Thursday, August 4, 2011

बोलेरो लूट कांड के तीन बदमाश गिरफ्तार

जोकीहाट(अररिया) : जोकीहाट थाना क्षेत्र के बौरिया पुल के निकट एक सप्ताह पूर्व बोलेरो लूटकांड में संलिप्त गिरोह के सरगना हबीब उर्फ हबुआ सहित तीन कुख्यात अपराधियों को जोकीहाट पलासी पुलिस ने संयुक्त रूप से छापामारी कर गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों से लूटी गयी दो मोबाइल व अन्य सामग्री पुलिस ने बरामद किया है। जोकीहाट थानाध्यक्ष टीपी सिंह ने बताया कि हबुआ पलासी बस्ती निवासी है जो अंतरजिला गिरोह का सरगना है। गिरफ्तार अपराधियों में पलासी बस्ती के हबुआ एवं पलासी थाना क्षेत्र के बरहट गांव के अयूब उर्फ नकटु तथा जोकीहाट थाना क्षेत्र के डूबा गांव के वर्तमान वार्ड सदस्य जाबिर पिता डा. खलील शामिल है। गिरफ्तार अपराधी हबुआ एवं जोकीहाट थाना क्षेत्र के मझुवा गांव निवासी मो. इद्रीश इस गिरोह का सरगना है। हबुआ ने पुलिस को गिरोह के कई सदस्यों के नाम बताये हैं। हबुआ के निशानदेही पर पुलिस अन्य अपराधियों के धर पकड़ के लिए छापामारी कर रही है। थानाध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि पूर्णिया जिले के डगरूआ के चांद भाग में शादी रचाकर हबुआ रौटा, अमौर, कसबा, जलालगढ़ थाना क्षेत्रों में दर्जनों घटना को अंजाम दिया है। हबुआ अररिया नगर थाना, जोकीहाट, पलासी थाना के भी कई मामलों में पुलिस के टारगेट में था। हबुआ की गिरफ्तारी से कई आपराधिक घटनाओं की गुत्थी सुलझने की उम्मीद पुलिस को है। छापेमारी दल ने पलासी थानाध्यक्ष आरबी सिंह, जोकीहाट थानाध्यक्ष टीपी सिंह, अनि फिरोज आलम, नुरूल होदा खान समेत पुलिस बल के अन्य जवान शामिल थे।

0 comments:

Post a Comment