Saturday, February 18, 2012

लिंक फेल होने से खाताधारी परेशान


नरपतगंज (अररिया) : साहेबगंज के हाजरा खातुन की बेटी की निकाह 22 को है। उनका पैसा सेंट्रल बैंक आफ इंडिया में है। वे विगत सात दिनों से बैंक का चक्कर काट रही हैं लेकिन लिंक फेल है। पैसा नहीं निकल रहा है। हाजरा को डर है कि कहीं उसकी बेटी का निकाह टूट न जाए। इसी तरह थलहा की नीला देवी की बेटी का गौना 24 तारीख को है। क्या वे खुद का जमा किया पैसा बैंक से निकाल पाएगी?
गढि़या के मो. अजीज को पूर्णिया के डाक्टरों ने सिलीगुड़ी रेफर कर दिया है। लेकिन ये अपना पैसा बैंक से निकालने जाते हैं तो वहां लिंक फेल मिलता है। ऐसे कई उदाहरण हैं। भीमपुर के मानन ऋषिदेव खैरा कोशकापुर के इदरीस साफी, नंदू साह, विपीन ऋषिदेव आदि विगत शुक्रवार से सेंट्रल बैंक आफ इंडिया की शाखा से अपनी जमा पैसा खाता से निकालने की सोच रहे हैं लेकिन लिंक फेल होने की वजह से पैसा विगत सात दिनों से नही निकाल पा रहे है। रोजाना सेंट्रल बैंक के सामने दो से तीन दर्जन व्यक्ति खड़े रहते है अब लिंक आयेगा और वे पैसा निकाल पाएंगे। दूसरे तरफ कोआपरेटिव बैंक का भी पैसा इसी बैंक में रहने की वजह से धान खरीद पर भी असर डाल रहा है। शाखा प्रबंधक मिथिलेश कुमार भी आम लोगों की परेशानी समझ रहे हैं। लेकिन लिंक फेल होने की वजह से कुछ नही कर पा रहे हैं। श्री कुमार ने बताया कि खाताधारियों का पासबुक जमा लेकर फारबिसगंज सेंट्रल बैंक से पैसा निकासी की पहल की जा रही है।

0 comments:

Post a Comment