Showing posts with label Dehti Araria. Show all posts
Showing posts with label Dehti Araria. Show all posts

Tuesday, April 10, 2012

डेहटी पैक्स घोटाला: पूर्व बीडीओ पर तीन मामले में आरोप पत्र दाखिल


अररिया : डेहटी पैक्स से जुड़े करोड़ों रुपये घोटाले से संबंधित तीन लंबित मामलों में अररिया के तत्कालीन बीडीओ मो. परवेज उल्लाह के विरुद्ध कोर्ट में चार्ज सीट दाखिल किया गया है।
इस कारण घोटाले के इस मामले की अब शीघ्र ट्रायल होने की संभावना बढ़ गया है। ज्ञात हो कि अररिया के तत्कालीन बीडीओ परवेज उल्लाह डेहटी पैक्स घोटाले में चार मामलों में आरोपी हैं। मो. परवेज उल्लाह पिछले दिनांक 16.12.06 से 02 फरवरी 09 तक अररिया प्रखंड में बीडीओ थे। उनके विरुद्ध आरोप है कि वे अपने पदस्थापन कार्यकाल में पद का दुरूपयोग किए तथा इंदिरा आवास की सरकारी राशि एक करोड़ 75 लाख, 50 हजार रुपये आरोपियों की मिलीभगत से डेहटी पैक्स में जमा कराये।
तत्कालीन बीडीओ परवेज उल्लाह अररिया थाना कांड संख्या 37/10, 07/10 तथा 404/11 तथा पलासी थाना कांड संख्या 15/11 में आरोपी बनाये गये। जिसमें वे दो मामले में नामजद तथा अररिया थाना कांड संख्या 37/10 तथा 07/10 में अप्राथमिकी अभियुक्त बनाये गये है।
नगर थाना पुलिस ने अपने आला अधिकारियों के दिशा निर्देश पर अररिया थाना कांड संख्या 404/11 में आरोप पत्र संख्या 86/12 दिनांक 29.2.12, अररिया थाना कांड संख्या 07/10 में पूरक आरोप पत्र संख्या 116/12 तथा अररिया थाना कांड संख्या 37/10 में आरोप-पत्र संख्या 133/11 के तहत आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल कर दिया है।
इन सभी मामलों में अनुसंधानकर्ता ने आरोपी के विरुद्ध लगाये गये आरोपों को सत्य पाया है तथा भादवि की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है। जबकि एक अन्य मामला पलासी थाना कांड संख्या 15/11 में अब भी अनुसंधान जारी है।

Wednesday, February 29, 2012

डेहटी पैक्स: घोटाले के आरोपी सह सरगना पुत्र मंजुर गिरफ्तार


अररिया : जिले के चर्चित डेहटी पैक्स घोटाला के आरोपी सह सरगना पुत्र मंजुर आलम उर्फ बबलू को स्पेशल दस्ता के टीम ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी समाहरणालय परिसर में किसी खास मकसद से इधर-उधर भटक रहा था। पुलिस ने आरोपी के नैनो गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद अररिया के पुलिस कप्तान शिवदीप लांडे ने उससे जरूरी पूछताछ की और फिर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। एसपी के समक्ष मंजूर ने स्वीकार किया है कि वह पैक्स के 5 लाख की राशि घोटाला करने का आरोपी है। उसने पुलिस के समक्ष जाली दस्तावेज पर ऋण फर्जीवाड़ा से संबंधित कई तथ्यों का भी खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार मंजुर पलासी थाना कांड संख्या 18/10 तथा 16/11 में नामजद अभियुक्त है। थाना कांड संख्या 18/10 में न्यायालय ने वारंट निर्गत किया था। वारंट निर्गत होने के बाद जब वह पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर गिरफ्तारी से दूर रहा तो उसके विरुद्ध इस्तेहार भी जारी हुआ। बावजूद वह पुलिस के साथ आंख मिचौली का खेल खेलता रहा। अंत में पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया और गुप्त सूचना पर समाहरणालय परिसर से ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार में स्पेशल दस्ता के अरविंद कुमार, पंकज कुमार, श्वेता सिन्हा आदि शामिल थे।

Saturday, February 25, 2012

डेहटी पैक्स: पूर्व सीडीसी को बेल

अररिया (Dehti Araria) : डेहटी पैक्स घोटाले से संबंधित एक मामले में सारण जिले के पूर्व सीडीसी अशोक कुमार तिवारी ने शुक्रवार को स्थानीय कोर्ट में आत्म समर्पण किया। जहां सीजेएम सत्येन्द्र रजक ने वरीय अदालत के निर्देशानुसार उनकी जमानत अर्जी स्वीकार कर ली। श्री तिवारी पूर्व में पलासी प्रखंड के बीडीओ थे।

Wednesday, February 15, 2012

मियां जोड़िहें नरिहें नरिहें, खुदा लीहें एके बेरिहें..


अररिया : मिथिलांचल में बहुत पुरानी कहावत है, मियां जोड़िहें नरिहें-नरिहें, खुदा लीहें एके बेरिहें..। अब तक इसे अग्नि कांड या किसी प्राकृतिक विपदा के वक्त खूब बोला जाता था। लेकिन डेहटी पैक्स के दो बिचौलियों की संपत्ति जब्ती के बाद कईयों की जुबान पर यह कहावत बरबस आ गयी। शायद यह पहली घटना होगी जब किसी बिचौलिये या दलाल की गलत तरीके से अरजी हुई संपत्ति को सरकार द्वारा सीज किया गया है। गरीबों की थाली से रोटी तथा आवास छीनने वाले दो बिचौलिए, पैक्स प्रबंधक रुद्रानंद झा एवं दलाल रामपुकार चौधरी, ने शायद कभी सोचा भी नही होगा कि एक दिन उन्हें ऐसा दिन देखना पड़ेगा।
लेकिन सच तो यह भी है कि बुरे कर्मो का फल देर से ही सही मिलता जरूर है। करोड़ों का बारा-न्यारा करने वाले सात बीडीओ ने भी यह कभी नही सोचा होगा कि सेवाकाल के अंतिम चरण में न केवल नौकरी से हाथ धोना पड़ेगा बल्कि वे सड़क पर आ जायेंगे। यह भी कि इस काम से उनकी इज्जत पर क्या प्रभाव पड़ेगा। समाज में उनकी गिनती किस जमात में होगी।
इस मामले का असर जो भी हो लेकिन आरोपियों के परिजन भी शायद आज इस बात को स्वीकारने के लिये तैयार नही होगा कि घपले घोटाले के पैसे पर उनकी नींव खड़ी हो। डेहटी पैक्स में रहकर प्रबंधक रूद्रानंद झा ने अपना घर बनाने के लिए गरीबों के घर छीन लिये, लेकिन सरकार ने सोमवार को उनका भी घर छीन लिया। इसी तरह कभी दो दर्जन चमचमाती लक्जरी गाड़ियों के मालिक रहे रामपुकार चौधरी की सारी गाड़िया भी गायब अचानक गायब हो गयी। जमीन के जो प्लाट उन्होंने खरीदे थे उसे भी सरकार ने जब्त कर लिया।
बाक्स के लिए
जब्त की गयी संपत्ति का ब्यौरा:
दोनों बिचौलियों की अब तक 29 प्लाटों में फैली कुल 11.8 एकड़ जमीन व एक बिल्डिंग जब्त की गयी है।
1. बिचौलिया रामपुकार चौधरी की जब्त जमीन
पलासी, चहटपुर व धनगामा मौजा में 14 खातों व 29 खेसरा में फैली है तथा कुल रकबा 4.5 एकड़ है।
2. बिचौलिया रुद्रानंद झा व उनके पुत्र पंकज कुमार की जमीन मौजा मोहनियां, चहटपुर, डेहटी, लोखड़ा व बसंतपुर मौजा के 25 खातों व 29 खेसरों में फैली है तथा रकबा 7.29 एकड़ है।
श्री झा का अररिया वार्ड नंबर 17 स्थित एक दो मंजिला भवन भी जब्त किया गया है। जब्ती की यह कार्रवाई सोमवार को की गयी।
News Source - in.jagran.yahoo.com/news/local/bihar/4-4-97.html

Sunday, February 12, 2012

डेढ़ करोड़ की राशि से शुरू होगी काडा की 6 योजनाएं


अररिया : जिले के दो प्रखंडो में डेढ़ करोड़ की राशि से 6 योजनाओं का संचालन कराया जायेगा। इसके लिए सरकार ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसी मुद्दे को लेकर शनिवार को सहरसा के काडा अधिकारियों ने डीएम से मुलाकात कर विस्तृत जानकारी दी।
आत्मन कक्ष में हुए अनौपचारिक बैठक में डीएम एम सरवणन ने काडा के अधिकारियों को संपर्क में रहने का निर्देश दिया। काडा के कार्यपालक अभियंता राजेन्द्र राम ने डीएम को बताया कि फिलहाल सरकार ने अररिया जिले के फारबिसगंज व भरगामा प्रखंड में कुल 6 योजना के लिए एक करोड़ 33 लाख रुपये आवंटित किया है। उन्होंने यह भी बताया कि योजना में 50 फीसदी राशि केंद्रांश, 40 प्रतिशत राज्यांश तथा 10 प्रतिशत किसानों को अंशदान देना है। उन्होंने जानकारी दी कि एक योजना से 50 से 60 किसान लाभान्वित होंगे तथा योजना का क्रियान्वयन किसान समिति के माध्यम से कराया जायेगा। कार्यपालक अभियंता के अनुसार 6 योजनाओं से करीब 800 हेक्टेयर की भूमि आच्छादित हो सकती है।

Monday, January 23, 2012

डेहटी पैक्स: पूर्व बीडीओ को मिली बेल


अररिया : डेहटी पैक्स घोटाले में गिरफ्तार पलासी के तत्कालिक प्रखंड विकास पदाधिकारी दयानंद यादव को अररिया की कोर्ट ने सोमवार को जमानत दे दी। ये कई दिनों से अररिया जेल में बंद हैं।
पूर्व बीडीओ दयानंद यादव पलासी थाना कांड संख्या 14/11 में नामजद हैं। यह प्राथमिकी पलासी के थानाध्यक्ष राम विलास सिंह ने पिछले 28 जनवरी 11 को दर्ज करायी थी।

Sunday, January 8, 2012

डेहटी पैक्स: बढ़ सकती है घोटाले की राशि


अररिया : करोड़ों रुपयों के डेहटी पैक्स घोटाले में सरकारी कोष के गबन की राशि बढ़ सकती है। इस घोटाले में अब तक 27 करोड़ की राशि के गबन के प्रमाण मिले हैं। वहीं, पुलिस कप्तान शिवदीप लांडे मानते हैं कि यह घोटाला 27 करोड़ से कहीं अधिक का है। उन्होंने बताया कि इस बीच घोटाले में संलिप्त कई वीआइपी गिरफ्तार किए गये हैं। उनसे पूछताछ के क्रम में घोटाले की नेटवर्किंग व इसमें संलिप्त कई सफेदपोश लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। इससे साफ होता है कि घोटाले की राशि और भी अधिक है।
विदित हो कि दैनिक जागरण ने प्रारंभिक सबूतों के आधार पर घोटाले में लगभग 70 करोड़ की राशि के गबन की बात प्रकाशित की थी। इस घोटाले की कार्य प्रणाली बेहद सरल थी। एसपी श्री लांडे के अनुसार घोटाले के सूत्रधार सरकारी योजनाओं की राशि को पैक्स में डिपाजिट करने के लिए विभिन्न सरकारी अधिकारियों को मोटा कमीशन देते थे। मसलन अगर एक बीडीओ पैक्स में पांच करोड़ जमा करवाता था तो उसे पचास लाख का मोटा कमीशन मिल जाता था। डिपाजिट के बदले पैक्स की ओर से प्रखंड को चैक बुक दिया जाता था। जब लाभुकों को प्रखंड से इंदिरा आवास या अन्य योजना का चैक मिलता तो पैक्स के घोटालेबाज उसे यह कह कर टहला देते थे कि अभी पैक्स में राशि नहीं है। इस पैक्स में इंदिरा आवास, मध्याह्न भोजन योजना, बाल विकास योजना सहित कई अन्य सरकारी योजनाओं की राशि रखी गयी और उनका धड़ल्ले से बंदरबांट कर लिया गया।
पुलिस कप्तान शिवदीप लांडे की मानें तो वे इस बात की तहकीकात कर रहे हैं कि घोटाले का पैसा किन-किन लोगों की जेब में गया है। उन्होंने बताया कि हाल में गिरफ्तार लोगों ने उन्हें कई सुराग दिए हैं जिसके आधार पर आने वाले दिनों में कई सफेदपोश व्यक्ति कानून की गिरफ्त में आ सकते हैं।
इस घोटाले के अभियोग में ताजा गिरफ्तारी पलासी के पूर्व बीडीओ गयानंद यादव की है। इससे पहले जोकीहाट के पूर्व बीडीओ फिरोज नईम, पलासी के पूर्व बीडीओ अशोक तिवारी, पूर्व डीएसई दिनेश चौधरी के अलावा कई अन्य व्यक्ति कानून की चौखट तक पहुंचाये जा चुके हैं। पूर्व बीडीओ परवेज उल्लाह भी इसी आरोप में गिरफ्तार होकर भागलपुर जेल में हैं। पुलिस उन्हें रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। वहीं, आधा दर्जन और सरकारी अधिकारियों पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।

Tuesday, December 27, 2011

सफेदपोशों को डरा रहा डेहटी पैक्स का भूत


अररिया : करोड़ों रुपये के डेहटी पैक्स घोटाले में अब तक एक दर्जन सरकारी अधिकारियों व कर्मियों पर कार्रवाई हो चुकी है। नये एसपी के आने के बाद इस घोटाले में संलिप्त अन्य लोगों पर कानूनी शिकंजा कसने की संभावना है। ऐसे में पर्दे के पीछे से घपले में शामिल रहे सफेदपोशों को डेहटी पैक्स का भूत सताने लगा है।
एसपी शिवदीप लांडे की मानें तो धमाका होगा यह तय है। लेकिन इस प्रश्न का उत्तर फिलहाल पर्दे में ही है कि गिरफ्तार होगा तो कौन? सफेदपोश व्यक्ति या कोई सरकारी मुलाजिम? वैसे फिलहाल होमवर्क चल रहा है।
उन्होंने बताया कि इस घोटाले में शामिल सफेदपोशों पर हाथ डालने के लिए सबूत हैं और पुलिस इस दिशा में कार्य प्रारंभ कर भी चुकी है। घोटाले में शामिल हर शख्स कानून की चौखट पर हाजिर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आधा दर्जन स्पेशल टीमें गठित कर दी गयी हैं जो अपना कार्य कर रही हैं। लेकिन कई मौकों पर पुलिस के पास उपलब्ध एडरेस गलत निकल रहे हैं। अब तक चार जगह पुलिस टीम गयी, तो चारो पते गलत निकले। लेकिन घोटालेबाजों को पकड़ा जरूर जायेगा।
इस घोटाले के तहत अब तक 27 करोड़ रुपयों के गबन के स्पष्ट प्रमाण मिल चुके हैं। इसकी कार्य प्रणाली बेहद सरल थी। पैक्स के लोग इंदिरा आवास, मध्याह्न भोजन, बाल विकास परियोजना, सर्व शिक्षा अभियान आदि की राशि संबंधित बीडीओ, डीडीसी, डीएसई, सीडीपीओ तथा उनके कार्यालय कर्मियों आदि को भरपूर कमीशन देकर अपने पैक्स में जमा करा लेते थे और फिर उसका मनमाने तरीके से इस्तेमाल होता था। जब लाभुक अपना पैसा लेने जाते तो उन्हें राशि नहीं मिलती थी, क्यों कि पैक्स में राशि रहती ही नहीं थी। वह निजी लोगों की पाकेट में चली जाती थी और लाभुक भटकते रहते थे।
लेकिन, मामले में एसपी की ताजा सक्रियता से घोटाले में शामिल सफेदपोशों के बेनकाब होने की संभावना बढ़ गयी है।

Sunday, December 25, 2011

गरीबी उन्मूलन की उपलब्धि रही सिफर


अररिया : डेहटी पैक्स व इंदिरा आवास घोटाले की मार से त्रस्त अररिया जिले में गरीबी उन्मूलन के ताजा वार्षिक सफर की उपलब्धि सिफर ही रही है। इंदिरा आवास मद का करोड़ों रुपया डेहटी पैक्स में 'विलुप्त' हो गया, वहीं केंद्र सरकार ने इस साल मनरेगा मद में कोई राशि ही नहीं भेजी। इंदिरा आवास मद में भी तीन साल से पैसा नहीं आ रहा है। क्योंकि पहले से प्राप्त राशि का ही व्यय नहीं हो पाया था।
इन योजनाओं के अलावा जिले में गरीबी उन्मूलन की अन्य योजनाओं का हाल भी बेहाल है।
केंद्र द्वारा प्रारंभ मनरेगा योजना भी बदहाली की शिकार है। हालांकि इस योजना के तहत अररिया प्रखंड में पेड़ लगाने का कार्य सफलतापूर्वक किया गया, लेकिन कुर्साकाटा व सिकटी में वृक्षारोपण कार्यक्रम भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया।
उधर, मनरेगा अंतर्गत जिले के तमाम श्रमिकों को अब तक जाब कार्ड भी नहीं मिल पाया है। जिन्हें मिला भी उन्हें रोजगार मुहैया नहीं कराया जा रहा। लिहाजा श्रमिक पलायन पर कोई अंकुश नहीं लग पाया है।
सबसे खराब स्थिति इंदिरा आवास योजना की है। इस योजना को बिचौलियों, घोटालेबाजों, भ्रष्ट सरकारी अधिकारियों व कर्मियों ने निगल लिया। घर बनाने के लिए आए गरीबों के पैसे से बिचौलियों की इमारतें खड़ी होती रही। गरीब सड़कों पर पामाल होते रहे। डेहटी पैक्स की फाइल इस बात का प्रमाण है कि कमीशनखोरी की लालच में भ्रष्ट अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने किस तरह इंदिरा आवास का पैसा निगल लिया।
हालांकि यह भी सच है कि गरीबों के पैसे गटकने वाले अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों पर कानून का सरकारी फंदा भी कस गया है। इस घोटाले की जद में अब तक एक दर्जन वरिष्ठ अधिकारी व एक दर्जन कर्मचारी आ चुके हैं। कई और अधिकारियों व सफेदपोशों के भी शिकंजे में आने की उम्मीद है। लेकिन गरीबों का घर तो नहीं बन पाया। इसकी जबाबदेही किस पर फिक्स होनी चाहिए?
..भइया, ई इंदिरा आवास बड़ी बला है। कौन इसे टच करे। डेहटी पैक्स में हुई डीएम की कार्रवाई के बाद अधिकारी इंदिरा आवास योजना से ही स्वयं को दूर रखने लगे। नतीजतन इस साल के पहले दस महीनों में भी कहीं आवास नहीं बना। साल के आखिर में जिलाधिकारी एम सरवणन के व्यक्तिगत प्रयास से आवास राशि वितरण के लिए शिविर लगाये गए और पहली बार गरीबों को बिचौलियामुक्त परिवेश में पैसा मिला। लेकिन इन शिविरों को तभी सफल माना जायेगा, जब आवासों का निर्माण हो जायेगा।
स्वर्ण जयंती ग्राम स्वरोजगार योजना के तहत लोगों को स्वावलंबी बनाने का सपना भी बुरी तरह टूटा है। स्वयं सहायता समूह जड़ता की शिकार बनी हैं।
यह माना जा सकता है कि
जिले में गरीबी उन्मूलन की योजनाएं सफल नहीं हो पायी हैं।
जरा आंकड़ों पर गौर करें तो बात साफ हो जायेगी।
सन 1991 में इस जिले में 1.86 लाख परिवार गरीबी रेखा से नीचे जीवन बसर करते थे। इस बीच गरीबी हटाने के नाम पर करोड़ों आये। इंदिरा आवास योजना भी इन्हीं दिनों प्रारंभ हुई। सुनिश्चित रोजगार योजना, संपूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना, जवाहर रोजगार योजना सहित कई अन्य योजनाओं की शुरूआत भी इसी दौरान की गयी। लेकिन सत्ता व शासन के तमाम दावों के बावजूद जब 1997 के बीपीएल आंकड़े आए तो गरीब परिवारों की संख्या तीन लाख छह हजार हो गयी। गरीबी उन्मूलन के लिए पैसों का क्वांटम लगातार बढ़ता गया। पर अगले सर्वेक्षण में बीपीएल परिवारों की संख्या साढ़े चार लाख के पार हो गयी। आखिर क्यों बढ़ रहे गरीब?
जानकारों की मानें तो इस जिले में बीपीएल सूची में नाम दर्ज करवाना ताजा क्रेज है। निकाय चुनावों में वोट देने का पैमाना भी बीपीएल ही है। .. अमुक को क्यों दें वोट, उसने तो एक बीपीएल भी नहीं दिलवाया।
जिले में आज तक कोई प्रामाणिक बीपीएल सूची तक नहीं बन पायी है। नियमों के मुताबिक हर पांच साल पर बीपीएल सर्वे किया जाना चाहिए, लेकिन विगत डेढ़ दशक में मात्र एक सर्वे हुआ है। वह भी कई भ्रष्ट मुखिया जी लोगों तथा कंप्यूटर वालों की जानबूझ कर की गयी भूल के कारण भानुमती का पिटारा बनकर रह गया है। गरीब रोड पर हैं और संपन्न लोग अंत्योदय अन्नपूर्णा का माल उठा रहे हैं।

Saturday, December 24, 2011

पूर्व बीडीओ परवेजउल्लाह को रिमांड पर लेगी पुलिस


अररिया : डेहटी पैक्स घोटाले में संलिप्त अररिया प्रखंड के पूर्व प्रखंड विकास पदाधिकारी परवेजउल्लाह को जल्द ही अररिया पुलिस रिमांड पर लेगी। शनिवार को अररिया के पुलिस कप्तान शिवदीप लांडे ने बताया कि डेहटी पैक्स घोटाले से जुड़े जितने भी आरोपी हैं उसके विरूद्ध कानूनी कार्रवाई तय है। चाहे वे कितने भी ऊंचे पद पर विराजमान क्यों नहीं हों। उन्होंने बताया कि पूर्व बीडीओ से पूछताछ के बाद कई राज उजागर हो सकते हैं। ज्ञात हो कि डेहटी पैक्स घोटाला के आरोपी तत्कालीन बीडीओ को पिछले माह ही निगरानी की विशेष टीम ने सीतामढ़ी से गिरफ्तार कर बेउर जेल भेज दिया था। उनके विरूद्ध अररिया नगर थाना में तीन प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस के अनुसार थाना कांड संख्या 4/10, 7/10, 404/11 के मामले में उन्हें रिमांड पर लिया जायेगा। वहीं डीएसपी कासिम ने बताया कि पूर्व बीडीओ को रिमांड पर लेने के लिये पुलिस सारी तैयारी पूरी कर ली है। न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस की टीम जल्द ही उन्हें रिमांड पर लेने के लिए पटना रवाना होगी।
किन पदाधिकारियों पर कितने मामले हैं दर्ज :-
1. तत्कालीन जिला पदाधिकारी अमरेन्द्र नारायण सिंह- थाना कांड संख्या 283/10
2.तत्कालीन डीडीसी तलहा साजिद- अररिया थाना कांड संख्या 481/10
3. तत्कालीन बीडीओ परवेज उल्लाह- अररिया थाना कांड संख्या 7/10, 37/10, 404/11
4. रमेश झा- 39/09, 40/09, 41/09, 15/11
5. तत्कालीन बीडीओ शमीम अख्तर -पलासी थाना कांड 14/11, 113/11
6: तत्कालीन बीडीओ, अशोक तिवारी- पलासी थाना कांड संख्या 114/11
7: तत्कालीन बीडीओ, गयानंद यादव- 114/11, 116/11, 29/10 सभी पलासी थाना कांड
8. तत्कालीन सीडीपीओ,राधामोहन राम- पलासी थाना कांड 15/11
9. तत्कालीन बीडीओ, फिरोज नईम- 208/07, 130/9 सभी जोकीहाट थाना कांड
10. तत्कालीन डीएसई- दिनेश चौधरी- 404/11 अररिया

Sunday, August 14, 2011

तत्कालीन डीएसई अहसन के डेहटी पैक्स घोटाले में फंसने से माफियों के


अररिया : डेहटी पैक्स घोटाले में एक के बाद एक अधिकारियों की संलिप्तता लगातार उजागर हो रही है। घोटाले में एक और तत्कालीन डीएसई की संलिप्तता सामने आने से जिले में माफियों के कान खड़े हो गये हैं। तत्कालीन डीएसई अहसन को भी मानव संसाधन विभाग ने मुख्यालय में उपस्थित होकर गबन मामले पर स्पष्टीकरण के लिए बुलाया है। इससे पूर्व एक और तत्कालीन डीएसई दिनेश चौधरी पर भी डेहटी पैक्स गबन मामले में कार्रवाई हो चुकी है। श्री चौधरी को पुलिस ने जहानाबाद से गिरफ्तार किया था। अभी वे जमानत पर हैं। इधर,
तत्कालीन डीएसई व वर्तमान में बांका के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अहसन पर विभाग ने 80.39 लाख रुपये गबन करने, कर्तव्य में लापरवाही बरतने आदि का आरोप लगाया है। दैनिक जागरण को मिली जानकारी के अनुसार यह गबन की राशि सिर्फ 80.39 लाख ही नहीं है, बल्कि यह एक करोड़ 40 लाख तक पहुंच सकती है। जानकारी के अनुसार पलासी प्रखंड के 18 एवं सिकटी के 8 विद्यालयों में भवन निर्माण के लिए सर्वशिक्षा अभियान से 68 लाख 50 हजार 600 रुपया संबंधित हेडमास्टरों के नाम चेक के माध्यम से निर्गत किये गये। लेकिन यह चेक डेहटी पैक्स में जमा करा दिया गया। सूत्रों की मानें तो चेक जमा कराने में शिक्षक संघ के पदाधिकारी शिक्षकों के अतिरिक्त अन्य कई माफिया शामिल थे। कुछ ऐसा ही वाकया 14 नवसृजित विद्यालय भवन निर्माण में भी हुआ। पलासी के 4, सिकटी प्रखंड के 9 तथा जोकीहाट प्रखंड के 01 नवसृजित प्राथमिक विद्यालय में भवन निर्माण कार्य के लिए एसएसए ने 70 लाख 59 हजार का चेक प्रदान तो किया लेकिन आज तक वो भवन नहीं बना क्योंकि डेहटी पैक्स का कारोबार अक्टूबर-नवंबर 2008 में ही बंद कर दिया गया था। इसी पर पूर्व डीएसई अहसन ने पैक्स प्रबंधक समेत कई के खिलाफ केस दर्ज करवाया था। अहसन पर लगे गबन के आरोप में बताया जाता है कि 80.39 लाख की राशि मध्याह्न भोजन, स्कूल विकास मद, टीएलएम विद्यालय भवन निर्माण योजना की है। एसएसए से मिली जानकारी के अनुसार अहसन ने एफआईआर दर्ज कर अगली कार्रवाई नहीं की। जिस कारण विभाग ने उनपर विभागीय कार्रवाई शुरू करते हुए तलब किया है। हलांकि बांका के डीपीओ व अररिया के पूर्व डीएसई अहसन ने शुक्रवार को दूरभाष पर बताया कि 80.39 लाख की राशि उनके योगदान से चार माह पूर्व ही पैक्स में जमा करायी जा चुकी थी।
इधर शिक्षा विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार निगरानी विभाग के स्तर से भी पूरे मामले की जांच की जा रही है। बताया जाता है कि पैक्स तक चेक पहुंचाने व कमीशन वसूल करने वाले शिक्षकों की लंबी सूची निगरानी व मानव संसाधन विकास विभाग को सौंपी जा रही है।

Sunday, May 22, 2011

तत्कालीन डीडीसी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बनाई रणनीति

अररिया : डेहटी पैक्स घोटाले में शामिल आरोपी पूर्व जिला पदाधिकारी अमरेन्द्र नारायण सिंह को न्यायालय से जमानत मिलने के बाद पुलिस अब तत्कालीन उप विकास आयुक्त बाल्मिकी प्रसाद की गिरफ्तारी के लिए विशेष रणनीति बना रही है। कांड के अनुसंधानकर्ता आरक्षी निरीक्षक अनिल कुमार ने रविवार को अपने कार्यालय में करीब एक घंटे तक तक इस रणनीति पर गहन विचार विमर्श किया है। बताया जा रहा है कि पुलिस की टीम जल्द ही डीडीसी की गिरफ्तारी के लिए उनके गृह क्षेत्र रवाना हो रही है। ज्ञात हो कि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विश्वास यात्रा के दौरान अररिया के डीआरडीए सभा भवन में आयोजित बैठक में डेहटी पैक्स घोटाला पर विशेष चर्चा हुई थी। मुख्यमंत्री से हरी झंडी मिलने के बाद जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार अररिया थाना कांड संख्या 289/11 दर्ज कराई गई। इस मामले में पूर्व जिला पदाधिकारी अमरेन्द्र नारायण सिंह, उप विकास आयुक्त बाल्मिकी प्रसाद, कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार, आर के शर्मा, बीर बहादुर सिंह, गणपत मोदी, त्रिवेणी प्रसाद समेत आठ लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। इन लोगों पर आरोप है कि अवैध रकम की उगाही की मंशा से योजनाओं की राशि राष्ट्रीय कृत बैंकों में जमा नही कराकर डेहटी पैक्स में जमा कराई गई। जो रकम धरातल पर नहीं पहुंचकर बंदर बांट हो गई। इस मामले में तत्कालीन डीएम अमरेंद्र नारायण सिंह ने शुक्रवार को सीजेएम न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया जहां से न्यायाधीश सत्येंद्र रजक ने उन्हें जमानत दे दी। अब तक इस मामले में सात अभियुक्तों ने न्यायालय से जमानत ले ली है, जबकि डीडीसी बाल्मिकी प्रसाद आज भी फरार हैं।

Sunday, February 6, 2011

डेहटी पैक्स घोटाला: बाहुबलियों ने खूब काटी चांदी


अररिया : पैक्स प्रबंधक रहे रूद्रा नंद झा की गिरफ्तारी के बाद डेहटी पैक्स घोटाले का राज धीरे-धीरे खुलने लगा है। दबंगों और बाहुबलियों ने बैंक प्रबंधन पर दबाव बना कर खूब चांदी काटी।
अदालत में द.प्र.स. की धारा 164 के तहत दिये अपने बयान में मुख्य आरोपी रुद्रानन्द झा ने 72 लोगों की जो सूची अदालत में प्रस्तुत की है उसमें उल्लेख किया है कि दबाव डालकर उनसे लाखों का ऋण कई दबंगों ने लिया है। पलासी प्रखंड के विभिन्न योजनाओं के नाम पर बाहुबलियों ने पैक्स से पैसे लिए। दिये बयान में श्री झा ने जिक्र किया है कि इंदिरा आवास लाभुकों के लिए ईट छड़ व सीमेंट हेतु दबाव डालकर रामपुकार चौधरी ने 32 लाख रुपये ऋण मद में लिये, तो मो. तारिक अजीम ने विभिन्न योजनाओं एवं विद्यालय शिक्षा समिति खातों के भुगतान हेतु दवाब डालकर 26 लाख रुपये अपने स्टाफ मुमताज आलम के नाम
से चेक कटवाया। इसके अलावा अररिया के जीरो माईल स्थित बजाज मोटरसाइकिल एजेंसी के प्रबंधक मो. मोनाजिर द्वारा दवाब डालकर साढ़े तीन लाख राशि का चेक लिये जाने का उल्लेख किया गयाहै। उक्त चेक भारतीय स्टेट बैंक की मैना शाखा तथा पलासी स्थित सैंट्रल बैंक की शाखा के नाम चेक था। उधर पोठिया के मो. राजू द्वारा भी दबाव डालकर दो लाख 90 हजार का चेक लिये जाने की बात दर्ज बयान में कही गई है। इसी क्रम में पलासी के बजाज मोटर साइकिल एजेंसी के अवधेश कुमार झा द्वारा भी दबाव डालकर डेढ़ लाख राशि लेने का जिक्र किया गयाहै। वहीं सिकटी प्रखंड के ईटा भट्ठा मालिक रामनाथ झा के नाम का भी उल्लेख है, जो चार लाख रुपये उक्त पैक्स से लिये हैं। उन्होंने अपने हाथों लिखे उक्त ब्योरा में कई और लोगों के नामों का जिक्र किया है। अपने दिये ब्यान में उसने कहा है कि पूर्व पैक्स अध्यक्ष शिवानंद यादव की मृत्यु के बाद पैक्स में बाहुबलियों की पकड़ मजबूत हो गई तथा घोटाले का दौर शुरू हो गया। हालांकि डेहटी पैक्स घोटाले को लेकर अभी भी कई सवाल लोगों के जेहन में कुलबुला रहे हैं जिसका खुलासा जांच के बाद ही हो पायेगा।

Monday, January 31, 2011

डेहटी पैक्स: सरकारी सेवकों ने भी जम कर उड़ाई मलाई


अररिया : जिले के बहुचर्चित डेहटी पैक्स घोटाले की चर्चा जहां सबकी जुबान पर है तो उक्त पैक्स के ऋणधारियों की सूची में कई सरकारी सेवक भी हैं। इसका खुलासा गिरफ्तार पैक्स प्रबंधक रुद्रानंद झा ने अदालत में पेश लिखित बयान में किया है।
धारा 164 के तहत न्यायालय में दर्ज कराये गये ब्यान में मुख्य आरोपी रुद्रानन्द झा ने कुल 72 ऋणधारियों की सूची लिखित रूप में अदालत के समक्ष प्रस्तुत की है। जिसमें उसने पलासी प्रखंड के नाजिर मतीर्उरहमान के यहां एक लाख रुपये, पलासी के प्रखंड सहायक अशोक कुमार पाठक के यहां एक लाख, सिकटी के प्रखंड सहायक अम्बा प्र. यादव के पास डेढ़ लाख, अररिया सीडीपीओ कार्यालय के सुपरवाईजर रूपम झा के पास डेढ़ लाख, प्रखंड सहायक पलासी मो. शहरयार- पचास हजार, ग्राम पंचायत मालद्वार की पंचायत शिक्षिका मीरा देवी 50 हजार, पलासी के शिक्षक- संजय मांझी 1.3 लाख, पिपरा विजवार के शिक्षक अशोक कुमार विश्वास तीस हजार रुपये आदि सरकारी सेवकों के पास पैक्स का पैसे होने की बात सूची में दर्ज करायी है।

डेहटी पैक्स: बैंकों की भूमिका पर भी उठ रहे सवाल


अररिया : करोड़ों रुपये के डेहटी पैक्स घोटाले में कई बैंकों की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ रही है। पलासी थाने में दर्ज सात प्राथमिकी में विभिन्न बैंकों की आठ शाखाओं को नामित किया गया है। इन शाखाओं में कथित रूप से फर्जी चेक जमा निकासी का धंधा धड़ल्ले से हुआ बताया जाता है।
पलासी थाने में शनिवार को दर्ज प्राथमिकी में स्टेट बैंक की मैना व कनखुदिया शाखा, सेंट्रल बैंक पलासी, बैंक आफ बड़ौदा अररिया व तारण, कोआपरेटिव बैंक की अररिया व फारबिसगंज शाखा तथा पंजाब नेशनल बैंक की फारबिसगंज शाखा का यह कह कर उल्लेख है कि इन शाखाओं के माध्यम से ही फर्जी चेक को जमा व रुपयों की निकासी का काम किया गया।
सूत्रों की मानें तो विभिन्न सरकारी योजनाओं का पैसा अधिकारियों को पीसी देकर या अन्य उपायों से डेहटी पैक्स में जमा करवाया गया। फिर उस पैसे को मनचाहे तरीके से इस्तेमाल किया गया। इस दौरान योजनाओं के लाभुक अगर पैसा मांगते थे तो उन्हें बहाना बना कर टरका दिया जाता था। पैक्स में पैसों का फ्लो बनाये रखने के लिये ड्राफ्ट का धंधा भी किया जाता था। अधिकतर ड्राफ्ट इन्हीं बैंक शाखाओं से निर्गत बताये जाते हैं। ड्राफ्ट के लिये पैसों की उगाही पेट्रोल पंपों से भी की जाती थी।
विदित हो कि फर्जी तरीके से चेक जमा व निकासी करने के आरोप में एक पेट्रोल पंप कर्मी सलाखों के पीछे भी जा चुका हैं। ताजा मामले में भी वे आरोपी हैं।

Sunday, January 30, 2011

डेहटी पैक्स: सरगना तक पहुचेंगे कानून के हाथ?


अररिया : बहुचर्चित डेहटी पैक्स गबन के मामले में पुलिस की गिरफ्त में आने वाले प्रबंधक रुद्रानंद झा द्वारा किया गया खुलासा कुछ अचंभित करने वाला नहीं है। क्योंकि जिले के प्राय: लोग डेहटी पैक्स के कर्ता-धर्ता को जान रहे हैं। लोगों के जेहन में बस एक ही सवाल उठ रहा है कि क्या कानून व पुलिस का हाथ पैक्स गबन के मूल कर्ता-धर्ता तक पहुंच पायेंगे? 26 करोड़ से अधिक के हेराफेरी के मामले में जिले के विभिन्न थाना में कई मामले पूर्व से दर्ज हैं। अब रुद्रानंद झा के बयान पर उजागर किये गये सफेदपोशों के नाम से राजनीतिक हल्कों में खलबली मच गई है। पैक्स प्रबंधक के बयान पर पलासी थाना में भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री समेत सौ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधि से लेकर कई सफदपोशों के होश उड़ गये हैं।
पैक्स घोटाले में अब तक सिर्फ सरकारी मुलाजिमों पर ही कार्रवाई हो पाई है। जबकि ग्रामीण विकास विभाग के उप सचिव राम बाबू सिंह ने जांचोपरांत 2008 में सौंपे गये रिपोर्ट में कई जनप्रतिनिधि के नाम उजागर किया था। लेकिन प्रशासन आज तक किसी तरह की कार्रवाई नहीं कर पाई।

Thursday, January 27, 2011

जिले के सबसे बड़े घोटाले में शुमार है डेहटी पैक्स


अररिया : जिले के सबसे बड़े घोटाले में शुमार हो चुका डेहटी पैक्स घोटाले के मुख्य आरोपी पैक्स प्रबंधक रूद्रानंद झा की गिरफ्तारी के बाद पूरे जिले में खलबली मच गयी है तथा माफियाओं के बीच हड़कंप मचा हुआ है। पैक्स की राशि पचाने वाले सफेदपोशों के घर में देर रात तक बैठकों का दौर जारी है।
सहरसा से गिरफ्तार होने वाले पैक्स प्रबंधक के बयान पर कई दिग्गजों का भविष्य टिका हुआ है। पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रबंधक पर तकरीबन 20 मुकदमों के आरोप सत्य पाये गये हैं। अगर वे सरकारी गवाह बन कर जांच में सहयोग करें तो घोटाले के चीफ सरगना तक पुलिस के हाथ पहुंच सकते हैं। दरअसल डेहटी पैक्स में राशि जमा करने का सिलसिला 2004 से ही शुरू हुआ था। डेहटी पैक्स घोटाला उजागर होने के बाद राज्य सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के उप सचिव रामबाबू सिंह के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच दल अररिया भेजा। जांच दल ने पूरे मामले की जांच करने के उपरांत 31 मार्च 2008 को तकरीबन 26 करोड़ से ज्यादा की राशि डेहटी पैक्स में जमा होने का उल्लेख अपने रिपोर्ट में किया था। जांच प्रतिवेदन में उन्होंने राशि पैक्स में जमा करवाने के लिए कुछ जिला स्तरीय व जिला परिषद के नेताओं के दबाव की आशंका जतायी थी। इस घोटाले में सरकार ने अब तक छह बीडीओ, पूर्व के डीडीसी, दर्जन भर सहायक व नाजिर पर कार्रवाई की है।
सूत्रों के अनुसार सरकारी राशि के एक लाख का चेक के तौर पर 10 हजार नगद दिया जाता था। इस मामले के आरोपी सिर्फ जिले में नहीं बल्कि अन्य जिले सुपौल में भी कार्यरत हैं। हालांकि सुपौल में कार्यरत सहायक पर कार्रवाई के लिए डीएम ने सुपौल डीएम को पत्र लिखा है। इस पूरे घोटाले में सिर्फ 10 हजार गरीबों के आशियाने बनाने के सपने चूर हो गये। सिर्फ पलासी व सिकटी के आठ हजार से अधिक लोगों के इंदिरा आवास की राशि पैक्स में जमा करायी गयी थी।

हत्या की आशंका, पुलिस थी चौकस

अररिया, : डेहटी पैक्स घोटाला के मुख्य आरोपी प्रबंधक रूद्रानंद झा को न्यायालय में पेशी से पूर्व उनकी हत्या की आशंका थी। हत्या की आशंका को लेकर हीं दो दिनों से अररिया में पुलिस चौकसी बढ़ गयी थी। यहां तक की आरोपी के न्यायालय पहुंचने के एक घंटा पूर्व से ही पुलिस ने जगह-जगह मोटर सायकिल चेकिंग अभियान चला रखी थी। हालांकि इस आशंका को पुलिस सिरे से खारिज कर रही है। लेकिन सूत्रों की मानें तो गिरफ्तारी के बाद हीं पुलिस को इस बात की भनक लग गयी थी कि न्यायालय में पेशी के दौरान किसी दबंग के इशारे पर आरोपी की हत्या करायी जा सकती है। ताकि डेहटी पैक्स घोटाले का राज कभी भी नहीं खुल पाये। लेकिन पुलिस की कड़ी सतर्कता व्यवस्था के आगे कोई भी अप्रिय घटना नहीं घट सकी। बताया यह भी जा रहा है कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी झा को रखने का ठिकाना पुलिस लगातार इसी आशंका को देखते हुए बदलती हरी और इसकी भनक किसी अन्य को नहीं लगी। पूर्णिया प्रक्षेत्र के डीआईजी अमित कुमार भी आरोपी से पूछताछ अररिया जिला मुख्यालय में नहीं वरण रानीगंज थाना में की। रानीगंज थाना में पूछताछ के बाद फिर उन्हें अन्यत्र रखा जा रहा था।

डेहटी पैक्स घोटाले से जुड़े हैं कई सफेदपोश: एसपी

अररिया : डेहटी पैक्स घोटाले में कई सफेदपोशों के नाम उजागर हुए हैं। यह जानकारी अररिया के पुलिस कप्तान विनोद कुमार ने पैक्स प्रबंधक रूद्रानंद झा से दो दिनों तक गहन पूछताछ के बाद कही है। पुलिस कप्तान ने बताया कि श्री कुमार कि घोटाले के मुख्य अभियुक्त ने स्वीकार किया है कि उनके पैक्स में तीस करोड़ की राशि विभिन्न योजनाओं के मद से जमा करायी गयी थी। जो कई सफेदपोशों एवं आपराधिक प्रवृति के लोगों ने उनसे डरा धमका कर या ऋण के रूप में ले ली। हालांकि एसपी श्री कुमार ने फिलहाल किसी भी व्यक्ति का नाम उजागर नहीं किया है। लेकिन बताया जा रहा है कि इस मामले में राजनीति से जुड़े कई चर्चित हस्तियों ने पैक्स प्रबंधक को अपने कब्जे में में लेकर योजनाओं की राशि बंदरबांट कर ली। वहीं पुलिस कप्तान ने बताया कि पैक्स प्रबंधक ने अररिया में एक मकान एवं पलासी में सात बीघा जमीन अपने नाम खरीदी है। शेष राशि माफियाओं के हत्थे चढ़ गयी। जिसमें कई सफेदपोश ऋण के रूप में उनसे हथिया ली। उन्होंने बताया कि आरोपी श्री झा द्वारा जितने भी व्यक्तियों के नाम बताये गये हैं जांच के बाद सभी के विरूद्ध जल्द ही वहां कार्रवाई की जायेगी।