Showing posts with label Araria Bazar. Show all posts
Showing posts with label Araria Bazar. Show all posts

Saturday, July 7, 2012

मनरेगा: चौकता के पीआरएस दो माह से फरार


अररिया : जोकीहाट प्रखंड का चौकता पंचायत एक बार फिर मनरेगा योजना में गड़बड़ी के कारण चर्चा में है। पंचायत के रामपुर अन्य गांव में मनरेगा योजना के तहत चल रहे कार्यो की जांच कराई जा रही है। डीएम के निर्देश पर स्थापना उप समाहत्र्ता बुद्ध प्रकाश ने पीओ, जेई व पीटीए के साथ बीते दिनों कार्यस्थल पर पहुंचकर जांच की। श्री प्रकाश ने अपनी जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप दी है।
रिपोर्ट के अनुसार चौकता का पंचायत रोजगार सेवक प्रेमचंद कुमार पिछले दो माह से गायब है। सारा अभिलेख भी उन्हीं के पास है।
इधर, श्री प्रकाश की जाच रिपोर्ट के अनुसार रामपुर के मजदूरों ने लिखित रूप से कहा है कि उनका जाब कार्ड पंचायत के मुखिया के पास ही है। रिपोर्ट के अनुसार योजना में प्रयोग सामग्री की जांच क्वालिटी कंट्रोल से कराने की अनुशंसा की गई है। साथ हीं एक भी कार्यस्थल पर सूचना पट्ट नहीं लगाने का भी उल्लेख किया गया है।

Friday, July 6, 2012

स्थापना दिवस पर स्कूल में स्वास्थ्य शिविर


अररिया : स्थानीय मोहिनी देवी मेमोरियल स्कूल आरएस के स्थापना दिवस के मौके पर गुरुवार को स्कूल परिसर में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन नये सिविल सर्जन डा. बीके ठाकुर ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर डा. ठाकुर ने अपने संबोधन में शिविर के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से भरपूर सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं विद्यालय के संचालक संजय प्रधान ने अतिथियों का स्वागत किया। प्राचार्य डा. बीएन झा ने स्कूल के क्रियाकलाप व इतिहास पर प्रकाश डाला।
इस शिविर में स्कूली बच्चों के अलावा अभिभावकों का भी स्वास्थ्य जांच किया गया। इसके लिए डा. मोईज, डा. सुदर्शन झा, डा. बीके सिंह, डा. ऋषभ राज, डा. अंशु श्वेता की ओर से जांच में सहयोग किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल के शिक्षक सीएस झा, आर श्रीवास्तव, रंजन वर्मा, डीपी सिंह, बनवारी पाठक, शालिनी, पुष्पा, माला, रानी, अशोक झा सहित कई शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।

Wednesday, July 4, 2012

घर-घर तक पहुंचाया जाएगा जनसंख्या स्थिरीकरण का संदेश

अररिया : आगामी 11 से 31 जुलाई तक पूरे जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा मनाया जायेगा। इसकी सफलता को लेकर बुधवार को सदर अस्पताल में जिले के सभी स्वास्थ्य प्रबंधक व बीसीएम की बैठक बुलाई गई। इसकी अध्यक्षता सिविल सर्जन डा. बीके ठाकुर ने की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की आरडीडी डा.हुस्नआरा भी उपस्थित थीं। बैठक के दौरान सीएस डा. ठाकुर ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को गांव-गांव तक छोटा परिवार सुखी परिवार का संदेश पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने 11-31 जुलाई तक प्रत्येक आशा कार्यकर्ता को प्रतिदिन एक महिला का परिवार नियोजन आपरेशन व एक पुरुष को कापर-टी लगाने के लिए प्रेरित करने को कहा। इसके लिए पर्यवेक्षण का जिम्मा बीसीएम व स्वास्थ्य प्रबंधक को सौंपा गया। बैठक में डीपीएम रेहान अशरफ, एड्स डीपीएम अखिलेश कुमार, डा. जेएन माथुर, महामारी रोग विशेषज्ञ अरुणेन्दु झा, सुरेन्द्र बाबू, डीएचएस के डीपीसी कुमार मानवेंद्र सहित कई स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद थे।

मैजिक की ठोकर से टेम्पो पलटी, एक मरा 14 घायल


अररिया, : नगर थाना क्षेत्र के नंदनपुर-मिर्जापुर मार्ग पर कलभर्ट के समीप मंगलवार की सुबह मैजिक के ठोकर से यात्रियों से भरी टेम्पों पलट गयी।
इस घटना में एक ही परिवार के 10 लोग समेत 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को चिकित्सा के लिए सदर अस्पताल अररिया भेजा गया है। घायलों में इम्तियाज नामक 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोचाधामन क्षेत्र के चुनामारी गांव के टेम्पों संख्या बीआर 37ए 2858 पर 15 लोग कमालपुर गांव में झाड़ फूंक के लिये जा रहे थे। कलभर्ट के समीप मिर्जापुर की ओर जा रही बिना नंबर की मैजिक टेम्पों में पीछे से जोरदार ठोकर मार दी। ठोकर लगते ही टेम्पों पलटी खा गयी। इस घटना में चालक मो. नाजीम, मो. मुश्लिम, मो. आबिद, अफसरी बेगम, अफसार आलम, रोजाना बेगम, निफहत बेगम, माजून निशां, मो. सहनवाज, जिन्तती बेगम, दिलनशीं, साजुद्दीन, अमीरून निशां आदि घायल हो गये।

Tuesday, July 3, 2012

परमान के कटान से खरैया बस्ती के लोग भयभीत


अररिया, : अररिया नगर परिषद वार्ड नं. 11 एवं 12 खरैया बस्ती के लोग नदी के कटान से भयभीत हैं। कटान के कारण दर्जनों लोग अपना घर यहां से हटाकर दूसरे सुरक्षित मुहल्ले में चले गए हैं।
विधायक जाकिर अनवर ने कटाव स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया और बस्ती वालों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर वार्ड आयुक्त के प्रतिनिधि नूर आलम एवं मुहल्ला वासी मौजूद थे।

Thursday, June 28, 2012

एक साल बाद फिर चर्चा में आया दुष्कर्म व हत्या का मामला


अररिया : एक साल बाद एक बार फिर दुष्कर्म व हत्या का मामला चर्चा में है। पटना की एक नर्स के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के करीब एक वर्ष पूर्व सिमराहा थाना क्षेत्र में मिले अज्ञात महिला के शव की घटना क्या एक-दूसरे से जुड़े है। यह बात मृतका नर्स उषा के चाचा द्वारा रविवार को दर्ज कराये गए प्राथमिकी के बाद चर्चा में है। जहां एक घटना को सत्य एवं सूत्रहीन दर्शाया गया तो दूसरे मामले में तीन वकील समेत सात लोग नामजद आरोपी बनाये गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार 09 जून 11 को सिमराहा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर में अज्ञात एक महिला का शव मिला था। जिसे अज्ञात अपराधकर्मियों द्वारा इस घटना को अंजाम दिए जाने की चर्चा हुई। तत्पश्चात वहां के चौकीदार 22/06 राम बहादुर ऋषिदेव के बयान पर प्राथमिकी दर्ज हुई थी। फारबिसगंज (सिमराहा), थाना कांड संख्या 287/11 भादवि की धारा 302/34 के तहत अज्ञात लोगों के विरुद्ध दर्ज कराया गया तथा अनुसधानकर्ता तारकेश्वर प्र. सिंह पुलिस अधिकारी बनाये गये। वहीं एक साल बाद फिर 24 जून 12 को फारबिसगंज (सिमराहा) थाना कांड संख्या 221/12 दर्ज हुआ। इस प्राथमिकी में भादवि की धारा 302, 201, 120 बी, 376, 420/34 के तहत आरोप लगाया गया तथा मृतका उषा के चाचा अनिल सिंह के बयान पर यह प्राथमिकी दर्ज हुई। इस मामले में अररिया सिविल कोर्ट के तीन वकील समेत सात लोग नामजद अभियुक्त बनाये गए, जिसमें सिविल कोर्ट अररिया के वकील व गैयारी निवासी आफताब, व मो. कमरूज्जमा, फरसाडांगी के सरफराज तथा बरदबट्टा के मोहन झा समेत पलासी के मुखिया मुर्शिद अबु बकर समेत डोरिया बलवा के मरगुब को आरोपी बनाया गया। जमुई जिले के सोनखार निवासी अनिल सिंह ने आरोप लगाया कि उसकी भतीजी उषा पटना स्थित पीएमसीएच में जब नर्स का कार्य कर रही थी तो उसी वक्त सरफराज अपना नाम सागर बताकर उसके संपर्क में आया तथा इस काम में मरगुब ने मदद किया। उसी दौरान शादी का झांसा देकर यौन शोषण जारी रहा।
परंतु जब दोनों वहां से गायब हो गये तो उषा उन लोगों की खोज करते अररिया पहुंची। जहां उसका नाम यही खातुन रखकर सरफराज से ब्याह करा दिया गया। परंतु उसके साथ जारी प्रताड़ना के बाद न्याय के लिये भटकती उषा को इंसाफ दिलाने के नाम पर आरोपियों ने उसके साथ यौन शोषण करते रहे तथा इसी क्रम में पंचायती में लिये 78 हजार हजम कर लेने को लेकर उसकी हत्या कर दिया गया। जिसका पता सूचक को सिमराहा थाना पहुंचा। जहां दिखाये गये एक मृतका के फोटो से उषा की हुई मौत की पुष्टि की गयी। जो पुरनदाहा खवासपुर सड़क किनारे मिले एक अज्ञात महिला के शव से की गयी। हालांकि इस मामले में वहां की पुलिस ने चौकीदार के बयान पर कांड संख्या 287/11 दर्ज किया था, जिसमें 30 सितंबर 11 को अनुसंधान भी पूरा हुआ तथा अनुसंधानकर्ता ने एफ आर नंबर 103/11 के तहत उस मामले को घटनाओं अज्ञात अपराधकर्मियों द्वारा अंजाम देने का उल्लेख भी किया है तथा घटना को सत्य एवं सूत्रहीन करार देते अररिया की अदालत में अंतिम प्रपत्र अक्टूबर 11 में ही दाखिल कर दिया।
फिर पटना की नर्स उषा के चाचा द्वारा सिमराहा थाने में दर्ज कांड संख्या 221/12 के बाद क्या सी मामले ने नया मोड़ ले लिया है? वहीं क्या उक्त दोनों प्राथमिकियां एक ही महिला की हुई हत्या से जुड़ा हुआ है? इन बातों की चर्चा जोर पकड़ने लगा है।

सर! मेरे भवन से कब हटेगा फुलका थाना



अररिया : गुरुवार को जनता दरबार में एक बार फिर फुलकाहा के गणेश प्रसाद गुप्ता डीएम के समक्ष फरियाद लेकर पहुंचे। श्री गुप्ता ने कहा कि सर! हाईकोर्ट का फैसला तथा पुलिस महानिदेशक का आदेश का एक वर्ष बीत गया, पर अब तक मेरे भवन से फुलकाहा थाना को अन्यत्र शिफ्ट नहीं किया गया। फारबिसगंज एसडीओ इस मामले में टाल मटोल कर रहे हैं। डीएम एम सरवणन ने इस मुद्दे पर फौरन फारबिसगंज डीसीएलआर से बात कर सीओ से प्रतिवेदन लेने का निर्देश दिया तथा पुलिस अधीक्षक को अपने स्तर से भी कार्रवाई के लिए पत्र लिखा। वहीं डीआरडीए के कर्मी श्री लाल यादव मार्च माह से लंबित वेतन भुगतान की मांग को लेकर पहुंचे थे। रानीगंज की एक महिला यूबीजीबी का इंदिरा आवास, पासबुक लेकर पहुंची थी। उनकी शिकायत थी कि पासबुक में राशि प्रविष्ट नहीं किया गया है। इसके अतिरिक्त गुरुवार को करीब 150 शिकायती आवेदन प्राप्त हुआ। इस मौके पर एडीएम कपिलेश्वर विश्वास भी मौजूद थे।

Monday, June 25, 2012

शराब दुकान बना बीयर बार, एसपी के छापे में तीन पकड़ाए


अररिया, : नगर परिषद क्षेत्र कई लाईसेंसी दुकान पियक्कड़ों को बीयर बार का आनंद दे रहे हैं। निर्धारित समय के बाद भी कई शराब दुकानदार बिक्री के साथ-साथ पीने पिलाने का भी दौर जारी रखते हैं। दुकानदारों के इस रवैये से तंग आकर पुलिस अधीक्षक शिवदीप लाडे ने रविवार की रात रानीगंज बस स्टैंट के निकट कंचन कुमार भगत की दुकान में छापा मारकर तीन लोगों को हिरासत में हिरासत में लिया।
छापेमारी के बाद अगले दिन सुबह एसपी श्री लांडे, डीएसपी व एसएचओ ने सुबह में जाकर दुकान की तहकीकात की। इस दौरान एसपी ने दुकान से 65 हजार से अधिक रूपये बरामद किए। वहीं काउन्टर के पिछले हिस्से में पीने पिलाने का स्थान भी पाया गया।
इस संबंध में एसपी श्री लांडे ने बताया कि रात के दस बजे के बाद कोई भी शराब दुकान नहीं चला सकता है। लेकिन उन्हें लगातार इस बात की शिकायत मिल रही थी कि अररिया के अधिकांश लाईसेंसी दुकानदार देर रात तक पीने पिलाने का दौर जारी रखते हैं। साथ हीं दुकान के आगे अवैध मजमा लगाने का काम करते हैं। एसपी ने बताया कि शहर में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए ऐसे कार्यो पर लगाम लगाना आवश्यक है। एसपी ने बताया कि दुकान में माल आवंटन की क्षमता की भी जांच करायी जायेगी।
वहीं मौके पर पहुंचे उत्पाद अधीक्षक डा. आनन्द कुमार ने बताया कि बिना लाइसेंस के किसी भी शराब दुकानदार को दुकान में पिलाने का अधिकार नहीं है। इधर, पुलिस ने हिरासत में लिए तीनों लोगों को उत्पाद विभाग के हवाले कर दिया है। उत्पाद अधीक्षक श्री कुमार ने बताया कि आरोपी के विरूद्ध विभागीय कार्रवाई की जायेगी।

Sunday, June 24, 2012

भरती रही अधिकारियों की जेब, प्यासे रह गए बच्चें


अररिया : सूखते रहे बच्चों कंठ और भरती रही बिचौलियों व अधिकारियों की जेब। जिले में 1.22 करोड़ रुपये की लागत से लगे टेरा फिल्टर से बच्चों की प्यास की जगह घपलेबाजों के पैसों की भूख मिटी। पूरे मामले के उजागर होने के बाद इसको लेकर जांच शुरू है परंतु जांच के पहले चरण में इस पर सवाल भी उठने लगे हैं।
वित्तीय वर्ष 2010-11 में विद्यालयों में शुद्ध पेयजल के लिए 372 विद्यालयों में टेरा फिल्टर लगाने की योजना एमएसडीपी के तहत बनी। सर्व शिक्षा परियोजना द्वारा इस योजना के तहत प्रति विद्यालय 33 हजार रुपये विद्यालय शिक्षा समिति को दिए गये। बताया जाता है कि इसे विद्यालय शिक्षा समिति के बजाय शिक्षा विभाग के तत्कालीन अधिकारी द्वारा चयनित एक एजेंसी से लगवाया गया। एजेंसी ने घटिया सामग्री का उपयोग कर टेरा फिल्टर, वाटर टैंक लगाए और सारे पैसे का उठाव कर लिया। कुछेक विद्यालयों को छोड़कर यह फिल्टर अपनी उपयोगिता साबित करने में अक्षम रहा। जबकि कई ऐसे विद्यालय भी हैं जहां आज तक बच्चों को आज तक इसके दर्शन ही नहीं हुए। अररिया नप अंतर्गत उमवि रहिका टोला में टेरा फिल्टर गायब है। बताया जाता है कि चोरी होने के बाद अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज करायी गई। प्रावि जमुआ में टेरा फिल्टर लगा या नहीं इसकी सूचना कहीं नहीं है। नरपतगंज के मवि फतेहपुर, मवि फतेहपुर पिठौरा में टेरा फिल्टर बंद है। उमवि बेला में भी यही स्थिति है। वहीं उमवि नाथपुर कुरमी टोला में टेरा फिल्टर की राशि आज तक स्कूल को नहीं मिली है। मामले की जांच के पहले चरण से ही इसके लिपापोती की तैयारी हो रही है। जांच अधिकारियों की रिपोर्ट पर जनप्रतिनिधि व विभिन्न दलों के कार्यकत्र्ता सवाल उठा रहे हैं।

बैरगाछी सिकटी पथ को मसीहा का इंतजार



अररिया : अररिया जिला के बैरगाछी सिकटी पथ पर कसैला व भोजपुर गांव के निकट का पुल वर्षो से जर्जर है। इसी जर्जर पुल से जान जोखिम में डालकर लोग सफर करने को विवश हैं। इस पुल से चार पहिया तो दूर बाईक एवं साइकिल चलाकर पार करना भी जोखिम भरा है। दर्जनों पंचायत एवं अंतराष्ट्रीय सीमा नेपाल को जोड़ने वाली इस सड़क पर बीड़ी पुल एवं फरासूत वाली तीनों पुल जर्जर अवस्था में है। पूर्व में इस पथ को मिलिट्री सीमा सड़क बनाने की बात हुई थी। लेकिन वो भी सपना राजनीतिक दावपेंच का शिकार हो गया। आज जिले के सबसे जर्जर पथों के रूप में बैरगाछी, सिकटी पथ की पहचान बन गई है। चार पहिया वाहन लगभग पांच वर्षो से इस मार्ग पर नही चल रहा है। आजादी के 65 वर्षो बाद भी इस इलाके के हजारों लोग चमचमाती सड़क एवं पुल पर चलना तो दूर जिसे देखने को तरस गये है। इस महत्वपूर्ण पथ को शायद किसी मसीहा की तलाश है।

नैनिहाल वृक्ष छांव में पढ़ने को विवश


अररिया : अमर कथा शिल्पी फनीश्वर नाथ रेणु की परती परिकथा की इस भूमि के नैनिहाल आज भी वृक्षों के छांव में पढ़ने को विवश है। केंद्र हो या राज्य सरकार सर्व शिक्षा अभियान के नाम पर अरबों रुपया प्रति वर्ष खर्च कर रही है। इसके बावजूद यहां के जिज्ञासु बच्चों को स्कूल भवन नसीब नहीं है। अररिया में भी सर्व शिक्षा अभियान के माध्यम से करीब एक अरब रुपया प्रति वर्ष आवंटित हो रहा है, खर्च भी किया जा रहा है, परंतु आज भी जिले में सैकड़ों स्कूलों का भवन नहीं बन पाया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिले में आज भी करीब 305 विद्यालय का भवन भूमि के अभाव में नहीं बन पाया है। उदाहरण स्वरूप वार्ड नं. 9 स्थित कोल्ड स्टोर के निकट संचालित प्रावि भगत टोला पिछले 15 वर्षो से भूमि व भवन की बाट जोह रहा है। यह संख्या अभी और बढ़ने के आसार है। क्योंकि शिक्षा विभाग ने हाल के दिनों में जिले के लिए 296 नये विद्यालय खोलने की अनुमति दी है। अब इसके लिए भी भूमि व भवन की आवश्यकता है। अररिया जिला पहले से ही साक्षरता दर में फिसड्डी साबित है। इसके बावजूद इसे बढ़ावा देने के लिए छोटे-छोटे बच्चों को शिक्षा दिलाने के उद्देश्य से भूमिहीन विद्यालय को भूमि उपलब्ध नहीं कराना तथा भवनहीन स्कूलों को भवन देने में कोताही बरती जा रही है।
कहते हैं विभागीय अधिकारी:- इस संबंध में शिक्षा विभाग के डीपीओ बसंत कुमार का कहना है कि एसएसए के वार्षिक बजट के अनुसार ही भवन का कार्य होता है। श्री कुमार ने कहा कि प्रत्येक वर्ष भवन निर्माण कराये जा रहे हैं। हाल हीं में 62 भवनहीन विद्यालयों को भूमि उपलब्ध कराकर भवन निर्माण कार्य आरंभ कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही भवनहीन स्कूलों में भी भवन की व्यवस्था की जा रही है।

अंतिम प्रपत्र दाखिल करने का निर्देश

अररिया : वर्ष 1995 में भरगामा थाना क्षेत्र में हुई एक आपराधिक घटना से संबंधित प्राथमिकी तो दर्ज कर ली गयी परंतु सोलह वर्ष बाद भी अब तक इस मामले में अंतिम प्रपत्र अदालत में दाखिल नहीं हुआ है। इस बात को गंभीरता से लेते अररिया के पुलिस अधीक्षक शिवदीप लांडे से संबंधित थानाध्यक्ष को सख्त पत्र जारी किया है तथा 25 अगस्त 12 तक भरगामा थाना कांड संख्या 21/95 को शीघ्र अनुसंधान कर अंतिम प्रपत्र कोर्ट में दाखिल करने का आदेश दिया है।

Saturday, June 23, 2012

संघ ने दिया साधुवाद

अररिया : जिला प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी प्राथमिक शिक्षा को प्राइवेट स्कूलों की सूची प्रकाशित करने पर साधुवाद दिया है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सूर्य नारायण गुप्ता ने एक बयान जारी कर कहा है कि पूर्व घोषित तिथि के अनुसार ही डीईओ ने जांचे गये स्कूलों की सूची जारी की है। श्री गुप्ता ने स्कूल संचालकों से 30 जून तक अगर आपत्ति हो तो लिखित रूप से दर्ज करने की अपील की है।

गुरुकुल के संस्थापक ने की शिकायत

अररिया  : स्थानीय सार्वजनिक ठाकुरबाड़ी में 2004 से संचालित नि:शुल्क शिक्षक संस्थान अररिया ठाकुरबाड़ी गुरुकुल के संस्थापक सह संचालक पंडित कृष्णकांत तिवारी ने डीईओ से शिकयत की है। श्री तिवारी ने डीईओ को प्रेषित पत्र में लिखा है कि कोई एनजीओ गुरुकुल को अपने नाम से जोड़कर निबंधन कराने का साजिश रच रहा है। उन्होंने आवेदन में दर्शाया है कि गुरुकुल किसी भी एनजीओ में समाविष्ट नहीं है। इसके बावजूद डीईओ कार्यालय में गुरुकुल के नाम से रजिस्ट्रेशन का आवेदन दिया गया है, जो गलत है। श्री तिवारी ने डीईओ से ऐसे आवेदन को अवैध मानते हुए खारिज करने की मांग की है। इधर डीईओ ने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है।

मुखिया समेत करीब डेढ़ दर्जन परिवार को दुबारा इंदिरा आवास


अररिया : ग्राम पंचायत झिखा पछियारी के मुखिया समेत करीब डेढ़ दर्जन परिवार को दुबारा इंदिरा आवास आवंटित कर दिया गया। वहां के वार्ड सदस्यों द्वारा जनता दरबार में किए गए शिकायत पर अररिया के जिला पदाधिकारी ने गंभीरता से लिया है तथा फारबिसगंज के एसडीओ को 10 दिनों के अंदर जांच रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है।
उक्त पंचायत के रीना देवी, राम विलास मेहता, अनवरी खातुन, कौशल्या देवी व संजय कुमार मंडल वार्ड सदस्यों ने संयुक्त रूप से जनता दरबार में इसकी शिकायत की। जिसमें पंचायत के मुखिया रंभा देवी द्वारा इंदिरा आवास आवंटन में किए गए अनियमितता का उल्लेख किया है।
शिकायत है कि मुखिया रंभा देवी के पति रमेश पासवान को वर्ष 2001 में इंदिरा आवास मिला। फिर भी मुखिया रंभा देवी को वर्ष 2011-12 में अपने नाम इंदिरा आवास दिया गया। जबकि तेरह वर्षीय खुशबू कुमारी को भी वर्ष 2011-12 में इंदिरा आवास मुहैया कराया गया। वहीं वित्तीय वर्ष 2000 से 2007 के बीच प्रमोद पासवान, गयानंद, किशन पासवान, उपेन्द्र, विद्यानंद, राजेश, श्री लाल, शंभू मल्लिक आदि को इंदिरा आवास मिला फिर वर्ष 11-12 में इन लोगों के पत्‍ि‌नयों के नाम से इंदिरा आवास आवंटित कर दिया गया।
साथ ही विद्यानंद पासवान की बाहर रहने वाली लड़की के नाम भी इंदिरा आवास दिया गया। इस मामले में जिलाधिकारी ने एसडीओ को जांच कर दस दिनों के अंदर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।

निबंधन के लिए 131 प्राइवेट स्कूलों की सूची प्रकाशित

अररिया  : शिक्षा का अधिकार कानून लागू होने के बाद प्राइवेट स्कूलों को निबंधन कराना अनिवार्य कर दिया गया है। इसी परिप्रेक्ष्य में जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव रंजन प्रसाद के निर्देश पर प्राथमिक शिक्षा डीपीओ ने 131 प्राइवेट स्कूलों की सूची शुक्रवार को प्रकाशित की गयी। डीईओ श्री प्रसाद ने बताया कि बीईओ द्वारा अब तक 131 स्कूलों की जांच कर रिपोर्ट दिया जा चुकी है। जांच रिपोर्ट को समेकित कर सार्वजनिक रूप से प्रकाशित किया गया। श्री प्रसाद ने बताया कि अररिया प्रखंड व शहरी क्षेत्र में 52, कुर्साकांटा में 4, भरगामा में 4, फारबिसगंज में 29, नरपतगंज में 18, जोकीहाट में 14, सिकटी में 5, पलासी से 5 स्कूलों का जांच रिपोर्ट प्राप्त है। जबकि रानीगंज से जांच रिपोर्ट अप्राप्त है। डीईओ ने बताया कि जांच रिपोर्ट पर आपत्ति 30 जून तक साक्ष्य सहित दिया जा सकता है।

Friday, June 22, 2012

बुझती नहीं प्यास फिर भी है फ‌र्स्ट क्लास


अररिया : बच्चों की बुझती नहीं प्यास फिर भी टेरा फिल्टर है फ‌र्स्ट क्लास। शिक्षा विभाग द्वारा टेरा फिल्टर मामले की जांच की यह कोरी हकीकत है। जांच के पहले चरण में तीन प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने टेरा फिल्टर को संतोषप्रद बताया है। जबकि नब्बे फीसदी टेरा फिल्टर में आज तक पानी पहुंचा ही नहीं। ऐसे में पूरी जांच ही सवालों के घेरे में है।
जानकारी के अनुसार जिले में एमएसडीपी योजना के तहत 333 विद्यालयों में 33 हजार की लागत से शुद्ध पानी आपूर्ति के लिए टेरा फिल्टर लगाने की योजना बनी। इस योजना के तहत विद्यालय में सिनटैक्स का पानी टैंक और फिल्टर लगाया जाना था। परंतु पूरी योजना में बिचौलियागिरी हावी रही। सिनटैक्स की जगह लोकल कंपनी के पानी टैंक और घटिया क्वालिटी के टेरा फिल्टर विद्यालयों में लगवा दिए गये। इस पूरे खेल में शिक्षा विभाग के एक तत्कालीन अधिकारी और जिला मुख्यालय के तथाकथित आपूर्तिकत्र्ता की भूमिका रही। खैर विद्यालयों में लगे पानी टैंक तक पानी पहुंचाने की जिले में अद्भुत व्यवस्था रही। विद्यालय में मौजूद चापाकल को चलाकर छत पर मौजूद पानी टैंक को भरने की व्यवस्था थी। इस अजीबोगरीब व्यवस्था के कारण अधिकांश विद्यालय में पानी टैंक तक पहुंचा ही नहीं। इसको लेकर विद्यालय प्रधान, रसोईया और चपरासी के बीच तू-तू, मैं-मैं होती रही। अब सवाल उठता है कि जब पानी टैंक तक पहुंचता ही नहीं तो फिर टेरा फिल्टर संतोषप्रद किस प्रकार साबित हो गया। बता दें कि फारबिसगंज में 34 विद्यालय में लगे टेरा फिल्टर में 32 को संतोषप्रद बताया गया है। जबकि दो को आंधी में क्षतिग्रस्त बताया गया है। रानीगंज में 31 विद्यालय की जांच रिपोर्ट सौंपी गयी है। इसमें 30 में फिल्टर की गुणवत्ता संतोषप्रद तथा एक क्षतिग्रस्त बताया गया है। वहीं भरगामा में 26 विद्यालयों में 22 को संतोषप्रद तथा चार में चालू नहीं होने की रिपोर्ट सौंपी गयी है।

Thursday, June 21, 2012

बंधन बैंक लूटकांड के सरगना ने किया समर्पण


अररिया : बीते सात जून को आश्रम रोड स्थित बंधन फाइनेंस बैंक लूटकांड को पुलिस ने सुलझा लिया है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक शिवदीप लांडे के समक्ष लूटकांड का सरगना मो. राजा ने आत्मसमर्पण कर दिया। इस मामले में पहले से गिरफ्तार मंजर आलम ने घटना में शामिल अपने इंजीनियर दोस्त मो. राजा की पहचान की। फिर मंजर की निशानदेही पर ही पुलिस ने आजाद नगर स्थित हाईस्कूल परिसर में अ‌र्द्धनिर्मित भवन से लूटी गई दो मोबाइल 16 हजार नकदी व घटना में प्रयुक्त देसी पिस्तौल एवं एक कारतूस बरामद किया है।
एसपी के समक्ष मो. राजा ने यह खुलासा किया है कि गिरोह का मुख्य सरगना मंजर आलम उसके बचपन का साथी है। दोस्ती का वास्ता देकर ही मंजर ने उसे लूटकांड में शामिल किया था। मंजर ने बंधन बैंक में 20 लाख रुपये होने की सूचना दी थी। लेकिन कंपनी से महज 32 हजार रुपये ही हाथ लगे। लूटपाट के बाद नकदी, मोबाइल व हथियार को आजाद नगर स्थित हाईस्कूल परिसर में अ‌र्द्धनिर्मित भवन में छुपा दिया था। घटना के चार दिनों बाद ही पुलिस ने मंजर, साबिर, शमशाद व आफताब समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने कहा कि मो. राजा की गिरफ्तारी के लिए टीपीआई तथा मनोवैज्ञानिक ढंग का प्रयोग किया गया।

Monday, June 18, 2012

बेलगाम वाहनों ने हर तीसरे दिन एक को सुलायी मौत की नींद


अररिया : चमचमाती काली परतों वाली सड़कों पर दौड़ते बेलगाम वाहन मौत बांट रहे हैं। किसकी जीवन लीला कब समाप्त हो जायेगी या जीवन भर की अपंगता झेलने को कौन मजबूर हो जायेगा, अररिया में यह कहना मुमकिन नहीं है। न गति पर नियंत्रण और न ही यातायात नियमों का पालन, यहां मौत की सौगात के साथ सारे वाहन सरपट दौड़ते रहते हैं।
वहीं संबंधित विभाग लक्ष्य की पूर्ति के साथ-साथ निहित स्वार्थ की पूर्ति के अलावा अन्य बातों पर मौन ही रहता है। खामियाजा बेचारी पब्लिक भुगतती है।
इस जिले में दशकों से सड़क दुर्घटना एक अभिशाप की तरह है। हादसों में मरने वालों की संख्या में कमी नही वरन बढ़ोत्तरी हो रही है। आखिर कौन है जिम्मेवार? सड़क पर चलने वाली पब्लिक, जिले के अधिकारी या फिर नियमों को ताक पर रखकर सरपट दौड़ती गाड़ियां? जिम्मेवार जो भी हों, लेकिन अकाल मृत्यु की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण पाना जरूरी है। बीते मई माह में जिले के विभिन्न सड़कों पर दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हो गयी।
एक माह में इतनी मौत पर अररिया के पुलिस अधीक्षक शिवदीप लांडे खासे चिंतित दिखाई दिए। उन्होंने बताया कि इस पर नियंत्रण पाना बहुत कठिन नही है। इसके लिए जिले के अधिकारियों का भी कर्तव्य बनता है कि सड़क दुर्घटना पर काबू पाने के लिए यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्ती बरते। एसपी लांडे ने बताया कि भरगामा से रानीगंज होते हुए अररिया आने वाली स्टेट हाइवे पर नो एंट्री लगवायी जायेगी। इसके लिए वे जिला पदाधिकारी को पत्र लिखकर निर्देश प्राप्त करेंगे। एसपी ने बताया कि टाल टैक्स से बचने के लिए हजारों गाड़ियां अररिया बस स्टैंड से रानीगंज की ओर मुड़ जाती है। जिससे स्टेट हाइवे पर भार भी बढ़ गया है और रानीगंज से भरगामा के बीच सघन आबादी से गुजरने वाली जगहों पर हमेशा दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने बताया कि जिला पदाधिकारी से निर्देश प्राप्त होते ही भरगामा में सुरक्षा गार्ड प्रतिनियुक्त कर बड़ी गाड़ियों के लिए समय निर्धारित कर दी जायेगी।
जदिया से अररिया एवं फारबिसगंज आने वाली मार्ग पर अक्सर दुर्घटनाएं हो रही है। इस सड़क पर मई माह में पांच लोगों की मौत हो गयी।
27 मई को कालाबलुआ के निकट स्टेट हाईवे पर ट्रक एवं ट्रैक्टर के सीधी टक्कर में चरनय गांव के दो सहोदर भाई रविन्द्र सरदार एवं सत्येन्द्र सरदार तथा सिरसियां के वीरेन्द्र बीरबल की मौत हो गयी। वहीं फारबिसगंज में भाग कोहलिया गांव के मो. शमशेर का 12 वर्षीय पुत्र सोहेल को अनियंत्रित ट्रक ने अपने चपेट में लिया। 20 मई को बसैटी में एक ट्रक बिजली की तार से जा टकरायी और चालक की मौत हो गयी। नगर परिषद चुनाव के दिन बेलवा पुल के निकट सवारी एवं टेम्पो के टक्कर में भंसिया एवं योगेन्दर गांव की दो महिला की मौत इलाज के लिए ले जाने के क्रम में हो गयी। महादेव चौक के निकट एनएच 57 पर अनियंत्रित वाहन ने मोटर सवार समदा निवासी मो. नजीम तथा मोहनियां ईट भट्टा के समीप ट्रक के चपेट में आने से बसंती देवी नामक महिला की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। इस घटना में दर्जनों लोग आज भी विभिन्न अस्पतालों में इलाजरत है।

कालाधन वापसी को लेकर ग्राम स्तर तक होगा आंदोलन: कमल


अररिया : कालाधन एवं भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर आगामी 9 अगस्त को होने वाली आंदोलन में ग्राम से लेकर जिला स्तर तक कार्यकर्ता सक्रिय रहेंगे। यह निर्णय पतंजलि योग समिति सह भारत स्वाभिमान यात्रा के सदस्यों की बैठक में किया गया है। इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम के सह राज्य प्रभारी अग्निवेश जी उपस्थित थे।
समिति के मीडिया प्रभारी राजेश जी के हवाले से कहा गया है कि उक्त आंदोलन की सफलता को लेकर ग्राम, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर तक के ईकाई का गठन किया जा रहा है। सभी ईकाई अपने-अपने स्तर से आंदोलन को सफल बनाने में सक्रिय रहेंगे। बैठक में जिलाध्यक्ष कमल नारायण यादव, भूटेश्वर सिंह, विवेकानंद यादव, शांति कुमारी, इंदु दीदी एवं बड़ी संख्या में प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता मौजूद थे।