Wednesday, August 3, 2011

सेवानिवृति पर अधिकारी को दी गयी विदाई


बथनाहा (अररिया) : प्रमंडल कार्यालय बथनाहा में पदस्थापित अवर प्रमंडल पदाधिकारी गिरजा प्रसाद सिंह की सेवानिवृति पर रविवार को उन्हें विभागीय अधिकारियों एवं कर्मियों के द्वारा कार्यालय परिसर में समारोह आयोजित कर भावभीनी विदाई दी गयी। इस अवसर पर कार्यपालक अभियंता एलके झा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वहीं इसी मौके पर प्रभार ग्रहण करने वाले अवर प्रमंडल पदाधिकारी लक्ष्मण यादव का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर भीमनगर के अवर प्रमंडल पदाधिकारी राकेश बाबू, त्रिवेणी प्रसाद शर्मा सहित भास्कर जी, विनोद कुमार, मुख्तार आलम, कामिल, शाहिद आदि भी उपस्थित थे।
विदाई समारोह कार्यक्रम का संचालन चंद्रशेखर आजाद, कनीय अभियंता शिविर एवं मार्ग अवर प्रमंडल कार्यालय बथनाहा के द्वारा किया गया।
वक्ताओं ने गिरजा बाबू के कुशल कार्यकाल की चर्चा की तथा सेवानिवृति के उपरांत उनके दीर्घ जीवन की कामना की। धन्यवाद ज्ञापन भास्कर जी द्वारा किया गया।

ऐसे भरा जायेगा टीइटी परीक्षा का ओएमआर आवेदन


अररिया : टीइटी परीक्षा का ओएमआर आवेदन पत्र भरने में सावधानी बरतने की जरूरत है। थोड़ी सी चूक होने पर फार्म कैंसिल हो सकता है।
1. फार्म का पहला क्रमांक एक कंट्रोल नंबर का है। यह अभ्यर्थियों द्वारा भरा नहीं जायेगा। यह सिर्फ कार्यालय उपयोग के लिए है। इसलिए इसे न भरें।
2. फार्म का दूसरा क्रमांक दो कैटेगरी से संबंधित है। इसमें सात श्रेणी बताई गयी है। सामान्य, एससी, एसटी, बीसी, ईबीसी, बीसीएफ तथा अन्य के सामने गोलक को भरे।
3. फार्म का तीसरा क्रमांक विकलांगों के लिए है।
4. चौथा कालम जन्म तिथि का है। पहले जन्म की तारीख, फिर महीना और अंत में जन्म का वर्ष के सामने आने वाले गोलक को भरें।
5. फार्म का क्रमांक पांच स्त्री व पुरुष अभ्यर्थी की सूचना देने के लिए है। संबंधित वर्ग के सामने गोलक को भरना है।
6. फार्म का छठा क्रमांक वर्ग पात्रता के लिए है। वर्ग एक से पांच तक के लिए पेपर एक तथा छह से आठ के लिए पेपर टू व दोनों के लिए बोथ के सामने के गोलक को भरें।
7. फार्म का सातवां क्रमांक अभ्यर्थी की शैक्षणिक योग्यता से संबंधित है। पहला वर्ग पांच तक के लिए व दूसरा वर्ग छह से आठ तक के लिए है। सही गोलक को भरना है।
8. फार्म का आठवां कालम प्रशिक्षित-अप्रशिक्षित होने की सूचना से संबंधित है। उपर प्रशिक्षित और नीचे वाला गोलक अप्रशिक्षित उम्मीदवार भरेंगे।
9. फार्म के नौंवे क्रमांक के अंतर्गत गणित व विज्ञान तथा समाज विज्ञान के लिए अलग-अलग गोलक को भरना है।
10. फार्म का दसवां क्रमांक अभ्यर्थी के नाम के लिए है। उपर केपिटल लेटर में नाम लिखना है तथा उसके नीचे सामने के गोलक को भरना है।
11. 11वें क्रमांक में भाषा विकल्प देना है। पहली से 5वीं के लिए पांच भाषा व छह से आठ के लिए नौ भाषा का चयन कर उसके सामने के गोलक को भरें।
13. क्रमांक तेरह-चौदह में माता-पिता का नाम व 15 में टेलीफोन नंबर को दर्ज करना है।
14. आवेदन के नीचे दिए स्थान पर फोटो चिपकाना है। यहां पता व जिला कोड कार्यालय द्वारा भरा जायेगा। इसलिए इसे न भरें।

स्वतंत्रता सेनानी का निधन

रानीगंज (अररिया) : वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी कल्लर गोप का निधन शनिवार की रात्रि जामून घाट स्थित उनके निज आवास पर हो गया। वे लगभग 100 वर्ष के थे। रविवार को फरियानी नदी के किनारे उनका अंतिम संस्कार किया गया। स्व. गोप के तीन पूत्रों में बड़े उपेन्द्र यादव ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस अवसर पर वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी कलानंद सिंह, रानीगंज थानाध्यक्ष अरुण सिंह सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। श्री गोप के निधन पर प्रखंड बीडीओ ललन ऋषि, सीओ राम विलास झा, आरक्षी निरीक्षक ललन पांडे, एसआई प्रशांत भारद्वाज, नवल किशोर सिंह आदि लोगों ने गहरी संवेदना प्रकट की।

सचिव की घोषणा से न्याय मित्र व सचिवों में उहापोह

जोकीहाट(अररिया) : सरकार की अलग अलग घोषणाओं से न्याय मित्रों एवं न्याय सचिवों के बीच ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। न्याय मित्र संघ के जिला सचिव कृष्णकांत झा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि एक तरफ ग्रामीण विकास विभाग पटना की ओर से इंदिरा आवास आवंटन हेतु लाभुकों का शपथ पत्र ग्राम कचहरी के न्यायमित्रों से बनवाने के निर्देश दिये गये हैं। जिसके तहत जिले के सभी 218 पंचायतों में कार्यरत न्यायमित्रों द्वारा शपथ पत्र हस्ताक्षरित कराये जा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ पंचायती राज विभाग के सचिव ने न्याय मित्रों एवं न्याय सचिवों की संविदा के समाप्ति की घोषणा की है। ऐसी स्थिति में न्याय मित्र एवं न्याय सचिव असमंजस की स्थिति में है। उन्होंने मुख्यमंत्री से शीघ्र मामले को स्पष्ट करने का आग्रह किया है। इस दौरान दर्जनों न्याय मित्र व सचिव उपस्थित थे।

प्रदेश नेता पर लगाया भेदभाव बरतने का आरोप

फारबिसगंज(अररिया) : जदयू के फारबिसगंज नगर अध्यक्ष नौशाद आलम ने जिला पार्टी संगठन पदाधिकारी सह प्रदेश नेता आलोक व‌र्द्धन पर भेदभाव बरतने का आरोप लगाते हुए एक शिकायत पत्र मुख्यमंत्री को प्रेषित किया है। जिसमें अल्पसंख्यक एवं अति पिछड़ों के साथ बैठकों में भेदभाव बरतने का आरोप लगाया गया है। आवेदन में कहा गया है कि कार्यक्रम अथवा आगमन की जानकारी नगर अध्यक्ष को नहीं दी जाती है। जबकि शहर में पार्टी कार्यालय खुला रहने के बावजूद दो चार खास लोगो के आवास पर ही बैठक की जाती है।

बाढ़ से जूट की फसल बर्बाद ,कृषि मंत्री को भेजा त्राहिमाम पत्र

फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड के अम्हारा पंचायत के कई गांवों में परमान नदी व वर्षा का पानी घुस जाने के कारण पाट (जूट) की खेती को भारी नुकसान पहुंचा है। जिससे किसान आर्थिक परेशानी से जूझ रहे हैं। पंचायत के मुखिया प्रकाश चौधरी ने कृषि मंत्री सहित वरीय अधिकारियों व बीडीओ को त्राहिमाम् पत्र भेजकर उचित सहायता प्रदान करने की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि उक्त पंचायत के खमकौल पोटरी, लडू़बा, बाघमारा, मलवा, कमता, बलियाडीह एवं अम्हारा में वर्षा और बाढ़ के पानी के कारण किसानों को भारी नुकसान हुआ है। जिस कारण पाट की खेती करने वाले किसान हताश हैं।

ग्रामीण हाट हुए कीचड़मय, राजस्व वसूली प्रभावित

भरगामा (अररिया) : लगातार बरसात के कारण ग्रामीण सड़कों व राजस्व हाटों की स्थिति नारकीय हो गयी है। कीचड़मय हो चुकी क्षेत्र की ग्रामीण सड़कों पर यातायात बाधित हो गया है। स्थिति यह है कि आम लोग सड़कों की जगह खेत-खलिहान व पगडंडियों से होकर प्रखंड व जिला मुख्यालय आने-जाने पर मजबूर हैं। उल्लेखनीय है कि वीरनगर, धनेश्वरी, हरिपुर कला, खुटहा बैजनाथ आदि पंचायत को प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने वाली सड़क पर वाहनों का परिचालन पिछले एक पखवाड़े से पूरी तरह बंद है। वहीं खजुरी से बनमनखी तक जाने वाली लगभग सभी सड़कों की हालत बिगड़ गई है। जबकि प्रखंड के कई राजस्व हाट भी वर्षा के कारण कीचड़मय हो जाने के कारण बाधित हैं। मालूम हो कि प्रखंड के खजुरी, रघुनाथपुर, महथावा, वीरनगर, मंगलवार-चरैया तथा भरगामा हाट से सरकार को हजारों की आय प्राप्त होती है। फिलवक्त उक्त हाटों की स्थिति नारकीय बनी हुई है। खासकर खजुरी, वीरनगर व भरगामा हाट कीचड़ को लांघकर पहुंचना काफी कष्टकर है। हाट के अनुबंध धारियों का कहना है कि कीचड़मय स्थिति के कारण आम उपभोक्ता हाट तक पहुंच हीं नही पाते हैं। लिहाजा समुचित राजस्व की वसूली भी नहीं हो पाती है।

डूबने से बच्ची की मौत

कुर्साकाटा(अररिया) : सोमवार को प्रखंड के रहटमीना अरताहा निवासी सुरेन्द्र यादव की पुत्री पूजा कुमारी (11) की मौत पानी में बहकर डूब जाने से हो गयी। मृतका दो अन्य सहेली के साथ दूसरे गांव से भोज खाकर लौट रही थी कि रास्ते में सगरदीना स्कूल के निकट धारा पार करने के क्रम में बह गयी। जबकि दो अन्य सहेली डूबने से बच गयी।

एनसीसी कैडेट चयन को जांच परीक्षा चार से

फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज महाविद्यालय में एनसीसी कैडेटों के चयन के लिए आगामी चार अगस्त को शारीरिक जांच परीक्षा का आयोजन किया गया है। जिसमें सफल छात्र छात्राओं को 2011-12 के लिए एनसीसी कैडेटों को प्रशिक्षण दिया जायेगा। शारीरिक जांच परीक्षा में पूर्णिया से एनसीसी के कई अधिकारी उपस्थित रहेंगे। महाविद्यालय के एनसीसी सह मीडिया प्रभारी प्रो. अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि जांच परीक्षा सुबह 10 बजे से ली जायेगी।

अलग अलग सड़क दुर्घटना में आधा दर्जन जख्मी


कुसियारगांव(अररिया) : विगत चौबीस घंटे के दौरान जिले में हुई अलग- अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक नाबालिग सहित आधा दर्जन लोग बुरी तरह जख्मी हो गये। जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। वहीं चिकित्सक ने एक को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया।
जानकारी अनुसार जोकीहाट मार्ग पर परमान पुल के समीप टैंपू के पलट जाने से सवार मोहनी करेला निवासी मो. मुन्ना बुरी तरह जख्मी हो गया। वहीं बैरगाछी चौक के समीप मोटरसाइकिल सवार भैंस से टकरा जाने मो. सन्नू जख्मी हो गया। वह डुमरिया महलगांव का निवासी बताया जाता है।
वहीं रानीगंज मार्ग पर रजोखर चौक के समीप रूपैली निवासी जुबेर के पुत्र मोअज्जम सफारी गाड़ी के चपेट में आ जाने से जख्मी हो गया। वहीं गैयारी निवासी मो. अमीन, मो. साहेब चुड़ी पट्टी, मनोज कुमार सिंहा अररिया, बीबी मनीषा सरीफ नगर आदि शामिल है।

करंट से मिस्त्री झुलसा

कुसियारगांव(अररिया) : कुसियारगांव के समीप लगे खंबे पर तार जोड़ने के दौरान करंट मार देने से एक प्राइवेट मिस्त्री बुरी तरह झुलस गया। जिसे इलाज के लिए सोमवार को सदर अस्पताल लाया गया। नाजुक स्थिति को देखते हुए डा. शरद कुमार ने बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया है।

डकैती की योजना बनाते छह बदमाश गिरफ्तार, तीन फरार


अररिया : नगर थाना क्षेत्र के ईदगाह मैदान में गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को डकैती की घटना को अंजाम देने की योजना बनाते पुलिस ने छह बदमाशों को दबोचने में सफलता पायी है। बदमाशों के पास से पुलिस शटर तोड़ने का सामान, धारदार हथियार, शराब की बोतलें, गांजा, नेपाली परिचय प्रमाण पत्र एवं कई अन्य कागजात जब्त किये हैं। इस दौरान तीन अन्य बदमाश अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे।
गिरफ्तार बदमाशों में इसलाम नगर के मो. सत्तार उर्फ छोटू, मिट्टु उर्फ पिंटू आलम मिर्जाभाग, मो. जफर, सोनू, मो. पप्पू एवं खलीलाबाद के मो. इमरान शामिल है। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों से आवश्यक पूछताछ के बाद उन्हें सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। बदमाशों ने पुलिस के समक्ष शहर में पिछले दिनों हुई ज्वेलर्स लूट, ज्वेलर्स दुकान एवं मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर हुई चोरी मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। बदमाशों ने खुलासा करते हुए पुलिस को बताया कि उनके गिरोह में एक दर्जन से अधिक सक्रिय अपराध कर्मी सक्रिय है। उन्होंने बताया कि चोरी या फिर लूटी गयी सामानों को वे लोग किशनगंज के चोर बाजार में बेचने का काम करते हैं। पिछले दिनों व्यापारी से लूटी गयी ज्वेलर्स को भी उन लोगों ने चूड़ीपट्टी स्थित किसी शाहनवाज नामक युवक के हाथों बेच दिया। बदमाशों ने यह भी खुलासा किया कि उनके गिरोह में शामिल सदस्यों में तीन बदमाश किशनगंज जिले के हैं। बदमाशों की गिरफ्तारी के संबंध में नगर थानाध्यक्ष रामशंकर सिंह के अनुसार उनके सहयोगी अवर निरीक्षक प्रशांत कुमार, राजन कुमार एवं टाइगर मोबाइल दस्ता के सदस्य ज्वेलर्स लूट के मामले में अनुसंधान पर थे। इसी बीच किसी ने संदेश दिया कि ईदगाह मैदान में कुछ बदमाशों द्वारा अपराध की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। पुलिस बिना समय गंवाये मैदान की घेराबंदी कर बदमाशों को दबोचने में सफलता पायी। पुलिस के अनुसार धराये बदमाशों में अधिकांश कई बार जेल की हवा खा चुके हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि बदमाश से पूछताछ के बाद कई आपराधिक मामलों का खुलासा हुआ। पुलिस जल्द ही शेष बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी अभियान संचालित करेंगी।

गांजे की अवैध बिक्री

बथनाहा (अररिया) : पुलिस प्रशासन की उदासीनता के कारण बथनाहा का वीरपुर चौक गांजा व शराबखोरों का अड्डा बनता जा रहा है। कई स्थानीय पान दुकानों में अवैध रूप से गांजा बेचा जाता है। इस गांजे को सिगरेट में भर कर कई युवा व वाहन चालक खुलेआम पी रहे हैं। यही हाल शराबियों का भी है जो पुलिस की निष्क्रियता से शाम ढलने के बाद पीकर चौक-चौराहे पर शोर-गुल व नौटंकी करने लगते हैं।

रमजान की आहट से बढ़ी बाजारों की रौनक

जोकीहाट(अररिया) : रमजान के पवित्र महीने के आगमन से रोजेदारों के बीच खरीदारी को लेकर बाजार में रोनक बढ़ गयी है। जोकीहाट बाजार में इन दिनों खरीदारों खासकर महिलाओं की भीड़ बढ़ गयी है। फल, सब्जियां एवं किराना दुकानों में ग्राहकों की संख्या काफी अधिक बढ़ गयी है। रोजे की आहट से मछली, सब्जी, फल के दामों में काफी उछाल भी आ गया है। रमजान के दौरान जहां दुकानदारों की चांदी कटेगी वहीं ग्राहकों की जेब कटने वाली है। जो भी हो रमजान के आहट से बाजारों में रौनक दिख रहा है।

आया सावन झूम के उत्सव मेला में झूमे दर्शक

फारबिसगंज(अररिया) : सावन माह के अवसर पर रविवार को स्थानीय मारवाड़ी अतिथि सदन में महिला अग्रवाल मंच द्वारा आया सावन झूम के उत्सव मेला का आयोजन किया गया। मेला का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर परिषद अध्यक्ष वीणा देवी एवं मंच की अध्यक्ष सरोज अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर महिलाओं के बीच मेंहदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें करीब तीन दर्जन प्रतिभागियों ने भाग लिया। मेले में करीब डेढ़ दर्जन व्यंजन व अन्य स्टाल लगाये गये थे, जहां लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। खासकर महिलाओं एवं बच्चों में उत्सव मेला को लेकर खासा उत्साह रहा। वहीं मेंहदी प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका ललिता अग्रवाल, शांता अग्रवाल तथा कामिनी गोयल ने निभाया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रही ममता अग्रवाल को मेंहदी क्वीन का ताज पहनाया गया। द्वितीय स्थान पर नीलम जिंदल तथा तृतीय पोजिशन पर सरिता अग्रवाल रही। अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम को जयप्रकाश अग्रवाल, अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष विजय अग्रवाल, युवा मंच अध्यक्ष विक्रम अग्रवाल, नप उपमुख्य पार्षद राजकुमार अग्रवाल, मंच अध्यक्ष सरोज अग्रवाल, सचिव शांता अग्रवाल, सुलोचना अग्रवाल, कामिनी गोयल, अनीता अग्रवाल आदि ने संबोधित किया। मंच संचालन प्रो. उर्मिला जैन ने की। इस अवसर पर दर्जनों की संख्या में महिला व बच्चे उपस्थित थे।

कालाबाजारी के लिए छुपा कर रखे गए 1280 लीटर केरोसीन बरामद


फारबिसगंज (अररिया), : प्रखंड के मटियारी पंचायत के वार्ड संख्या दो स्थित एनएच 57 फारबिसगंज-जोगबनी सड़क के दोनों तरफ झाड़ियों में छुपा कर रखे गये कालाबाजारी के करीब 1280 लीटर किरासन तेल के ड्रम पुलिस ने रविवार को बरामद किया है। गुप्त सूचना के आधार पर फारबिसगंज थाना की पुलिस ने छापामारी कर किरासन तेल से भरा पांच ड्रम तथा पांच गैलन बरामद किया है। जबकि एक खाली ड्रम भी बरामद किया गया है। हालांकि किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
मिली जानकारी अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मटियारी में सड़क किनारे भारी मात्रा में किरासन तेल भरे ड्रम छुपाकर रखे गये हैं। इसके बाद तुरंत फारबिसगंज थाना के पीएसआई बीआर पंडित एवं सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में छापामार दल का गठन किया गया। पुलिस की टीम जब उक्त स्थल पर पहुंची तो वहां काफी मात्रा में तेल देखकर दंग रह गई। पुलिस ने सभी पांच ड्रम व पांच गैलन में भरा तेल जब्त कर लिया तथा थाना ले आई। अनुमान लगाया जा रहा है कि उक्त तेल जनवितरण प्रणाली के डीलर की है जो अनुमंडल मुख्यालय से उठाव करने के बाद उसे कालाबाजारी में बेचे जाने की नीयत से शनिवार की देर संध्या को ही झाड़ियों में छुपाकर रखा था। अगर संदिग्ध डीलरों के स्टाक का सत्यापन किया जाय तो कई और गड़बड़िकं भी पकड़ में आ सकती है। इधर पुलिस ने जब्त किरासन तेल के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जबकि कई सफेदपोश बिचौलिये थाना के इर्द-गिर्द मंडराते हुए देखे गये हैं। छापामारी दल में फारबिसगंज थाना के पीएसआई बीआर पंडित, सुनील कुमार सिंह के अलावा सैप के जवान शामिल थे।

जदयू किसान प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष बने प्रकाश

अररिया : जिला जनता दल युनाइटेड किसान प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष पद पर प्रकाश भगत का मनोनयन किया गया है। प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नसीम अहमद गाजी ने उन्हें उपाध्यक्ष मनोनीत किया है। उन्होंने इंद्रानंद राय को भी उपाध्यक्ष एवं भरगामा प्रखंड का अध्यक्ष राजेन्द्र मंडल को मनोनीत किया है।

भतीजा ने चाचा को पीटा

नरपतगंज (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के देवीगंज गांव में आपसी विवाद के कारण रविवार को भतीजा ने चाचा को पीट-पीट कर घायल कर दिया। घायल सूर्यनारायण यादव को घायल अवस्था में नरपतगंज स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है जिसे बेहतर इलाज के लिए फारबिगंज रेफर कर दिया गया। इस संदर्भ में घायल सूर्यनारायण यादव की पत्‍‌नी रेणु देवी ने कपिल देव यादव एवं कविता देवी के विरुद्ध मामला दर्ज करने के लिए नरपतगंज थाना में आवेदन दिया है।

Tuesday, August 2, 2011

प्रमुख ने की नाव की मांग

जोकीहाट (अररिया) : जोकीहाट प्रखंड प्रमुख मुमताज बेगम ने बाढ़ की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड के बाढ़ प्रभावितों के आवागमन के लिए बारा, दभड़ा हाट, भूना, रहड़िया, मटियारी, ललवाबाड़ी, दोमोहना, मझुवा आदि गांवों एवं घाटों में नाव मुहैया कराने की माग की है। बारा इस्तम्बरार में बाढ़ की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय मुखिया शौकत आरा ग्रामीण फारूक, शफीक, सउद आदि ने भी जिला प्रशासन से नाव की मांग की है। इस सिलसिले में बीडीओ मो. सिकंदर ने बताया कि एसडीओ को बाढ़ की सूचना दे दी गई है। एसडीओ विनोद कुमार ने जल्द ही नाव देने की बात कही है।

दहेज के लिए विवाहिता को जिंदा जलाने का प्रयास


बथनाहा (अररिया) : दहेज में एक मोटर साइकिल तथा 50 हजार रुपये नहीं दिये जाने पर एक विवाहिता को जलाने का प्रयास किया गया है। लेकिन समय पर लड़की पिता व भाई के पहुंच जाने से उसकी जान बच गयी। पीड़िता के पिता व भाई के उपर भी जानलेवा हमला किया गया जिससे वे जख्मी हैं। पिता अशोक मंडल व भाई आमोद कुमार मंडल को पुलिस ने इलाज के लिए फारबिसगंज रेफरल अस्पताल भेजा है। घटना बथनाहा ओपी क्षेत्र के भद्रेश्वर गांव की है।
भद्रेश्वर ग्राम वार्ड न. 04 की निवासी पीड़िता अंजू देवी ने बथनाहा पुलिस को लिखित आवेदन देते हुए विनोद मंडल (पति), चन्द्रा देवी (सास), गिरानंद मंडल (भैंसुर), रमेश मंडल व रमेश मंडल (ननदोसी), रंजीत मंडल (भगिना) को नामजद किया है। पीड़िता अंजु देवी ने बताया कि उसका विवाह 2005 ई. में भद्रेश्वर ग्राम के निवासी विनोद मंडल, पिता फूलेश्वर मंडल के साथ हुआ था। वह दो बच्चों की मां है। शनिवार को नामजद लोगों के द्वारा उसे घर में बंद कर किरासन तेल डालकर जिंदा जलाए जाने के योजना बनाई गई थी। लेकिन संयोगवश उनके पिता व भाई उनके घर पहुंच गए।

एसएसबी महिला जवान की मौत मामले की तीन स्तरीय जांच शुरू

फारबिसगंज(अररिया) : बथनाहा स्थित एसएसबी 24 वीं बटालियन महिला कांस्टेबल की कथित आत्म हत्या मामले की त्रिकोणीय जांच शुरू हो गयी है। घटना की तह तक जाने के लिए अलग अलग तीन स्तर पर जांच की जा रही है। जिसमें एसएसबी की दिल्ली की एक टीम के द्वारा भी जांच की जा रही है। इसके अलावा एसएसबी 24 वीं बटालियन की जांच टीम तथा स्थानीय पुलिस के द्वारा घटना की तहकीकात की जा रही है। हालांकि किसी भी जांच का अंतिम परिणाम घटना के दूसरे दिन भी नहीं आ सका है। एसएसबी 24 वीं बटालियन बथनाहा के डिप्टी कमांडेंट बीआर चौहान ने कहा कि दिल्ली की एसएसबी की तीन सदस्यीय जांच टीम रविवार की संध्या बथनाहा पहुंचकर घटना की छानबीन शुरू कर दी है। जिसमें कमांडेंट तथा डिप्टी कमांडेंट स्तर के पदाधिकारी शामिल हैं। श्री चौहान ने कहा कि प्रथम दृष्टतया गलती से गोली चलने से महिला जवान की मौत हो जाने का मामला प्रतीत होता है जो कि स्थानीय एसएसबी जांच टीम की तहकीकात में सामने आया है। हालांकि उन्होंने कहा कि अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है। मालूम हो कि शनिवार की अहले सुबह एसएसबी महिला जवान नैना आर नैतन (23) की डयूटी पर तैनाती के दौरान अपनी ही सर्विस राइफल से गोली चल गयी थी जिससे गंभीर रूप से जख्मी होने के बाद सिल्लीगुड़ी में इलाज के दौरान शनिवार की संध्या मौत हो गयी थी। डिप्टी कमांडेंट श्री चौहान ने कहा कि महिला जवान के शव को कोलकाता से महाराष्ट्र के नागपुर दंतोली लोकमत चौराहा स्थित घर पर रविवार को वायुयान से भेजा गया है। महिला जवान नैना की वर्ष 2008 में एसएसबी में बहाली हुई थी। बीते माह मई 2011 में वह नागपुर स्थित अपने घर गयी थी जहां से वह 31 जून को बथनाहा स्थित कैंप वापस लौटी थी।

माहे रमजान को ले सफाई व रोशनी की मांग

अररिया : मुस्लिम समुदाय के मुबारक महीना रमजान के आगमन को लेकर एक ओर जहां खुशी का माहौल है वहीं दूसरी ओर लोगों ने नगर परिषद से विभिन्न मुहल्लों एवं गलियों में सफाई कराने की मांग की है। रोजा शुरू होते ही लोग इबाबादत में मशगुल हो जाते है रातों में तरावीह की विशेष नमाज अदा की जाती है। वैसे में मौलवी टोला, जामा मस्जिद, हटिया रोड, आजाद नगर, इस्लाम नगर, खलीलाबाद, बसंतपुर, ककोड़वा, जागीर, बस्ती, रहिका टोला मस्जिद के इर्द-गिर्द गिरे सफाई कराने की मांग की है साथ ही रोशनी के लिए बिजली, बल्ब की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। कमाले हक, साजिद अनवर, फारुक आजम, मुजफ्फर हाशमी, आबिद अंसारी, नूर मोहम्मद, चुन्नू, शमशेर आदि ने नगर परिषद से अविलंब सफाई कराने की मांग की है।

फिर से होगा 218 पंचायतों में ग्राम कचहरी न्यायमित्र व सचिव का


अररिया : जिले के 218 पंचायतों में फिर से ग्राम कचहरी न्याय मित्र व ग्राम कचहरी सचिवों का नियोजन होगा। इसके लिए पंचायत राज विभाग ने पत्र जारी कर डीएम व डीपीआरओ को नियोजन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है। क्योंकि पंचायत चुनाव समाप्त होने के साथ ही ग्राम कचहरियों में कार्यरत न्याय मित्रों व न्याय सचिवों की संविदा अवधि खत्म हो गयी है।
न्याय मित्र पद पर अधिवक्ता का नियोजन होना है जबकि न्याय सचिव पद पर उसी पंचायत के अभ्यर्थी का नियोजन होगा। पंचायत स्तरीय नियोजन समिति के अध्यक्ष सरपंच होंगे। जिले के 218 पंचायतों में 2006 पंचायत चुनाव के बाद नियोजन प्रक्रिया आरंभ हुई तो भी पर आज तक 40-50 पंचायत न्याय मित्र व कचहरी सचिव पद विहीन हैं। एक-एक न्याय मित्र दो-दो पंचायत में बहार होकर गलत ढंग से मानदेय का उठाव किया है। कुछ पंचायत के मामले तो आज भी डीएम-एसडीओ के समक्ष सुनवाई के लिए लंबित है।

कनकई व बकरा ऊफनाई चार दर्जन गांवों में घुसा पानी



जोकीहाट (अररिया) : पिछले दो दिनों के दौरान हुई मुसलाधार बारिश के कारण कनकई, बकरा एवं परमान नदिया ऊफना गई है जिससे बाढ़ का पानी लगभग चार दर्जन से अधिक गांवों में फैल गया है। वहीं जोकीहाट-मालोपाड़ा प्रधानमंत्री सड़क पुरन्दाहा गंव के निकट कट गयी है। जबकि बकरा नदी के कटान से सतबीटा से तारण पुल तक तटबंध क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं सैकड़ों एकड़ खेतों में लगी धान की फसल भी डूब गई है। प्रखंड के बारा इस्तम्बरार पंचायत के हल्का कर्मचारी जगदीश शर्मा ने स्थल निरीक्षण कर बाढ़ पीड़ितों की सूची अंचल कार्यालय को सौंपा है। मिली जानकारी अनुसार कनकई नदी का पानी बाराइस्तम्बरार पंचायत के पुरंदाहा, मेहंदीनगर, सिसुवा, खोना, डुमरिया, रूपैली आदि गांवों में फैल गया है जिससे गांवों का सड़क संपर्क भी भंग हो गया है। बीडीओ मो. सिकंदर ने जिला प्रशासन से नाव की मांग की है। कनकई नदी का पानी पुरन्दाहा, बारा, पिपरा, खोना, डुमरिया, रूपैली, लोखड़िया, गढमल्ली, मेंहदीनगर, सिसुवा, चमनपुर, नौआननकार, कजलेटा, डकैता, मजकुरी आदि गांवों में प्रवेश कर गया है। वही बकरा नदी में आई बाढ़ से करहरा, कुसैल, मझुवा, मटियारी, सतबीटा, रहड़िया, फर्साडांगी, बलुवा, पेचैली, केलाबाड़ी, मछेला, चौकता, इसरवा आदि गांव प्रभावित हो गये हैं। बाढ़ के कारण दर्जनों घर क्षतिग्रस्त हो गये हैं। प्रमुख मोमताज बेगम एवं बीडीओ मो. सिकंदर ने बाढ़ की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ डा. विनोद कुमार से नाव आपूर्ति की मांग की है। मुखिया शौकत आरा ने बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री वितरित करने की मांग की है।

आज से पंचायतों में इंदिरा आवास के लिए लगेगा शिविर

कुर्साकांटा (अररिया) : एक अगस्त से प्रखंड के पंचायतों में शिविर लगाकर इंदिरा आवास के लिए चयनित लाभार्थियों के बीच पासबुक का वितरण किया जायेगा। वर्ष 2011-12 के लिए प्रखंड में गरीबों को 2311 इंदिरा आवास देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उक्त आशय की जानकारी देते हुए बीडीओ रोजी कुमारी ने बताया कि एक जुलाई को लैलोखर पंचायत के पंचायत भवन में एवं कुआड़ी पंचायत के उच्च विद्यालय कुआड़ी में शिविर का आयोजन किया जायेगा। उसी प्रकार 2 अगस्त को पहुंसी पंचायत एवं डुमरिया पंचायत के पंचायत भवन में, 3 अगस्त को कुर्साकांटा पंचायत के पंचायत भवन में एवं हरिदा पंचायत के प्राथमिक विद्यालय बघुआ खजुरवारी में, 4 अगस्त को सिकटिया पंचायत के प्राथमिक विद्यालय नया टोला सिकटिया में एवं शंकरपुर पंचायत के पंचायत भवन में, 5 अगस्त को कमलदाहा पंचायत के पंचायत भवन में एवं जागीर परासी पंचायत के बाढ़ आपदा भवन में, 6 अगस्त को लक्ष्मीपुर एवं रहटमीना पंचायत के पंचायत भवन में एवं 7 अगस्त को सौरगांव पंचायत के मध्य विद्यालय सौरगांव में शिविर का आयोजन किया जायेगा। बीडीओ ने सभी लाभुकों से शिविर में उपस्थित होकर पासबुक खोलेने को कहा है।

अब वृक्षारोपण अभियान चलायेंगे जदयू कार्यकर्ता

अररिया : बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने के उद्देश्य से जदयु ने पहले छह माह तक हस्ताक्षर अभियान चलाया,अब केंद्र सरकार पर दबाव डालने के लिए वृक्षारोपण की योजना बनायी है, जिसको लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह चरम पर है। हरियाली और पर्यावरण को फोकस में रखकर अब विशेष राज्य की मांग की जायेगी। हर जिले से वृक्षारोपण कर हरित अभियान चलाया जायेगा। अररिया जदयू जिलाध्यक्ष नौशाद आलम ने बताया कि प्रदेश कार्यालय से दिशा निर्देश मिलने के बाद जिले में वृक्षारोपण कार्यक्रम प्रारंभ किया जायेगा। वृक्षारोपण के साथ साथ उसकी देखभाल भी कार्यकर्ता ही करेंगे।

गैयारी में इंदिरा आवास को ले शिविर का आयोजन


अररिया : अररिया प्रखंड के आदर्श पंचायत गैयारी में रविवार को इंदिरा आवास के लाभुकों के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
गैयारी स्थित पंचायत भवन में वित्तीय वर्ष 2011-12 के कुल 123 लाभुकों का प्रखंड कर्मियों द्वारा मौलिक सत्यापन, फोटोग्राफी एवं बैंक खाता खुलवाने हेतु फार्म भरा गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी नागेन्द्र पासवान ने बताया कि 123 लाभुकों में सामान्य 61 अल्पसंख्यक 31 हरिजन 27 एवं विकलांग कोटे से 4 लाभुकों का चयन किया गया है। इस शिविर में युकों बैंक गैय्यारी के शाखा प्रबंधक, जीपीएस के अलावा प्रखंड उप प्रमुख गुलशन आरा मुखिया वाजिदा तबस्सुम समिति सदस्य तबस्सुम नाज, शमशाद आलम, मो. अशफाक आदि मौजूद थे। वहीं शिविर में मौजूद कुछ ग्रामीणों ने लाभूकों के चयन में अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाया। इस संबंध में बीडीओ ने कहा कि जिन्हें सूची में गड़बड़ी का शक है वे आपत्ति पत्र दे सकते हैं जिनका पुन: जांच कराया जायेगा।

एसपी से प्राथमिकी दर्ज कराने की गुहार

अररिया : सिमराहा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर की रहने वाली जानकी देवी ने आरक्षी अधीक्षक को आवेदन सौंपकर जानलेवा हमला करने के आरोपी के विरुद्ध स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाने की गुहार लगायी है। आरक्षी अधीक्षक को सौंपे ज्ञापन में पीड़िता ने कहा है कि बीते 28 जुलाई को मामूली बात को लेकर उनके पड़ोसी बद्री मेहता, शिवन मेहता, नारायण मेहता, रमेश मेहता उनके आंगन में घुस आये और तेज धारदार हथियार से उन पर जानलेवा हमला किया। घायल अवस्था में उन्हें चिकित्सा के लिए रेफरल अस्पताल फारबिसगंज में भर्ती कराया गया। जब इसकी लिखित सूचना सिमराहा पुलिस को दी तो वह किसी राजनीतिज्ञों के दबाव में आकर प्राथमिकी दर्ज नही की।

लूटने के क्रम में अपराधियों ने युवक को गोली मारी

नरपतगंज(अररिया) : नरपतगंज थाना क्षेत्र के पलासी रेलवे ढाला के समीप रविवार की शाम सशस्त्र अपराधियों ने लूटपाट के क्रम में एक युवक को गोली मार दी। घायल अवस्था में ग्रामीणों ने उसे रेफरल अस्पताल फारबिसगंज में भर्ती कराया जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल युवक का नाम महेश कुमार है जो फारबिसगंज के गोड़ियारे चौक का रहने वाला बताया गया है। गोली मारने के बाद सभी अपराधीे दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही नरपतगंज थानाध्यक्ष मनीष कुमार फारबिसगंज अस्पताल पहुंचकर घायल युवक से पूछताछ की है। जानकारी अनुसार अपराह्न छह बजे युवक महेश कुमार अपने ग्लैमर मोटरसाइकिल से नरपतगंज स्थित अपने संबंधी के यहां से फारबिसगंज की ओर आ रहा था। रास्ते से ही दो मोटरसाइकिल पर सवार चार अपराधी उसका पीछा कर रहे थे। जैसे ही वह रेलवे ढाला के समीप पहुंचा कि अपराधियों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया तथा मोटरसाइकिल लूटने का प्रयास करने लगे। लेकिन युवक अपराधियों से भीड़ गया। युवक को उलझता देख अपराधियों ने उस पर गोली चला दी जो उसके बायें पैर में जा लगी। गोली लगने से युवक जख्मी हो कर गिर गया। लेकिन तब तक आसपास के लोग वहां जमा होने लगे जिसे देख कर अपराधी उसे छोड़कर फरार हो गया।

Sunday, July 31, 2011

जिप अध्यक्ष ने दिया चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर जोर


अररिया : पंचायत स्तर तक साक्षर भारत को सफलता पूर्वक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को जिले के सभी 16 केआरपियों की बैठक जिप कार्यालय में बुलाई गयी। जिसकी अध्यक्षता जिप अध्यक्ष सह साक्षर भारत के जिला लोक शिक्षा समिति की अध्यक्ष शगुफ्ता अजीम ने की। बैठक में जनशिक्षा के प्रभारी पदाधिकारी डीपीओ बसंत कुमार, जिला सचिव प्रो. बीएन झा भी मौजूद थे।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रखंड स्तर पर गठित लोक शिक्षा समिति के शिक्षाविद एनजीओ, एसएचजी व कोर्ट से चयनित सदस्यों का बायोडाटा जांच कराया जायेगा। बैठक में श्रीमती अजीम ने सभी केआरपी को प्रखंड स्तर पर से पंचायत स्तर तक चयनित होने वाले प्रेरक, लेखा समन्वयक पद पर नियोजन समिति सदस्य के हैसियत से पारदर्शिता बरतने की हिदायत दी। वहीं डीपीओ श्री कुमार ने कहा कि केआरपी की भूमिका पर ही साक्षर भारत कार्यक्रम की सफलता निर्भर करेगा। वहीं जिला सचिव प्रो. बासुकीनाथ झा ने कहा कि इस कार्यक्रम में जनसमुदाय की भागीदारी आवश्यक है। मौके पर केआरपी उर्मिला देवी, योगेन्द्र प्र. सिंह, नसीमउद्दीन, कमर मासूम, चंदन कुमार, विरेन्द्र प्रसाद, मो. हासिम व रीता कुमारी मौजूद थे।

उपेक्षित वार्डो की सूची मंत्री को सौपेंगे विधायक


जोगबनी (अररिया) : मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के तहत जोगबनी शहर के उपेक्षित वार्डों का विकास किया जायेगा। फारबिसगंज विधायक पदम पराग वेणु के प्रवक्ता ने जोगबनी में जानकारी देते हुए बताया कि इसके लिए विधायक अतिशीघ्र शहरी विकास मंत्री प्रेम कुमार से मिल कर वार्डो की सूची सौपेंगे।
प्रवक्ता के अनुसार आगामी 8 अगस्त को विधायक जोगबनी नगर पंचायत में हुए विकास कार्यो की समीक्षा भी करेंगे। उन्होंने नगर पंचायत में पर्याप्त संसाधन रहने के बावजूद चेरामारी धार की सफाई नहीं होने पर आश्चर्य व्यक्त किया। इस मौके पर इनके साथ जोगबनी नगर जदयु अध्यक्ष रामावतार शर्मा, भाजपा कला संस्कृति मंच के प्रदेश मंत्री भानू प्रकाश राय, रीतेश वर्मा, गणेश गुप्ता, मो. अरसद, लीला देवी, अरविंद कुमार साह, संजय साह, देवनारायण चौधरी एवं अरुण कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

सावन महोत्सव पर मेंहदी प्रतियोगिता का आयोजन

फारबिसगंज (अररिया) : महिला अग्रवाल मंच के द्वारा रविवार को स्थानीय मारवाड़ी अतिथि सदन में सावन महोत्सव का आयोजन किया गया है। जिसमें महिलाओं-युवतियों के बीच मेंहदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इसके अलावा बच्चों के द्वारा आनंद मेला का आयोजन किया जायेगा। उक्त जानकारी मंच की अध्यक्षता सरोज अग्रवाल तथा सचिव अनिता अग्रवाल ने दी। कार्यक्रम की सफलता के लिये शांता अग्रवाल, प्रो. उर्मिला जैन, कामिनी गोयल, संगीता अग्रवाल, चित्रा अग्रवाल सहित कई महिलाएं सक्रिय हैं।

सुरक्षा की जानकारी देने को ले आरपीएफ का मॉक ड्रिल



फारबिसगंज (अररिया) : ट्रेनों में सुरक्षा तथा साफ-सफाई की जानकारी रेल यात्रियों को देने के उद्देश्य से शनिवार को आरपीएफ के द्वारा फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक के तहत माकड्रिल का आयोजन किया गया। स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर आरपीएफ जवानों तथा अधिकारियों द्वारा ट्रेन में सुरक्षा से संबंधित जानकारियों नाटक के माध्यम से दी गई। जिसमें नशा खुरानी गिरोह से बचने, पाकेटमारों से सुरक्षा, आगजनी, मानवरहित रेलवे फाटक को पार करने के उपाय के बारे में बताया गया। साथ हीं प्राथमिक उपचार की भी जानकारी दी गयी। आरपीएफ अधिकारियों ने ट्रेनों में ज्वलनशील पदार्थ जैसे गैस सिलेंडर लेकर नहीं चलने, बीड़ी, सिगरेट नही पीने, पेट्रोलियम पदार्थ लेकर ट्रेन में नही चलने की अपील की। कार्यक्रम में आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त कटिहार मो. नईम, अ.नि डीके मंडल, एसके मवार, आरके श्रीवास्तव, मदन कांत झा, आरपी प्रभारी फारबिसगंज एहसान अली, शंकर मंडल, संतोष मंडल, टीपी सिंह, रविकांत सहा आदि मौजूद थे। मोक ड्रिल को देखने के लिए रेल यात्रियों तथा स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई।

भारी वर्षा से जनजीवन अस्तव्यस्त

जोगबनी (अररिया) : आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। भारी वर्षा से जोगबनी नगर पंचायत के कई वार्डो में वर्षा का पानी लोगों के घर में जहां घुस आया वहीं कई फूस के घर गिर गये। भारी वर्षा से जोगबनी थाना नगर पंचायत वार्ड 12, 8, 9, 13 में सड़कों एवं घरों में पानी घुस जाने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

अवैध शराब के साथ दो गिरफ्तार


फारबिसगंज (अररिया) : शराब की अवैध बिक्री के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार चलाये जा रहे अभियान के तह शुक्रवार की देर संध्या एक बार फिर सफलता मिली। फारबिसगंज
थाना की पुलिस ने परवाहा हाट पर गुप्त सूचना के आधार पर चाय-नाश्ता की दुकान में छापामारी कर अवैध देशी-विदेशी शराब के साथ दो दुकानदारों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार दुकानदार स्वर्गीय उत्तम लाल मंडल के पुत्र राजेश मंडल तथा बमभोली मंडल के पुत्र लालू कुमार को शनिवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया। जबकि दोनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत थाना में कांड संख्या 368/11 दर्ज कर लिया गया है। छापामारी के दौरान पुलिस ने विभिन्न ब्रांडो के 121 बोतल विदेशी शराब तथा 36 पैकेट देशी शराब का पाउच बरामद किया गया। जिसकी कीमत हजारों में बतायी जा रही है।

पूर्व विधायक को पितृ शोक

फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज के पूर्व विधायक मायानंद ठाकुर के पिता सच्चिदानंद ठाकुर का शनिवार की सुबह निधन हो गया। वे 85 वर्ष के थे तथा कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। पूर्व विधायक श्री ठाकुर के पैतृक गांव परवाहा में सैकड़ों शुभचिंतकों तथा परिजनों के बीच उनका दाह संस्कार किया गया। इस दौरान फारबिसगंज के पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण मेहता, नरपतगंज के पूर्व विधायक जनार्दन यादव, मूलचंद गोलछा, अनवर राज, मनोज साह, पूनम पांडिया, शंभू साह, परवाहा मुखिया कलवी देवी सहित बड़ी संख्या में शहर व गांव के गणमान्य लोग मौजूद थे।

अधिकारियों की अनुपस्थिति से पंस की बैठक हुई स्थगित

फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभा भवन में शनिवार को आयोजित पंचायत समिति की पहली बैठक अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण स्थगित कर दी गयी। बैठक में भाग लेने के लिए पंचायत समिति सदस्यों के अलावा मुखिया व बड़ी संख्या में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि पहुंचे थे। बैठक में बीडीओ एवं बीईओ भी पहुंचे थे। लेकिन अन्य पदाधिकारियों के नहीं पहुंचने के कारण बैठक स्थगित कर दी गई। जिसके बाद जनप्रतिनिधियों ने अनुपस्थित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी पारित किया। बैठक की अगली तिथि ग्यारह अगस्त निर्धारित की गई है। इस दौरान प्रखंड प्रमुख अशोक विश्वास, बीडीओ किशोर कुमार, मुखिया संघ प्रखंड अध्यक्ष सुरेश पासवान, उप प्रमुख किरण देवी, रहिक पुर ठीलामोहन की पंसस गीता देवी व नौशाद आलम, मुखिया प्रकाश चौधरी, हासिम खान, परवेज, समिति चंद्रानंद दास, उमेश पांडेय, नरगिश, मुखिया परमानंद यादव आदि मौजूद थे।

बाइक व साइकल की टक्कर में दो जख्मी

कुसियारगांव (अररिया) : पलासी मार्ग पर डेंगा चौक के समीप शुक्रवार की शाम साइकल सवार भदेश्वर यादव को मोटर साइकल सवार द्वारा ठोकर मार देने के कारण वे बुरी तरह जख्मी हो गये। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया है। जहां डा. विमल ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें पूर्णिया रेफर कर दिया। इस घटना में मोटर साइकल सवार के भी जख्मी होने की बात बताई गयी है। उनका इलाज निजी तौर पर चल रहा है।

रंगदारी नहीं देने पर दो को पीट कर किया जख्मी


कुसियारगांव (अररिया) : 20 हजार रुपया रंगदारी नहीं देने के कारण एक ठेकेदार के दो स्टाफ को पीटकर जख्मी कर दिया गया। उन्हें शुक्रवार को इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। वहीं, घटना को लेकर दो लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
जानकारी अनुसार नगर थाना क्षेत्र के शरीफ नगर मे सड़क का कार्य चल रहा था। बताया गया है कि कुछ लोगों द्वारा 20 हजार रुपये की मांग किया गया, अन्यथा काम बंद करने की चेतावनी दी गयी। लेकिन काम नही रोकने के कारण दो दिन बाद गैयारी निवासी मो. मुश्ताक को धारदार हथियार से वार कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। जबकि बचाने पहुंचे सेराजउद्दीन की भी धुनाई कर दी गयी।

फैय्याज बने प्रखड सरपंच संघ के अध्यक्ष

अररिया : शनिवार को स्थानीय सुभाष स्टेडियम में अररिया प्रखंड क्षेत्र के सरपंचों की बैठक आयोजित की गयी। जिसकी अध्यक्षता दियारी के सरपंच रामानंद मंडल ने की। बैठक में अररिया प्रखंड सरपंच संघ का गठन किया गया। जिसमें सर्वसम्मति से कमलदाहा पंचायत के सरपंच फैय्याज आलम को अध्यक्ष, अफरोज आलम को सचिव, निक्की सिंह को उपाध्यक्ष, चातर के इलियास को उपसचिव, रामपुर पश्चिम के सरपंच शाबरा को कोषाध्यक्ष व पैक्टोला के दिलचंद ऋषिदेव को उपकोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। मौके पर हसीब, रईस, द्विजेन्द्र मिश्र, मो. सेराज, मो. आशिक आदि मौजूद थे।

शुरू हो गयी इंसाफ की कार्रवाई: अध्यक्ष

फारबिसगंज (अररिया) : घटना के करीब दो माह बाद फारबिसगंज गोलीकांड की न्यायिक जांच की प्रक्रिया शनिवार से आरंभ हो गई। न्यायिक जांच आयोग के दो सदस्यीय टीम के अध्यक्ष उच्च न्यायालय के सेवानिवृत न्यायमूर्ति माधवेन्द्र शरण ने ग्रामीणों से मुलाकात के दौरान कहा कि इंसाफ की कार्रवाई शुरू हो गई है। वे आ गये हैं इंसाफ जरूर होगा। जो कोई व्यक्ति भी घटना के संदर्भ में अपनी बात रख सकते है लेकिन नोटिस जारी करने और समाचार-पत्रों में सूचना प्रकाशित होने तक इंतजार करना होगा। न्यायधीशों ने भजनपुर गांव का भ्रमण करने के दौरान गोलीकांड के मृतक मुस्तफा के घर पहले गये जहां उसके पिता फटकन मियां तथा मां से मिले। पीड़ित माता-पिता न्यायाधीश के सामने फफक-फफक कर रो पड़े। इसके बाद आयोग की टीम मृतक आठ माह का बच्चा नौशा के नाना रफीक अंसारी के घर गये जहां वे मृतक बच्चा की जख्मी मां रेहाना खातुन तथा नाना से भी मिले, इसके अलावा मृतक महिला साजमीन खातुन, मृतक मुख्तार के घर पर उनके परिजनों से मिले। साथ हीं गोलीकांड में जख्मी 13 वर्षीय लड़की जहीर अंसारी की पुत्री तालमून से भी पूछताछ की। तालमून को पीठ में गोली लगी थी। घायल रइस अंसारी (28) से भी मदरसा परिसर में पूछताछ हुई। ग्रामीणों ने मदरसा के उस गुबंद को भी न्यायधीशों को दिखाया जिस पर पुलिस फायरिंग के दौरान गोली लगने के निशान बताया गया है। न्यायाधीशो ने निर्माणाधीन ग्लूकोज फैक्ट्री तथा भजनपुर गांव के बी स्थित फोर लेन एनएच 57 सड़क तथा उसके नजदीक वाले ग्रामीण के घर का भी मुआयना किया। 3 जून को हुई घटना के संदर्भ में ग्रामीणों से पूछताछ भी की गई। इस दौरान कार्यक्रम के लाइजनिंग आफिसर के रूप में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, फारबिसगंज एसडीपीओ विकास कुमार सहित सुरक्षा बल मौजूद थे।

आयोग ने शुरू की फारबिसगंज गोलीकांड की जांच



फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज गोलीकांड की जांच को यहां शनिवार को पहुंची न्यायिक जांच आयोग की टीम को ले लोगों में काफी उत्सुकता बनी रही। टीम के अध्यक्ष अवकाश प्राप्त न्यायमूर्ति माधवेन्द्र शरण तथा सचिव सह अवकाश प्राप्त जिला एवं सत्र न्यायधीश एसएम नसीमुद्दीन को हालांकि शुक्रवार को ही यहां पहुंचने की बात कही गयी थी। लेकिन वे लोग शुक्रवार को अररिया में ही रूक गये थे। शनिवार को सुबह से ही बारिश होने के बावजूद दोनों सदस्य करीब 10 बजे बुंदा-बांदी के बीच ही भजनपुर गांव पहुंचे। इस दौरान सड़क के दोनों ओर उन्हें देखने के लिए काफी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हुए थे। साथ ही गांव में भी गोलीकांड के पीड़ितों व लोगों को आयोग की टीम से मिलने की उत्सुकता बनी हुई थी। आयोग के दोनों सदस्यों ने भी लोगों को निराश नहीं किया। वे बारी बारी से पुलिस फायरिंग मे मारे गये सभी मृतकों के परिजनों से उनके घर जाकर मुलाकात की और उनका दुख दर्द सुना। दोनों न्यायाधीशों ने घटना में घायल हुए लोगों से भी मुलाकात की। अपने पहले दौरे पर फारबिसगंज पहुंची आयोग की टीम के दोनों सदस्यों ने घटनास्थल निर्माणाधीन ग्लूकोज फैक्ट्री परिसर का भी बारिकी से मुआयना किया। वहां उन लोगों ने उस विवादित सड़क का भी निरीक्षण किया जिसकी मांग को ले वहां बीते तीन जून को ग्रामीणों व पुलिस के बीच हिंसक झड़प हुई थी जिसके बाद हुई पुलिस फायरिंग में एक बच्चा समेत चार लोग मारे गये थे। न्यायाधीशों ने ग्रामीणों की मांग वाली विवादित सड़क का काफी दूर तक मुआयना किया। आयोग के अध्यक्ष तथा सचिव ने उस टूटी दिवाल को भी देखा जिसे 3 जून को घटना के दिन उग्र ग्रामीणों द्वारा तोड़ दिया गया था। दोनों न्यायाधीशों ने वहां घटना की परिस्थिति से संबंधित जानकारियां भी ली। हालांकि न्यायाधीशों से जब स्टार्च फैक्ट्री का निर्माण कर रही ओरो सुंदरम इंटरनेशल प्रा.लि. के अधिकारी व कर्मियों ने मिलकर अपनी बात रखनी चाही तो उन्होंने बताया कि इसके लिए नोटिस जारी की जायेगी तथा समाचार-पत्रों के माध्यम से सूचना प्रकाशित की जायेगी जिसके बाद शपथ-पत्र के साथ वे लिखित रूप से अपनी बात आयोग के समक्ष रख सकते हैं। न्यायधीशों के भ्रमण के दौरान गांव से लेकर एनएच 57 सड़क मार्ग तथा फैक्ट्री परिसर में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी हुई थी। हालांकि इस अवसर पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गये थे। इस दौरान आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति माधवेन्द्र शरण ने गोलीकांड के पीड़ितों से कहा कि इंसाफ की प्रक्रिया शुरू हो गयी है, उन्हें अवश्य न्याय मिलेगा।

आटो किराया निर्धारण की मांग

जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड के बाराइस्तम्बरार-जोकीहाट मुख्य सड़क पर टेंपू चालकों द्वारा यात्रियों से मनमाना किराया लिये जाने के कारण यात्रियों में आक्रोश व्याप्त है। बाराइसतम्बरार, नौआ ननकार, कजलेटा, पिपरा, हाटगाछी के ग्रामीणों का कहना है कि महज दस किमी की दूरी तय करने के लिए टेंपू चालक 10-15 रुपये वसूलते हैं। कम भाड़ा देने पर यात्रियों से वे लोग दु‌र्व्यवहार पर उतारू हो जाते हैं। जबकि अररिया-जोकीहाट मार्ग की दूरी 16 किमी है बावजूद इतनी दूरी के लिए भी उतने ही रुपये लिये जाते हैं। पूर्व जिला पार्षद तसनीम शम्सी एवं कांग्रेस के शमशाद आलम ने जिला परिवहन पदाधिकारी से इस मार्ग पर टेंपू चालकों के मनमानी पर रोक लगाने की मांग करते हुए किराया निर्धारण की मांग की है।

जिले में10 हजार किसान करेंगे सहजन की खेती

अररिया : जिला उद्यान विभाग किसानों को फलदार वृक्ष लगाने के लिए प्रोत्साहित करने की योजना बनायी है। इसके लिए किसानों के बीच फलदार वृक्षों का मुफ्त वितरण किया जायेगा। इसी उद्देश्य से आगामी 12 व 13 अगस्त को मुख्यालय स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति के प्रांगण में दो दिवसीय उद्यान महोत्सव का आयोजन किया गया है। इस दो दिवसीय महोत्सव में उद्यान विभाग द्वारा फलदार वृक्ष वितरित करने की योजना है। इस संबंध में जिला कृषि पदाधिकारी नईम अशरफ ने बताया कि महोत्सव में किसानों के बीच 10 हजार सहजन के पेड़, 8 हजार आम तथा 5 हजार लीची का पेड़ बांटे जायेंगे।

परचुनिया के सहारे लाइसेंसी शराब दुकानदार करते अवैध बिक्री का धंधा

अररिया : जिले में अवैध शराब बिक्री का धंधा परवान पर है। लाइसेंसी शराब दुकानदार अपना अवैध कारोबार चलाने के लिए बजाप्ता परचुनिया (अवैध सेल्स मेन) बहाल कर रखे हैं जिसके जरिये वे अपनी बिक्री का लक्ष्य प्राप्त कर लेते हैं। जिले में कुल शराब दुकानों की संख्या 110 के करीब है। और उन दुकानदारों के पास करीब 500 सौ से अधिक परचुनियां हैं। हालांकि उत्पाद विभाग द्वारा यदा-कदा चलाये गये छापामारी अभियान में महज चार माह के अंदर पांच दर्जन से अधिक लोगों को अवैध ढंग से शराब की बिक्री करते पकड़ा गया है। जबकि पकड़े गये परचुनिये से मात्र संधानित शुल्क वसूल कर छोड़ दिया जाता है। गत चार दिन पूर्व ही विभाग ने बसैटी थाना क्षेत्र के फरकिया गांव से डेढ़ लाख से अधिक की विदेशी शराब जब्त करने में सफलता पायी है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक चार माह के अंदर अब तक उत्पाद विभाग को 93 हजार रुपये संधानित शुल्क के रूप में राजस्व की प्राप्ति हुई है। उत्पाद विभाग के पुलिस इंसपेक्टर ने बताया कि अवैध ढंग से चल रहे शराब दुकानों के विरुद्ध विभाग की कड़ी नजर है। उन्होंने बताया कि लाइसेंसी दुकानदारों को परचुनियां नहीं रखने की लगातार हिदायत दी जा रही है। इस संबंध में उत्पाद अधीक्षक डा. आनंद कुमार ने बताया कि दुकान कम करने की दिशा में कार्रवाई जारी है।

नहीं लें बिचौलियों का सहारा: निदेशक

पलासी(अररिया) : इंदिरा आवास के लिए पंचायतों में लगाये जा रहे विशेष शिविरों का जायजा लेने बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त निदेशक डा. सतीश प्रसाद शनिवार को अररिया पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पलासी पहुंचकर विशेष इंदिरा आवास शिविर का निरीक्षण किया। वे कनखुदिया पंचायत पहुंचकर लाभुकों से मिलकर उनकी समस्याओं से अवगत हुए। उन्होंने लाभुकों से बिचौलियों से सावधान रहने की बात कहते हुए उन्हें अवैध राशि नहीं देने को कहा। साथ ही साथ उन्होंने पिपरा विजवार के लाभुकों से डेहटी पैक्स में वर्ष 2007-08 में जमा की गयी राशि की भी जानकारी ली। उसके बाद वे प्रखंड कार्यालय पहुंचकर बीडीओ उपेंद्र सिंह को भी कई आवश्यक निर्देश दिये।

वारंटी गिरफ्तार

अररिया : नगर थाना पुलिस ने शनिवार को कुर्की जब्ती के वारंटी रतन मंडल को छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को उसकी तलास कई वर्षों से थी। न्यायालय ने आरोपी के विरूद्ध कुर्की- जब्ती वारंट निर्गत कर रखा था।

सुविधा के अभाव में बस पड़ाव संवेदक ने काम नहीं करने की दी चेतावनी


फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज नगर परिषद क्षेत्र में बस पड़ाव पर यात्री वाहनों से टैक्स वसूली करने वाले संवेदक ने आगे काम करने से हाथ खड़ा कर दिया है। वर्ष 2011-12 के लिये यात्री वाहनों से कर वसूली के लिये हुए संविदा को रद्द करने की चेतावनी देते हुए हुए संवेदक दिलीप कुमार ने नप के कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन सौंपा है। संवेदक ने संविदा के तहत निर्धारित किये गये बस पड़ाव स्थलों पर सुविधाओं का अभाव रहने सहित यात्री वाहनों का निर्धारित स्थान पर नही लगाये जाने से टैक्स वसूली में कमी होने का हवाला दिया है।
इधर नप के कार्यपालक पदाधिकारी गिरिजानंद कापरी ने कहा कि संवेदक द्वारा सौंपे गये आवेदन को बोर्ड की बैठक में रखा जायेगा। जहां किसी प्रकार का अंतिम निर्णय लिया जायेगा। संविदा के तहत नप क्षेत्र के सुभाष चौक स्थित निर्माणाधीन बस पड़ाव, काली मेला के समीप स्थित कन्या उच्च विद्यालय के समीप स्थित बस पड़ाव के लिये इन स्थलों के समीप यात्री वाहनों से टैक्स की वसूली की जानी है। आवेदक में कहा गया है कि इन बस पड़ावों पर न तो शौचालय है, नहीं यात्री शेड और स्वच्छ पेयजल की सुविधा बस पड़ाव प गिट्टी बालू का व्यापार करने वालों का अतिक्रमण है। कन्या उच्च विद्यालय के पास वाहन का ठहराव हीं नही होता है। ऐसे में आर्थिक नुकसान की बात संवेदक द्वारा कही गई है।

अररिया बाजार में सार्वजनिक शौच स्थलों की किल्लत


अररिया : यदि आप अकेले या घर की महिलाओं के साथ न्याय पाने के लिये अदालत परिसर या खरीददारी के लिये अरयिया बाजार जा रहे है तो जरूर जाईये। परंतु ध्यान रहे, कहीं अचानक मल-मूत्र त्यागने की जरूरत पड़े तो आपको परेशानी उठानी पड़ सकती है।
जिला मुख्यालय स्थित एक-दो स्थानों को छोड़ जहां आपकों सार्वजनिक शौचालय ढूंढने को भी नही मिलेंगे। वही मूत्रालय के नाम पर कोई ठिकाना शायद ही आपकों मिल पाये। उसमें भी यदि महिलायें साथ में हो तो आपकी बेईज्जती तय है। जिसके लिये आपकों अररिया के बाजार में लोगों की नजरे बचाकर कोई दुकान या सरकारी दीवालों के कोना खोजना पड़ सकता है या अदालत परिसर में बनें उंची दीवाल हो या खुले आसमान। हालांकि अदालत परिसर में हाल के दिनों में शौचालय बना तो है, लेकिन ऐसे स्थानों पर बना है जहां दूर-दराज से पहुंचे ग्रामीण हो या शहर के बाबू। उनकी नजरे नही पड़ती। वह भी यह शौचालय जहां अपनी रख-रखाव का संकट झेल रहा है, तो इसका मेटनेंस लोगों को अपनी ओर नही खींच पा रहा है। मुवाक्किलों की सदा शिकायत रहती है कि शौचालय बंद पड़ा है या उसमें पानी की किल्लत।
उधर मुत्रालय के नाम पर कोई स्थाई स्थान यहां नही है। प्रति दिन हजारों लोगों की आवाजाही का यह प्रमुख केन्द्र के लोग मूत्र त्याग की तलब पर लोगों की नजरें बचा हाजत खाना के समीप हो या अदालत भवन के दीवालों के इर्द गीर्द या कहिये चाहरदीवारी की आड़ में कोने की तलाश लेकर इस संकट से छुट कारा पा रहे हैं। उसमें महिलाओं की स्थिति क्या हो सकती है खूद समझ सकते हैं।
यही स्थिति अररिया बाजार की है। आप अपने बाल-बच्चों के साथ हो या अकेले गये हो। मल-मूत्र त्यागने की संकट असहनीय मानिये। खैर मनाईये हाइस्कूल प्रशासन को। जहां स्थानीय दुकानदार हो या बाजार आये आम लोग। चुपके अपनी आदत बनाये स्कूल के मुख्य गेट होते घूसते हैं तथा इस प्रागंण ें अपना मूत्र त्याग राहत के साथ बाहर निकलते है। अन्य कोई सार्वजनिक शौचालय बाजारों में अनुपलब्ध है।
वैसे सामाहरणालय प्रागंण में शौचालय तो है, लेकिन इसके मेन गेट पार कर शाम ढलते वहां जाना दुभर है। यही स्थिति अररिया बस स्टेंड व जीरो माइल स्टेंड की भी मानिये। जो अत्यंत जर्जर व वर्षो पूराने है। जहां जाकर मल-मूत्र त्यागना बड़ी बीमारी के साथ देना कहा जाता है। प्रबुद्ध जनों का कहना है कि नागरिक सुविधा के नाम पर इन स्थानों का नाम लेना यानि रोंगते सिहर जाना है। यह स्थिति एक बड़ी भयावक कल्पना की ओर जहां इशारा करती है, वहीं सरकारी सभी दावों के विपरीत जिला मुख्यालय स्थित कचहरी व कार्यालयों में काम निपटाने पहुंचने वाले लोग हो या बाजार घरेलू सामान खरीददारी करने वाले हर बाबू। हर लोग इस आपाधापी के युग में इन कार्यो के निष्पादन के लिये भारी संकट झेल रहे हैं।

फारबिसगंज गोलीकांड: न्यायिक जांच आयोग की टीम पहुंची अररिया


अररिया : फारबिसगंज पुलिस गोलीकांड की जांच करने शुक्रवार की देर संध्या न्यायिक जांच आयोग की टीम अररिया पहुंच गयी है। टीम में आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति(सेनि) माधवेंद्र शरण तथा सचिव सह जिला एवं सत्र न्यायाधीश(सेनि) एसएम नसीमउद्दीन शामिल हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार वे अररिया में रात्रि विश्राम करेंगे तथा शनिवार को घटनास्थल का निरीक्षण करने फारबिसगंज जायेंगे जहां वे गोलीकांड में मारे गये लोगों के परिजनों व घायलों से मुलाकात कर उनका बयान दर्ज करेंगे। ज्ञात हो कि फारबिसगंज स्थित बियाडा की जमीन पर निर्माणाधीन स्टार्च फैक्ट्री में गत तीन जून को रास्ते की मांग कर रहे भजनपुर के आक्रोशित ग्रामीणों पर पुलिस फायरिंग हुई थी, जिसमें एक बच्चा समेत चार लोगों की मौत हो गयी थी तथा आधा दर्जन लोग जख्मी भी हुए थे।
विपक्ष द्वारा इस मामले को तूल दिये जाने के बाद इसकी जांच को ले एक आयोग का गठन किया था।
आयोग के अध्यक्ष अवकाश प्राप्त न्यायमूर्ति माधवेंद्र शरण व सेवानिवृत जिला न्यायाधीश एस एम नसीमुद्दीन की टीम पहली बार जांच के लिए यहा पहुंची है। मालूम हो कि इससे पूर्व मानवाधिकार आयोग और अल्पसंख्यक आयोग की टीम भी फारबिसगंज पहुंचकर मामले की जांच कर चुकी है।

भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी पर नहीं लग पा रहा लगाम

फारबिसगंज (अररिया) : भारत नेपाल सीमा पर कड़ी चौकसी के दावों के बावजूद तस्करी का धंधा रूकने का नाम नहीं ले रहा है। विभिन्न नेपाली सामानों की तस्करी कर भारतीय बाजारों में पहुंचाने का कार्य जारी है। सीमा पर तैनात एसएसबी तथा कस्टम के द्वारा आये दिन सुपाड़ी सहित प्रशाधन व वस्त्र आदि तस्करी के सामानों की बरामदगी की जा रही है। बावजूद तस्करों की सक्रियता कम होने का नाम नहीं ले रही है। पिछले कुछ माह के दौरान फारबिसगंज के विभिन्न स्थानों पर एसएसबी तथा कस्टम की संयुक्त छापेमारी में लाखों रुपये मूल्य के नेपाली सुपाड़ी की बरामदगी हुई है। वहीं जोगबनी-कटिहार रेलखंड पर भी ट्रेनों में छापेमारी में सुपाड़ी, गुटखा सहित अन्य नेपाली वस्तुओं की बरामदगी हुई है। पिछले दिनों कटिहार जा रही एक सवारी गाड़ी से कस्टम के एसी एवं सुपरींटेंडेंट के नेतृत्व में की गई छापेमारी में हिरण की छाल एवं एक हजार रुपये की कोरियन नोट की बरामदगी ने अंतराष्ट्रीय स्तर पर हो रही तस्करी के प्रमाण भी मिले हैं। जानकारों की मानें तो विभागीय तालमेल में कमी व सूचनातंत्र की कमजोरी का लाभ तस्कर उठाने में सफल हो रहे हैं जिस कारण इस क्षेत्र में तस्करी पर रोक नहीं लग पा रही है। इधर कस्टम के प्रमंडलीय सहायक आयुक्त शिव शंकर ने कहा है कि विभाग तस्करी को जड़ से मिटाने के लिए सक्रियता के साथ कार्य कर रही है तथा इसमें सफलता भी मिलती नजर आ रही है।

कभी आर्थिक रूप से सबल रहा व्यापार मंडल आज हो गया है निष्क्रिय


रानीगंज (अररिया) : सरकार की घोषणा के बावजूद रानीगंज व्यापार मंडल का भाग्य अभी तक नहीं बदल पाया है। कभी आर्थिक रूप से काफी सबल रहा यहा का व्यापार मंडल आज अपनी किस्मत पर आंसू बहा रहा है। प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित ध्वस्त कार्यालय भवन व गोदाम अपनी स्थिति खूद बयां कर रहा है। व्यापार मंडल एवं पैक्स का कामकाज ठप्प रहने से सबसे ज्यादा नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार चार दशक पूर्व आस्तित्व में आया रानीगंज व्यापार मंडल 80 के दशक तक बखूबी कार्य कर रहा था। इस व्यापार मंडल में किसानों के खाद बीज के साथ-साथ अन्य व्यवसायिक कार्य भी होता था। कहते हैं इस व्यापार मंडल को खूद की एचएमटी घड़ी सहित अन्य कई एजेंसी थी जिसका विपणन यहां किया जाता था। इस व्यापार मंडल के अधीन कई पैक्स एजेंसी भी कार्य करती थी और पूरे प्रखंड के कृषकों को यहां खाद-बीज मुहैया कराया जाता था। यही नही किसानों के फसलों के भंडारण की भी सुविधा यहां थी। परंतु वर्तमान में इसके अस्तित्व पर हीं प्रश्नचिन्ह लग गया है। व्यापार मंडल के वर्तमान अध्यक्ष वकील सिंह सहित समिति के सदस्यों का कहना है कि आज इसकी कोई जमा पूंजी नहीं बची है तथा इसका
गोदाम सहित कार्यालय भवन ध्वस्त हो चुका है। विडंबना है कि इस क्षेत्र के विधायक रह चुके तत्कालीन सहकारिता मंत्री रामजी दास ऋषिदेव के कार्यकाल में भी इसका जीर्णोद्धार नहीं हो सका हालांकि उन्होंने इसका आश्वासन लोगों को दिया था। सुबे की वर्तमान सरकार ने सहयोग समितियों एवं पैक्सों को अस्तित्व में लाकर ग्रामीणों एवं किसानों के लिए कई विभिन्न तरह के कार्य करने की घोषणाएं लगातार कर रही है जिससे इस व्यापार मंडल के पुन: अस्तित्व में आने की आश जगी है।

योजना लाभ के लिए विकलांग खा रहा दर-दर की ठोकरें

अररिया : दो वर्षो से एक विकलांग योजना लाभ के लिए दर दर की ठोकरें खा रहा है किंतु उसकी सुनने वाला कोई नहीं है। कभी कार्यालय से उसका आवेदन ही गायब हो जाता है तो कभी उपर के अधिकारी जांच के लिए उसे पुन: उसी अधिकारी के पास भेज देते हैं जहां से उसे न्याय मिलने की उम्मीद ही नहीं होती। अररिया प्रखंड क्षेत्रान्तर्गत मदनपुर पश्चिम पंचायत के वार्ड न. 06 निवासी विकलांग अलीहसन एक बार गुरुवार को डीएम के जनता दरबार में पहुंच कर न्याय की गुहार लगायी। लेकिन विडंबना ही है कि एक बार फिर उसे एसडीओ कार्यालय ही भेज दिया गया जबकि एक बार पहले भी उसका आवेदन उक्त कार्यालय से गायब हो चुका है। विकलांग अलीहसन की शिकायत थी कि दो जुलाई को ही योजनाओं के लाभ के लिए एसडीओ को उसने आवेदन दिया था पर गुम कर दिया गया। गुरुवार को जनता दरबार में जन शिकायत कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी ने उनके शिकायत को एसडीओ के समक्ष स्थानांतरित करते हुए 13 अगस्त तक रिपोर्ट मांगी है।

तोड़फोड़ मामले में एक नामजद सहित दस के खिलाफ मामला दर्ज


फारबिसगंज(अररिया) : बिजली बिल में की गयी बढ़ोत्तरी के विरोध में विद्युत उपभोक्ताओं द्वारा फारबिसगंज पावर सब स्टेशन स्थित कार्यालय परिसर में शुक्रवार को किये गये हंगामा तथा तोड़फोड़ मामले में विभाग की ओर से एक नामजद सहित करीब दस अज्ञात के खिलाफ फारबिसगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी। विद्युत विभाग के एसडीओ मो. इमरान के द्वारा यह प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। जिसमें फारबिसगंज के बंगाली टोला निवासी सुबोध मित्रा सहित दस अज्ञात लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, कार्यालय कर्मचारी को गाली गलौज करने तथा हंगामा करते हुए कार्यालय के काउंटर का शीशा तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है।

नोडल पदाधिकारी ने किया सदर अस्पताल का निरीक्षण

कुसियारगांव (अररिया) : राज्य स्वास्थ्य समिति पटना के नोडल पदाधिकारी रामरतन प्रसाद ने शुक्रवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। श्री रतन ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से पूछताछ की तथा व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने लेबर रूम में रखे दवा व चेक लिस्ट भी देखा साथ ही गहन चिकित्सा कक्ष, एड्स, व ब्लड बैंक का भी निरीक्षण किया। वहीं श्री रतन ने अस्पताल प्रबंधक को लेवर रूम में महिला चिकित्सक को प्रतिनियुक्त करने की बात कही। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात डा. एस के सिंह, डा. सुर्दशन झा से भी जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधक विकास कुमार आनंद को व्यवस्था में सुधार के लिए कई निर्देश दिये।

शिविर में नहीं खुल पाया लाभुकों का खाता

कुसियारगांव (अररिया) : आदर्श ग्राम पंचायत गैयारी अंतर्गत मध्य वि. गैयारी में शुक्रवार को लगे शिविर में अत्यधिक भीड़ के कारण वहां से संबंधित प्रखंड व बैंक कर्मी खिसक गये जिससे किसी लाभुक का खाता नहीं खुल पाया। बताया गया है कि जैसे ही शिविर की कार्रवाई शुरू हुई अचानक वहां ग्रामीणों का हुजूम जमा हो गया तथा सभी खाता खोलने की जिद करने लगे जिससे वहां अफरा तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। जिस कारण पंचायत सचिव इंद्रकांत मिश्र व युको बैंक के शाखा प्रबंधक आदि वहां से खिसक गये जिससे किसी का खाता नहीं खुल पाया। इस संबंध में मुखिया पति मो. मसूद आलम ने बताया कि शिविर में काफी संख्या में बिचौलिये पहुंच गये जिस कारण व्यवस्था चरमरा गयी। जबकि शिविर में 130 लाभुकों का खाता खोला जाना था।

बढ़े बिजली बिल के विरोध में उपभोक्ताओं का हंगामा




फारबिसगंज(अररिया) : बिजली बिल में मनमानी राशि जोड़ने व विभिन्न शिकायतों पर कार्रवाई नही करने का आरोप लगाते हुए विद्युत उपभोक्ताओं ने शुक्रवार को फारबिसगंज बिजली आफिस के बाहर जमकर हंगामा किया। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने कार्यालय के काउंटर के खिड़की के शीशे तोड़ डाले। इसके बाद कार्यालय के कर्मचारी कार्यालय बंद कर भाग खड़े हुए। इधर विद्युत उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बिजली के बिल की राशि काफी बढ़ाकर भेजी गई है। जिसका विरोध सभी उपभोक्ता कर रहे थे। वहीं, विभागीय कर्मचारी द्वारा बढ़े हुए बिजली बिल के बारे में किसी तरह की जानकारी भी नही दी जा रही थी।
एक उपभोक्ता ने बताया कि एक तो बिल समय पर नही मिलता और शिकायत करने पर कार्रवाई तक नही होती है। वहीं एक अन्य उपभोक्ता मो. जहांगीर ने कहा कि मीटर की रीडिंग भी करने कोई नही आता है। जबकि अमर लाल, धर्मेन्द्र कुमार, मो. असलम, प्रमोद आदि ने कहा कि समस्याओं से संबंधित आवेदन देने के बाद भी अधिकारी द्वारा कार्रवाई नही की जा रही है।
इधर विद्युत कार्यपालक अभियंता सीताराम सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा हीं फ्यूल सरचार्ज की राशि बिल में अतिरिक्त जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यालय के समक्ष हंगामा एवं तोड़-फोड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।

जदयू की बैठक में संगठन की मजबूती पर चर्चा

फारबिसगंज (अररिया) : जदयू के जिला संगठन प्रभारी सह प्रदेश महासचिव आलोकव‌र्द्धन की उपस्थिति में शुक्रवार को स्थानीय पटेल चौक स्थित प्रदीप साह के आवास पर कार्यकर्ताओं की एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें संगठन की मजबूती, अभियान तथा आगामी वृक्षारोपण कार्यक्रम पर विमर्श किया गया। बैठक में हस्ताक्षर अभियान में सहयोग के लिये आम लोगों तथा कार्यकर्ताओं के प्रति आभार प्रकट किया गया। कार्यक्रम में युवा जदयू जिलाध्यक्ष रमेश सिंह, प्रदीप साह, पवन मिश्रा, पिंटू यादव, रविन्द्र पासवान, राजू पासवान, रामानंद ठाकुर, इंद्रानंद, मीना झा, शिवजी भगत, नरेश राम, आशिष पटेल, मजहर आलम, अन्ना अंसारी आदि मौजूद थे।

अपराधियों ने लूटी मोटर साइकल व नगदी


बथनाहा(अररिया) : बथनाहा वीरपुर मार्ग पर सुरसर कटान के निकट गुरुवार की देर संध्या सशस्त्र अपराधियों ने दो मोटर साइकल सवारों के साथ लूटपाट की। लुटेरों ने पिस्तौल दिखा कर मोटर साइकल व नकदी भी छीन ली।
मोटर साइकल सवार नीतीश कुमार दास व अजीत कुमार दास ने फुलकाहा थाना में दिये गये आवेदन में बताया है कि वह अपनी नई हीरो होंडा पैसन प्रो मोटर साइकल पर नरपतगंज से सीतापुर अपने घर जा रहे थे कि सुरसर कटान के निकट करीब डेढ़ दर्जन सशस्त्र अपराधियों ने उन्हें रोका तथा हथियार का भय दिखाकर नगद चौदह हजार रुपये, दोनों की मोबाइल एवं मोटर साइकल लूट ली।
इधर, सूचना मिलने पर फुलकाहा थानाध्यक्ष दिलीप कुमार ने घटना स्थल का मुआयना कर मामले की छानबीन की। शुक्रवार की सुबह फारबिसगंज के एसडीपीओ विकास कुमार ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन की है तथा फुलकाहा एवं नरपतगंज थाना पुलिस को कई जरूरी निर्देश दिये।

शिविर का आयोजन

रेणुग्राम (अररिया) : विशेष अभियान के तहत इंदिरा आवास योजना अंतर्गत बीपीएल परिवारों को पक्का मकान बनाने हेतु कोटिवार लभार्थियों का चयन, शपथ पत्र, फोटोग्राफी आदि आवश्यक कार्यक्रम के अनुसार तिरसकुंड में त्रिदिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में श्रम प्रर्वत्तन पदाधिकारी नुनुलाल चौधरी, न्यायमित्र विनोद कुमार झा, ताराचंद पासवान, सुधा बाबू आदि उपस्थित थे।

बैठक कल

रेणुग्राम (अररिया) : लंबित मानदेय व छात्रवृत्ति आदि को लेकर रविवार को राष्ट्रीय बाल श्रमिक विशेष विद्यालय कर्मियों की एक बैठक आयोजित की जायेगी। इसकी जानकारी संघ के जिलाध्यक्ष अनिल मिश्रा ने दी।

अभिलेख के अभाव में पंस की बैठक स्थगित

भरगामा (अररिया) : अभिलेख के अभाव में शुक्रवार को आयोजित पंचायत समिति की बैठक स्थगित करनी पड़ी। मालूम हो कि निर्धारित कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को प्रखंड सभा भवन में नवनिर्वाचित समिति सदस्यों की पहली बैठक बुलायी गयी थी किंतु बीडीओ मणिमाला द्वारा पूर्व की बैठकों के अभिलेख उपलब्ध नही कराये जाने के कारण बैठक स्थगित कर दी गयी। मौके पर मौजूद विधायक देवयंती यादव ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को पूर्व के अभिलेख उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं नवनिर्वाचित प्रखंड प्रमुख दिव्य प्रकाश यादवेंदु ने भी कार्यशैली में सुधार लाने को कहा।

Friday, July 29, 2011

देश भर के कर्मचारी करेंगे पेंशन बिल का विरोध: मंजुल


अररिया : अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ समान विचार वाले संगठनों के साथ मिल कर पेंशन बिल की वापसी व अन्य मुद्दों पर संघर्ष करेगा। यह बात संगठन के राष्ट्रीय सचिव मंजुल कुमार दास ने शुक्रवार को संघ भवन में आयोजित एक प्रेस वार्ता में कही। मौके पर अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मी कांत झा, महामंत्री राजकिशोर राय, संयुक्त मंत्री सुरेंद्र चौधरी व अन्य नेता भी मौजूद थे।
राष्ट्रीय सचिव ने कहा कि पेंशन बिल (पीएफआरडीए) कर्मचारियों के हित में नहीं है तथा सरकार जानबूझ कर इसे थोपना चाहती है। वर्ष 2003 के बाद इस साल मार्च में इसे दोबारा लाया गया है। जबकि पूरे भारत के कर्मचारी इस बिल का विरोध करते आ रहे हैं। इसके विरोध में संपूर्ण देश के कर्मचारी एकजुट हैं तथा इस संबंध में संसद मार्च के अलावा राष्ट्रपति को एक करोड़ कर्मचारियों व आम जन के हस्ताक्षर शीघ्र सौंपे जायेंगे।
कर्मचारी नेता ने कहा कि वे प्रदेश सरकार से विभिन्न हड़ताल अवधि का सामंजन अर्जित अवकाश आदि में करने की भी मांग करते हैं।
इससे पहले महासंघ की जिला कार्यकारिणी की विशेष बैठक आयोजित की गयी। इस बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जटाशंकर सिंह व संचालन जिला मंत्री सुभाषचंद्र झा ने किया। बैठक में चार अगस्त को जिला मुख्यालय पर प्रदेश व्यापी धरना, बीस सितंबर को बिहार बंद सहित अन्य आंदोलनात्मक कार्यक्रम की सफलता को ले व्यापक रूप से विचार विमर्श किया गया।
इस अवसर पर समस्तीपुर के जिलाध्यक्ष रामसेवक महतो, प्रमंडलीय मंत्री दयानंद सिंह, अनुसचिवीय कर्मचारी संघ के जिला मंत्री अनंत झा, राजस्व कर्मचारी संघ के जिला मंत्री अमरनाथ सिंह, रमानंद मेहता, वीरेंद्र झा, जयप्रकाश पासवान, दीपाली नायक, राजेश कुमार आदि उपस्थित थे।

शिक्षकों ने किया शिक्षक चेतना मंच का गठन

फारबिसगंज (अररिया) : राशि निकासी में अनियमितता बरते जाने का आरोप निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी पर प्रखंड के प्राथमिक तथा मध्य विद्यालय में कार्यरत नियमित शिक्षकों ने लगाया है। शिक्षकों ने इस संबंध में एक शिकायत पत्र फारबिसगंज एसडीओ को प्रेषित कर जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही शिक्षकों ने शिक्षक चेतना मंच का गठन कर अनियमितता के विरुद्ध संघर्ष का निर्णय लिया है। आवेदन में शिक्षक सिराजुद्दीन, राम कुमार सिंह, दूर्गानंद साह, श्यामनंद साह, अनुज कुमार दास, नीरज कुमार, मीरा राका, राजेन्द्र पासवान सहित एक दर्जन शिक्षकों ने थाना मध्य विद्यालय के हेडमास्टर एवं सह डीडीओ सहित अन्य पर वेतन एवं भत्ते की राशि की निकासी में अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाया है। आवेदन की प्रति डीईओ एवं बीईओ को भी प्रेषित किया गया है।

मवेशी चराने को लेकर मारपीट, मां-बेटी जख्मी

फारबिसगंज (अररिया) : प्रखंड के सिमराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर कोठी गांव में मवेशी चराने को लेकर हुए विवाद में गुरुवार को दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। जिसमें जनार्दन मेहता की पत्‍‌नी जानकी देवी (40) तथा उनकी पुत्री चुन्नी देवी (19) बुरी तरह जख्मी हो गयी। घायलों को फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों के सिर पर गंभीर जख्म के निशान हैं। घायलों ने बताया कि उनके रिश्तेदार बद्री मेहता की गाय उनकी खेत में लगे फसल को खा रही थी। जिसे देखने पर चुन्नी देवी ने गाय को पकड़कर अपने दरवाजे पर बांध दिया। इसी बात को लेकर हुए विवाद में बद्री मेहता, लाल देवी, शिव नारायण सहित अन्य लोगों के द्वारा घर में घुसकर मां-बेटी के साथ मारपीट किया तथा लोहे की रड से प्रहार कर घायल कर दिया।

नानू बाबा की महादंडप्रणाम यात्रा आज से

अररिया : ऐतिहासिक मां खड़गेश्वरी काली मंदिर सह बाबा खड़गेश्वर नाथ मंदिर के साधक स्वामी सरोजानंद दीक्षित उर्फ नानू बाबा की महादंडप्रणाम यात्रा शुक्रवार से शुरू होगा। प्रत्येक वर्ष सावन माह में नानू बाबा इस महादंडप्रणाम यात्रा पर निकलते हैं। यह यात्रा का समापन 06 अगस्त को होगा। श्री नानू बाबा के अनुसार सावन माह में होने वाली यात्रा का यह 25वां वर्ष है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सिल्वर जुबली यात्रा को विशेष रूप से किया जाएगा। काली मंदिर व बाबा मंदिर से निकलकर बाबा जलेश्वरनाथ मंदिर का दर्शन कर, फिर नदी किनारे महावीर मंदिर जायेंगे। उनका शुक्रवार को रात्रि विश्राम ब्राह्माण टोला में होगा। नानू बाबा इससे पूर्व पटना, दिल्ली की धरती पर भी महादंडप्रणाम यात्रा कर चुके हैं।

भूमि विवाद को ले मारपीट

पलासी (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के करोड़ दिघली गांव में भूमि विवाद को ले दो पक्षों के बीच मारपीट हो गयी। मो. अजीमुद्दीन ने इस संबंध में मारपीट व छिनतई का आरोप लगाते हुए पलासी थाना में एक नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है जिसमें गांव के ही असलम, अफसर, अनवर, जावुल, जवादुल सहित दस व्यक्तियों को अभियुक्त बनाया है।

दहेज के लिए दो महिलाओं की हत्या, प्राथमिकी


सिकटी (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के खोरागाछ पंचायत अंतर्गत बगुला डोगी गांव में दहेज दानवों की फिर हत्या की। मृतका के पिता मो. अब्दुल्ला खां ने सिकटी थाना में मामला दर्ज कर हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की गुहार लगायी। दर्ज प्राथमिकी में बगुलाडांगी निवासी अब्दुल्ला ने आरोप लगाया है कि उन्होंने अपनी लड़की नुरेफा की शादी खोरागाछ के ही मो. इजराइल पिता मो. युसुफ से करवायी। शादी के समय ही दान दहेज देकर लड़की को विदा किया था। लेकिन शादी के चार माह के बाद से ही बेटी पर मैके से एक मोटरसाइकिल व 50 हजार नकदी लाने को दवाब पड़ने लगा। मामले को लेकर कई बार पंचायत भी हुई।
बुधवार की शाम पति मो. इजराइल पिता मो. युसुफ, सास जुवैदा खातुन व देवर मो. जाकिर ने मिलकर नुरेफा खातुन को लाठी से मारपीट किया तथा गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इस मामले में मृतका के पति, ससुर, सास व देवर को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
वहीं सिकटी थाना केन्द्र के पड़रिया खान टोला में दहेज के कारण एक और विवाहिता की हत्या कर दी गयी। मृतका के भाई मो. कमरूद्दीन सिकटी थाना में थाना कांड संख्या 59/11 दर्ज किया है।

14 अगस्त को शहीदों की प्रतिमाओं पर होगा माल्यार्पण



फारबिसगंज (अररिया) : आगामी 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर गुरुवार को फारबिसगंज अनुमंडल कार्यालय सभागार में पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों, गणमान्य लोगों तथा राजनीतिक दलों के नेताओं की एक बैठक आयोजित की गई। प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पूर्व 14 अगस्त को शहर में विभिन्न चौक-चौराहों पर स्थापित शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करने का निर्णय लिया गया। जहां पर स्कूली बच्चे प्रभात फेरी निकालेंगे। 15 अगस्त को कृषि बाजार प्रागंण में अनुमंडल पदाधिकारी मुख्य समारोह में तिरंगा फहराएंगे। एसडीओ जीडी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आगामी नौ अगस्त को बच्चों के बीच चित्रांकन प्रतियोगिता, 10 अगस्त से 12 अगस्त तक बाजार समिति प्रागंण में स्कूली बच्चों के परेड की तैयारी, 15 अगस्त को प्रशासन तथा नागरिक के बीच फैंसी फुटबाल मैच कराने का निर्णय लिया गया। बैठक में फारबिसगंज एसडीपीओ विकास कुमार, इंस्पेक्टर फिरोज अहमद, जागरण कल्याण भारती के संजय कुमार, नप की मुख्य पार्षद वीणा देवी, आरपीएफ प्रभारी एहसान अली, बीईओ चंदन प्रसाद, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष अनिल सिंहा, डा. मंटू ठाकुर, एसएनपी गुप्ता, जदयू नेता रमेश सिंह, नौशाद आलम, स्वतंत्रता सेनानी रामानंद सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

मारपीट: तीन महिला सहित आठ जख्मी


कुसियारगांव (अररिया) सू: जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विभिन्न मामले को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में तीन महिला सहित आठ लोग जख्मी हो गये, जिन्हें इलाज के लिए गुरुवार को सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना अस्पताल प्रशासन द्वारा थाना भेज दी गयी है।
जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के पेकटोला गांव में बकाया रुपया मांगने के कारण रविना व पति शेराज की धुनाई कर दी गयी, वहीं महलगांव थाना क्षेत्र के फुलपुर गांव में बकाया रुपया मांगने के कारण गीता देवी को पीटकर जख्मी कर दिया गया, जबकि पलासी थाना क्षेत्र के दिगली गांव में पानी निकासी को लेकर मारपीट में दोनों पक्षों के अफसर आलम व अलीमुद्दीन जख्मी हो गये। चौथी घटना के तहत बौसी थाना क्षेत्र के छतियौना गांव में भूमि विवाद को लेकर बीबी जूलेखा व नौशाद को पिटाई की गयी।

ट्रेन से तस्करी का समान बरामद

फारबिसगंज (अररिया) : सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन से कस्टम ने बुधवार की देर संध्या फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर हजारों रु. मूल्य के तस्करी का इंची-टेप बरामद किया। जबकि तस्कर फरार हो गये। उक्त सामान नेपाल से जोगबनी बार्डर के माध्यम से चोरी-छुपे भारतीय क्षेत्र में लाया गया था। छापामारी टीम में कस्टम इंस्पेक्टर सुरेन्द्र पासवान व अन्य अधिकारी शामिल थे।

सात केन्द्रों पर पात्रता परीक्षा फार्म लेने की प्रक्रिया शुरू


अररिया : बिहार प्रारंभिक शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए बिक्री किये गये 49 हजार से अधिक आवेदन संबंधित केन्द्रों पर प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। अररिया अनुमंडल के चार तथा फारबिसगंज के तीन केंद्रों पर फार्म जमा हो रहा है। जिला मुख्यालय के उच्च विद्यालय, बालिका उच्च विद्यालय आजाद एकेडमी, महात्मा गांधी स्मारक उच्च विद्यालय आरएस व फारबिसगंज के बीडीओ बालिका उच्च विद्यालय, प्लस टू ली एकेडमी तथा शांति देवी धीर नारायण उच्च विद्यालय के काउंटरों पर फार्म लिया जा रहा है। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि फार्म 6 अगस्त तक लिये जायेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि ओवरराइटिंग, व्हाईटनर वाले तथा मुड़े हुए ओएमआर सीट नहीं लिए जायेंगे।

पुलिस मेन्स एसोसियेशन का चुनाव संपन्न

अररिया : पुलिस मेन्स एसोसियेशन शाखा अररिया का चुनाव गुरुवार को पुलिस लाइन में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। चुनाव परिणाम देर रात तक आने की संभावना है। मौके पर मुख्य चुनाव पर्यवेक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि चुनाव के निर्धारित समय तक कुल 416 मतदाताओं में 377 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। संध्या के सात बजे से मतगणना कार्य संपन्न कराया जायेगा। देर रात तक चुनाव परिणाम घोषित कर दिये जायेंगे। उन्होंने बताया कि कुल सात पदों के लिये चुनाव कराये गये हैं। जिनमें अध्यक्ष पद के लिये अजय कुमार सिंह एवं जय कुमार यादव दावेदार हैं। मौके पर पर्यवेक्षक ओम प्रकाश सिंह, रामाकांत यादव, सहायक पर्यवेक्षक प्रदीप कुमार वर्मा एवं जय राम राय मौजूद थे। जबकि सुरक्षा का जिम्मा आरक्षी निरीक्षक अनिल कुमार एवं सुबेदार हरिद्वार शर्मा के जिम्मे था।

अररिया: शिव सर्किट के विकास की असीम संभावना


अररिया : जिले में सड़क सुविधाओं के विकास से पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की संभावनाएं बढ़ी हैं। इस दिशा में सरकारी स्तर पर हालांकि कुछ नहीं हो रहा, पर निजी टूर आपरेटरों ने संभावनाओं की तलाश शुरू कर दी है।
जिले से गुजरने वाली ईस्ट वेस्ट कारीडोर की फोरलेन सड़क पर नेपाल के विश्वविख्यात पशुपतिनाथ महादेव के दर्शन को धार्मिक पर्यटकों का काफिला लगातार नजर आने लगा है।
काशी में विश्वनाथ, देवघर में वैद्यनाथ और नेपाल में पशुपतिनाथ के बीच का त्रिकोण ऐतिहासिक व्रात्य क्षेत्र
है और वेद में व्रातस्तोम यज्ञ के समावेश के साथ ही इसी त्रिकोण के मध्य देवाधिदेव महादेव की पूजा का रहस्य भी
छिपा है। सावन के महीने में पूरी दुनिया से लाखों पर्यटक देवघर व बासुकीनाथ में शिव आराधना व जलाभिषेक को पहुंचते हैं। निजी टूर आपरेटरों ने इस प्रवृति को पहचान कर शिव स्थलों के भ्रमण-पर्यटन का आकर्षक पैकेज निकाला है।
अररिया के एनएच टाल प्लाजा पर पशुपतिनाथ की यात्रा पर जा रहे यूपी बलिया व देवरिया के पर्यटकों ने बताया कि उन्होंने बाबा अजगैबीनाथ के दर्शन पूजन के साथ ही शिवधाम भ्रमण की जो शुरूआत की वह देवघर, बासुकीनाथ में दर्शन पूजन के बाद पशुपतिनाथ व अंत में बाबा विश्वनाथ के पूजन के साथ संपन्न होगी।
इधर, अररिया में भी कई आपरेटर सुल्तानगंज से बाबाधाम, बासुकीनाथ होते हुए कहलगांव के बटेश्वरनाथ, मदनपुर के मदनेश्वर तथा सुंदरी मठ के बाबा सुंदरनाथ दर्शन पूजन का पैकेज निकाल रहे हैं। लेकिन इन यात्राओं का नकारात्मक पहलू यह है कि इनके साथ सरकार व प्रशासन का प्रोत्साहन तथा संरक्षण नगण्य ही है।

आंगनबाड़ी केन्द्रों में घपले का खुलासा बना चर्चा का विषय

जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड के प्रसादपुर में हुए सोशल आडिट के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में खुलकर हो रही अनियमितता की पोल खुलने के बाद आम लोगों के बीच यह चर्चा का केंद्र बन गया है। लोगों के बीच यह सवाल बार बार उभर कर सामने आ रहा है कि क्या आडिट के दौरान सामने आये घपले के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी या फिर सब कुछ पुराने ढ़र्रे पर ही चलेगा। वहीं प्रखंड में यह भी चर्चा है कि एक पंचायत के सभी केन्द्रों में जब अनियमितता सामने आयी है तो प्रखंड के अधिकांश केन्द्रों में बच्चों को दी जाने वाली टीएचआर एवं पोषाहार में व्यापक गड़बड़ी की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है। जनजागरण संगठन द्वारा सोमवार को प्रसादपुर पंचायत के आंगनबाड़ी केन्द्रों का कराये गये सोशल आडिट ने कुव्यवस्था की पोल खोल दी है। आडिट के दौरान केन्द्रों की बदहाली के लिए सेविकाओं ने सीडीपीओ को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्यालय पर प्रति माह एक हजार रुपये बतौर नजराना लेकर बिल पास करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में अनियमितताओं की शिकायत के बाद भी संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण पूछा जायेगा अथवा मामले को रफा-दफा कर दिया जायेगा। प्रसादपुर के ग्रामीणों का कहना है कि आजतक इसके विरुद्ध विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।

बच्चा नहीं होने पर पत्‍‌नी ने की दूसरी शादी, गिरफ्तार


कुसियारगांव (अररिया) : पत्‍‌नी के बच्चा नहीं जनने पर पति द्वारा दूसरी शादी कर लेने की घटनाएं अक्सर प्रकाश में आती रहती है लेकिन यहां उल्टा ही हुआ है। रानीगंज थाना क्षेत्र के बगुलाहा टोला नगराही में एक विवाहिता ने बच्चे नहीं होने का ठिकरा अपने मर्द पर जड़ते हुए दूसरी शादी रचा ली। हालांकि पति द्वारा स्थानीय थाना में अपनी पत्‍‌नी को भगा ले जाने की प्राथमिकी दर्ज करा दी। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के लिए गुरुवार को सदर अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार रानीगंज
थाना क्षेत्र के बगुलाहा टोला नगराही के गणेश सहनी की शादी तीन साल पहले मीना देवी काल्पनिक नाम के साथ हुई थी। इस बीच दोनों को एक भी संतान नहीं हुआ। जिसके बाद मीना ने गांव के ही देवेन्द्र सहनी से मंदिर में विवाह रचा लिया। हालांकि उसके पति गणेश ने देवेंद्र पर अपनी पत्‍‌नी को भगा ले जाने का मामला दर्ज करा दिया। जिसके बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के लिए भेजा है। जबकि पहले पति गणेश सहनी पत्‍‌नी के इंतजार में दूसरी शादी नहीं की है।

आडिट को पहुंची राज्य स्वास्थ्य समिति की टीम


जोकीहाट (अररिया) : रेफरल अस्पताल जोकीहाट में गुरुवार को राज्य स्वास्थ्य समिति पटना के वरीय लेखा पदाधिकारी के नेतृत्व में पहुंचे आडिट दल ने महत्वपूर्ण फाइलों की जांच की। जांच के दौरान आय-व्यय सहित बाल जननी सुरक्षा, परिवार नियोजन आदि फाइलों का लेखा-जोखा संबंधी जानकारी ली गई। जांच के दौरान स्वास्थ्य प्रबंधक औवेश अहमद, गोपाल कुमार सहित अन्य अस्पताल कर्मी मौजूद थे।

आइजी ने किया बीओपी का निरीक्षण

बथनाहा (अररिया) : एसएसबी के आइजी (पटना रेंज) आदित्य मिश्रा बुधवार को देर संध्या बथनाहा स्थित 24वीं बटालियन के मुख्यालय पहुंचे तथा कई बीओपी का निरीक्षण किया। मुख्यालय में मौजूद 24वीं वाहिनी के सहायक सेनानायक ओकेन्द्रा सिंह ने बताया कि आईजी बीओपी के निरीक्षण उपरांत बीरपुर निकल गये। जहां वे शुक्रवार को इंडो-नेपाल अधिकारियों की समिति की बैठक में भाग लेंगे।

बीएसएनएल टेलीफोन उपभोक्ताओं को समय पर नहीं मिल रहा बिल

फारबिसगंज (अररिया) : एक ओर प्राइवेट टेलीकाम कंपनियां बिल के लिए समय से पहले ही उपभोक्तओं को विभिन्न माध्यमों से चेतावनी भेजना शुरू कर देते हैं वहीं बीएसएनएल उपभोक्ता यहां बिल के लिए तरस रहे हैं। समय पर बिल नहीं मिलने के कारण बीएसएनएल टेलीफोन उपभोक्ता समय पर बिल का भुगतान नहीं कर पा रहे हैं। किसी भी माह का बिल डेढ़ से दो माह विलंब से मिलता है। जिस कारण उपभोक्ताओं को बाद में बिलंब शुल्क के साथ बिल की राशि जमा करनी पड़ती है। वहीं बीएसएनएल के अधिकारियों का कहना है कि बिल वितरण की जिम्मेदारी डाक विभाग को दी गयी है। इधर, बीएसएनएल के अधिकारियों की उदासीनता और डाक विभाग की लापरवाही के कारण उपभोक्ता परेशान हैं। जिस कारण बीएसएनएल के टेलीफोन उपभोक्ताओं में कमी आई है। बड़ी संख्या में उपभोक्ता सेवा से निराश होकर अपना कनेक्शन कटवा चुके है।

मात्र दो चिकित्सकों के हवाले पौने दो लाख की आबादी का स्वास्थ्य

कुर्साकांटा (अररिया) : स्वास्थ्य सेवा को लेकर सरकार कई दावे कर रही है लेकिन कुर्साकाट में हकीकत दावे से बिल्कुल अलग है। कुर्साकांटा प्रखंड के पौने दो लाख की आबादी की स्वास्थ्य सेवा मात्र दो चिकित्सकों पर निर्भर है। प्रखंड मुख्यालय स्थित एक मात्र प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में केवल दो चिकित्सक ही पदस्थापित हैं। जिस कारण ओपीडी में मरीजों की रोज लंबी लाइन लगी रहती है। यूं तो ग्रामीण क्षेत्रों में उपस्वास्थ्य केन्द्र भी हैं परंतु चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी के अभाव में ये मात्र प्रतीक बनकर रह गये हैं। अस्पताल में कई तकनीकि उपकरण भी दिये गये हैं परंतु योग्य आपरेटर एवं स्वास्थ्य कर्मी के अभाव में वे भी बेकार पड़े हैं। आपात कालीन स्थिति में आज भी मरीजों को पूर्णिया अथवा अन्यत्र जाना मजबुरी बनी हुई है। इस ओर न तो सरकार और न ही प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान है।