Wednesday, February 15, 2012

गांवों सा परिदृश्य है वार्ड नं. छह का


अररिया : शहरी क्षेत्र होने के बावजूद पूरी तरह गांव जैसा परिदृश्य है वार्ड नंबर 6 के अररिया आरएस का। यहां के लोगों को ग्रामीण नहीं माना जाता है और न ही शहर की सुविधा प्राप्त है। नगर परिषद का यह सामान्य कोटि का वार्ड किसान बहुल है। शहर में होने के बावजूद यहां की 90 प्रतिशत लोग कृषि पर निर्भर हैं। इस वार्ड की कुल आबादी लगभग 2600 है जिसमें 1060 वोटर हैं। कुल बीपीएल परिवारों की संख्या 254 है जबकि 102 लोगों को अन्त्योदय योजना का लाभ मिल रहा है। बैजनाथपुर, मारूति टोला, सिंघल टोला एवं नया टोल जैसे कई छोटे छोटे टोले इस वार्ड में हैं। यहां के लोगों को न तो पर्याप्त बिजली की सुविधा प्राप्त है न ही सड़क की समुचित व्यवस्था। एक स्टेट ट्यूबवेल है जो लगभग बीस वर्षो से खराब पड़ा है। जिसे देखने सिंचाई विभाग का कोई कर्मचारी आज तक नहीं पहुंचा है। कृषि प्रधान इस वार्ड में सिंचाई की सुविधा नहीं है। जल निकासी के लिए एक भी नाला नहीं है। दिलचस्प बात यह है कि वार्ड के बैजनाथपुर स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय के एक ही कमरे में पांच वर्ग संचालित होते हैं। जहां बच्चे जानवरों की तरह पढ़ने को विवश हैं। वर्षो से स्कूल का नया भवन अर्ध निर्मित हालत में है। वार्ड वासी रमन कुमार यादव व रजत कुमार यादव ने बताया कि नगर परिषद में होने के बावजूद वे लोग मूलभूत सुविधा से वंचित हैं। वार्डवासी ललन कुमार ने बताया कि नगर परिषद के उपेक्षापूर्ण रवैये के कारण इस वार्ड का विकास नहीं हो पाया।
क्या कहते हैं वार्ड आयुक्त:- वार्ड आयुक्त शंकर यादव ने बताया कि पिछले पांच वर्षो में इस वार्ड को लगभग चालीस लाख रूपये प्राप्त हुए हैं जिससे दो पीसीसी सड़क बनाये गये हैं। कुछ सड़कें राशि के अभाव में नहीं बन पायी है। बिजली, स्वास्थ्य एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं होने की बात वार्ड आयुक्त ने स्वीकारी है।

एसएसए में लंबित योजनाओं के कागजात अधूरे


अररिया : जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव रंजन प्रसाद ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में सर्व शिक्षा अभियान के अभियंताओं के साथ बैठक कर अभियान के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान डीईओ ने पाया कि एसएसए के जेई व एई कभी भी किसी योजना की जांच के लिए नही जाते हैं। उन्होंने बैठक में कहा कि जेई अपनी आदत में सुधार लायें, वरना कार्रवाई तय है।
डीईओ ने वर्ष 09-10 व 10-11 के लंबित तकरीबन 200 योजनाओं के संचिका तैयार करने के लिए तिथि का निर्धारण भी किया। डीईओ ने बताया कि 16 फरवरी को जेई श्रीकांत विद्यार्थी, 17 फरवरी को मिथिलेश कुमार सिंह तथा 18 फरवरी को सुमन कुमार भारती संबंधित प्रखंड के तकनीकी पर्यवेक्षक के साथ संचिका तैयार करेंगे। डीईओ ने एसएसए डीपीओ व पीओ को भी योजना की जांच करने का निर्देश दिया। इस मौके पर लेखा एवं योजना डीपीओ बसंत कुमार, एसएसए डीपीओ विद्यानंद ठाकुर, पीओ प्रदीप कुमार सहित कई अधिकारी व इंजीनियर मौजूद थे।

जोगबनी से हो रहा सेक्स व्यापार का डील


- नेपाल तक फैला है मानव व्यापार का जाल
अररिया : ग‌र्ल्स ट्रैफिकिंग को लेकर भारत नेपाल का सीमावर्ती एरिया तस्करों के लिए काफी मुफीद रहा है। फारबिसगंज के रेड लाइट एरिया से बड़ी संख्या में लड़कियों के पकड़ में आने के बाद यह क्षेत्र एक बार फिर चर्चा में आ गया है, लेकिन फारबिसगंज की तरह क्षेत्र के अन्य जगहों पर भी सैक्स रैकेट के संचालक अपना ठिकाना बनाये हुए हैं। भारत-नेपाल के बार्डर पर स्थित जोगबनी में यह काला खेल धड़ल्ले से चल रहा है। यहां तो ग‌र्ल्स ट्रैफिकिंग की 'डील' तक होती है जहां से दूसरे महानगरों के लिए लड़कियां भी सप्लाई की जाती है।
एसएसबी ने भी इस संबंध में गुप्त सूचनाएं इकट्ठा की हैं। पूछे जाने पर 24वीं बटालियन के बथनाहा स्थित मुख्यालय के कमांडेंट एकेसी सिंह ने बताया कि उन्होंने जिला प्रशासन को इस संबंध में जानकारी दी है।
भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र का फारबिसगंज और जोगबनी शहरी क्षेत्र मानव व्यापार को लेकर हमेशा चर्चा में रहा है। हालांकि सामाजिक संस्थाओं, पुलिस, एसएसबी और प्रशासन के सहयोग से कई बार लड़कियों को रेसक्यू किया गया है। बावजूद धंधेबाजों पर पूरी तरह नकेल नहीं कसी जा सकी है।
सूत्रों से मिली सूचना के अनुसार जोगबनी व्यवसायिक इलाके के एक मकान में जहां जुएं और सेक्स का धंधा गुप्त तरीके से चलाया जा रहा है, वहीं लड़कियों को बाहर भेजे जाने की डील भी वहीं से होती है। बताया गया है कि उक्त मकान को तस्करों ने इसलिए चुना है, क्योंकि इसके निचले तल्ले पर व्यवसायिक प्रतिष्ठान चलते है। जिस वजह से हमेशा लोगों का यहां आना जाना लगा रहता है और लोगों को कोई शक नही होता। सूत्र बताते हैं कि धंधेबाजों ने इस कारोबार के लिए कोड वर्ड निर्धारित कर रखे हैं जिसके सहारे चुनिंदा लोग ही वहां तक पहुंच पाते हैं। पूरी तरह गुप्त तरीके से यहां मानव व्यापार के अलावा जुए का धंधा भी चल रहा है। इस संबंध में एसएसबी के पास भी काफी गुप्त सूचनाएं पहुंची है।
एसएसबी कमांडेंट एकेसी सिंह बताते हैं कि जोगबनी में सेक्स रैकेट चलाये जाने की जानकारी उन्हें मिली है। हालांकि उन्होंने बताया कि उन तक जो सूचनाएं पहुंची है उससे जिला प्रशासन को अवगत करा दिया है। ज्ञात हो कि तीन दिन पूर्व ही अररिया के तेज तर्रार एसपी शिवदीप लांडे ने फारबिसगंज स्थित रेड लाइट एरिया में छापामारी कर दो दर्जन से अधिक बालिग व नाबालिग लड़कियों को दलालों के चंगुल से मुक्त कराया था। छापामारी के बाद उन्होंने स्वीकार किया था कि इस सीमावर्ती क्षेत्र में मानव व्यापार का बड़ा रैकेट काम कर रहा है। जिसका जाल नेपाल तक फैला है। छापामारी के दौरान रैकेट का सरगना भागने में सफल रहा था। ऐसे में सीमावर्ती क्षेत्र में मानव व्यापार पर रोक के लिए बड़े अभियान की जरूरत है।

आशा कार्यकर्ताओं को दिया गया प्रशिक्षण

अररयिा : कौशल विकास को लेकर आशा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण शिविर का आयोजन मंगलवार को महिला कालेज अररिया में किया गया। ग्रामीण बाल एवं मानव विकास समिति के सौजन्य से आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में टीबी मरीजों का अधिकार, जिम्मेदारी, सामुदायिक सहभागिता एवं सरकार द्वारा संचालित डाट्स कार्यक्रम की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गयी। इस अवसर पर जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डा. मोईस, जिला समन्वयक शैलेष कुमार, आद्रा इंडिया के रूपेश रोशन, प्रोग्राम मैनेजर अरूण यादव, ग्राम स्वराज समिति के सचिव विश्वनाथ भगत आदि मौजूद थे।

अग्नि पीड़ितों के बीच राहत सामग्री वितरित



अररिया : पलासी पटेगना स्थित मंसूरी टोला के अग्नि पीड़ितों के बीच अररिया विधायक जाकिर अनवर के प्रतिनिधि महमुद रजा ने मंगलवार को सहायता सामग्री के रूप में साड़ी, लुंगी एवं नगद दो दो सौ रूपया वितरित किया है। मालूम हो कि अररिया प्रखंड के किस्मत खवासपुर पंचायत के मंसूरी टोला के अब्दुल कुद्दुस, मो. मुश्ताक, जियाउल हक एवं मो. इसराइल के घर शुक्रवार को जल गये थे। जिसमें हजारों की संपत्ति का नुकसान हुआ था। मौके पर लोजपा नेता खालिद हुसैन एवं तनवीर आलम आदि भी मौजूद थे।

डीजे ने किया कैंप कोर्ट


अररिया : पूर्णिया के जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजय कुमार ने मंगलवार को स्थानीय न्यायालय में कैंप कोर्ट कर कई मामलों की सुनवाई की।
कोर्ट के बाद उन्होंने न्यायिक अधिकारियों की बैठक में सम्मिलित होकर उन्हें कई दिशा निर्देश भी दिये।

25 हजार छात्राएं पहली बार पहनेंगी मुख्यमंत्री पोशाक


अररिया : बिहार राज्य के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सरकार द्वारा चालू की गई बिहार शताब्दी मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना का लाभ इस वर्ष जिले में नामांकित 25 हजार छात्राओं को पहली बार मिलेगा। वैसे स्कूल व कालेज के छात्राओं को भी पोशाक राशि दी जायेगी जो पहले वित्तरहित थे और जहां इस वक्त नौवीं से 12वीं तक की पढ़ाई हो रही है।
सरकार के इस कदम के बाद अब प्राथमिक स्तर की स्कूली बच्चियां ही पोशाक में नजर नही आयेंगी बल्कि माध्यमिक शिक्षा ग्रहण करने वाली छात्राएं भी मुख्यमंत्री पोशाक पहनकर स्कूल जायेंगी।
पहली बार चालू हो रही इस योजना मद में इस जिला को दो किस्त में कुल 2 करोड़ 44 लाख रुपया का आवंटन प्राप्त हो गया है। सरकार की मंशा साफ है कि महिला साक्षरता दर को बढ़ाना है। इसके लिए शिक्षा विभाग ने प्राथमिक शिक्षा के स्तर से ही पोशाक योजना चालू कर महिला साक्षरता को बढ़ावा देने का काम शुरू कर दिया है।
इधर, बिहार शताब्दी मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना मद में प्राप्त राशि को जिला कार्यक्रम पदाधिकारी योजना एवं लेखा ने जिले के सभी बालिका उवि, प्रोजेक्ट उवि, संस्कृत उच्च विद्यालय, अल्पसंख्यक उच्च विद्यालय व मदरसा को उप आवंटित कर दिया है। योजना के तहत प्रत्येक छात्रा को एक हजार की राशि दी जायेगी।
किस वर्ग की कितनी छात्राओं को मिलेगा लाभ:- शिक्षा विभाग को जिला से 25571 छात्राओं के लिए पोशाक राशि का प्रस्ताव भेजा गया था। जिसके आलोक में विभाग ने 24406 छात्राओं के लिए एक हजार की दर से कुल 2.44 करोड़ राशि भेजा है। आवंटन के मुताबिक इस योजना का लाभ वर्ग नवम में 9541, दशम के 8744, ग्यारहवीं को मिलेगा।
शिविर आयोजित कर बंटेगी राशि:- मुख्यमंत्री पोशाक योजना की राशि शिविर आयोजित कर वितरण करने का निर्देश विभाग ने दिया है। आवंटन पत्र में ही विभाग ने स्पष्ट किया है कि राशि निकासी की जिम्मेदारी डीडीओ की होगी। साथ हीं छात्राओं को एक हजार रुपया देने के बाद उससे पोशाक क्रय करने का वाउचर प्राप्त करना है। यही नही छात्राओं को पोशाक राशि देने से पूर्व छात्रा व उसके माता-पिता, स्कूल के प्राचार्य को पूर्व में पोशाक योजना का लाभ नही लेने संबंधी घोषणा पत्र देना अनिवार्य है।
क्या कहते हैं अधिकारी:- इस संबंध में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी लेखा एवं योजना बसंत कुमार ने बताया कि इससे बालिका शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि अब प्राथमिक शिक्षा ग्रहण करने के बाद पढ़ाई छोड़ने वाली छात्राओं का झुकाव माध्यमिक शिक्षा की ओर बढ़ेगा। श्री कुमार ने बताया कि पोषाक राशि वितरण में गड़बड़ी करने वाले को बख्शा नही जायेगा।

शेड इंडिया संस्था के खिलाफ विधायक ने लिखा पत्र

अररिया : फारबिसगंज के भाजपा विधायक पद्म पराग राय वेणु ने मध्याह्न भोजन योजना के लिए अधिकृत संस्था शेड इंडिया सोसायटी के खिलाफ मानव संसाधन विकास विभाग के प्रधान सचिव व मध्याह्न भोजन योजना के निदेशक को पत्र लिखा है। विधायक ने पत्र में कहा है कि जोगबनी में संस्था का केंद्रीकृत रसोईघर नहीं है। इस कारण ठंड के मौसम में कोल्हुआ मदरसा इस्लामिया, जोगबनी खजूरबाड़ी विद्यालय जैसे कई विद्यालयों में ठंडा खाना पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने पत्र में एमडीएम कार्यालय, एनजीहो, बीआरपी, बीईओ व विद्यालय प्रधान के मिलीभगत होने का आरोप भी लगाया है। श्री वेणु ने पत्र के माध्यम से शेड इंडिया सोसायटी को काली सूची में डालते हुए कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इधर शेड इंडिया सोसायटी के जिला संचालक व प्रतिनिधि ने आरोप को गलत व बेबुनियाद बताया है।

Tuesday, February 14, 2012

बच्चे के शरीर से बंधी मिली एक लाख की नशीली दवा


ड्रग्स माफिया ने तस्करी के लिए अब बच्चों का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। रविवार को नेपाल पुलिस ने बार्डर के समीप से एक चार वर्षीय बच्चे सहित उसके पिता को गिरफ्तार किया है। बच्चे के शरीर से टेप के सहारे बंधे 200 पीस टीडीजेसिक नामक नशीली दवा का इंजेक्शन बरामद किया गया है, जिसकी कीमत एक लाख से अधिक आंकी गई है। गिरफ्तार तस्कर गोखुल खड़का नेपाल के पथरी का निवासी है। वह जोगबनी से उक्त नशीली दवा लेकर नेपाल जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक ड्रग्स की एक बड़ी खेप नेपाल भेजने के लिए गोखुल खड़का अपने चार वर्षीय बेटे के साथ निकला था। वह बेटे की अंगुली पकड़कर टहलते हुए बार्डर पार कर रहा था। तभी सीमा पर तैनात नेपाल सशस्त्र बल के जवानों को उस पर शक हुआ और उसे रोका गया। नेपाल भंसार कार्यालय के पास जब बाप-बेटे की तलाशी ली गई तो सभी की आंखें फटी रह गई। चार वर्षीय बच्चे के शरीर से टेप के सहारे नशीली दवा का इंजेक्शन बंधा था। पुलिस बच्चे व उसके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बच्चे के पिता ने बताया कि टिकुलिया जोगबनी में एक व्यक्ति के घर से उसने यह दवा ली थी। इधर, एक छोटे बच्चे के शरीर से नशीली दवा का खेप मिलने से सीमा क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
उल्लेख हो कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में ड्रग्स माफिया काफी सक्रिय हैं। वह पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए रोज नई-नई चाल चलते हैं। सीमा क्षेत्र में एसएसबी व अन्य एजेंसियों द्वारा नशीली दवाओं पर शिकंजा कसे जाने के बाद ड्रग्स माफियाओं ने अपनी कार्यशैली को बदल दिया है।

मानव व्यापार के अंतरप्रांतीय रैकेट का भंडाफोड़


फारबिसगंज : पुलिस ने शनिवार को रेडलाइट एरिया में छापेमारी कर मानव व्यापार के अंतरप्रांतीय रैकेट का भडाफोड़ किया है। इस क्रम में देह व्यापार के लिए लाई गई 25 लड़कियों सहित डेढ़ दर्जन रैकेट संचालकों व ग्राहकों को गिरफ्तार किया गया। हालांकि मुख्य सरगना मौके से भागने में सफल रहा।
मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार रैकेट संचालकों में बिहार के अलावा नेपाल व यूपी के युवक भी शामिल हैं। बरामद अधिकांश लड़कियां नाबालिग हैं। वह दूसरे प्रांतों से बहला-फुसला कर व जोर- जबरदस्ती लाई गई हैं। मेडिकल जांच के बाद बरामद लड़कियों को रविवार को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्लूसी) को सौंप दिया गया है। वहां से बांड भरवाकर लड़कियों को उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। एसपी शिवदीप लांडे ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि देह व्यापार का बड़ा कारोबार सीमावर्ती क्षेत्र में फल फूल रहा था। इसका कनेक्शन दूसरे प्रांतों से भी जुड़ा है। इसमें एक बड़ा गिरोह काम कर रहा है जिसके तार नेपाल सहित भारत के अन्य महानगरों से जुडे़ हैं।
उन्होंने कहा कि फारबिसगंज काली पूजा मेला को लेकर बड़ी संख्या में लड़कियों को बाहर से रेड लाइट एरिया में लाने की गुप्त सूचना मिली थी। बरामद बालिग व नाबालिग लड़कियों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए पुलिस सीडब्ल्यूसी के साथ मिलकर प्रयास करेगी। रैकेट के सरगना की पहचान कर ली गई है। उसे शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

समर्थ अभियान में अररिया रहा सूबे में प्रथम


अररिया : नि:शक्त जनों के प्रमाणीकरण कार्य में अररिया जिला सूबे में प्रथम रहा है। इसके लिए रविार को डीआरडीए सभागार में समारोह आयोजित कर कार्य में योगदान करने वाले चिकित्सकों व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को डीएम द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यकम के दौरान मिली जानकारी के अनुसार अररिया जिले में आंगबाड़ी नेटवर्क की मदद से 16512 नि:शक्त व्यक्तियों की पहचान की गयी जिसमें से 10891 को प्रमाणपत्र व अन्य सुविधाएं भी प्रदान की गयी। यह उपलब्धि प्रदेश में सबसे अच्छी है। समाज कल्याण विभाग के सचिव संदीप पौंड्रिक ने पत्र लिख कर सभी जिलों को अररिया माडल का अनुसरण करने को कहा है।
जानकारी के अनुसार चिंहित नि:शक्तों में 7212 शारीरिक नि:शक्त, 1546 मूक बधिर, 1950 दृष्टि नि:शक्त तथा 183 बहु नि:शक्त हैं। वहीं, मानसिक नि:शक्तों के प्रमाणीकरण का कार्य डाक्टर के अभाव में नहीं हो सका। इनमें से 19891 को प्रमाणपत्र व विहित सुविधाएं दे दी गयी हैं।
कार्यक्रम में केलते हुए जिलधिकारी एम सरवणन ने आंगनबाड़ी वकर्स को बधाई दी और कहा कि कमजोर के आंसू पोछना सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि जिले को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए सबको साथ लेकर चलना ही होगा और ऐसी स्थिति में नि:शक्तजनों के प्रमाणीकरण से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। कार्यक्रम में डीडीसी प्रभात कुमार महथा, डीपीओ चंद्र प्रकाश, सहायक निदेशक गोपाल प्रसाद आदि ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर हडडी रोग विशेषज्ञ डा. अतहर हुसैन व डा.शालिक आजम, इएनटी स्पेशलिस्ट डा. विपिन कुमार, नेत्ररोग विशेषज्ञ डा. राजेश कुमार के अलावा विभिन्न प्रखंडों की सीडीपीओ, महिला सुपरवाइजर तथा चयनित आंगनबाड़ी सेविकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मौके पर अररिया के एसडीओ डा. विनोद कुमार, फारबिसगंज के एसडीओ गिरिवर दयाल सिंह सहित कई अधिकारी व अन्य लोग उपस्थित थे।

सिमराहा थानाध्यक्ष के विरुद्ध कोर्ट की अवमानना की नोटिस


अररिया : स्थानीय कोर्ट ने सिमराहा थानाध्यक्ष के विरुद्ध अवमानना की कार्रवाई प्रारंभ के लिये स्मार नोटिस भेजा है। यह आदेश दुष्कर्म के एक लंबित मामले में हाई कोर्ट द्वारा डीएनए टेस्ट में आने वाले खर्च का प्रतिवेदन अर्से बाद भी सिमराहा थानाध्यक्ष द्वारा समर्पित नही करने के कारण दिया गया है।
फारबिसगंज (सिमराहा) थाना कांड संख्या 152/08 से संबंधित उक्त मामले में पटना हाई कोर्ट ने क्रि.मि. वाद 2319/09 के तहत सुनवाई की तथा दिनांक 17 मार्च 09 को आदेश पारित किया कि इस मामले में थानाध्यक्ष डीएनए टेस्ट में लगने वाले खर्च का प्रतिवेदन प्रस्तुत करें तथा आरोपी के विरुद्ध कोई कार्रवाई स्थगित रखें।
इस संबंध में सीजेएम कोर्ट द्वारा पिछले 25 मार्च 09 को सिमराहा थानाध्यक्ष को हाई कोर्ट के आदेश से अवगत कराया गया। पुन: उक्त कोर्ट द्वारा 29 अक्टूबर 10 को नोटिस जारी कर उक्त दिशा में पहल का उल्लेख किया गया।
लेकिन सिमराहा थानाध्यक्ष द्वारा हाई कोर्ट के पारित आदेश का अवहेलना करते हुये आरोपी नन्दू ऋषिदेव को पिछले 16 नवंबर 09 को गिरफ्तार कर कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत कर दिया। जिसे स्थानीय कोर्ट ने माननीय हाई कोर्ट के आदेश की अवहेलना माना है।
इतना हीं नहीं सिमराहा थानाध्यक्ष ने उक्त आरोपी के विरुद्ध कोर्ट में आरोप पत्र भी प्रस्तुत कर दिया।
उक्त बातों को अररिया के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सत्येन्द्र रजक ने गंभीरता से लिया है तथा न्यायालय के आदेश की अवहेलना की कार्रवाई प्रारंभ के लिये पहले अररिया के पुलिस कप्तान के माध्यम नोटिस जारी किया है।
ज्ञातव्य हो कि बेलई पोठिया की एक लड़की ने उक्त मामला दर्ज कराया था, जिसमें दुष्कर्म के बाद गर्भवती हो जाने का उल्लेख किया गया था।

शांतिपूर्ण रही नवोदय प्रवेश परीक्षा


अररिया : जिला मुख्यालय के चार परीक्षा केन्द्रों पर रविवार को नवोदय की प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा में चारों केन्द्र मिलाकर कुल 171 छात्र-छात्रा अनुपस्थित रहे। प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार परीक्षा में कुल 1807 परीक्षार्थियों में से ग‌र्ल्स हाई स्कूल में 447 उपस्थित, 84 अनुपस्थित, हाईस्कूल अररिया में 472 उपस्थित, 10 अनुपस्थित, आजाद एकेडमी में 440 उपस्थित, 38 अनुपस्थित तथा आदर्श मवि बाजार में 277 उपस्थित व 39 छात्र अनुपस्थित रहे।
परीक्षा को लेकर रविवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव रंजन प्रसाद तथा नवोदय विद्यालय के प्राचार्य डीके साहू केन्द्रों का लगातार दौरा करते देखे गये। वहीं परीक्षा को लेकर बीईओ डा. बैजू झा अनिरुद्ध प्र. मंडल, धनंजय सिंह, आमीचंद राम, रामदयाल शर्मा, गयासउद्दीन अंसारी, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी सुशील कुमार दास दंडाधिकारी के रूप में मौजूद थे। जबकि केन्द्राधीक्षक के रूप में अब्दुल कादिर, कैसर इस्लाम, सूर्यकिशोर झा व अब्दुल मन्नान मौजूद थे।

आपदा व विकास जागरूकता शिविर का आयोजन


बथनाहा (अररिया) : स्थानीय अंबेदकर स्कूल के प्रागंण में रविवार को ग्राम आपदा न्यूनीकरण योजनान्तर्गत पंचायत लोक शिक्षा समिति बथनाहा द्वारा एक दिवसीय आपदा एवं विकास जागरूकता प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुखिया प्रतिनिधि असलम परवेज ने की। जबकि कार्यक्रम का उद्घाटन एसएसबी 24वीं बटालियन के सहायक सेनानायक के. सूरजा कु. सिंह ने किया। कार्यक्रम में जिला आपदा प्रशिक्षक सदानंद मेहता, केआरपी योगेन्द्र प्र. सिंह तथा महिला महाविद्यालय की छात्रा बबली कुमारी ने उपस्थित भीटी, साक्षरता कर्मी व प्रशिक्षुओं को प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदा, राहत एवं बचाव कार्य पर विस्तृत एवं महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस अवसर पर कई विकास योजनाओं की भी जानकारी साक्षरता कर्मी प्रशिक्षुओं को दी गयी।
कार्यक्रम में जागरण कल्याण भारती के अध्यक्ष संजय कुमार, सरपंच प्रतिनिधि रामप्रसाद मंडल, लोक शिक्षा केन्द्र के वरीय प्रेरक नित्यानंद मंडल, सहवाजपुर के अरुण कुमार, प्रेरक रेशमी कुमारी एवं आरती कुमारी सहित दर्जनों की संख्या में साक्षरता कर्मी उपस्थित थे।

बनमत्ती को हरा कुर्साकाटा ने जीता क्रिकेट टूर्नामेंट

कुर्साकांटा (अररिया) : प्रखंड के आदर्श मध्य विद्यालय पहुंसी के मैदान में जागृति कप क्रिकेट टूर्नामेंट 2012 का फाइनल मैच रविवार को कुर्साकांटा एवं बनमत्ती की टीम के बीच खेला गया। कुर्साकांटा टीम के कप्तान ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया तथा 20 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 204 रन का बड़ा लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में उतरी बनमत्ती की टीम 17.1 ओवर में ही अपने सभी विकेट खोकर 110 रन ही बना सकी। कुर्साकांटा के प्रह्लाद पटेल ने सर्वाधिक 56 रन बनाकर मैन आफ द मैच का खिताब जीता। वहीं इस टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए हर्षराज को मैन आफ द सीरीज का खिताब मिला। कुर्साकांटा की टीम 94 रन से विजय हुई। मौके पर प्रखंड प्रमुख धनजीत सिंह, मुखिया बालकृष्ण सिंह, सरपंच मो. संशुल, रंजीत कुमार पासवान, दुर्गानंद सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित थे।

पीएसए ने सशक्त आंदोलन का किया शंखनाद


अररिया : नये सिरे से, नये जोश व जुनून के साथ एक सशक्त आंदोलन की शुरूआत करने का प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन बिहार ने शंखनाद रविवार को यहां किया है। स्थानीय टाउन हाल में रविवार को एसोसिएशन के राज्यस्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें राज्य के प्राय: जिलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन का उद्घाटन शिक्षाविद प्रो. मोती लाल शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह की अध्यक्षता पीएसए के जिलाध्यक्ष सूर्यनारायण गुप्ता ने की।
सम्मेलन में विभिन्न जिलों से आए पीएसए प्रतिनिधियों ने कहा कि वे आरटीई एक्ट का विरोध नही कर रहे बल्कि एक्ट में निहित खामियों का विरोध कर रहे हैं, जो जारी रहेगा। वक्ताओं ने कहा कि सरकार हमारी चट्टानी ताकत को चूर नहीं कर सकती है। विभिन्न जिलों से आए पीएसए अध्यक्ष व सचिवों ने कहा कि एसोसिएशन राज्य के एक भी प्राइवेट स्कूल को बंद नहीं होने देगा। उन्होंने कहा कि प्राईवेट स्कूल बंद होने से सिर्फ उन्हें व छात्र-अभिभावकों को नहीं बल्कि सरकार को भी परेशानी होगी। वक्ताओं ने कहा कि स्कूल रजिस्ट्रेशन के विरोध में एसोसिएशन ने पूरे राज्य में आंदोलन किया तथा कुछेक जिलों से हाईकोर्ट में रिट याचिका व जनहित याचिका भी दायर किया गया है। एसोसिएशन की शर्तो पर कुछ लोगों ने कहा कि 25 प्रतिशत गरीब बच्चों का नामांकन करेंगे परंतु एमडीएम व्यवस्था मान्य नहीं है। वहीं सरकारी नियंत्रण व प्रशिक्षित शिक्षकों को रखने की बात भी नहीं मानी जायेगी। राज्यस्तरीय सम्मेलन में प्राय: वक्ताओं ने पीएसए के पूर्व के प्रदेश अध्यक्ष, सचिव सहित कई अधिकारियों के क्रियाकलापों की जमकर आलोचना की। लोगों ने कहा कि सरकार रोजाना नीतियां बदल रही है, इस नीति के चक्के के नीचे हम नही घिसेंगे। पीएसए ने प्रत्येक जिला संगठन को मजबूत बनाने पर बल दिया। मंच संचालन एसएच मासूम ने किया। जबकि मोतिहारी के संतोष कु. रोशन, किशनगंज के अनिल कु. सिंह, सुपौल के उमेश प्र. यादव, पूर्णिया के शंभू कु. सिंह, मधुबनी के देवानंद झा, चंपारण के भूषण कुमार, सीतामढी के मो. शमशाद, अररिया के प्रो. रकीब अहमद, एमए मुजीब, शकील अख्तर, एमई हसन ने समारोह को संबोधित किया।

किचन शेड राशि गबन केमामले ने तूल पकड़ा

जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिसौना, कन्या में किचन शेड के गबन का मामला धीरे-धीरे तूल पकड़ता जा रहा है। इस सिलसिले में प्रधानाध्यापक तलत महमूद ने जिला एमडीएम प्रभारी रविन्द्र राम को आवेदन देकर मामले की जांच की मांग की है। आवेदन के अनुसार प्रधानाध्यापक श्री महमूद ने लिखा है कि उ.म.वि. सिसौना कन्या के पूर्व प्रधानाध्यापिका सह कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की संचालिका दिलकशा बानो ने वर्ष 2006-07 में 45000 की राशि से दो क्लास रूम के बीच के दीवारों में किचन शेड निर्माण करा दिया जिससे क्लास में प्रदूषण की समस्या बनी रहती है। पुन: 2008-09 में दूसरे किचन शेड निर्माण की 54000 की राशि निकासी कर उसका गबन कर लिया। श्रीमती बानो द्वारा राशि गबन की बात सिसौना के ग्रामीणों ने भी कही है। उन्होंने बीईओ गयासुद्दीन अंसारी को आवेदन देकर जांच की मांग की है। इस संबंध में पूछने पर बीईओ श्री अंसारी ने मामले को गंभीर बताते हुए जांच कर कार्रवाई की बात कही।
News Source - http://in.jagran.yahoo.com/news/local/bihar/4-4-97.html

जांच परीक्षा 21 से

अररिया: कलावती डिग्री कालेज रानीगंज में स्नातक द्वितीय खंड के सभी संकायों की प्रथम जांच परीक्षा 21 फरवरी से आयोजित की जायेगी। उक्त जानकारी कालेज के प्राचार्य जयप्रकाश मल्लिक ने दी।

दुर्घटना में दो जख्मी

कुसियारगांव (अररिया) : कुर्साकांटा मार्ग रामपुर चौक समीप साइकिल व मोटरसाइकिल की टक्कर में दोनों वाहन के चालक जख्मी हो गया। इस घटना में साइकिल सवार बरदाहा निवासी कृत्यानंद मंडल बुरी तरह जख्मी हो गये। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया है। जबकि मोटर साइकिल सवार का इलाज निजी तौर पर चलने की बात बताई गयी है।

ओलावृष्टि मुआवजा को ले भाजपा के तेवर गरम


अररिया : ओलावृष्टि की घटना के एक वर्ष बीत जाने के बाद भी अब तक विभिन्न प्रखंडों के पीड़ितों को मुआवजा नही मिलने से अररिया भाजपा नेताओं के तेवर गरम दिख रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर किसी भी दिन भाजपाई सड़कों पर उतर सकते हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक कुमार भगत एवं फारबिसगंज के पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण मेहता ने संयुक्त रूप से बताया कि ओलावृष्टि से पीड़ित किसानों के बीच मुआवजा वितरण के लिए सरकार ने सात करोड़ की राशि आवंटित की है। तीन चार प्रखंडों में यह मुआवजा कच्छप गति से किसानों के बीच वितरण तो किया जा रहा है लेकिन फारबिसगंज, नरपतगंज एवं रानीगंज में यह कार्य अब तक शुरू भी नही हो पाया है। जिससे किसानों का आक्रोश उन लोगों को प्रति दिन झेलना पड़ रहा है। नेता द्वय ने बताया कि प्रशासन की लापरवाही के कारण ही पीड़ित किसानों के बीच मुआवजा नही वितरण हो पा रहा है।
अध्यक्ष श्री भगत ने यह भी बताया कि अधिकारियों की लापरवाही का ही परिणाम है कि आज पूरे बिहार में विकास के मामले में अररिया 38वां और मनरेगा के क्रियान्वयन में 37वां स्थान पर है। उन्होंने बताया कि अधिकारियों के इस मानसिकता में बदलाव नही हुआ तो वे लोग चरणबद्ध आंदोलन के लिये विवश हो जायेंगे।

राशि के अभाव में बढ़ी इंदिरा आवास शिविर की तिथि



अररिया : जिले में इंदिरा आवास शिविर अब 11 फरवरी के बजाय 18 फरवरी को लगेंगे। परंतु सरकार से अब तक राशि प्राप्त नही होने के कारण प्रशासनिक अधिकारियों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ दिख रही है। रविवार को जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा के लिए आत्मन कक्ष में जिला पदाधिकारी एम. सरवणन ने अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में अब तक राशि अप्राप्त रहने पर चर्चा हुई। डीएम ने सभी बीडीओ व वरीय उप समाहर्ता को पंचायतों में चल रहे शिविर को लगातार चालू रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले में 56 हजार इंदिरा आवास का लक्ष्य है। इसके लिए 156 करोड़ रुपये की आवश्यकता है जो एकमुश्त आवंटित होना मुश्किल है। डीएम श्री सरवणन ने कहा कि शिविर की तैयारी पूर्ण रखें, राशि एक-दो दिन में प्राप्त होने पर 18 फरवरी को शिविर आयोजित किया जायेगा अन्यथा फिर तिथि बढ़ायी जायेगी। श्री सरवणन ने कहा कि पंचायत स्तरीय शिविर में आवास के लिए दिये गये आवेदन व शपथ पत्र की जांच कराई जायेगी। जांच के दौरान शपथ पत्र में गलत व भ्रामक जानकारी मिलने पर शपथ कर्ता के विरुद्ध सीधे प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद डीएम ने अररिया प्रखंड अंतर्गत साहसमल व अररिया बस्ती पंचायत का चयनित आवास सूची को जांच करने का निर्देश एसडीसी संजय कुमार को दिया। वहीं इस मौके पर डीडीसी प्रभात कुमार महथा ने बताया कि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में इंदिरा आवास मद में 67 करोड़ रुपया दिया जा रहा है। श्री महथा ने बताया कि 67 करोड़ से 22 हजार लाभुकों को राशि दी जा सकती है। उन्होंने बीडीओ को निर्देश देते हुए कहा कि जैसे ही राशि प्राप्त हो शीघ्र उपयोगिता प्रमाण पत्र भेजें ताकि सरकार से दूसरी किस्त राशि जल्द प्राप्त की जा सके। इस मौके पर एसडीओ डा. विनोद कुमार, गिरिवर दयाल सिंह, वरीय उप समाहर्ता विजय कुमार सिंह, संजय कुमार, भीसी यादव, बुद्ध प्रकाश, रंजन चौहान, तौकीर अकरम, कैयुम अंसारी समेत सभी बीडीओ मौजूद थे।

महिला सहित दो ने किया विषपान


कुसियारगांव (अररिया) : अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक महिला सहित दो लोगों ने विषपान कर लिया जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार जोकीहाट थाना क्षेत्र के काकन गांव में घरेलू विवाद के कारण मो. ग्यास के पुत्र जाकिर हुसैन ने विषपान कर लिया। वहीं, नगर थाना के पैकटोला फरौटा गांव में बीबी रूबी विषपान की शिकार हो गयी। इस मामले में बताया गया है कि अस्पताल द्वारा लिखी ओडी थाना नही पहुंचा और परिजनों ने इसकी शिकायत प्रभारी अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डा. जेएन माथुर से किया कि महिला को जहर पति व ससुराल वालों ने जबरन जहर पिलाया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए ड्यूटी पर तैनात डा. माथुर ने स्वास्थ्य कर्मियों को फटकार लगाते हुए ओडी थाना भिजवाया, समाचार प्रेषण तक पुलिस अस्पताल नही पहुंची थी। महिला की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

गरीब मरीज हलकान, नहीं खुली जेनेरिक दवा दुकान

कुसियारगांव (अररिया) : सरकार के निर्देश के बावजूद सदर अस्पताल अररिया में सस्ते दामों पर मरीजों को जीवन रक्षक दवा उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। जबकि पिछड़ा जिला अररिया में एक बड़ी आबादी स्वास्थ्य सेवा के लिए सदर अस्पताल पर निर्भर है। जिस कारण पैसे के अभाव में यहां आने वाले कई मरीज दम तोड़ देते हैं। लेकिन आधे मूल्य पर बेचे जाने के लिए निर्धारित जेनेरिक दवा दुकान अभी तक यहां शुरू नहीं हो पाया है। सदर अस्पताल अररिया में रोजाना बड़ी संख्या में गरीब मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। उसमें अधिकांश मरीज ऐसे होते है जिन्हें दवा खरीदने के लिए पैसे नहीं होते, बावजूद न तो सदर अस्पताल में सरकार द्वारा निर्धारित सभी दवा उपलब्ध है और न ही अस्पताल में आधी कीमत पर बेचे जाने वाले दवा दुकान ही खोली जा सकी है। हालांकि वर्षो पूर्व भवन बन कर तैयार है जो अब टूटती फूटती जा रही है। ज्ञात हो कि सदर अस्पताल सहित सभी प्रखंड मुख्यालय स्थित सरकारी अस्पतालों में जेनेरिक दवा की सरकारी दुकानें संविदा के आधार पर खोली जानी है जहां आधी कीमत पर दवा गरीबों को दी जानी थी, उक्त दवाओं पर सरकार को देय टैक्स माफ होता है, लेकिन अभी तक सदर अस्पताल में यह व्यवस्था नहीं शुरू हो सकी है। वहीं अस्पताल प्रबंधक विकास कुमार बताते हैं कि जो दवा यहां उपलब्ध होती है उसे मरीजों को दिया जाता। कुछ दवा हेमेसिल स्लाइन आदि अलग से गरीब मरीजों को दे दिया जाता है। इस संबंध में प्रभारी सिविल सर्जन डा. अखिलेश शर्मा बताते हैं कि जेनेरिक दवा की दुकान चलाने के लिए प्रयास जारी है, कुछ ऐसे लोगों को ट्रेनिंग भी दिया जा रहा है। हालांकि अधिकतर दवा सभी सरकारी अस्पतालों में भेज दिया गया है।

मोटर साइकिल और मोबाइल चोरी का आरोपी गिरफ्तार

नरपतगंज (अररिया) : पूर्णिया जिला पुलिस ने नरपतगंज थाना पुलिस के मदद से नरपतगंज थाना के देवीगंज गांव से मोटरसाइकिल चोरी के अभियुक्त को रविवार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त दयानंद साह पर के हाट थाना क्षेत्र में दिसंबर माह में हुई मोटर साइकिल एवं मोबाइल चोरी का मामला दर्ज है। यह गिरफ्तारी मोबाइल डेसिंग एवं लोकेशन के आधार पर किया गया। केहाट थाना से आये अनिचंद्र केतू, अरविंद कुमार, प्रवीण कुमार राय, प्रणय कुमार शामिल थे। वहीं गिरफ्तार अभियुक्त के पास से चोरी का मोबाइल भी बरामद किया गया। नरपतगंज थानाध्यक्ष मुकेश कुमार साह ने बताया कि अभियुक्त को के हाट थाना को सौंप दिया गया है।

भाड़ा योजना: सामान आपूर्ति के लिए होगा निविदा आमंत्रित


अररिया : कल्याण विभाग द्वारा संचालित भाड़ा योजना के लिए चयनित लाभुकों को गाय, भैंस, पंप सेट आदि की आपूर्ति के लिए निविदा आमंत्रित की जायेगी। निविदा की प्रक्रिया 15 दिन में पूर्ण करने को कहा गया है। यह निर्णय रविवार को समाहरणालय स्थित आत्मन कक्ष में आयोजित बैठक में लिया गया। इसकी अध्यक्षता डीएम एम. सरवणन ने की। बैठक में सर्वप्रथम सामानों की आपूर्ति पर विस्तृत रूप से विचार विमर्श किया गया। इस मौके पर भाड़ा योजना के प्रभारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि कमिश्नरी स्तर पर तय किये गये रेट को मानक मानते हुए निविदा कराने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि 29 हजार में गाय तथा 26 हजार में भैंस दिये जाने का रेट तय है। डीएम ने कल्याण विभाग के वरीय प्रभारी बुद्ध प्रकाश व डीडब्लूओ एस के मिश्रा को 15 दिन के भीतर निविदा निकालकर कार्रवाई पूर्ण करने का निर्देश दिया है।
रविवार को आयोजित बैठक में डीएम ने छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा भी की। उन्होंने बताया कि निर्देश के अनुसार 1 से 15 फरवरी तक छात्रवृति पखवाड़ा आयोजित करना था। परंतु इंदिरा आवास शिविर की तैयारी के कारण नही हो पाया। उन्होंने प्रखंडों में प्राप्त राशि को हर हाल में 18 फरवरी तक वितरण करने का निर्देश दिया। डीएम ने दशरथ मांझी योजना की भी समीक्षा की। श्री सरवणन ने बताया कि पांचवें चरण का विकास मित्र का नियोजन होना है। इसके लिए उन्होंने दोनों एसडीओ को निर्देश दिया। वर्क शेड प्रस्ताव भेजने के लिए भी डीएम ने कड़ा निर्देश दिया। इस अवसर पर डीडीसी पीके महथा, एसडीओ डा. विनोद कुमार, जीडी सिंह, डीडब्ल्यूओ सुनील कुमार मिश्रा, डीएो नईम अशरफ, डेयरी फिल्ड आफिसर संजय कुमार सिंह, एडीपीआरओ योगेन्द्र कुमार लाल, बीडीओ नागेन्द्र पासवान, अरुण गुप्ता, ललन ऋषि, मो. सिकंदर आदि मौजूद थे।

एलआईसी: मुस्कराहट हम आपके साथ हैं



अररिया : वर्तमान युग में बीमा इंसान की जरूरत बन गयी है। परिवार के आर्थिक सुरक्षा के लिए बीमा एक महत्वपूर्ण जरूरत के रूप में उभरकर सामने आया है। मेरे बाद मेरे परिवार को एक आर्थिक छतरी प्रदान करनी है। ये बातें एलआईसी के ग्राहक मिलन समारोह के मौके पर डेवलपमेंट आफिसर ब्रजेश कुमार सिन्हा ने ग्राहकों को संबोधित करते हुए कही। बीमा सलाहकार मा. जकी अख्तर अंसारी द्वारा आयोजित इस ग्राहक मिलन समारोह में शहर के गणमान्य लोग मौजूद थे। श्री जकी अख्तर ने कहा ग्राहक की संतुष्टि ही हमारी उपलब्धि है। हम ग्राहकों का मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए इस प्रकार के सहयोग का आयोजन प्रतिवर्ष करते हैं। बीमा सलाहकार किसी भी बीमा कंपनी के महत्वपूर्ण व्यक्ति है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक एके सिंह ने कहा कि एलआईसी का नाम ही विश्वास के लिए काफी है। मौके पर अररिया के बीएम विनोद कुमार, सहायक ब्रांच मैनेजर जयप्रकाश कुमार ने कहा कि एलआईसी हमेशा आपका एवं आपके परिवार का भरोसेमंद ब्रांड रहा है।

बोधि संवाद प्रशिक्षण

कुर्साकाटा (अररिया) : बीआरसी भवन कुर्साकांटा में आयोजित दस दिवसीय बोधि संवाद प्रशिक्षण का समापन हो गया। समापन समारोह की अध्यक्षता बीईओ राम दयाल शर्मा ने किया। इस प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षकों के द्वारा विभिन्न विद्यालयों के चालीस शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए सरली कृत पद्धति से प्रशिक्षण दिया गया। इस मौके पर बीईओ राम दयाल शर्मा, संकुल संसाधन सेवी अरविंद राम, भुवनेश्वर मंडल एवं प्रतिभागी शिक्षक गोपी कांत, रामनंद लाल मंडल, राधा रानी, मधु देवी, शोनाली, रेखा आदि अनेक शिक्षकगण मौजूद थे।

10 को मिला नियुक्ति पत्र

अररिया : जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव रंजन प्रसाद ने शनिवार को कार्यालय में उर्दू कोटि के 10 प्रशिक्षित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। जामिया सर सैय्यद रामबाग पूर्णिया से प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थी के बारे में डीईओ ने विभाग से दिशा निर्देश मांगा था। निर्देश मिलने पर डीईओ ने नियुक्ति पत्र वितरित किया। यह जानकारी डीईओ श्री प्रसाद ने दी।

दो उर्दू शिक्षकों की नियुक्ति रद

अररिया : उर्दू कोटि में सात शिक्षकों की नियुक्ति खत्म होने के बाद दो और उर्दू शिक्षकों की नियुक्ति रद की गई है। डीईओ कार्यालय से मिल जानकारी के अनुसार प्रावि बरदाहा बीएमसी नरपतगंज के अब्दुल अजीज व प्रावि संथाल टोला लहटोरा के उमैल अशरफ की नियुक्ति डीईओ ने रद्द कर दी है। इस संबंध में डीईओ राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि सरकार के निर्देश पर उन्हें नियुक्ति पत्र दिया गया था, पुन: एक वर्षीय सेवाकालीन प्रशिक्षित को हटाने का निर्देश प्राप्त हुआ तो उनकी नियुक्ति रद कर दी गई। ज्ञात हो कि उक्त दोनों उर्दू शिक्षकों को 30 जनवरी को नियुक्ति पत्र दिया गया था।

वारंटी गिरफ्तार

फारबिसगंज: हत्या के एक पुराने मामले में वांछित वारंटी अप्राथमिकी अभियुक्त अड़राहा निवासी अशोक यादव को फारबिसगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया।

भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए शिक्षा जरूरी: सरफराजभ्रष्टाचार से लड़ने के लिए शिक्षा जरूरी: सरफराज

जोकीहाट (अररिया) : शिक्षित समाज ही भ्रष्टाचार को खत्म कर सकता है। बिहार सरकार सभी वर्ग व समुदाय के छात्र-छात्राओं को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने को प्रयासरत है। उक्त बातें विधायक सरफराज आलम ने प्रखंड क्षेत्र के वर्ग 7 से 10 तक के अनुसूचित जाति व जनजाति के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति की राशि शनिवार को वितरण के दौरान कही। विधायक श्री आलम ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए प्रत्येक छात्र को 1800 रुपये की राशि वितरित किये। कार्यक्रम का संचालन बीडीओ मो. सिकंदर ने करते हुए बताया कि कुल 208 छात्र-छात्राओं के बीच छह लाख 18 हजार रुपये वितरित किये जायेंगे। बीडीओ ने बताया कि जो छात्र-छात्रा आज के शिविर में नही उपस्थित हो सके उन्हें मंगलवार को संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक के समक्ष राशि दी जायेगी। मौके पर सुपरवाइजर सुरेन्द्र नाथ झा, रणवीर पासवान आदि उपस्थित थे।

शिक्षा बच्चों का जन्म सिद्ध अधिकार: एकेसी


जोगबनी (अररिया) : महिला अगर शिक्षित होती है तो पूरा परिवार शिक्षित होगा। इसलिए बच्चों को खासकर बालिकाओं को शिक्षित करने में अभिभावक लापरवाही नही बरतें। ये बातें एसएसबी व ग्रामीणों के बीच आयोजित समन्वयक बैठक में रविवार को एसएसबी सेनानायक एकेसी सिंह ने कही। बैठक का आयोजन एसएसबी द्वारा जोगबनी के प्रा. वि. खजुरबाड़ी में किया गया था। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सेनानायक श्री सिंह ने कहा कि शिक्षा बच्चों का जन्म सिद्ध अधिकार है। शिक्षित बच्चों से परिवार समाज और फिर देश का विकास होता है। इस मौके पर उन्होंने लोगों को जाली नोटों के पहचान के तरीके बतलाये। वहीं, मौके पर ग्रामीणों ने भी अपनी समस्या उनके सामने रखी। जिसे अतिशीघ्र निदान का आश्वासन देते हुए सेनानायक ने कहा कि एसएसबी सीमा व सीमा क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा ही नही करता बल्कि लोगों के साथ मिल बेहतर तालमेल कर कायम करते हुए असामाजिक तत्वों को सीमा से दूर रखता है।
इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक शिवराम यादव, वार्ड पार्षद रीता देवी, मो. मजलूम, ग्रामीण मो. इलियास, गंगाधर राम, कुंती देवी, सीता देवी, सुरेश राम व सीताराम दास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

मानव व्यापार का गिरोह बड़े पैमाने पर सक्रिय

फारबिसगंज(अररिया) : मेला में भी मनोरंजन के नाम पर अश्लीलता परोसी जा रही है। जबकि मेला के समय इससे सटे रेडलाइट एरिया में मानव तस्करी से जुड़ा गिरोह अधिक सक्रिय हो जाता है। यह बातें अररिया एसपी शिवदीप लांडे ने रेड लाइट एरिया में रात को किये गये छापामारी के बाद रविवार को पत्रकार वार्ता में कही। एसपी श्री लांडे ने कहा कि मेला के समय एक खास एरिया में देह व्यापार के सौदागर नाबालिग लड़कियों, महिलाओं को बाहर से भी लाकर यहां अवैध तरीके से रखते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में महिला तथा मानव तस्करी का बड़ा रैकेट काम कर रहा है जिसके मास्टर माइंड की पहचान कर ली गयी है। हालांकि छापामारी के दौरान वह भागने में सफल रहा है। एसपी ने कहा कि भटकाव की राह पर चली गयी लड़कियों तथा जबरन देह व्यापार में धकेली गयी लड़कियों को समाज की मुख्य धारा में लाने का प्रयास किया जायेगा। वहीं मौके पर मौजूद सीडब्लूसी की रीता घोष ने कहा कि इन लड़कियों की काउंसिलिंग की जायेगी तथा आवश्यक प्रक्रिया के बाद इन्हें इनके परिजनों को सौंप दिया जायेगा। एसपी तथा रीता घोष ने कहा कि हमारा प्रयास होगा कि ये लड़कियां दोबारा इस दलदल में नहीं आये। एसपी ने कहा कि मेला के थियेटर में मनोरंजन के नाम पर अश्लील डांस दिखाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि इस मामले में वे वरीय पदाधिकारियों को प्रतिवेदन भेंजेगे। उन्होने कहा कि चित्रहारों और थियेटरों में स्कूली छात्र भी पहुंच रहे थे जो एक गलत परंपरा है। रेड लाइट एरिया में छापामारी के बाद एसपी सदल बल मेला भी गये जहां थियेटर में भी छापामारी की। छापामारी के दौरान पुलिस ने रेडलाइट एरिया से एक मारूति कार तथा कुछ मोटरसाइकिल भी बरामद की। छापामारी के दौरान मेला में अफरा तफरी मच गयी। जबकि दूसरे रविवार को दिन भर फारबिसगंज थाना परिसर के आसपास लोगों की भीड़ लगी रही। गिरफ्तार किये गये लोगों शुभचिंतक भी थाना के आसपास भटक रहे थे।

सेविकाओं को मिला आपदा से निबटने का प्रशिक्षण

अररिया : आपदा को लेकर शुक्रवार को जिले के रानीगंज में आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं का एक दिवसीय प्रशिक्षण सह परिचर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया। विकास बिहार संस्था के तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण में आपदा से होने वाले नुकसान एवं बचाव के उपाय बताए गए। इसके अलावा कुपोषण एवं कुपोषित बच्चे के बारे में भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में स्वच्छता पेयजल संबंधी विषयों पर भी चर्चा की गई। जिसके बाद कार्य योजना बनाई गई। कार्यक्रम में विकास बिहार के यसवंत पटेल, विनित श्रीवास्तव, सुनिल कुमार ने प्रशिक्षक के रूप में भाग लिया। इस प्रशिक्षण शिविर में ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौजूद थे।

दसवीं वर्ग के छात्रों को दी गई विदाई

अररिया : इस्लामनगर स्थित अस्सबील एकेडमी स्कूल परिसर में शनिवार को वर्ग नवम के छात्रों की ओर से विदाई समारोह कर वर्ग 10 के छात्रों को विदाई दी गई। विदाई समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के निदेशक एमई हसन ने की। कार्यक्रम का उद्घाटन तिलावत-ए-कुरआन से हुआ। इस मौके पर शिक्षकों ने कहा कि परिवर्तन संसार का नियम है। गुरु और शिष्य का साथ अस्थाई होता है। शिक्षिकों ने विदा लेने वाले छात्रों से कहा कि लोग गुण की पूजा करते हैं, इसलिए आप अपने भीतर अच्छे गुणों का समावेश करें। वहीं श्री हसन ने कहा कि अनुशासन ही मनुष्य को आदर्श नागरिक बनाता है। उन्होंने छात्रों से अच्छे चरित्र निर्माण की अपेक्षा की। मंच संचालन उप प्राचार्य मुश्ताक अहमद सिद्दीकी ने किया। इस अवसर पर शंत कुमार शुक्ल, फारूक आजम, एम रहमान, अरशद हुसैन व शहनवाज आलम ने भी अपने विचार रखे। धन्यवाद ज्ञापन छात्र तारिक मजहर ने किया।

मंदिर में मा पार्वती की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा


अररिया : अररिया आरएस स्थित वार्ड संख्या चार के रामजानकी ठाकुरबाड़ी में नव निर्मित मंदिर में माता पार्वती की मूर्ति का प्राण प्रतिष्ठा रविवार को समारोह पूर्वक की गयी। प्राण प्रतिष्ठा से एक दिन पूर्व श्रद्धालुओं द्वारा भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। जबकि प्राण प्रतिष्ठा के दिन भी पूरे शहर में शोभा यात्रा निकाली गयी। ताराचन्द अग्रवाल के सौजन्य से निर्मित इस मंदिर में दो दिनों तक हवन पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राण प्रतिष्ठा का कार्य संपन्न करवा रहे पंडित कृपा शंकर द्विवेदी एवं अशोक पंडित ने बताया कि दो दिनों तक यजमान बजरंग अग्रवाल एवं संतोष देवी के साथ मिलकर लगातार हवन-पूजन किया गया है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रामाधार गुप्ता, पवन अग्रवाल, अजय अग्रवाल, बद्री साह, अजय केडिया, पार्षद गौतम साह, सौरभ साह, अशोक पांडेय, योगेन्द्र गुप्ता आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।

समाज में शांति स्थापित कर रही हैं ब्रह्माकुमारी संस्था



अररिया : 76वीं महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी राजयोग गीता पाठशाला गीतवास की ओर से रविवार को शांति पद यात्रा आयोजित की गयी एवं आध्यात्मिक प्रवचन का आयोजन किया गया। पद यात्रा का शुभारंभ कटिहार सेवा केन्द्र की मुख्य संचालिका बीके सुनिता बहन एवं अररिया आरएस की मुख्य संचालिका ने शिव बाबा का ध्वज माननीय विधायक परमानंद ऋषिदेव को देकर किया। इस अवसर पर सिकटी के भाजपा विधायक आनंदी यादव भी उपस्थित थे। मौके पर सुंदर झांकी 'सर्व आत्माओं के पिता' निकाली गयी। विधायक द्वय ने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था समाज में शांति स्थापना का कार्य कर रही है। विधायक ने कहा कि अगर हमें अपने घर को सुखमय बनाना है तो शिव को पहचान कर उनके बताये रास्तों पर चलना होगा। कटिहार की मुख्य संचालिका बीके सुनिता दीदी ने उन्हें परमात्म संदेश देकर बार-बार भगवान के घर में आने का निमंत्रण दिया। इस अवसर पर पार्षद भरगामा राजेश चन्द्र झा, रंजीत साह, मिताली बहन, रामेश्वर चौधरी, जिला पार्षद प्रिंस विक्टर आदि उपस्थित थे। शांति पद यात्रा में काफी संख्या में लोग सम्मिलित हुये।

पुल के बिना लोगों को आवागमन में परेशानी

जोकीहाट(अररिया) : प्रखंड के करोहबना-सिंगारमोहिनी मुख्य सड़क स्थित परमानपुर गांव के निकट धार पर पुल नहीं होने से ग्रामीणों को आवागमन में काफी कठिनाई हो रही है। करोहबना गांव के लोगों का कहना है कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क निर्माण भी अधुरी पड़ी है । रास्ते पर बड़े-बड़े रोड़े के कारण पैदल यात्रियों व साईकिल सवार को आने-जाने में बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने डीएम एम सरवणन से सड़क निर्माण कर रहे कं पनी के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं गिरदा पंचायत क ी मुखिया आमना खातुन बताती हैं कि इस मार्ग पर रोज करीब एक दर्जन गांवों के लोगों का आना-जाना होता है लेकिन एक अदद पुल के बिना लोगों को काफी परेशानी झेलने पड़ती है। बरसात में तो यातायात पुरी तरह ठप्प रहता है।

टिकट घोटाला एक्सप्रेस का टर्मिनल नेपाल में


अररिया : ट्रेनें भले ही जोगबनी से आगे नहीं जाती हों, लेकिन रेल टिकट घोटाले के तार जरूर नेपाल तक जुड़े हैं। जोगबनी स्टेशन पर टिकट ब्लैक करने वाले गिरोह का पर्दाफाश होने के बाद यह बात सामने आ आई है कि टिकट की कालाबाजारी का धंधा भारत में हो रहा है कि लेकिन इसके कारोबारी नेपाल के हैं।
एसपी शिवदीप लांडे ने बताया कि टिकट ब्लैक का काला धंधा करने वाला सरगना नेपाल का रहने वाला है। इसमें भारतीय नागरिकों के साथ नेपाल के कई नागरिक संलिप्त हैं। इन पर पुलिस की पैनी नजर है। उन्होंने बताया कि भारत में रेल टिकट का धंधा कर नेपाल में संपत्ति बनाई गई है। पकड़े गए मनोज सोनी के बारे में उन्होंने बताया कि उसने डेढ़ साल के अंदर नेपाल में डेढ़ करोड़ की बिल्डिंग बनाई है।
इधर, मनोज सोनी ने पुलिस के सामने बताया कि वह तो इस खेल का एक छोटा सा प्यादा है, बादशाह व वजीर कोई और है जिसका अड्डा नेपाल में है। वहीं, रेलकर्मियों से पूछताछ में भी इस बात का खुलासा हुआ है कि रेल टिकट घोटाला का असल सेंटर नेपाल में ही है। पुलिस की तहकीकात के सारे सूत्र भी नेपाल की ओर ही इशारा करते हैं।
इधर, इस टिकट घोटाले के कारण भारतीय क्षेत्र में टिकटों की हर हमेशा किल्लत बनी रहती थी। मसलन आप सीमांचल एक्सप्रेस का टिकट लेने जाइये तो पता चलेगा कि अगले कई महीनों तक बुक है। जानकार मानते हैं कि टिकट के ब्लैकियर रेल कर्मियों की मिली भगत से महत्वपूर्ण गाड़ियों का सारा टिकट पहले ही हड़प लेते थे और बाद में उसे महंगी कीमत पर बेचते थे।
बाक्स के लिए
आठ बजते ही लिंक फेल?
अररिया : रेल टिकट आरक्षण की कंप्यूटरीकृत प्रणाली लागू होने के बाद से टिकटों की ब्लैक में और इजाफा हुआ है। पहले जब मैनुअल बुकिंग होती थी तब भ्रष्ट रेल कर्मियों की मिलीभगत से यह धंधा परवान पर था। लेकिन जब से कंप्यूटरीकृत सिस्टम लागू हुआ तो धंधेबाजों ने एक नया तरीका खोज निकाला। सुबह आठ बजने से पहले से ही बुकिंग दफ्तर के पास ब्लैकियरों का जमावड़ा लग जाता था। लाइन में लोग लगते थे, लेकिन आठ बजे कंप्यूटर खुलते ही लिंक फेल हो जाता था। इससे लाइन में लगे आदमी निराश होकर ब्ल्ैकियरों के चंगुल में फंस कर अपनी जेब ढीली करवाने को विवश हो जाते थे।

मनायी गयी स्वामी दयानंद व रविदास की जयंती


फारबिसगंज (अररिया) : स्थानीय द्विजदेनी विद्यालय परिसर में रविवार को इंद्रधनुष साहित्य परिषद के तत्वावधान में दो महान संत स्वामी दयानंद सरस्वती एवं संत रविदास की जयंती समारोहपूर्वक मनायी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता व कर्नल अजित दत्त ने की। इस मौके पर स्थानीय कवि कृत्यानंद राम को संस्था की ओर से द्विजदेनी स्मृति साहित्य सम्मान 2012 से नवाजा गया।
जयंती समारोह का शुभारंभ पूज्य संत द्वय के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पण के साथ हुआ। फिर सभाध्यक्ष कर्नल दत्त, उमाकांत दास, डा. एनएल दास, डा. एमएल शर्मा, हेमंत यादव शशि, जगत नारायण दास आदि ने स्वामी दयानंद की जीवनी पर प्रकाश डाला। उन लोगों ने बताया कि देश में व्याप्त तत्कालीन घृणा और द्वेष के स्थान पर सत्य एवं प्रेम का मनोहारी वतावरण बनाने के उद्देश्य से उन्होंने सन 1875 में मुंबई में आर्य समाज की स्थापना की थी। स्वामी जी ने अपने विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आजीवन देश भ्रमण किया। उन्होंने बाल विवाह, बहु विवाह एवं छुआछुत का भी विरोध किया।
वहीं मांगन मिश्र मातेण्ड, विनोद कुमार तिवारी, श्री कृष्ण सिंह, डा. मोतीलाल शर्मा, डा. अनुज प्रभात आदि ने संत रविदास पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि उनका जन्म बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी काशी में हुआ था। वे कबीर दास जी के समकालीन थे। वे कबीर और रामानंद दोनों को समान भाव से अपना गुरु मानकर उनके प्रति आदर तथा भक्ति रखते थे। बताया कि संत रविदास यह संदेश देने में सफल रहे कि उच्च कुल में जन्म लेने से ही कोई महान या पूज्य नहीं होता।
जयंती समारोह के अवसर पर ही नरपतगंज, सोनापुर निवासी किसान एवं कवि कृत्यानंद राम को परिषद की ओर से द्विजदेनी स्मृति साहित्य सम्मान 2012 से सम्मानित करते हुए कर्नल दत्त एवं अन्य प्रबुद्धजनों के हाथों शाल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र आदि से नवाजा गया। कार्यक्रम में संयोजक मनोज तिवारी, मृत्युंजय तिवारी एवं विनोद दास मौजूद थे।

पंच पापों से दूर रहकर ही पाया जा सकता है मोक्ष

पलासी (अररिया) : पंच पापों से दूर रहकर ही मोक्ष की प्राप्ति की जा सकती है। प्रखंड के बरदबट्टा पंचायत अंतर्गत उरलाहा गांव में आयोजित दो दिवसीय संतमत सत्संग के विशेषाधिवेशन के समापन अवसर पर शनिवार को बाहर से आये महात्मा अपना प्रवचन कर रहे थे। इस दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मुख्य रूप से प्रवचन कर्ता स्वामी वेदानंद बाबा, स्वामी आत्मशोधक बाबा, बिन्दु बाबा व अन्य संतों ने अपने विचारों से श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर प्रवचन कर्ताओं ने संतमत के मूल सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए पंच-पाप से लोगों को दूर रहते हुए सच्चे गुरु के माध्यम से मोक्ष प्राप्ति के उपायों पर विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम को सफल बनाने में सीताराम सिंह, विनोदानंद सिंह, नेहरू सिंह, सदानंद सिंह, गुणा सिंह, बाल कृष्ण झा सहित स्थानीय ग्रामीणों की भूमिका सराहनीय रही।

बैठक कर किया गया सीआरपी का चयन

पलासी (अररिया) : प्रखंड के विभिन्न संकुल केंद्रों पर सीआरपी के चयन को लेकर शनिवार को बैठक आयोजित की गयी। बैठक में सभी केंद्रों के लिए चार अलग-अलग विषयों के शिक्षकों का चयन किया गया। इस बाबत प्रखंड साधन सेवी मो. नोमानी ने बताया कि शनिवार को मालद्वार, मियांपुर, तरबी, बिहारी, बलुआड़चोढ़ी, बेलबाड़ी तथा चौरी-बरदबट्टा सीआरसी में बैठक आयोजित की गयी जिसमें चार अलग-अलग विषयों के शिक्षकों का चयन किया गया। जिसमें मालद्वार संकुल में देवनारायण यादव, रमेश प्रसाद साह, विकास कुमार विश्वास, शशिनाथ मंडल, आसिया प्रवीण, मियांपुर संकुल में मो. सउद आलम, जयंत कुमार, अनिल कुमार दास व शईद आलम आदि का चयन किया गया। इसके लिए पर्यवेक्षक के रूप में मो. खुर्शिद आलम, मो. नजीर हयात, सियाराम यादव, मनोज कुमार चौधरी, गुलाबचंद पासवान, उग्रनारायण यादव आदि संबंधित सीआरसी में मौजूद थे।

Sunday, February 12, 2012

मानव कल्याण के लिए पुरुषार्थ जरूरी: धर्मस्वरूप जी

भरगामा (अररिया) : मौजहा में चल रहा तीन दिवसीय विराट मानव धर्म सम्मेलन शुक्रवार को संपन्न हो गया।
इस अवसर पर मुख्य प्रवचन कर्ता आचार्य धर्म स्वरूप साहेब ने कहा कि इंसान को धोखा देकर भगवान की पूजा करना गलत है। उन्होंने कहा कि भाग्य के भरोसे इंसान का कल्याण संभव नही है, बल्कि कर्म व पुरुषार्थ होना जरूरी है।
समापन कार्यक्रम के दौरान एमएलसी डा. दिलीप जयसवाल, सांसद प्रदीप सिंह, विधायक देवयंती देवी, प्रखंड प्रमुख दिव्य प्रकाश यादवेंदू, जिप सदस्य मुस्ताक खान आदि उपस्थित थे। इस धर्म सम्मेलन में शामिल राजनीतिक दल के लोगों ने मौजहा में धर्म स्वरूप साहेब के नाम से सड़क निर्माण करने की बात कही। सम्मेलन में आम लोगों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया।
New Source - in.jagran.yahoo.com/news/local/bihar/4-4-97.html

पुण्यतिथि पर याद किये गये लालजी महतो

रानीगंज (अररिया) : शनिवार को लालजी उच्च विद्यालय के प्रागंण में एक कार्यक्रम के तहत स्व. लाल जी महतो की पुण्य तिथि मनायी गयी। स्थानीय ग्रामीणों, आगंतुक अतिथि एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों ने विद्यालय परिसर में स्थित उनके स्मारक स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित किया। दो मिनट के मौन के पश्चात वक्ताओं ने अपने-अपने विचार प्रकट किये। इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नवकांत झा, बीएलडी उच्च विद्यालय के प्रधानाचार्य अभय शंकर झा, लाल जी उच्च विद्यालय के प्रधानाचार्य रामचन्द्र रमण, कलावती कन्या उच्च विद्यालय के शिक्षक जयशंकर झा, प्रो. अरुण कुमार महतो सहित शिक्षक एवं छात्र गण थे।

किराना दुकान से पचास हजार की चोरी

फारबिसगंज (अररिया) : शहर के बड़ा शिवालय रोड स्थित एक किराना दुकान से शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर नगदी सहित पचास हजार मूल्य के चोरी कर ली। इस संबंध में पीड़ित दुकानदार अर्जुन प्रसाद गुप्ता ने फारबिसगंज थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी। चोरों ने चालीस से पैंतालीस हजार नगदी तथा दुकान में रखे समान की चोरी कर ली।

रामपुर ने एमएमसीसी को छह विकेट से हराया


बसैटी(अररिया) : सहारा क्रिकेट क्लब के बैनर तले रानीगंज प्रखंड के मधुलता गांव में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का पहला क्वार्टर फाइनल मैच एमएमसीसी मधुलता एवं रामपुर टीम के बीच खेला गया। जिसमें रामपुर की टीम छह विकेट से विजयी रही।
एमएमसीसी के कप्तान रंधीर कुमार ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पूरी टीम 18 ओवर में 103 रन बनाकर आल आउट हो गयी। जवाब में रामपुर की टीम ने मात्र 13 ओवर में चार विकेट खोकर यह लक्ष्य प्राप्त कर लिया।
विजेता टीम के कप्तान मो. अख्तर ने शानदार बालिंग का प्रदर्शन करते हुए चार विकेट लिये। वहीं, अपने हरफनमौला प्रदर्शन के लिए विजेता टीम के मो. इम्तियाज को मैन आफ द मैच का खिताब दिया गया। उन्होंने दो विकेट चटकाने के अलावा 24 गेंदों पर ताबड़तोड़ 36 रन भी बनाये। अंपायर की भूमिका जितेन्द्र कुमार व मिथिलेश कुमार ने निभाई। थर्ड एम्पायर रिंकु कुमार व अमित कुमार थे। स्कोरर धनंजय भारती थे, जबकि कमेंट्री का कार्य कृष्ण कुमार व विकास कुमार ने किया। शनिवार को दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच जलालगढ़ चक तथा सिमराहा के बीच खेला जायेगा।

गड़बड़ी का प्रयास हुआ तो चलेगा बुलडोजर: एसपी


अररिया : पुलिस पर हमले की हिम्मत जुटाने वाले अराजक तत्वों को उसकी कीमत भी चुकानी पड़ेगी। कानून के लंबे हाथ भले ही देर से पहुंचते हैं, क्योंकि पुलिस को अपने दायित्वों का भी ख्याल रखना पड़ता है, लेकिन उसके चंगुल से कोई बदमाश बच नही पाता है। ये बातें अररिया के एसपी शिवदीप लांडे ने महलगांव पुलिस पर हुई हमला के बाद कही है।
एसपी श्री लांडे ने बताया कि मुखिया पुत्र एवं अन्य तो विभिन्न योजनाओं की राशि के गबन के आरोपी तो थे ही अब वे पुलिस पर हमला करने के आरोपी भी हो गये हैं। पुलिस इस मामले में त्वरित कार्रवाई करेगी।
न्यायालय से आदेश मिलते हीं ऐसे आरोपियों के विरुद्ध कुर्की जब्ती करायी जायेगी। कुर्की के दौरान आरोपियों द्वारा गड़बड़ी करने का प्रयास किया गया तो घर पर बुलडोजर भी चलवाया जा सकता है।
एसपी श्री लांडे ने बताया कि आरोपियों द्वारा न केवल पुलिस कर्मियों के उपर पथराव किया गया बल्कि उन्होंने सामाजिक मर्यादा को भी तोड़ा है। पुलिस कर्मी के समक्ष वस्त्रहीन होकर निश्चय ही आरोपियों ने मानवीय मूल्यों के साथ खिलवाड़ किया है। एसपी ने बताया कि पुलिस कर्मियों को भगाने के लिये आरोपियों का नंगा हो जाना अपराध तो है हीं साथ ही समाज के लिये एक गैर जिम्मेदाराना हरकत भी।
उन्होंने ने बताया कि इस मामले में 10 नामजद एवं 40 से अधिक अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। अब दोनों ही मामले में पुलिस साथ-साथ कार्रवाई करेगी।

एसडीओ ने की छात्रावास अधीक्षक के निलंबन की अनुशंसा



फारबिसगंज(अररिया) : राजकीय अंबेडकर आवासीय उच्च विद्यालय में छात्रों द्वारा किये गये तोड़फोड़ मामले की गाज छात्रावास के अधीक्षक पर गिरी है।
घटना की जांच करने शनिवार को विद्यालय पहुंचे एसडीओ जीडी सिंह ने मामले की छानबीन के बाद छात्रावास अधीक्षक आनंद कुमार उरांव के निलंबन की अनुशंसा की। उन्होंने इस दिशा में उचित कार्रवाई के लिए डीडब्ल्यूओ एसके मिश्रा से कही।
श्री उरांव पिछले कुछ माह से छात्रावास अधीक्षक के पद पर हैं। इधर, एसडीओ की जांच के दौरान न तो छात्रावास की छात्र पंजी मिली और न ही भोजन का स्टाक रजिस्टर। वहीं, एसडीओ ने रसोईया रामजी उरांव को खाने में सुधार का निर्देश देते हुए उन्हें एक सप्ताह की मोहलत दी।
फिलहाल विद्यालय के शिक्षक मिथिलेश कुमार को छात्रावास अधीक्षक बनाया गया। घटना की जांच को लेकर डीडब्ल्यूओ एसके मिश्रा भी विद्यालय पहुंचे हुए थे। नये छात्रावास अधीक्षक श्री कुमार को रात को छात्रावास में ही रहने का आदेश दिया गया है, जबकि मौके पर मौजूद बीडब्ल्यूओ को एक सप्ताह तक प्रतिदिन विद्यालय पहुंचकर यहां मुआयना करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान एसडीओ तथा बीडब्ल्यूओ ने छात्रों एवं प्राचार्य सरयुग प्रसाद ठाकुर व श्री उरांव से छात्रों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में पूछताछ की। इस दौरान सीओ शिवशंकर प्रसाद सहित पुलिस बल तथा अन्य शिक्षक व छात्र मौजूद थे।
मौके पर एसडीओ ने छात्रों को कानून हाथ में नहीं लेने की हिदायत दी। एसडीओ ने बताया कि परीक्षा की तिथि तथा विद्यालय में सुविधाएं नहीं मिलने को लेकर छात्रों ने हंगामा किया था। इसमें भोजन में सुधार का निर्देश दिया गया है। जबकि विभाग द्वारा उपलब्ध जूता को लेने के लिए छात्रों को कहा गया है। एसडीओ ने छात्रावास, भोजन सहित अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया जिसमें कई अनियमितताएं मिली हैं। मालूम हो कि विद्यालय में शुक्रवार को छात्रों ने तोड़फोड़ एवं मारपीट किया था, जिसमें एक शिक्षक सहित कई छात्र घायल हो गये थे। जांच के दौरान सीओ शिवशंकर प्रसाद सहित पुलिस बल मौजूद था।

केआरपी व बीसी की बैठक

अररिया : साक्षर भारत मिशन से जुड़े मुख्य स्रोत व्यक्ति एवं प्रखंड समन्वयकों की एक बैठक शनिवार को महिला कॉलेज अररिया में आयोजित की गई। बैठक में एक माह तक साक्षरता केन्द्रों अनुश्रवण की रणनीति पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में साक्षर भारत की अध्यक्ष शगुफ्ता अजीम, डीपीओ साक्षरता प्रभारी बसंत कुमार, मुख्य कार्यक्रम समन्वयक प्रो. बीएन झा, आदि मौजूद थे।

डीएम ने की मनरेगा की समीक्षा

अररिया : शनिवार को समाहरणालय स्थित आत्मन कक्ष में मनरेगा योजना की समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी एम. सरवणन ने की। बैठक में सर्वप्रथम पिछले बैठक में दिये गये निर्देशों के अनुपालन पर समीक्षा हुई। इस दौरान सामने आया कि एमआईएस इंट्री किस स्तर पर कितना किया गया। इसका लेखा जोखा नही है। यहीं नहीं वर्ष 2012-13 के लिए अब तक लेबर बजट भी तैयार नहीं किया गया। समीक्षा क्रम में पाया गया कि सिकटी प्रखंड के एक पंचायत को छोड़ कहीं का बजट तैयार नही हुआ। इस मामले पर डीडीसी प्रभात कुमार महथा ने कहा कि हर हाल में 18 फरवरी तक यह कार्य पूर्ण करें। जिला परिषद के योजनाओं का एक्शन प्लान भी जल्द तैयार करने का निर्देश दिया गया। वहीं प्रत्येक पंचायत में दो-दो योजनाओं को जल्द चालू करने को कहा गया।

दो पथ हादसों में पांच जख्मी, एक गिरफ्तार

कुसियारगांव (अररिया) : उच्च पथ 57 पर शनिवार को अलग-अलग हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो नाबालिग सहित पांच लोग बुरी तरह जख्मी हो गये। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस व प्रशिक्षु डीएसपी अशोक कुमार दास घटना स्थल पर पहुंचकर बोलेरो सहित चालक को हिरासत में ले लिया और जख्मी को इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती करवाया। घायलों में जानकार अनुसार गैयारी कन्या विद्यालय समीप तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो ने गैयारी निवासी मो. आलम व मो. कमरूल को ठोकर मार दिया, वही दूसरी घटना जीरोमाइल के समीप वाहन की ठोकर से भगवान पुर निवासी उर्मिला देवी, सीता कुमारी, शिवानी कुमारी जख्मी हो गयी। वहीं थाना अध्यक्ष ब्रजेश कुमार पाठक ने बताया कि चालक टिंकू कुमार को हिरासत में ले लिया गया है।

मेले में हुआ हंगामा व मारपीट, पांच हिरासत में


फारबिसगंज (अररिया) : काली पूजा मेला में झूला पर जबरन झूलने को लेकर करीब एक दर्जन से अधिक युवकों ने शनिवार को मेला में हो हंगामा किया, जिसके बाद मेले से संबंधित लोग भी इकट्ठा हो गए तथा दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई।
सूचना मिलने पर फारबिसगंज थाना की पुलिस ने मेला पहुंचकर मामले को शांत कराया तथा पांच युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। मामले की छानबीन की जा रही है। घटना में करीब आधा दर्जन लोगों के चोटिल होने की सूचना है।

सेंट्रल बैंक में ऋण समझौता शिविर आयोजित


जोगबनी (अररिया) : सेंट्रल बैंक की जोगबनी शाखा में ऋण उगाही में तेजी लाने व लंबित ऋण समायोजन को ले गुरुवार को ऋण वसूली शिविर का आयोजन किया गया।
इस मौके पर बैंक के सहायक महाप्रबंधक अंजनी कुमार ने बताया कि सेंट्रल बैंक द्वारा ग्राहकों से सीधा संपर्क कर समझौते के तहत ऋण वसूली करती है। इसके तहत अबतक सौ से अधिक ग्राहकों ने इसका लाभ उठा अपना ऋण जमा किया। उन्होंने कहा इस व्यवस्था के तहत ऋण धारक निर्भीक हो बैंक में आ ऋण जमा करते है। इस मौके पर वरीय प्रबंधक बीएन झा ने कहा कि इस तरह के समझौते की सफलता को देखते हुए बैंक ने इसे प्रत्येक माह आयोजित करने का फैसला किया है।
इस मौके पर सहायक प्रबंधक सुजीत कुमार सिंह, शाखा प्रबंधक गिरीश मिश्रा, शुभ नारायण झा, राजेन्द्र साह, रामपूजन राम, पवन कुमार व सुजीत कुमार सहित भारी संख्या में ऋणधारक मौजूद थे।

पीएसए का राज्य स्तरीय सम्मेलन आज


अररिया : प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन का राज्य स्तरीय सम्मेलन रविवार को टाउन हाल में आयोजित किया गया है।
इस संबंध में एसोसिएशन के महासचिव एमए मुजीब ने बताया कि सम्मेलन मे पूरे बिहार के लोग शामिल हो रहे हैं। श्री मुजीब ने बताया कि प्राइवेट स्कूल संचालक अपने अधिकारों के लिए पूर्व से संघर्षरत है तथा आगे की रूपरेखा इसी सम्मेलन में तैयार की जायेगी।

समाज के विकास को लेकर आगे आयें युवा


अररिया : समाज के सर्वागीण विकास के लिए युवाओं को आगे आना होगा, साथ ही साथ आज के बिगड़ते माहौल में युवाओं को नैतिकवान एवं चरित्रवान बनने की जरूरत है। ये बातें अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने शनिवार को जिलेभर से आये युवाओं को संबोधित करते हुए नेताजी सुभाष स्टेडियम में कही। नेहरू युवा केंद्र संगठन अररिया के तत्वावधान में आयोजित युवा सम्मेलन सह खेल सामग्री वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए सांसद ने कहा कि देश की असली ताकत युवाओं में निहित है। अध्यक्षता कर रही जिप अध्यक्ष शगुफ्ता अजीम ने कहा कि युवा वर्ग ही समाज में क्रांतिकारी बदलाव ला सकते हैं। समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने में युवा युवा वर्ग सक्रिय पहल कर सकते हैं। जिला समन्वयक शिवजी पांडेय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी युवा को जागृत कर विकास की मुख्य धारा से जोड़ा जा जायेगा।
मौके पर पचपन क्लब के युवाओं को फुटबाल एवं वॉलीबाल दिया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका अनवरी खातून, सांसद प्रतिनिधि संजय मिश्रा, जिप सदस्य राजू झा, प्रताप विश्वास, सुधीर, सुशील, निक्की आदि ने भी युवाओं को संबोधित किया।

नवोदय परीक्षा आज, धारा 144 लागू


अररिया : नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए जांच परीक्षा रविवार को मुख्यालय के चार परीक्षा केंद्रों पर होगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक होगी। रविवार को होने वाली नवोदय परीक्षा में कुल 1807 परीक्षार्थी भाग लेंगे। हाईस्कूल में 482, ग‌र्ल्स हाईस्कूल में 531, आजाद एकेडमी में 478 तथा आदर्श मवि बाजार में 316 परीक्षार्थी का केंद्र निर्धारित किया गया है।
इधर डीईओ राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि परीक्षा की सारी तैयारी पूरी कर ली गयी है। वहीं रविवार के परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संचालन के लिए सदर एसडीओ डॉ. विनोद कुमार ने परीक्षा केंद्रों के इर्द- गिर्द धारा 144 लागू कर दिया है।

युबीजीबी का सीपीएसयू केंद्र शुरू

रानीगंज (अररिया) : ग्रामीण क्षेत्रों में शत प्रतिशत लोगों को बैंकिंग सेवा से जोड़ने के उद्देश्य से उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक द्वारा परसाहाट में सीपीएसयू केन्द्र का आरंभ बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार सिंह द्वारा किया गया। इस केन्द्र पर बैंक के ग्राहक तत्काल दस हजार के अधिकतम लेनदेन कर सकेंगे। यह जानकारी बैंक के रानीगंज शाखा प्रबंधक राधाकांत झा ने दी। इस अवसर पर नाबार्ड के डीडीएम सुनील कुमार झा ने भी अपने विचार रखे। मौके पर बैंक अधिकारी जमुना पोद्दार, जिला समन्वयक मुकेश कुमार आदि उपस्थित थे।

पूर्व नप अध्यक्ष पर राशि वापसी को ले सर्टिफिकेट केस


अररिया : जिला भू अर्जन पदाधिकारी ने अररिया नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार मिश्र समेत दो लोगों के विरुद्ध सर्टिफिकेट केस दायर किया है।
यह केस डीएलओ कैयूम अंसारी द्वारा श्री मिश्र व उनके भाई संजय कुमार मिश्र के विरुद्ध अधिग्रहीत जमीन का अधिक मुआवजा भुगतान लेने का आरोप लगाया है। जिला नीलाम पत्र वाद सं. 83 में विजय कुमार मिश्र पर 60 लाख 44 हजार 577 तथा वाद सं. 84 में संजय कुमार मिश्र पर 60 लाख 44 हजार 577 रुपया अधिक लेने का आरोप है।
डीएलओ श्री अंसारी द्वारा निर्गत पत्र सं. 23 के अनुसार हाईकोर्ट पटना ने दुर्गानंद मिश्र व अन्य बनाम बिहार सरकार के वाद सं. सीडब्लूजेसी 6331/11 तथा विजय कुमार मिश्र बनाम राज्य सरकार के मामले की संयुक्त सुनवाई के बाद 14 दिसंबर को आदेश पारित कर डीएलओ को सुनवाई के लिए अधिकृत किया गया था। इसके बाद डीएलओ ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूर्व नप अध्यक्ष व उनके भाई द्वारा एनएच सड़क निर्माण अधिग्रहण में ली गई 1 करोड़ 20 लाख 89 हजार 154 रुपये को जमा करने का आदेश पारित किया। आदेश पारित होने के बाद डीएलओ ने श्री मिश्र को पत्रांक 590 22 दिसंबर 8, 10 जनवरी व संजय मिश्र को 591 22 दिसंबर 09, 10 जनवरी के माध्यम से ली गयी अधिक राशि जमा करने का निर्देश दिया गया।
इधर, जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी बुद्ध प्रकाश ने बताया कि दोनों को धारा 7 के तहत नोटिस दी गयी है। श्री प्रकाश ने बताया कि एक माह के बाद सेक्शन 9 के तहत नोटिस व आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।

नवोदय कोचिंग सेंटर को भारती अवार्ड



अररिया : नवोदय कोचिंग सेंटर अररिया को नई दिल्ली में भारती अवार्ड से सम्मान से नवाजा गया है। यह सम्मान संस्था को उनके छात्र छात्राओं के प्रति उत्कृष्ट योगदान के लिये दिया गया है। यह जानकारी सेंटर के संस्थापक नदीम अहमद ने दी।

जीवन अभिकर्ताओं को मिली विनर ट्राफी


अररिया : भारतीय जीवन बीमा निगम के अररिया कार्यालय परिसर में शनिवार को बीमा अभिकर्ताओं के श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए उन्हें भागलपुर से आए एसडीएम पी.जयपूरिया द्वारा विनर ट्राफी प्रदान की गयी।
इससे पहले जीवन बीमा कार्यालय परिसर में अभिकर्ताओं द्वारा समारोह आयोजित कर अतिथियों का बूके से स्वागत किया गया। समारोह की अध्यक्षता शाखा प्रबंधक विनोद कुमार ने की। मौके पर श्री जयपुरिया ने कहा कि आज एलआईसी अपने अभिकर्ताओं की बदौलत ही सबसे उंचे स्थान पर है। इसलिए हर अभिकर्ता को अच्छे काम के साथ मार्केटिंग पर ध्यान देना चाहिए ताकि जीवन बीमा का विकास होता रहे। इस मौके पर सहायक शाखा प्रबंधक जय प्रकाश विकास अधिकारी केडी झा, वीरेश सिंह, नंद किशोर आदि मौजूद थे।

क्षतिग्रस्त व गायब पीलरों का संयुक्त सर्वे आज से


बथनाहा (अररिया) : शनिवार को पथरदेवा बार्डर पर नेपाल के प्रशासनिक अधिकारियों एवं सशस्त्र बल के साथ एसएसबी के अधिकारियों ने गायब एवं क्षतिग्रस्त बार्डर पिलर का सर्वेक्षण कार्य को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में आपसी सहमति एवं समन्वय के साथ दोनों देशों के अधिकारियों ने रविवार से क्षतिग्रस्त एवं गायब पिलरों के सर्वेक्षण कार्य करने का निर्णय लिया। बैठक में एसएसबी के पूर्णिया प्रक्षेत्र के डीआइजी केपी सिंह ने भी हिस्सा लिया। इस अवसर पर उनके साथ 24वीं वाहिनी बथनाहा के सेनानायक एकेसी सिंह तथा 18वीं वाहिनी वीरपुर के द्वितीय सेनानायक डीडी भोंबे, पथ निर्माण विभाग अररिया के अभियंता शंभू ठाकुर भी मौजूद थे। जबकि नेपाल की ओर सुनसरी जिला प्रशासन के प्रशासनिक अधिकारी नरेन्द्र भट्टराई, सर्वेक्षण पदाधिकारी मनोज सिंह, सुदीप श्रेष्ठ, एपीएफ निरीक्षक लोकेन्द्र सुनेदी, राम प्र. भंडारी आदि मौजूद थे।
बैठक के उपरांत एसएसबी के अधिकारी एवं नेपाल एपीएफ के अधिकारियों ने पथरदेवा स्थित अतिक्रमित नोमेन्स लैंड भूमि पिलर संख्या 186/75 का निरीक्षण किया तथा वहां बसे नागरिकों से बात की। उन्होंने बताया कि अतिक्रमित नोमेन्स लैंड एवं गायब तथा क्षतिग्रस्त पिलर का सर्वेक्षण कार्य रविवार से शुरू होगा। इसमें नेपाल के अधिकारियों के साथ एसएसबी व पीडब्लूडी विभाग के कर्मी शामिल रहेंगे।

वारंटी गिरफ्तार


फारबिसगंज : हत्या के एक पुराने मामले में वांछित वारंटी अप्राथमिक अभियुक्त अड़राहा निवासी अशोक यादव को फारबिसगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया।
ट्रक की ठोकर से नाला ध्वस्त
फारबिसगंज: सुभाष चौक स्थित सुल्तान पोखर जाने वाली पीसीसी सड़क के किनारे एक सप्ताह पूर्व बना नवनिर्मित नाला ट्रक की ठोकर से ध्वस्त हो गया।

नियुक्ति पत्र से वंचित अभ्यर्थियों ने डीइओ को घेरा


अररिया : वेतनमान पर बहाली के लिए अभ्यर्थी बने प्रशिक्षित अभ्यर्थियों ने शनिवार को डीइओ कार्यालय पहुंचकर डीइओ का घेराव किया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने डीइओ पर मनमानी करने का भी आरोप लगाया। रोहतास, कटिहार, कैमूर, भोजपुर, औरंगाबाद, बक्सर आदि जिलों के दर्जनों अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया तथा संयुक्त रूप से एक आवेदन डीइओ कार्यालय को सौंपा। इनलोगों ने आरोप लगाया कि जान बुझकर संपूर्णानंद विश्वविद्यालय व इसके अंतर्गत सभी बीएड कॉलेजों से प्राप्त प्रशिक्षित डिग्री वाले को नियुक्ति पत्र नहीं दिया जा रहा है। जबकि उच्च न्यायालय पटना ने इस विश्वविद्यालय द्वारा प्रदत्त शिक्षा शास्त्री की डिग्री को वैध ठहराया है। इसके बावजूद अररिया में लेवी का उद्देश्य रखकर 18 फरवरी की तिथि निर्धारित की गयी।
इस घटना के बाद डीइओ राजीव रंजन प्रसाद ने हंगामा करने वाले प्रशिक्षित शिक्षक अभ्यर्थियों के प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात की। डीइओ श्री प्रसाद ने अभ्यर्थियों को शांत कराते हुए 15 फरवरी तक नियुक्ति पत्र देने का आश्वासन दिया। श्री प्रसाद ने कहा कि विभागीय निर्देशानुसार जांचोपरांत ही नियुक्ति दी जायेगी। वहीं, अभ्यर्थियों ने कहा कि अन्य जिलों में नियुक्ति पत्र निर्गत कर दिया गया है, यहां झूठमूठ का विलंब किया जा रहा है।

रेल फाटक तोड़ने वाला ट्रक चालक गिरफ्तार


फारबिसगंज(अररिया) : सुभाष चौक स्थित रेल फाटक में पत्थर से लदे एक ट्रक ने ठोकर मार कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इसको लेकर कुछ देर के लिए ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा।
आरपीएफ ने ट्रक को जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है।
आरपीएफ प्रभारी सैयद एहसान अली ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रक संख्या बीआर 01/8535 को जब्त कर इसके चालक डुमरिया बांका निवासी नंदू कुमार तांती पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में कटिहार भेज दिया गया है, वहीं क्षतिग्रस्त फाटक की मरम्मत कर ट्रेनों का परिचालन आरंभ कर दिया गया है।

शिक्षा विभाग पर डीएम काआदेश भी बेअसर


अररिया : डीएम एम सरवणन के निर्देशों का पालन भले ही सारे विभागों द्वारा किया जाता है, लेकिन शिक्षा विभाग के अधिकारी पर इसका असर नहीं होता है। शायद इसी का नतीजा है कि 4 फरवरी को सर्व शिक्षा अभियान की समीक्षा बैठक में चार कस्तूरबा विद्यालय के मामले में कार्रवाई का निर्देश दिया गया था। निर्देश के पालन के लिए 5 फरवरी की तिथि निर्धारित थी, परंतु शनिवार को आत्मन कक्ष में आयोजित सर्व शिक्षा अभियान की समीक्षा बैठक में जब इस पर चर्चा हुई तो अनुपालन शून्य पाया गया।
डीएम के निर्देश पर डीडीसी प्रभात कुमार महथा ने समीक्षा की, लेकिन उनकी गैर मौजूदगी में केवल खानापूर्ति ही हुई। डीएम श्री सरवणन ने 4 फरवरी को अररिया जितवारपुर कस्तूरबा, सिकटी कस्तूरबा तथा जोकीहाट कस्तूरबा विद्यालय भवन निर्माण के संचालक पर 5 फरवरी तक प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया था, लेकिन शनिवार को मामला समीक्षा के दौरान सामने आया कि अररिया को छोड़ किसी प्रखंड में एफआईआर दर्ज नहीं की गयी। और न ही भरगामा में किसी दूसरे को प्रभार सौंप कर कार्य कराया गया।
बीईओ डॉ. बैजू झा ने बताया कि जितवारपुर कस्तूरबा विद्यालय के पूर्व प्रअ धर्मानंद झा के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करा दी गयी है। बैठक में यह भी मामला सामने आया कि पलासी कस्तूरबा के 57 छात्राओं का खाता आज तक बैंक में नहीं खोला जा सका है। गत बैठक में डीएम के निर्देश के बावजूद डीईओ ने भरगामा कस्तूरबा मामले की जांच नहीं की। इस बात को उन्होंने बैठक में भी स्वीकारा।
दिलचस्प बात तो रही कि बैठक के दौरान डीईओ जमकर झपकी लेते रहे। बैठक में यह भी सामने आया कि पिछले बैठक में 29 पंचायतों के शिक्षक का मानदेय नहीं मिलने की रिपोर्ट प्राप्त हुई थी। शनिवार तक मात्र 6 पंचायतों से उपयोगिता प्रमाण पत्र प्राप्त होने की बात डीईओ ने कही। डीडीसी ने शेष 23 पंचायतों को उपयोगिता प्रमाण पत्र सोमवार तक देने का निर्देश दिया। इस अवसर पर डीईओ राजीव रंजन प्रसाद, डीपीओ बसंत कुमार, विद्यानंद ठाकुर समेत कई अधिकारी मौजूद थे।

डेढ़ करोड़ की राशि से शुरू होगी काडा की 6 योजनाएं


अररिया : जिले के दो प्रखंडो में डेढ़ करोड़ की राशि से 6 योजनाओं का संचालन कराया जायेगा। इसके लिए सरकार ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसी मुद्दे को लेकर शनिवार को सहरसा के काडा अधिकारियों ने डीएम से मुलाकात कर विस्तृत जानकारी दी।
आत्मन कक्ष में हुए अनौपचारिक बैठक में डीएम एम सरवणन ने काडा के अधिकारियों को संपर्क में रहने का निर्देश दिया। काडा के कार्यपालक अभियंता राजेन्द्र राम ने डीएम को बताया कि फिलहाल सरकार ने अररिया जिले के फारबिसगंज व भरगामा प्रखंड में कुल 6 योजना के लिए एक करोड़ 33 लाख रुपये आवंटित किया है। उन्होंने यह भी बताया कि योजना में 50 फीसदी राशि केंद्रांश, 40 प्रतिशत राज्यांश तथा 10 प्रतिशत किसानों को अंशदान देना है। उन्होंने जानकारी दी कि एक योजना से 50 से 60 किसान लाभान्वित होंगे तथा योजना का क्रियान्वयन किसान समिति के माध्यम से कराया जायेगा। कार्यपालक अभियंता के अनुसार 6 योजनाओं से करीब 800 हेक्टेयर की भूमि आच्छादित हो सकती है।

पुत्र की हत्या के बाद परिजनों को धमकी


अररिया : उधार में लिए गये चार लाख रुपये को हड़पने की नीयत से फारबिसगंज के एक लड़के ने अपने ही दोस्त का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी।
इस संबंध में मृतक के परिजनों ने स्थानीय कोर्ट में मामला दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है। मामला दर्ज होने के बाद अब परिजनों को भी जान से मारने की धमकी दी जा रही है।

सभी बिचौलिए लाये जायेंगे कानून के शिकंजे में: डीआइजी


पलासी (अररिया) : करोड़ों रुपये के डेहटी पैक्स घोटाले के मुख्य आरोपी पैक्स प्रबंधक रूद्रानंद झा व बिचौलिया राम पुकार चौधरी की चल अचल संपत्ति के जब्ती के क्रम में शनिवार को डीआईजी अमित कुमार ने कहा कि बिचौलिया कोई भी उसे कानून के शिंकजे में लाया जायेगा।
उन्होंने कहा कि बिहार में बिचौलियों की संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया पहली बार हो रही है, जबकि पूर्व में सरकारी लोक सेवकों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की गयी थी। इस जब्ती के पश्चात बिहार सरकार द्वारा दोनों आरोपियों को नोटिस दी जायेगी। संतोषप्रद जवाब नही देने पर संपत्ति को स्थायी रूप से भी जब्त किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि डेहटी पैक्स घोटाला वर्ष 2008 के पूर्वा‌र्द्ध प्रकाश में आया था। पुलिस इस मामले में त्वरित कार्रवाई कर घोटाले का उद्भेदन किया गया। वहीं इसी आरोप में बिहार सरकार द्वारा अबतक सात लोक सेवकों को बर्खास्त किया जा चुका है।
डीआईजी ने कहा कि भ्रष्टाचार उन्मूलन के मामले में सरकार की स्पष्ट नीति है। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने हेतु हर संभव कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि अन्य बिचौलियों को दबोचने के लिए कार्रवाई जारी है। वे किसी भी सूरत में बच नहीं पायेंगे।

टी-20 फाइनल मुकाबला में काशीबाड़ी ने जीता

जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड के उदाहाट में खेले गये टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में शनिवार को काशीबाड़ी की टीम ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए उदाहाट की टीम को तीन विकेट से हराकर इनामी ट्राफी पर कब्जा जमा लिया। काशीबाड़ी टीम के दीपक को मैन आफ द मैच का पुरस्कार दिया गया, जिन्होंने चार विकेट व दस रन बनाये। टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए उदा की टीम ने 15 ओवर में सभी विकेट खोकर 93 रन पर सिमट गई। जवाब में उतरी काशीबाड़ी की टीम ने ग्यारहवें ओवर में सात विकेट खोकर जीत हासिल कर लिया। मुख्य अतिथि इंदरजीत सिंह ने विजेता टीम को ट्राफी प्रदान किया। टूर्नामेंट के आयोजन में अनिल गुप्ता, जाहिद, साकिब व मुजाहिद की सराहनीय भूमिका रही।

जलालगढ़ चक ने सिमराहा को 72 रनों से हराया

बसैटी(अररिया) : रानीगंज प्रखंड के मधुलता गांव में सहारा क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में शनिवार को खेले गये दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में जलालगढ़ चक ने सिमराहा को 72 रनों से पराजित किया। टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जलालगढ़ चक की टीम सभी विकेट खोकर 18 ओवर में शानदार 175 रन बनायी। टीम के कप्तान संजीव कुमार ने 20 रन तथा प्रीतम कुमार ने 18 गेंद पर 40 रन बनाये। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिमराहा की टीम 18 ओवरों में मात्र 103 रन बनाकर आल आउट हो गयी। सिमराहा टीम के कप्तान पंकज कुमार ने 34 गेंदों पर 39 रन बनाये। विजेता टीम के खिलाड़ी सतीश कुमार को मैन आफ द मैच का पुरस्कार दिया गया, जिन्होंने पांच विकेट लिये। क्लब के अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार ने बताया कि तीसरा क्वार्टर फाइनल मैच वाईसीसी मधुलता एवं पूर्वी हिंगना के बीच रविवार को खेला जायेगा। मैच के निर्णायक विकास, सुरेश, मिथिलेश थे जबकि कमेंट्री रितेश कुमार आदि कर रहे थे।

मारपीट में दो घायल


भरगामा (अररिया) : थाना क्षेत्र के वीरनगर पूरब पंचायत स्थित टपडो टोले में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें दोनों पक्षों के एक- एक व्यक्ति घायल हो गये। इस संबंध में मो. कुद्दूस के बयान पर द्वितीय पक्ष के पंद्रह लोगों पर भरगामा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है।
वहीं, द्वितीय पक्ष के मो. नसीर को गंभीर चोट लगने के बाद उसका इलाज पूर्णिया में कराया जा रहा है। हालांकि द्वितीय पक्ष से अब तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं करायी गयी है। थानाध्यक्ष अनमोल कुमार ने बताया कि द्वितीय पक्ष के तरफ से कोई सूचना नही मिली है।

Saturday, February 11, 2012

आग से प्रतिवर्ष सैकड़ों घर हो रहे राख


भरगामा (अररिया) : एक अदद अग्निशामक के अभाव में भरगामा प्रखंड के सैकड़ों घर प्रति वर्ष आग की लपटों में स्वाहा हो रहे हैं। साथ हीं राख हो जाते हैं आम लोगों के गाढ़ी कमाई के साथ उनके सपने भी।
चर्चा अगर पिछले कुछ महीनों में हुई आग से तबाही की करें तो महज एक वर्ष के अंदर कम से कम सैकड़ों घर तथा लाखों की संपत्ति को आग ने देखते हीं देखते लील लिया।
प्रखंड के मुस्लिम टोला भरगामा में एक वर्ष पूर्व हुई अगलगी में जर्बदस्त तांडव मचा। यहां सत्तो राम, सिवन राम, मो. मतीन, मो. इबरार, मो. कुर्शीद, मंजूर, मो. आलम समेत अन्य के कम से कम 80 घर को देखते हीं देखते जलकर राख हो गये। आग की इस घटना में सैकड़ों क्विंटल अनाज, गहने, नगदी के साथ दो दर्जन से उपर मवेशी भी स्वाहा हो गए। आग की विनाशलीला जब थमी तो बस्ती राख के ढेर में तब्दील हो चुकी थी। कुछ हीं दिनों बाद हिंगवा गांव में हुई आग की घटना में भी डेढ़ दर्जन से उपर घर तथा करीब लाख से उपर की संपत्ति भी राख हो गई।
इस घटना केबाद तो जैसे आग लगने का सिलसिला ही प्रारंभ हो गया। मंगलवार चरैया, खुटहा, खजुरी, वीरनगर आदि गांवों में एक वर्ष के अंदर कम से कम ढ़ाई सौ घर जलकर राख हो गये हैं। इन घटनाओं में कई दर्जन मवेशी के साथ लाखों की संपत्ति जलने का अनुमान है।
आग से क्षति का खामियाजा भुगतना यहां के लोगों का नसीब सा बन चुका है। गाढ़ी कमाई के रूप में सर्वस्व गंवा चुके लोग बताते हैं कि आवेदन के माध्यम से तत्काल सहायता की गुहार प्रशासन से भी लगाई गई, लेकिन कोई सहायता नहीं मिली।

गुरू बिन परमात्मा की अनुभूति असंभव: ओमानंद


जोकीहाट(अररिया) : गुरु के बिना परमात्मा की अनुभूति संभव नही है। गुरु ही ईश्वर भक्ति के भेद बताते हैं। उक्त बातें शाही स्वामीजी महाराज के शिष्य स्वामी ओमानंद जी महाराज ने सिसौना यादव टोला में गुरुवार को आयोजित दो दिवसीय संतमत सत्संग के समापन समारोह में भक्तों की भीेड़ को संबोधित करते हुए कही।
वहीं, अपने प्रवचन में दानापुर पटना के गुरूशरण बाबा एवं रणजीत बाबा ने कहा सभी मनुष्य ईश्वर की संतान है। मनुष्य मात्र से प्रेम करो।
इस संत्सग में जोकीहाट, सिमरिया, दभड़ा ,धोबनियां आदि गांव से आयी भक्त ों की भीड़ ने गुरूओं की अमृतवाणी का लाभ उठाया। इस महासत्संग को सफल बनाने में कमलेश्वर यादव, मनोज यादव, चन्द्रेश्वर यादव, रणजीत यादव,जयप्रकाश भगत,मायानंद रजक,धनेश्वर यादव एवं ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई ।