Showing posts with label Rajokhar Araria. Show all posts
Showing posts with label Rajokhar Araria. Show all posts

Saturday, January 1, 2011

लाखों की लागत से लगे मोटर नलकूप बेकार

रेणुग्राम(अररिया) : राज्य सरकार के सिंचाई विभाग की लापरवाही के कारण फारबिसगंज प्रखंड के गांवों में लाखों की लागत से स्थापित मोटर नलकूप सिंचाई सुविधा देने में फिसड्डी साबित हो रहे हैं। किसानों के लिये खेतों में सिंचाई के उद्देश्य से लगाये गये मोटर नलकूप अब अपना अस्तित्व खोने के कगार पर हैं।
ज्ञात हो कि फारबिसगंज प्रखंड के रहिकपुर ठीलामोहन पंचायत में कई नलकूप लगाये गये हैं जो सब के सब खराब पड़े हैं। नलकूप की देखरेख एवं बनाने में राज्य सरकार द्वारा लाखों रूपये किसानों के हितार्थ खर्च किये गये। लेकिन किसानों को इससे कोई फायदा नहीं मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार किसी नलकूप का मोटर ही गायब है तो किसी का मोटर खराब है। कहीं पर नलकूप का पाईप भी टूटा है।
सिंचाई की समस्याओं से निबटने हेतु राज्य सरकार द्वारा खराब पड़े मोटर नलकूपों को चालू करने की घोषणा किसानों के लिए छलावा साबित हो रही है। किसान पंपसेट से महंगी सिंचाई करने को विवश हैं। परिणामस्वरूप सैकड़ों किसानों को कृषि कार्य में काफी कठिनाई उठानी पड़ रही है।
युवा कृषक शब्बीर अहमद, शक्ति मंडल, मो. मुश्ताक अंसारी, मोती मंडल का कहना है कि विभाग के पास बार-बार गुहार के बावजूद मोटर नलकूप की स्थिति ज्यों की त्यों बनी है।

Friday, December 24, 2010

शिक्षकों पर मनमानी का आरोप

बसैटी (अररिया) : रानीगंज प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय बसैटी हरिजन के पोषक क्षेत्र के ग्रामीणों ने विद्यालय के शिक्षकों पर मनमानी का आरोप लगाया है। ग्रामीण पूनम बहादूर सिंह, सुखदेव ऋषिदेव, विजय कुमार ऋषिदेव, दलीमा देवी आदि ने बताया कि शिक्षक समय पर स्कूल नही आते है। शिक्षक एक जगह जमा होकर गपशप मारते रहते है। बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से नहीं होता है। मध्याह्न भोजन भी मिनु के अनुसार नही दिया जाता है। अधिकांश शिक्षक स्कूल से गायब रहते है। इस बाबत जब गुरुवार के दिन के 12 बजे स्कूल पहुंचने पर दो शिक्षक इन्द्रेव
ठाकुर, दिलीप कुमार मंडल उपस्थित थे। उन्होंने ग्रामीणों के आरोपों को बेबुनियाद बताया। शिक्षक ने बताया कि इस विद्यालय में कुल सात शिक्षक कार्यरत हैं जिसमें वीणा कुमारी अररिया में प्रतिनियोजित है बाकी प्रधानाध्यापक चार सहित शिक्षक छुट्टी पर है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।

Saturday, December 18, 2010

रजोखर बाजार सुविधाओं से भी वंचित

अररिया, संसू.: मुख्यालय से महज चार किलोमीटर की दूरी पर स्थित रजोखर बाजार नगर परिषद क्षेत्र में रहने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं से उपेक्षित है। नप क्षेत्र के वार्ड नंबर पांच में पड़ने वाले इस बाजार में न तो सफाई की कोई ठोस व्यवस्था है और न ही दुकानदारों के लिए पेयजल व शौचालय की सुविधा। रजोखर में हाट के दिन सिर्फ शहरी क्षेत्र के ही लोग नहीं वरन अररिया, रानीगंज के ग्रामीण क्षेत्र से सैकड़ों लोग खरीदारी के लिए आते हैं। थोड़ी सी बारिश होने पर आम लोगों को बाजार घुसने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। बाजार निवासी मो. एकबाल आलम, डा. इफ्तखार, मास्टर हैदर अली, मो. इमरान, मो. मारुफ अंसारी, मो. अहमद हुसैन आदि का कहना है कि बाजार की उपेक्षा का जिम्मेवार जितना प्रशासन है उससे कहीं ज्यादा जिम्मेवार क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि हैं।