Showing posts with label Forbesganj. Show all posts
Showing posts with label Forbesganj. Show all posts

Saturday, July 7, 2012

नगर में खाली जमीन का भी भरना होगा टैक्स


फारबिसगंज (अररिया) : नगर परिषद द्वारा शहरी क्षेत्र में खाली जमीन जिस पर कोई मकान या ढांचा बना हुआ नहीं है, उसका भी टैक्स वसूला जायेगा। यह जानकारी मुख्य पार्षद वीणा देवी ने दी। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशों के अनुसार आगामी वित्तीय वर्ष से ऐसी जमीनों को चिन्हित कर उसकी टैक्स उगाही की जायेगी।
मुख्य पार्षद ने यह भी जानकारी दी कि शहर के वार्ड संख्या 1, 6, 7, 8 और 22, 23, 24 एवं 25 में नए मकान बनवाने के इच्छुक लोगों को मकान का नक्शा नप कार्यालय में जमा करना आवश्यक होगा। नप द्वारा स्वीकृति मिलने के उपरांत ही वे मकान बनवा सकेंगे। बताया कि ऐसी व्यवस्था शहर की जल निकासी समस्या को देखते हुए की गयी है। उन्होंने बताया कि सीताधार और मेन ड्रेन के किनारे की जमीन को अतिक्रमित कर कई लोगों ने घर व दीवार खड़ा कर ली है। इससे जल निकासी की घोर समस्या उत्पन्न हो गई है। कहा कि नगर और नगर वासी के हित में आवश्यकता पड़ने पर नप प्रशासन द्वारा अवरोधों को ध्वस्त करने की कार्रवाई भी की जायेगी।
इस मौके पर उप मुख्य पार्षद मोती खान, स्थायी समिति सदस्य अनिल कु. सिन्हा, अशोक फुलासरिया और रजत सिंह, पार्षद रंजू केसरी, रूकसाना खातुन, मनोज ठाकुर, अमर कामत, किशोर राय, मो. इस्लाम, प्रधान सहायक शंकर झा, जेई विनोद कुमार आदि उपस्थित थे।

फारबिसगंज को अब तक नही मिला मास्टर प्लान


फारबिसगंज (अररिया) : डेढ़ सौ वर्ष से भी अधिक पुराने शहर फारबिसगंज में नगरपालिका बने एक सौ वर्ष से अधिक समय बीत चुका है। शहरी क्षेत्र के विकास के नये-नये दावे भी किए जाते रहे हैं। लेकिन सौ वर्ष के बाद भी शहर को विकसित करने और जल निकासी जैसे मूलभूत समस्या के लिए कोई मास्टर प्लान नही है। शहर का विकास बेतरतीब तरीके से जैसे-तैसे बिना किसी योजना के होता जा रहा है। वहीं जल निकासी के लिए भी कोई सुदृढ़ मास्टर प्लान नही है। शहर में पूर्व से बने नाले रख-रखाव के अभाव में तथा गुणवत्ताहीनता के कारण समय से पहले हीं टूटता जा रहा है। जल निकासी के लिए बन रहा मेन ड्रेन विवादों में घिरने के साथ हीं निर्माण कार्य रूका हुआ है। शहर में साफ-सफाई व्यवस्था कमजोर है। जल निकासी के बहाव मार्ग में मिट्टी भरकर घर बनाये जा रहे हैं। कुल मिलाकर कोई योजना नही है। इस बारिश के मौसम में भी शहरवासियों को जल जमाव की समस्या से रूबरू होना पड़ेगा।
क्या कहते हैं अधिकारी:
नप के कार्यपालक पदाधिकारी गिरिजानंद कापड़ी बताते हैं कि बोर्ड की बैठक में शहर की समस्याओं पर विमर्श कर निराकरण का प्रयास किया जाता है। लेकिन शहर के विकास के लिए भविष्य को कोई मास्टर प्लान फिलहाल नही है। हालांकि विकास कार्य, निर्माण कार्य जारी है।
क्या कहती हैं मुख्य पार्षद: फारबिसगंज नप की मुख्य पार्षद वीणा देवी बताती है कि जल निकासी के लिए विस्तृत योजना पर विमर्श कर इसे लागू किया जायेगा। सरकार से राशि मिलने पर शहर वासियों को कई सुविधाएं मिलेगी। हालांकि उन्होंने कहा कि बगैर किसी प्लानिंग के क्षेत्र में मिट्टी भराई तथा मकान बनाये जाने से समस्या गंभीर होती जायेगी। इसलिए इस पर रोक लगाया जायेगा। हालांकि उन्होंने शहरी क्षेत्रफल के विस्तार पर कोई मास्टर प्लान होने से इंकार किया।
बहरहाल सौ साल के शहर को आज भी एक मास्टर प्लान की तलाश है ताकि इसका सुनियोजित विकास हो सके।

नप के स्थायी समिति सदस्यों ने ली शपथ



फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज नगर परिषद के नव निर्वाचित वार्ड पार्षदों में से मनोनीत किए गए सशक्त स्थायी समिति के तीन सदस्यों को शनिवार को फारबिसगंज अनुमंडल कार्यालय में शपथ दिलायी गयी। प्रभारी अनुमंडल पदाधिकारी सह भूमि सुधार उप समाहर्ता मुकेश कुमार सिन्हा के द्वारा तीनों सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी गयी। नप क्षेत्र के वार्ड बीस के पार्षद अनिल कुमार सिन्हा, वार्ड दो के पार्षद अशोक फुलसरिया तथा वार्ड 19 के पार्षद रजत सिंह सशक्त स्थायी समिति सदस्य के रूप में मनोनीत किए गए हैं। मनोनीत सदस्यों द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ ली गयी। मौके पर नप की मुख्य पार्षद वीणा देवी, उपमुख्य पार्षद मोती खान, वार्ड पार्षद धीरज पासवान, पिंकी देवी, मनोज ठाकुर, रंजू केसरी, रूकसाना खातून, रीता राय, रंजीत राय, किशोर राय, मो. इसलाम दिलीप पासवान, मनोज जायसवाल, नप के प्रधान सहायक शंकर झा सहित अन्य लोग मौजूद थे। शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित वार्ड पार्षदों तथा अन्य लोगों ने नये स्थायी समिति सदस्यों के प्रति हर्ष व्यक्त करते हुए नप के विकास कार्य में सकारात्मक भूमिका की उम्मीद जाहिर की।

जिला पार्षद के साथ लूटपाट के विरोध में बैठक, सुरक्षा की मांग


फारबिसगंज (अररिया) : रंगदारी को लेकर क्षेत्र संख्या 5 में जिप सदस्य मो. इफ्तखार के साथ लूटपाट के विरोध में शुक्रवार को यहां बैठक कर प्रशासन से सुरक्षा गार्ड मांगने का निर्णय लिया गया। साथ हीं जिप सदस्य मो. इफ्तखार के साथ रंगदारी मांगने तथा लूटपाट करने वाले आरोपी मो. जहांगीर को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की गयी।
बैठक में मौजूद क्षेत्र संख्या ग्यारह के जिप सदस्य प्रयाग पासवान ने घटना की तीव्र निंदा करते हुए कहा कि जिला परिषद सदस्यों पर खतरा उत्पन्न करने वालों को बर्दास्त नही किया जायेगा। इस मामले को जिप की बैठक में भी उठाया जायेगा। इधर जिप सदस्य जितनी देवी, मंजूला देवी, शोभा देवी सहित शंकर विश्वास, नीलम रानी, तौहिद आलम, मो. कलाम, पूर्व मुखिया मो. अशफाक, मुमताज अंसारी सहित अन्य ने घटना की घोर निंदा करते हुए जिप सदस्य मो. इफ्तेखार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग पुलिस-प्रशासन से की। पीड़ित जिप सदस्य मो. इफ्तखार ने कहा कि पूर्व से हीं आरोपी द्वारा रंगदारी के रूप में पांच हजार रुपया की मांग की जा रही थी जिसे नहीं देने पर लूटपाट किया गया।
इधर पीड़ित मो. इफ्तखार के आवेदन पर फारबिसगंज थाना में आरोपी मो. जहांगीर के खिलाफ प्राथमिकी संख्या 237/12 दर्ज कर ली गयी है।

अभिषेक बने जदयू जिला किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष

फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड के गुरमी निवासी अभिषेक कुमार को जदयू जिला किसान प्रकोष्ठ काअध्यक्ष नियुक्त किया गया है। श्री कुमार की मनोनीत पर कार्यकर्ताओं में हर्ष व्यक्त है। उनकी मनोनयन पर जदयू जिला प्रवक्ता पवन मिश्रा, रमेश सिंह, प्रदीप साह, मो. इकबाल, नूर मोहम्मद, गोपाल राय, पोलो ऋषिदेव, दिलीप पटेल, पिंटू दास, किशोर राय, बैद्यनाथ मंडल, सबीर आलम आदि ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए किसानों की समस्या उभर रखने तथा संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद जाहिर की।

चार वर्षो में पकड़ी गई एक करोड़ की बिजली चोरी


फारबिसगंज (अररिया) : अनुमंडल क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बिजली की चोरी की जा रही है। बिजली चोरी कर प्रतिमाह लाखों रुपया सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। विद्युत विभाग के एसटीएफ ने शहर के बीचों बीच अस्पताल रोड स्थित दो पुराने प्रतिष्ठानों में छापेमारी कर जिस प्रकार 17.68 लाख की बिजली चोरी का मामला पकड़ा उससे बिजली विभाग के स्थानीय अधिकारियों पर भी सवाल उठने लगा है। वे शहर में बीचोबीच एक ही परिसर में स्थित सीमा कोल्ड स्टोरेज तथा शिमला आइसक्रीम फैक्ट्री में काफी लंबे समय से हो रही बिजली चोरी को रोक नही सके। बिजली विभाग के एसटीएफ पटना के हेड अशोक कुमार ने भी माना कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी की सूचना मिल रही है जिसे रोकने के लिए भविष्य में छापेमारी अभियान चलाया जायेगा।
हालांकि इससे पूर्व में भी विद्युत विभाग के द्वारा बिजली चोरी का मामला पकड़ा जा चुका है। फारबिसगंज में जुम्मन चौक के समीप एक मोबाइल टावर परिसर में करीब सात लाख की बिजली चोरी का मामला पकड़ा गया था। मुंशी पोखर के समीप स्थित मोबाइल टावर में भी करीब आठ लाख रुपये की बिजली चोरी पकड़ी जा चुकी है। नरपतगंज प्रखंड के फुलकाहा में आरा मील में पांच लाख की बिजली चोरी पकड़ी गयी थी। फारबिसगंज फ्लावर मिल में करीब 84 लाख की बिजली चोरी का मामला वर्ष 2008 में हीं सामने आ चुका है। औधोगिक क्षेत्रों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे-छोटे स्तर पर बड़ी मात्रा में बिजली की चोरी की जा रही है।

Friday, July 6, 2012

बिजली चोरी मामले में दो प्रतिष्ठान मालिक गए जेल, प्राथमिकी दर्ज

फाबिसगंज (अररिया) : शहर के अस्पताल रोड स्थित मे. सीमा कोल्ड स्टोरेज परिसर में विद्युत विभाग के पटना के एसटीएफ टीम द्वारा करीब 17.68 लाख रुपया की बिजली की चोरी पकड़े जाने के मामले में दो प्रतिष्ठान संचालकों को गुरुवार को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया। जिसमें सीमा कोल्ड स्टोरेज के रामावतार लखोटिया तथा शिमली आइसक्रिम फैक्ट्री के किशनलाल लखोटिया शामिल है। इन लोगों पर भारी मात्रा में बिजली चोरी का आरोप है। इधर विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा छापेमारी के बाद दोनों के विरुद्ध फारबिसगंज थाना में विद्युत अधिनियम की धारा 135/138 के तहत प्राथमिकी (कांड संख्या 236/12) दर्ज की गयी है। प्रभारी विद्युत कार्यपालक अभियंता रतिकांत प्रसाद के द्वारा दर्ज प्राथमिकी के अनुसार मेसर्स सीमा कोल्ड स्टोरेज द्वारा 12, 53, 052 रुपया तथा इसी परिसर स्थित कोल्ड स्टोरेज के बगल वाले कमरे में किशुनलाल लखोटिया द्वारा 5,15,306 रु. की बिजली की चोरी मीटर तथा विद्युत तार में छेड़छाड़ कर किया गया है। दोनों की बिजली काट दी गयी है तथा मीटर को खोलकर जब्त कर लिया गया है। एसटीएफ हेड अशोक कुमार के नेतृत्व में बिहार विद्युत बोर्ड की एसटीएफ की टीम, एमआरटी पूर्णिया की टीम तथा विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल पूर्णिया की टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली। छापेमारी में एसटीएफ क ईई डीके सिंह, एसपी सिंह, एईई फारबिसगंज रतिकांत प्रसाद, किरण कुमार, प्रशांत कुमार, एसएस पांडेय, ग्यान प्रकाश, इमरान जजीर, राजानंद, राहुल कुमार आदि शामिल थे।

बिजली चोरी: कोल्ड स्टोर के पार्टनर पर होगी कार्रवाई: एसपी



फाबिसगंज (अररिया) : बिजली चोरी के मामले में सीमा कोल्ड स्टोर के रामावतार लखोटिया के प्रतिष्ठान पार्टनर कोलकाता निवासी राजीव काबरा पर भी कार्रवाई होगी। अररिया एसपी शिवदीप लांडे ने फारबिसगंज थाना पहुंचकर बिजली चोरी मामले की पड़ताल की तथा अनुसंधान तेज करने का निर्देश दिया। एसपी श्री लांडे ने बताया कि सीमा कोल्ड स्टोरेज के पार्टनर कोलकाता के बालीगंज रोड निवासी राजीव काबरा का नाम भी जांच के क्रम में सामने आया है। बिजली चोरी मामले में पार्टनर भी जांच के दायरे में आयेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी के मामले सामने आ रहे हैं। बताया कि वर्ष 2008 में गोलछा फ्लावर मिल में 84.46 लाख रुपये की बिजली चोरी पकड़ी गयी थी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इतनी बड़ी चोरी के मामले सामने आने के बाद तो विद्युत विभाग को चार वर्ष बाद छापामारी की जगह नियमित छापामारी करनी चाहिये। एसपी ने कहा कि पुलिस विद्युत विभाग को सहयोग देने के लिये हमेशा तत्पर रहेगी। भरपूर सहयोग मिलेगा। सीमा कोल्ड स्टोरेज में भी पुलिस का विद्युत विभाग के साथ छापामारी में संयुक्त सहयोग रहा। उन्होंने सीमा कोल्ड स्टोरेज के रामावतार लखोटिया तथा किशनलाल लखोटिया से बिजली चोरी मामले की आवश्यक पूछताछ की। उन्होंने बिजली चोरी कर सरकारी राशि को चपत लगाने को गंभीर मामला बताया साथ ही कहा कि अब पुलिस भी बिजली चोरी के मामलों पर नजर रखेगी।

जिप सदस्य की पिटाई, समर्थकों ने किया सड़क जाम

फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज के क्षेत्र संख्या पांच में जिला परिषद सदस्य मो. इफ्तखार के साथ आरा मील से घर जाते समय हथियार का भय दिखाकर गुरुवार को रामपुर दक्षिण पंचायत स्थित मुख्य सड़क मार्ग पर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा मारपीट किया गया। जिसमें जिप सदस्य जख्मी हो गये। इधर घटना के विरोध में जिप सदस्य समर्थकों ने फारबिसगंज-रानीगंज मार्ग पर रामपुर दक्षिण पंचायत में सड़क जाम कर यातायात ठप्प कर दिया। सड़क जाम कर रहे समर्थकों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। जाम करने वाले जिप सदस्य के साथ मारपीट करने वाले आपराधिक प्रवृत्ति के गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। बाद में फारबिसगंज थाना की पुलिस जाम स्थल पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत किया। पुलिस द्वारा समुचित कार्रवाई के आश्वासन पर सड़क जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल हो सका।
जख्मी जिप सदस्य मो. इफ्तेखार का इलाज स्थानीय रेफरल अस्पताल में कराया गया। इधर पीड़ित जिप सदस्य ने थाना में आवेदन देकर रामपुर दक्षिण निवासी मो. जहांगीर पर दो-तीन अज्ञात समर्थकों के साथ मिलकर पिस्टल कनपटी में सटाते हुए मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। आवेदन के अनुसार आपराधिक पृष्ठ भूमि के मो. जहांगीर ने मो. इफ्तखार से पांच हजार रुपया रंगदारी की मांग की थी जिसकी सूचना पूर्व थाना को दी गयी थी। आसपास के लोगों के जुट जाने के बाद सभी भाग खड़े हुए। मो. इफ्तखार ने जहांगीर पर 25 हजार नगदी भी छीनने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ठाकुर ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है। मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

स्थायी समिति के सदस्यों का शपथ ग्रहण सात को


फारबिसगंज (अररिया) : नगर परिषद की स्थायी समिति के सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह अनुमंडल कार्यालय में आगामी 7 जुलाई को आयोजित किया जायेगा। यह जानकारी डीसीएलआर सह प्रभारी एसडीओ मुकेश कुमार सिन्हा ने दी।
उन्होंने बताया कि स्थायी समिति के जिन सदस्यों को शपथ दिलायी जायेगी उनमें वार्ड संख्या 20 के पार्षद अनिल कुमार सिन्हा, वार्ड संख्या 2 के वार्ड पार्षद अशोक फुलसरिया एवं वार्ड संख्या 19 के पार्षद रजत सिंह शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में शपथ ग्रहण के लिए 6 जुलाई को निर्धारित की गई थी लेकिन अवकाश के कारण तिथि बढ़ा दी गई है।

थानों में गुंडा पंजी की बदलेगी सूरत: एसपी

फारबिसगंज (अररिया) : अररिया जिले में क्राइम का पैटर्न बदला है। जिले के थानों की गुंडा पंजी की सूरत भी बदलेगी। उक्त बातें अररिया एसपी शिवदीप लांडे ने गुरुवार को कही। उन्होंने कहा कि गुंडा पंजी में दलालों, आर्थिक अपराधियों और वैसे सफेदपोश शातिर लोगों के नाम जुड़ेंगे जो विधि व्यवस्था के लिए खतरा हैं। इससे गरीबों का शोषण भी रुकेगा। ऐसे लोगों की मासिक रिपोर्ट तैयार की जायेगी ताकि इनकी आर्थिक, आपराधिक, मुकदमेबाजी आदि पर नजर रखी जा सके। उन्होंने कहा कि दो से अधिक मुकदमों वाले दलालों का नाम गुंडा पंजी में जायेगा। एसपी ने कहा कि अररिया में गरीबी अधिक है। यहां गरीबों का शोषण भी अधिक किया जाता है। सुरक्षा गार्ड रखकर सरकारी राशि जमा नहीं करने वालों पर सर्टिफिकेट केस दर्ज किया जायेगा। उन्होंने कहा स्टेटस सिंबल के लिए कुछ व्यापारी और कांट्रैक्टर पुलिस सुरक्षा गार्ड लेते हैं।

शब-ए-बारात पर विशेष सफाई अभियान


फारबिसगंज (अररिया) : शब-ए-बारात को लेकर फारबिसगंज नगर परिषद द्वारा शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें तहत सड़कों एवं नालों में चुना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है। इस कार्य में दर्जनों सफाई कर्मियों को लगाया गया है।
उक्त बातें शहर में जारी सफाई कार्यो का निरीक्षण के दौरान उप मुख्य पार्षद मोती खान ने कही। बताया कि इस महत्वपूर्ण पर्व को लेकर कब्रिस्तान, मजार एवं सड़कों को रोशन करने की व्यवस्था भी की गई है। जिसमें नप द्वारा सेनीटरी इंस्पेक्टर गणेश राय के निगरानी में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।

सीमांचल एक्सप्रेस से तीन किलो चरस किया जब्त


फारबिसगंज (अररिया) : बुधवार की रात जोगबनी से दिल्ली जाने वाली 12487 सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन में फारबिसगंज स्टेशन पर छापेमारी कर कस्टम विभाग ने नेपाल निर्मित 2 किलो 77 ग्राम चरस बरामद किया। हालांकि इस दौरान किसी की गिरफ्तारी नही हो सकी।
गुप्त सूचना के आधार पर फारबिसगंज कस्टम विभाग ने सहायक आयुक्त ज्योतिष दिव्य के नेतृत्व में आरपीएफ के सहयोग से उक्त ट्रेन पर छापेमारी की। जिसमें एक साधारण डिब्बे में सीट के उपर एक थैले में चरस लावारिस हालत में रखा मिला जिसे जब्त किया गया। अनुमान है कि छापेमारी की भनक मिलते ही इस प्रतिबंधित सामग्री का कूरियर फरार हो गया। विभागीय सूत्रों से बताया गया कि जब्त किए गए चरस की अनुमानित कीमत 83 हजार 250 रुपए हैं जिसे 8 एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत जब्त किया गया।
छापामारी अभियान में कस्टम अधीक्षक राकेश रंजन, निरीक्षक रमेश चौबे, आर के चौबे, एस के पासवान, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, भोला बैठा, विजेन्द्र सिंह, टुनटुन सिंह, बीके यादव, आरपीएफ प्रभारी एहसान अली, नीरज प्रसाद घूसिया, टीपी सिंह आदि शामिल थे।

Wednesday, July 4, 2012

फारबिसगंज के सीआई पर एक हजार का अर्थदंड


फारबिसगंज (अररिया) : भू-विवाद के एक मामले में न्यायालय सक्षम प्राधिकार सह भूमि सुधार उप समाहर्ता फारबिसगंज के द्वारा अंचल निरीक्षक फारबिसगंज केशव प्रसाद सिंह पर न्यायालय का आदेश नही मानकर कार्य में टाल-मटोल रवैया अपनाने तथा लापरवाही बरतने के आरोप में एक हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है। जुर्माने की यह राशि अंचल निरीक्षक श्री सिंह के वेतन से कटौती का निर्देश दिया गया है। साथ हीं न्यायालय का आदेश नही मानने को लेकर अंचल निरीक्षक से स्पष्टीकरण पूछा गया है कि क्यों नहीं आपके विरुद्ध न्यायालय की अवमानना का वाद प्रारंभ किया जाय।
उक्त भू-विवाद फारबिसगंज अंचल के मझुआ मौजा से जुड़ा है। जिसमें पीडि़ता मसोमात सुगिया देवी ने 10 डीसमील जमीन पर दखल कब्जा दिलाने हेतु प्रतिवादी दामोदर बैठा के विरुद्ध समाहत्र्ता अररिया के जनता दरबार में पूर्व में फरियाद लेकर गई थी। जिसके आलोक में भूमि सुधार उप समाहत्र्ता के न्यायालय में वाद संख्या 01जी/11-12 चल रहा था। इसी मामले में पूर्णिया आयुक्त के यहां भी प्रतिवादी द्वारा स्थानीय न्यायालय के विरुद्ध अपील दायर की गयी थी। आयुक्त के द्वारा अपील को खारिज करते हुए मसोमात सुगनी पक्ष में स्थानीय न्यायालय के आदेश को विधि सम्मत एवं न्यायोचित पाया गया। स्थानीय न्यायालय ने अंचल निरीक्षण को वादी को उक्त 10 डी. जमीन पर दखल कब्जा कराने हेतु प्राधिकृत किया गया। लेकिन सीआई ने कभी पुलिस बल नही मिलने, कभी वादी का सादे पांच डी. जमीन हीं होने, कभी किसी अन्य कारणों का बहाना बनाकर न्यायालय के आदेश का पालन नही किया गया। इस दौरान न्यायालय ने इजराय हेतु दिनांक 31.3.12 पत्रांक 285 रा., दिनांक 23.5.12 पत्रांक 423 रा., दिनांक 11.6.12 पत्रांक 285 रा., दिनांक 02.07.12 पत्रांक 580 रा. को सीआई श्री सिंह को आदेश किया जाता रहा। जिसका अनुपालन नही किया गया। पुन: 10.7.12 तक दखल कब्जा दिलाने का अंतिम अवसर न्यायालय ने सीआई को दिया है।

मैजिक गाड़ी पलटी, एक दर्जन घायल

फारबिसगंज (अररिया) : पूर्णिया के जलालगढ़ स्थित कमलपुर से लौट रहे यात्रियों से भरा एक मैजिक गाड़ी बुधवार को एनएच 57 फारबिसगंज नरपतगंज मार्ग पर चकरदाहा के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। जिसमें एक दर्जन यात्री तथा राहगीर जख्मी हो गए। सभी घायलों को फारबिसगंज स्थित रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मैजिक यात्री पर सवार सभी यात्री सुपौल जिला अंतर्गत राघोपुर प्रखंड के करजाइन बाजार थाना क्षेत्र के मनसापुर गांव के रहने वाले बताये जाते हैं। घायलों में मनसापुर गांव की रंजू देवी, मंजू देवी, कुसमी देवी, पिंकी कुमारी, भोलवी देवी, प्रमोद मेहता, सीताराम मेहता, चकरदाहा गांव के उमेश दास सहित अन्य शामिल हैं। बताया जाता है कि तेज गति से जा रही यात्रियों से भरी उक्त मैजिक गाड़ी चकरदाहा के समीप साइकिल सवार को बचाने के क्रम में अचानक पलट गई। स्थानीय लोगों तथा नरपतगंज पुलिस की मदद से घायलों को इलाज हेतु लाया गया। एसआई विजय शंकर साह तथा एसआई केके झा ने अस्पताल पहुंचकर मामले की छानबीन की।

चाकू मारकर किया घायल

फारबिसगंज: थानान्तर्गत गुदरी मुहल्ला वार्ड नंबर चौदह निवासी तीस वर्षीय मो. इरशाद को मंगलवार की संध्या चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब वह अपने घर जा रहा था। घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस तहकीकात में जुटी है।

सुगनी के दुखों की कोई सीमा नहीं


फारबिसगंज (अररिया) : पति के रहते विधवा की जिंदगी जीने का अभिशाप और अब इकलौते जवान बेटे का भी सहारा छिन गया। यह फारबिसगंज के हरिपुर गांव की सुगनी देवी के दुखों का क्लाईमेक्स है।
सुगनी के बुढ़ापे की लाठी व इकलौते पुत्र संतोष मेहता की मौत रहस्यमय है। पूरी दास्तां दर्द से बावस्ता है।
संतोष का शव चार दिनों तक पड़ोस स्थित साढू ताराचन्द मेहता के घर में सड़ता रहा और इधर सुगनी अपने कलेजे के टुकड़े को खोजती रही। पत्‍‌नी, साढू सभी ने खोजबीन की लेकिन संतोष का पता तब चला जब उसके शरीर से दुर्गध आने लगी। सुगनी देवी की तो जैसे बची-खुची जिंदगी हीं तबाह हो गयी। इसी वर्ष अप्रैल माह में ही सुहागन बनी संतोष की नयी नवेली दुल्हन रूपा पर तो जैसे पहाड़ ही टूट पड़ा।
पिछले करीब 25 वर्षो से सुगनी अपने मायके हरिपुर में बेटे संतोष के साथ रह रही थी।
पति मदन मेहता ने सुगनी को शादी के कुछ समय बाद हीं छोड़ दिया था और दूसरी शादी रचाकर रानीगंज के विस्टोरिया में रह रहे हैं। सुगनी पर पति का सहारा छूटने के बाद बेटे के लालन पालन की जिम्मेदारी आ गयी। मजदूरी कर उसने बेटे को पाला और शादीब्याह करवाया। लेकिन संतोष किसी बीमारी से ग्रसित था। जिस कारण वह कोई काम भी ठीक से नही कर पा रहा था। करीब 26 वर्ष की उम्र में जब बेटे की मौत हो गयी तो पिता उसे देखने तक नही आये। पति के जिंदा रहते विधवा की जिंदगी जी रही उसकी मां के लिये इससे बड़ी त्रासदी नही हो सकती कि मां के सामने जवान बेटे की अर्थी उठ गयी। सुगनी की आंखों से अब आंसू भी सूख चुके हैं।
इधर, फिलहाल पुलिस संतोष की मौत को सामान्य मान रही है। लेकिन मां सुगनी देवी और साढू ताराचंद को आशंका है कि बीमारी से तंग आकर उसे खुदकुशी कर ली।

दहेज प्रताड़ना को लेकर पति व सौतन पर प्राथमिकी

फारबिसगंज (अररिया) : दहेज उत्पीड़न के मामले में एक विवाहिता ने पति, सास, ससुर तथा सौतन के खिलाफ फारबिसगंज थाना में कोर्ट नालिस के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करायी है। थाना क्षेत्र के मटियारी निवासी केवल गोस्वामी की विवाहिता पुत्री रेखा देवी ने अपने पति पश्चिम बंगाल के मालदा जिला रतबा थानाक्षेत्र के उत्तर बालूपुर निवासी प्रदीप गोस्वामी, सास बलैया देवी, ससुर लखन गोस्वामी तथा प्रदीप की दूसरी पत्‍‌नी अलौका देवी पर दहेज के कारण प्रताड़ित करने का अरोप लगायी है। रेखा देवी ने पति, सास, ससुर पर दहेज के रूप में मोटर साइकिल मांगने तथा नही देने पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। साथ हीं आलौकी नामक युवती से दूसरी शादी रचा लेने और रेखा के जेवर एवं नकदी की चोरी कर लिए जाने का भी आरोप लगाया है।

मारपीट के आरोप में वार्ड पार्षद पर प्राथमिकी


फारबिसगंज(अररिया) : मोबाइल को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना को लेकर फारबिसगंज नगर परिषद के वार्ड संख्या 25 के वार्ड पार्षद रंजीत कुमार राय सहित आठ नामजद तथा 15 से 20 अज्ञात लोगों पर फारबिसगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। घटना रविवार की संध्या बगीचा चौक के समीप की है।
किरकिचिया निवासी श्यामसुंदर यादव के पुत्र विक्की यादव ने वार्ड पार्षद रंजीत कुमार राय, चिंटू ठाकुर, बबलू पांडेय, सीमा राय, झरोखी तिवारी उर्फ अरूण तिवारी, पंकज झा सहित 15 से 20 अज्ञात युवकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। दर्ज कांड संख्या 232/12 के अनुसार बगीचा चौक स्थित सुरेश की चाय दुकान पर रिंकू का मोबाइल गुम हो जाने पर विक्की के साथ मारपीट की गयी।

Tuesday, July 3, 2012

भाषण प्रतियोगिता के साथ पर्यावरण पखवारा संपन्न


फारबिसगंज (अररिया) : बिहार बाल मंच, फारबिसगंज द्वारा संचालित पर्यावरण जागरूकता पखवारा का अंतिम चरण सोमवार को द्विजदेनी विद्यालय परिसर में संपन्न हो गया। जिसमें भाग लेने वाले स्कूली बच्चों को मंच के संस्थापक विनोद कुमार तिवारी की ओर से पुरस्कृत किया गया और टाफियां बांटी गई।
अंतिम चरण में बच्चों के लिए 'गंगा तेरा पानी अमृत' और 'जल ही जीवन है' विषय पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार अभिनव, सिद्धी तथा आंचल को और पर्यावरण संरक्षण विषयक कविता के लिए स्वाति कुमारी तथा आदित्य पुरस्कृत किए गए। उसी प्रकार पर्यावरण रक्षा एवं वृक्षारोपण से संबंधित स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में भी विभिन्न स्लोगन जैसे वृक्षों रक्षति रक्षित:, हरा-भरा वन सबसे बड़ा धन वृक्ष हैं औषधि के भंडार करते जन-जन का उद्धार, हरियाली है जहां- खुशहाली है वहां आदि ने प्रबुद्ध लोगों की खूब वाहवाही लूटी। इस स्लोगन प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों को भी प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन बाल मंच के मयंक राज, कुणाल, सचिन कुमार और मनीष ने की । मौके पर उमाकांत दास, विष्णु देव शर्मा, अरविंद ठाकुर, विनोद दास, बिहारी झा, बलराम बनर्जी, शिव नारायण चौधरी, राजनारायण प्रसाद आदि उपस्थित थे।