Sunday, April 8, 2012

मंहगाई व भ्रष्टाचार के लिए कांग्रेस जिम्मेदार


अररिया : भाजपा के 32वां स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में महंगाई व भ्रष्टाचार का मुद्दा छाया रहा। आम जनों के लिये कोढ़ बन चुके महंगाई व भ्रष्टाचार पर कार्यकर्ताओं ने खुलकर केन्द्र सरकार की नीतियों का विरोध किया।
शुक्रवार को विधि महा विद्यालय के प्रागंण में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने द्वीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने जन संघ एवं उससे हटकर भाजपा का गठन के इतिहास पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा एक विचार धार की पार्टी है। भाजपा के इस धारा में देश भक्ति, आत्म शक्ति एवं सामाजिक समरसता का अभूत पूर्व संगम है। इसके वक्ताओं ने देश की वर्तमान परिस्थिति पर व्यापक चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि केन्द्र में जब-जब कांग्रेस आती है तब-तब वह महंगाई अपने साथ लाती है। चार वर्ष के दौरान आमजन जीवन के लिये प्रयोग होने वाली चीजों के मूल्य में जिस प्रकार वृद्धि हुई वह काफी चिंतनीय है। कमर तोड़ महंगाई से लोगों की आर्थिक स्थिति चरमराती जा रही है। वहीं कांग्रेस के मंत्री देश की जनता का हक छीनकर भ्रष्टाचार के दलदल में फंस रहे है। मौके पर कार्यकर्ताओं ने राज्य के अपने सरकार की व्यवस्था प्रणाली पर भी सवाल उठाया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि व्यवस्था प्रणाली के दोष का ही नतीजा है कि आज सिकटी के विधायक आनंदी प्रसाद यादव को अपराधिक मामलों में धकेला गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आलोक कुमार भगत ने की। इस अवसर पर विधायक देवयंती यादव, पद्मपराग वेणु, पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण मेहता, संगठन के क्षेत्रीय प्रभारी मनोज सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष नारायण झा, महिला मोर्चा के वीणा देवी, निलीमा साह, महामंत्री सुरेन्द्र झा, संजय मिश्रा, कलानंद सिंह, रघुनंदन साह, उमानंद राम, शंकर सिंह आदि ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

0 comments:

Post a Comment