Saturday, January 1, 2011

तीन दर्जन से अधिक मुखियों पर दर्ज हुई प्राथमिकी

अररिया  : जिले में सरकारी योजनाओं में घपले-घोटालों में पंचायत प्रतिनिधियों की संलिप्ता उजागर किये जाने के लिए भी याद किया जायेगा बीता वर्ष 2010। दरअसल जिले में तेज तर्रार आईएएस एम सरवणन के पदस्थापन के बाद से ही यहां तह-दर-तह घपलों की फाइलें खुलनी शुरू हो गई। डेहटी पैक्स घोटाला हो या इंदिरा आवास राशि में घपला..। सब में डीएम-डीडीसी से लेकर मुखियों तक की सहभागिता बीते वर्ष प्रमुखता से उजागर हुए। डेहटी पैक्सों घपला को ले जिले के आधा दर्जन बीडीओ जहां संस्पेंड हुए वहीं तत्कालीन डीएम व डीडीसी पर भी एफ आई आर दर्ज हुआ। लेकिन घपले जो सबसे अधिक चर्चा में रहे वे हैं इंदिरा आवास राशि लूट में मुखियों की संलिप्तता। डीएम एम सरवणन की पहल पर कमेटी बनाकर जब हर पंचायतों में इंदिरा आवास की जांच कराई गई तो आश्चर्यजनक रूप से अधिकांश में इस योजना में गड़बड़ी पाई गई। तब उनकी पहल पर जिले के 218 पंचायतों में से करीब तीन दर्जन से अधिक मुखियों पर विभिन्न थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। हालांकि कई मुखियों ने कोर्ट से जमानत पा लेने में सफलता पा ली है। किंतु कई दोषी मुखियों की गिरफ्तारी अभी जारी है।
फारबिसगंज के पूर्व बीडीओ अजय ठाकुर ने जोगबनी थाना कांड संख्या 11/10 दर्ज कराकर भद्रेश्वर पंचायत के मुखिया पति जय प्रकाश राम समेत कई पर जालसाजी व धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। उन्होंने फारबिसगंज थाना कांड संख्या 27/10 दर्ज कराकर मुखिया परमानन्द यादव, वार्ड सदस्य समेत कई को भी आरोपित किया। वहीं उन्होंने फारबिसगंज थाना कांड संख्या 28/10 दर्ज कराकर ग्राम पंचायत महियारी के पूर्व मुखिया प्रदीप देव समेत कई को नामजद कराया तो फारबिसगंज थाना कांड संख्या 35/10 दर्ज कराकर हरिपुर के मुखिया पुत्र, समिति सदस्य आदि को भी नामजद कराया।
उन्होंने फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुसहरी के मुखिया पति, पंचायत समिति सदस्य आदि 14 लोगों को नामजद कर कांड संख्या 36/10 दर्ज कराया अम्हारा पंचायत मुखिया के भाई गोपाल चौधरी आदि को आरोपित किया।
उधर, अररिया प्रखंड के बीडीओ पद पर पदस्थापित रहे संजय कुमार ने अररिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कर बनगामा पंचायत के मुखिया, रामपुर कोदरकट्टी पंचायत के मुखिया रईश, चातर पंचायत के मुखिया समसुद्दीन समेत कई लोगों को इंदिरा आवास योजना में हेराफेरी का आरोपी बनाया।
वहीं उन्होंने कई आरोपों को उल्लेखित करते अपने तत्कालीन निलंबित नाजीर रामेश्वर प्रसाद मंडल को अररिया कांड संख्या 3710 में नामजद किया तथा धोखाधड़ी कर सरकारी राशि का गबन का आरोप लगाया।
उधर, पलासी के बीडीओ ब्रजेश कुमार ने भी भीखा पंचायत के मुखिया पति, वार्ड सदस्य आदि बारह लोगों को आरोपित किया।
तो भरगामा प्रखंड में पूर्व पदस्थापित बीडीओ नरेश झा ने भी कांड संख्या 06/10 दर्ज कराया, जिसमें घटना तिथि एक जुलाई 06 से 29 जून, 2007 तक का उल्लेख कर रघुनाथपुर दक्षिण पंचायत के मुखिया दुर्गानंद सिंह को आरोपित किया।
कुर्साकांटा प्रखंड के बीडीओ संजय कुमार ने कांड संख्या 23/10 दर्ज कराया, जिसमें ग्राम पंचायत कुर्साकांटा के मुखिया पति चिन्तलाल मंडल, ग्राम-प. हरिरा के मुखिया सुदामा सिंह समेत करीब 16 लोगों को आरोपित किया।
दूसरी ओर जोकीहाट प्रखंड क्षेत्र में घपले-घोटाले में करीब डेढ़ दर्जन प्राथमिकी दर्ज की गयी।
जोकीहाट थाना कांड संख्या 41/10 में वहां पदस्थापित रहे बीडीओ नूर अहमद शिवली ने मटियारी पंचायत के मुखिया जोहरा खातुन व अन्य समेत मुखिया पति अयुब सहित चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी तो कांड संख्या 42/10 में भगवानपुर पंचायत के मुखिया पति सैय्याद आलम, तथा कांड संख्या 43/10 ग्राम पंचायत गिरदा के मुखिया रबिना खातुन समेत दो के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी।
वहीं जोकीहाट थाना कांड संख्या 44/10 में पथरावाड़ी पंचायत के पूर्व मस्लिम इस्लाम अंसारी, उप मुखिया अरशद समेत चार नामजद हुये तो ग्राम पंचायत डुब्बा के मुखिया मुन्ना के विरुद्ध भी जोकीहाट कांड संख्या 45/10 दर्ज हुआ। जोकीहाट (महलगांव) थाना कांड संख्या 48/10 में कुरसेल पंचायत के मुखिया प्रदीप कुमार यादव, कांड संख्या 49/10 में भूना पंचायत के मुखिया बीबी गुलसन, कांड संख्या 50/10 में चौकता पंचायत के मुखिया मुअज्जम, कांड संख्या 51/10 में महलगांव पंचायत के मुखिया संजय कुमार तथा कांड संख्या 52/10 में मुखिया जलालुद्दीन समेत दो को आरोपित करते हुए प्राथमिकी दर्ज की गयी। वहीं चकई पंचायत ने मुखिया अशोक गुप्ता समेत दो पर मामला ठोका तो कांड संख्या 63/10 में काकान पंचायत के मुखिया मो. आरिफ समेत कई आरोपित हुये। जोकीहाट थाना कांड संख्या 64/10 में पूर्व मुखिया कौशर समेत उपमुखिया कासीम तथा कांड संख्या 65/10 में डुब्बा पंचायत के मुखिया मो. मुस्ताक को नामजद किया गया।
उधर सिकटी के बीडीओ मो. अतहर हुसैन ने पंचायत सचिव देवी सरदार समेत चार लोगों को आरोपित किया।
रानीगंज थाना कांड संख्या 50/10 में वहां पदस्थापित रह चुके बीडीओ विनोद कुमार ने कांड संख्या 50/10 दर्ज कराया, जिसमें कोशकापुर दक्षिण पंचायत के मुखिया दु:ख मोचन यादव, हांसा पंचायत के मुखिया मुली लाल मंडल समेत करीब साढ़े तीन दर्जन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराया।
नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र भी इससे पीछे नहीं रहा। बीडीओ नरेश कुमार सिंह ने कांड संख्या 43/10 दर्ज कराया, जिसमें गोखलापुर के मुखिया अमीरउद्दीन, बड़हरा के पूर्व मुखिया मो. तस्लीम को आरोपित किया तो पलासी के बीडीओ रह चुके गणपति राम ने पलासी थाना कांड संख्या 44/10 दर्ज कराया, जिसमें ग्रा.-प. सुखसैना के मुखिया समेत मुखिया पुत्र रेहान समेत आठ लोगों को नामजद किया गया।
उधर फारबिसगंज के एसडीओ कुंदन कुमार ने कांड संख्या 93/10 दर्ज कराया, जिसका जालसाजी कर सरकारी राशि गबन का आरोप लगाकर बीडीओ अजय ठाकुर, कनीय अभियंता वीर बहादुर सिंह, रोजगार सेवक रंजीत कुमार, हरिपुर के मुखिया नूर मोहम्मद, अम्हारा के मुखिया प्रकाश चौधरी फारबिसगंज के अधिकारी अवधेस मंडल आदि को आरोपित किया।
अररिया डीआरडीए निदेशक मो. जफर रकीब ने भी जालसाजी व सरकारी कार्य में विघ्न डालने के मामले के तहत से.नि. लेखापाल ए.के.सिंह के विरुद्ध अररिया थाना कांड संख्या 29/10 दर्ज कराया। तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल पर जिला पदाधिकारी के आदेशानुसार अररिया थाना कांड संख्या 283/10 दर्ज हुआ। उसमें पूर्व डीएम अमरेन्द्र कुमार, पूर्व डीडीसी बाल्मीकि प्रसाद, कार्यपालक अभियंता, कई सहायक व कनिय अभियंता आरोपित हुये। इसमें आठ करोड़ इंदिरा आवास की आवंटित राशि का बंदरवाट का आरोप है।
दूसरी ओर अररिया थाना कांड संख्या 481/10 में थानाध्यक्ष अररिया राम शंकर सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराया, जिसमें पूर्व डीडीसी रहे एमएम तलहा साजिद को आरोपित किया गया। हालांकि उपरोक्त मामले अभी अदालत में लंबित है तथा इसमें अनेकों ने जहां जमानत प्राप्त कर ली है तो कई के विरुद्ध वारंट भी निर्गत है। वैसे अदालत में मामले के विचारण के बाद हीं घटना की सत्यता सामने आयेगी।
वैसे वर्ष 2011 में पंचायत चुनाव होने की घोषणा जारी है। जिस कारण जिले वासियों समेत सरकार का विशेष दायित्व सामने आ खड़ा हुआ है ताकि जहां जिले के बागडोर की जिम्मेदारी समेत पंचायत चुनाव में वैसे लोगों को दायित्व सौंपा जाय जो जनहित में खड़े उतरे।

0 comments:

Post a Comment