अररिया : जिला पदाधिकारी एम. सरवणन की पहल पर जिला मुख्यालय में सुंदर, वृहद एवं माडल इंडोर स्टेडियम जल्द ही तैयार होगा। अनुमंडल पदाधिकारी अररिया के आवासीय परिसर में खाली जमीन पर स्टेडियम का शिलान्यास एसडीओ डा. विनोद कुमार ने बुधवार को किया। भूमि पूजन के उपरांत एसडीओ डा. कुमार ने इंडोर स्टेडियम की आधार शिला रखी। उन्होंने बताया कि पटना सचिवालय के बाद विशिष्ट रूप का इंडोर स्टेडियम अररिया में बनेगा। डा. कुमार ने बताया कि भवन प्रमंडल के द्वारा कार्य कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि इंडोर स्टेडियम बनने से जिले के बैडमिंटन खिलाड़ियों को काफी अवसर मिलेगा। एसडीओ ने बताया कि 2 करोड़ 35 लाख की लागत से स्टेडियम में तीन कोट, कांप्लेक्स, गैलेरी, शौचालय, आफिस रूम के साथ-साथ बैठने के लिए आराम कुर्सी भी बनाया जायेगा। एसडीओ ने बताया कि भविष्य में लान टेनिस, टेबुल टेनिस, बास्केट बाल, वालीबाल आदि के कोट भी बनाये जायेंगे। इस मौके पर भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता राम एकबाल पंजीयार, सहायक अभियंता शत्रुघ्न पांडे सहित कई लोग मौजूद थे।
Thursday, January 26, 2012
माडल इंडोर स्टेडियम की एसडीओ ने रखी आधारशिला
अररिया : जिला पदाधिकारी एम. सरवणन की पहल पर जिला मुख्यालय में सुंदर, वृहद एवं माडल इंडोर स्टेडियम जल्द ही तैयार होगा। अनुमंडल पदाधिकारी अररिया के आवासीय परिसर में खाली जमीन पर स्टेडियम का शिलान्यास एसडीओ डा. विनोद कुमार ने बुधवार को किया। भूमि पूजन के उपरांत एसडीओ डा. कुमार ने इंडोर स्टेडियम की आधार शिला रखी। उन्होंने बताया कि पटना सचिवालय के बाद विशिष्ट रूप का इंडोर स्टेडियम अररिया में बनेगा। डा. कुमार ने बताया कि भवन प्रमंडल के द्वारा कार्य कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि इंडोर स्टेडियम बनने से जिले के बैडमिंटन खिलाड़ियों को काफी अवसर मिलेगा। एसडीओ ने बताया कि 2 करोड़ 35 लाख की लागत से स्टेडियम में तीन कोट, कांप्लेक्स, गैलेरी, शौचालय, आफिस रूम के साथ-साथ बैठने के लिए आराम कुर्सी भी बनाया जायेगा। एसडीओ ने बताया कि भविष्य में लान टेनिस, टेबुल टेनिस, बास्केट बाल, वालीबाल आदि के कोट भी बनाये जायेंगे। इस मौके पर भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता राम एकबाल पंजीयार, सहायक अभियंता शत्रुघ्न पांडे सहित कई लोग मौजूद थे।
खादीधारियों ने ही डुबो दी खादी भंडार की लुटिया
कुर्साकांटा (अररिया) : स्वतंत्रता संग्राम के दौरान चरखा और खादी बापू का एक प्रमुख हथियार रहा था। देश को एक सूत्र में बांधने में इसकी अहम भूमिका रही। लेकिन आजादी मिलते ही 'खादीधारियों' ने ही दोनों की लुटिया डुबो दी। आज चरखा तो म्यूजियम की वस्तु बनकर रह गयी है वहीं खादी भंडार भी विलुप्त होने के कगार पर है। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित कुर्साकांटा प्रखंड का कुआड़ी मोती लाल स्मारक भवन कभी स्वतंत्रता सेनानियों का शरणस्थली रहा था। जहां अंग्रेजों के अत्याचार से बचने के लिए स्वतंत्रता सेनानी जमा होते थे तथा आगे की रणनीति पर चर्चा किया करते थे। इसी दौरान स्वतंत्रता सेनानियों ने वहां चरखा चलाना शुरू किया और आगे चलकर यहां खादी भंडार की स्थापना हुई। लेकिन आज वह खादी भंडार विलुप्त हो रहा है। स्वतंत्रता सेनानियों का सपना आज चकनाचूर हो रहा है। आजादी मिलने के बाद
कुआड़ी स्थित खादी भंडार का निरीक्षण करने डा. राजेन्द्र प्रसाद स्वयं यहां आये थे। स्वतंत्रता सेनानी बैद्यनाथ चौधरी, बाबू बसंत सिंह, राम वृक्ष सिंह, जगलाल चौधरी, रामेश्वर यादव, गुलाब चन्द राय, कमला नंद विश्वास, द्विजदेनी तिवारी, रघुनंदन भगत जैसे स्वतंत्रता सेनानी इस खादी भंडार को प्रोत्साहित करने अक्सर यहां का दौरा किया करते थे।
लेकिन आज कुआड़ी का खादी भंडार कुछ स्वार्थी लोगों के चलते बंद हो गया है। वयोवृद्ध समाज सेवी रघुवीर यादव की मानें तो इसके लिए कर्मी, अधिकारी और यहां की जनता सभी जिम्मेदार हैं। वयोवृद्ध, स्वतंत्रता सेनानी, सीता राम गुप्ता जी कहते हैं कि कुआड़ी के खादी भंडार की एक समय में मिशाल दी जाती थी। लेकिन अधिकारी व नेता आज इस मूल आधार को ही भूल चुके हैं। यहां के लोगों ने पुन: खादी भंडार खोले जाने की मांग की है।
केसीसी के नाम पर गरीब किसानों की होती थी हकमारी
अररिया : पुलिस कप्तान शिवदीप लांडे के नेतृत्व में लगातार दो दिनों से की जा रही छापेमारी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि महतो ट्रेडर्स एवं अन्य की मिलीभगत से सरकारी करोड़ों रुपये का वारा-न्यारा किया गया है। छापामारी के पहले दिन जब एसपी ने साहेबलाल नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया तो कई तथ्य खुलकर सामने आये। हद तो तब हो गई जब एसपी के कहने पर साहेब लाल ने एसपी के समक्ष ही उनके नाम का जमीन दस्तावेज तैयार कर दिया। फिलहाल पुलिस को फर्जी कागजात तैयार करने वाले गिरोह का पता चल गया है। गिरफ्तार साहेबलाल व आजाद नामक व्यक्ति के बयान पर ही एसपी ने मंगलवार को फिर शिमला रेस्ट हाउस के नीचे महतो ट्रेडर्स के बगल वाली दुकान में छापा मारकर लाखों रुपये के कृषि सयंत्र बरामद किये। हालांकि पुलिस इस संबंध में कुछ विस्तृत ब्यौरा देने से असमर्थता जता रही है, परंतु यह तो स्पष्ट हो गया कि दोनों दुकान के लोग मिलकर गरीब किसानों की हकमारी कर रहे थे। अब सवाल हय उठता है कि महतो ट्रेडर्स कृषि यंत्र बेचने वाली एजेंसी है, तो फिर वहां बैंकों के सादे फार्म छाप लगा हुआ सादा निकासी फार्म, केसीसी आवेदन कैसे पहुंचा। हालांकि पुलिस द्वारा किये गये कार्रवाई पर प्रशासन ने चुप्पी तोड़ी है। मंगलवार को डीएम एम. सरवणन ने इस संबंध में कहा कि इस पूरे फर्जीवाड़े में बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से इंकार नहीं किया जा सकता है। श्री सरवणन ने कहा कि डीएलसीसी की लगातार कई बैठकों में बैंक अधिकारियों से खाखावार केसीसी लाभुकों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। पर आज तक एक भी बैंक से सूची नही दी गई जो उनकी मानसिकता को दर्शाता है।
सर! बर्खास्तगी के बाद भी उठा रहा है वेतन
अररिया : मंगलवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव रंजन प्रसाद के समक्ष जनता दरबार में कई मामला सामने आया। मंगलवार को गैरकी के प्रसन्न कुमार ने अपीलीय प्राधिकार एवं हाईकोर्ट के निर्णय का हवाला देकर शिकायत की कि बर्खास्त होने के बाद भी मानदेय का भुगतान किया जा रहा है। प्रसन्न कुमार ने लिखा था कि प्रावि सिंघिया टोला रामपुर में नियोजित शिक्षक गोपाल कुमार गुप्ता का नियोजन प्राधिकार ने रद्द किया था। हाईकोर्ट ने भी इस मामले में यथास्थिति बनाए रखने का निर्णय दिया। परंतु शिक्षा विभाग के कुछ अधिकारी व स्कूल के एचएम ने गोपाल गुप्ता की हाजिरी बनाना शुरू कर मानदेय भुगतान करने लगे। डीईओ श्री प्रसाद ने इस मामले की जांच का जिम्मा कार्यक्रम पदाधिकारी को देते हुए आवेदन को 15 फरवरी को सुनवाई के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया है। डीईओ जनता दरबार में एलएस हाईस्कूल के छात्र रविन्द्र राम दोबारा मैट्रिक फार्म भरने की अनुमति मांगने, मवि जमुआ के शिक्षक पुण्यानंद झा ऐच्छिक स्थानांतरण की मांग लेकर पहुंचे थे। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर, कार्यक्रम पदाधिकारी प्रदीप कुमार आदि मौजूद थे।
गणतंत्र दिवस की तैयारी जोरों पर
भरगामा : महान पर्व गणतंत्र दिवस को लेकर पूरे प्रखंड में तैयारी जोरों से चल रही है। सरकारी कार्यालयों सहित शैक्षणिक, गैर शैक्षणिक एवं सार्वजनिक स्थलों समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के पार्टी कार्यालयों तथा पैक्स कार्यालयों में भी झंडोत्तोलन को लेकर साफ-सफाई एवं रंग-रोशन किए जाने का कार्य प्रगति पर है।
मेपिंग पंजी के अभाव में आवेदन पेशोपेस में
भरगामा (अररिया) : भरगामा प्रखंड के विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्रों पर सेविका सहायिका की बहाली की प्रक्रिया जारी है, किंतु खजुरी पंचायत के गांधी नगर टोला केन्द्र हेतु सीडीपीओ कार्यालय में भी मेपिंग पंजी उपलब्ध नहीं है। जबकि आवेदक को उक्त कालम को भरना अनिवार्य बताया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि आवेदन देने की अंतिम तिथि 24.01.12 निर्धारित की गई है। ताज्जुब की बात यह है कि मेंपिंग पंजी या फिर सर्वेक्षण सूची की अनुपलब्धता को लेकर वैकल्पिक उपायों से जुड़ी कोई भी सूचना आवेदकों को अब तक नहीं दी गयी है। हालांकि बाल विकास परियोजना पदाधिकारी राजकुमारी ने इसका वैकल्पिक उपाय जल्द ही करने की बात कही है। बहरहाल गांधीनगर केन्द्र के लिए आवेदन कर रहे आवेदन मेपिंग पंजी उपलब्ध नहीं हो पाने से पेशोपेस में हैं।
डीजे ने किया कोर्ट भवन का किया शिलान्यास
अररिया : पूर्णिया के माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजय कुमार ने मंगलवार को व्यवहार नयायालय परिसर में कोर्ट भवन के निर्माण के लिये आधार शिला रखी। उसके पूर्व मंत्रोचारण के गूंज के बीच भूमि पूजन किया गया।
माननीय जिला न्यायाधीश द्वारा किये गये भूमि पूजन में स्थानीय एडीजे उमेश चन्द्र मिश्रा, सीजेएम सत्येन्द्र रजक, लोक अदालत के आरएम त्रिपाठी (सेवानिवृत एडीजे) आदि ने अपनी सक्रिय मौजूदगी दर्ज करायी। वहीं पंडित नंद किशोर उपाध्याय तथा पंडित मोहन तिवारी ने वैदिक मंत्रोचारण की गूंज के बीच भूमी पूजन कराया।
इस अवसर पर फास्ट ट्रैक कोर्ट के न्यायाधीशगण, एसडीजेएम किशोरी लाल, मुंसिफ नीरज कुमार, सब जज एवं प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी रवि कुमार, एके दीक्षित, पीके रतन आदि समेत दोनों अधिवक्ता संघ के महासचिव महेश्वर शर्मा अमर कुमार, अध्यक्ष मो. तैय्यब, लोक अभियोजक लक्ष्मी ना. यादव, विनय ठाकुर, इस्तियाक अहमद आदि अधिवक्तागण, कोर्ट के सिरेस्तेदार दीपक कुमार आदि न्यायिक कर्मी एवं न्यायार्थिगण उपस्थित थे।
सनद रहे कि स्थानीय कोर्ट प्रागंण में एडीजे कोर्ट के समीप कुल ग्यारह करोड़, 59 लाख, 11 हजार से अधिक राशि से कोर्ट भवन बनना है। इस कार्य को दो वर्ष में पूरा करना है।
उधर कोर्ट परिसर में भवन के निर्माण के लिए हुए शिलान्यास से यहां अधिवक्ताओं में काफी हर्ष व्याप्त हैं तथा इस कार्य को लोग अररिया में जिला जज के शीघ्र पदस्थापन से जोड़ कर देख रहे हैं।
भूमि दस्तावेज घोटाल: तीन जिलों में सक्रिय हैं गिरोह के सदस्य
अररिया : अररिया के पुलिस कप्तान शिवदीप लांडे के नेतृत्व में चलाये गये छापामारी अभियान में भूमि दस्तावेज फर्जीवाड़ा में अंतर्जिला गिरोह के शामिल होने की पुष्टि हुई है। इस रैकेट में अररिया, किशनगंज एवं पूर्णिया के दलाल व बिचौलिये सक्रिय हैं। इस बात का खुलासा रामपुर मोहनपुर से गिरफ्तार साहेब लाल साह से पूछताछ के बाद हुआ है। छापामारी के दौरान पुलिस ने जीरो माइल स्थित महतो ट्रेडर्स दुकान से काफी संख्या में फर्जी केबाला, बैंक के पासबुक व तीन दर्जन मोहर बरामद हुआ है तथा वहां से एक दलाल साहेब लाल भी पकड़ में आया जिसके घर से भी काफी आपत्ति जनक सामान बरामद हुआ है। जब्त सामानों में अररिया के कई अधिकारियों के साथ साथ किशनगंज एवं पूर्णिया के भी रजिस्ट्रार व अंचल पदाधिकारियों के मुहर भी शामिल हैं। ग्रामीणों के अनुसार गिरफ्तार मुंशी के पास लगभग 1000 हजार कलम भी हैं। हालांकि पुलिस को यह हाथ नहीं लग पाया। गिरफ्तार मुंशी हर एक जिले के अधिकारियों के दस्तखत हूबहू उसी तरह के इंक वाले कलम से करता था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार फर्जी दस्तावेज बनाने में हल्का कर्मचारियों की सहभागिता भी होती थी। कई प्लेन दस्तावेज मुंशी को हल्का कर्मचारियों व अंचल कार्यालय से मुहैया होती थी और कई दस्तावेज पटना से प्रिंट करके मंगाया जाता था। इसके लिये बतौर हल्का कर्मचारियों को 15 से 30 प्रतिशत कमीशन भी दिया जाता था। जानकारी के अनुसार मुंशी जी फर्जी दस्तावेजों के निर्माण में पंद्रह वर्षो से लगे थे। बताया तो यह भी जाता है कि जिले के पलासी, जोकीहाट, बरदाहा, किशनगंज के बायसी, ठाकुरगंज, बहादुर गंज, पूर्णिया के अमौर स्थित बैंकों में मुंशी द्वारा बनाये गये कागजात बड़े पैमाने पर लगे हैं। फर्जी कागजातों के आधार पर फर्जी किसानों के नाम पर करोड़ों का किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि ऋण का भुगतान कराया गया है। हालांकि यह जांच का विषय है लेकिन अररिया के एसपी श्री लांडे इस बात से इंकार नही करते इस गिरोह के जाल कई अन्य जिलों में भी बिछा हुआ है। हालांकि इस गिरोह में कई बैंक कर्मियों, अधिवक्ताओं, अंचल कर्मियों के नाम का भी खुलासा हुआ है। लेकिन पुलिस फिलहाल उसे गुप्त रखकर अनुसंधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाना चाह रही है। एसपी ने यह भी बताया कि गणतंत्र दिवस के बाद इस दिशा में कार्रवाई तेज होगी और सीमावर्ती जिले के अधिकारियों को भी सूचना दी जायेगी।
भरगामा के तत्कालीन बीडीओ के खिलाफ वारंट निर्गत
अररिया : गवाही के लिए उपस्थित नहीं होने पर अदालत ने भरगामा के तत्कालीन बीडीओ सहित अन्य के खिलाफ वारंट जारी किया है। पिछले 11 अप्रैल 01 को मध्य विद्यालय कुशमौल स्थित बुथ नंबर आठ, नौ, दस तथा ग्यारह पर मतदान चल रहा था। इसी बीच कई असमाजिक तत्वों ने मतदान केन्द्र पर धावा बोल दिया तथा मतपत्र एवं अन्य निर्वाची सामग्री फाड़कर मतदान को रोक दिया। भरगामा के तत्कालीन बीडीओ सह निर्वाचन पदाधिकारी नसीबुर रहमान ने भरगामा थाना कांड संख्या 27/01 (जीआर नंबर 496/01) दर्ज कराया था। इस मामले में अज्ञात 40-50 असमाजिक तत्वों को आरोपित किया गया था।
उक्त मामला स्थानीय अदालत के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी बीएम त्रिपाठी के कोर्ट में लंबित है।
इस मामले में हालांकि कई गवाहों ने अपन गवाही दे दी। परंतु सूचक बने पूर्व बीडीओ सह निर्वाचन पदा. नसीबुररहमान समेत अब भी कई गवाहों का साक्ष्य के लिये मामला लटका है। इसी परिपेक्ष्य में अदालत ने सूचक बने उक्त बीडीओ समेत कई के विरुद्ध वारंट निर्गत किया है। साथ ही साक्ष्य की बिंदु पर अगली तिथि 29 मार्च 02 निर्धारित कर दी है।
56 सदस्यों ने भारतेंदु को जिलाध्यक्ष बनाने का लिया प्रस्ताव
फारबिसगंज (अररिया) : अररिया जिला कांग्रेस की संगठनात्मक चुनाव हेतु मंगलवार को स्थानीय मारवाड़ी अतिथि सदन में आयोजित बैठक शुरू से अंत तक हंगामेदार बनी रही, जब कई जिलास्तरीय नेता बैठक के फारबिसगंज में आयोजित किए जाने को लेकर विरोध करते रहे और अंतत: बैठक का बहिष्कार करते हुए अररिया चले गये। हालांकि जिलाध्यक्ष सहित 31 सदस्यीय जिला समिति के गठन के उद्देश्य से पार्टी द्वारा प्रतिनियुक्त प्रदेश निर्वाची पदाधिकारी प्रो. आई जी सनदी ने विक्षुब्ध नेताओं को समझाने और शांत करने को भरपूर प्रयास किया लेकिन नाराज नेताओं ने इसे पार्टी संविधान के विरुद्ध बताते हुए अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस तरह जिलाध्यक्ष पद के लिए चुनाव एक बार फिर से टल गया और घंटों उधेड़बुन के बाद प्रो. सनदी द्वारा पार्टी के बिहार प्रभारी बीडी कल्ला से कई दफा वार्ता के पश्चात बैठक में उपस्थित सदस्यों को सर्वसम्मति से इस बाबत प्रस्ताव लेने का अनुरोध किया। जिसके तहत 78 मतदाता सदस्यों में से बैठक में मौजूद 56 सदस्यों ने भारतेन्दु यादव को जिलाध्यक्ष बनाने का सर्वसम्मति से प्रस्ताव लिया। जबकि प्रो. सनदी ने बताया कि बहुसंख्यक सदस्य द्वारा लिए गए इस प्रस्ताव को अनुमोदन तथा स्वीकृति हेतु पार्टी आलाकमान के समक्ष पेश किया जायेगा। वहीं घंटों इंतजार के बावजूद डीआरओ सत्येन्द्र कुमार के फारबिसगंज नही आने पर यहां की बैठक में उपस्थित सदस्यों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। कुल मिलाकर संगठनात्मक चुनाव ने एक बार फिर से कांग्रेस के अंतर्कलह को उजागर कर दिया है।
चुनावी बैठक में भाग लेने वालों में जिलाध्यक्ष भारतेन्दु यादव, जिप अध्यक्ष शगुफ्ता अजीम, जय प्रकाश अग्रवाल, प्रकाश चौधरी, प्र. अध्यक्ष मो. ताहिर, नगर अध्यक्ष दिलीप पासवान, देवेन्द्र ठाकुर, चन्द्र मौलेश्वर सिंह, शंकर प्र. साह, मो. हारूण, मीर मंसुर आलम, राम लखन राम, विजय यादव, जय प्रकाश यादव, रीता गुप्ता, रवीन्द्र भगत, संजीव शेखर, हेमेन्द्र सिंह, मुरलीधर साह, सुनील दास, मदन लाल गुप्ता, रूचिर मिश्रा, सुरेश दूबे, इंदु मिश्र, श्री कुमार ठाकुर, सच्चिदानंद सिंह, वसीम रेजा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
जबकि पूर्व जिलाध्यक्ष हरि प्र. वैश्यन्त्री के नेतृत्व में प्रो. सनदी के समक्ष विरोध जता प्रदीप सिंह, लखीचंद प्राभाषिक, प्रेमलाल पासवान, पवन लाल मरिक आदि दर्जनों सदस्य अररिया चले गये।
निजी जेनरेटरों से रोशन हो रहे गांव
अररिया/जोकीहाट : कछुवा की चाल से ग्रामीण विद्युतीकरण का कार्य होने से आजिज लोगों ने अपने घरों को रोशन करने के लिए कई उपाय आजमाने शुरू कर दिए हैं। कई गांवों में निजी जेनरेटरों का सहारा लिया जा रहा है तो जोकीहाट के कुछ गांवों में ग्रामीणों ने निजी तौर पर ट्रांसफार्मर खरीद कर लगाया है।
जोकीहाट प्रखंड केधर्मेश्वर गछ गांव में राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत पोल व तार तो लगा दिए गए पर ट्रांसफॉर्मर नहीं लगाया गया। बिजली की प्रतीक्षा करते-करते परेशान हो चुके लोगों ने आपस में चंदा इकट्ठा किया तथा सिलीगुड़ी से ट्रांसफॉर्मर खरीद कर गांव में लगा लिया। इसी तरह थुबड़ी गांव में भी भागलपुर से निजी तौर पर ट्रांसफॉर्मर का जुगाड़ किया गया। केसर्रा व चीरह गांव की भी यही कहानी है। पलासी प्रखंड के दौलतपुर, खपड़ा, सोहंदर, नकटाखुर्द, सोनाकांदर, बढ़ौली आदि गांवों में भी लोगों ने बिजली से अपने घरों को रोशन करने के लिए निजी तौर पर प्रयास किया है। ग्रामीणों को यह बात सालती है कि बिजली विभाग गांवों में बिजली पहुंचाने के लिए क्यों नहीं प्रयास कर रही है? वहीं, प्रखंड के जेई विनोद कुमार का कहना है कि ग्रामीण विद्युतीकरण की प्रक्रिया चल रही है। लेकिन एक सवाल यह कि यह प्रक्रिया आखिर पूरी कब होगी?
अररिया प्रखंड के अधिकतर गांवों में लोग निजी जेनरेटरों के सहारे अपने घरों को रोशन कर रहे हैं। जमुआ, खमगड़ा, दभड़ा आदि गांव के लोगों ने बताया कि निजी जेनरेटरों से सिंगल फेज लाइन मिल जाती है जिससे एक सीएफएल आराम से जल जाता है। इसमें पैसा भी कम लगता है। किरोसीन मिलती नहीं, आखिर अंधेरे में कैसे और कब तक रहेंगे?
खुली अर्थव्यवस्था की नीति के बाद जिले के गांव बड़ी तेजी के साथ बाजार के रूप में विकसित हुए हैं। इन बाजारों में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए रोशनी पहली आवश्यकता होती है। बिजी विभाग सुस्त पड़ा हुआ है। लिहाजा लोगों ने निजी जेनरेटरों का सहारा लेना शुरू कर दिया है।
जिले के मदनपुर, बेंगा, बीड़ी चौक, बरदाहा, फुटानी चौक, पहाड़ा चौक, सिकटी, कासत, बौका, उफरैल चौक या फिर किसी भी अन्य गांव में चले जाइये, लोग निजी जेनरेटरों के सहारे घरों व दुकानों को रोशन करते मिल जायेंगे।
11 लाख गबन मामले में शिक्षक के विरूद्ध प्राथमिकी
अररिया : अररिया के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने महिषाकोल विद्यालय के प्रभारी के विरुद्ध करीब साढ़े ग्यारह लाख राशि गबन का मामला दर्ज कराया है।
बीईओ डा. बैजू झा ने गत 22 जनवरी को अररिया थाने में कांड संख्या 33/12 दर्ज कराया है। इस मामले में उमवि महिसाकोल (पश्चिम) के प्रभारी कुमार प्रकाश को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। आरोप लगाया गया है कि विभिन्न योजनाओं की कुल ग्यारह लाख 31 हजार 750 रुपये निकासी कर ली गयी तथा उक्त राशि को दुरूपयोग के तहत गबन कर लिया गया।
सतह पर पहुंची कांग्रेस की गुटबाजी

अररिया : मंगलवार को एक बार फिर जिला कांग्रेस में गुटबाजी खुलकर सतह पर आ गया। संगठनात्मक चुनाव को ले जिलाध्यक्ष का चुनाव कराने के लिए पार्टी के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सत्येन्द्र कुमार जिला कार्यालय गांधी आश्रम पहुंचे तो प्रदेश से आये डीआरओ प्रो.आई जी सनदी फारबिसगंज पहुंच गये। पार्टी के कार्यकर्ता भी दोनों जगहों पर बंटे हुए थे। हालांकि निवर्तमान जिलाध्यक्ष जिला मुख्यालय कार्यालय में नही दिखे लेकिन जिला कमेटी के अधिकांश सदस्य, प्रदेश डेलीगेट मेम्बर व प्रखंड अध्यक्षों में से अधिकांश की उपस्थिति अररिया में दिखी। मंगलवार को जिलाध्यक्ष पद के लिए गांधी आश्रम में एक बार फिर नामांकन लिया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने बताया कि जिलाध्यक्ष पद के लिए लीलाचंद सिंह, प्रमोद कुमार झा, सुनील आर्य व हरि प्रसाद वैश्यन्त्री ने नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने बताया कि जिला उपाध्यक्ष पद के लिए प्रभात सिंह, सदरे आलम, कुलानंद झा, शहनाज बेगम, आबिदुर्रहमान, जवादुल हक, नदीम गाजी, दयानंद रजक एवं मो. साबिर ने पर्चा भरा है। वहीं कोषाध्यक्ष पद के लिए अरुण कुमार सिंह, मो. उस्मान, मासूम रेजा, अब्दुस सलाम व आबिद अंसारी तथा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में प्रदीप कुमार तिवारी, नवकांत झा ने पर्चा भरा है। इस मौके पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने चुनाव के लिए सर्वानुमति बनाने या चुनाव द्वारा निर्वाचित कराने के लिए मुझे अधिकृत किया है। उन्होंने बताया कि वे अपने स्तर से राय सुमारी कराकर सर्वसम्मति से ही चुनाव कराना चाहते हैं। श्री कुमार ने यह भी बताया कि सारे नामांकन पत्र में नाम वापसी का भी फार्म भरा गया है ताकि समय पर इसका उपयोग किया जाय। इस मौके पर पूर्व मंत्री मोईदुर्रहामन, सदरे आलम, अब्दुस सलाम, मो. ओबेस यासीन, शशि भूषण झा, जमील अख्तर, अयुब आलम, पदमानंद मिश्र सहित करीब 100 कांग्रेसी मौजूद थे।
इतिहास के पन्नों में खो गए पंडित जी!
जोकीहाट (अररिया) : प्रख्यात लेखक, कवि, योग्य शिक्षक तथा प्रखर स्वतंत्रता सेनानी पं.पुण्यानंद झा सच्चे अर्थो में एक राजपुरुष थे, जिसने हमेशा समाज व देश की अगली पीढ़ी के विकास की चिंता की तथा राजनीति से स्वच्छ व बेदाग निकल गए।
पं. पुण्यानंद झा स्वतंत्रता आन्दोलन के सच्चे सिपाही थे। उनका जन्म 1891 में अररिया जिले के जोकीहाट प्रखंड अंतर्गत जहानपुर गांव में हुआ था। वे मैथिली व हिंदी के प्रख्यात लेखक थे तथा यह माना जाता है कि उनका उपन्यास मिथिला दर्पण मैथिली भाषा का प्रथम उपन्यास है। उन्होंने गांधीजी के असहयोग आंदोलन के दौरान 1921 में अररिया हाई स्कूल में शिक्षक की सरकारी नौकरी को छोड़ दिया।
रसल हाई स्कूल बहादुरगंज के सेवानिवृत प्रधानाध्यापक जहानपुर निवासी महि नारायण झा ने बताया कि पुण्यानंद बाबू कांग्रेस के बड़े नेता थे तथा जवाहर लाल नेहरू व देश रत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के काफी निकट थे। उन्होंने बंगाल का अकाल, मिथिला दर्पण, एसेंबली में क्या-क्या देखा जैसी कई कृतियों के माध्यम से तत्कालीन समाज तक की आलोचना की थी।
उन्होंने बताया कि पंडित जी को शेक्सपियर की जूलियस सीजर, मैकबेथ जैसी रचनाएं जुबानी याद थी। उन्होंने स्टेच्यू ऑफ ब्रांच नामक प्रसिद्ध पुस्तक का हिंदी अनुवाद पीतल की मूर्ति के नाम से किया था।
1952 के प्रथम विस चुनाव में वे कांग्रेस पार्टी के टिकट पर तत्कालीन पलासी विस क्षेत्र से एमएलए निर्वाचित हुए। लेकिन विधानसभा में अपनी ही सरकार की गलत नीतियों के कारण तत्कालीन मुख्यमंत्री की आलोचना करने से वे नहीं डरे। पंडित जी को राजीनति की कुटिलता से सख्त नफरत थी।
लेकिन समाज व राजनीति के गलियारे में बेदाग छवि वाले पंडितजी का अंतिम क्षण अच्छे नहीं बीते। आर्थिक विपन्नता के कारण उन्होंने जीवन के आखिरी दिन बच्चों को ट्यूशन पढ़ा कर गुजारे। उनकी गरीबी से द्रवित तत्कालीन प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी ने उन्हें कई बार पांच-पांच सौ रुपये भेजे थे। लेकिन स्वतंत्रता आन्दोलन के अग्रणी सेनानी व कई गुणों की खान पंडित पुण्यानंद झा आज इतिहास के पन्नों में खो गए हैं।
पंडितजी के नाम पर जिले तो क्या प्रखंड मुख्यालय जोकीहाट में भी एक प्रतिमा तक स्थापित नहीं है।
पीड़ित किसान आगे आयें : एसपी
अररिया, : भूमि दस्तावेज व कृषि यंत्र घोटाले में दलालों व बिचौलियों से पीड़ित किसान आगे आये तथा पुलिस के पास अपनी शिकयत दर्ज करायें। यह कहना है पुलिस कप्तान शिवदीप लांडे का।
सोमवार को उन्होंने पीड़ित किसानों से आगे आने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस के पास कृषि यंत्र घोटाले व भूमि दस्तावेज घोटाले के संबंध में पर्याप्त सबूत हाथ आये हैं, जिनसे यह पता चलता है कि घोटालेबाजों ने बड़े पैमाने पर किसानों व बैंकों को चूना लगाया है। इस घोटाले में जिस भी किसान के साथ ठगी या धोखधड़ी की गयी है वे आगे आयें उन्हें जरूर न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि पीड़ित व्यक्ति मोबाइल संख्या 9431800002 पर अपनी शिकायत एसएमएस से या स्वयं बात कर दर्ज करा सकते हैं।
समारोह में भाग लेगा मारवाड़ी ब्राह्माण समाज
फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज मारवाड़ी ब्राह्माण समाज की एक बैठक मोतीलाल शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को यहां आयोजित की गई। जिसमें आगामी 30 जनवरी को किशनगंज में नवनिर्मित ऋषि भवन के उद्घाटन समारोह में अधिक से अधिक समाज के लोगों की भागीदारी पर विचार-विमर्श किया गया। श्री शर्मा ने बताया कि लाखों की लागत से ब्राह्माण समाज द्वारा बनाए गए ऋषि भवन एवं श्री राधा सर्वेश्वर मंदिर में मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा अखिल भारतीय ब्राह्माण महासंघ के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री राजस्थान सरकार भवर लाल शर्मा के सान्निध्य में संपन्न होगा।
दावा हुआ हवा, बढ़ रहे यक्ष्मा के मरीज
पलासी (अररिया) : यक्ष्मा रोग को नष्ट करने को ले सरकार चाहे जितने दावे कर लें, लेकिन पलासी प्रखंड में इसका असर नही दिखाई दे रहा है। पलासी प्रखंड में संसाधनों की कमी तथा जागरूकता के अभाव में सारे प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। यही कारण है कि यहां यक्ष्मा रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बीते वर्ष 2011 में यक्ष्मा के 113 एनएसपी रोगी चिन्हित किए गए हैं। जबकि जनवरी 2012 के 23 जनवरी तक 53 लोगों की जांच की गई, जिसमें 08 यक्ष्मा (एनएसपी) के रोगी चिन्हित किए गए। इसकी पुष्टि प्रभारी डॉ. जहांगीर आलम ने की है।
कितने संसाधन हैं मौजूद
गौरतलब है कि अररिया जिले में यक्ष्मा पर विराम लगाने हेतु सरकार सभी पीएचसी में जांच, परामर्श व डाट्स की दवा मुफ्त में उपलब्ध करा रही है। किंतु पलासी प्रखंड में इसकी जांच, परामर्श व दवा वितरण के लिए मात्र एक कमरा ही उपलब्ध कराया गया है। वहीं इन सब के लिए मात्र एक प्रयोगशाला ही उपलब्ध है। जिसमें मात्र बलगम जांच की ही सुविधा मौजूद है। रक्त जांच व एक्स-रे की सुविधा अबतक उपलब्ध नहीं हो सका है।
कितने हैं यक्ष्मा मरीज
इस संबंध में प्रयोगशाला प्रभारी मो. असलम ने बताया कि उपलब्ध संसाधन से यक्ष्मा (टीबी) रोग पर विराम लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 2007 में यक्ष्मा के 79, 2008 में 69, 2009 में 95, 2010 में 102, 2011 में 113 तथा 23 जनवरी 2012 तक 08 यक्षमा के रोगी चिन्हित किए गए हैं। जिसमें बच्चों की संख्या भी अच्छी-खासी है। प्रखंड क्षेत्र में यक्ष्मा के आंकड़े बताते हैं कि इस पर विराम लगाने हेतु जागरूकता अभियान चलाने तथा पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। ज्ञात हो कि पलासी प्रखंड काफी पिछड़ा क्षेत्र है। खेतों व मजदूरी यहां के लोगों का मुख्य दिशा है। किंतु सरकार के उदासीन रवैये के कारण कृषकों व मजदूरों की स्थिति दिनों दिन बिगड़ती जा रही है। पौष्टिक व स्वास्थ्य वर्धक भोजन के संबंध में लोग सोच भी नही पाते है।
क्या कहते हैं चिकित्सा पदाधिकारी:
इस बाबत प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि इस रोग का मुख्य कारण है इनफेंक्शन। यह एक व्यक्ति से दूसरे में आसानी से फैल जाता है। इससे बचाव का मुख्य उपाय है पौष्टिक भोजन, नशा से परहेज, सही समय पर जांच, परामर्श व डाट्स (दवा) की पूरी खुराक लेने से बचा जा सकता है। दवा बीच में ही छोड़ देने से यक्ष्मा ठीक नहीं हो सकता है।
क्या कहते हैं आंकड़े:
प्रखंड क्षेत्र में बीते 5 वर्षो में यक्षमा से संबंधित जांच का आंकड़ा
वर्ष जांच परिणाम
2007 556 79
2008 475 69
2009 575 95
2010 733 102
2011 646 113
23 जनवरी 2012 53 08
नेताओं ने डीआरओ के विरुद्ध की कार्रवाई की मांग
फारबिसगंज (अररिया) : कांग्रेस की चुनावी बैठक में उपस्थित जिप अध्यक्ष शगुफ्ता अजिम, कांग्रेस के पूर्व विस प्रत्याशी प्रकाश चौधरी, वरिष्ठ नेता देवेन्द्र ठाकुर, जय प्रकाश अग्रवाल समेत दर्जनों नेताओं ने डीआरओ सत्येन्द्र कुमार के विरुद्ध पार्टी आलाकमान के निर्देशों का पालन नही किए जाने का आरोप लगाते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
जिप अध्यक्ष श्रीमती अजीम ने आक्रोशित लहजे में बताया कि फारबिसगंज की चुनावी बैठक ही आलाकमान द्वारा निर्धारित अधिकृत बैठक है। फलस्वरूप डीआरओ को यहां उपस्थित रहना चाहिए था क्योंकि बहुसंख्यक मतदाता सदस्य इस बैठक में उपस्थित हैं, इसलिए बैठक में डीआरओ के विरुद्ध भी प्रस्ताव लेना चाहिए। कहा कि इससे पारदर्शिता में कमी आती है। जबकि प्रकाश चौधरी ने कहा कि डीआरओ ने सदस्यता सूची के साथ घपला किया है, इसलिए वे फारबिसगंज नहीं आए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किस आधार पर डेलिगेट सूची से उनके नाम को हटाया गया है।
अवैध शराब बरामद
फारबिसगंज: सोमवार की देर संध्या फारबिसगंज थाना पुलिस तथा विशेष टीम ने काली पूजा मेला परिसर में छापामारी कर अवैध रूप से बेचे जा रहे करीब डेढ़ दर्जन विदेशी शराब बरामद किया। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इधर जब्त शराब को पुलिस ने उत्पाद विभाग को सौंप दिया है। थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ठाकुर ने कहा कि मामले में पूछताछ की जा रही है।
मनोनयन से हर्ष
भरगामा : भाजपा के युवा प्रखंड अध्यक्ष के रूप में तोनहा निवासी गजेन्द्र प्रसाद यादव को मनोनीत किए जाने से भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष व्याप्त है। कार्यकर्ताओं में महिला प्रकोष्ठ की सरिता भारती, प्रमोद सिंह, पंकज झा, प्रखंड प्रवक्ता चन्द्रानंद झा चाणक्य समेत बड़ी संख्या में कार्यकताओं ने खुशी जाहिर करते हुए श्री यादव के नेतृत्व में पार्टी को संगठनात्मक मजबूती मिलने की बात कही है।
Subscribe to:
Posts (Atom)



