Thursday, February 16, 2012

19 केन्द्रों पर आज होगी एसटीईटी की परीक्षा


अररिया : शुक्रवार को जिला मुख्यालय के 19 परीक्षा केन्द्रों पर बिहार माध्यमिक उच्च माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा का केन्द्र बनाया गया है। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पानी दस बजकर तीस मिनट से 12 बजे तथा दूसरी पाली दोपहर एक बजकर तीस मिनट से तीन बजे तक होगा। वहीं 18 फरवरी को शहर के चार केन्द्रों पर विशेष प्रारंभिक शिक्षक पात्रता परीक्षा होगी।
एसटीईटी व विशेष टीईटी परीक्षा को लेकर प्रशासनिक स्तर से सारी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। परीक्षा केन्द्रों पर केन्द्राधीक्षक व दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। महिलाओं की अधिक संख्या के कारण विभाग के निर्देशानुसार महिला दंडाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति हुई है। परीक्षा को लेकर एसडीओ के द्वारा परीक्षा केन्द्रों के आसपास धारा 144 लागू कर दिया गया है।
एसटीईटी परीक्षा का कहां-कहां है केन्द्र:-
बिहार माध्यमिक/उच्च माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में कुल 6800 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसके लिए शहर में आजाद एकेडमी, हाईस्कूल, बालिका उवि, उवि आरएस, आदर्श मवि बाजार, मिल्लिया कालेज, पीपुल्स कालेज, याद इंटर तथा डिग्री कालेज, मोहीनी देवी, अररिया पब्लिक स्कूल, स्काटिश पब्लिक स्कूल, मदरसा इस्लामियां यतीमखाना, राजकीय कन्या मवि मवि आरएस तथा कन्या कवि खरैहिया बस्ती में परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। वहीं विशेष टीईटी परीक्षा के लिए हाईस्कूल, ग‌र्ल्स हाईस्कूल, आजाद एकेडमी, तथा आरएस उवि के केन्द्र निर्धारित किया गया है।
परीक्षा केन्द्र पर बरती जायेगी सख्ती:- शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किया जायेगा। परीक्षार्थी बाल पेन कलम के अतिरिक्त कुछ भी हाल के भीतर नही ले जा सकते हैं। मोबाईल, केलकुलेटर, पाकेट में किसी भी तरह का कागजात ले जाने पर पाबंदी रहेगी। परीक्षा के दिन पूरे परीक्षा की विडियोग्राफी कराई जायेगी।
परीक्षा को ले डीएम-एसपी का संयुक्तादेश जारी:-
पात्रता परीक्षा को लेकर डीएम एम सरवणन तथा एसपी शिवदीप लांडे द्वारा संयुक्त आदेश जारी कर अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। 17 फरवरी के परीक्षा के लिए गश्ती दल सह ओएमआर दंडाधिकारी के रूप में अररिया बीईओ डा. बैजू झा, एमडीएम प्रभारी रविन्द्र राम, डीपीओ रविन्द्र राम, अवर निर्वाचन पदाधिकारी एपी यादव को प्रतिनियुक्त किया गया है। जबकि डीटीओ सदन लाल जमादार व वरीय उप समाहत्र्ता कैयूम अंसारी को उड़न दस्ता दल में रखा गया है। वहीं 18 फरवरी के परीक्षा के लिए बीईओ डा. बैजू झा को गश्तीदल तथा वरीय उप समाहत्र्ता कैय्यूम अंसारी को उड़नदस्ता दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है।

संपर्क पथ टूटने से दुर्घटना की आशंका

जोकीहाट (अररिया) : जोकीहाट-अररिया मुख्य सड़क पर काकन पुल के एप्रोच पथ के धंस जाने से वाहनों के आवागमन में कठिनाई हो रही है। एप्रोच पथ के क्षतिग्रस्त होने से प्रतिदिन यात्री वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है। कई लोड ट्रक भारी वाहनों को नुकसान हो जाता है। काकन बगडहरा के ग्रामीणों ने काकन पुल का क्षतिग्रस्त एप्रोच पथ को शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।

नगर निकाय चुनाव की आहट तेज, सक्रिय हुए प्रत्याशी


अररिया : एक बार फिर आया चुनाव। पर यह चुनाव से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को दिलचस्पी नही है। दरअसल नगर निकाय चुनाव के पांच वर्ष पूरे हो रहे है। राज्य निर्वाचन आयोग ने तो कई माह पूर्व ही निकाय चुनाव की तिथि 16 मई को निर्धारित कर दिया है। चुनाव को लेकर आयोग ने 16 या 17 अप्रैल को अधिसूचना जारी होने की संभावना जतायी है।
डेट फिक्स होने के साथ हीं वार्ड पार्षदों के चेहरे काले पड़ने लगे हैं। क्योंकि अब उन्हें ऐश आराम व नगर परिषद कार्यालय छोड़कर वोटरों के बीच अधिकांश समय गुजारना पड़ रहा है। वर्तमान के पार्षद लाल, पीला कार्ड, वृद्धा पेंशन बनाने के साथ-साथ वार्ड में सड़क व नाला निर्माण की दुहाई देकर इस बार भी ख्याल रखने की बात वोटरों से कह रहे हैं। जबकि पिछले चुनाव के पराजित प्रत्याशियों के द्वारा इस बार गलती न दुहराने की बात कही जा रही है। यूं तो चुनाव के तीन माह बांकी है, परंतु संभावित प्रत्याशियों के द्वारा वोटरों को लुभाने के लिए अभी से शराब की बोतलें खोल दी गई है।
अररिया नगर परिषद क्षेत्र में तकरीबन 75 हजार की आबादी है। यहां पर 29 वार्ड हैं। चुनाव पिछले आरक्षण स्थिति पर होना है। लिहाजा जो वार्ड की सीट पिछले चुनाव में सुरक्षित या अनारक्षित थी वहीं सिस्टम इस बार भी रहेगा। वर्ष 2007 के निकाय चुनाव में तकरीबन यहां 29 वार्डो से 300 उम्मीदवार मैदान में थे। पर इस बार लोभ व लालच के कारण संख्या 400 के पार पहुंचने की उम्मीद है।
इन पांच वर्षो में अररिया नगर परिषद द्वारा शहर सौंदर्यीकरण की दिशा में कुछ खास नहीं हुआ। अस्पताल के निकट आईडीएसएमटी योजना के तहत बनाया गया मार्केट कांपलेक्स आज भी आवंटित नही हो पाया। इन पांच वर्षो में भेपर लाइट खरीद माले में गबन का मामला उजागर हुआ। यही नही वित्तीय वर्ष 2011-12 के लिए हुये बस पड़ाव बंदोबस्ती में वित्तीय अनियमितता उजागर हुआ। साथ हीं आज भी नप के तत्कालीन कार्यपालक पदाधिकारी पर जांच की तलवार लटक रही है। आरएस में सामुदायिक भवन की राशि तीन वर्ष पूर्व ही निर्गत की गई पर भवन का कहीं पता नही। इसी पांच वर्ष के दौरान अररिया नप से जुड़ा तीन मामला हाईकोर्ट में दायर हुआ। शहर के भेपर आज भी बिना स्वीच के सूर्य की रौशनी में भी बेधड़क जलता है, पर तीन स्थलों पर लगा हाईमास्ट लाइट इन पांच वर्ष में मरम्मत नही हो पाया। सिर्फ यही नही चांदनी चौक से काली मंदिर चौक तक सड़क पर स्ट्रीट लाइट के सभी भेपर ठीक कराने के नाम पर खोले तो गये पर आज तक लगाये नही गये।
कुल मिलाकर चुनाव की घड़ी धीरे-धीरे नजदीक आ रही है। शहर के लिए इंतजार में बैठे हैं।

मारपीट: महिला सहित सात जख्मी


कुसियारगांव (अररिया) : अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में एक महिला सहित सात लोग जख्मी हो गये। जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया है।
जानकारी अनुसार नगर थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में धारदार हथियार से वार मीर कौशर को जख्मी कर दिया। दूसरी घटना जोकीहाट थाना क्षेत्र के बगडरा दक्षिण टोला में हुई, जिसमें महफुज, इदरिश, इनूश, राशिद, अलीहसन, अंजर, फारुक, जफिर व बीबी जहिदा जख्मी हो गये।

निकाय चुनाव: मतदाता सूची विखंडीकरण कार्य प्रारंभ


अररिया : नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गई है। अररिया नगर परिषद के 29 वार्डो के लिए विधान सभा मतदाता सूची के आधार पर वार्डवार विखंडन का कार्य शुरू कर दिया गया है। मतदाता सूची विखंडीकरण, मतदान केन्द्र का भौतिक सत्यापन तथा वार्ड के चौहद्दी का सर्वेक्षण के लिए अररिया एसडीओ सह निबंधन पदाधिकारी डा. विनोद कुमार ने एक सेल का गठन किया है।
डा. कुमार द्वारा निर्वाचन शाखा से जारी आदेश के अनुसार उपरोक्त कार्यो के लिए अररिया सीओ तैयब आलम शाहिदी, अररिया जीपीएस अनिल कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अररिया कौशल किशोर रश्मि, अंचल निरीक्षक अररिया सूर्य नारायण यादव को प्रतिनियुक्त किया गया है।
वहीं डा. कुमार ने दूसरी आदेश जारी कर अवर निर्वाचन पदाधिकारी अनिरुद्ध प्रसाद यादव तथा जीपीएस अनिल कुमार को नप क्षेत्र के मतदाता सूची संबंधी मामलों का निपटारा के लिए रिवाईजींग अथारिटी के रूप में प्रतिनियुक्त किया है।

जांच की मांग

अररिया : सिकटी प्रखंड अंतर्गत आमगाछी गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने डीएम को एक हस्ताक्षर युक्त आवेदन देकर प्राथमिक विद्यालय आमगाछी भोलानी टोला के प्रधानाध्यापक सहित तमाम शिक्षकों के कागजातों की जांच कराने की मांग की है। इधर डीएम ने डीईओ से पूरे मामले की जांच रिपोर्ट 10 दिनों के भीतर मांगी है।

शिव अवतरण महोत्सव का आयोजन



कुर्साकांटा (अररिया) : वर्तमान समय में विभिन्न समस्याओं के कारण चारों तरफ हाहाकार, तनाव, चारित्रिक, मानवयी मुल्य एवं मान्यताओं का ह्रास हो रहा है। परस्पर स्नेह में दरार के कारण वसुधा के मानव पापाचार, भ्रष्टाचार के चलते लोगों को घुटन महसूस हो रहा है। ऐसे में निराकार परमात्मा शिव ने प्रजापति बह्मा कुमारी की ईश्वरीय शक्ति की स्नेह रूपी पौधे की बीज बो कर हर नर-नारी की जीवन में दिव्यता प्रदान करती है। उक्त बातें महाशिवरात्री के अवसर पर प्रखंड के हरिरा बलचंदा में बुधवार को आयोजित शिव अवतरण महोत्सव के अवसर पर ब्रह्मा कुमारी उर्मिला बहन ने कही। इस अवसर पर बलचंदा में प्रजापति ब्रह्मा कुमारी पाठशाला का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर हजारों श्रद्धालुओं ने ओम शांति पद् यात्रा निकाली। वहीं प्रखंड प्रमुख धनजीत सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रजापति ब्रह्मा कुमारी, ईश्वरी विश्व विद्यालय का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग धर्म, जाति, संस्कृति, भाषा तथा व्यवसायिक आध्यात्मिक ज्ञान प्रदान करना, नशीली पदार्थ दु‌र्व्यवेशन तथा अन्य विकृतियों को दूर कर मानव जीवन में पवित्रता, सुख एवं शांति की अनुभूति कराना है। मौके पर ब्रह्मा कुमारी बहन शंकुतला, बहन लाडली, बहन उर्मिला, बहन किरण, महेश जी, संजय जी, दिनेश जी, मो. शमशुल, सुदामा सिंह, संजय सिंह, विष्णुदेव दास, राजेश प्रसाद साह, बालकृष्ण सिंह, जयनारायण सिंह आदि अनेकों लोग उपस्थित थे।

पार्षद ने की लूटपाट की निंदा


बसैटी (अररिया) : जिला पार्षद ध्रुव प्रसाद सिंह ने बौसी थाना के कुर्मी टोला में हुए लूटपाट की घटना की निंदा की है। गुरुवार को घटना स्थल का दौरा करने के बाद उन्होंने बताया कि बुधवार बो बौसी पंचायत के अररिया टोला के सैकड़ों ग्रामीणों ने कुर्मी टोला कठुआ पहुंचकर गरीबों का गाय, बकरी, कुर्सी, टेबुल सहित पहनने का कपड़ा भी लूट लिया। सूचना मिलने पर भी पुलिस घटना स्थल पर नही पहुंची। यदि उक्त जमीन भुदान का ही है तो उसे प्रशासन द्वारा खाली करवाना चाहिए न कि ग्रामीणों द्वारा लूट पाट करना चाहिए।
इधर डीएसपी वदरे आलम ने दूरभाष पर बताया कि दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज की गई है। लूट पाट करने वालों पर कार्रवाई की जायेगी।

डॉ. विद्या नारायण ठाकुर की प्रथम पुण्य तिथि आयोजित


फारबिसगंज (अररिया), : इन्द्रधनुष साहित्य परिषद के तत्वावधान में डॉ. विद्यानारायण ठाकुर की प्रथम पुण्य तिथि बुधवार को कर्नल अजित दत्त की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जहां स्थानीय साहित्यकार एवं साहित्य प्रेमियों ने उनकी तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया।
सभाध्यक्ष कर्नल दत्त, शिव नारायण चौधरी, जगत नारायण दास, मांगन मिश्र मार्तड, हेमंत यादव, प्रो. कमला प्रसाद बेखबर आदि ने उनके साहित्य जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सुपौल के शाहपुर में जन्में डा. ठाकुर हिन्दी और मैथिली दोनों भाषाओं में एमए तथा पीएचडी की डिग्री प्राप्त की थी। वक्ताओं ने उनकी कृतियां 'वीणा के तार', 'रेणु-सृजन आर संदर्भ', 'शक्ति' एवं काव्य संग्रह झूठ भी सच बोलता है पर चर्चा की।
इस अवसर पर जयकांत झा, भुवनेश्वर लाल दास, श्री दास सिंह, प्रमोद जायसवाल, विनोद कुमार तिवारी, सुनील दास, अनन्या ठाकुर, दीपेश कुमार, मृत्युंजय तिवारी आदि उपस्थित थे।

शिविर में दी गयी नेत्ररोग से बचाव की जानकारी


पलासी (अररिया) : राष्ट्रीय दृष्टि विहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिला स्वास्थ्य समिति अररिया के तत्वावधान में गुरुवार को मुख्यालय स्थित कन्या मवि प्रखंड कालोनी में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को नेत्र दृष्टि सर्वेक्षण को लेकर शिक्षकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षक के रूप में मौजूद नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. सुनील कुमार व डा. राम कुमार ने बच्चों को अंधापन से बचाने हेतु शिक्षकों को नेत्र रोगों की जांच से संबंधित विस्तार पूर्वक जानकारी दी। इस क्रम में उन्होंने शिक्षकों को एक चार्ट भी दिया तथा उसके परीक्षण से संबंधित तरीके भी बताये।

जिन्हें पहनाया ताज उन्हीं ने किया नाराज


अररिया : जिले के विशिष्ट स्थानों को अपने में समायोजित करने वाले शहर के ओमनगर चौतरफा सड़क व नालों की समस्या से जूझ रहा है। नाला के अभाव में जल जमाव यहां की मुख्य समस्या है। वार्ड के ठीक बीचोबीच कोसी का छाड़न रहने के बावजूद जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। बरसात के दिनों में यहां के लोग कीचड़ एवं कच्ची सड़कों पर चलने के लिए विवश रहते हैं। वार्ड की गलियों में 30 ऐसी हैं जहां ईट सोलिंग तो दूर मिट्टी भी नहीं भरा गया। नप द्वारा मिले करीब 45 लाख के आवंटन में पार्षद ने उन्हीं कार्यो को प्राथमिकता दी जहां उनका मन भाया। बगल में पावर ग्रिड रहने के बावजूद कई गलियों में बिजली का घोर अभाव है। वार्डवासियों ने बताया कि उनके वार्ड में 70 बिजली के खंभे की जरूरत है। लेकिन इस जरूरत को पूरा करें तो कौन?
आठ हजार की आबादी वाले इस वार्ड में 2700 सौ से अधिक मतदाता हैं। पांच वर्ष पूर्व यहां के मतदाताओं ने इस आशा के साथ सुकदेव ठाकुर को वार्ड की कमान सौंपी थी कि वे उनकी उम्मीद पर खरा उतरेंगे। लेकिन..। वार्ड वासियों का कहना था कि जिस उम्मीद के साथ श्री ठाकुर को ताज पहनाया था। उस उम्मीद पर वे खरा नहीं उतरे। मुहल्ले में गरीबी का आलम यह है कि बीच शहर में रहने के बाद भी अधिकांश लोग कच्चे मकान में रहने के लिए विवश हैं। इस वार्ड में कुल 1300 कार्डधारी है। जिनमें 665 बीपीएल तथा 446 एपीएल परिवारों की संख्या है। 189 परिवारों को अन्त्योदय योजना का लाभ दिया जा रहा है। वार्ड में एक नवसृजित प्राथमिक विद्यालय तथा 2 आंगनबाड़ी केंद्र की संख्या है। लेकिन बिन टोला, बुआरीबाध, कोल्ड स्टोर के दक्षिण पोखर टोला के आज भी कई बच्चे स्कूल का मुंह नहीं देख पाये हैं। इसी वार्ड में मार्केटिंग यार्ड, पुलिस लाइन, स्टेट बैंक एवं कई अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान हैं। लेकिन विकास के नाम पर चारों ओर तबाही ही तबाही है। रानीगंज रोड से स्टेशन जाने वाली नहर किनारे रोड का आज तक सुध नहीं ली गयी। जबकि प्रतिदिन इस रोड से हजारों लोगों का आना जाना है।
क्या कहते हैं वार्डवासी
ओमनगर निवासी रंजीत कुमार दास ने बताया कि जन अपेक्षा के मुताबिक पार्षद ने आज तक कोई काम नहीं किया। पार्षद उन्हीं कार्यो को स्थान दिया जहां उन्हें ज्यादा लाभ मिला। वहीं अजय कुमार जायसवाल ने वार्ड में नाला के अभाव में जल जमाव की समस्या को महत्वपूर्ण बताया। जबकि प्रवीण कुमार का कहना था कि पार्षद अनियमितताओं की प्रतिमृर्ति हैं। चक्रवाती तूफान, कंबल योजना आदि में जमकर अनियमितता हुई है। बिन टोला की रहने वाली रूक्मिणी देवी, राजो मसोमात आदि ने बताया कि उन लोगों को नप से कोई लाभ नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि वे गरीब हैं, लेकिन न तो उन्हें चक्रवाती तूफान का मुआवजा मिला न ही कंबल।
क्या कहते हैं पार्षद:
वार्ड पार्षद सुकदेव ठाकुर का कहना है कि आम लोगों के उम्मीद पर खरा उतरने के लिए उन्होंने भरसक प्रयास किया है। उन्होंने किसी भी योजनाओं में अनियमितता नहीं बरतने की बात कही। पार्षद ने बताया कि उनके वार्ड में सड़क व नाला की समस्या विकराल जरूर है, लेकिन मिले आवंटन से प्राथमिकता के आधार पर एक नाला व तीन सड़क का निर्माण कराया है।

वार्षिकोत्सव को ले तैयारियां जोरो पर


फारबिसगंज (अररिया) : स्थानीय श्री रानी सरस्वती विद्या मंदिर व गंगा सरस्वती शिशु मंदिर के वार्षिकोत्सव के अवसर पर शनिवार एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय परिवार द्वारा किया जायेगा। जिसकी तैयारियां जोरों पर है।
उक्त जानकारी विभाग निरीक्षक नकुल कुमार शर्मा एवं विद्यालय द्वय के प्रधानाचार्य शंभू शरण तिवारी तथा भोला प्रसाद ने देते हुए कहा कि वर्ष 2012 को विद्यालय द्वारा अपने स्थापना की रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। वहीं श्री शर्मा ने जानकारी दी कि उसी दिवस अर्थात 18 फरवरी से विद्यालय में चार दिवसीय प्रधानाचार्य सह व्यवस्थापक सम्मेलन का भी आयोजन होने जा रहा है। जिसमें उत्तर बिहार में 230 विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं व्यवस्थापक सत्र की कार्य योजना, शिक्षण पद्धति पर विचार विमर्श, विद्यालय एवं छात्र विकास पर चिंतन मनन है।

प्रखंड में टीएचआर नहीं बंटने से आक्रोश


जोकीहाट(अररिया) : प्रखंड के आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पूर्व निर्धारित तिथि अर्थात प्रत्येक महीने के 15 तारीख को टीएचआर वितरण करना है लेकिन पिछले कई महीने से निर्धारित समय पर टीएचआर वितरण नहीं होने से लाभुकों के बीच आक्रोश हैं। लाभुकों का कहना है कि किसी भी महीने समयानुसार टीएचआर नहीं मिलता है। इस सिलसिले में पूछने पर सीडीपीओ रंजना सिंहा ने बताया कि इलाहाबाद बैंक सिसौना में समयानुसार राशि देने में विलंब के कारण टीएचआर वितरण में देरी होती है। सीडीपीओ श्रीमती सिंहा ने बताया कि शुक्रवार को टीएचआर वितरण करने का निर्देश सभी सेविकाओं को दे दिया गया है। ज्ञात हो कि लगभग छह महीने से प्रखंड में सरकारी घोषणा के बावजूद भी टीएचआर की राशि लाभुकों को समयानुसार नहीं मिल पाता हैजिससे लाभुकों में आक्रोश है।

औचक निरीक्षण


जोगबनी: जोगबनी उच्च विद्यालय में व्याप्त अनियमितता व लचर पठन पाठन व्यवस्था की शिकायत को ले जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव रंजन प्रसाद ने गुरुवार को विद्यालय का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि विद्यालय की स्थिति काफी दयनीय है। यहां न तो अभी तक स्थानीय शिक्षा समिति का गठन किया गया है और न ही विकास कार्य हुए है। इतना ही नही प्रधानाचार्य से लेखा जोखा मांगे जाने पर उनके द्वारा उक्त पंजी उपलब्ध नही करायी गयी।

बीईओ ने पूछा स्पष्टीकरण

जोकीहाट: जोकीहाट प्रखंड के मध्य विद्यालय उखवा के प्रधानाध्यापक मुजाहिद आलम से बीईओ गयासुद्दीन अंसारी ने स्पष्टीकरण पूछा है। इस सिलसिले में श्री अंसारी ने बताया कि गुरुवार को विद्यालय के निरीक्षण के दौरान विद्यालय में छात्रोपस्थिति बहुत कम थी। पठन-पाठन कार्य भी लचर था। इस दौरान बीईओ श्री अंसारी मध्य विद्यालय महलगांव सहित कई अन्य विद्यालय का भी निरीक्षण किया।

भूमि कब्जा को ले हुई लूटपाट


अररिया : बौंसी थाना क्षेत्र के कठुआ गांव के कुर्मी टोला में बीते बुधवार को बसोवासी भूमि को हड़पने की नियत से अररिया टोला के डेढ़ सौ से अधिक लोगों ने लाठी डंडा से लैस होकर धावा बोल दिया। हमलावरों ने गांव के आधा दर्जन से अधिक लोगों को बुरी तरह पीटा फिर उनके घर के सभी सामान लूट लिये। हमलावरों ने पीड़ितों के गाय, बकरी, भैंस, घरेलू सामान, होंडा पंप सेट एवं नगदी 20 हजार भी लूट लिये। लूटपाट एवं मारपीट होते देख पीड़ित भाग कर थाना पहुंचे और पुलिस को आप बीती सुनायी। लेकिन बौंसी पुलिस घटना स्थल पर पहुंचने का जहमत तक नहीं उठायी। अंत में सभी पीड़ित भागे भागे एसपी के दरबार में पहुंचे। एसपी के अनुपस्थिति में वे लोग रानीगंज के डीएसपी बदरे आलम के पास पहुंचकर घटना की जानकारी दी। मामले को गंभीरता को देखते हुए डीएसपी श्री आलम ने बौंसी पुलिस को दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है। इधर बौंसी पुलिस दोनों पक्षों से आवेदन लेकर प्राथमिकी दर्ज की है। इस घटना में हमलावरों के मारपीट में लक्ष्मण मंडल, रामेश्वर मंडल एवं अन्य लोगों को गंभीर चोट आयी है।
जानकारी अनुसार गांव के सत्यनारायण मंडल, रामेश्वर मंडल, नुनू लाल मंडल, तीर्थानंद मंडल, लक्ष्मण मंडल आदि चार दशक से भूदान की जमीन खरीदकर घर बनाकर रह रहे हैं। लेकिन अररिया टोला के दलित बस्ती के कुछ लोग उक्त जमीन को अपने कब्जा में करने का प्रयास कर रहे हैं। इसी प्रयास में दलित टोला के लोगों पर हमला बोल दिया। क्षेत्र संख्या 19 के जिला पार्षद ध्रुव नारायण सिंह ने इस घटना को काफी शर्मनाक बताया और दोषियों के विरूद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

गैरकी पंचायत के मुखिया को मिली जमानत, रिहा


जोकीहाट(अररिया) : इंदिरा आवास के मामले में लगभग डेढ़ महीने से अधिक समय से जेल में बंद गैरकी मसुरिया पंचायत के मुखिया इमरान साबिर शुक्रवार को कोर्ट से जमानत मिलने के बाद अररिया जेल से रिहा हुए।
वाद संख्या 1830 सी/11 के मामले में एडीजे प्रथम उमेश चंद्र मिश्रा ने मुखिया साबिर को सुनवाई के बाद जमानत दे दी। वहीं एक अन्य मामले में जोकीहाट थाना कांड संख्या 196/11 में पटना उच्च न्यायालय के स्थगन आदेश के आलोक में उन्हें व्यक्तिगत जमानत बंधपत्र पर सीजेएम सत्येन्द्र रजक के न्यायालय से बेल मिल गयी। उक्त दोनों मामले में सूचक पक्ष के अधिवक्ता मुजाहिद हुसैन ने विरोध किया। वहीं, बचाव पक्ष के अधिवक्ता विष्णुकांत मिश्रा ने न्यायालय के निर्णय पर खुशी व्यक्त की।

बोधि संवाद प्रशिक्षण के नाम पर हो रही गड़बड़ी


अररिया : डीएम द्वारा अररिया बीआरसी का सोमवार को निरीक्षण और फिर उसी दिन डीईओ द्वारा रानीगंज बीआरसी का निरीक्षण किया गया। इस औचक कार्रवाई से दोनों बीआरसी में चल रहे बोधि संवाद प्रशिक्षण की असलियत सामने आ गई। जोकीहाट बीआरसी में भी एसएसए डीपीओ ने दो दिन पूर्व जांच की थी। तीनों जगहों से प्रशिक्षण के नाम पर खानापूर्ति करने का मामला उजागर हुआ।
बोधि संवाद प्रशिक्षण कार्यक्रम के नाम पर बीआरसी में कहीं इससे पहले लाखों की राशि का गबन तो नही कर लिया गया था? यह सवाल रानीगंज व अररिया के निरीक्षण रिपोर्ट से उठने लगा है। हालांकि सर्वशिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर ने सरकारी राशि गबन करने की बात को नकारा है। श्री ठाकुर ने कहा कि रात्रि में महिला शिक्षक प्रशिक्षण से चली जाती है। परंतु श्री ठाकुर के जवाब के विपरीत डीएम एम. सरवणन ने तो सोमवार को सुबह ग्यारह बजे अररिया बीआरसी में शिक्षकों को गायब पाया था। रानीगंज में बीईओ, तीन बीआरपी तथा 38 प्रशिक्षु शिक्षक पर डीईओ ने पहले ही गाज गिरा दी है। अब इधर डीएम एम. सरवणन ने पूरे मामले की रिपोर्ट डीईओ से मांगी है। डीएम के निर्देश पर डीपीओ श्री ठाकुर ने अररिया बीआरसी मामले की जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप दी है। गुरुवार को डीएम श्री सरवणन ने बताया कि डीपीओ ने बीईओ समेत अनुपस्थित सभी शिक्षकों पर कार्रवाई की अनुपस्थित सभी शिक्षकों पर कार्रवाई की अनुशंसा की है। डीएम ने कहा कि प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश डीईओ को दिया गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अनवरत जारी बोधि संवाद प्रशिक्षण की मानीटरिंग इससे पहले कभी नहीं की जाती थी। जांच का सिलसिला डीएम के द्वारा शुरू किया गया तो शिक्षा विभाग की कुंभकर्णी निद्रा टूट गयी। डीपीओ श्री ठाकुर की माने तो उन्होंने इसी मामले में जोकीहाट बीईओ व बीआरपी से स्पष्टीकरण भी पूछा है। श्री ठाकुर ने बताया कि उनके द्वारा दो-तीन दिनों से लगातार प्रशिक्षण का मुआयना किया जा रहा है।

Wednesday, February 15, 2012

बियाडा में एलआईसी भवन की रखी गयी आधारशिला

फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज औद्योगिक क्षेत्र बियाडा परिसर में बुधवार को भारतीय जीवन बीमा निगम के भवन निर्माण की आधारशिला रखी गयी। भवन निर्माण को लेकर एलआईसी के पूर्व मध्य क्षेत्र पटना मुख्यालय के क्षेत्रीय प्रबंधक विनय कुमार साह ने भूमि पूजन किया। मौके पर एलआईसी के अधिकारी मौजूद थे। बाद में एक प्रेस वार्ता के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक विनय कुमार साह ने बताया कि भागलपुर के अंतर्गत आने वाली बिहार झारखंड की 14 शाखाओं में फारबिसगंज एलआईसी शाखा चौथी शाखा है जिसे खुद का भवन होगा। जबकि पूर्णिया तथा दुमका में एलआइसी अपने भवन में चल रहा है। इसके अलावा मुंगेर शाखा के भवन निर्माण का कार्य भी शुरू किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि फारबिसगंज शाखा प्रीमियम के मानक पर सबसे बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। फिलहाल यह शाखा किराये के भवन में चल रहा है। एलआईसी को कार्यालय भवन निर्माण के लिए बियाडा द्वारा करीब 42,000 फुट जमीन वर्ष 2008-09 में उपलब्ध कराया गया था। अधिकारी ने कहा कि यहां बियाडा से अनुमति लेकर आफिसर कालोनी भी बनायी जायेगी। उन्होंने कहा कि यह दो मंजिला भवन करीब एक वर्ष में बनकर पूरा हो जायेगा अधिकारी ने कहा कि पूर्व मध्य क्षेत्र पटना मुख्यालय के अंतर्गत बिहार, झारखंड तथा उड़ीसा के कुल 157 शाखा तथा 140 सेटेलाइट कार्यालय कार्यरत है जिसमें से 55 शाखाओं के पास खुद का भवन है। श्री साह ने कहा कि एलआइसी अधिक से अधिक शाखाओं को खुद का भवन उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है। पूरे बिहार में बियाडा के द्वारा एलआईसी को ग्यारह जगहों पर जमीन देने का आफर दिया गया था। भूमि पूजन के दौरान मुख्य अभियंता धर्म कुमार, वरीय मंडल प्रबंधक भागलपुर प्रफुल्ल जयपुरिया, मंडल विपणन प्रबंधक एमएम अंसारी, मंडल प्रबंधक विक्रय एमएस खान, स्थानीय शाखा प्रबंधक आलोक कुमार झा, स्थानीय एबीएम एन प्रियदर्शी, आनंद कुमार मेहता सहित कई अधिकारी तथा एजेंट मौजूद थे।

बढ़ रही साहित्यिक गतिविधियां


अररिया : रेणु की धरती पर साहित्यिक गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही है। इसी कड़ी में सरकार के राजभाषा विभाग से पुरस्कृत अधिवक्ता नवीन प्रसाद आदिम का नाम भी जुड़ गया है। जिन्होंने 'मां' नामक पुस्तक को लिखकर अररिया जिले का नाम रोशन किया है।
जिले के रामपुर मोहनपुर निवासी श्री आदिम द्वारा लिखे कहानी पर पूर्व में भी राजभाषा विभाग ने उन्हें हजारों राशि से पुरस्कृत किया। पुन: श्री आदिम ने बिहार सरकार मंत्री मंडल (राजभाषा) विभाग के अंशानुदान से 'मां' नामक पुस्तक लिखकर प्रकाशित किया है। उक्त पुस्तक दिल्ली के रजवी किताब घर द्वारा कंपोजिट हुआ है।
लेखन श्री आदिम ने अपनी इस पुस्तक में गांव की तंगहाली जीवन व्यथा को उद्घृत किया है तथा वर्तमान परिस्थितियों से जुझ रहे लोगों की जीवन को हर संभव सृजित करने का प्रयास कहा जा रहा है।
साथ हीं लेखक ने अपनी इस रचना को बिहार के मुख्य मंत्री नीतीश कुमार तथा बिहार के मंत्री मंडल को समर्पित किया है। अधिवक्ता श्री आदिम को अधिवक्ता डा. श्याम लाल यादव, देव ना. सेन, विनोद सिंहा, अशोक मिश्रा, प्रभा कुमारी आदि ने बधाई दी है।

परमात्मा की प्राप्ति को ले भक्ति आवश्यक: स्वामी सत्यानंद


रानीगंज (अररिया) : लाखों योनि में भटकने के बाद मानव शरीर मिलता है। मानव शरीर से हम ईश्वर की भक्ति कर सकते हैं और भक्ति से ही परमात्मा की प्राप्ति होती है। ये बातें हरिद्वार से आये संतमत के अंतर्राष्ट्रीय प्रवक्ता स्वामी सत्यानंद जी महाराज ने बुधवार को प्रखंड के काला बलुआ गांव में दो दिवसीय ध्यान योग शिविर की शुरूआत करते हुए कही। दूर-दराज से आये श्रद्धालुओं के बीच प्रवचन देते हुए संत ने जीवन में ध्यान योग की महत्ता भी बतायी।
सत्संग स्थल पर बने विशाल मंच के बीचोबीच स्वामी महर्षि मेंहीं परमहंस जी महाराज के तैल चित्र रखा गया था। मंच पर दर्जनों संत महात्मा के बैठने की व्यवस्था थी। मंच के सामने एक विशाल पंडाल बनाये गये थे। जिसमें श्रद्धालुओं की बैठने की व्यवस्था थी। ध्यान योग शिविर के पहले दिन बुधवार को संतमत में आस्था रखने वाले सैकड़ों स्त्री पुरुष दूर-दराज गांव से शिविर में पधारे थे। कई सत्रों में चले इस योग शिविर में देर शाम तक लोगों के आने का तांता लगा रहा।
सत्संग स्थल के बाहर मेले सा नजारा था जहां पूजा सामग्रियों से लेकर विभिन्न सामग्रियों की दुकानें सजी थी। वहीं, व्यवस्थापकों की ओर से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ठहरने की व्यवस्था भी की गयी थी।

बिचौलिये से इंदिरा आवास वापस दिलाने की गुहार


नरपतगंज (अररिया) : प्रखंड के मानिकपुर पंचायत के वार्ड नं. 13 के बिरवन राम के पुत्र उपेन्द्र राम ने जिला पदाधिकारी अररिया को आवेदन देकर गुहार लगाई है बिचौलियों से उनके इंदिरा आवास की राशि दिलायी जाए।
पीडि़त उपेन्द्र राम द्वारा जिला पदाधिकारी को दिये गये आवेदन के अनुसार 2007-08 में उनके नाम का इंदिरा आवास पंचायत के तत्कालीन सरपंच मिश्री लाल राम, मुखिया शिव ना. सरदार व बिचौलिया शिवनाथ राम ने उठा कर गबन कर लिया। उन्हें यह जानकारी जांच दल के प्रतिवेदन से मिली।

प्रतियोगिता से निखरती है बच्चों की प्रतिभा

अररिया : प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा निखरती है। बच्चों के बौद्धिक विकास के लिए समय- समय पर कार्यक्रम का आयोजन जरूरी हैं। उक्त बातें स्कूल्स ऑफ गाइड ग्रुप के संस्थापक सह निदेशक प्रो. रकीब अहमद ने बच्चों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कही। बुधवार को टाउन हाल अररिया में ग‌र्ल्स गाइड एकेडमी एवं कैरियर गाइड एकेडमी ने संयुक्त रूप से 18वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया। मौके पर विद्यालय के बच्चों ने प्रभातफेरी निकाली एवं स्कूल का झंडोतोलन किया गया। वार्षिक समारोह के मौके पर बच्चों द्वारा इस्लामिक क्विज, वाद- विवाद, भाषण, फैंसी ड्रेस, कव्वाली, गीत, नाटक आदि पेश किये गये। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नाटक फर्जी डाक्टर, निरक्षर महिला को दर्शकों ने खूब सराहा। बच्चों के अभिभावकों ने भी अपने सुझाव पेश किये। मौके पर मरगुब, उपेंद्र, साकिर मुबारक, सानिया, सदफ, सबा, हेबा, सना, संतोष, मारिया, निक्की आदि बच्चों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किये।

नाबालिग से शादी करने आये अधेड़ को पुलिस ने किया गिरफ्तार


रेणुग्राम (अररिया) गज थाना के तीन टोलिया, प्रतापगंज निवासी, चन्देश्वर शर्मा को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे ग‌र्ल्स ट्रैफिकिंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। लड़की को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
सुपौल जिला निवासी चन्देश्वर शर्मा एक दर्जन बारातियों साथ मंगलवार को अररिया जिला के फारबिसगंज प्रखंड के मानिकपुर गांव पहुंचा। रात में उसने गांव के राजेन्द्र दास की पुत्री खुशबू के साथ सात फेरे भी लिए पर शादी के महज कुछ घंटों बाद ही उसे पुलिस के फेरे पड़ गये। शादी के बाद बुधवार की सुबह जब चन्देश्वर शर्मा लड़की को लेकर अपने घर के लिए चला तो रास्ते में ही पुलिस की गिरफ्त में जा पहुंचा। हुआ यूं कि सिमराहा पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक अधेड़ मानिकपुर की नाबालिग लड़की खुशबू को शादी के नाम पर खरीद फरोख्त कर ले जा रहे है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे सिमराहा में धर दबोचा। इस संबंध में सिमराहा थाना अध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि उन्हें खरीद फरोख्त कर मानिकपुर गांव से एक लड़की से ब्याह रचाकर ले जाने की सूचना मिली थी। गिरफ्तार अधेड़ दूल्हा की उम्र लगभग 50 से 55 के बीच बतायी गयी है जबकि लड़की अभी नाबालिग है। थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच पड़ताल के बाद खरीद फरोख्त का मामला सामने आयेगा। लड़की को चिकित्सीय जांच हेतु अररिया भेजा गया। जांच रिपोर्ट के बाद आवश्यक कार्यवाही की जायेगी। वहीं वहीं इस बेमेल शादी को लेकर गांव में चर्चा आम है। इधर सिमराहा थाना में पकड़ाया दुल्हा ने बताया कि कुसहा त्रासदी में उनकी पत्‍‌नी और एक बच्चा खो गया था इसलिए उन्होंने शादी की।

सौ साल की मुनरी को पेंशन नहीं, कागजी बूढ़े पा रहे लाभ


अररिया : शहर के दक्षिणी एवं उत्तरी सीमा पर स्थित वार्ड संख्या सात के लोग हर मायने में उपेक्षा का शिकार हैं। गरीबी एवं अशिक्षा का दंश झेल रहे इस वार्ड के लोगों को चलने के लिये ठीक ढंग से सड़क भी नही है। स्कूल एवं आंगनबाड़ी की पर्याप्त सुविधा के बाद भी अशिक्षा का माहौल। वार्ड में भूले भटके ही पक्के मकान हैं। अधिकांश लोग टूटे-फूटे झोपड़ी में ही रहते हैं। अनुसूचित जाति/जनजाति बहुल इस वार्ड के अधिकांश मतदाताओं को यह भी पता नही है कि उनका घर शहर में है या पंचायत में है। वार्ड का हाल लेने के क्रम में आम लोगों ने बताया गया कि पंचायत में जागरण और शहर में डपोर शंखी भाषण। यानी पंचायत के लोगों को घर बनाने के लिये आवास योजना का लाभ मिल रहा है लेकिन वे दशकों से शहर में रहकर भी झोपड़ी में हीं रह रहे है। सड़क का हाल ऐसा कि बरसात के दिनों में चप्पल पहनना भी मुश्किल।
सात हजार से अधिक आबादी वाले इस वार्ड में 1800 सौ मतदाताओं की संख्या है। 824 बीपीएल कार्ड धारी है। जिनमें कई लोगों को अन्नपूर्णा और 116 लोगों को अन्त्योदय का लाभ मिल रहा है। वार्ड में जनवितरण प्रणाली की दो दुकानें है। लेकिन समय पर गरीबों को अनाज या तेल नही मिलता है।
शहर में वृद्धा वस्था पेंशन पाने के होड़ में कागजी बूढ़ों का ढेर तो बन गया है लेकिन इस वार्ड में 100 वर्ष के कई ऐसे लोग है जिन्हें आज भी पेंशन योजना का लाभ नही मिल रहा है। उदाहरण के तौर पर जय प्रकाश नगर की रहने वाली नि:संतान मसो.मुनरी को पेंशन आज तक इसलिए नही मिल पाया कि वह बीपीएल की सूची में दर्ज नही हो पायी।
क्या कहते हैं वार्ड वासी:
हृदयपुर के मुन्ना मंडल बताते हैं कि वार्ड पार्षद उनलोगों के साथ उपेक्षा का भाव रखते है। उन्होंने बताया कि पिछले चुनाव में जिन लोगों ने पार्षद को वोट दिया था उन्हीं को योजनाओं का लाभ भी मिल पाता है। तीन माह में एक माह का राशन जनवितरण प्रणाली की दुकान से दिया जाता है। शिकायत करने पर पार्षद भी चुप्पी साध लेते है। वहीं मांगन मंडल को पार्षद के कार्यो से खासी नाराजगी थी।
जबकि इस वार्ड के जगरनाथ शर्मा, ज्ञान चंद्र मंडल ने बताया कि उनलोगों को आज भी सड़कों पर चलने का नसीब नही हो पाया है। नप द्वारा आवंटित राशि का उपयोग पार्षद उन्हीं स्थानों पर किया है जहां उन्हें ज्यादा लाभ मिला है। कई लोगों को राशन कार्ड, पेंशन योजना का लाभ नही मिल पाया है। जब पार्षद से कहा जाता है तो वे साल भर के बाद कार्ड उपलब्ध कराने की बात करते है।
क्या कहती हैं वार्ड पार्षद:
वार्ड पार्षद सुदामा देवी की कमान उनके पति राशो पासवान संभाल रहे हैं। पार्षद पति रासो पासवान ने बताया कि उनके वार्ड में सड़कों का बेहद अभाव है। इस योजना के तहत 42 लाख तथा अन्य योजना से उनके वार्ड में 35 लाख रुपये आवंटित की गयी है। उन पैसों से प्राथमिकता के तौर पर स्टेशन से ईटहरा जाने वाली, हृदयपुर से नुनिया पासवान टोला, राय टोला से जय प्रकाश नगर तक जाने वाली सड़क का निर्माण कराया गया है। पार्षद पति यह भी बताते हैं कि उनके वार्ड में गरीबी की समस्या बहुत है। लोगों को ठीक ढंग से रहने के लिए घर भी नही है। लेकिन इन समस्याओं से निजात पाने के लिए नप से पर्याप्त आवंटन नही मिल पा रहा है।

कांफ्रेंस का आयोजन

रेणुग्राम: फारबिसगंज प्रखंड के पुरबारी झिरूआ में यूथ कमेटी के तत्वावधान में दो दिवसीय अजमते मुस्तफा कांफ्रेंस का आयोजन किया गया है। यह कार्यक्रम शनिवार एवं रविवार को आयोजित होगा।

पोलियो अभियान की सफलता को लेकर बैठक

अररिया : आगामी 19 फरवरी से चालू होने वाले पल्स पोलियो अभियान की सफलता को लेकर बुधवार को डीआरडीए सभा भवन में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गयी। इसकी अध्यक्षता डीडीसी प्रभात कुमार महथा ने की। बैठक में डीएम के निर्देश पर यह तय हुआ कि पोलियो अभियान के अंतिम पड़ाव में वेक्सीनेटर व पर्यवेक्षक को प्रशिक्षण के दौरान अन्य जानकारी भी जाये। पिछली बैठक का हवाला देते हुए डीडीसी श्री महथा ने कहा कि राउंड शुरू होने से पूर्व सभी वेक्सीनेटरों व पर्यवेक्षकों के बीच प्रशिक्षण के दौरान क्विज प्रतियोगिता कराया जाये ताकि नये जोश के साथ वे काम करें। बैठक में यूनिसेफ एसएमसी नैयर आजम ने पिछले राउंड का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। रिपोर्ट के मुताबिक पिछले पोलियों राउंड में भरगामा के चिकित्सा पदाधिकारी डा. सुखी रावत व फारबिसगंज सीडीपीओ का संध्या ब्रीफिंग में सराहनीय योगदान रहा। इसे लागू करने को लेकर डीडीसी ने कहा कि सभी बीडीओ संध्या ब्रीफिंग के दौरान अवश्य भाग लेंगे। इसके लिए डीएम स्तर से निर्देश दिया जायेगा। यूनिसेफ अधिकारियों ने बताया कि जिले के हाई रिस्क प्रखंडों में मानीटरिंग के लिए उप निदेशक डा. गणेश महतो अररिया आ रहे हैं। मौके पर डीआरडीए निदेशक जफर रकीब, डीएचएस डीपीएम रेहा अशरफ, महामारी विशेषज्ञ अरूणेन्दु झा सहित सभी चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य प्रबंधक आदि मौजूद थे।

पेड़ से लटका मिला युवक का शव


कुर्साकांटा (अररिया) : बुधवार को थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर पंचायत के छोटी परबत्ता गांव स्थित एक बगीचे से आम के पेड़ से लटके युवक का शव बरामद हुआ है। सुचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया। मृतक की पहचान मेगरा बेलदार टोला निवासी स्वर्गीय भेखा लाल मंडल का पुत्र प्रकाश मंडल के रूप में की गयी।
प्राप्त जानकारी अनुसार उक्त आम बगीचे के मालिक गंगा यादव दोपहर को जब अपने बगीचा पहुंचे तो वहां एक युवक का शव रस्सी के सहारे आम के पेड़ से लटका देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय दफादार पवन लाल ठाकुर को दी। दफादार ने कुर्साकाटा थाना को इसकी खबर दी। इसके बाद थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर शव को पेड़ के नीचे उतारा। तब तक यह खबर आग की तरह पूरे गांव में फैल गयी। सूचना पाकर बेंगा निवासी चंतुरानंद मंडल घटना स्थल पर पहुंच कर शव की पहचान अपने दामाद प्रकाश मंडल के रूप में की।
उन्होंने बताया कि प्रकाश मंडल का विवाह सात वर्ष पूर्व उनकी पुत्री रंजनी देवी से हुआ था। उसे दो पुत्र एवं एक पुत्री है। मृतक के ससुर ने यह भी बताया कि प्रकाश मंडल पिछले दो वर्षो से अ‌र्द्धविक्षिप्त अवस्था में था उन्होंने पहले भी दो बार आत्महत्या का असफल प्रयास कर चुका था। इधर पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेज दिया।

गहरी है आधी आबादी का दर्द


अररिया : जुबैदा शहर के आजाद नगर में रहती है। पंद्रह साल पहले उसके शरीर पर घर का बीम गिर गया था। उसकी जान तो ऊपर वालों ने बचा दी, लेकिन इलाज के अभाव में वह तबसे बिस्तर पर ही पड़ी है। पेट पालने के लिए वह छोटे बच्चों को उर्दू पढ़ा रही है। यह दर्द अकेली जुबैदा की नहीं है। यहां की ढेर सारी महिलाएं कई प्रकार से शोषित हो रही हैं।
दहेज प्रताड़ना, हत्या व शारीरिक शोषण की दास्तान के बीच अररिया की महिलाओं का दर्द बेहद गहरा है। फारबिसगंज की रेड लाइट एरिया से दो दर्जन से अधिक नाबालिग व युवा महिलाओं के एसपी शिवदीप लांडे के नेतृत्व में पुलिस रेस्क्यू प्रकरण से भी यह बात साबित होती है कि यहां की महिलाएं शारीरिक शोषण की चक्की में पिस रही हैं। इतना ही नहीं वे सामाजिक व प्रशासनिक उपेक्षा की भी शिकार हैं।
फारबिसगंज रेड लाइट एरिया की आमना खातून ने बताया कि सरकार अगर उनकी आर्थिक मदद के लिए आगे आए तो वे इस गंदे काम को छोड़ कर नरक से तौबा कर लें। आमना की मानें तो उन्हें आज तक न तो इंदिरा आवास मिला और न ही कोई अन्य सरकारी सुविधाएं। वे कहती हैं कि उत्थान की बात सब करते हैं, लेकिन आगे कोई आता नहीं है।
कमी जागरूकता की भी है। इसी बस्ती की बीबी फातिमा का कहना था कि लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने व शिक्षा के प्रसार की जरूरत है। इसके लिए धरातल पर काम होना चाहिये।
इस बस्ती की कई बच्चियों को कस्तूरबा स्कूल में नामांकित करवाया गया है। वे वहां पढ़ रही हैं। लेकिन बीच-बीच में उनके गायब होने या ड्राप आउट कर जाने की बात भी सामने आती रही है। ऐसे में सवाल यह है कि वहां से ये बच्चियां घर कैसे वापस आ जाती हैं? अगर छुट्टी लेकर आती हैं तो ऐन मेला के वक्त स्कूल प्रशासन उन्हें छुट्टी कैसे दे देती है?
इन सबसे अलग नारी प्रताड़ना के आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो जानकारी भयावह है। विगत पांच साल में तकरीबन ढाई सौ महिलाएं दुष्कर्म की शिकार बनी। इसी अवधि में सौ से अधिक दहेज हत्या के मामले दर्ज किए गए। साधारण मारपीट और दु‌र्व्यवहार की बात ही छोड़ दीजिए। इनकी तो कोई शिकायत भी नहीं होती।
वहीं, न्यायालय में विवाह विच्छेद, तलाक, गुजारा भत्ता व प्रताड़ना की शिकायतें भरी पड़ी हैं। दैहिक शोषण के पश्चात गर्भवती हो जाना व उसकी सार्वजनिक पंचायती इस जिले में एक रिवाज बन चुकी है। हवस का भूत सिर चढ़ कर बोल रहा है। ऐसे कई मामले हैं जिस में युवती का शारीरिक शोषण कर उसे बेसहारा छोड़ दिया गया है। गैयारी की बिन ब्याही मां सइदा (काल्पनिक नाम) व सदर अस्पताल में एक बिन ब्याही विक्षिप्त महिला द्वारा बच्ची को जन्म देने का उदाहरण इस बात का जीता जागता सबूत है कि यहां का पुरुष प्रधान समाज महिलाओं के प्रति संवेदन शील नहीं है।
इन सबसे परे बात प्रशासनिक उपेक्षा की भी है। आखिर यहां की आधी से अधिक महिलाएं निरक्षर क्यों हैं? आजादी से अब तक किस बात की और कहां पर चूक हुई कि महिलाएं शिक्षा की दौड़ में पिछड़ गयी? सवाल कई हैं, लेकिन मुख्यमंत्री साइकिल योजना पर सवार स्कूल जाती बालिकाओं की उड़ान देखकर मुस्तकबिल के लिए उम्मीद की एक किरण जरूर बंधती है।

इंस्पेक्टिंग जज के रूप में पहुंचेंगे हाई कोर्ट के जस्टिस


अररिया : पटना हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति स्थानीय व्यवहार न्यायालय में इंस्पेक्टिंग जज के रूप में अररिया आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार हाई कोर्ट के इंस्पेक्टिंग जज इस माह के अंतिम सप्ताह में अररिया पहुंचेंगे तथा यहां के विभिन्न कोर्ट का निरीक्षण करेंगे। उनके आगमन को लेकर कोर्ट परिषद में विभिन्न कार्यो का निष्पादन तेज हो गया है।

वीटी गोष्ठी आयोजित

रेणुग्राम: फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र के तिरसकुंड स्थित साक्षर भारत कार्यक्रम के तहत वीटी गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में केन्द्र की स्थिति पर चर्चा की गई। इस मौके पर केआरपी उर्मिला देवी, वरीय प्रेरक रामानंद बैठा, प्रेरक नीलम देवी सहित काफी संख्या में वीटी उपस्थित थे।

सेंट्रल बैंक : सौ से अधिक लोगों का ऋण समायोजित


जोगबनी (अररिया) : सेंट्रल बैंक जोगबनी शाखा द्वारा आयोजित ऋण समायोजन योजना के तहत एक सौ से अधिक ऋणधारकों ने लंबित ऋणों का समायोजन करवाया।
इस मौके पर सहायक महा प्रबंधक अंजनी कुमार ने बताया कि सेंट्रल बैंक ऋणधारकों से बैंक परिसर में ही सीधे समझौता कार्यक्रम आयोजित करती है। इसके तहत बैंक को लंबित ऋण की वसूली में आशातीत सफलता मिली है तथा समझौता ऋण के तहत भारी संख्या में ऋण धारकों ने अपना ऋण जमा किया है। इस प्रयोग से मिली सफलता के बाद बैंक इसे पुन: अगले माह आयोजित करेगा।
इस मौके पर वरीय प्रबंधक बीएन झा, सहायक प्रबंधक सुजीत कुमार सिंह शाखा प्रबंधक गिरीश मिश्रा, शुभ नारायण झा, राजेन्द्र साह, रामपूजन राम, पवन कुमार, सुजीत कुमार सहित कई ऋणधारक मौजूद थे।

महादलित छात्रों को मिली छात्रवृत्ति


पलासी (अररिया) : प्रखंड मुख्यालय प्रागंण में मंगलवार को शिविर लगाकर महादलित समुदाय के छात्र व छात्राओं के बीच बीडीओ अमिताभ द्वारा छात्रवृति का वितरण किया गया।
इस मौके पर धर्मगंज के पंचायत सचिव विन्देश्वरी प्र. मंडल ने बताया कि सभी लाभुक छात्र-छात्रा धर्मगंज पंचायत के विभिन्न विद्यालयों के हैं। इस अवसर पर कुल 3 लाख 66 हजार 600 रु. की राशि वितरित की गयी।
मौके पर संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक व अन्य लोग मौजूद थे। शिविर में वर्ग 1 से 4 तक के छात्र-छात्राओं को 600 रुपये तथा 5 से 7 के छात्रों को 1200 रुपये की राशि दी गयी।

मोटरसाइकिल की ठोकर से महिला की मौत


भरगामा(अररिया) : भरगामा थाना क्षेत्र के मानुलह पट्टी चौक के समीप बुधवार की शाम एक मोटरसाइकिल की ठोकर से एक वृद्ध महिला की मौत हो गयी। मृतका थाना क्षेत्र के सुकैला गांव की निवासी गर्भु मंडल की मां बतायी गयी है। मृतका का उम्र लगभग 60 वर्ष है।
घटना की सूचना मिलते ही भरगामा थानाध्यक्ष अनमोल कुमार घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। जबकि मोटरसाइकिल चालक भागने में सफल रहा। बताया जा रहा है कि मृतक महिला मुसअरनियां गांव में आयोजित सत्संग कार्यक्रम में भाग लेकर वापिस अपने घर लौट रही थी कि मोटरसाइकिल सवार ने उसे ठोकर मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।

शिविर रद होने से लाभुकों में आक्रोश

जोकीहाट (अररिया) : पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत लगने वाले इंदिरा आवास शिविर रद होने से लाभुकों में आक्रोश व्याप्त है। लाभुकों में अरशदी, मीना, फातिमा आदि ने बताया कि दो बार इंदिरा आवास का पासबुक देने के लिए बुलाया गया लेकिन पासबुक नहीं दिया गया। वहीं बीडीओ श्री सिकंदर ने बताया कि राशि के अभाव में शिविर रद्द किया गया है। राशि मिलते ही वितरित कर दिये जायेंगे।

दूषित जल पीने से लोग हो रहे रोग के शिकार

सिकटी (अररिया) : लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग प्रखंड वासियों को शुद्ध पेय जल उपलब्ध कराने में अब तक असफल साबित हुआ है। वहीं दूषित जल पीने से सिकटी प्रखंड क्षेत्र के लोग रोग ग्रस्त हो रहे हैं। ज्ञात हो कि इस क्षेत्र के पानी में काफी मात्रा में रासायनिक तत्व मौजूद हैं। जो मीठा जहर साबित हो रहा है। जानकार बताते है कि यहां के जल में भारी मात्रा में आर्सेनिक, आयरन, मरकरी तथा अन्य घात पदार्थ मिले हुए हैं। जिसके सेवन से लोग अल्सर, पित्त की थैली, पथरी, अनिद्रा, भूख नहीं लगना, एनीमिया, जांडिस, हेपेटाइटिस बी जैसे घातक बिमारियों के शिकार हो रहे है। कोई विकल्प नही रहने के कारण लोग इस जहर को पीने के लिए विवश हैं। संपन्न लोग तो अपने घरों में आधुनिक वाटर फिल्टर लगाकर इसका निदान ढूंढ़ लिये हैं। लेकिन अधिकांश आबादी इस दूषित जल का सेवन कर रही है। प्री वेन्टीव एंड सोशल मेडिसीन पर न ही आज चिकित्सक न ही सरकार व स्वयं सेवी संगठन ही ध्यान देते हैं। यूनिसेफ के सहयोग से चलाया गया स्वच्छता पेय जल कार्यक्रम यहां फ्लाप शो साबित हो रहा है। जिला जल एवं स्वच्छता अभियान मात्र बैनर, पोस्टर, स्लोगन एवं सेमिनार आयोजित कर अपने कर्तव्य की इतिश्री कर रही है। नव निर्मित पानी का टंकी सफेद हाथी बनकर रह गया है तथा सरकार द्वारा चलाया गया अमृत पेय जल योजना में लाखों खर्च करने के बावजूद लोगों को इस मीठा जहर से मुक्ति नहीं मिल सकी है।

अमीन प्रशिक्षण के लिए 17 से लिये जायेंगे आवेदन


नरपतगंज (अररिया) : अपर समाहर्ता अररिया के निर्देश पर प्रखंड में पचास दिनों का भू मापक अमीन के प्रशिक्षण का आयोजन किया जायेगा। प्रशिक्षण हेतु प्रखंड के प्रत्येक पंचायतों से पांच-पांच युवक व युवतियों का चयन किया जाना है।
इस संदर्भ में प्रशिक्षण प्रभारी हरि नारायण पोद्दार ने बताया कि इस भू मापक प्रशिक्षण से प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों के युवक, युवतियों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने जानकारी दी कि प्रशिक्षण हेतु युवक व युवतियों का नामांकन 17 से 28 फरवरी तक प्रखंड परिसर में ही लिया जायेगा।

महादलित परिवारों के बच्चे कुपोषण के शिकार


सिकटी (अररिया) : दलील उत्थान के यूं तो बड़े-बड़े दावे किये जा रहे हैं परंतु सिकटी प्रखंड क्षेत्र के महादलितों की स्थिति बदतर बनी हुई है। भूख, वस्त्र, आवास, शिक्षा व स्वास्थ्य जैसी समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। महादलित परिवार के अधिकांश बच्चे कुपोषण के शिकार हैं।
क्षेत्र के सैदाबाद, सालगुडी, रानीकट्टा, ढंगरी, नेमुआ, ठेंगापुर, तीरा, रामनगर, लटहा, घूमगड़ आदि दर्जनों गांवों में महादलित बस्तियों की स्थिति नारकीय बनी हुइ्र है। सड़क किनारे की झुग्गी झोपड़ियां व अर्धनिर्मित इंदिरा आवास में जानवरों सी हालत में रहते हैं वे लोग। बावजूद उनमें से कईयों के नाम बीपीएल सूची तक में दर्ज नहीं हैं। जिस कारण उन्हें इंदिरा आवास योजना का लाभ भी नहीं मिल रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में महादलित परिवारों में टीबी, दमा, एनीमिया व चर्म रोग फैल रहे हैं। बगुला डागी, घपनीया, आमबाड़ी के सैकड़ों महादलित परिवारों को बुनियादी सुविधा भी मयस्सर नही हैं।
क्षेत्र के महादलित हरि ऋषिदेव, डोमन सदा, मो. कामती फागू सदा आदि ने बताया कि उनके बीच बहुत ऐसे परिवार हैं जिन्हें अपनी जमीन नहीं है। हर ऐसे एक सौ परिवार पर एक विकास मित्र की नियुक्ति का सरकारी प्रावधान है तथा प्रत्येक घर में सरकारी की ओर से ट्रांजिस्टर भी दिया जाना है। साथ ही महादलित टोले में आंगनबाड़ी सेविकाओं की नियुक्ति, समुदायिक भवन एवं उनमें टीवी लगाये जाने की योजना है, लेकिन क्षेत्र के अधिकांश महादलित परिवारों को अभी तक ये सारी सुविधाएं मुहैया नहीं करायी जा सकी है।

29 पंचायतों का भार मात्र आठ पंचायत सेवकों के कंधों पर


नरपतगंज (अररिया) : नरपतगंज प्रखंड में सहायक एवं पंचायत सचिवों की कमी के कारण सरकारी कामकाज में बाधा पहुंच रही है। मिली जानकारी अनुसार प्रखंड अंतर्गत कुल 29 पंचायतों हेतु मात्र आठ पंचायत सचिव नियुक्त हैं। जाहिर है एक-एक पंचायत सेवक पर तीन से चार-चार पंचायतों का प्रभार है। उसमें भी आठ पंचायत सेवकों में तीन विकलांग हैं। पोलियो ग्रस्त देवनारायण यादव खैरा गढि़या व वहां से 35 किलोमीटर दूर बसमतिया व बबुआन पंचायत का प्रभार है। वहीं प्रमोद कुमार को दरगाहीगंज व 40 किलोमीटर दूर बेला पंचायत का भार है। वहीं महेन्द्र शर्मा को फारबिसगंज सीमा से सटे रेवाही पंचायत से सुपौल जिला के गोखलापुर छातापुर सीमा तक का प्रभार है साथ ही उपर से जीपीएस का प्रभार भी है।
विदित हो कि प्रखंड मुख्यालय में 1951 ई. के जनगणना के अनुसार सहायक लिपिक के पांच पद स्वीकृत हैं। जिसमें दो ही कार्यरत हैं। भरत कु. सिंह एवं संतोष आनंद वहीं मो. फिरोज आलम जिला जन शिकायत कोषांग में प्रतिनियुक्त हैं। जगदीश चौधरी लंबी अवधि से निलंबित हैं वहीं बाबू लाल हेम्ब्रम 29 जनवरी से गायब हैं जिसके विरुद्ध प्रपत्र क भी गठित किया जा चुका है। वहीं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लिए दो पद हैं जिसमें इन्द्रशेखर झा प्रतिनियुक्त हैं लेकिन असहाब अहमद जिला निर्वाचन कार्यालय में प्रति नियुक्त हैं। कार्यालय परिचारी के चार पद हैं। जिसमें दो ही कर्मी प्रखंड में कार्य कर रहे हैं एवं दो जिला में प्रतिनियुक्त हैं।

अब तक नहीं बना हरियाली मार्केट


अररिया : सरकारी निर्देश के अनुसार साल में कम से कम दो बार जिला प्रशासन अतिक्रमण अभियान चलाता है। इस अभियान में एक हजार से अधिक फुटपाथी दुकानदार एक झटके में रोजगार से हाथ धो बैठते हैं। दर्जनों ऐसे लोग भी होते हैं, जिन्हें रोजगार के अभाव में अन्न के लाले पड़ जाते हैं। यह अलग बात है कि अभियान का असर महज दो से तीन दिन हीं रहता है और सभी दुकानदार सड़कों पर पुन: अपनी दुकान सजा लेते हैं। तीन से चार दिनों तक चलने वाली इस अभियान में लाखों रुपये खर्च भी की जाती है, लेकिन बारंबार अतिक्रमण हटाओ अभियान के शिकार हो रहे इन दुकानदारों को स्थायी रूप से बसाने के लिए नप या जिला प्रशासन द्वारा कोई ठोस पहल नही हो पायी है। इसका नतीजा है कि शहर की अधिकांश सड़कों पर अतिक्रमणकारियों का कब्जा है।
सड़क को अतिक्रमणकारियों के कब्जे से स्थायी रूप से मुक्त कराने के लिए करीब पांच वर्ष पूर्व तत्कालीन जिला पदाधिकारी ने हरियाली मार्केट के निर्माण की आधार शिला रखी थी। चांदनी चौक से पूरब जाने वाली हटिया रोड में नदी किनारे फुटपाथी दुकानदारों को बसाने के लिए चार लाख की अधिक की राशि से मिट्टी भरायी गयी थी। करीब एक माह तक तमाम सब्जी दुकानदारों ने उक्त स्थानों अपनी अपनी दुकानें भी लगानी भी शुरू कर दिए, लेकिन चारो ओर अव्यवस्था और भय के माहौल से वहां कोई भी दुकानदार टिक नही पाया। नतीजा सभी दुकानदार कुछ हीं दिन बाद फिर सड़क पर आ गये।
सब्जी विक्रेता मोती गुप्ता, राकेश गुप्ता आदि ने बताया प्रशासन कानून का भय दिखा कर उन्हें बेरोजगार तो कर देता है, लेकिन घोषणाओं के अनुरूप उनलोगों को किसी प्रकार की सुविधा उपलब्ध नही करायी जाती है। इन लोगों का यह भी कहना है कि उनलोगों को नदी किनारे जाने में कोई एतराज नही है, लेकिन शहर का लाभ तो उन्हें मिलना चाहिये।
वहीं विभाग से मिली जानकारी के अनुसार हरियाली मार्केट बनाने के नगर विकास विभाग पटना के पास प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया है। प्रस्तावित योजना के तहत मॉल बनाने के लिए 17 करोड़ की लागत आने वाली है। विभाग से राशि का आवंटन मिलते ही फुटपाथी दुकानदारों का स्थायी समाधान हो जायेगा, लेकिन यह योजना कब तक जमीन पर लागू होगी इसे बताने को कोई भी तैयार नहीं है।

मवेशी की तस्करी जारी

फारबिसगंज: सीमावर्ती क्षेत्र से मवेशियों की चोरी तथा तस्करी बदस्तूर जारी है। पुलिस के कड़े रूख के बावजूद मवेशी तस्कर चोरी छिपे मवेशियों की तस्करी कर रहे हैं। मवेशी हाट बाजारों में मवेशी तस्करों के एजेंट सक्रिय हैं। इसके अलावा चोरी की मवेशी को भी इस क्षेत्र से बाहर पहुंचाया जा रहा है।

जाम की समस्या

फारबिसगंज: शहर के सदर रोड में सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण किये जाने के कारण सड़क की चौड़ाई सिमटती जा रही है। जिस कारण सदर रोड में प्रतिदिन जाम की समस्या बनी रहती है। नगर प्रशासन द्वारा पूर्व में अतिक्रमण हटाने को लेकर दुकानदारों को चेतावनी दी गयी थी। लेकिन इसका भी कोई असर नहीं दिख रहा है। दुकान का सामान बाहर में सड़क किनारे ही रख दिया जाता है जिससे वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है।

सुविधा का अभाव

फारबिसगंज: फारबिसगंज बस पड़ाव पर यात्री सुविधाओं का घोर अभाव है। बस पड़ाव पर न तो शौचालय न स्नानागार की व्यवस्था है और न ही शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था। यहां यात्री सहित वाहन चालकों को भी कई तरह की समस्याओं से जूझना पड़ता है।

बैठक आज

फारबिसगंज: खाद की कीमतों की समस्या को लेकर गुरुवार को फारबिसगंज प्रखंड कार्यालय परिसर में खाद व्यवसायियों, अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों की बैठक बुलायी गयी है। जिसमें खाद से संबंधित मुद्दों पर विचार विमर्श किया जायेगा। यह जानकारी प्रखंड प्रमुख अशोक विश्वास ने दी।

खतरे में पड़ी रानीगंज के 41 शिक्षकों की नौकरी


अररिया : पहले डीएम, फिर डीईओ के निरीक्षण व उसके बाद हुई निलंबन आदि की कार्रवाई से जिले में शिक्षकों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। सोमवार को अररिया बीआरसी में चल रहे बोधि सवांद प्रशिक्षण का डीएम एम सरवणन द्वारा निरीक्षण करने के बाद जैसे शिक्षा विभाग की नींद टूट गई। उसी दिन सूचना मिलने पर डीईओ व डीपीओ ने रानीगंज बीआरसी पहुंचकर कई शिक्षकों की नौकरी पर ग्रहण लगा दिया। निरीक्षण के बाद शिक्षक समूह में अफरातफरी मची है। दो ट्रेनर शिक्षक, एक प्रशिक्षण प्रभारी बीआरसी तथा 38 प्रशिक्षु शिक्षक की नौकरी खतरे में पड़ती दिख रही है, जबकि रानीगंज बीईओ अनिरुद्ध प्र. मंडल के विरुद्ध प्रपत्र क में डीईओ ने गंभीर आरोप लगाकर प्राथमिक शिक्षा निदेशक को पत्र लिख दिया है। वहीं रानीगंज संकुल बीआरसी के बीआरपी राजेश कुमार से डीईओ ने स्पष्टीकरण भी पूछा है।
इधर 8 फरवरी से जारी बोधि संवाद प्रशिक्षण से सोमवार को अनुपस्थिति पाये गये 41 शिक्षकों को निलंबित करते हुए डीईओ ने पत्रांक 225 के माध्यम से अनुशासनिक कार्रवाई करने का आदेश सक्षम प्राधिकार को दिया है।
-किन शिक्षकों पर हुई कार्रवाई:
डीईओ राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि जिन शिक्षकों पर कार्रवाई की अनुशंसा की गई है उसमें प्रशिक्षक महफूज आलम, प्रावि मटियारी, संजीव कुमार उमवि रानीगंज, प्रशिक्षण प्रभारी बीआरपी अखिलेश सिंह के अलावे प्रशिशु शिक्षक बबिता कुमारी नवसृजित प्रावि मेहता टोल, सुधांशु कुमार प्रावि पीपर पांती टोल, अरुण कुमार झा प्रावि कविलासा बड़हरा, रूहामा मर्शी मरांडी यू. मवि शिशवा उफरैल, कुमारी हीरा प्रावि बेंगवाही पश्चिम, विजय कुमार विभूति प्रावि परिहारी, मधु कुमारी मवि बड़हरा, ललिता कुमारी प्रावि नरसिंहपुर हरिजन टोल, कुमारी वीणा सिंह प्रावि परिहारी, मुकेश कुमार प्रावि टेढ़ी टोला मुसहरी, पवन कुमार प्रावि ब्रह्मादेव टोला कोसकापुर, सुधीर कुमार सिंह मवि बेंगवाही, रूबी मवि बड़हरा, रंधीर कुमार सिंह प्रा. वि. बड़हुआ, सरोज कुमार सुधांशु प्रावि आदिवासी टोला बड़हरा, मनोज कुमार मंडल, फिरोज आलम प्रावि मोमीन राय टोला, संजय कुमार मंडल प्रावि कुम्हार टोला गड़हा, सुजीत कुमार नवसृजित प्रावि राय टोला मलनियां, पंकज कुमार चेतन प्रावि नरसिंह टोल, संगीता कुमारी प्रावि ब्रम्हदेव टोला, संतोष कुमार मंडल उमवि सिमराहा मुसहरी, रानी कुमारी नवसृजित प्रावि बजरंगबली, वरूण कुमार प्रावि ढाढ़ी रामपुर, गंगा प्रसाद प्रावि ब्रम्हदेव टोल कोसकापुर, अशोक पासवान, प्रावि सरवाहा टोला, सुनिता कुमारी उमवि शिशवा उफरैल, राजेश कुमार चौधरी प्रावि बगराही मेला टोल, अमरेन्द्र कु. उमवि बगुलाहा, मिथिलेश कुमार प्रावि बरबन्ना, सवाहत बानो प्रावि छतियौना रूपैली, द्रोपदी कुमारी, युगल किशोर चौधरी प्रावि ब्रम्हदेव टोल, मनोज पासवान प्रावि कोशिकापुर आदिवासी टोल, अमित कुमार रंजन प्रावि राजपूत टोला परिहारी, रूपक कु. डे प्रावि पलारटोल व ललित कु. मिश्र नवसृजित प्रावि के नाम शामिल हैं।
डीईओ श्री प्रसाद ने बताया कि नियोजित शिक्षकों की सेवा समाप्ति के लिए सक्षम प्राधिकार को आदेश दिया गया है, तथा नियमित शिक्षकों पर स्थापना से विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया है। डीईओ ने बताया कि रानीगंज में निरीक्षण के दौरान व्यवस्था को देखकर स्पष्ट है कि काल्पनिक अभिश्रव तैयार कर सरकारी राशि गबन की योजना थी।

मियां जोड़िहें नरिहें नरिहें, खुदा लीहें एके बेरिहें..


अररिया : मिथिलांचल में बहुत पुरानी कहावत है, मियां जोड़िहें नरिहें-नरिहें, खुदा लीहें एके बेरिहें..। अब तक इसे अग्नि कांड या किसी प्राकृतिक विपदा के वक्त खूब बोला जाता था। लेकिन डेहटी पैक्स के दो बिचौलियों की संपत्ति जब्ती के बाद कईयों की जुबान पर यह कहावत बरबस आ गयी। शायद यह पहली घटना होगी जब किसी बिचौलिये या दलाल की गलत तरीके से अरजी हुई संपत्ति को सरकार द्वारा सीज किया गया है। गरीबों की थाली से रोटी तथा आवास छीनने वाले दो बिचौलिए, पैक्स प्रबंधक रुद्रानंद झा एवं दलाल रामपुकार चौधरी, ने शायद कभी सोचा भी नही होगा कि एक दिन उन्हें ऐसा दिन देखना पड़ेगा।
लेकिन सच तो यह भी है कि बुरे कर्मो का फल देर से ही सही मिलता जरूर है। करोड़ों का बारा-न्यारा करने वाले सात बीडीओ ने भी यह कभी नही सोचा होगा कि सेवाकाल के अंतिम चरण में न केवल नौकरी से हाथ धोना पड़ेगा बल्कि वे सड़क पर आ जायेंगे। यह भी कि इस काम से उनकी इज्जत पर क्या प्रभाव पड़ेगा। समाज में उनकी गिनती किस जमात में होगी।
इस मामले का असर जो भी हो लेकिन आरोपियों के परिजन भी शायद आज इस बात को स्वीकारने के लिये तैयार नही होगा कि घपले घोटाले के पैसे पर उनकी नींव खड़ी हो। डेहटी पैक्स में रहकर प्रबंधक रूद्रानंद झा ने अपना घर बनाने के लिए गरीबों के घर छीन लिये, लेकिन सरकार ने सोमवार को उनका भी घर छीन लिया। इसी तरह कभी दो दर्जन चमचमाती लक्जरी गाड़ियों के मालिक रहे रामपुकार चौधरी की सारी गाड़िया भी गायब अचानक गायब हो गयी। जमीन के जो प्लाट उन्होंने खरीदे थे उसे भी सरकार ने जब्त कर लिया।
बाक्स के लिए
जब्त की गयी संपत्ति का ब्यौरा:
दोनों बिचौलियों की अब तक 29 प्लाटों में फैली कुल 11.8 एकड़ जमीन व एक बिल्डिंग जब्त की गयी है।
1. बिचौलिया रामपुकार चौधरी की जब्त जमीन
पलासी, चहटपुर व धनगामा मौजा में 14 खातों व 29 खेसरा में फैली है तथा कुल रकबा 4.5 एकड़ है।
2. बिचौलिया रुद्रानंद झा व उनके पुत्र पंकज कुमार की जमीन मौजा मोहनियां, चहटपुर, डेहटी, लोखड़ा व बसंतपुर मौजा के 25 खातों व 29 खेसरों में फैली है तथा रकबा 7.29 एकड़ है।
श्री झा का अररिया वार्ड नंबर 17 स्थित एक दो मंजिला भवन भी जब्त किया गया है। जब्ती की यह कार्रवाई सोमवार को की गयी।
News Source - in.jagran.yahoo.com/news/local/bihar/4-4-97.html

प्रशिक्षण: किसानों को मिली दलहन खेती की जानकारी



अररिया : मंगलवार को जिला कृषि कार्यालय में एक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्घाटन जिला कृषि पदाधिकारी नईम अशरफ ने किया। प्रशिक्षण में गरमा मौसम में दलहन की खेती पर जोर दिया गया। इस मौके पर प्रशिक्षण के रूप में डीएओ श्री अशरफ तथा परामर्शी रजनी कुमारी ने गरमा धान प्रत्यक्षण, मक्का एवं मूंग की अंतवर्ती खेती करने की जानकारी दी। प्रशिक्षकों ने बताया कि मृदा उर्वरा शक्ति के मद्देनजर हरी खाद के रूप में मूंग की खेती को प्रोत्साहन देने के लिए कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत दलहन की उपज के साथ ही हरी खाद की प्राप्ति हो जाती है। उन्होंने बताया कि इसके लिए सभी कृषि सलाहकारों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। इस मौके पर कई किसान मौजूद थे।

केस वापस नही करने पर जान मारने की धमकी


अररिया : दुष्कर्म के एक लंबित मामले में पुलिस कप्तान के दिये आदेश के बावजूद सिमराहा थाना पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नही कर रही है। वहीं खुलेआम घुम रहे आरोपियों द्वारा पीड़िता पर दवाब डालकर केस वापस नही लेने पर हत्या कर देने की धमकी दी जा रही है।
उक्त मामला फारबिसगंज (सिमराहा) थाना कांड संख्या 440/11 से संबंधित है। भादवि की धारा 376, 380, 452, 341, 323/34 के तहत दर्ज इस मामले में दर्ज केस नही उठाने पर मिल रही धमकी से पीड़िता काफी परेशान है।
सिमराहा थाना क्षेत्र के कुडवा लक्ष्मीपुर नया नगर निवासी विनोद मेहता की पत्‍‌नी मंजुला देवी ने पुलिस अधीक्षक के जनता दरबार में शिकायत की है। जिसमें उल्लेख किया है कि पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले के नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार करने अन्यथा फरारी होने पर कुर्की जब्ती की कार्रवाई का आदेश दिया गया। बावजूद सिमराहा थाना पुलिस आरोपियों के कथित प्रभाव में आ गये हैं। जिस कारण आरोपियों की गिरफ्तारी के बदले अप्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। उल्टे आरोपियों द्वारा केस वापस नही उठाने पर अमर्यादित करने तथा हत्या कर देने की धमकी दी जा रही है। वहीं पीड़िता ने शीघ्र समुचित कार्रवाई की मांग की है।

चिकित्सक को मातृशोक

अररिया : जिले के प्रसिद्ध समाजसेवी व चिकित्सक डा. अरशद हुसैन की माता रवीना खातून का निधन मंगलवार को हो गया। वे लगभग 75 साल की थीं तथा कुछ अरसे से बीमार थी। इस अवसर पर नमाजे जनाजा में बड़ी संख्या में शहर के लोग शामिल हुए तथा परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। नमाजे जनाजा में विधायक सरफराज आलम, अररिया कालेज के पूर्व प्राचार्य अफजाल हुसैन सिद्दीकी सहित अररिया व पूर्णिया के एक दर्जन से अधिक डाक्टर सम्मिलित हुए।

जबरन बांस काटने को ले मारपीट, प्राथमिकी

कुर्साकांटा (अररिया) : प्रखंड के मेंहदीपुर करहैया बस्ती में प्रकाश साह के बांस बिट्टा में गांव के ही कुछ लोगों द्वारा जबरन 47 बांस काटने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस बाबत एसपी के निर्देश पर थाना में कांड संख्या 16/012 दर्ज कर लिया गया है।

बिजली विभाग की लापरवाही से उपभोक्ता परेशान


नरपतगंज (अररिया) : नरपतगंज बाजार में निर्माणाधीन एनएच 57 को लेकर बार-बार बिजली के तार टूट जाने से उपभोक्ता परेशान हैं।
विदित हो कि सड़क में मिट्टी डालने से सड़क की ऊंचाई बढ़ रही है, जिससे सड़क पर झूलते तार टचिंग हाइट में आ गये हैं। इस कारण आये दिन वाहनों की चपेट में आकर तार टूट रहे हैं। इस कारण कई बार बड़ी दुर्घटनाएं होते होते बची हैं।
वहीं उपभोक्ता अशोक भगत, विनोद भगत, रविन्द्र भगत, सुरेन्द्र भगत, जय प्रकाश यादव, रघुनंदन भगत, जीतन भगत, सुबोध सिंह आदि का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण ही ऐसी घटना बार-बार घट रही है। अगर सड़क किनारे झूलते तार को ठीक कर दिया जाता तो उपभोक्ताओं को इस प्रकार की परेशानी का सामना नही करना पड़ता।
वहीं इस संदर्भ में विभाग के पदाधिकारी का कहना है कि बिजली मिस्त्री की कमी के कारण ऐसी परेशानी आ रही है। इसे जल्द ही ठीक कर दिया जायेगा।

मवि सिसौना के हेडमास्टर पर होगी कार्रवाई: डीपीओ


जोकीहाट (अररिया) : मध्य विद्यालय सिसौना में प्रधानाध्यापक की लापरवाही के कारण विद्यालय की शैक्षिक स्थिति मृतप्राय हो गई है। इस सिलसिले में पूर्व केन्द्रीय मंत्री तस्लीमुद्दीन की शिकायत पर लेखा एवं योजना डीपीओ बसंत कुमार ने मंगलवार को मध्य विद्यालय सिसौना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में डीपीओ श्री कुमार ने कई गड़बड़ी पायी।
निरीक्षण के बाद डीपीओ श्री कुमार ने बताया कि प्रधानाध्यापक परवेज आलम के ढीले रवैया के कारण पठन-पाठन की स्थिति दयनीय है। वहीं, अबतक विशिस का गठन नही किया गया है। छात्रों की उपस्थिति भी नगण्य है। डीपीओ श्री कुमार ने बताया कि प्रधानाध्यापक को हटाकर किसी योग्य प्रधानाध्यापक को यहां प्रतिनियुक्त किया जायेगा। ताकि शिक्षा व्यवस्था दुरूस्त हो सके।
डीपीओ ने बताया कि 24 घंटे के अंदर विशिस का गठन करने का आदेश बीईओ गयासुद्दीन अंसारी को दिया गया है। श्री कुमार ने कहा भवन निर्माण अनियमितता की जांच सर्व शिक्षा अभियान के एई से करायी जायेगी। शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए गणित व साइंस के शिक्षक की शीघ्र तैनात किये जायेंगे। निरीक्षण के दौरान उपस्थित पूर्व मंत्री तसलीमुद्दीन एवं विधायक सरफराज आलम के सामने ग्रामीणों ने हेडमास्टर द्वारा नामांकन नही लेने, पोशाक राशि नही देने जैसे कई अन्य आरोप लगाये। तस्लीमुद्दीन ने कहा कि इस विद्यालय में कुछ दलालों की मिली भगत से प्रधानाध्यापक कार्यो का निष्पादन करते हैं जो दुखद है। इस दौरान डीपीओ श्री कुमार की घोषणा से ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त की। मौके पर पोलो झा, मो. सलीमुद्दीन, नौशाद आलम सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।

सबला योजना: कराटे प्रशिक्षण शुरू

जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड के मध्य विद्यालय जहानपुर में सोमवार को स्कूली छात्राओं का छह दिवसीय आवासीय कराटे प्रशिक्षण शुरू किया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक मरगुब आलम ने इस दौरान कहा कि नारी सशक्तिकरण व आत्मरक्षा के लिए ही छात्राओं को ये गुर सिखाये जा रहे हैं। मौके पर प्रशिक्षक राजेश कुमार, राधे कुमार सिंह, सीआरसीसी एमएस माहिर, वीरेन्द्र यादव, मंसूर आलम आदि उपस्थित थे।

तीन दिवसीय सत्संग आज से

कुर्साकांटा (अररिया) : सिकटी प्रखंड क्षेत्र के राजकीय मध्य विद्यालय रामनगर पोठिया में बुधवार से तीन दिवसीय सत्संग व सद ज्ञान महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी ब्रह्मचारी मिथिलेश जी ने दी। उन्होंने बताया कि इस महायज्ञ में आचार्य श्री धर्म स्वरूप साहेब जी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम बुधवार को दो बजे दिन से प्रारंभ होगा।

हाई स्कूल में तीसरी बार कंप्यूटर चोरी


कुर्साकांटा (अररिया) : रविवार की रात्रि राजकीय उच्च विद्यालय कुर्साकांटा के कंप्यूटर रूम का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने एक बार फिर चोरी को अंजाम दिया है।
हालांकि चोरी की गई सामानों का कंप्यूटर शिक्षक विद्यानंद यादव के अनुपस्थित रहने के कारण सही जानकारी नही मिल पाई है। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक विरेन्द्र कुमार झा ने कुर्साकांटा थाना में इसकी लिखित सूचना देकर अज्ञात लोगों के विरुद्ध कांड संख्या 17/012 दर्ज किया है। इधर विद्यालय के रात्रि पहरी रामानंद गुप्त ने भी ताला तोड़ने की बात स्वीकार की है। ज्ञात हो कि विद्यालय में रूम का ताला तोड़कर कंप्यूटर चोरी की यह तीसरी घटना है।

छुपा खजाना मिलने के अफवाह से गांव में खलबली


पलासी (अररिया) : लोग दूसरे ग्रह पर आसियाना बनाने की बातें कर रहे हैं किंतु यहां अब भी लोग मुल्ले व पंडों की बातों में आकर खजाना तलाशने में लगे हैं। प्रखंड के भीखा पंचायत अंतर्गत बांसर गांव में इस तरह का वाकया सामने आया है। एक मौलवी की बातों में आकर जमीन मालिक ने अपने खेत को कोड़ डाला लेकिन उसे कुछ भी नहीं मिला। हालांकि गड्ढे में छिपा हुआ खजाना मिलने की अफवाह से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। सूचना मिलने पर अररिया एसपी शिवदीप लांडे भी गांव पहुंचकर ग्रामीणों से पूछताछ की। इस क्रम में जमीन मालिक मो. मोहसीन खां व एक अन्य व्यक्ति शनिचर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो मामले का भंडाफोड़ हुआ। पलासी थाने में एसपी श्री लांडे ने जब दोनों से पूछताछ की तो मोहसिन ने बताया कि उन्हें बराबर स्वप्न आता था कि उसके खेत स्थित जीयल पेड़ के नीचे खजाना छिपा है। इसलिए उसने रानीगंज के एक मौलवी अनिस व एक अन्य को सोमवार को बांसर बुलाया। उस मौलवी ने मोमबत्ती जलाकर उसकी छोटी बच्ची के माध्यम से दिखाया कि जियल के पेड़ के नीचे गढ्डे में सोने से भड़ा हुआ घड़ा रखा है। किंतु जब सोमवार की रात्रि करीब दस बजे शनिचर के साथ वहां खुदाई की तो कुछ नहीं मिला। इस क्रम में उनके उपर कुछ गिरने का आभास हुआ तो वे लोग घर आ गये। सुबह उसने फोन पर उक्त मोलवी से बात की तो उसने बलि देने की बात कही, किंतु उसने इंकार कर दिया। तब करीब नौ बजे उसने गढ्डे को भर दिया। तब तक बात फैल गयी और गांव वालों के बीच अफवाह फैल गयी कि उसे खजाना मिला है।
मौके पर जोकीहाट के थानाध्यक्ष, टी. पी. सिंह, मिथिलेश कुमार आदि मौजूद थे।

रेलवे स्टेशन पर भटकते बच्चे को आरपीएफ ने किया बरामद

फारबिसगंज(अररिया) : कटिहार-जोगबनी रेल खंड स्थित फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को भटक रहे चार वर्षीय एक बच्चे को आरपीएफ ने बरामद किया है। उक्त बच्चा पूर्णिया के कसबा क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। आरपीएफ प्रभारी सैय्यद एहसान अली ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया है कि उक्त लड़के को सीडब्लूसी अररिया के सुपुर्द कर दिया गया है। सीडब्लूसी की अध्यक्ष रीता घोष एवं टिप इंडिया के जिला समन्वयक साकेत कुमार ने पूर्णिया के एक मेंबर मनीष कुमार को बच्चा सौंपते हुए उनके घर तक पहुंचाने का निर्देश दिया। बरामद बच्चा पूर्णिया के कसबा का रहने वाला बताया गया है। उन्होंने बताया कि उक्त चार वर्षीय बच्चे ने अपना नाम मंगला कुमार पिता प्रमोद ठाकुर कसबा जिला पूर्णिया का रहने वाला बताया है। मासूम बच्चा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर रोते हुए भटक रहा था। जिसके बाद आरपीएफ की नजर बच्चे पर पड़ी तथा उसे अपने संरक्षण में ले लिया।

कस्तूरबा विद्यालय की छात्राएं स्केबीज से परेशान


जोकीहाट (अररिया) : कस्तूरबा बालिका विद्यालय जोकीहाट की 80 फीसदी छात्राएं स्केबीज जैसी बीमारी से परेशान हैं। इस बात का खुलासा नई पीढ़ी स्वास्थ्य योजना के तहत की गयी स्वास्थ्य जांच के बाद हुआ है।
रेफरल अस्पताल जोकीहाट की टीम ने स्वास्थ्य प्रबंधक औवेश अहमद के नेतृत्व में सोमवार को विद्यालय पहुंचकर छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। मेडिकल टीम में डा जावेद अनवर व डा के अंसारी शामिल थे।
इस दौरान छात्राओं के बीच यक्ष्मा, एचआइवी, टीबी, ब्लड ग्रुप, हीमोग्लोबिन आदि जांच अनवर हयात व अरशद आजम ने की।
मेडिकल टीम ने इस दौरान छात्राओं के बीच एलबेंडाजोल, फालिक एसिड आदि का वितरण किया।
स्वास्थ्य परीक्षण के बाद डा. जावेद अनवर ने बताया कि विद्यालय की अस्सी फीसदी बच्चियां स्केबीज से ग्रसित हैं। वे इस रोग से बेहद परेशान हैं।
डा अनवर ने स्केबीज के कारण बताते हुए कहा कि साफ-सफाई की कमी, टेरीकोटन यूनिफार्म का इस्तेमाल, खानपान में गड़बड़ी, स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही व रोग से ग्रस्त व्यक्तियों के कपड़े का इस्तेमाल की वजह से स्केबीज का प्रसार जैसी कई अन्य कारण हैं।
उधर कई अभिभावकों ने रोग के प्रति लापरवाही बरतने का आरोप विद्यालय संचालिका दिलकशां बानो पर लगाया हलांकि श्रीमती बानो ने आरोप को गलत बताया।

नप की बैठक में हुई योजनाओं पर चर्चा


फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज नगर परिषद कार्यालय में मंगलवार को स्थायी समिति की बैठक मुख्य पार्षद वीणा देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गयी।
बैठक में वर्ष 2011-12 के विभिन्न कार्य योजनाओं की सूची पर विस्तारपूर्वक विचार विमर्श किया गया। साथ ही धर्मशाला चौक स्थित नप के जमीन की बंदोबस्ती, नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत भवन निर्माण में नक्शा स्वीकृति, प्रधान सहायक के प्रभार, खैरातों में डाक की तिथि, अनुकंपा पर नियुक्ति आदि एजेंडा के अनुरूप मुद्दों पर भी गहन चर्चा हुई। कुछ मुद्दों को लेकर जहां सहमति बनती दिखी तो चंद मुद्दों पर बहस का सिलसिला चला। मुख्य पार्षद ने बताया कि सभी मुद्दों पर एकमत होने के पश्चात प्रस्तावों को बोर्ड की बैठक में पेश किया जायेगा। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी गिरजानंद कापरी व मुख्य पार्षद राजकुमार अग्रवाल सहित सदस्य अनिल कुमार सिन्हा, सप्तमी लाल व मोती खान आदि मौजूद थे।

एसडीओ ने किया अंचल कार्यालय का निरीक्षण

भरगामा(अररिया) : डीएम के निर्देशानुसार ओलावृष्टि से हुए नुकसान के मुआवजे को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी जीडी सिंह ने संबंधित दस्तावेज की जांच अंचल कार्यालय भरगामा पहुंचकर की। इस बीच उन्होंने इंदिरा आवास योजना की समीक्षा भी की तथा लक्ष्य पूर्ति के लिए आवश्यक निर्देश भी दिये। प्रखंड कार्यालय में अनुसेवकों की कम उपस्थिति को लेकर अनुमंडलाधिकारी ने उपस्थिति पंजी का भी अवलोकन किया तथा लंबे समय से अनुपस्थित कर्मी पर तत्काल कार्रवाई का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी भरगामा अरूण कुमार गुप्ता को दिया। अनुमंडलाधिकारी श्री सिंह ने इंदिरा आवास के लक्ष्य को शत प्रतिशत पूर्ति करने का निर्देश बीडीओ भरगामा को दिया साथ ही शिविर में आवास के लाभुकों का खाता खोलने में बैंक की शिथिलता पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इस हेतु वरीय पदाधिकारी को मामले से अवगत कराते हुए कार्रवाई की अनुशंसा कर दी गयी है।

रेड लाइट एरिया से बरामद लड़कियों में एक थी कस्तूरबा विद्यालय की छात्रा


अररिया : फारबिसगंज स्थित रेड लाइट एरिया से एसपी द्वारा की गई छापामारी में बरामद 25 लड़कियों में से 20 नाबालिग हैं जबकि एक की पहचान सिमराहा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की ड्राप आउट छात्रा के रूप में हुई है। वह 6 दिसंबर 2010 से ही विद्यालय से गायब है। उक्त लड़की सजनी (काल्पनिक नाम)को उक्त विद्यालय की संचालिका को ही बांड पर पुलिस ने सौंप दिया है। चाइल्ड वेलफेयर कमेटी, अररिया की संयोजिका रीता घोष ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया है कि बरामद बच्चियों में से एक की पहचान कस्तुरबा विद्यालय सिमराहा से ड्राप आउट छात्रा के रूप में हुई है। हालाकि उन्होंने यह भी बताया है कि बरामद बच्चियों में से कई के स्कूली छात्रा होने की शंका है किंतु अभी तक लड़कियां व उनके अभिभावक सही पहचान नहीं बता रहे हैं। बुधवार को काउंसिलिंग के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पायेगी।
इधर, नरपतगंज प्रखंड के शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने भी सिमराहा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पहुंचकर जांच की है। बीईओ आमीचंद राम ने इस संबंध में बताया है कि उक्त विद्यालय में 50 लड़कियां नामांकित हैं जिसमें से पांच लड़कियां वर्तमान में अवकाश लेकर अपने घर गयी हुई हैं। उनमें तीन छात्राएं 10 फरवरी 2012 से अवकाश लेकर घर गयी हुई है। जबकि एक छात्रा 31.10.2011 से मां की तबियत खराब रहने के कारण अवकाश पर है। वहीं एक अन्य छात्रा 18.04.2011 से ही अनुपस्थित है। सीडब्लूसी की संयोजिका ने पुष्टि की है कि जो छात्रा छह दिसंबर 2010 से उक्त कस्तुरबा विद्यालय से गायब है, बरामद बच्ची वही है।

सरकार सहयोग करें तो तौबा कर लें इस धंधा से


फारबिसगंज (अररिया) : प्रशासनिक व सामाजिक उपेक्षा के कारण रेड लाईट एरिया के परिवारों को मुख्य धारा से जोड़ना अब भी कठिन चुनौती बनी हुई है। आखिर कौन चाहेगा उपेक्षा के साथ जीना?
फारबिसगंज लाल बत्ती क्षेत्र की महिलाएं देह व्यापार के दलदल से निकलना चाहती हैं, लेकिन आर्थिक तंगी आड़े आ रही है।
यहां की महिलाओं ने कहा कि सरकार अगर आर्थिक मदद करें तो वे इस देह व्यापार के धंधा से तौबा कर ले। उन्होंने कहा कि सरकारी ही नही समाज को भी हमे सहयोग करना पड़ेगा। तभी इस कलंक से मुक्ति मिलेगी। लेकिन हर स्तर पर उपेक्षा व आर्थिक तंगी के कारण इस दलदल से निकलने की उनकी चाहत लगातार दबती रही है। क्या इन परिवारों के बच्चे आर्थिक-सामाजिक स्तर पर आगे बढ़ना नही चाहेंगे? फारबिसगंज रेड लाइट एरिया तो एक प्रतीक मात्र है, सीमावर्ती क्षेत्र के जोगबनी का लालबत्ती एरिया तथा खबासपुर सहित अन्य जगहों पर भी दशकों से औरतें व नाबालिग लड़कियां अपनी देह का सौदा कर पेट पाल रही हैं। इन्हें मेन स्ट्रीम में लाने की लगभग योजनाएं बेकार साबित हुई है।
फारबिसगंज के रेफरल अस्पताल तथा मेला परिसर से सटे रामपुर उत्तर पंचायत क्षेत्र में पड़ने वाले रेड लाइट एरिया की निवासी महिला आमना खातुन कहती है कि सरकार उन लोगों को दो-दो लाख रुपया भी आर्थिक मदद करे तो कोई स्वरोजगार कर ले और इस गंदे काम को छोड दें। वे कहती है कि सरकार के स्तर पर उन लोगों को कोई मदद नही मिलती है। यहां कई परिवारों को इंदिरा आवास, बीपीएल कार्ड तक नही मिला है। वहीं बीबी फातिमा कहती है कि यहां प्रत्येक परिवार में जागरूकता लाने की जरूरत है जिसके लिये वह प्रयासरत है। यहां की बच्चियां तथा बच्चे कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय सहित अन्य सरकारी विद्यालयों में नामांकित है तथा शिक्षा भी ग्रहण कर रहे है। लेकिन ये बच्चे आखिकार उसी गंदे माहौल में रहते हैं। जिससे इस माहौल से इन्हें बचाये रखना मुमकिन नही है। आमना जैसी कई महिलाएं है जो इस धंधे को छोड़कर दूसरा काम-काज करना चाहती है। यहां के कुछ पुरुष बाहर भी काम करते है। यहां के लोग चाहते हें कि उन्हें भी समाज में सम्मान मिले। लेकिन समाज तो इनको लेकर आंख मूंदे हुए है। जिस कारण इन्हें मुख्य धारा में शामिल करना बेहद कठिन है। बहरहाल अब देखने वाली बात होगी कि सरकार और समाज की पहला कब तक होती है। पुलिस के द्वारा यहां लालबत्ती में छापामारी कर अधिकांश नाबालिग लड़कियों, स्कूल छात्रा सहित 25 लड़कियों को बरामद तो कर लिया गया, लेकिन इनके पुनर्वास के क्या ठोस उपाय होंगे। क्या इन्हें देह व्यापार से दूर शिक्षा व स्वरोजगार से जोड़ा जा सकेगा। इससे पूर्व भी देह लाइट एरिया से लड़कियां बरामद हुई है। लेकिन उनकी बदहाली दूर नही हुई।
News Source - in.jagran.yahoo.com/news/local/bihar/4-4-97.html

ट्रैक्टर से दब कर एक की मौत

बथनाहा (अररिया) : मंगलवार को बथनाहा ओपी क्षेत्र के सोनापुर में ट्रैक्टर के नीचे दबने से कृत्यानंद ऋषिदेव नामक एक व्यक्ति की मौत हो गयी। मौके पर पहुंचे बथनाहा ओपी अध्यक्ष सुबोध राव ने लाश को अन्त्यपरीक्षण हेतु अररिया भेज दिया। इधर घटना के बाबत मृतक की पत्‍‌नी बीलू देवी के ब्यान के आधार पर बथनाहा ओपी में यूडी केस दर्ज कर लिया गया है। ओपी अध्यक्ष ने बताया कि मृतक शराब पीकर चलती ट्रैक्टर पर लटक गया था। नशे में होने के कारण गिर गया एवं ट्रैक्टर के नीचे दबने से उसकी मौत हो गयी। मृतक कृत्यानंद राम हरिपुर पंचायत का रहने वाला था जो सोनापुर स्थित अपने ससुराल में रह रहा था।

टेंपो पलटने से आधा दर्जन यात्री घायल


रानीगंज(अररिया) : रानीगंज-सरसी राज्य उच्च पथ पर काला बलुआ चौक के समीप तेज गति से रानीगंज की ओर आ रही एक टेंपो के मंगलवार को पलट जाने से आधा दर्जन यात्री घायल हो गये जिनमें तीन की हालत गंभीर बतायी गयी है। घायलों का इलाज रानीगंज रेफरल अस्पताल में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी अनुसार काला बलुआ से रानीगंज की ओर आ रही यात्रियों से भरी टेंपो ज्यों ही भुटाई चौक के समीप पहुंची चालक ने नियंत्रण खो दिया और टेंपू सड़क के नीचे पलट गयी। टेंपू में सवार आधा दर्जन घायल यात्रियों में माधोपुर वासी कमला देवी(50 वर्ष), छातापुर कटही ग्रामवासी विंदेश्वरी पूर्वे 50 वर्ष एवं काला बलुआ वासी गुणी लाल साह 60 वर्ष की हालत गंभीर है। घायलों को इलाज के लिए रानीगंज रेफरल अस्पताल लाया गया जहां डा. विजय कुमार घायलों का इलाज कर रहे हैं। दुर्घटनाग्रस्त टेंपू का चालक फरार बताया गया है।

कस्तूरबा स्कूल की छात्राओं का हेल्थ चेकअप

बथनाहा (अररिया) : मंगलवार को सोनापुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में सभी नियमित छात्राओं का हेल्थ कार्ड बनाया गया। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देश में नरपतगंज पीएचसी के चिकित्सा पदाधिकारी डा. पी गुप्ता, महिला चिकित्सक उषा मोहन, एएनएम दीपाली राय, गायत्री देवी, शारदा, चौरसिया, पैथोलोजिस्ट अरविंद कुमार लैब टेकनेशियन मौसिम रशिद, फतेहचन्द्र पासवान, इमाम हुसैन आदि चिकित्सकीय टीम के द्वारा सभी का वजन, उंचाई एवं आयु के आधार पर उसका फिजीकल जांच उपरांत कार्ड बनाकर दिया गया। इस अवसर पर कस्तूरबा विद्यालय की संचालिका रत्‍‌नमाला देवी, वार्डन संगीता कुमारी आदि उपस्थित थे।

मारपीट में तीन घायल, प्राथमिकी


नरपतगंज (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के बड़दाहा गांव में बीते सोमवार को जमीनी विवाद के कारण दो पक्षों में हुई मारपीट में तीन व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गये। घायलों में सुमन यादव, कुंदन कुमारी एवं राधा देवी शामिल है। उन्हें परिजनों द्वारा इलाज हेतु नरपतगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नरपतगंज लाया गया जहां घायल सुमन यादव की स्थिति गंभीर देखते हुए उसे फारबिसगंज रेफर कर दिया गया।
इस संदर्भ में पीड़ित राधा देवी के बयान पर नरपतगंज थाना में पांच व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है।

आचार्य ने किया सत्संग मंदिर का शिलान्यास


भरगामा (अररिया) : भरगामा प्रखंड के मुसहरिया गांव में दो दिवसीय संतमत सत्संग का आयोजन मंगलवार से शुरू हुआ। जिसमें संतमत के वर्तमान आचार्य स्वामी हरीनंदन जी महाराज समेत संतमत के अन्य साधु संत भी हिस्सा ले रहे हैं।
इस दौरान आचार्य स्वामी हरिनंदन जी महाराज ने मुसहरिया गांव के यदुनन्दन यादव टोला में महर्षि मेंहीं आश्रम का शिलान्यास किया। इस अवसर पर आचार्य हरीनंदन जी ने कहा कि गांव में सत्संग मंदिर का निर्माण होने से यहां के लोगों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने भक्त जनों को एकाग्रचित्त हो कर सत्संग के माध्यम से आत्म शांति पाने हेतु ध्यान करने की आवश्यकता बतायी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भौतिक जीवन की शुद्धि के लिए आत्म चिंतन एवं आत्मा की शांति के लिए मन का शुद्धिकरण परमावश्यक है। उन्होंने लोगों को आपसी मतभेद व एक दूसरे के प्रति कटु भावना से दूर रहते हुए सत्संग भजन करने का आग्रह किया। इस मौके पर सत्संग आश्रम में जमीन दाता मसो. शांति देवी, यदुनन्दन यादव, जगदीश दास, योगानंद दास, योगेन्द्र यादव, मुखिया मायावती देवी, कृष्ण वल्लभ यादव, पूर्व मुखिया विजेन्द्र यादव आदि मौजूद थे।

कीटनाशक पीने से दो बच्चे गंभीर रूप से बीमार


कुसियारगांव (अररिया) : एक ही परिवार के दो बच्चे कीटनाशक दवा पी जाने के कारण दो को इलाज के लिए पलासी उप स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। स्थिति नाजुक रहने के कारण दोनों को सोमवार की देर शाम सदर अस्पताल अररिया भेजा गया।
जानकारी के अनुसार पलासी थाना क्षेत्र के लोखड़ा गांव में घर में रखे कीटनाशक को उदय मिश्र की पुत्री रागनी कुमारी व कृष्णा नंद की पुत्री सपना कुमारी ने गलती से पी लिया। चिकित्सक डा. विमल कुमार के मुताबिक दोनों की स्थिति चिंताजनक है।

तेज रफ्तार से बढ़ी दुर्घटनाएं

रानीगंज (अररिया) : सुंदर सपाट सड़क बनते हीं उन पर वाहन अनियंत्रित गति से दौड़ने लगी है। बिना यातायात नियमों का पालन किये इन तेज गति के वाहनों को देख सड़कों पर मौत दौड़ता प्रतीत होता है। रोड कल्चर से अनभिज्ञ पैदल यात्री सहित सड़क किनारे के रहने वाले लोग इन वाहनों के चपेट में आ जाते हैं। रानीगंज को गुजरने वाली स्टेट हाइवे 76 एव 77 पर प्रतिदिन कोई न कोई सड़क दुर्घटनाएं इन दिनों होती रही है। हाल में हीं बन कर तैयार हुए इन दोनों सड़कों पर सैकड़ों की संख्या में छोटे-बड़े वाहन दौड़ रहे हैं तथा रोड कल्चर से अनभिज्ञ लोग उसके चपेट में आ रहे है।

अपहरण निकला फर्जी, महिला बरामद


नरपतगंज (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के बरदाहा गांव से बीते माह सत्य नारायण पासवान की शादीशुदा 25 वर्ष की पुत्री का कथित रूप से अपहरण हो गया था। श्री पासवान द्वारा प्राथमिकी के बाद अभियुक्त बलराम पासवान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
लेकिन इस घटना में पुलिस ने अपहृता सुनिता देवी को मंगलवार की सुबह अपने ही घर से बरामद कर लिया।
वहीं, अपहरण का फर्जी मामला दर्ज करने वाले सत्य नारायण पासवान के पुत्र सुनील पासवान एवं सुनिल यादव को हिरासत में ले लिया। उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
इस संदर्भ में थानाध्यक्ष मुकेश कुमार साह ने बताया कि महिला व दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है।