समिति के अध्यक्ष जगत नारायण दास ने भारत स्वाभिमान के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। इस मौके पर विशेष योग शिविर का भी आयोजन किया गया।

विकास से महरूम गोखलापुर पंचायत

नरपतगंज(अररिया) : नरपतगंज प्रखंड के गोखलापुर पंचायत आजादी के 64 वर्षो बाद भी विकास से महरूम अपनी दशा पर आंसू बहा रही है। विकास के नाम पर पंचायत प्रतिनिधियों से लेकर विधानसभा और लोकसभा की रौनक बढ़ाने वाले नेताओं ने इस क्षेत्र के विकास के नाम पर भले ही अपना विकास कर लिय मगर इस क्षेत्र के आधी से अधिक आबादी आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं।
गोखलापुर के बेलसंडी गांव जहां की दलितों और महा दलित परिवार की संख्या ज्यादा है। सड़क, बिजली, शुद्ध पेयजल के साथ साथ चिकित्सा की सुविधा आज तक नहीं मुहैया हो सकी। जिस कारण यहां के लोग आज भी पूर्ण पाषाण युग में जीने को विवश हैं। यही हाल इस पंचायत के कोचगामा की भी है। यहां मूलभूत सुविधा से वंचित हो विकास की बाट जोह रही है। इन गांव में आज भी कई ऐसे दलित परिवार हैं जो अपना जीवन यापन देशी शराब और धोंधा सितुआ खा कर जीने पर मजबूर हैं। मूलभूत सुविधा के नाम पर इस गांव के लोगों ने जब भी आवाज उठाने का काम किया इनकी आवाज को दबंगों, प्रशासनिक लोगों एवं राजनेताओं ने झुठी आश्वासनों का सब्जबाग दिखा दफन कर दिया गया। इस क्षेत्र में शिक्षा के अलख जगाने वाले गांव के गांधी गोविन्द साह हो या फिर क्षेत्र की विकास की लड़ाई लड़ने वाले इस क्षेत्र के रामजी उरॉव, दाना लाल उरॉव, खाजा सिंह, राम प्रसाद राम, संजय राम, योगधर राम, उमेश चौपाल, प्रवेश ऋषिदेव, सम्पत लाल ऋषिदेव, महेश राउत, रंजीत उरॉव याफिर आंगनबाड़ी सेविका दीदी हो। आज भी क्षेत्र की विकास हेतु हर छोटे-बडे़ नेताओं के समक्ष अपनी आवाज बुलंद करने से नहीं हिचकते। देखना यह है कि इस क्षेत्र के लिए कौन सा लेलिन बन इसके दर्द को खुशियों में बदलता है।

मुस्कान राशि का भुगतान नहीं किया तो रूकेगा नर्सो का वेतन

कुसियारगांव (अररिया) : क्षेत्र में कार्यरत नर्सो की लापरवाही के कारण मुस्कान हेतु आवंटित राशी का भुगतान दो माह से नहीं हो पाया है। इसको लेकर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. राजेश कुमार की अध्यक्षता में चिकित्सकों की एक आवश्यक बैठक मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र अररिया में आयोजित की गई। इस संबंध में स्वास्थ्य प्रबंधक विशाल कुमार रंजन में जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया है कि अगर 15 दिनों के अंदर कार्यरत नर्सो द्वारा मुस्कान राशि का भुगतान नहीं किया गया तो संबंधित नर्सो के वेतन पर रोक लगा दिया जायेगा। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में मुस्कान कार्यक्रम के तहत आशा व आंगनबाड़ी सेविकाओं को नर्से द्वारा विगत दो माह से प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं किया गया है। इससे स्पष्ट होता है कि क्षेत्र में कार्यरत नर्स नहीं घूमती और क्षेत्र की समस्या से रू-ब-रू नहीं होती। बैठक में आयुश के डा. मिनाजूल हक, डा. सरफराज आलम, डा. ओम प्रकाश सिंह, डा. आकाश कुमार राय इत्यादि दर्जनों लोग मौजूद थे।

अपहरण मामले में एक गिरफ्तार

पलासी : पलासी थाना पुलिस ने उत्क्रमित म.वि. करोड़ से कथित रूप से अपहृत दो लड़कियों में से एक रंजना कुमारी को मंगलवार को जीरोमाईल अररिया से बरामद कर बुधवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया। यह जानकारी थानाध्यक्ष आर.बी. सिंह ने दी।
शोक संवेदना
पलासी: पूर्णिया के विधायक भाजपा राजकिशोर केसरी की मंगलवार को की गयी नृशंस हत्या पर प्रखंड के प्रबुद्धजनों ने तीखी भ‌र्त्सना करते हुए शोक संतप्त प्रकट करने वालों में मो. जुबेर आलम, अशोक यादव, श्याम लाल साह, शोभा विश्वास, कन्हैया भगत, हारूण रशीद आदि शामिल हैं।
शिष्टमंडल रवाना
अररिया: गुरुवार को बिहार पिछड़ा वर्ग आयोग पटना के समक्ष कुल्हैया मुसलमानों को पिछड़ी जाति में शामिल करने की मांग को लेकर उनसे मिलने के लिए एक जत्था बुधवार को पटना के लिए रवाना हो गया। जिसमें मुख्य रूप से कुल्हैया डेवलमेंट आर्गेनाईजेशन (केडीओ)के प्रो.अनवार तबस्सुम, मो. अकरम हुसैन, अरशद अख्तर, शफी अहमद, जियाउल कमर आदि शामिल हैं। ये शिष्टमंडल गुरुवार को पटना में आयोग के समक्ष अपना पक्ष रखेगा।

दो दिवसीय बाल मेला संपन्न

फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज कालेज परिसर में आयोजित प्रखंड क्षेत्र के विद्यालयों का दो दिवसीय संकुल स्तरीय बाल मेला बुधवार को संपन्न हो गया। इस अवसर पर संकुल अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच खेल-कूद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर फारबिसगंज बीईओ चंदन प्रसाद के अलावा मुख्य अतिथि फारबिसगंज के प्रभारी प्राचार्य डा. चंद्रिका प्रसाद, गणेश यादव सहित कई शिक्षक मौजूद थे। सफल प्रतिभागियों में बालिका वर्ग में एक सौ मीटर, दौड़ (जूनियर) में प्रथम स्थान कोमल कुमारी, द्वितीय स्थान नूरानी खातून, तृतीय स्थान पर रिक्की कुमारी, दो सौ मीटर दौड़ (जूनियर) में प्रथम काजल कुमारी, द्वितीय रिक्की कुमारी, तृतीय रहमती, 400 मीटर दौड़ में प्रथम रहमती, द्वितीय काजल कुमारी, तृतीय जहां आरा रहे।
बालक वर्ग एक सौ मीटर, दौड़ (जूनियर) में प्रथम स्थान रिजवान आलम, द्वितीय स्थान पप्पू कुमार, दो सौ मीटर दौड़ (जूनियर) में प्रथम कन्हैया, द्वितीय शनीम आलम, तृतीय फैसल आलम, 400 मीटर दौड़ में प्रथम कन्हैया, द्वितीय मो. शमीम आलम, तृतीय स्थान पर सुबोध कुमार रहे। इसके अलावा सीनियर वर्ग में भी दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके अलावा उंची कूद, लंबी कूद प्रतियोगिता आयोजित की गई।

पार्टी कभी नहीं भूल सकती केसरी का योगदान : सांसद

अररिया : पूर्णिया के भाजपा विधायक राज किशोर केसरी की अंत्येष्ठी में भाग लेकर लौटने के बाद अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि पार्टी उनके योगदान को कभी नहीं भूला सकतीे। स्व. केशरी जीवन पर्यत पार्टी के प्रति वफादार रहे और उसके लिए काम करते रहे। पूर्णिया प्रक्षेत्र के किसी भी जिले में जब केशरी की उपस्थिति होती थी तो वे अपने कौशल से पार्टी कार्यकत्र्ताओं को अभिभूत कर देते थे। सांसद श्री सिंह ने विधायक की हत्या को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया और कहा कि अररिया, किशनगंज, कटिहार, पूर्णियां एवं आसपास के जिलों के विधायक या सांसद उसके योगदान को कभी नहीं भूला सकता है। श्री सिंह ने अपनी जीत के लिए केशरी को भी बहुत हद तक जिम्मेवार बताया और कहा कि गत विधान सभा चुनाव में भी उनकी मेहनत को कोई नहीं भूल सकता। सांसद श्री सिंह ने दुख की इस घड़ी में ईश्वर से उनके परिवार वालों को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मौके पर जिलाध्यक्ष आलोक कुमार भगत, फारबिसगंज विधायक पद्म पराग राय वेणु, नरपतगंज विधायक देवयंती देवी, रानीगंज विधायक परमानंद ऋषिदेव, सिकटी विधायक आनंदी प्र. यादव समेत कई अन्य लोग मौजूद थे।

शिक्षक नियोजन की प्रक्रिया पूरी करने की मांग

अररिया  : द्वितीय चरण के शिक्षक नियोजन 2008 की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने की माग अभ्यर्थियों ने की है। सरकार द्वारा निर्धारित समयावधि में संबंधित प्रमाण पत्रों का सत्यापन नहीं कराये जाने को ले दर्जनों प्रखंड व पंचायत शिक्षक अभ्यर्थियों ने एक हस्ताक्षरित आवेदन जिला पदाधिकारी को दिया है तथा शीघ्र नियोजन प्रक्रिया पूरी कर न्याय दिलाने की मांग की है।
आवेदन पर हस्ताक्षर करने वालों में सहीबानाज, मो. दिलशाद, नदीम अख्तर, राजेश कु. साह, मो. नुरूल इस्लाम, जावेद आलम, सरफराज बदर आदि के नाम शामिल हैं।

प्रतियोगिता में अनियमितता की शिकायत

अररिया : जिला स्थापना दिवस की तैयारी को लेकर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित अंतर विद्यालय फुटबाल प्रतियोगिता में अनियमितता बरतने की शिकायत की गयी है। उच्च विद्यालय उरलाहा के शारीरिक शिक्षक मो. नौशाद आलम, शिक्षक मोहतशीम आलम व शफक मंजूर ने डीएम को आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने इस आवेदन में लिखा है कि डीएसई के द्वारा जारी पत्र के अनुसार प्रतियोगिता की टीम में सिर्फ स्कूली छात्र ही खेलेंगे। परंतु तीन जनवरी को हुए मैच में आक्सफोर्ड एकेडमी तथा बेलसरा उच्च विद्यालय में कई खिलाड़ी बाहर के थे। इधर इस संबंध में जिला क्रीड़ा संघ के सचिव मासूम रेजा तथा फुटबाल संघ के आबिद अंसारी ने इस आरोप निराधार तथा तथ्यहीन करार दिया।अररिया, संसू: जिला स्थापना दिवस की तैयारी को लेकर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित अंतर विद्यालय फुटबाल प्रतियोगिता में अनियमितता बरतने की शिकायत की गयी है। उच्च विद्यालय उरलाहा के शारीरिक शिक्षक मो. नौशाद आलम, शिक्षक मोहतशीम आलम व शफक मंजूर ने डीएम को आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने इस आवेदन में लिखा है कि डीएसई के द्वारा जारी पत्र के अनुसार प्रतियोगिता की टीम में सिर्फ स्कूली छात्र ही खेलेंगे। परंतु तीन जनवरी को हुए मैच में आक्सफोर्ड एकेडमी तथा बेलसरा उच्च विद्यालय में कई खिलाड़ी बाहर के थे। इधर इस संबंध में जिला क्रीड़ा संघ के सचिव मासूम रेजा तथा फुटबाल संघ के आबिद अंसारी ने इस आरोप निराधार तथा तथ्यहीन करार दिया।

भाजपा विधायक की मृत्यु पर शोकसभा

अररिया, संसू: पूर्णिया सदर के विधायक राजकिशोर केसरी की हत्या पर बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक शोकसभा का आयोजित कर दिवंगत नेता को भाव भीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सिकटी के भाजपा विधायक आनंदी प्रसाद यादव के अररिया स्थित आवास पर आयोजित शोकसभा में दो मिनट का मौन रखा गया। शोकसभा में भाजयुमो के प्रदेश कोषाध्यक्ष सैयद सरफराज हुसैन भी शामिल हुए। मौके पर उन्होंने केसरी को भाजपा का वफादार सिपाही बताया। उन्होंने कहा कि श्री केसरी के गुजर जाने से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है। वहीं विधायक आनंदी यादव ने कहा कि केसरी के निधन से पार्टी को झटका लगा है। मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण झा, बब्बन सिंह, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष शितेष ठाकुर, ओमप्रकाश चौधरी, जुबेर आलम आदि मौजूद थे।

पेंशनधारियों को मिलेगी 5.3 करोड़ की राहत राशि

अररिया : राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग सूबे के बुजुर्गो एवं विधवाओं पर काफी मेहरबान है। प्राकृतिक विपदा सुखाड़ का फायदा भले किसी को मिले या न मिले परंतु 60 वर्ष से अधिक तमाम महिला-पुरुष तथा विधवा महिला, विकलांग व्यक्ति को इसका लाभ मिलने जा रहा है। 20 रुपये प्रतिदिन की दर से 30 दिन का जोड़कर 600 रुपये मुफ्त सहाय्य राशि वितरण के लिए सरकार से जिला प्रशासन को 5 करोड़ 30 लाख 11 हजार 200 की राशि प्राप्त हो गई है। इसका लाभ जिले के 88327 वृद्ध, विधवा, विकलांग एवं असाध्य रोग से पीड़ित लोगों को मिलेगा। जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग से मिली जानकारी के अनुसार इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन की 61746 लाभार्थी, इंदिरा गांधी विधवा पेंशन- 10297, इंदिरा गांधी नि:शक्ता पेंशन- 37, लक्ष्मीबाई पेंशन 13766 तथा बिहार निशक्ता पेंशन योजना के कुल 2481 लाभार्थी हैं। जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी नरेन्द्र कुमार सिंह की माने तो 60 वर्ष से उपर के व्यक्तियों के सर्वे में समय नष्ट होता। जिला प्रशासन द्वारा राशि वितरण का आधार पेंशन माना गया। श्री सिंह ने बताया कि 08-15 जनवरी तक प्रखंड में कैंप लगाकर राशि वितरण किया जाना है। इसके लिए तमाम बीडीओ को सुखाड़ राहत वितरण की राशि उपावंटित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि अररिया को 8690400, जोकीहाट- 7291200, पलासी- 8603400, कुर्साकांटा- 3769800, सिकटी- 3469800, रानीगंज- 5748000, फारबिसगंज- 6904200, नरपतगंज- 2403000 तथा भरगामा प्रखंड को 6131400 रूपये दिये गये हैं। सहायक निर्देशक गोपाल प्रसाद ने बताया कि जिले में 60 वर्ष से अधिक पेंशन पाने वाले 61746 व्यक्ति, 24062 विधवा महिला, 2518 विकलांग व्यक्ति तथा 26 असाध्य रोग से ग्रसित व्यक्ति को राशि का लाभ मिलेगा।
सुखाड़ राहत वितरण का विस्तृत विवध
प्रखंड 60 वर्ष विधवा विकलांग असाध्य
अररिया 11282 2847 346 9
जोकीहाट 10146 1665 339 2
पलासी 11722 2344 271 2
कुर्साकांटा 5247 890 143 3
सिकटी 4706 912 164 1
रानीगंज 6867 2532 180 1
फारबिसगंज 3956 6836 708 7
नरपतगंज 998 2714 293 0
भरगामा 6822 3322 74 1
कुल- 61746 24062 2518 26
बाक्स के लिए
राशि वितरण में गड़बड़ी होने पर बीडीओ होंगे जिम्मेवार: डीएम
अररिया, संसू: छुट्टी से लौटने के साथ ही जिला पदाधिकारी एम. सरवणन बुधवार को गोपनीय प्रशाखा हाल में सुखाड़ राहत व तमाम संबंधी समीक्षात्मक बैठक किया। बैठक में दोनों एसडीओ व तमाम बीडीओ मौजूद थे। बैठक में डीएम श्री सरवणन ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार सुखाड़ राहत कोष के द्वारा तमाम विकलांग, वृद्धा व विधवा पेंशनधारियों तथा असाध्य रोग से पीड़ित व्यक्तियों को 600 रुपये का भुगतान किया जायेगा। डीएम ने तमाम बीडीओ को 8 से 15 जनवरी तक प्रखंड मुख्यालय में शिविर लगाकर रोस्टर के अनुसार राशि वितरण करने का निर्देश दिया है। उन्होंने एसडीओ को प्रत्येक तीन पंचायत पर एक सीडी कैसेट प्रचार-प्रसार के लिए बीडीओ को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। डीएम ने साफ कर दिया कि राशि वितरण में गड़बड़ी होने पर बीडीओ को जिम्मेवार मानते हुए कार्रवाई की जाएगी। इसे रोकने के लिए उन्होंने प्रखंड मुख्यालय में निगरानी समिति गठित करने तथा राशि वितरण शिविर की वीडियोग्राफी कराने की जिम्मेदारी बीडीओ को सौंपी है।

Wednesday, January 5, 2011

जंगलों के लिए नहीं रोयेगा शिकारगाह

अररिया : अब शिकारगाह जंगलों के लिये नहीं रोएगा। बशर्ते, मनरेगा के तहत वृक्षारोपण व वन विभाग की महत्वाकांक्षी योजनाएं ठीक ठाक चलें। वर्ष 2010 में वन व पर्यावरण के लिहाज से अररिया के लिये कुछ अच्छी बातें हुई हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सिमराहा के निकट खैर वन के नेचुरल ग्रोथ से प्रभावित हुए तथा उन्होंने अधिकारियों को वहां के विशाल भूभाग में जंगल का विकास व उस जंगल का नाम अमर कथा शिल्पी फणीश्वरनाथ रेणु के नाम पर रेणु स्मृति वन रखने को कहा। तत्कालीन वन मंत्री रामजी ऋषिदेव ने अपने निर्वाचन क्षेत्र रानीगंज में करोड़ों की लागत वाली वन वाटिका के निर्माण की शुरूआत करवायी। वहीं, अब मनरेगा के तहत प्रशासन ने एक लाख पेड़ लगाने की शुरूआत की जा रही है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो अररिया में एक बार फिर सघन वन अस्तित्व में आ जायेंगे।
जानकारों की मानें तो वनों के लिहाज से अररिया सदियों अव्वल रहा है। पहले इसे टाइगरलैंड व शिकारगाह कहा जाता था। लेकिन विगत कुछ दशकों के दौरान अंधाधुंध वृक्ष संहार ने इसकी हरी जिंदगी छीन ली। शिकारगाह जंगलों के लिये रोने लगा। सरकारी पहल से अब जंगलों की स्थिति सुधर रही है। हालांकि अब भी बहुत कुछ किया जाना शेष है।
विदित हो कि इन दिनों अररिया जिले के मात्र 3.8 प्रतिशत हिस्से में सघन वन हैं। साठ के दशक में यहां एक दर्जन से अधिक सरकारी जंगल विकसित किये गये थे तथा रोपित वनों के मामले में यह बिहार में सबसे आगे था। एक दर्जन वन क्षेत्र व 678 हेक्टेयर वन। नेचुरल फारेस्ट अलग से। लेकिन वन विभाग की उदासीनता के कारण
रहिकपुर, सिमराहा व मदारगंज का कत्था जंगल, करियात का शीशम व कत्था, कुसियारगांव, हड़ियाबारा व माणिकपुर के बांस, आजमनगर व कुसियारगांव के सखुआ जंगल उजड़ गये। लेकिन विगत एक साल की चुस्ती रंग ला रही है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक बशीर अहमद खान ने स्वयं रुचि दिखलायी तथा जंगलात के महकमे के अधिकारी भी सक्रिय हुए। रहिकपुर व सिमराहा में जंगल फिर से आबाद हुए हैं। करियात में भी सूरत बदली है।
जिले में शीशम पेड़ों के सूखने के रोग को ठीक करने के लिये करोड़ों की लागत से करियात में हाइ टेक नर्सरी की स्थापना की गयी तथा कई एकड़ में क्लोनल सीड बागान डेवलप किया गया। इस साल वन विभाग के अधिकारी नर्सरी के चालू होने की संभावना व्यक्त कर रहे हैं।
लेकिन अररिया की हरी जिंदगी की पीड़ाएं कई हैं। वन माफिया अब भी सक्रिय है। गांवों में पेड़ों की बेहिचक कटाई हो रही है। बगैर लाइसेंस आरा मिलें चल रही हैं। इतना ही नहीं नेपाल से भी लकड़ियों की तस्करी जारी है और वन अधिकारी चुप बने बैठे हैं। नेपाली लकड़ियां जिला मुख्यालय के आरा मिलों में स्टोर की जाती हैं। कहीं, वन अधिकारियों की मिली भगत तो नहीं? उम्मीद की एक किरण यह भी कि जिले के लोगों में वन व पर्यावरण को ले जागरूकता बढ़ रही है।

गश्ती में कोताही बरतने वाले होंगे दंडित : एसपी

अररिया : अपराध नियंत्रण की मासिक बैठक में बुधवार को अररिया के पुलिस कप्तान विनोद कुमार ने अपने सभी थानाध्यक्षों को कड़ा निर्देश देते हुये कहा कि गश्ती में कोताही बरतने वाले पुलिस कर्मी विभागीय कार्रवाई के लिये तैयार रहें। साथ हीं गश्ती के दौरान यदि कोई अपराधिक घटना घटती है तो इसकी जिम्मेदारी भी उन्हीं पुलिस कर्मी पर होगी जो ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। बैठक में चौकीदारों के कर्तव्यों पर विशेष चर्चा की गयी। एसपी श्री कुमार ने थानाध्यक्षों को कहा कि किसी भी घटना की जानकारी यदि चौकीदार तुरंत नहीं देते हैं तो उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की जायेगी। क्योंकि पुलिस का मुख्य संपर्क सूत्र चौकीदार ही होते हैं। चौकीदार अपने ड्यूटी में लापरवाही बरतेंगे तो थानाध्यक्ष भी कमजोर होंगे। एसपी ने चौकीदार को चुस्त-दुरूस्त रखने के लिये थानाध्यक्षों को विशेष टिप्स दी। मौके पर थानाध्यक्षों को पुराने अपराधकर्मियों पर भी पैनी निगाह रखने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि पुराने अपराधकर्मी, नये अपराधियों के लिये मास्टर माइंड की भूमिका निभा सकते है। इसलिए ऐसे बदमाशों के पीछे चौकीदारों को सतर्क रखना जरूरी है। बैठक में फारबिसगंज डीएसपी एस के झा, डीएसपी एसडीपीओ मो. कासिम, डीएसपी बदरे आलम के अलावे सभी थानाध्यक्ष व ओपी प्रभारी मौजूद थे।

पूर्व लोस अध्यक्ष के निधन पर शोक सभा

अररिया : पूर्व लोक सभा अध्यक्ष बलिराम भगत के आकस्मिक निधन पर युवा कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं ने शोक व्याप्त है। मंगलवार को कार्यकत्र्ताओं ने एक शोक सभा आयोजित कर दे मिनट का मौन रखते हुए उनके आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। सभा की अध्यक्षता मुसर्रफ रेजा ने की।
सभा में विस क्षेत्र अध्यक्ष शशि भूषण झा, असलम रहमानी, सुभाष यादव, शमीम अख्तर, परवेज आलम आदि मौजूद थे।

ग्रामीणों ने किया विद्युत अभियंता का घेराव

फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड के रमै पंचायत स्थित पूर्व टोला के दर्जनों ग्रामीण मंगलवार को विद्युत कनेक्शन उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर स्थानीय पावर हाउस पहुंच जमकर हंगामा करते हुए विद्युत विभाग के एसडीई का घेराव किया। ग्रामीणों का आरोप था कि उनके गांव में विद्युत कनेक्शन उपलब्ध किये जाने का पूर्व में भी आश्वासन दिया गया। किंतु आज तक विद्युत का लाभ नहीं मिल सका। इधर विद्युत विभाग के एसडीई जकी अहमद के द्वारा शीघ्र समस्या का समाधान किये जाने के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। ग्रामीण मो. फिरोज, मो. यासीन, मुमताज, विद्यानंद पासवान, दयानी राम, जितेन्द्र राम, गीरानंद झा, महेन्द्र साह, जगदीश साह, राजेश पासवान, मंजूला देवी, आनंदी देवी, मो. सिराज आदि ने बताया कि उनके गांव तक बिजली का खंभा लग गया है। ट्रांसफार्मर भी उपलब्ध है। किंतु उनके घरों तक आज तक बिजली नहीं पहुंच सकी है। लाख आश्वासन के बाद स्थिति में सुधार नहीं है। बिजली उपलब्ध होने के बावजूद कुछ लोगों को इससे वंचित किया जा रहा है। इधर पूछे जाने पर कार्यपालक विद्युत अभियंता सीता राम सिंह ने बताया कि उक्त गांव में बिजली उपलब्ध कराने संबंधी आवश्यक निर्देश दे दिया गया है। शीघ्र ही समस्या का समाधान हो जायेगा।

ट्रेन में पाकेटमार सक्रिय

फारबिसगंज(अररिया) : बंगाल के ब‌र्द्धमान से फारबिसगंज स्थित अपने घर चित्तपुर एक्सप्रेस ट्रेन से लौट रहे अशोक देव की पत्‍‌नी साधना देवी का पर्स मंगलवार को कटिहार फारबिसगंज रेलखंड के बीच चोरों ने उड़ा लिया। पर्स में नगदी, मोबाइल सहित हजारों रूपये मूल्य के अन्य सामान थे। घटना की सूचना पीड़ित परिवार द्वारा जोगबनी जीआरपी थाना को दे दी गयी है।

दो मुख वाले बछड़े का जन्म

फारबिसगंज: प्रखंड के क्षेत्र के परवाहा हाट स्थित स्थानीय निवासी बुद्धदेव साह के घर सोमवार को गाय ने अद्भुत बछड़े को जन्म दिया। नवजात बछड़ा के मुख के समीप दो मुंह बना हुआ था तथा आंख के ऊपर सिंह की जगह विचित्र आकृति बनी है। बछड़ा जीवित व स्वस्थ है। श्री साह के घर बछड़े को देखने वालों का तांता लगा है।
निधन पर शोक
अररिया: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व लोकसभा अध्यक्ष बलिराम भगत के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के वरीय उपाध्यक्ष विजय यादव,, जिला प्रवक्ता अब्दुस सलाम, महासचिव सदरे आलम, लखन राय, अब्दुल मन्नान अंसारी, मीर मंसूर आलम, मो. ताहा, गोपश सिन्हा, अरूण वर्मा, प्रदीप तिवारी आदि ने शोक व्यक्त किया।

लुटिया पुल पर एयरटेल वाहन लूट मामले में एक गिरफ्तार

फारबिसगंज(अररिया) : करीब डेढ़ माह पूर्व फारबिसगंज रानीगंज मार्ग पर परवाहा हरिपुर गांव के बीच लुटिया पुल पर एयरटेल मोबाइल कंपनी के वाहन में हुई लूटपाट के मामले में फारबिसगंज थाना पुलिस ने सोमवार को एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया। थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि लूट मामले में गिरफ्तार युवक भरगामा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव निवासी प्रवेश कुमार यादव अपराधियों के टीम का सदस्य है जो भेदिया का काम करता था। गिरफ्तार युवक ने लूट मामले सहित कई अन्य जानकारियां पुलिस को दी है। मालूम हो कि लूटिया पुल मुसहरी बस्ती के समीप हुई मामले में थाना में मामला दर्ज कराया गया था। अपराधियों के वाहन से एयरटेल सीप सहित करीब पचास हजार रूपये मूल्य की संपत्ति लूट ली थी। हालांकि लूटी हुई सामग्री की बरामदगी नहीं हो सकी है।

दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय बाल मेला प्रारंभ


फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज कालेज के मैदान पर मंगलवार को दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय बाल मेला का उद्घाटन कालेज के प्रभारी प्राचार्य चंद्रिका प्रसाद ने किया। जिला सचिव राजेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी फारबिसगंज चंदन कुमार थे। बाल मेला के अवसर पर विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में प्रखंड की 12 संकुलों के पांच सौ छात्र छात्राओं ने शारीरिक शिक्षकों की निगरानी में भाग लिया। जिसमें सौ, दो सौ, चार सौ तथा आठ सौ मीटर की दौड़, ऊंची और लंबी कूद, कबड्डी और खो खो शामिल है। प्रतियोगिता के पहले दिन समाचार प्रेषण तक आयोजित सौ मीटर दौड़ प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में कोमल कुमारी जोगबनी प्रथम, नुरानी खातून ढोलबज्जा द्वितीय और रिंकी कुमारी भद्रेश्वर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग के बालक वर्ग में रिजवान आलम समौल प्रथम और पप्पू कुमार थाना मध्य विद्यालय ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। सौ मीटर सीनियर बालिका वर्ग में पूजा कुमारी जोगबनी प्रथम, जहांआरा सिमराहा द्वितीय और सोनाली कुमारी ढोलबज्जा तीसरे स्थान पर रही। जबकि बालक वर्ग में मो. शमीद जोगबनी प्रथम, अनवर थाना मध्य विद्यालय द्वितीय एवं सिमराहा संकुल के शादाब तृतीय रहे। इस तरह सौ मीटर दौड़ में इस वर्ष भी जोगबनी संकुल का वर्चस्व रहा। प्रतियोगिता में अनुमंडल शिक्षक संघ के अध्यक्ष विद्यानंद पासवान, सचिव गणेश यादव,, प्रकाश चंद्र विश्वास, गयानंद यादव, रामप्रकाश यादव, संजय कुमार, नीरज प्रसाद, अजय कुमार सिन्हा, मांगन मिश्र, सिराजुद्दीन, विनय सिंह आदि शिक्षकों का सक्रिय योगदान रहा। बताया गया कि प्रारंभिक राउंड के पश्चात अधिकतर प्रतिस्पर्धाओं का फाइनल राउंड बुधवार को आयोजित होंगे। इस मौके पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्रा, शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं खेल प्रेमी प्रतिभागियों का उत्साह व‌र्द्धन करते देखे गये।

जेएनवी ने उरलाहा को सात एवं उ.वि. ने पब्लिक स्कूल को तीन गोल से रौंदा

अररिया : जिला स्थापना दिवस के उपलक्ष्य नेताजी सुभाष स्टेडियम में खेले जा रहे फुटबाल टूर्नामेंट के दूसरे दिन मंगलवार को उच्च विद्यालय अररिया ने इंडियन पब्लिक स्कूल को तीन गोल से पराजित किया। वहीं दूसरे मैच में जवाहर नवोदय विद्यालय ने उरलाहा को सात गोल से पराजित की। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये जिला शिक्षा पदाधिकारी दिलीप कुमार, डी एस सी मो. अहसन, डीएस ए. सचिव मासुम रेजा, आबिद हुसैन आर.के. श्रीवास्तव, पी.घटक, विवेकानंद यादव सहित स्टेडियम में मौजूद थे। खेल में निर्णायक की भूमिका चांद आजमी, अब्दुल गफ्फार, आवेश अख्तर एवं मो. उस्मान ने निभायी।

जनसहयोग के बिना कामयाबी नहीं: एसपी

रानीगंज (अररिया) : अपराध नियंत्रण करने में पुलिस अगर हाथ है तो आम जनता आंख व कान, आम जनता के सहयोग के बिना पुलिस की कामयाबी पूरा नहीं हो सकती, उक्त बातें अररिया आरक्षी अधीक्षक विनोद कुमार ने मंगलवार को यहां कही। वे हासा गांव में ग्रामीणों के सफल प्रयास से लूटी गयी मवेशी के साथ अपराध कर्मियों की गिरफ्तारी पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे। रानीगंज थाने में उपस्थित फारबिसगंज अपर आरक्षी अधीक्षक शिव कुमार झा, आरक्षी उपाधीक्षक बदरे आलम व अन्य के समक्ष कहा कि आम जनता के सहयोग के बलबूते ही पुलिस ने सीमित संसाधन एवं कम बल के बिना भी अपराध पर निरंतर सफलता पायी है। इस क्षेत्र में मवेशी लूट को एक समस्या बताते हुए एसपी ने कहा कि इसके पीछे काम कर रहे गंगा यादव गिरोह के अन्य सदस्यों को भी जल्द हीं पुलिस सलाखों के पीछे भेजेगी। डाकेजनी एवं मवेशी लूट की घटना के छ: घंटों के भीतर लूटी गयी मवेशी की बरामदगी एवं दो अपराध कर्मियों की गिरफ्तारी के लिए हांसा ग्राम के ग्रामीण एवं रानीगंज थानाध्यक्ष अरुण सिंह, आरक्षी निरीक्षक ललन पांडे, एसआई सुभाष सिंह सहित पूरी पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की बात एसपी ने कही।

भू-विवाद में मारपीट व आगजनी

फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज थाना क्षेत्र के खैरखां गांव में मंगलवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना के बाद फूस के दो घरों को जला दिया गया। दोनों पक्षों के द्वारा एक-दूसरे पर मारपीट करने तथा फूस के घर में आग लगाने का आरोप लगाते हुए थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज करायी है। कांड संख्या 02/11 में लखन मंडल ने मजदूर मंडल, विनोद मंडल, हीरा मंडल सहित चार अन्य लोगों पर अवैध तरीके से जोर-जबरदस्ती जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से मारपीट करने एवं घर में आग लगने का आरोप लगाया है। दूसरी तरफ ननक लाल मंडल ने कांड संख्या 02/11 में गोपाल मंडल, जय राम मंडल, जीव राज मंडल, लखन मंडल, घनश्याम मंडल, बलराम मंडल, पूनम देवी पर परिजनों के साथ मारपीट करने तथा घर में आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

चचरी पुल दे रहा मौत को आमंत्रण

बसैटी (अररिया) : रानीगंज प्रखंड के घघरी गांव में दुलारदेई नदी पर बना बांस का चचरी पुल मौत को आमंत्रण दे रहा है। प्रतिदिन उक्त बांस के चचरी पर होकर सैकड़ों की संख्या में लोग पार होते हैं। ग्रामीण बताते हैं कि आये दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं फिर भी प्रशासन की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की जा सकी है। आठ-दस वर्ष पूर्व डूबने से यहां एक व्यक्ति की मौत भी हो चुकी है। कई बार सांसद, विधायक व मंत्री से यहां के लोगों ने इस घाट पर पुल बनवाने की गुहार लगाई है। परंतु सभी का आश्वासन ढाक के तीन पात साबित हुए हैं। पंचायत समिति सदस्य प्रोफेसर मो. सिद्दीन बताते हैं कि यह गांव दुलादेई व सौरा दो नदी के बीच बसा है जिस पर चार घाटे हैं। दो घाटो में तो अभी भी लोग कमर भर पानी में तैरकर या बैलगाड़ी से पार होते हैं। लेकिन दो घाटों पर बांस का चचरी बना दिया गया है। बरसात के मौसम में यहां यातायात दुरूह बन जाता है। जबकि पैक्स अध्यक्ष नजरूल इसलाम का कहना है कि अधिकांश लोग अल्पसंख्यक व गरीबी रेखा से नीचे गुजर बसर करते हैं। जो मजदूरी व खेतों में काम कर अपना जीवन बसर करते हैं। औरतें धान से चावल तैयार करती है व पुरुष चावल को अररिया पूर्णिया मंडी में बेचते हैं। परंतु पुल के अभाव में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं मुखिया चंद्रिका प्रसाद सिंह कहते हैं कि यदि पुल निर्माण हो जाय तो, एकरा, बांसर, धोबिनियां, सैतपुर, बंगलाहाट, मोहनी, करेला सहित कई गांव की तस्वीर बदल सकती है।

स्कूल दूर होने से बच्चे हो रहे शिक्षा से वंचित


बसैटी (अररिया) : बच्चों को शिक्षा के लिए एक ओर सरकार लाखों करोड़ों पानी की तरह बहा रही है वहीं रानीगंज प्रखंड के पहुंसरा पंचायत स्थित सदूर ग्रामीण क्षेत्र कुजरा टोला व संथाली टोला में एक अदद स्कूल के अभाव में सैकड़ों बच्चे विद्यालय से दूर हैं। कुछ बच्चे तीन से चार किलोमीटर दूर पैदल चलकर प्राथमिक विद्यालय तमघट्टी पढ़ाई करने जाते हैं। इतनी दूर प्रतिदिन स्कूल जाने से बच्चे कतराने लगते हैं। बच्चों का आरोप है छोटी जाति से होने के कारण उन्हें ताना भी सुनना पड़ता है। बच्चे कहते हैं कि यदि हमारे यहां भी एक विद्यालय खुल जाता तो हमलोग भी पढ़ने में अधिक ध्यान लगाते हैं। अभिवावक मो.तलय, जहुरी, सलीम, मुस्तकीम किशन मरंडी आदि कहते हैं कि उनके बच्चे का नाम तो तमघट्टी गांव के स्कूल में तो है परंतु दूर होने के कारण बच्चे जाना नही चाहते है। ग्रामीण बताते हैं कि इस गांव में अधिकांश आदिवासी, महादलित व अत्यन्त पिछड़ा अल्पसंख्यक समुदाय के लोग रहते हैं। जिसका मुख्य काम मजदूरी व खेती-बाड़ी करना है। इतने कम आय में अपने बच्चों को बाहर रखकर पढ़ाना काफी मुश्किल है। वहीं पंचायत समिति सदस्य कलानंद सिंह व मुखिया उपेन्द्र मरण्डी ने बताया कि इस गांव में नवसृजित प्राथमिक विद्यालय खोले जाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है। बच्चों व ग्रामीणों ने पांच सौ से अधिक आबादी वाले इस गांव में एक विद्यालय खुलवाने की मांग सरकार व जिला प्रशासन से की है।

सदर अस्पताल में नहीं खुल सका जेनेरिक दवा की दुकान

कुसियारगांव (अररिया) : सरकार के निर्देश के बावजूद सदर अस्पताल अररिया में सस्ते दामों पर मरीजों को जीवन रक्षक दवा उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। पिछड़ा जिला अररिया में एक बड़ी आबादी स्वास्थ्य सेवा के लिए सदर अस्पताल पर निर्भर है। पैसे के अभाव में यहां आने वाले कई मरीज दम तोड़ देते हैं लेकिन आधे मूल्य पर बेचे जाने के लिए निर्धारित दवा दुकान अभी तक यहां शुरू नहीं हो पाया है। इस संबंध में पूछे जाने पर सीएस डा. धनुषधारी प्रसाद ने बताया कि नौ प्रखंडों में दवा दुकानों के लिए टेंडर हो चुका है लेकिन कई जगहों पर अभी तक संबंधित संवेदक ने दुकान नहीं खोला है।
सदर अस्पताल अररिया में रोजाना बड़ी संख्या में गरीब मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। उनमें अधिकांश मरीज ऐसे होते हैं जिन्हें दवा खरीदने के लिए पैसे नहीं होते। बावजूद न तो सदर अस्पताल में सरकार द्वारा निर्धारित सभी दवा उपलब्ध है और न ही अस्पताल में आधी कीमत पर बेचे जाने वाले दवा दुकान ही खोली जा सकी है। ज्ञात हो कि सदर अस्पताल सहित सभी प्रखंड मुख्यालय स्थित सरकारी अस्पतालों में जेनेरिक दवा की सरकारी दुकानें संविदा के आधार पर खोली जानी है। जहां आधी कीमत पर दवा गरीबों को दी जायेगी। उक्त दवाओं पर सरकार को देय टैक्स माफ होता है। लेकिन अभी तक सदर अस्पताल में यह व्यवस्था नहीं शुरू हो सकी है। जबकि भवन बन कर तैयार है और टेंडर के पश्चात अनुबंध भी हो चुका है। बावजूद दुकानें अभी तक बंद हैं। जबकि सूत्रों की मानें तो उक्त दवा दुकान के नाम पर दवाओं की कालाबाजारी हो रही है। इस संबंध में सिविल सर्जन डा. धनुषधारी प्रसाद से पूछे जाने पर बताया कि जिले के नौ प्रखंडों में जेनेरिक दवा की सरकारी दुकान के लिए टेंडर हो गया है। जहां रानीगंज, सिकटी, पलासी, कुर्साकांटा, अस्पतालों में यह दुकान चालू भी हो गया है। लेकिन शेष प्रखंडों व सदर अस्पताल में यही व्यवस्था शुरू नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि यदि दुकान शीघ्र नहीं खोला गया तो अनुबंध को रद्द कर दिया जायेगा। श्री प्रसाद ने यह भी बताया कि अगर इसकी आड़ में कुछ लोगों द्वारा दवा चोरी-छिपे बाजार में बेची जा रही है तो उसे जल्द ही दबोचा जायेगाI

पांच माह से चौकीदारों को वेतन नहीं

बसैटी (अररिया) : रानीगंज/बौसी थाना के चौकीदारों को विगत पांच माह से वेतन भुगतान नहीं होने से उनके समक्ष भुखमरी की समस्या उत्पन्न हो गयी है। चौकीदार रणधीर पासवान, शिवन पासवान, सुबोध कुमार, अमित कुमार, चंद्रानंद पासवान आदि ने बताया कि वेतन भुगतान नहीं होने से वे लोग मानसिक रूप से प्रताड़ित होना पड़ रहा है। अब तो राशन दुकानदार तक उधार राशन देने से कतराने लगे हैं। बच्चे की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। चौकीदारों ने जिला प्रशासन से शीघ्र भुगतान की मांग की है।

मारपीट की अलग- अलग घटनाओं में दस जख्मी

कुसियारगांव (अररिया) : विगत 24 घंटे के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विभिन्न वारदातों को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में लगभग 10 लोग जख्मी हो गये, जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। घटना को लेकर अस्पताल प्रशासन द्वारा सूचना थाना को भेज दी गई है। जानकारी के अनुसार रानीगंज थाना क्षेत्र के खरहट नया टोला में भूमि विवाद को लेकर मारपीट में प्रेम लाल विश्वास, सुनिल विश्वास व कपिया देवी बुरी तरह जख्मी हो गयी, जबकि अनिल कुमार, मुनेन्द्र विश्वास व कंचन विश्वास गंभीर रूप से जाख्मी हैं। इस घटना में गयानंद व कुंदन विश्वास समेत सात लोगों को नामजद अभयुक्त बनाया गया है। दूसरी घटना महल गांव थाना क्षेत्र के पछियारी पिपरा बेगना गांव में घटी जहां दरवाजे पर रात्रि काल शराब पी रहे कुछ लोगों को मना करने पर गृह स्वामी मोहन ठाकुर, राजेन्द्र ठाकुर, अशोक ठाकुर को लोहे का रड व लाठी से पीटकर बुरी तरह जख्मी कर दिया, सभी जख्मी का इलाज जारी है।

सत्ता व शासन के प्रयासों से जग रही उम्मीद

अशोक झा  : सड़क चौड़ीकरण, शहर सौंदर्यीकरण व कचरा प्रबंधन को अगर नगर विकास का पैमाना माना जाय तो अररिया शहर कहीं नहीं ठहरता। लेकिन सरकार व प्रशासन के प्रयासों से नये साल के लिये उम्मीद की किरण जरूर निकलती है।
वर्ष 2010 में नगर विकास के नाम पर केवल वायदों का खेल होता रहा। धरातल पर दो चार टूटे नालों के सिवा कुछ नहीं उतरा। लिहाजा शहर के लुक में कोई परिवर्तन नहीं हो पाया। लेकिन जीरो माइल से गोढ़ी चौक तक सड़के के टू लेन बनने व अन्य सड़कों के निर्माण को ले प्रारंभिक चहल पहल से माहौल में उत्साह जरूर बना रहा।
अररिया शहर के साथ सबसे बड़ी विडंबना यह है कि यहां विकास को ले समेकित प्रयास नहीं होता। सब अपनी ही गाते हैं। शहर विकास को ले कोई मास्टर प्लान नहीं है। नप के अधिकारियों से पूछिये तो यही जबाब कि मास्टर प्लान शीघ्र बनाया जायेगा। शहर के विकास को ले योजनाएं आती हैं, लेकिन उन्हें शहर विकास के ध्यान से नहीं, वार्ड के हिसाब से बांट दिया जाता है।
जानकारी के मुताबिक बीते वर्ष शहर में तकरीबन चार करोड़ की विकास योजनाएं प्रारंभ की गयीं। जिनमें से अधिकांश सड़क निर्माण से संबंधित हैं तथा आधी से अधिक पूरी हो गयी बतायी जाती हैं।
अभी तक इस शहर में बिल्डर्स नहीं आये। हालांकि सिग्नस बिहार जैसी कुछ कंपनियां फारबिसगंज में जरूर सक्रिय हैं। वहीं, शहर में अंबेदकर आवास योजना के तहत शहरी गरीबों के लिये घर बनाये जाने थे। लेकिन उच्च न्यायालय में जन हित याचिका दायर हो जाने के कारण योजना पर फिलहाल रोक लगी हुई है।
अररिया शहर में जल निकासी दुखती रग है। शहर में अब तक पांच करोड़ से अधिक की राशि नाला निर्माण पर व्यय हो चुकी है। लेकिन नब्बे फीसदी नालों से एक बूंद पानी नहीं बहता। सूत्रों की मानें तो नाला निर्माण में जम कर धांधली व भ्रष्टाचार हुआ है। चालू साल में भी करोड़ों की लागत से नाले बन रहे बताये जाते हैं। लेकिन गुणवत्ता की कमी साफ झलकती है। वहीं, कई स्थानों पर नाले क्षतिग्रस्त भी हो गये हैं।
पार्क व जल निकासी की व्यवस्था भले ही अब तक सपना बनी हो, कचरा प्रबंधन के लिये 1.20 करोड़ का आवंटन उपलब्ध रहने के बावजूद कचरा संग्रहण व प्रसंस्करण केंद्र बनाने की योजना पर काम शुरू नहीं हो पाया है। हालांकि नप के कार्यपालक पदाधिकारी अनिल कुमार का कहना है कि नये साल में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था मुकम्मल कर ली जायेगी।
शहर में सफाई की व्यवस्था मुख्य सड़क व कुछ वीआइपी लोगों तक ही सीमित है। दर्जनों सड़कें ऐसी हैं, जिन पर नप का कचरा वाहन कभी नहीं जाता।

दो महिलाओं ने किया विषपान

कुसियारगांव (अररिया) : विगत 24 घंटे के दौरान महल गांव थाना क्षेत्र के कुरसेल पंचायतों में घरेलू विवाद के कारण दो महिलाओं ने विषपान कर लिया। परिजनों ने दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया है। जानकारी अनुसार कुरसेल गांव में रुसी देवी को पति सुरेश कुमार ततमा द्वारा मायका जाने से मना करने पर उसने मंगलवार को विष पान कर ली। दूसरी घटना में पति-पत्‍‌नी के बीच घरेलू विवाद के कारण मो. तय्यब की पत्‍‌नी बीबी हुस्न आरा ने विष पान कर ली। इलाज कर रहे डा. डीएमपी साह ने बताया कि स्थिति गंभीर है।

लिंक वर्करों का सात दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ


अररिया : एचआईवी एड्स के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जिले में चल रहे लिंक वर्कर स्कीम में कार्यरत वर्कर का सात दिवसीय प्रशिक्षण मंगलवार को प्रारंभ हुआ। राष्ट्रीय विकास एवं समाज कल्याण परिषद पटना के सौजन्य से आयोजित इस आवासीय प्रशिक्षण में नौ प्रखंडों के 40 लिंक वर्कर भाग ले रहे है। यह कार्यक्रम अररिया जिले के सौ गांवों में पिछले दो वर्षो से चलाया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्घाटन अररिया के सिविल सर्जन डा. धनुषधारी सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मौके पर जिला स्वास्थ्य समिति के डीपीएम रेहान अशरफ, लिंक वर्कर स्कीम के रंधीर कुमार, ब्रजेन्द्र ओझा, अखिलेश कुमार, डा. अमरेन्द्र झा, रेणु कुमारी आदि मौजूद थे। राबिसकल्प के अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने बताया कि एचआईवी एड्स के मामले में बिहार के दो अति संवेदनशील जिले अररिया एवं लखीसराय में लिंक वर्कर स्कीम प्लान इंडिया और यूएनडीपी के सहयोग से चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अररिया में बेहतर उपलब्धि प्राप्त कर सफलता के पांचवे स्थान पर अपनी जगह बनायी है। मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए सीएस श्री सिंह ने कहा कि एड्स एक लाइलाज बीमारी है जिससे बचने के लिए जागरूकता जरूरी है। ग्रामीण स्तर पर सघन जागरूकता अभियान चलाकर हाइ रिस्क जिला से इसे नो रिस्क जिला घोषित कराना हम सबों का उद्देश्य होना चाहिए।

शिविर का आयोजन

पलासी : प्रखंड मुख्यालय स्थित पीएचसी में मंगलवार को बंध्याकरण शिविर का आयोजन किया गया। मौके पर डा. एपी सिंह, डा. इकबाल हुसैन, बालेश्वर यादव, मो. मोजाहिद आदि मौजूद थे। इस बाबत प्रभारी डा. जहांगीर आलम ने बताया कि 64 महिलाओं का बंध्याकरण किया गया।
चोरी मामले में प्राथमिकी
फारबिसगंज : समेली प्रखंड की सीडीपीओ सह फारबिसगंज निवासी रंजना देवी के आवास से रविवार की रात हुई चोरी के मामले में फारबिसगंज थाना में मामला दर्ज कर ली गयी है। रंजना देवी के पति मुरलीधर मेहता के लिखित आवेदन पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

संासद ने की परमान पर पुल बनाने की घोषणा

अररिया/जोकीहाट (अररिया) : सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने जोकीहाट प्रखंड क्षेत्र के चकई पंचायत अंतर्गत करहमना में सोमवार की देर शाम आयोजित एक कार्यक्रम में परमान धार पर पक्का पुल बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस घाट पर पुल नहीं रहने से 10-15 हजार की आबादी मुख्यालय से संपर्क से वंचित रहती है। श्री सिंह ने कहा कि सुशासन के सरकार में कोई भी गांव को विकास से वंचित नहीं रहने दिया जायेगा। सांसद ने कहा कि जोकीहाट के इस पिछड़े हुए इलाके में हमारी विशेष नजर है। इस अवसर पर चंद्रशेखर गुप्ता, अशोक मुखिया, रवींद्र मुखिया, हाजी इदरीश, मो. एकराम, हरि मंडल, नंदलाल मंडल, बेचन मंडल, डोमन मंडल आदि मौजूद थे।

प्रखंड स्तरीय बाल मेला आयोजित

अररिया : बिहार शिक्षा परियोजना अंतर्गत बीआरसी अररिया में मंगलवार को प्रखंड स्तरीय बाल मेला-2010 का आयोजन किया गया। जिसमें प्रखंड के सभी 13 संकुल के चयनित छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। मेले में सीनियर एवं जूनियर ग्रुप के छात्र-छात्राओं के बीच अलग-अलग खेल-कूद प्रतियोगिता आयोजित की गयी। जिसमें 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, लंबी दौड़, रंगोली, कबड्डी, खो-खो आदि खेल शामिल किये गये। इस मौके पर डी एस ई अहसन, बीईओ डा. बैजू झा, बीआरपी सुरेश यादव, समन्वयक गयानंद दास, फिरोज आलम, मनोज मंडल, गयानन्द चौधरी, ओमप्रकाश, अब्दुल गफ्फार आदि मौजूद थे।

राजकिशोर केसरी की हत्या पर गहरा शोक

अररिया  : पूर्णिया के भाजपा विधायक सह सत्तारूढ़ दल के सचेतक राजकिशोर केसरी की मंगलवार की सुबह महिला द्वारा चाकू मारकर हत्या की खबर मिलते ही जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गयी है। मंगलवार को सिकटी विधायक आनंदी प्रसाद यादव के अररिया स्थित आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने शोकसभा आयोजित कर दो मिनट का मौन रखा। शोकसभा में भाजयुमो के प्रदेश कोषाध्यक्ष सैयद सरफराज हुसैन भी शामिल हुए। उन्होंने विधायक हत्या प्रकरण पर कहा कि राजकिशोर केसरी न सिर्फ पूर्णिया के विधायक बल्कि पूरे प्रमंडल के मान्य नेता थे। उनके निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है। वहीं सिकटी विधायक आनंदी प्रसाद यादव ने कहा कि केसरी के निधन से पूरा भाजपा मर्माहत है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण झा ने कहा कि राजकिशोर जी की असामयिक मृत्यु से पार्टी व समाज को बड़ा आघात पहुंचा है। मौके पर भाजयुमो के जिलाध्यक्ष शीतेष ठाकुर, चंद्रशेखर सिंह बब्बन, विप सदस्य प्रतिनिधि ओमप्रकाश चौधरी, संघ के जीवछ लाल ठाकुर, सतीश जी, जुबेर आलम समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे। वहीं पार्टी जिलाध्यक्ष आलोक कुमार भगत, सांसद प्रतिनिधि संजय मिश्रा, सुरेन्द्र झा, रीतेश राय आदि ने भी श्री केसरी की हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया।

ठिठुरती ठंड में भी आंगनबाड़ी केंद्र खुले

अररिया : बच्चों को ठंड से बचने के लिए स्कूलों को बंद करने की घोषणा का प्रभाव आंगनबाड़ी केंद्रों पर नहीं है। ठिठुरती ठंड में भी आंगनबाड़ी केंद्र खुला रहता है। सुबह के आठ बजे से ही केंद्रों पर कंपकपाते नौनिहाल शिक्षा ग्रहण करने पहुंच जा रहे है। जिनमें अधिकांश बच्चों के शरीर पर आधी अधूरी ही गर्म कपड़े नजर आते है। ऐसी परिस्थिति में बच्चों की हालत क्या रहती होगी। जबकि केंद्रों पर बच्चों को बैठने के लिए एक चटायी ही उपलब्ध होता है। कई आंगनबाड़ी केंद्रों को सेविका व सहायिका ने बताया कि ठंड में बच्चों को सुरक्षित रखना काफी परेशानी की बात है। कई बच्चों के अभिभावकों ने बताया कि जनवरी के चार दिन पूर्व से ही ठंड का प्रकोप इतना बढ़ गया है कि बुढ़ों को भी परेशानी बढ़ गयी है। ऐसी परिस्थिति में आंगनबाड़ी केंद्र का खुला रहना समझ से परे है। एसडीओ डा. विनोद कुमार एवं जिला प्रोग्राम पदाधिकारी चंद्रप्रकाश ने बताया कि राज्य सरकार से आंगनबाड़ी केंद्र को बंद करने का निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है।

विधायक की हत्या से भाजपा कार्यकर्ता स्तब्ध

अररिया : पूर्णिया के भाजपा विधायक राज किशोर केशरी की हत्या की खबर सुनते ही अररिया भाजपा कार्यकर्ताओं में स्तब्धता छा गयी। हत्या की खबर मिलते ही दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता पूर्णिया रवाना हो गये। वहीं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को होने वाली भारतीय जनता युवा मोर्चा की बैठक भी रद्द कर दी गयी। बैठक के लिये महिला महा विद्यालय के प्रागंण में जुटे कार्यकर्ताओं में खबर सुनते ही मायूसी छा गयी। इधर भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक कुमार भगत ने बताया कि श्री केशरी की हत्या हो जाने से पूर्णिया क्षेत्र में पार्टी को काफी क्षति पहुंची है। उन्होंने बताया कि श्री केशरी ने लंबे अरसे से भाजपा की सेवा करते हुये पार्टी को उपर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभायी। उन्होंने बताया कि स्व. केशरी न केवल पूर्णिया बल्कि अररिया, किशनगंज, कटिहार एवं आस-पास के जिलों में संगठन को आवश्यक निर्देश देकर एक सूत्र में बांधने का काम किया है। अध्यक्ष श्री भगत ने बताया कि श्री केशरी के हत्या जिस प्रकार से हुई वह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। उनके अहम योगदान को पार्टी कभी भी भुला नही सकती है।

अपराध पर अंकुश लगाने को लेकर पुलिस सतर्क: एसपी

अररिया,  : अपराध व अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिये जिले की पुलिस सतर्क है। अपराधी भले ही कुछ घटनाओं को अंजाम देने में सफल हो जाय लेकिन वह पुलिस से नहीं बच सकता। मंगलवार को कई थाना क्षेत्रों में गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के बाद पुलिस कप्तान विनोद कुमार ने नगर थाना में बताया कि अक्सर ठंड का प्रकोप बढ़ते ही जिले में चोरी, डकैती एवं लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले अपराधियों की सक्रियता बढ़ जाती है। लेकिन इस वर्ष ऐसा नही होगा। क्योंकि पिछले आंकड़ों को देखते हुये ही वे पहले से ही अपनी पुलिस को सतर्क कर रखा है। अपराधियों के फन कुचलने को ले उनकी पुलिस पूरी तरह तैयार है। एसपी श्री कुमार ने बताया कि हाल में जितनी भी घटनाएं घटी है उनमें अधिकांश मामलों का उद्भेदन कर लिया गया है। कई सक्रिय अपराध कर्मियों को जेल भेजा जा चुका है और कई पुलिस के निशाने पर हैं। उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व भरगामा थाना क्षेत्र में हुई डकैती का उद्भेदन दो दिन के अंदर ही कर लिया गया। इस घटना में भी गंगा यादव गिरोह सक्रिय था। जिसने दो माह पूर्व ही नरपतगंज थाना क्षेत्र में डकैती कर मवेशी लूट ली थी। उन्होंने बताया कि हाल में गिरफ्तार कई बदमाशों की निशानदेही पर गिरोह के अन्य सदस्यों पर भी पुलिस की पैनी नजर है। उन्होंने बताया कि यदि आम लोग पुलिस को सहयोग करें तो अररिया की धरती से अपराधियों का पलायन तेज हो जायेगा।
उन्होंने कहा कि शानदार उपलब्धि के लिये टाइगर मोबाइल को पुरस्कृत किया जायेगा।

Tuesday, January 4, 2011

अपने अस्तित्व पर आंसू बहा रहा बरदाहा का मार्केटिंग शेड

सिकटी(अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के बरदाहा बाजार में निर्मित मार्केटिंग शेड अपने अस्तित्व पर आंसू बहा रहा है। कभी भी एक बड़ा हादसा हो सकता है। बरदाहा बाजार में निर्मित मार्केटिंग शेड कभी भी गिर सकता है। जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक उपेक्षा के कारण मार्केटिंग शेड की मरम्मत तक नहीं करायी गयी। जिससे कभी भी बड़ी घटना हो सकती है। ज्ञात हो कि इस शेड का निर्माण 1983-84 में तत्कालीन विधायक उजीमुद्दीन द्वारा किया गया था। इस शेड के मरम्मत नहीं होने के कारण कभी भी वह टूटकर गिर सकता है। जबकि बरदाहा बाजार में मंगलवार व शुक्रवार को हाट लगता है और बाकी दिनों में यहां के लोगों द्वारा उस मार्केटिंग शेड के अंदर सामान खरीदते व बेचते है। शेड का उपरी भाग काफी दरक गया है। खंभा भी कभी भी गिर सकता है उसके अंदर दर्जनों लोग सामान खरीदते व बेचते है। भीड़ भाड़ वाले जगहों पर शेड कभी भी गिर सकता है। यहां के लोगों द्वारा विभागीय अधिकारी व कर्मचारियों को इसकी सूचना दी। लेकिन अब तक उस पर कोई पहल नहीं हो सका। रमेश आडवाणी, लालन, रिंकू मंडल, संजय सिंह, वरूण कुमार आदि लोगों ने बताया कि इस बाजार से सरकार को लाखों का राजस्व प्राप्त होता है लेकिन सरकार का इस बाजार की तरफ कोई ध्यान नहीं है। यहां के दर्जनों लोगों ने बताया कि शेड को तोड़ दिया जाय जिससे हाट में काफी जगह हो जायेगा। जिससे यहां के लोगों को भी हाट में आसानी से अपना सामान खरीद व बेच सकते है।

गृहवधू ने की आत्महत्या

कालियागंज : कालियागंज प्रखंड के माल ग्राम पंचायत अंतर्गत रघूनाथपुर इलाके में एक 45 वर्षीय गृह बधू अजेदा खातुन ने फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली। घटना के संदर्भ में पति सहिर्दुर रहमान समेत परिजनों ने बताया कि खेतीबाड़ी का कार्य कर घर लौटे तो देखा कि अजेदा खातुन घर में एक बीम के सहारे गले में फंदा डालकर झूल रही है। उक्त घटना की जानकारी फौरन कालियागंज थाना पुलिस को दी गयी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। तत्पश्चात शव को पोस्टमार्टम हेतु रायगंज जिला अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है घटना को लेकर इलाके में अटकलों का बाजार गर्म है।

कड़ाके की ठंड को ले विद्यालयों में छुट्टी

फारबिसगंज(अररिया) : कड़ाके की ठंड एवं शीतलहर के कारण मानव संसाधन विकास मंत्रालय के निर्देशानुसार फारबिसगंज में भी अधिकतर सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों में अगले आदेश तक के लिए छुट्टी घोषित कर दी गयी है। स्थानीय ली अकादमी समेत रानी सरस्वती विद्या मंदिर व गंगा सरस्वती विद्या मंदिर, मिथिला पब्लिक स्कूल, आईएचएचएस अकादमी बथनाहा आदि शिक्षण संस्थानों में आठ जनवरी या फिर अगले आदेश तक छुट्टी की घोषणा कर दी गयी है। इस कड़ाके की सर्दी को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी हो जाने के कारण बच्चे एवं उनके अभिभावक काफी राहत महसूस कर रहे है। इधर शिशु भारती समेत अन्य कुछ गैर सरकारी विद्यालय सोमवार को भी खुले रहे।

ट्रेन से गिर कर युवक ने गंवाया हाथ

नरपतगंज(अररिया) : रविवार की रात नरपतगंज रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर ससुराल जा रहे 35 वर्षीय युवक ट्रेन से गिरकर अपना दाहिना हाथ गंवा बैठा। जानकारी अनुसार फारबिसगंज हवाई फील्ड मुहल्ला निवासी रामचंद्र यादव का पुत्र भुमेश यादव अपनी ससुराल दरगाहीगंज आया हुआ था। रविवार को नरपतगंज में शराब पीकर रेलवे स्टेशन से ट्रेन द्वारा देवीगंज जा रहा था कि मंडल टोला के निकट गिर गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना ससुराल वालों को दी। घायल का इलाज रेफरल अस्पताल में चल रहा है।

प्रखंड मुख्यालय में बिजली कनेक्शन नहीं,असंतोष

पलासी(अररिया) : प्रखंड मुख्यालय में बिजली कनेक्शन नहीं चालू किये जाने से लोगों में असंतोष व्याप्त है। इस बाबत स्थानीय सहदेव भगत, दिनेश प्रसाद चौधरी, उमेश चौधरी, मनोज प्रसाद गुप्ता, संतोष कुमार साह, मंगल चंद भगत, शंकर भगत आदि ने बताया कि उन सबों को उपभोक्ता बने करीब छह हो गये लेकिन आज तक बिजली का कनेक्शन चालू करना तो दूर की बात ट्रांसफार्मर भी नहीं लगाये गये है। बताया कि बिजली विभाग का चक्कर लगाते लगाते लोग थक चुके है किंतु बिजली विभाग के पदाधिकारियों से मात्र आश्वासन ही मिलता रहा है। बिजली चालू नहीं होने से लोगों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को भी राजस्व से वंचित रहना पड़ रहा है। लोगों ने बिजली विभाग के वरीय पदाधिकारियों से बिजली व्यवस्था में बहाली करने के लिए ठोस पहल की मांग की है।

टांका काटने के बाद महिला की हालत गंभीर

फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज के वार्ड संख्या 14 दरभंगिया टोला स्थित एक घर से बीती रात चोरों ने ताला तोड़कर लाखों रूपये के सामान की चोरी कर ली। घटना की रात घर में कोई मौजूद नहीं था। घर रंजना देवी नामक महिला का है जो कटिहार जिला के समेली प्रखंड में सीडीपीओ पद पर कार्यरत हैं। चोरी की सूचना पड़ोसियों द्वारा सीडीपीओ तथा स्थानीय पुलिस को दी गयी। सीडीपीओ रंजना देवी तथा उनके पति मुरलीधर मेहता घर पर कम ही रहते है। बीते शनिवार को फारबिसगंज स्थित अपने घर पर दोनों आये थे। नये वर्ष पर एक जनवरी को दोनों बाहर निकल गये थे। इसके बाद सोमवार की सुबह पड़ोसियों ने सीडीपीओ के घर का ताला टूटा हुआ तथा सामान बिखरा हुआ पाया। पीड़ित मुरलीधर मेहता ने बताया कि हिमालय नाम का एक नजदीकी रिश्तेदार वर्षो से घर पर रहकर देखभाल करता था। एक जनवरी को ताला मारकर वह भी कहीं निकल गया था। घर खाली हो जाने के कारण चोरी की घटना हुई। सूचना मिलने पर सोमवार की संध्या पति पत्‍‌नी फारबिसगंज स्थित घर पहुंचकर सामानों की पड़ताल की जिसमें जेवरात, कपड़ा, कागजात सहित अन्य कई सामान गायब मिला। पीड़ित पक्ष ने बताया कि मामले की जानकारी फारबिसगंज थाना पुलिस को दी गयी है। मालूम हो कि शहर में चोरी की घटनाओं में वृद्धि हुई है। शहर में बीते 31 दिसंबर को अलग अलग आधा दर्जन छोटे छोटे दुकानों से ताला तोड़कर चोरों ने नगदी एवं सामान की चोरी कर ली।

एसएचजी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

रेणुग्राम (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत गुरम्ही मध्य विद्यालय के प्रागंण में आयोजित दो दिवसीय स्वयं सहायता समूह का आधारभूत बुनियादी प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को संपन्न हुई। हयूमेन सर्विस सेंटर अररिया द्वारा संचालित इस दो दिवसीय प्रशिक्षण में पांच स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने भाग लिया। जिसमें अनंत, स्वर्णिम ममता, मंडल व जीता स्वयं सहायता समूह शामिल है। वहीं इस प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर भवेश कुमार एवं ममता कुमारी ने प्रशिक्षण के दौरान स्वयं सहायता समूह से जुड़े महिलाओं को समूह देते हुए बताया कि समूह के सदस्यों को लेखा-जोखा, कार्य पुस्तिका, ऋण बही, रोकड़ बही आदि के बारे में विस्तार से बताया। इस प्रशिक्षण के दौरान संस्था के सभी समन्वयक, दिलीप मंडल, दिनेश यादव, उमेश विश्वास, गौरी झा सहित संस्था से जुड़े कई लोग उपस्थित थे। वहीं संस्था के प्रसार पदाधिकारी ने बताया कि फारबिसगंज प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर भी प्रशिक्षण का कार्यक्रम चलाया गया।

अनियमित बिजली आपूर्ति को लेकर लोगों में आक्रोश

कुर्साकांटा (अररिया) : प्रखंड मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में पिछले एक महीने से बिजली के अभाव में उपभोक्ता एक बार फिर आंदोलनात्मक रूख अख्तियार करने पर उतारू हो चुके हैं। ज्ञात हो कि इस अनियमित बिजली आपूर्ति के विरोध में स्थानीय लोगों ने दस माह पूर्व भी हत्ता चौक, मेन चौक, दुर्गास्थान चौक के पार बाजार बंद कर चक्का जाम कर दिया था। सदर एस.डी.ओ. डा. विनोद कुमार एवं बिजली विभाग के अधिकारीगण के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटाया था। बिजली विभाग के अभियंता एवं अधिकारियों ने एक महीने के अंदर तार बदलने एवं नियमित आपूर्ति का आश्वासन भी दिया था। एसडीओ श्री कुमार ने लोगों को समझा-बुझा कर बहुत जल्द व्यवधान को विभागीय अधिकारियों को दूर करने का निर्देश दिया था। परंतु आज तक उसपर अमल नहीं हो सका। गौरतलब है कि राजीव गांधी विद्युत परियोजना के तहत जब प्रखंड मुख्यालय स्थित भोडहा चौक के निकट तत्कालीन विधायक प्रदीप कुमार सिंह ने ट्रांसफार्मर का हेण्डिल उठाकर इसका उद्घाटन किया था लोगों में एक आस जगी थी कि उन्हें अब बिजली मिलेगी। उपभोक्ता हजारों रुपये खर्च कर अपने-अपने घरों में वायरिंग की। परंतु बिजली आज शोभा की वस्तु बनकर रह गयी है। विभागीय अधिकारियों से शिकायत कर उपभोक्ता खिन्न हो चुके हैं। प्रणव गुप्ता, रामनाथ गुप्त, मो. शमसुल हक, मो. मुस्ताख आलम, अशोक साह, सुभाष साह आदि ने बताया कि पिछले एक महीनों से कभी एक घंटे भी बिजली नसीब नहीं हो सका है। अब तो बिजली के भरोसे लोग अपना मोबाइल भी चार्ज नहीं कर पाते हैं। अधिकारियों के आश्वासन भी झूठा साबित हो चुका है।

नहर के बावजूद नहीं मिल रही सिंचाई सुविधा

रेणुग्राम (अररिया) : नहर रहते हुए भी क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की सुविधा नही मिल पाती है। प्रखंड क्षेत्र के तमाम किसान विभागीय एवं सरकारी उदासीनता के कारण सिंचाई सुविधा दो-तीन वर्षो से वंचित है। जिससे फसल उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। क्षेत्र में नहरों की जाल बिछी है। किंतु दिखावे की चीज बन कर रह गई है। क्षेत्र के किसानों को नहरों से लाभ के बजाय हानि ही हो रही है। किसानों का कहना है कि नहरें नहीं होती तो जमीन का उपयोग अन्य कार्यो में किया जाता। सिंचाई के प्रयोजन के लिए बनाई गई नहरें अब अनुपयुक्त हो गई है। नहरों से अब सिंचाई के बदले सावन-भादो में अतिरिक्त पानी के बहाव का काम लिया जाने लगा है।

चिकित्सकों की कमी से हो रही परेशानी

कुर्साकांटा (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की कमी के कारण स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचने वाले रोगियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रत्येक दिन आउटडोर में मरीजों की भारी भीड़ के कारण चिकित्सक को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं मरीजों को लंबी लाईन में लगकर एवं काउंटर, पुन: चिकित्सक तक पहुंचने के लिए लंबी लाईन एवं काउंटर से दवाई पाने के लिए भी लंबी लाईन से गुजरना एक मजबूरी है। यूं तो यहां तीन चिकित्सक पदस्थापित है परंतु स्वास्थ्य केन्द्र पर एक से अधिक चिकित्सक कभी मौजूद नहीं रहते। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. राजेन्द्र कुमार, डा. ओपी मंडल एवं अनुबंध पर नवनियुक्त डा. कुमार चन्दन ये तीन चिकित्सक कार्यरत हैं। एक पहुंचे नहीं कि दूसरा गायब हो जाते हैं। उच्चाधिकारियों के औचक निरीक्षण को इन्हें पूर्व सूचना मिल जाती है। ऐन मौके पर या किसी खास अवसर पर ही तीनों एक साथ देखने को मिलते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आकस्मिक अवकाश का आवेदन देकर जाते हैं परंतु पहुंचने के बाद उपस्थिति दर्ज कर ली जाती है।
आज बिहार विकास के पथ पर अग्रसर है। परंतु पूर्ण विकास का सपना तभी साकार हो सकता है जब सरकारी कर्मी अधिकार के साथ अपने कर्तव्यों का भी समुचित पालन करें। वास्तव में अधिकार और कर्तव्य में अंतर महसूस नहीं करना ही नैतिकता के पतन को दर्शाता है। तेरह पंचायत के लगभग 2 लाख लोगों के स्वास्थ्य इसी स्वास्थ्य केन्द्र पर आश्रित है। परंतु यहां चिकित्सक के स्वीकृत आठ पदों के स्थान पर मात्र तीन चिकित्सक पदस्थापित है। हाल ही में चुनाव कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में अनुबंध पर नियुक्त डा. पीके झा को जिलाधिकारी के आदेश से अनुबंध समाप्त कर दिया गया। लेकिन रिक्त पड़े पदों को भी नहीं भरा जा सका। नतीजा मरीजों कीे संख्या के अनुरूप चिकित्सक के नहीं होने के कारण देर शाम तक यहां मरीजों को तांता लगा रहता है। पहले की तुलना में पीएचसी में संसाधन तो उपलब्ध कराये जा चुके हैं दवाई भी उपलब्ध है परंतु चिकित्सक की कमी के कारण दूर-दराज से आये मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महिला चिकित्सक के अभाव में प्रसूताओं एवं स्त्री रोग का समुचित इलाज नही हो पाता।

कोहरे में डूबा सीमावर्ती क्षेत्र

फारबिसगंज (अररिया) : नये वर्ष के आगमन के सथ हीं फारबिसगंज सहित सीमावर्ती क्षेत्र घने कोहरे में ढक गया है। सोमवार को सुबह लगभग दस बजे तक धुंध छायी रही। जिस कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गयी जबकि तीन बजे ही सूर्य बादलों में छुप गये। सड़कों पर कुहासें के कारण दृश्यता कम हो गई। जिस कारण दुर्घटना की आशंका के भय से सुबह में सड़कों पर निजी वाहन या तो कम वाहन चले अथवा धीमी रफ्तार में चला। जबकि यात्री बसों, मैजिक, टेंपू जैसे यात्री से भरे वाहनों की रफ्तार तेज देखी गई। कोहरे से वेपरवाह यात्री वाहन चालक द्वारा तेज गति से वाहन चलाने के दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। फारबिसगंज-जोगबनी सड़क रहित ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों पर कोहरे के कारण कम वाहन दिखें। इधर रविवार को हुई बूंदा-बूंदी तथा पछिया हवा बहने से ठंड में हुई वृद्धि के कारण लोगों ने निजी स्तर पर अलाव की व्यवस्था कर ठंड से राहत पाने का प्रयास किया। अलाव जलाकर चाय की चुटकी के साथ लोगों और युवाओं में ठंड का आनंद भी उठाया। ठंड बढ़ने के बावजूद नगर परिषद प्रशासन के द्वारा चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की जा सकी है। इधर कुहासे से सड़कों पर क्षेत्र में कहीं भी दुर्घटना की सूचना नहीं है।

बीएसएनएल उपभोक्ता परेशान, विभाग उदासीन

कुर्साकांटा(अररिया) : पिछले एक महीने से प्रखंड मुख्यालय व आसपास के बीएसएनएल उपभोक्ता विभागीय लापरवाही के कारण परेशान हो रहे हैं। उपभोक्ताओं के अनुसार बिल मिलने के पूर्व कनेक्शन को काट दिया जाता है। फिर बिल आने के बाद भुगतान कर देने के बावजूद पंद्रह दिनों तक कनेक्शन नहीं दी जाती है। इसकी शिकायत जब उपभोक्ता अनुमंडल दूर संचार पदाधिकारी अररिया से करते हैं तो उन्हें कटिहार एवं कलकत्ता से संपर्क करने की बात कहकर अपनी लाचारी व्यक्त करते हैं। वहीं स्थानीय एक्सचेंज कार्यालय जब उपभोक्ता अपनी शिकायत लेकर जाते हैं तो वहां ताला लटका नजर आता है। उपभोक्ताओं में प्रणव गुप्ता, जितेन्द्र सिंह, रामनाथ गुप्त, सुभाष साह आदि ने बताया कि दूर संचार की यह वर्तमान व्यवस्था से वे लोग खिन्न हो चुके हैं। कभी केबूल कटने तो कभी डायलटोन की शिकायत से लोग परेशान हो चुके हैं। शिकायत दूर करने की बात तो दूर कोई सुनने वाला भी नहीं है। स्वास्थ्य प्रबंधक प्रेरणा रानी ने बताया कि पीएचसी कुर्साकांटा का बेसिक कनेक्शन भी 20 दिनों से बाधित है। बिल मिलने के पूर्व ही सेवा को बाधित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि 10 दिन पूर्व ही बिल जमा कराया जा चुका है लेकिन कनेक्शन नहीं चालू की गयी है। जिससे ग्रामीण क्षेत्र के रोगियों के परिजनों को भी काफी परेशानी झेलना पड़ रहा है।

कालाबाजारियों का सेफ जोन बन रहा भरगामा

भरगामा (अररिया) : प्रशासनिक चौकसी एवं अधिकारियों के देख-रेख के बाद भी प्रखंड क्षेत्र में खाद्यान्न कालाबाजारी का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्थिति यह है कि खाद्यान्न के कालाबाजारी हेतु प्रखंड तथा इसके सीमावर्ती क्षेत्र, माफियाओं के लिये सुरक्षित जोन बना हुआ है।
जहां एफसीआई से लेकर अन्य तरह के खाद्यान्न का कालाबाजारी व्यापक स्तर पर किया जा रहा है। ऐसा नही है कि इसकी सूचना प्रशासन को नहीं है। चंद महीने पूर्व भरगामा थाना क्षेत्र के हीं सुपौल के जदिया एवं मधेपुरा के श्रीनगर थानाक्षेत्र के खजुरी में ग्रामीणों के सहयोग से कालाबाजारी में जा रहे खाद्यान्न के एक बड़े खेफ को पकड़ा।
पुलिस ने घटना स्थान से ही बासुदेव मंडल नामक एक डीलर की गिरफ्तारी भी की। जैसा कि बताया जा रहा है इस उद्भेदन के बाद कालाबजारी पर काफी हद तक अंकुश लगा तथा खाद्यान्न माफियाओं ने पैर भी पीछे किये। किंतु महज थोड़ी हीं दिन बाद स्थिति पूर्ववत हो गयी। ऐसी निरंकुश हो चुकी व्यवस्था या माफियाओं के सशक्त नेटवर्क ही कहेंगे कि कालाबाजारी का यह धंधा निर्वाह गति से चलता रहा। करीब दो महीने पूर्व मानुलहपट्टी पंचायत में ग्रामीणों के सहयोग से हीं खाद्यान्न जप्त किया गया। इसी तरह करीब दो दिन पूर्व इसी पंचायत में खाद्यान्न
जब्ती का भी एक और मामला बना किंतु अज्ञात कारणों से मामला गुम हो गया।
इधर शनिवार को ग्रामीणों के सहयोग से खाद्यान्न बरामदी की इस घटना में एकबार फिर कई सारी सवाल खड़ा कर दिये है। जिसके बाद में प्रत्यक्ष या प्ररोक्ष रूप से स्थानीय प्रशासन की संलिप्ता भी बतायी जा रही है। खाद्यान्न कालाबाजारी की ऐसी घटना पर विराम लगाने से जहां त्वरित या कठोर कार्रवाई की आवश्यकता है, वहीं प्रशासन का अगला काम देखना बाकी है।

भाकपा ने की बटराहा कांड की निंदा

अररिया : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी अररिया ने गत दिन बटराहा पहुंचकर एसएसबी की फायरिंग से शिकार हुये लोगों की हालचाल पूछा और घटना की भ‌र्त्सना की।
पार्टी नेता कैप्टन एस.आर झा ने बताया कि इस फायरिंग कांड में एसएसबी जवान पूर्ण रूप से दोषी है। उन्होंने बताया कि सैकड़ों ग्रामीण इस बात का सबूत है कि जवान बिना सोचे-समझे ग्रामीणों पर फायरिंग कर चार लोगों को मौत की नींद सुला दिया और पांच लोगों को जख्मी कर दिया। उन्होंने मृतक के परिजनों को 10 लाख मुआवजा देने की मांग की। भाकपा ने उक्त जगह से बीओपी को हटाने की भी मांग की। इस अवसर पर सचिव वृजमोहन यादव महासचिव महेश कुंवर आदि मौजूद थे।

प्रेमनगर में दो सिर वाले बच्चे का जन्म

कुसियारगांव (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के हयातपुर टोला प्रेमनगर में मो. इस्हाक की पत्‍‌नी बीबी आसमिन खातून ने घर पर ही शनिवार के अपराह्न एक बच्चे को जन्म दिया। बच्चे के दो सिर हैं।
उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां नवजात को चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया है। वहीं परिजन के चाचा अशफाक व मंजूर, बीबी जमलि ने बताया कि हमें तो प्राईवेट में इलाज के लिए पैसा नहीं उसे कहां ले जायेंगे? पिता मजदूरी के लिये अन्य प्रान्त गया है। हालांकि बच्चा दूध भी ले रहा हैं और रोता भी हैं
इस संबंध में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डा. एस के सिंह ने बताया कि सर के पिछले भाग में बड़ा ट्यूमर है। उसे मेनिगोसील कहा जाता है। मेनिगोसील जन्मजात विकृति है। इसका आपरेशन संभव है। लेकिन यहां नहीं।

आवागमन : चचरी तेरा सहारा

सिकटी(अररिया) : सिकटी प्रखंड को कुर्साकांटा से जोड़ने वाली ऐतिहासिक डोम सड़क पर बकरा नदी के पड़रिया घाट पर पुल का निर्माण नहीं होने के कारण लोगों को चचरी के सहारे ही पार उतरना पड़ता है। बरसात के दिनों में पानी भर जाने के कारण आवागमन बंद रहता है। ऐसे में नदी के पश्चिम पार बसे गांव तीरा, पड़रिया, कौआकोह के लोगों को प्रखंड मुख्यालय पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है।
बताते चले कि ऐतिहासिक डोम सड़क के रास्ते कुर्साकांटा प्रखंड जाने में बहुत कम समय लगता है। जिससे सिकटी, बरदाहा के लोग इसी रास्ते से अपने कारोबार एवं अन्य सिलसिले में आते जाते हैं। सबसे मुख्य कारण यह है कि असमय जब लोगों को जिला मुख्यालय या बाहर जाने की जरूरत पड़ती है तो कुर्साकांटा बाजार में अररिया जाने के लिए हमेशा भाड़े की गाड़ी उपलब्ध रहती है। साथ ही वर्षो से चिकित्सा सेवा के लिए कुर्साकांटा अन्य प्रखंडो से बेहतर स्थिति में रहा है जहां फिजीशयन एवं सर्जरी के साथ-साथ हड्डी रोगों के डाक्टर भी उपलब्ध होते रहे है। जिसके कारण काफी संख्या में यहां के लोग कुर्साकांटा जाते रहते हैं और वहां जाने का यह मुख्य रास्ता है। फिर सिकटी प्रखंड का क्षेत्र नदी के पश्चिम पार तक है जहां से लोगों को इसी रास्ते प्रखंड मुख्यालय आना-जाना पड़ता है। लेकिन पुल निर्माण नहीं होने से आवागमन में भारी समस्या है। लोगों से इस घाट पर पुल निर्माण भी मांग की है।

सीएस ने किया सदर अस्प्ताल का औचक निरीक्षण

कुसियारगांव (अररिया) : सदर अस्पताल अररिया में रोगियों के लिये जरुरी सामान को लेकर हायतौबा मची रहती है। कालाजार, डायरिया, डिलवरी आपरेशन आदि के लिये अस्पताल में भर्ती मरीजों को जरूरी सामान जैसे चादर, गद्दा, कंबल, मच्छरदानी के लिए अस्पताल में लगातार परेशान होना पड़ता है। मांगे जाने पर स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा आना-कानी की जाती है।
जानकारी के अनुसार सरकार द्वारा इन चीजें को अस्पताल में देते पर भर्ती मरीजों को नहीं मिल पा रहा है। कारण जो भी हो इस ठंड में रोगियों के साथ-साथ परिजनों को भारी कठनाई से गुजरना पर रहा है। इन दिनों अस्पताल के प्रसव वार्ड, इमरजेंसी वार्ड की बदहाली का आलम यह है कि जच्चा-बच्चा के साथ-साथ रोगी भी असुरक्षित हैं। ऐसा नहीं कि यहां इलाज की व्यवस्था नहीं है। लेकिन सुविधा के नाम पर वहीं टूटे-फूटे बैड पर सड़ा हुआ गद्दा, उपर से गंदगी का आलम, ऐसे में रोगी के संक्रमित होने की आशंका प्रबल होती दिख रही है। अन्य दिनों के तरह सोमवार को भी अपने-अपने वार्ड में भर्ती के बाद सैलाइन चढ़ रहा था तो कोई अपने नवजात शिशु को संभालने में लगे थे, पर किसी को कंबल, सातों दिन के अलग-अलग चादर नहीं मिला था, परिजनों द्वारा मोबाइल से फोन पर फोन किया करता, रात में ठंड बहुत खायें हैं आज रात भी रहना हैं ठंड काटने के साथ-साथ घर से खाना भी लेते आना बीमारी से क्या ठंड व भूख से मर जायेंगे। जबकि इसके एवज में सरकार द्वारा लाखों रुपये भुगतान किया जाता है। जिसके बाद भी अगर यह स्थिति रहती है तो इसके लिए जिम्मेदार कौन?
अस्पताल प्रबंधक विकास कुमार ने पूछे जाने पर बताया कि बेडसीट व गद्दा पर्याप्त मात्रा में है, लेकिन कंबल की भारी कमी है। शीघ्र ही इसे दूर कर लिया जायेगा।
सिविल सर्जन डा. धनूषधारी प्रसाद ने इस संबंध में सोमवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। जहां तमाम कंबल की खोजबीन, बेड सीट की साफ-सफाई, अस्पताल प्रांगण में सफाई नहीं होने के कारण बाहर का सफाई बिल पर रोक लगा दी। वहीं प्रसव कक्ष प्रभारी नर्स निशा कुमारी धर को आपरेशन कक्ष में काटन, गेज, दास्ताना नहीं रहने के कारण स्पष्टीकरण पूछा गया। अस्पताल में सफाई की कमी पर सीएस जमकर बरसे, वहीं डीएस डा. हुस्नआरा व प्रबंधक को आवश्यक दिशानिर्देश दिया।