Showing posts with label Raniganj Bihar. Show all posts
Showing posts with label Raniganj Bihar. Show all posts

Wednesday, July 4, 2012

लोड ट्रक खराब हो जाने से राजमार्ग पर लगा लंबा जाम


रानीगंज (अररिया) : रानीगंज-भरगामा मोड़ पर सड़क निर्माण कंपनी का एक लोडेड ट्रक खराब हो जाने से बुधवार की सुबह से ही अररिया-सुपौल मार्ग अवरुद्घ रहा। जाम के कारण इस सड़क के दोनों दिशाओं में दूर-दूर तक भारी वाहनों की कतार खड़ी रही। मार्ग अवरुद्ध होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रानीगंज थानाध्यक्ष अरुण सिंह ने स्थानीय प्रशासन की मदद से सड़क से ट्रक को हटाकर आवागमन बहाल करने का प्रयास किया। परंतु क्षमता से अधिक भार लिये ट्रक को हटाया नही जा सका। बताया जाता है कि सड़क निर्माण कंपनी गैमन इंडिया के इस ट्रक पर क्षमता से कई गुणा अधिक निर्माण सामग्री लोड है। सड़क के निर्माण के बाद लोगों को जहां आवागमन की ढेर सुविधाएं प्राप्त हुयी है वहीं इस स्टेट हाइवे 76 एवं 77 पर सड़क दुर्घटनाएं एवं इन पर चलने वाली भारी वाहनों से उत्पन्न जाम के कारण लोगों की परेशानियां काफी बढ़ने लगी है।

Tuesday, July 3, 2012

बम विस्फोट में महिला मजदूर घायल, हड़कंप


रानीगंज (अररिया) : रानीगंज थानाक्षेत्र के परिहारी गांव में खेत में छिपाकर रखे जिंदा बम के विस्फोट से सोमवार एक मजदूर महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी। जिसे बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया भेजा गया है। जबकि घटनास्थल पर पहुंचे रानीगंज थानाध्यक्ष अरुण सिंह मामले की तहकीकात में जुट गये हैं।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह परिहारी गांव वार्ड नं. 3 के अजय यादव की पत्‍‌नी कल्पना देवी (30 वर्ष) खेत से मूंग की फसल तोड़कर लौट रही थी। इसी क्रम में उसका पैर खेत में घास के नीचे छिपा कर रखे जिंदा बम से टकरा गया जिससे जोरदार विस्फोट हुआ। इस बम धमाके में कल्पना देवी का बायां पैर बुरी तरह जख्मी हो गया। साथ चल रहे मजदूरों एवं ग्रामीणों के सहयोग से जख्मी हालत में कल्पना देवी को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया भेजा गया। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अरुण सिंह घटना से संबंधित सभी पहलुओं की तहकीकात में जुटे हैं। खेतों के मालिक बौकू राम एवं केदार राम से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। खेतों में और बम के अंदेशा को लेकर पुलिस छानबीन कर रही है।

Sunday, July 1, 2012

जालसाजी मामले में पूर्व उपमुखिया गिरफ्तार

रानीगंज (अररिया) : रानीगंज थाना क्षेत्र के पचीरा पंचायत में मात्र 70 डिसमिल के बदले 1 एकड़ 70 डिसमिल जमीन धोखाधड़ी कर रजिस्ट्री कराने वाला जलासाज सह पचीरा पंचायत का पूर्व उप मुखिया रामानंद सिंह को रानीगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया। अररिया के न्यायिक दंडाधिकारी रवि कुमार के न्यायालय से निर्गत कुर्की के आदेश पर रानीगंज पुलिस ने इस जालसाज को रानीगंज प्रखंड कार्यालय से गिरफ्तार किया। रानीगंज थाना कांड संख्या 241/10 एवं 262/10 का प्रथम अभियुक्त रामानंद सिंह के गिरफ्तारी के संबंध में शनिवार को पुलिस अधीक्षक शिवदीप लांडे ने रानीगंज थाने में कहा कि इस जालसाज की पहचान इंदिरा आवास के बिचौलिया के रूप में भी पुलिस ने किया है। पुलिस कप्तान ने महादलित के भूमि खरीद में वित्तीय अनियमितता से संबंधित मामले की चर्चा करते हुए कहा कि इस प्रकार के मामले को थाने की अपराध पंजी में डालने का निर्देश उन्होंने थानाध्यक्ष को दिया है।

Thursday, June 28, 2012

सड़क पर राहगीर की मौत


रानीगंज (अररिया) : रानीगंज पेट्रोल पंप के समीप बुधवार को सड़क पर चल रहे 55 वर्षीय एक राहगीर की मौत हो गयी जिसकी पहचान अब तक नहीं हो पायी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक यूडी केस दर्ज कर शव को अंत्यपरीक्षण के लिए अररिया भेजा है।
ब्लू रंग की लुंगी एक धारीदार लाल रंग कमीज पहने सांवले रंग का 55 वर्षीय प्रौढ़ व्यक्ति की पहचान में जुटी पुलिस को देर शाम तक सफलता नहीं मिली। बताया जाता है कि रानीगंज-फारबिसगंज मार्ग पर उत्तर की ओर जा रहे इस अकेले व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ गयी और उसके नाक से खून बहने लगा। जिसे आनन फानन में लोगों ने रानीगंज अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचे एसआई सुभाष सिंह की उपस्थिति में मृत व्यक्ति की ली गयी तलाशी में उसके पहचान से संबंधित कोई कागजात नहीं मिला। जबकि उसके झोले से मूंग, गमछा एवं 205 रुपये नगद प्राप्त किये गये। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि इस अज्ञात व्यक्ति के शव का पोस्टमार्टम कराने के उपरांत दो दिनों तक इनके परिजनों के आने का इंतजार पुलिस को रहेगा।

महादलित जमीन घोटाला : निगरानी टीम ने खंगाले बैंक खाते


रानीगंज (अररिया) : महादलितों की जमीन खरीददारी में हुयी वित्तीय अनियमितता सहित अन्य गड़बड़ी की जांच को सप्ताह पूर्व आयी निगरानी टीम के जांच का काम बुधवार को भी जारी रहा। इस दौरान जांच दल ने गीतवास, विस्टोरिया, पहुंसरा, वेलकच्छी आदि मौजा में खरीदी गयी जमीन का स्थल निरीक्षण किया। जांच के दौरान बुधवार को जांच ने बैंक खाता का भी अवलोकन किया। कजरा मौजा में अनिल पंजियार से खरीदी गयी जमीन के लेन-देन की जांच हेतु दल ने स्टेट बैंक के रानीगंज शाखा में पहुंच कर उसके खाता की भी जानकारी ली। जांच के दौरान जांच दल के मुखिया पुलिस उपाधीक्षक अश्वनी कुमार ने बताया कि जांच टीम महादलितों के लिए खरीदी गयी सभी मौजा की जमीनों के दस्तावेजों की जांच कर रही है तथा इससे संबंधित सभी पहलुओं पर पैनी नजर है।
इधर अंचल कार्यालय रानीगंज का वातावरण बिलकुल शांत है। विदित हो कि महादलितों के भूमि खरीद में वित्तीय अनियमितता के कारण अंचलाधिकारी निलंबित हैं।

Tuesday, June 26, 2012

12 वर्षीय लड़की का शव बरामद


रानीगंज (अररिया) : रानीगंज- सुपौल-रानीगंज मार्ग पर यामून घाट पुल के नीचे नदी से सोमवार की सुबह एक 12 वर्षीय लड़की का शव बरामद हुआ। संदिग्ध अवस्था में नदी से बरामद लाश की पहचान बरबन्ना धरकार टोला वासी महेन्द्र धरकार की पुत्री सोनी कुमारी के रूप में हुयी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेज अनुसंधान प्रारंभ कर दिया है।
जानकारी अनुसार पुल के नीचे नदी में एक लड़की की शव की खबर सोमवार के सुबह पूरे रानीगंज में जंगल में लगी आग की तरह फैल गयी। इस संबंध में मृतका सोनी कुमारी की माता लीला देवी तथा पिता महेन्द्र धरकार का कहना है कि रविवार के दिन से ही उनकी पुत्री घर से निकली थी जो शायद नदी के ओर गयी थी। शाम तक उनकी पुत्री नहीं लौटी तो उसे खोजा गया परंतु वो नही मिली। सोमवार की सुबह उनके भांजे राजू धरकार ने सूचना दी कि सोनी कुमारी की लाश जामून घाट पुल के नीचे नदी से बरामद हुई है। इधर इस घटना को लेकर पुलिस ने यूडी मामला दर्ज कर विभिन्न स्तरों पर तहकीकात आरंभ किया है।

रानीगंज रेफरल अस्पताल में आउटडोर की सेवा बाधित

रानीगंज (अररिया) : विभिन्न मांगों के समर्थन में सोमवार को चिकित्सकों के देशव्यापी हड़ताल के कारण रानीगंज रेफरल अस्पताल में आउटडोर की सेवा बाधित रही। विभिन्न गांवों से पहुंचे गरीबों का हाल जानने कोई चिकित्सक उपस्थित नही था जबकि अस्पताल में आपातकालीन सेवा बहाल थी। कुत्ता काटने की दवा लेने पहुंची रामपुर गांव की सवीदा खातुन को भी बैरंग वापस घर जाना पड़ा जबकि काला बलुआ बैद्यनाथपुर को सानु हांसदा, महचंदा का मुख्तार आलम, रेशमलाल चौक की मसोमात झुआ देवी सहित कई दर्जन मरीज अस्पताल से बिना इलाज कराये वापस गये। इस संबंध में चिकित्सा प्रभारी डा. सीपी मंडल ने बताया कि निजी नर्सिग होम की देख-रेख व जांच के लिये गठित कमिटी में आइएएस अधिकारी एवं एमसीआई के अध्यक्ष पद पर चिकित्सक के बजाय किसी आईएएस अधिकारी की तैनाती के विरोध में चिकित्सकों का एक दिवसीय देशव्यापी हड़ताल की गयी है।

महिला ने जना विचित्र बच्चा

रानीगंज: सोमवार को सुबह रानीगंज रेफरल अस्पताल में गीतवास ग्राम वार्ड नं. 06 वासी उमेश मंडल की पत्‍‌नी भौली देवी ने एक विचित्र शक्ल के बच्चे को जन्म दिया। बच्चे के कमर के उपर के सभी अंग सामान्य तो थे परंतु कमर के नीचे मात्र एक पैर की आकृति में थे। जन्म के एक घंटे बाद बच्चे की मृत्यु हो गयी। इस विचित्र आकृति के साथ जन्म लिए बच्चे को देखने लोगां की भीड़ अस्पताल में हो गयी।

Sunday, June 24, 2012

फरियानी नदी के लगातार कटाव से संकट में किसान


रानीगंज (अररिया) : प्रखंड के दो महत्वपूर्ण पंचायत हसनपुर एवं बरबन्ना के बहुत बड़े उपजाऊ भूखंड का वजूद फरियानी नदी के लगातार कटाव क कारण खतरे में पड़ गया है। इन दोनों पंचायतों के अंतर्गत बालू धीमा, कारिया घाट, पासवान टोला, पन्नो घाट, बड़हारा, वैद्यनाथपुर, विस्टोरिया आदि क्षेत्र के सैकड़ों एकड़ उपजाऊ जमीन को प्रत्येक वर्ष बंजर बना देने एवं जलेबी के मोड़ जैसा रास्ता अख्तियार करने वाली कोसी की छारन यह नदी इस क्षेत्र को अपना चारागाह सैकड़ों वर्ष पूर्व से बना रखा है। अगर समय रहते इस पगली नदी की धारा को नहीं मोड़ा गया तो बरसात के दिनों तक आते-आते लपलपा रही नदी की मुख्य धारा जल्द ही घनी आबादी वाले इलाके को भी अपने आगोश में ले लेगी।
नदी की धारा को मोड़ने के नाम पर कई बार हुई खानापुरी के नाम पर अब तक लाखों रुपये की राशि का बंदरबांट बीते दिनों में हुयी है। गत दिनों कोसी में आयी प्रलयंकारी बाढ़ से उफनती इस परियानी नदी की धारा को रानीगंज बाजार में घुसने से बमुश्किल से रोका गया था। इस नदी का क्षेत्र के उपजाऊ जमीन से हमेशा से दुश्मनी रहा हो ऐसा नही है। कहते हैं जब इस क्षेत्र में सड़क मार्ग नही था तो यही नदी इस इलाके की समृद्धि का प्रतीक थी। विभिन्न प्रांतों में इस क्षेत्र का मशहूर घी, बांस, कंबल आदि सामानों का नानों पर लाद कर इसी फरियानी नदी के रास्ते कलकत्ता व ढ़ाका आदि शहरों तक पहुंचाए जाते थे और वहां से नमक, कपड़ा आदि आयात कर व्यापारी यहां बेचकर खुब मुनाफा कमाते थे। परंतु कालांतर में शोक बने इस कोसी की छारन फरियानी नदी जब रास्ता बदलती है तो इसके प्रभाव में आने वाले खेतों के किसानों में दहशत फैल जाती है। एक तरफ खेतों में बालू भरकर दियारा में तब्दील कर देने में इस नदी को महारथ हासिल है तो दूसरी ओर हजारों एकड़ उपजाऊ जमीन को निगलने के लिए इसका जी लपलपा रहा है। कहते हैं तीन दशक पूर्व इस नदी का बहाव रानीगंज बाजार से दो किलोमीटर पश्चिम था परंतु नदी प्रतिवर्ष पूरब की ओर उपजाऊ जमीन का कटाव करते-करते बाजार से महज कुछ सौ मीटर की दूरी पर पहुंच गया है। जामुन घाट के संतोष कुमार सिंह उर्फ चुन्नू सिंह, दिवान टोला वासी टुनटुन मास्टर, सूटर यादव, चंदन सिंह आदि दर्जनों किसान बताते हैं कि प्रत्येक वर्ष बरसात के पूर्व पदाधिकारी आते हैं तथा इस पगली नदी को बांध नदी की धारा मोड़ने की योजना बनाते हैं परंतु बरसात के बाद ये योजनाएं फाइलों में गुम हो जाती है। इस नदी के कटाव से सबसे ज्यादा प्रभावित कोरिया घाट एवं पासवान टोला के लोग बताते हैं कि प्रशासन इमानदारी से थोड़ा मेहनत करे तो नदी को पुराने धारा पर लाया जा सकता है। इससे न सिर्फ सैकड़ों एकड़ उपजाऊ जमीन बंजर होने से बचेगा अपितु क्षेत्र में नदी से आने वाले बाढ़ का खतरा भी कम हो जायेगा। क्षेत्र के जिला पार्षद प्रिंस विक्टर कहते हैं कि मनरेगा जैसी योजनाओं पर करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाये जा रहे हैं अगर उसी पैसे के कुछ अंश को पानी की धारा मोड़ने में खर्च किया जाय तो क्षेत्र के कई समस्याओं का निदान हो जायेगा।

स्टेट बैंक शाखा रानीगंज ने विद्यालय में दिए पंखे


रानीगंज (अररिया) : सामाजिक सरोकार के तहत शनिवार का भारतीय स्टेट बैंक शाखा रानीगंज के द्वारा हसनपुर मध्य विद्यालय में पंखे वितरित किए गये। प्रा. शिक्षक संघ के पदाधिकारी की उपस्थित में विद्यालय परिवार के सदस्यों द्वारा विद्यालय प्रागंण में एक समारोह इस अवसर पर आयोजित किया गया।
हसनपुर पंचायत के मुखिया राजकुमार साह की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में प्रा. शिक्षक संघ के अध्यक्ष रामविनय कुमार ने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक प्रबंधन ने विद्यालय के विभिन्न वर्ग कमरे के लिए पंखा प्रदान कर मानवीय संवेदना प्रकट करने का काम किया है। बैंक के रानीगंज शाखा प्रबंधक निखिल कुमार ने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक हर भारतीय का बैंक है और उन्हीं की बदौलत गत वित्तीय वर्ष में 11 हजार 700 करोड़ रुपये का लाभ बैंक को हुआ और उसी की बदौलत देश की तीसरी सबसे बड़ी लाभ कमाने वाली संस्था बन गयी है। जिस समाज में हम कार्य करते हैं उसके प्रीत नैतिक धर्म को निभाना हमारा कर्तव्य है। उसी के तहत प्रबंधक विद्यालय के बच्चों के वर्ग कमरों के लिए दस पंखे दिए हैं। विद्यालय प्रधान लक्ष्मी नंदन विश्वास ने बैंक प्रबंधन को धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक विरेन्द्र कुमार ठाकुर ने किया। इस अवसर पर तीर्थानंद रजक, राजेश कुमार, नीलम देवी, अरुण कु. सिंह, सहायक शाखा प्रबंधक बिनोद कुमार, कैशियर रवि कुमार, सतेन्द्र कुमार, जयंती कुमारी, इंद्रासनी कुमारी आदि शिक्षक एवं स्कूली विद्यार्थी थे।

Saturday, June 23, 2012

घोटाले से जुड़े कागजात खंगालने पहुंची निगरानी टीम


अररिया : रानीगंज में महादलितों को दी जाने वाली जमीन में हुए घोटाले की जांच के लिए पहुंची निगरानी की टीम ने अररिया डीसीएलआर कार्यालय से भी घोटाले से जुड़े कागजात जब्त किया है। गुरुवार की देर शाम निगरानी टीम के सदस्यों ने अररिया पहुंचकर घोटाले से संबंधित संचिका का अवलोकन किया तथा कागजात साथ भी ले गये। इस बात की पुष्टि अररिया एसडीओ डा. विनोद कुमार ने की है।
जानकारी के अनुसार रानीगंज के कजरा में हुए जमीन घोटाले की जांच के लिए निगरानी विभाग की टीम पिछले दो-तीन दिन से रानीगंज में जांच कर रही है। कजरा की जमीन से जुड़े कुछ कागजात जिला मुख्यालय के डीसीएलआर कार्यालय में थे। बताया जाता है कि निगरानी की टीम ने गुरुवार को अपर समाहत्र्ता से मिलकर रानीगंज के बेलगच्छी में हुए जमीन आवंटन का कागजात खंगाले। सूत्रों के अनुसार टीम बेलगच्छी का जमीन भू-हदबंदी में है या फिर सैरात मुक्त इसकी भी जानकारी प्राप्त करने के लिए अररिया पहुंची थी।
ज्ञात हो कि रानीगंज के कजरा में 88 महादलित परिवारों के बीच जमीन आवंटन में भारी पैमाने पर गड़बड़ी की गई। इस मामले में डीएम के जांच रिपोर्ट पर विभाग ने रानीगंज सीओ को निलंबित भी कर दिया तथा पूरे मामले की जांच का जिम्मा निगरानी विभाग को सौंपा था।

Friday, June 22, 2012

निगरानी के निरीक्षण के उपरांत भू-माफियाओं में हड़कंप

रानीगंज (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र में महादलितों के लिए जमीन खरीदारी में विभिन्न स्तर पर बरती गयी अनियमितता की जांच के लिए बुधवार को आयी निगरानी की टीम के द्वारा कजरा गांव में स्थल निरीक्षण के उपरांत भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है। स्थल पर लाभुकों एवं अंचल कार्यालय में दस्तावेजों के अवलोकन के बाद उससे कईयों के होश उड़ने लगे हैं। बता दें कि 928 महादलितों के लिए 27.84 एकड़ जमीन की खरीदगी में 1 करोड़ 67 लाख 29 हजार 4 सौ 43 रुपये की सरकारी राशि खर्च की गयी है। कजरा मौजा में 88 महादलितों के लिए 2.64 एकड़ जमीन के लिए 17 लाख 60 हजार रुपये का भुगतान किया गया। निगरानी टीम के मुखिया पुलिस उपाधीक्षक अश्वनी कुमार ने अपने टीम के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर जांच के उन बिंदुओं को रेखांकित किया है जिससे वित्तीय अनियमितता उजागर होती है। जांच दल ने अनिल पंजियार नामक व्यक्ति की भी तलाश की जिसने 2.64 एकड़ जमीन के एवज में 17 लाख 60 हजार रुपये प्राप्त किए। अनिल पंजियार के उपलब्ध नहीं रहने के कारण जांच दल उसके पक्ष को नहीं जान पायी। कजरा की भूमि सीधे जमीन के मूल मालिक से नहीं खरीद कथित अनिल पंजियार नामक बिचौलिया से खरीदना एवं जमीन के वास्तविक मूल्य से चार गुणा राशि का भुगतान को जांच का मुख्य बिंदु बनाया गया है। विशनपुर, विस्टोरिया, पहुंसरा, परसाहाट आदि स्थानों पर खरीदी गई जमीन का दस्तावेजों का अवलोकन निगरानी टीम ने किया। महादलितों के लिए भूमि खरीद की जांच को आयी निगरानी टीम के दौरा से भूमि माफियाओं में हड़कंप है। विदित हो कि महादलितों की भूमि खरीद के मद में 9 लाख 37 हजार 357 रुपये की राशि रानीगंज में विभाग के पास शेष है जिस पर बिचौलियों की गिद्ध नजर टिकी है।

Thursday, June 21, 2012

निगरानी के निरीक्षण के उपरांत भू-माफियाओं में हड़कंप

रानीगंज (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र में महादलितों के लिए जमीन खरीदारी में विभिन्न स्तर पर बरती गयी अनियमितता की जांच के लिए बुधवार को आयी निगरानी की टीम के द्वारा कजरा गांव में स्थल निरीक्षण के उपरांत भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है। स्थल पर लाभुकों एवं अंचल कार्यालय में दस्तावेजों के अवलोकन के बाद उससे कईयों के होश उड़ने लगे हैं। बता दें कि 928 महादलितों के लिए 27.84 एकड़ जमीन की खरीदगी में 1 करोड़ 67 लाख 29 हजार 4 सौ 43 रुपये की सरकारी राशि खर्च की गयी है। कजरा मौजा में 88 महादलितों के लिए 2.64 एकड़ जमीन के लिए 17 लाख 60 हजार रुपये का भुगतान किया गया। निगरानी टीम के मुखिया पुलिस उपाधीक्षक अश्वनी कुमार ने अपने टीम के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर जांच के उन बिंदुओं को रेखांकित किया है जिससे वित्तीय अनियमितता उजागर होती है। जांच दल ने अनिल पंजियार नामक व्यक्ति की भी तलाश की जिसने 2.64 एकड़ जमीन के एवज में 17 लाख 60 हजार रुपये प्राप्त किए। अनिल पंजियार के उपलब्ध नहीं रहने के कारण जांच दल उसके पक्ष को नहीं जान पायी। कजरा की भूमि सीधे जमीन के मूल मालिक से नहीं खरीद कथित अनिल पंजियार नामक बिचौलिया से खरीदना एवं जमीन के वास्तविक मूल्य से चार गुणा राशि का भुगतान को जांच का मुख्य बिंदु बनाया गया है। विशनपुर, विस्टोरिया, पहुंसरा, परसाहाट आदि स्थानों पर खरीदी गई जमीन का दस्तावेजों का अवलोकन निगरानी टीम ने किया। महादलितों के लिए भूमि खरीद की जांच को आयी निगरानी टीम के दौरा से भूमि माफियाओं में हड़कंप है। विदित हो कि महादलितों की भूमि खरीद के मद में 9 लाख 37 हजार 357 रुपये की राशि रानीगंज में विभाग के पास शेष है जिस पर बिचौलियों की गिद्ध नजर टिकी है।

जमीन आवंटन की जांच को रानीगंज पहुंची निगरानी टीम


रानीगंज (अररिया) : महादलितों की जमीन खरीदारी में बरती गई वित्तीय अनियमितता व उसके पीछे की मंशा को भांपने के उद्देश्य से बुधवार को निगरानी विभाग की टीम रानीगंज पहुंची। पुलिस उपाधीक्षक अश्वनी कुमार की अगुवाई में आई चार सदस्य टीम ने जमीन खरीदारी के दस्तावेजों व स्थल का निरीक्षण किया। टीम ने अंचल कार्यालय रानीगंज से भूमि खरीद के कुछ दस्तावेज व संचिकाएं जब्त की है।
निगरानी विभाग की चार सदस्यीय टीमने रानीगंज अंचल के विभिन्न 12 मौजा में 928 महादलितों के लिए खरीदी गई 27 एकड़ 84 डिसमिल जमीन के दस्तावेजों का अवलोकन किया। जमीन खरीदारी में गड़बड़ी की जांच के लिए पूर्व में गठित टीमों की सौंपी गई जांच प्रतिवेदन का भी अवलोकन किया गया। जांच के दौरान डीएसपी ने कहा कि लाभुकों के बयान एवं भूमि खरीद के दस्तावेजों की जांच में उभरे बिंदुओं के अनुसार भूमि खरीद में गड़बड़ी की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। परंतु गड़बड़ी की पुष्टि अथवा भूमि खरीद में अनियमितता किस स्तर तक हुई यह जांच पूरी होने के पश्चात ही कहा जा सकता है। निगरानी की टीम में पटना से आरक्षी उपाधीक्षक अश्वनी कुमार, अजीत कुमार, जितेन्द्र कुमार व राजेन्द्र कुमार साह शामिल थे।

Monday, June 18, 2012

पतंजलि स्वदेशी केंद्र का उद्घाटन


रानीगंज(अररिया) : पतंजलि योग समिति द्वारा निर्मित सामग्रियों को उपलब्ध कराने के लिए रविवार को रानीगंज में पतंजलि स्वदेशी केंद्र का उद्घाटन किया पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान के जिलाध्यक्ष सह मंडल प्रभारी प्रो. कमल नारायण यादव द्वारा किया गया।
बिक्री केंद्र का संचालन योग समिति रानीगंज इकाई का कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार के जिम्मे है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रो. कमल नारायण यादव ने कहा कि योग गुरु स्वामी रामदेव एवं स्वामी बालकृष्ण जी के सानिध्य में संचालित पतंजलि योग समिति द्वारा उत्पादित स्वदेशी सामग्री बिक्री केंद्र पर होगी। इस अवसर पर अवकाश प्राप्त शिक्षक रेशमलाल, पूर्व चंद्रकिशोर सिंह, डा. रणवीर सिंह, प्रखंड पतंजलि योग समिति के अध्यक्ष नवल किशोर सिंह, उपाध्यक्ष शिवचंद्र कलाकार आदि थे।

ट्रेन से गिरकर छात्र की मौत

रानीगंज : प्रखंड के गुणवंती ग्रामवासी विजय किशोर राय के 14 वर्षीय पुत्र की मौत जोगबनी और बथनाहा स्टेशन के बीच चीतपुर एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर शुक्रवार को हो गयी। किशोर जोगबनी उच्च वि. में नवम वर्ग का छात्र था। जोगबनी जीआरपी पुलिस यूडी केस दर्ज कर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है।

अमीन के निधन पर शोक

रानीगंज: क्षेत्र में कई दशक से अमानत करने वाले अमीन मुनेश्वर सिंह के निधन पर क्षेत्रवासियों में शोक है। भूमि विवादों से घिरे प्रखंड वासियों के कई भू-विवाद का निपटारा मुनेश्वर सटीक अमानत से निजी एवं सरकारी स्तर पर भी किया करते थे। जिला पार्षद प्रिंस भिक्टर सहित विभिन्न पंचायतों के मुखिया एवं सरपंच मुनेश्वर अमीन के निधन पर शोक प्रकट किया है।

पोलियो जागरूकता को लेकर बच्चों ने निकाली रैली

रानीगंज (अररिया) : पोलियो जागरूकता अभियान को लेकर शनिवार को ग्रामीण स्वयंसेवी कल्याण समिति, लोक शिक्षा समिति एवं यूनीसेफ के संयुक्त अभियान के तहत एक रैली निकाली गयी जिसमें विभिन्न विद्यालयों के स्कूली बच्चे सम्मलित थे। रानीगंज रेफरल अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डा. विजय कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। विभिन्न मार्गो से गुजर कर रैली को अस्पताल परिसर में समाप्त किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने पोलियो मुक्त भारत बनाने के नारे लगाए। रविवार से आरंभ होने वाले पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान के दौरान पांच वर्ष तक के आयु वाले बच्चों को दवा की दो बूंद खुराक देने की जानकारी दी गयी। इस दौरान सुभाष चन्द्र सिंह, युनीसेफ के एसएमसी नैयरूल आजम, बीएमसी आलोक ठाकुर, चेतन कुमार, अमिताभ सिंहा आदि मौजूद थे।

Thursday, June 14, 2012

दसवीं में टाप करने वाले छात्र सम्मानित


रानीगंज (अररिया) : लाल जी उच्च विद्यालय पूर्व छात्र संगठन एलएचएस एल्यूमनाई के बैनर तले गुरुवार को कार्यक्रम आयोजित कर 10वीं की बोर्ड परीक्षा में सर्वाधिक अंक लाने वाले होनहार छात्रों को पुरस्कृत किया गया।
विद्यालय प्रागंण में इस मेधा सम्मान समारोह की अध्यक्षता अवकाश प्राप्त प्रधानाध्यापक रेशम लाल दूर्वे ने की जब कि मुख्य अतिथि बीडीओ ललन ऋषिदेव थे।
सभी उच्च विद्यालय से आए विद्यार्थियों की उपस्थिति में मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार से युवाओं में सकारात्मक स्पर्धा की झलक देखी गयी। पूरे प्रखंड में सर्वाधिक 82.2 प्रतिशत अंक लाकर कैलाश कुमार यादव प्रथम रहे जबकि ये सर्वाधिक 81.8 प्रतिशत अंक लाकर पूजा कुमारी छात्राओं में प्रथम रही। ये दोनों छात्र लालजी उच्च वि. के हैं इसी वि. के अन्य पुरस्कृत होने वाले छात्र सत्यजीत पाल, मिथलेश कुमार पौद्दार, साइस्ता प्रवीण एवं गौसैया रमाणी थी। कलावती कन्या उच्च वि. की रितु कुमारी, मौसम कुमारी, मोनालिशा, प्रियंका कुमारी, खुशबू कुमारी एवं नेहा कुमारी थी। वीएलडी उच्च वि. के रानीगंज 72.8 प्रतिशत लाकर पूरे विद्यालय में प्रथम रही उसके साथ अन्य पुरस्कृत छात्र थे। विपिन कुमार, शुभम कुमार सानू, अमन कुमार, ज्योति कुमारी, अंतिमा कुमारी, वेलसारा उच्च वि. से सीमा कुमारी, काजू कुमारी, पूजा कुमारी, विक्रम पासवान, अर्जुन कु. शर्मा व नीरज कुमार थे। रामानूग्रह उच्च वि. के 74.4 प्रतिशत लाने वाली गुलनाज व विशाल, सूनो कुमारी, रूपा कुमारी, नीरज कुमार, ओजेन्द विश्वास व विशाल राज पुरस्कृत किये गये।

Sunday, June 10, 2012

बोलेरो की ठोकर से बालक की मौत, सड़क जाम


रानीगंज(अररिया) : रानीगंज सरसी मार्ग पर शनिवार को कालाबलुआ वैद्यनाथपुर भुटाय चौक के समीप इलाज कराकर लौट रहे दस वर्षीय बालक की मौत बोलेरो की ठोकर से हो गयी। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। बाद में पुलिस ने पंचायत के मुखिया धर्मेन्द्र कुमार एवं अन्य की मदद से यातायात बहाल कराया।
जानकारी अनुसार कालाबलुआ पंचायत के वैद्यनाथपुर वार्ड नंबर दो वासी शंभू शर्मा का दस वर्षीय पुत्र रंजेश शर्मा अपनी मां मीना देवी के साथ रानीगंज से इलाज कराकर टेम्पों से घर लौट रहा था। भुटाय चौक के समीप मां बेटा ज्यों ही टेम्पों से उतरा विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो गाड़ी रंजेश शर्मा को ठोकर मारते हुए तेज गति से रानीगंज की ओर भाग गयी। लगे ठोकर से जख्मी बालक रंजिश शर्मा की मौत तत्क्षण हो गयी।