Monday, April 9, 2012

विधायक ने की 25 हजार मुआवजा की वकालत

पलासी (अररिया) : सिकटी विधायक आनंदी प्रसाद यादव ने पलासी प्रखंड के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ओलावृष्टि व तूफान से हुए क्षतिग्रस्त रब्बी फसलों का जायजा लिया। इस क्रम में उन्होंने हसनपुर, नूराकोल, बकेनियां, जहांपुर, कनखुदिया, धर्मगंज, पिपरा विजवार आदि गांवों का भ्रमण कर लोगों से रूबरू होते हुए क्षतिग्रस्त फसलों की जानकारी ली। विधायक श्री यादव ने बताया कि शुक्रवार को हुई ओलावृष्टि से खेतों में लगे रब्बी फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। जिससे किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। श्री यादव ने बताया कि इसकी जानकारी दूरभाष से डीएम अररिया को दे दी है। डीएम एम सरवणन ने उन्हें कहा है कि फसल क्षति का जायजा लेने प्रत्येक प्रखंड में डिप्टी कलेक्टर के नेतृत्व में टीम गठित की गयी है। जिसके जांच प्रतिवेदन के आधार पर किसानों को मुआवजा दिया जायेगा। साथ ही उन्होंने बिहार सरकार से किसानों को प्रति एकड़ 25 हजार की दर से मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। इस क्रम में उन्होंने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में ओलावृष्टि व भीषण तूफान से फसलों की क्षति के अलावा भारी संख्या में कच्चे मकान, टीन का छप्पर व एलवेस्टर से बना मकान भी क्षतिग्रस्त हुआ है। मौके पर मुखिया रामप्रसाद चौधरी, शोभा वि. दयानंद चौधरी, सदानंद यादव, विशेश्वर चौधरी, मंगलचंद यादव, अशोक झा आदि मौजूद थे।

0 comments:

Post a Comment