Showing posts with label Forbesganj Narpatganj. Show all posts
Showing posts with label Forbesganj Narpatganj. Show all posts

Tuesday, July 3, 2012

ठनका गिरने से युवक व तीन मवेशियों की मौत


नरपतगंज (अररिया) निसं: सोमवार की दोपहर हल्की बारिश के दौरान ठनका गिरने से 18 वर्षीय युवक व तीन मवेशियों की मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार प्रखंड के दरगाहीगंज पंचायत के वार्ड नंबर पांच निवासी देवन यादव के 18 वर्षीय पुत्र विनोद बारिश होने पर गेरुआ नदी के किनारे चर रहे मवेशी को लाने गया। इसी क्रम में ठनका गिरने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। वहीं फरही पंचायत के उपेंद्र यादव के मवेशी की भी मौत हुई है। यह जानकारी पंचायत समिति सदस्य अरविंद यादव ने दी।

करोड़ों की लाइट फिर भी अंधेरा


नरपतगंज(अररिया) : नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र में पंचायत स्तर पर खरीदी गई सोलर व स्ट्रीट लाइट जर्जर व बेकार हो गयी है। गांवों के गलियों के चौराहों पर रात के अंधेरे में दूधिया रोशनी बिखरने वाली सोलर लाइट आज इक्का-दुक्का जगह ही दिखाई देती है। नरपगतगंज प्रखंड मुख्यालय से सटे कई पंचायतों में स्ट्रीट लाइट भी बिजली के खंभे में लगे लेकिन आज इसके नामोनिशान नहीं है।
ग्रामीणों का मानना है कि सोलर लाइट खरीद में मानकों का खुलेआम उल्लंघन किया गया। इसके कारण ही घटिया सामान खरीद हुए और कुछ माह जलने के बाद सारी लाइटें बेकार हो गयी।
किस मद से लगा लाइट
पंचायत द्वारा 12वीं बीआरजीएफ वित्त योजना से 20 हजार की सोलर लाइट को 46 हजार या 39 हजार की राशि से खरीदा गया। वहीं 1500 रूपये की स्ट्रीट लाइट को पांच हजार की राशि में खरीदा गया। मुखिया ने अपने चहेते व करीबी लोगों को लाइट खरीदने का टेंडर दिया और इसके कारण गुणवत्ता को ताक पर रख दिया।
कोर्ट में मामला दर्ज
खाबदह में सोलर लाइट खरीदने को लेकर पंचायत के वार्ड सदस्य ब्रह्मादेव पासवान ने मुखिया सहित पंचायत सेवक अररिया कोर्ट मुकदमा संख्या 1548 सी 2012 दर्ज कराया है।
क्या कहते हैं ग्रामीण
पार्षद सह अधिवक्ता कलानंद विराजी, अनंत सादा, रामानंद लाल देव सुधीर सिंह, किशोर कुमार, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष उमानंद राय ने कहा कि डीएम एम सरवणन द्वारा प्रखंडवार जांच टीम गठित कर दिया गया। जल्द ही मुखिया व पंचायत सचिव पर अनियमितता साबित होने पर प्राथमिकी दर्ज होगी।

Tuesday, June 26, 2012

मधुरा डकैती कांड में संलिप्त तीन डकैत गिरफ्तार


नरपतगंज (अररिया) : एसपी शिवदीप लांडे के नेतृत्व में पुलिस ने थाना क्षेत्र के मधुरा दक्षिण पंचायत के वार्ड नं. 10 में भीषण डकैती कांड का उद्भेदन कर लिया है। कांड में संलिप्त तीन डकैत मंगलवार को गिरफ्तार कर लिए गये। उनमें से एक के पास से देसी पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।
अररिया एसपी शिवदीप लांडे ने नरपतगंज थाना में बताया कि पुलिस ने इस डकैती का उद्भेदन कर लिया है और तीन बदमाश बिन्दो पासवान, भागवत यादव एवं संजय पासवान उर्फ तिलो गिरफ्तार किए गये हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधी बिन्दो पासवान के पास से घटना में प्रयुक्त देशी पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस बरामद किए गये हैं।
उन्होंने बताया कि इस कांड में मुख्य रूप से सुपौल जिले के मोकिम मियां गिरोह ने अचरा के झाबड़ मरीक व महेश यादव गिरोह तथा बिन्दो पासवान गिरोह ने मिलकर घटना को अंजाम दिया।
एसपी के अनुसार मधुरा के संजय पासवान उर्फ तिलो पासवान ने पीड़ितों से पुरानी रंजिश के कारण डकैतों को पचास लाख की संपत्ति की सूचना देकर बुलाया। संजय ने इस घटना में अहम भूमिका निभायी।
एसपी ने बताया कि अभी हाल में अररिया पुलिस ने सुपौल जिले के कुख्यात मोकिम मियां गिरोह के खास सदस्य मुन्ना मियां एवं सुपौल के ललित ग्राम में हुई भीषण डकैती कांड के अभियुक्तों को पकड़ कर सुपौल पुलिस के हवाले किया था। इस वजह से बदमाशों ने पुलिस को चुनौती देने की नीयत से व पचास लाख की लूट की लालच से घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद से ही एसपी शिवदीप लांडे समेत डीएसपी विकास कुमार स्पेशल टीम के अरविंद कुमार, केके झा, पंकज कुमार, नरपतगंज थानाध्यक्ष मुकेश कुमार साह, फुलकाहा थानाध्यक्ष श्याम किशोर यादव ने मामले के खुलासे में अहम भूमिका निभाई।

Monday, June 18, 2012

भाग रहे डकैतों ने चौकीदार को दी धमकी

नरपतगंज (अररिया) : मधुरा दक्षिण के वार्ड नं. 10 में तीन फौजियों के घर डकैती की घटना को अंजाम देकर भागते डकैतों को शिशुआ गांव के समीप चौकीदार ने रोकने की कोशिश की। हालांकि हथियार बंद डकैतों की धमकी सुन चौकीदार भाग खड़ा हुआ। बताया जाता है कि डकैत रेलवे लाइन से होते हुए खररा धार के रास्ते उत्तर दिशा की और भागे। भाग रहे डकैतों को शिशुआ गांव के निकट ग्राम रक्षा दल के चौकीदार बुद्धुदेव राय ने टार्च जलाकर रोका। इस पर हथियारबंद दर्जनों अपराधियों ने उसे तलवार से काटकर फेंक देने की धमकी दी। डकैतों की धमकी पर चौकीदार साइकिल छोड़ भाग खड़ा हुआ। वो कभी बांसबिट्टी तो कभी मूंग खेत में रात भर छिपता। चौकीदार इतनी दहशत में था कि मूंग की खेत से सुबह चार बजे निकला। नरपतगंज थानाध्यक्ष मुकेश कुमार साह डकैतों का पीछा करते हुए उक्त जगह पहुंचे थे लेकिन फिर वे दिशाहीन हो गए।

दस साल से फरार बदमाश गिरफ्तार, एसपी ने की पूछताछ


नरपतगंज (अररिया) : अररिया सुपौल मधेपुरा, सहरसा के आतंक के पर्याय रहे तथा दस वर्षो से फरार कुख्यात डकैत सरगना बेचन यादव को नरपतगंज पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर शुक्रवार को सिमराही से गिरफ्तार किया। नरपतगंज थाने में आरोपी के ऊपर करीब दो दर्जन मामले दर्ज हैं। अररिया के फारबिसगंज, भरगामा, फुलकाहा समेत सुपौल के छातापुर, विरपुर, मधेपुरा के कुमार खण्ड जदिया समेत सहरसा में भी 60 से ज्यादा मामले दर्ज होने की पुष्टि ने अररिया एसपी ने की। 1978 से नेपाल में डकैती की घटना को अंजाम देकर कुख्यात बेचन ने लगभग दो दशकों तक डकैती एवं पशु चोरी में क्षेत्र के कई गिरोहों के साथ घटना को अंजाम दिया। 1990 के दशक में अररिया पुलिस ने फरार घोषित कर इनाम रखा।
इधर, शनिवार को एसपी शिवदीप लांडे ने थाना पहुंचकर आरोपी से गहन पूछताछ की। बाद में एसपी ने बताया कि कुख्यात बेचन की गिरफ्तारी पुलिस की बहुत बड़ी उपलब्धि है इसकी गिरफ्तारी से दर्जनों मामले का उद्भेदन हुआ है। अभियुक्त 2010 में नरपतगंज थाना क्षेत्र के फरही गांव में डकैती के दौरान दो लोगों को गोली मारकर हत्या कर दी थी। फिलहाल इसका गिरोह पशु चोरी कर मोटी रकम लेकर पशु वापस करने में संलिप्त है।
एसपी ने कहा कि इस इनामी डकैत को पकड़ने वाली पुलिस टीम को नकद इनाम दिया जायेगा। इस मौके पर डीएसपी विकास कुमार, थानाध्यक्ष मुकेश कुमार साह, विपिन कुमार, विजय कुमार आदि मौजूद थे।

Monday, June 11, 2012

पीएचसी से नहीं मिल रहा लोगों को लाभ

नरपतगंज (अररिया) : नरपतगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की हालत दिन प्रतिदिन बद से बदतर होती जा रही है और खुद इस पीएचसी को इलाज की जरूरत पड़ गई है। स्वास्थ्य केन्द्र से अधिक समय डाक्टर एवं कर्मचारी के अनुपस्थित होने के कारण लोगों को समुचित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध नही हो पा रही है। हालांकि चिकित्सा प्रभारी राजेश्वर गोईत इस आरोप को गलत मानते हैं। लेकिन क्षेत्र के अधिकांश लोगों का कहना है कि रात में अगर मरीज को पीएचसी लाया जाता है तो डाक्टर के अनुपस्थित होने के कारण उनका इलाज नहीं हो पाता। डाक्टरों का अधिक ध्यान निजी क्लिनिक पर रहता है। जिला परिषद सदस्य विपिन सम्राट का कहना है कि प्रखंड के स्वास्थ्य उपकेन्द्र बराबर बंद ही रहते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से इस पीएचसी की बदहाली दूर करने की मांग की है। इधर, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. गोईत ने कहा कि पीएचसी में उपलब्ध संसाधनों से मरीजों का हर संभव इलाज किया जा रहा है।

Sunday, June 10, 2012

टीम ने किया आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण

नरपतगंज (अररिया) : बाल पोषण निरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिला द्वारा टीम गठित कर प्रखंड के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। इस कार्यक्रम में कुल 78 पर्यवेक्षिकाओं ने प्रखंड के 233 केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के परियोजना द्वारा प्रदत्त सेवाओं का प्रदान, लाभार्थी सेवाएं, स्वास्थ्य सेवा, टीकाकरण की जांच, पूरक पोषाहार स्कूल से पूर्व मिलने वाली शिक्षा के संचालन एवं गुणवत्ता की जांच की गई एवं सभी संधारित पंजी की जांच की गई एवं रख-रखाव की भी जांच की गई। इस टीम में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चन्द्र प्रकाश, सीडीपीओ राज कुमारी सिंह, रंजना सिन्हा, वीणा झा व सावित्री दास एवं जिले की 78 सुपरवाइजर शामिल थी ।

Friday, June 8, 2012

जिला टीम ने किया आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण

नरपतगंज (अररिया) : बाल पोषण निरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिला टीम द्वारा गठित कर प्रखंड के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। इस कार्यक्रम में कुल 78 पर्यवेक्षिकाओं ने प्रखंड के 233 केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के परियोजना द्वारा प्रदत्त सेवाओं का प्रदान, लाभार्थी सेवाएं, स्वास्थ्य सेवा, टीकाकरण की जांच, पूरक पोषाहार स्कूल से पूर्व मिलने वाली शिक्षा के संचालन एवं गुणवत्ता की जांच की गई एवं सभी संधारित पंजी की जांच की गई एवं रख-रखाव की भी जांच की गई। केन्द्रों की स्थिति को देखकर सेविका सहित सहायिका को चेतावनी देते हुए कार्रवाई की बात कही गयी। इस निरीक्षण कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह नरपतगंज एवं भरगामा के सीडीपीओ राज कुमारी सिंह, सिकटी एवं जोकी के सीडीपीओ रंजना सिन्हा, कुर्साकांटा वीणा झा, पलासी सावित्री दास एवं जिले के 78 प्रवेक्षिका ने निरीक्षण किया। सेविकाओं ने केन्द्रों से जांच रिपोर्ट तैयार पर प्रखंड कार्यालय में सौंपी गई। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर केन्द्रों का आकलन कर प्रशासनिक कार्रवाई की जायेगी।

Wednesday, June 6, 2012

एनएच 57 पर पलटी सवारी गाड़ी, आठ घायल


नरपतगंज (अररिया) : सोमवार की रात्रि दस बजे एनएच 57 पर गढि़या गांव में निर्माणाधीन पुल के पास सवारी गाड़ी के पलट जाने से आठ आदमी घायल हो गये। घायलों में तीन की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अररिया से बारात वापसी के क्रम में सवारी गाड़ी बीआर11जी/428 गढि़या गांव सीमा पर निर्माणाधीन पुल के निकट पलटकर 20 फीट नीचे जमीन पर गिर पड़ी। जहां ग्रामीण मो. शादीक व गुड्डू के सहयोग से दुल्हन सहित आठ घायलों को स्थानीय पीएचसी नरपतगंज ले जाया गया। घायल एनूल साठी, मो. अलाउद्दीन, भोला खातुन को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। वहीं दुल्हन हीना खातुन, अनवर साथी इमामुद्दीन साठी, रूधाम खातुन व पलू साठी का इलाज किया जा रहा है। घायल सभी सुपौल जिले के उधमपुर गांव का बताए जा रहे हैं।

Monday, June 4, 2012

विष्णुदेव राय बने शिक्षक संघ के अध्यक्ष

नरपतगंज (अररिया) : नपरतगंज हाईस्कूल में शनिवार को बिहार अराजपत्रित प्रारंभिक शिक्षक संघ की बैठक हुई। जिसमें सर्व सम्मति से अध्यक्ष पद पर विष्णुदेव राय, उपाध्यक्ष पद पर राजेश कुमार रौशन, उपसचिव पद पर मो. तुफैल अहमद प्रवक्ता पद पर अभय कु. पाठक का चयन किया गया। संघ के सचिव रामानंद पासवान ने बताया शिक्षक अपने कार्यो के प्रति निष्ठापूर्वक गुणवत्तापूर्ण शिक्षक कार्यक्रम में सहयोग करेंगे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष विष्णुदेव राय ने मांग की पंचायत शिक्षक के मानदेय में मुखिया व पं. सचिव के मनमानी के चलते शिक्षक परेशान होते हैं उनका वेतनमान भी प्रखंड शिक्षक की तरह हो। इस मौके पर उपाध्यक्ष शिवनंदन मंडल, जर्नादन यादव, शिव चन्द्र सिंह, धर्मदेव पासवान, बालकृष्ण कुमार सहित दो दर्जन शिक्षक उपस्थित थे।

Sunday, June 3, 2012

समाज सेवी का निधन

नरपतगंज: रेवाही पंचायत के 90 वर्षीय समाज सेवी मीर वली का निधन शनिवार के सुबह हो गया। मीरवली 30 वर्ष के उम्र से ही जमात में जाने लगे थे तथा जाति धर्म से उठकर सामाजिक कार्य में रुचि लेते थे। उनके जनाजे में अररिया विधायक जाकिर अनवर, जिला पार्षद इफ्तार आलम, पूर्व जिला पार्षद जहांगीर खां, मुखिया अब्दुल हामीद, जियावुल रहमान, मौलाना सुफी सिराज, मो. महफूज, मो. आजीम, हाजी सागीर उद्दीन, बदरे आलम, विपीन मेहता सहित हजारों लोग मौजूद थे।

Wednesday, May 23, 2012

मनरेगा: मजदूरी भुगतान को लेकर श्रमिकों का प्रदर्शन


नरपतगंज (अररिया) : प्रखंड के गोखलापुर पंचायत के सैकड़ों मनरेगा मजदूरों ने मंगलवार के रोज प्रखंड मुख्यालय में मजदूरी भुगतान को लेकर प्रदर्शन किया। मनरेगा कार्यालय में किसी पदाधिकारी के न रहने पर श्रम प्रर्वतन पदाधिकारी को सैकड़ों महिला-पुरुष मनरेगा मजदूरों ने लिखित आवेदन भेजा। श्रमिकों के भलाई के संघर्ष कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता अताउल रहमान ने बताया गोखलापुर पंचायत के कोचगामा में पोखर खुदाई हेतु कुल 109 मजदूरों मिट्टी कटाई कार्य किया। उनलोगों की कुल मजदूरी एक लाख 75 हजार रु. होती है। जहां मुखिया द्वारा 50000 रु. मांग की जा रही है। पोस्टमास्टर उनलोगों का खाते में पैसा रहने के बावजूद भी पैसा नही दे रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में रमेश ऋषिदेव, जीतन, रामप्रसाद, लक्ष्मी, अर्जुन ऋषिदेव, राम प्रसाद चोपाल, रीता देवी, सुनिता देवी, कौशल्या देवी, शांति देवी, सुलेखा देवी, विमला देवी, खूदनी देवी, फूलकुमारी देवी, रतनी देवी, हरिया देवी सहित सैकड़ों महिला-पुरुष मौजूद थे।

मुखिया के गायब रहने से विकास कार्य बाधित


नरपतगंज (अररिया), : प्रखंड के दरगाहीगंज पंचायत के मुखिया रविलाल ऋषिदेव के पंचायत से फरार रहने के कारण पंचायत के विकास कार्य सहित एवं योजना का कार्य बाधित हो रहा है।
बता दें कि दरगाहीगंज पंचायत में मनरेगा योजना के राशि गबन के मामले में मुखिया सहित पंचायत सेवक पोस्टमास्टर एवं पीओ पर नरपतगंज थाना में कांड संख्या 42/12 का मामला दर्ज है। जिस कारण मुखिया सहित सभी पंचायत से चार महीनों से फरार हैं। मुखिया रविलाल ऋषिदेव के फरार होने के कारण पंचायत का विकास कार्य पूर्ण रूपेण बाधित है। वहीं पंचायत के लोग वृद्धा पेंशन, इंदिरा आवास, मनरेगा योजना आदि अन्य सरकारी योजनाओं से वंचित रह रहे है। पंचायत के विकास को लेकर उपमुखिया भूपेन्द्र यादव ने बताया कि एक माह पूर्व ही जिला पदाधिकारी को रिपोर्ट भेजा गया है। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी जागो दास ने बताया कि जिला से रिपोर्ट आने पर पदभार दिया जायेगा।

खाबदह मुखिया से मांगी रंगदारी

नरपतगंज (अररिया) : नरपतगंज प्रखंड के खाब्दह पंचायत के मुखिया रमेश कुमार मंडल के मोबाइल पर अनजान व्यक्ति ने फोन कर पचास हजार रुपयों की मांग की, नही तो गोली मार देने की धमकी दी गई। इस बाबत मुखिया रमेश मंडल ने नरपतगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज करने हेतु आवेदन दिया है कि उनके मोबाइल नं. 8809650081 पर 19 मई के शाम पांच बजे व 20 मई को दिन के 10 बजे व रात्रि दस बजे मोबाइल नं. 8521484996 से फोन आया मैं खान बोल रहा हूं पच्चास हजार रु. तुम व खन्नू से दो लाख रु. व्यवस्था करों नही तो दोनों को गोली से उड़ा दिया जायेगा। मुखिया ने थाना प्रभारी से अपनी जान बचाने की गुहार लगाई है। इधर, पुलिस ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।

Monday, May 21, 2012

रामघाट के वरीय प्रेरक के चयन में अनियमितता

नरपतगंज (अररिया) : प्रखंड के रामघाट पंचायत के लोक शिक्षा समिति के वरीय प्रेरक के चयन में अनियमितता बरतने का आरोप प्रेरक अनिता देवी प्रखंड केआरपी पर लगाते हुए सचिव साक्षर भारत अररिया को लिखित सूचना देते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है। अनिता देवी ने बताया उनका अंक 83.71 है जन्म तिथि 25.10.1986 है। जबकि अर्चना कुमारी का अंक 48.14 प्रतिशत है 15.2.1988 है। लेकिन प्रखंड के आरपी अर्चना को वरीय प्रेरक बनाकर उनके खाते में राशि भेज रहे हैं। इस संबंध में प्रखंड कार्यक्रम समन्वयक बिंदेश्वरी यादव का कहना है कि लिपकीय भूल के कारण अर्चना कुमारी को वरीय प्रेरक के लिए अधिकृत किया गया था। वरीय प्रेरक में परिवर्तन नियमाकुल अपेक्षित है इस संबंध में उनके द्वारा जिला मुख्य कार्यक्रम समन्वयक, लोक शिक्षक समिति अररिया वासुकीनाथ झा को 19 मार्च 201 ज्ञापंक एसबी-11 द्वारा सूचित किया जा चुका है। उनका अभी तक निर्णय नहीं आया है।

Sunday, May 20, 2012

बांग्लादेश के अलावा नेपाल में हो रही पशुओं की तस्करी


नरपतगंज (अररिया) : दुधारु मवेशियों की लगातार घटती संख्या से अब गांवों में भी पर्याप्त कीमत देने के बावजूद भी दूध उपलब्ध नहीं हो रहा है, गांवों में भी दूध की किल्लत हो गई है। सात-आठ वर्ष पूर्व नरपतगंज प्रखंड के खेतिहर किसानों का मवेशी पालन कर दूध का व्यवसाय कर जीवन यापन कर जरिया था। बताया जाता है कि नरपतगंज से फारबिसगंज जाने वाली ट्रेन देवीगंज से आगे 7 किमी दूरी पर दूध व्यवसाय करने दहियार सब ट्रेन रोक कर जबरन ट्रेन के खिड़की पर दूध भड़ी बर्तन की कड़ी लगा देते थे। ट्रेन वहां महीनों में 25 दिन निश्चित रूकती थी। उसी दहियार का व्यवसाय करने वालों के नाम पर दरगाहीगंज नाम पड़ गया। लेकिन ट्रेनों में अब दहियार नजर नही आते है।
* क्यों गुम हुआ व्यवसाय और घट गया उत्पाद
जानकार बताते हैं कोशी की बाढ़ की विभिषिका ने चारे की समस्या उत्पन्न कर दी। मवेशी के स्वास्थ्य की समुचित व्यवस्था न होना दूध के उत्पाद पर प्रतिकूल असर डाला है।
* नाकेबंदी के बावजूद पशुओं के तस्करी का कारोबार परवान पर
यूं तो जिले के चारों तरफ पुलिस का नाकेबंदी है बावजूद इनमें पशुओं की खेप अलग-अलग रास्ते से गुजर रही है। जबकि उनके पास इसका कोई कागजी प्रमाण नही है। बंगलादेश कुछ वर्ष पूर्व से ही पशुओं की तस्करी अररिया के रास्ते से होते हुए बंगलादेश हो रही है। लेकिन पशु तस्करों ने अब एक और नया रूट खोज निकाला है। यह रास्त नरपतगंज नेपाल सीमा क्षेत्र के गांवों के रास्ते से हो रही है। जानकारी के अनुसार सीमापार नेपाल के इनरवा जिला में नरसिंह में आधुनिकतम चाइना कसाई फेक्ट्री खुली है। वहां 200-300 पशुओं की मांग है। इस फैक्ट्री से मांस की पैकिंग कर उसे चाइना अमेरिका सहित अन्य देश में भेजा जाता है। घुरना, बसमतिया, फूलकाहा, सोनापुर, बेला के तरफ से सीमा की तरफ जाने वाली पगडंडियों और नदियों के तटबंधों पर हांक कर आगे-पीछे तस्करों के आदमी हो लेते है और फिर मौका पा कर सीमा पार बैठे नेपाल के पशु तस्करों के हवाले कर देते है। हालांकि बार्डर पर एसएसबी तैनात है कभी-कभार मवेशी भी पकड़ाती है। घुरना थाना प्रभारी तस्करी की मवेशी को पकड़कर छोड़ दिया जाने पर का मामला मीडिया में एसपी लांडे ने थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया था। इन पशुओं की तस्करी लगाम नही लगे तो तस्कर पशुओं का वर्चस्व न खत्म कर दे। कहा जाता जिस देश में दूध की नदियां बहती थी वहां दूध एक सपना न हो जाए। सीमा से दूसरी सीमा में पशुओं को भेजा जा रहा है।

एनडीआरएफ ने बताए आपदा से बचने के उपाय

नरपतगंज (अररिया) : प्रखंड मुख्यालय के सभा भवन में शुक्रवार को प्रखंड के सभी अधिकारी एवं जन प्रतिनिधियों को नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स के 9वीं बटालियन द्वारा आपदा से बचने एवं कोई आपदा हो जाने के बाद उनका प्राथमिक उपचार करने के उपाय बताये। सांप काटने, भूकंप, बाढ़, सुखाड़, तूफान आदि से बचने के उपाय तथा सांप काटने के बाद प्राथमिक घरेलू उपचार कर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाने की सलाह दी। वहीं बाढ़ से बचने के लिए घरेलू सामान का उपयोग कर पानी से बाहर निकलने के उपाय बताये। इन सभी जानकारी बताने के साथ-साथ प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया भी गया। टीम के सीनियर इंस्पेक्टर कमल सिंह गुर्जर ने बताया कि यह टीम 12 जवानों की टीम है। इस टीम के माध्यम से गांव-गांव में आपदा से बचने के उपाय सिखाये जाऐंगे। इस टीम में अभय सिंह, जय सिंह, सिसोदिया बलराम, रिका राम, आजाद, अनिल आदि शामिल हैं।

Saturday, May 19, 2012

निचले स्तर पर नहीं लगता जनता दरबार


नरपतगंज (अररिया), : जमीन विवाद को लेकर जिले के वरीय अधिकारियों के जनता दरबार में शिकायत हो रही है। बावजूद इसके निचले स्तर पर जनता दरबार को लेकर अधिकारी उदासीन बने हुए हैं। कहा जाता है कि जितने की जमीन नहीं उससे ज्यादा पीड़ित थाने से लेकर न्यायालय कोर्ट-कचहरी में खर्च कर देते हैं।
फरियादियों की फरियाद सुनने के लिए वरीय अधिकारी से कनीय अधिकारी तक जनता दरबार का आयोजन करना है। लेकिन वरीय अधिकारियों में जिला पदाधिकारी, एसपी, जिला शिक्षा पदाधिकारी के यहां नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन होता है। लेकिन अन्य कनीय पदाधिकारी के यहां जनता दरबार का आयोजन नहीं हो रहा है। जबकि बताया जता है सबसे अधिक मामला सुदूर देहात व गांव से ही जुड़ा रहता है। वरीय पदाधिकारी के यहां सबसे ज्यादा मामला भूमि-विवाद से जुड़े ही आते हैं। निचले स्तर पर जनता दरबार नहीं लगाये जाने के कारण लोगों को जिला मुख्यालय जाने की मजबूरी हो जाती है। जबकि सरकार द्वारा पूर्व में निर्णय लिया गया था प्रत्येक माह में दो जनता-दरबार का आयोजन अंचल पदाधिकारी व थानाध्यक्ष द्वारा लगाया जायेगा, जिसमें भूमि-विवाद से जुड़े मामलों को निपटाया जायेगा।
परंतु वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर भी यह प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई। अनुमंडल पदाधिकारी एवं डीएसपी द्वारा भी जनता दरबार नहीं लगाया जाता है।
नरपतगंज (अररिया) : नरपतगंज-फारबिसगंज एनएच 57 पर नरपतगंज प्रखंड मुख्यालय के समीप ट्रक एवं टेम्पों की भिड़ंत में गुरुवार को टेम्पों सवार आधा दर्जन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गये।
जानकारी के अनुसार फारबिसगंज से नरपतगंज की ओर आ रहे ट्रक संख्या एचआर 55पी 1081 और नरपतगंज से फारबिसगंज जा रहे आटो की सीधी टक्कर हो गई। जिससे आटो पलट गई और आटो में सवार आधा दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को ग्रामीणों के मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। घायल में अनिल चौरसिया पिता गजेन्द्र चौरसिया, गुणवंती बसैटी वार्ड नं. 5, दिलीप सिंह राम घाट कोश्कापुर नरपतगंज, सोनी देवी कोशकापुर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में कार्यरत कम्पाउंडर अब्बु हसीम शामिल हैं। इन सभी घायलों का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नरपतगंज में चल रहा है।

Wednesday, May 16, 2012

जनसंख्या नियंत्रण में महिलाएं पुरुषों पर भारी

नरतपगंज (अररिया) : जनसंख्या नियंत्रण में नरपतगंज क्षेत्र की महिलाओं ने पुरुषों को मात दे दिया। वित्तीय वर्ष 2011-12 में चिकित्सकों द्वारा परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत 688 बंध्याकरण आपरेशन हुआ। वहीं विगत वित्तीय वर्ष 2010-11 में 1253 महिलाओं का आपरेशन हुआ। लेकिन एक भी पुरुषों द्वारा नसबंदी नहीं करायी गयी। नरपतगंज पीएचसी प्रभारी डा. राजेश्वर गोइत का कहना है कि महिला बंध्याकरण की उपेक्षा पुरुष नसबंदी आसान है, फिर भी महिलाएं जान जोखिम में डालकर जनसंख्या नियंत्रण में आगे हैं। डा. गोईत ने बताया पुरुष नसबंदी काफी साधारण है। साथ ही पुरुषों को नसबंदी कराने के एवज में महिलाओं से ज्यादा प्रोत्साहन राशि दी जाती है। उन्होंने बताया पुरुषों को 1100 रुपये प्रोत्साहन राशि व इनके मोटीवेटर को 200 रु. तथा महिलाओं को 750 व इनके मोटीवेटर को 150 रु. प्रोत्साहन राशि मिलती है। फिर भी पुरुष जनसंख्या नियंत्रण में ज्यादा दिलचस्पी नही लेते हैं। छोटा परिवार सुखी परिवार तथा बच्चे दो ही अच्छे जैसे नारे पुरुषों के लिए बेमानी प्रतीत होती है।